Home Blog Page 28

डबरी निर्माण में घोटाला : डबरी निर्माण में लाखों खर्च अब उसपर लहरा रही धान की फसल…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर/भैयाथान : सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड में सब कुछ सही नहीं चल रहा हैं। ग्राम पंचायत सिरसी में इतनी अनियमितताएं हुई है कि प्रतिदिन उसकी एक खबर प्रकाशित की जाए तब भी सभी मामलों का खुलासा करने में महीनो लग जाएंगे। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां डबरी निर्माण के नाम पर शासन के पैसों का दुरुपयोग और शासन को चूना लगाने का कार्य किया गया है। दरअसल डबरी निर्माण के नाम पर लगभग 2 लाख 4 हजार रुपए खर्च किए गए हैं लेकिन धरातल पर डबरी निर्माण के नाम पर सिर्फ पैसे की अपरातफरी की गई और बाद में डबरी को पाट दिया गया है जिसमें लगातार फसलें ली जा रही हैं। आज की स्थिति में उस स्थान पर धान की फसल लगाई गई हैं। आपको बता दें कि इस धांधली में मनरेगा के अधिकारी भी शामिल थे क्योंकि कार्य पूर्ण होने के पहले ही डबरी निर्माण के कार्य को पूर्ण बताकर राशि का आहरण कराया गया और डबरी को पाटकर पुनः खेत बनाने की पूरी जानकारी होने के बावजूद वे धृतराष्ट्र बन बैठे रहे।
दरअसल ग्राम पंचायत सिरसी के राम अवतार आत्मज कल्पू के निजी जमीन पर डबरी निर्माण का कार्य करवाया गया था, लेकिन लगभग ढाई लाख की खपत से बनने वाले इस डबरी में मात्र 35 हजार रुपयों का ही कार्य कराया गया और शासकीय राशि लगभग ढाई लाख रुपए खर्च कर दिए गए। बाद में आधे अधूरे इस डबरी को पाट दिया गया और आज उसमें धान की फसल लहलहा रही है।

अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य भर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार कल से 3 दिन की हड़ताल पर…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश भर के समस्त तहसीलदार और नायब तहसीलदार  छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले 28 जुलाई से 30 जुलाई तक चरणबद्ध आंदोलन के तहत धरना-प्रदर्शन करने जा रहे हैं। “संसाधन नहीं तो काम नहीं” के नारे के साथ किए जा रहे इस आंदोलन का समापन 30 जुलाई को प्रांत स्तरीय प्रदर्शन से होगा। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने बताया कि यह प्रदर्शन शासन द्वारा लंबे समय से लंबित कार्यक्षमता से जुड़ी समस्याओं, संसाधनों की कमी, पदोन्नति एवं संरचनात्मक सुधार की मांगों की अनदेखी के विरोध में किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 28 जुलाई जिला स्तर से होगी 29 जुलाई को संभाग स्तर पर और 30 जुलाई को प्रांत स्तर पर धरना प्रदर्शन की जाएगी।

तहसीलदार संघ की 17 सूत्रीय मांगों में शामिल हैं :

पदोन्नति: तहसीलदार से डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदोन्नति।

राजपत्रित अधिकारी: नायब तहसीलदार को राजपत्रित अधिकारी का दर्जा दिया जाए।

शासकीय मोबाइल: तहसीलदारों को शासकीय मोबाइल फोन उपलब्ध कराया जाए।

परिवहन भत्ता: तहसीलदारों को व्यक्तिगत खर्चों और यात्रा भत्ते के लिए परिवहन भत्ता दिया जाए।

महंगाई भत्ता: तहसीलदारों को मुद्रास्फीति के प्रभाव से बचाने के लिए महंगाई भत्ता दिया जाए।

अन्य मांगें:संघ ने अन्य प्रशासनिक और वित्तीय मांगों को भी उठाया है, जैसे कि राजस्व रिकॉर्ड और फसल आंकड़ों का रखरखाव, भूमि राजस्व और अन्य बकाया राशि का संग्रह, और पटवारियों के कार्यों की निगरानी।

करंट की चपेट में आकर थाना प्रभारी की दर्दनाक मौत… 

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जशपुर जिले के नारायणपुर थाना में पदस्थ निरीक्षक राम साय पैकरा की आज करंट की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई है इस हादसे से उनके परिजनों समेत पुलिस महकमें में भी शोक की लहर फैल गई है।

दरअसल राम साय पैकरा अपने गृह ग्राम सुर थाना सीतापुर मे दिनांक 27/07/25 को घर में आ रहे सीपेज को ठीक करने के लिए अपने पुराने मकान में जरूरत का समान ढूंढने गए हुए थे, पुराने घर में रौशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण राम साय पैंकरा का हाथ पुराने घर में लटक रहे खुले बिजली के तार से चिपक गया जिससे वे जमीन पर गिर गए। इस हादसे के बाद उनकी पत्नी उन्हें ढूंढते हुए पुराने घर पहुंची तो देखा कि बिजली का तार उनके पति के हाथ में चिपका हुआ था और उससे चिंगारी निकल रही थी। निरीक्षक की पत्नी द्वारा झाड़ू से मार कर बिजली के तार को अलग किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मामले मे सूचक के रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में मर्ग क्रमांक 141/25 कायम कर जांच में लिया है।

आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा कल, जिले के 38 परीक्षा केंद्रों में होगी परीक्षा…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा 27 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा (एबीए25) की आवश्यक तैयारियों की समीक्षा हेतु कलेक्टर विलास भोसकर ने शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो, परीक्षा नोडल अधिकारी एवं जिला समन्वयक, परीक्षा हेतु नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक एवं गठित उड़नदस्ता दल मौजूद रहे। परीक्षा पूर्वान्ह 11ः00 से 01ः15 बजे तक जिले के कुल 38 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी। भर्ती परीक्षा में जिले के कुल 15819 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

व्यापमं द्वारा जारी गाइडलाईन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश-
कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। परीक्षा में व्यापमं द्वारा जारी किए गए गाइडलाईन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाए। उड़नदस्ता दल पूरी प्रक्रिया के दौरान सक्रिय रहें, उड़नदस्ता दल परीक्षा केन्द्र के बाहर भी निगरानी रखें, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नजर आने पर तत्काल कार्यवाही की जा सके। उड़नदस्ते एवं नोडल अधिकारी समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करें। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो। परीक्षार्थियों की जांच के समय सभी निर्देशों का पालन करें, महिला अभ्यर्थियों की जांच हेतु महिला कर्मचारियों की अनिवार्यतः तैनाती की जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर फ्रिस्किंग की प्रक्रिया पूर्ण रूप से लागू हो और किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसे मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस आदि को परीक्षा केंद्र में लाने की अनुमति न दी जाए। इस दौरान एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने कहा कि पर्यवेक्षक के साथ एक पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे। वहीं प्रत्येक परीक्षा केंद्र में 2-2 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई : ग्राम पंचायत सिरसी में छापेमारी, नशीली सिरप और टैबलेट की भारी खेप जब्त…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले के भैयाथान विकासखंड के ग्राम सिरसी में आज सुबह आबकारी विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर में छापेमारी की। इस दौरान विभाग ने 44 नग नशीली सिरप और भारी मात्रा में प्रतिबंधित टैबलेट्स बरामद की हैं। बरामद की गई दवाएं अवैध रूप से संग्रहित की गई थीं और इन्हें नशे के उद्देश्य से उपयोग में लाया जा रहा था। आबकारी विभाग द्वारा नशीली सिरप और भारी मात्रा में टैबलेट के साथ में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है आरोपी का नाम धर्मेंद्र कुशवाहा आत्मज बैज नाथ कुशवाहा बताया जा रहा है।

अवैध कारोबार का संदेह:
सूत्रों के मुताबिक यह नशीली दवाओं के एक संगठित रैकेट से जुड़ा मामला हो सकता है। विभाग ने  नशीली दवाइयां के साथ में एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। 

गांव में मचा हड़कंप:
कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने विभाग की इस तत्परता की सराहना की है और कहा कि नशे के बढ़ते जाल पर अंकुश लगाने की दिशा में यह एक मजबूत कदम है।

जांच जारी है:
अधिकारियों ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। लेकिन विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

धान की रोपाई के दौरान करंट की चपेट में आए दंपति, दोनों की दर्दनाक मौत…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : शहर से लगे ग्राम मुडेसा में एक दर्दनाक हादसा हो गया जहां पंप में तार जोड़ने के दौरान करंट की चपेट में आकर एकदम दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई हैं। एक साथ हुई दो मौतों से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है वही इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मुडेसा के करीमन साय गोंड और उसकी पत्नी दिलकुंवर दोनों धान की रोपाई निंदाई के लिए खेत गए हुए थे। इसी दौरान धान का बिंडा उखाड़ने के लिए खेत में पानी कम होने के कारण करीमन पंप से पानी चलाने के लिए पंप में तार जोड़ने लगा इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और तार से चिपक कर वहीं गिर गया। इसी दौरान करंट पानी भरे खेत में दौड़ गया और खेत में काम कर रही करीमन की पत्नी इसके चपेट में आ गई जिससे दोनों पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। वही इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस हादसे की सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वन विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले: 27 डिप्टी रेंजर, 60 वनपाल समेत बड़ी संख्या के वनरक्षकों के तबादले, देखें आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर :

27 डिप्टी रेंजरों के तबादले देखें आदेश :

60 वनपाल के तबादले देखें आदेश :

वन विभाग में कर्मचारियों के तबादले देखें आदेश :

86 वनरक्षकों के तबादला आदेश :

आशीर्वाद हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद महिला की बिगड़ी हालत, इलाज़ के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने डॉ कंचन मांझी और अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर शहर के एक निजी अस्पताल की लापरवाही से महिला मरीज की मौत का एक मामला सामने आया हैं। जहां डॉक्टरों की लापरवाही का खामियाजा एक मासूम को अपनी जान गंवा कर चुकानी पड़ी हैं। दरअसल मामला अंबिकापुर के आशीर्वाद हॉस्पिटल का हैं। मृतिका के परिजनों का आरोप हैं कि आशीर्वाद हॉस्पिटल की डॉक्टर कंचन माझी द्वारा 13 जुलाई को मृतिका के बच्चेदानी का ऑपरेशन किया गया और 2 दिन तक उसका इलाज किया गया, दो दिन बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर बिना सूचना के ही अंबिकापुर के DHT care हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। जहां महिला की स्थिति में सुधार न आने पर महिला को रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने महिला की स्थिति को देखते हुए बताया कि महिला के पूरे शरीर में इन्फेक्शन फैल चुका हैं और उसको बचा पाना संभव नहीं हैं। डॉक्टरों द्वारा इलाज में असमर्थता जताने पर परिजन महिला को लेकर वापस घर लौट रहे थे इसी दौरान महिला की मृत्यु हो गई। 

मृतिका के पति बाल चंद प्रसाद गुप्ता ने मीडिया को दिया बयान

मृतिका के पति बालचंद गुप्ता ने बताया कि उनके द्वारा अपनी पत्नी का सोनोग्राफी कराया गया सोनोग्राफी के रिपोर्ट में बच्चादानी में इन्फेक्शन निकला जिसके बाद उनके रिस्तेदार सुभास गुप्ता ने उनको बताया की अंबिकापुर के आशीर्वाद हॉस्पिटल में भर्ती करा दीजिए वहा का इलाज ठीक है। इसके बाद उनके द्वारा आशीर्वाद हॉस्पिटल के डॉक्टर से संपर्क किया गया तो डॉक्टर ने उनको महिला का इलाज कर उसे ठीक कर देने और इसमें लगभग 50-55 हज़ार का खर्च आने की बात कही। रविवार की सुबह 10 बजे महिला को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया और महिला का ऑपरेशन डॉ कंचन माझी द्वारा किया गया। अगले दिन सोमवार से महिला की तबियत बिगड़ने लगा। महिला का ऑक्सीजन लेवल गिरने लगा लेकिन डॉक्टर ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया बस दवाई लिख कर चले गए। अगले दिन मंगलवार को जब अचानक हालत ज़्यादा बिगड़ने लगा तो महिला को पुनः ऑपरेशन थ्रिएटर में ले जाया गया और  जब डॉक्टर से हालत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया सब ठीक फिर तत्काल परिजनों को बिना सूचना दिए एम्बुलेंस बुला कर महिला को रेफर कर दिया गया। डॉक्टर से इस संबंध में जानकारी मांगने पर डॉक्टर ने बताया की मैं इसको DHT care हॉस्पिटल में दो दिन के लिए भेज रहा हूँ फिर नार्मल हो जाएगा, लेकिन DHT केयर हॉस्पिटल में भी महिला के हालत में कोई सुधार नहीं आया और तीन घंटे बाद हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा जवाब दे दिया और रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल के लिए रेफेर कर दिया जब परिजन महिला को लेकर रायपुर पहुचे तो वहा के डॉक्टर के बताया की इन्फेक्शन पूरे शरीर में फेल चुका है जहाँ ऑपरेशन हुआ था वही से डैमेज हो गया और वहाँ से भी जवाब दे दिया गया जिसके बाद घर वापसी के दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई।

डॉ आदित्य सिंह आशीर्वाद हॉस्पिटल के संचालक

हमारे हॉस्पिटल में 12/7/25 को मरीज़ मधु गुप्ता एडमिट हुई थी जिसका अगले दिन डॉक्टर कंचन माझी के द्वारा ऑपरेशन किया गया था ऑपरेशन के बाद मरीज़ की हालत बेहतर थी और उसके जीजीएल दी भी ठीक थी फिर रात में मरीज़ का हल्का बीपी ऊपर नीचे हुआ था फिर अगले दिन जीवित अवस्था में एमआईसीयू के लिए डीएचटी केयर हॉस्पिटल के लिए रेफेर किया गया। हमारे यहाँ आईसीयू की पूरी व्यवस्था है, अगर हमे लग रहा है की मरीज़ को वेंटी की जरूरत पड़ेगी तो हम हायर सेंटर में रेफेर करेंगे और हमने डीएचटी हॉस्पिटल चोपड़ापारा के लिए रेफेर किया।

6 महीने के भीतर आशीर्वाद हॉस्पिटल में लापरवाही और मौत की 2 घटनाएं

यह कोई पहला मामला नहीं है जब आशीर्वाद हॉस्पिटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा हो इससे पहले भी आशीर्वाद हॉस्पिटल पर लापरवाही के आरोप लगते रहें हैं। कुछ महीने पूर्व भी आशीर्वाद हॉस्पिटल में एक महिला का ऑपरेशन किया गया था और आनन फानन में उसे गायत्री हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया था जहां इलाज के दौरान उस महिला की भी मृत्यु हो गई थी। ऐसे में 6 महीने में दो मौत की घटना ने अस्पताल प्रबंधन पर कई सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

डॉक्टर आदित्य सिंह के पास नहीं हैं सर्जरी का अधिकार

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डॉ आदित्य सिंह ने आयुर्वेदिक की पढ़ाई की हैं और उनके पास एलोपैथिक चिकित्सा करने का कोई भी सर्टिफिकेट नहीं है। वही डॉक्टर आदित्य सिंह अपने आप को MS बताते हैं और उनके द्वारा कई मरीजों का ऑपरेशन किया गया हैं।

ऐसे में अगर सूत्रों से मिली जानकारी सही है तो आशीर्वाद हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर आदित्य सिंह के सर्टिफिकेट की जांच होनी चाहिए और यदि वे भ्रामकता फैलाते हुए लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, तो उन पर उचित कार्रवाई भी होनी चाहिए।

नर्सिंग होम एक्ट के नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहा अस्पताल

आशीर्वाद हॉस्पिटल में सरेआम नर्सिंग होम एक्ट के नियमों की अनदेखी की जा रही है और मनमाने तरीके से हॉस्पिटल का संचालन किया जा रहा है। जहां एक और नर्सिंग होम एक्ट के अनुसार प्राइवेट हॉस्पिटल में डॉक्टर के नाम,पदनाम, योग्यता पंजीयन आदि का विवरण देना अनिवार्य होता है वहीं दूसरी ओर आशीर्वाद हॉस्पिटल में डॉक्टरो के संबंध में कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

क्या हैं नियम

छत्तीसगढ़ नर्सिंग होम एक्ट के अनुसार प्राइवेट अस्पतालों को अपने यहां कार्यरत सभी डॉक्टरों की एक अद्यतन सूची रखनी होगी। इस सूची में डॉक्टरों के नाम, पदनाम, योग्यता, पंजीकरण क्रमांक और अनुभव का विवरण शामिल होना चाहिए। यह सूची अस्पताल के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जानी चाहिए ताकि मरीज़ों को आसानी से जानकारी मिल सके।

25 जुलाई को अपोलो हॉस्पिटल के किडनी व  कैंसर रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल सूरजपुर में रहेंगे उपलब्ध…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : कलेक्टर एस.जयवर्धन के निर्देशानुसार और सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा व सिविल सर्जन डॉ अजय मरकाम के मार्गदर्शन में 25 जुलाई  शुक्रवार को अपोलो अस्पताल बिलासपुर के किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय कुमार एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अमोल पडेगावकर के द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श जिला चिकित्सालय सूरजपुर में प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 03.00 बजे तक किया जायेगा। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय द्वारा स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं भी उपलब्ध रहेगी। इस शिविर में किडनी रोग से संबंधित सभी बीमारियों जैसे- पथरी, किडनी फेल, डायलिसिस में रह रहे मरीज, सभी प्रकार के कैंसर जैसे मुंह का कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, महिलाओं में होने वाले स्तन कैंसर, गर्भाशय कैंसर, प्रोस्टेट ग्रंथि कैंसर, बड़ी आंत का कैंसर, पेट का कैंसर इत्यादि के सम्बंध में परामर्श प्रदान किया जायेगा। इस हेतु पंजीयन तय तिथि में ही जिला अस्पताल में सुनिश्चित किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 9752542415, 7000676171 पर संपर्क कर सकतें है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले वासियों से अपील की गई है कि परीक्षण या स्वास्थ्य सेवा लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति शिविर में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठायें।

68 ASI पदोन्नत होकर बने SI, देखें आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : राजभर के 68 पुलिस सहायक उप निरीक्षकों को उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति दी गई है इस संबंध में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने आदेश जारी किया है।

देखें आदेश :

सड़क हादसे में वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे की मौत…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : आज सुबह नवा रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे की मौत हो गई है। बताया जा रह हैं कि किधर का सिक्के भतीजे निलेश कश्यप तेज रफ्तार से कहीं जा रहे थे इसी दौरान उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निखिल बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए  और सिर में गंभीर चोट लगने से उनके मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से बाइक सवारी करने को अस्पताल भेजा गया है जहां उनका इलाज जारी है, वहीं हादसे की सूचना पर वन मंत्री केदार कश्यप भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव का पीएम करवाकर परिजनों को सौंप दिया हैं।

5 डिसमिल से कम जमीन की नहीं होगी रजिस्ट्री, महानिरीक्षक पंजीयन कार्यालय ने जारी किया आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : महानिरीक्षक पंजीयन कार्यालय द्वारा कल एक आदेश जारी कर 5 डिसमिल से कम कृषि भूमि के रजिस्ट्री पर रोक लगा दी है। यह आदेश राज्य के समस्त जिला पंजीयक एवं उप पंजीयकों के नाम जारी किया गया हैं। महानिरीक्षक पंजीयन कार्यालय द्वारा जारी आदेश में लिखा गया है कि छत्तीसगढ़ भू राजस्व संहिता 1959 (क्रमांक 20 सन 1959) की धारा 70 की उप धारा (1) के माध्यम से निम्न परंतुक स्थापित किया गया है :–

“परंतु किसी बात के होते हुए भी कृषि भूमि का ऐसा उपखंड नहीं बनाया जाएगा जिसका क्षेत्रफल 0.05 एकड़ से कम हो” अतः संशोधन की परिप्रेक्ष्य में आपको निर्देशित किया जाता है कि आपके समक्ष पंजीयन के लिए प्रस्तुत दस्तावेज के साथ संलग्न राजस्व अभिलेख से यदि यह स्पष्ट होता है कि किसी खसरे में से 0.05 एकड़ से कम का उपखंड कर विक्रय किया जा रहा है तो ऐसे दस्तावेजों का पंजीयन ना किया जाए।

खबर का असर : भैयाथान आवास निर्माण कार्य में लापरवाही मामले में 5 को कारण बताओ नोटिस जारी…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले में हिंद स्वराष्ट्र की खबर का एक बार फिर से असर देखने को मिला हैं। उल्लेखनीय हैं कि विगत कुछ दिन पूर्व हमारे द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में जिले के भैयाथान विकासखंड के ग्राम सिरसी में धांधली की खबर चलाई गई थी जिस पर संज्ञान लेते हुए सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा मामले की जांच करवाई गई हैं, और मामले में आवास मित्र समेत पांच लोगों को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है।

आपको बता दें कि भैयाथान विकासखंड के ग्राम सिरसी में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में जमकर घोटाले किए गए हैं जहां अपूर्ण निर्माण कार्य को भी पूर्ण बताया गया हैं वहीं शासकीय भूमि पर भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य करवाए गए हैं। इस संदर्भ में हमारे द्वारा 17 जुलाई  2025 को खबर हमारे वेबसाइट पर चलाई गई थी जिसपर संज्ञान लेते हुए सूरजपुर जिला पंचायत द्वारा सिरसी ग्राम पंचायत के सचिव आनंद सिंह, आवास मित्र अंकिता चौबे, रोजगार सहायक नईम अंसारी और जनपद पंचायत के टेक्निकल असिस्टेंट नवीन जायसवाल और प्रोजेक्ट ऑफिसर अमित खैरवार को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया हैं।

पढ़े क्या हैं मामला

BIG BREAKING : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से दिया इस्तीफा…

हिंद स्वराष्ट्र : एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है जहां उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। धनखड़ ने इस संबंध में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक पत्र लिखा है। जारी पत्र में उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला दिया है। उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पिछले कुछ समय से लगातार अस्वस्थ चल रहे थे।

राष्ट्रपति के नाम लिखा गया पत्र

BEO कार्यालय में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या…

हिंद स्वराष्ट्र बालोद : जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आज सुबह एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। दरअसल सुबह जब कार्यालय के कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने कार्यालय में युवक की लाश फांसी के फंदे पर लटकते देखा। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस द्वारा युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कराया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक युवक ऑफिस की सफाई कर्मी लक्ष्मी यादव का पुत्र सतीश था। लक्ष्मी यादव की तबीयत खराब होने के कारण लक्ष्मी यादव के स्थान पर कुछ दिनों से सतीश यादव ही साफ सफाई का काम किया करता था और ऑफिस की चाबी उसी के पास थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक की शादी 6 माह पूर्व ही हुई थीं। युवक द्वारा ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया गया फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।

जमीन नामांतरण के नाम पर रिश्वतखोरी: 25 हजार रिश्वत लेते बाबू को एसीबी ने किया गिरफ़्तार…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : राजस्व विभाग में रिश्वतखोरी का खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जहां एक ओर राजस्व विभाग में बैठे कई भ्रष्ट अधिकारी/कर्मचारी सरकार से तनख्वाह लेते हुए भी रिश्वतखोरी को अंजाम दे रहे हैं वही दूसरी ओर इन रिश्वतखोरों से तंग आकर अब ग्रामीण भी सजक हो गए हैं और इसकी शिकायत एसीबी से कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सूरजपुर जिले से निकल कर आया है जहां तहसील ऑफिस में पदस्थ एक बाबू द्वारा एक ग्रामीण के जमीन के नामांतरण के एवज में ₹25000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी जिससे तंग आकर ग्रामीण द्वारा मामले की शिकायत अंबिकापुर एसीबी से कर दी। मामले की जांच पड़ताल के बाद एसीबी की टीम द्वारा आज ट्रैप बिछाकर रिश्वतखोर बाबू को ₹25000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वतखोर बाबू का नाम जुगेश्वर राजवाड़े बताया जा रहा हैं। एसीबी की टीम द्वारा बाबू को अपने कब्जे में ले लिया गया हैं और उससे पूछताछ की जा रही हैं।

बैढ़न से अम्बिकापुर आ रही छाबड़ा बस चालक की लापरवाही ने ली बाईक सवार की जान…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : आज सुबह बलंगी चौकी अंतर्गत ग्राम तुगवा में एक दर्दनाक हादसा हो गया, इस हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल आज सुबह करीब 11 बजे बैढ़न से अंबिकापुर जाने वाली छाबरा बस क्र. CG 15 EB 3054 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक बस को चलाते हुए एक बाईक को टक्कर मार दी टक्कर के बाद बाईक चालक बस के पहिए के नीचे आ गया जिससे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। राहगीरों द्वारा मामले की सूचना बलंगी चौकी में दी गई। बाईक चालक की पहचान प्रमोद पण्डो की रूप मे की गई है और वह ग्राम कोगवार का बताया जा रहा है। हादसे के बाद सूचना पर बलंगी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को गिरफ्तार कर बस को कब्जे मे ले लिया हैं और आगे की कार्यवाही कर रही हैं।

रोजगार सहायक का कारनामा अपने और पत्नी के नाम कराया 2 आवासों को स्वीकृत, निर्माण कराया एक और डकार गए 1 लाख 20 हजार रुपए…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले के भैयाथान विकासखंड के ग्राम सिरसी में हुए घोटालों की परत दिन प्रतिदिन खुलते ही जा रही हैं। आपको बता दे की कुछ दिन पूर्व हमारे द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत ग्राम सिरसी में हुए घोटाले की खबर चलाई गई थी जहां जिला पंचायत द्वारा मामले की जांच करवाई जा रही है और जांच रिपोर्ट का इंतजार हमारे द्वारा भी किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत सिरसी में सिर्फ आवास योजना में ही घोटाले नहीं हुए हैं बल्कि ऐसे कई अन्य घोटाले भी हैं जिनकी जानकारी हम तक पहुंची हैं जिनके खुलासे हमारे द्वारा क्रमवार किए जाएंगे।

फिलहाल आवास योजना की ही बात करे तो आवास योजना में किस तरह से धांधली की गई हैं उसकी एक जानकारी निकलकर सामने आई हैं जहां रोजगार सहायक नईम अंसारी द्वारा अपनी पत्नी और स्वयं अपने नाम से दो आवासों का स्वीकृत करवा लिया गया। यह आबंटन उन्हें कैसे हुआ दो आवास एक ही परिवार को कैसे स्वीकृत हुआ इसमें किसकी मिलीभगत रही यह तो विभागीय अधिकारी ही बता पाएंगे। नईम अंसारी द्वारा आवास योजना में धांधली के लिए काफी दिमाग लगाया गया और आश्चर्य की बात यह रही कि यह धांधली कही पकड़ी ना जाए इसके लिए उसने अपनी पत्नी सलमा खातून के नाम के आगे पत्नी के पिता अब्दुल हुसैन का नाम लिखवाया। दो आवास स्वीकृत करवाने के बाद भी रोजगार सहायक की कारिस्तानी यह रही की आवास आए दो पैसे आए दो आवासों के निर्माण कराया एक और डकार गए 120000 रुपए। आपको बता दें कि आवास पोर्टल में इनके दोनों आवासों को पूर्ण बताया गया हैं और दोनों आवासों की पूरी रकम भी इनके खाते में आ चुकी हैं।

दोनों पति–पत्नी के नाम पर स्वीकृत आवास और उसकी जानकारी

पत्रकारों पर दबाव डलवाने पहुंच का कर रहे प्रयोग

पत्रकारों पर दबाव डलवाने के लिए नईम अंसारी द्वारा कई नए पैंतरे अपनाए जा रहे हैं। कभी वह स्वयं फोन कर माफी मांगते हैं और न्यूज़ ना चलाने की बात कहते हैं, तो कभी अपने परिचितों से फोन करवा कर अपने पहुंच का उपयोग कर रहे हैं।

क्षेत्रीय विधायक के प्रयासों से वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों की मिली सौगात…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर जिला अंतर्गत विकास खंड प्रेमनगर के ग्राम पंचायत जयपुर से पर्वतीपुर तक 3.50 किलोमीटर एवं ग्राम पंचायत टाकर से डूमरभवना होते हुवे उमेश्वरपुर चौक तक लम्बाई 10.34 किलोमीटर लागत राशि 1348.25(तेरह करोड़ अडतालीस लाख पच्चीस हजार रुपए की डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य का क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी के प्रयासों से प्रशासकीय स्वीकृति मिला है। आपको बता दें की जयपुर से पार्वतीपुर तक जो सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति मिली है यह एक बारहमासी सड़क के रूप में उपयोगी है बरसात के दिनों में आवागमन करने वाले राहगीरों को काफी समस्या होती थी लेकिन क्षेत्र की विधायक भूलन सिंह मरावी ने इस समस्या से निजात दिलाने का कार्य किया है वहीं ग्राम पंचायत टाकर से डूमर भवना होते हुवे उमेश्वरपुर चौक तक यह सड़क भी बहुत ही उपयोगी सड़क है लोगो को आवागमन में काफी समस्या होती थी आज यह सड़क निर्माण हो जाने से आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा उपलब्ध होगी।

क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी के प्रयासों से भाजपा सरकार में विधानसभा प्रेमनगर में विकास की एक नई गाथा लिखी जा रही है कुछ दिन ही पूर्व में उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए हाईस्कूल भवन के लिए करोड़ों का बजट लाया था उन्होंने गांव गांव में दौरा कर एक एक जनता तक पहुंच कर उनके समस्याओं को जानने की कोशिश करते हुवे समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का भी प्रयास किया है क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा है कि क्षेत्र की जनता का सेवा करना हमारी जिम्मेदारी है विधानसभा प्रेमनगर की जनता ने मुझे क्षेत्र की विकास के लिए मुझे अपना आशीर्वाद देकर विधायक बनाया है और इसी सोच के साथ मैं अपने जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा हूं उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोडूंगा।
डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र की जनता ने विधायक भूलन सिंह मरावी को धन्यवाद ज्ञापित किया है क्षेत्र की जनता का कहना है कि आज हमारे वर्षों की समस्या को विधायक भूलन सिंह मरावी ने दूर किया है इसके पूर्व में हम ग्रामवासी मंत्री विधायक के चक्कर लगाते रहे लेकिन हमारे समस्याओं को किसी ने नहीं समझा आज सड़क निर्माण हो जाने से हम ग्राम वासियों को आवागमन करने में सुविधा उपलब्ध हो सकेगा।

महावीर अस्पताल के संचालक डॉ सुधांशु किरण के विरुद्ध अपराध दर्ज…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कहते हैं बुरे कर्मों की सजा एक न एक दिन भुगतनी ही पड़ती है इसी तर्ज पर अंततः महावीर अस्पताल के संचालक डॉक्टर सुधांशु किरण के विरुद्ध थाना गांधीनगर में अपराध पंजीकृत कर लिया है। महावीर अस्पताल के डॉक्टर सुधांशु किरण द्वारा एक बच्ची के इलाज से इनकार कर दिया गया था और मरीज व परिजनों के साथ बदसलूकी की घटना को अंजाम देने के बाद बच्ची की जांच रिपोर्ट और फाइल देने से इनकार कर दिया था। डॉक्टर को उनकी यह हरकत भारी पड़ गई हैं। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर गांधीनगर थाना पुलिस ने महावीर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. सुधांशु किरण के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पीड़ित पिता का बयान

मिली जानकारी के अनुसार डॉ सुधांशु किरण द्वारा पीड़ित नीरज वर्मा के पुत्री के इलाज के दौरान लापरवाही की गई और मरीज और मरीज के परिजनों के साथ बदसलूकी करते हुए अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया था। डॉक्टर द्वारा जांच की रिपोर्ट और इलाज से जुड़ी फाइल भी नहीं दी गई थी। इस घटनाक्रम के बाद पीड़ित नीरज वर्मा ने न्यायालय में परिवाद दायर किया था अब न्यायालय के आदेश पर गांधीनगर थाना द्वारा डॉक्टर सुधांशु किरण के विरुद्ध 270-IPC, 294-IPC के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया हैं।

यह कोई पहला मामला नहीं है जब महावीर अस्पताल प्रबंधन द्वारा किसी मरीज से बदसलूकी की गई हो इससे पहले भी कई ऐसे मामले आए हैं जब महावीर अस्पताल में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार किए गए हैं।

error: Content is protected !!