Home Blog Page 18

जनपद पंचायत सीईओ निलेश सोनी पर मनमानी व अवैध वसूली के गंभीर आरोप, सरपंच संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : ओडगी जनपद पंचायत के प्रभारी सीईओ निलेश सोनी पर फिर गंभीर आरोप लगे हैं। सरपंच संघ का कहना है कि जनपद सीईओ सचिवों पर दबाव बनाकर फर्जी बिलों के नाम पर प्रत्येक पंचायत से 5800 रुपये की अनिवार्य वसूली कर रहे हैं। न प्रस्ताव, न ग्रामसभा, न अनुमोदन—सीधे फरमान और पैसा न देने पर कार्रवाई की धमकी।


5%–10% कमीशन की मांग से विकास कार्य ठप, भय का माहौल

संघ के अनुसार जनपद स्तर पर स्वीकृत होने वाले कार्यों में 5% से 10% तक कमीशन की मांग की जा रही है। इससे पंचायतों में विकास कार्य बंद हो गए हैं, शासन की योजनाएँ जमीन पर लागू नहीं हो पा रही हैं और ग्राम पंचायतों में भय, असंतोष और दबाव का वातावरण बन गया है।


पंचायतों के अधिकारों को कुचलने का आरोप – सरपंचों की शक्ति पर हमला

सरपंचों ने कहा कि पहले ही पंचायतों को पर्याप्त बजट नहीं मिल रहा। ऊपर से इस तरह की वसूली और तुगलकी आदेशों ने व्यवस्था चरमराकर रख दी है। पंचायत राज अधिनियम के अनुसार ग्राम सरकार का प्रमुख सरपंच होता है, लेकिन सीईओ द्वारा जारी आदेशों में जनप्रतिनिधियों की भूमिका को नगण्य किया जा रहा है।


सरपंच संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा निष्पक्ष जांच की मांग

सरपंच संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर मांग की है कि कमीशन मांग, वसूली और दबाव की सभी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। बजट का समय पर वितरण और पंचायत कार्यों में सरपंचों की सहमति अनिवार्य की जाए। संघ ने उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच की मांग की है।


पुराने विवाद फिर उभरे प्रेमनगर रीपा घोटाले का जिक्र

जनपद सीईओ निलेश सोनी पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। प्रेमनगर जनपद में पदस्थ रहने के दौरान रीपा योजना में भारी गड़बड़ी, गांव वृंदावन का कार्य छीनकर राजनीतिक संरक्षण में दूसरे व्यक्ति को दिलाना और लगभग 15 लाख रुपये का अधिक भुगतान कराने का आरोप आज भी चर्चाओं में है। मुख्य सचिव ने जांच का आदेश दिया था, परंतु जांच अधिकारी ने लीपापोती कर दी। बाद में कलेक्टर ने सरपंच, सचिव, ठेकेदार पर अपराध दर्ज कराया, लेकिन सीईओ सोनी पर कार्रवाई नहीं हुई। करीब एक वर्ष तक इन्हें जिला पंचायत में अटैच रखा गया था।


ओडगी आते ही नया तुगलकी आदेश  बैंक से राशि आहरण के लिए सीईओ अनुमति अनिवार्य

ओडगी विकासखंड का प्रभार मिलते ही श्री सोनी ने एक नया विवादित आदेश जारी कर दिया। इसमें ग्राम पंचायतों के बैंक खाते से राशि निकालने के लिए सीईओ की अनुमति अनिवार्य कर दी गई है। पंचायत राज में यह आदेश सीधे-सीधे ग्राम सरकार की स्वायत्तता पर हमला माना जा रहा है और इसे भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप देने की कोशिश बताया जा रहा है।


हमर उत्थान सेवा समिति की कड़ी आपत्ति भ्रष्टाचार को वैध बनाने की कोशिश अस्वीकार्य

हमर उत्थान सेवा समिति ने इस पूरे प्रकरण को लोकतांत्रिक पंचायत व्यवस्था पर सीधा प्रहार बताया है। समिति ने तीखी आपत्ति दर्ज करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतें संविधान द्वारा मान्यता प्राप्त स्थानीय सरकार हैं, और किसी भी अधिकारी को उनके अधिकार व बजट पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
समिति ने कहा कि 5800 रुपये की जबरन वसूली, कमीशन मांग, फर्जी बिल, और बैंक अनुमति आदेश ये सब गंभीर भ्रष्टाचार के संकेत हैं, जिनकी तत्काल उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है।

प्रशासन की चुप्पी भी सवालों में जनपद में स्थिति विस्फोटक

लगातार बढ़ते आरोप, सरपंचों का रोष, सीईओ के पिछले रिकॉर्ड और तुगलकी आदेश इन सबके बाद भी प्रशासन की चुप्पी जनपद में सवालों का बड़ा विषय बन गई है। पंचायतों ने पूछा है कि आखिर कब तक जनपद पंचायत का संचालन मनमानी और अवैध वसूली से चलता रहेगा।

एक साथ अचानक बेहोश हुई स्कूल की 11 छात्राएं, आनन–फानन में अस्पताल में कराया गया भर्ती…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर–रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल में परीक्षा के बाद निकलीं 11 छात्राएं अचानक बेहोश हो कर गिर गईं। इनमें से 8 छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें वाड्रफनगर सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जांच में छात्राओं के शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी पाई गई है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्हें रातभर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल मनबासा में इन दिनों परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। गुरुवार को हाईस्कूल की छात्राओं ने परीक्षा दी। परीक्षा के बाद अचानक 11 छात्राएं चक्कर खाकर स्कूल परिसर में ही जमीन पर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। इसके बाद आनन-फानन में शिक्षकों व ग्रामीणों द्वारा उन्हें वाड्रफनगर अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। इनमें से 8 छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद देर शाम को उनकी हालत में सुधार की बात कही जा रही है। फिलहाल भर्ती सभी छात्राओं को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

इस मामले में वाड्रफनगर बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित का कहना है कि 8 छात्राओं को स्कूल से लाकर भर्ती कराया गया है। जांच में छात्राओं में हीमोग्लोबिन की कमी पाई गई है। इसी वजह से एग्जाम के दौरान उन्हें चक्कर आ गया था। सभी को रातभर डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। सभी की हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस आरक्षक भर्ती में चौथा स्थान प्राप्त कर संजय पैकरा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर/ दतिमा भूषण बघेल : छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने पुलिस आरक्षक भर्ती का रिजल्ट 9 दिसंबर को जारी कर दिया है। जिसमे पुलिस बल आरक्षक भर्ती में संजय पैकरा उर्फ भोला ने सफलता प्राप्त कर क्षेत्र में गर्व का माहौल बना दिया है। सीमित संसाधनों और आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने के बावजूद कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है। चयनित उम्मीदवारो में पुलिस बल चयन परीक्षा 2023-24 अनारक्षित वर्ग में सरगुजा जिले में दूसरा रैंक, बलरामपुर से आठवा, सूरजपुर में चौथे स्थान पर संजय पैकरा का नाम दर्ज हैं। शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन जिलो के चयन सूची में अपना स्थान सुरक्षित किया है। इस बीच ग्राम राई के सरपंच-उपसरपंच व वार्ड पंचो ने सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा संजय ने पूरे गाँव का नाम रोशन किया है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद इनकी मेहनत और लगन प्रेरणादायक है। हमें गर्व है कि हमारे गाँव के युवा अब जिला पुलिस बल का हिस्सा बनकर समाज की सेवा करेगा। चयनित संजय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता–पिता, परिवार और शिक्षकों के सहयोग को दिया। सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। यह उपलब्धि स्थानीय युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार कर रही है। बात दे कि वे स्वामी विवेकानंद फोर्स अकादमी कवर्धा में चार वर्षों से ट्रेनिंग कर रहे थे। इतनी कठिन और लंबी ट्रेनिंग के बावजूद वह कभी हार नही माने क्योंकि उनका लक्ष्य, इरादा मजबूत था। आज तक के इतिहास में ग्राम राई पंचायत से पहला युवक संजय पैकरा होने जा रहे है जो कि पुलिस विभाग में अपनी जगह बनाएंगे।

राज्य प्रशासनिक सेवा और सचिवालय सेवा के 38 अधिकारियों के तबादले, देखें आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आज राज्य प्रशासनिक सेवा और सचिवालय सेवा के 38 अधिकारियों के तबादले किए हैं।

देखें आदेश :

गैंगरेप और आत्महत्या मामले में लापरवाही, ASI सस्पेंड, थानेदार लाइन हाज़िर…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर :  बलरामपुर– रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र में डबल गैंगरेप और महिला के आत्महत्या के मामले में लापरवाही बरतने पर सनावल थाना प्रभारी उप निरीक्षक गजपति मिर्रे को आईजी दीपक झा ने लाइन अटैच कर दिया हैं, वही विवेचना करने वाले एएसआई रोशन लकड़ा को निलंबित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के गढ़वा की एक महिला शादी करके सनावल थाना अंतर्गत एक गांव में आई थी, महिला का पति राजस्थान में काम करने गया हुआ था। इसी दौरान महिला का अपने मायके के पास के गांव में रहने वाले एक युवक से बातचीत शुरू हो गया। दोनों फोन पर बातचीत करते थे और दोनों के मध्य प्रेम प्रसंग भी शुरू हो गया। दूसरे युवक से फोन पर बात करने की जानकारी मिलने पर महिला के पति ने उसे फोन कर डांटा भी था और पराए पुरुष से बात करने से इंकार किया था पर महिला नहीं मानी। इसी बीच तीन सितंबर को महिला का कथित प्रेमी उससे मिलने झारखंड से सनावल थाना क्षेत्र आया था। उसने महिला को गांव के बाहर के जंगल में मिलने बुलाया। महिला अपनी 16 वर्षीया नाबालिग भतीजी के साथ अपने प्रेमी से मिलने गई थी। जहां महिला का प्रेमी अकेले नहीं आया था बल्कि अपने साथ अपने दो और साथियों को लाया था। जंगल में जब महिला अपने प्रेमी से मिलने पहुंची तो महिला के प्रेमी और उसके दोनों साथियों ने महिला और उसकी भतीजी से गैंगरेप किया और उन्हें घायल अवस्था में जंगल में छोड़कर भाग निकले। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की से सिर्फ एक आरोपी ने गैंगरेप किया और इस दौरान महिला को दो आरोपियों ने पकड़ रखा था और वह घटना को देखते रहे। जिसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर महिला से गैंगरेप किया था। घायल अवस्था में महिला ने मोबाइल से फोन कर अपने परिचित ग्रामीण को जंगल में गिरने से चोट लगने की बात कह बुलाया और घर ले जाने की बात कही। महिला ने घर पहुंचने के चार दिनों बाद सात सितंबर को गैंगरेप की घटना से दुखी होकर आत्महत्या कर ली थी।

इस मामले में सनावल पुलिस द्वारा सिर्फ मर्ग कायम कर घटना की सामान्य तरीके से जांच की गई। घटना की मुख्य गवाह नाबालिग पीड़िता का भी कथन नहीं लिया गया। यदि उसी दिन कथन लिया जाता तो गैंगरेप की बात उसी समय सामने आ जाती और उसी हिसाब से फिर एफआईआर और पीएम की कार्यवाही की जा सकती थी। पर पुलिसकर्मियों की लापरवाही के चलते सामान्य तरीके से पोस्टमार्टम भी हो गया। आत्महत्या करने वाली महिला के पिता ने झारखंड के अपने गृहग्राम से आकर थाने में अपनी बेटी की रेप के बाद हत्या किए जाने का आवेदन भी देने का प्रयास किया गया पर थाना प्रभारी ने उनका आवेदन नहीं लिया। इसके बाद 10 अक्टूबर को मृतका के पिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई।

जिसके बाद यह मामला सरगुजा रेंज आईजी दीपक झा के संज्ञान में आया। उन्होंने मामले का परीक्षण किया जिसमें जानकारी मिली की घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज नहीं हुआ है और नहीं गैंगरेप का मामला दर्ज हुआ है। मामले की मुख्य गवाह नाबालिक बच्ची का कथन भी नहीं लिया गया है जिसके चलते मामले की सच्चाई सामने नहीं आ सकी हैं। पोस्टमार्टम भी रूटिन प्रक्रिया से निपटा दिया गया हैं। घटना के तीन माह विलंब से नाबालिग पीड़िता का कथन दर्ज हुआ तो सच्चाई सामने आई और मामले में अपराध दर्ज किया गया।

जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए आईजी दीपक झा ने बलरामपुर– रामानुजगंज जिले के सनावल थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर गजपति मिर्रे को अपने पदीय कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करने और लापरवाहीपूर्ण कृत्य के लिए लाइन अटैच कर दिया है। वही मामले की विवेचना कर रहे एएसआई रौशन लकड़ा को निलंबित कर दिया है।

बवाल के बाद सीतापुर थाना प्रभारी लाइन अटैच, पांच अन्य के भी हुए तबादले, देखें आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सीतापुर में हुए बवाल के बाद सीतापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सी. आर. चंद्रा को रक्षित केंद्र भेज दिया गया है, वही उप निरीक्षक अखिलेश सिंह को सीतापुर थाने का प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही एसएसपी सरगुजा द्वारा दो अन्य पुलिस निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं जिसमें अश्वनी सिंह को प्रभारी जिविशा अंबिकापुर और निरीक्षक विवेक सेंगर को थाना प्रभारी बतौली बनाया गया है। वहीं उप निरीक्षक सी.पी.तिवारी को थाना प्रभारी मणिपुर तो उप निरीक्षक दिलीप दुबे को चौकी प्रभारी रघुनाथपुर बनाया गया है।

देखें आदेश :

मीडिया से अच्छे संबंध बनाने पर मिलेंगे नंबर!’ सरकार ने सचिवों और कलेक्टरों के लिए जारी किया आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने सचिवों और कलेक्टरों के लिए नया आदेश जारी किया है, जिसने प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। जारी आदेश के अनुसार मीडिया मैनेजमेंट, सोशल मीडिया एक्टिविटी और खबरों में बने रहने को अब परफॉर्मेंस से जोड़ा जाएगा। इस आदेश के बाद अफसरों पर तय टारगेट पूरा करने का दबाव भी बढ़ गया है।

सरकार के इस आदेश का उद्देश्य
छत्तीसगढ़ सरकार ने सचिवों और जिला कलेक्टरों के लिए एक नया निर्देश जारी किया है, जिसमें मीडिया से बेहतर संबंध बनाए रखने और लगातार खबरों में बने रहने को परफॉर्मेंस मार्किंग से जोड़ा गया है। जनसंपर्क विभाग ने इसके लिए 47 विभागों की सूची भी जारी की है। सरकार का कहना है कि जो विभाग अच्छा काम करेगा, उसी की खबरें प्रमुखता से दिखाई देंगी।

सोशल मीडिया एक्टिविटी पर भी होगी नजर
आदेश के मुताबिक फेसबुक और एक्स (ट्विटर) पर नियमित पोस्ट करना भी अब अफसरों की परफॉर्मेंस का हिस्सा होगा। कौन कितना सक्रिय है, यह पोस्ट की संख्या से तय होगा, यानी अफसरों को अब ज़मीनी काम के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी अपडेट रहना होगा।

सोनमणी बोरा को मिला साप्ताहिक लक्ष्य
टारगेट सूची में प्रमुख सचिव, ट्राइबल विभाग सोनमणी बोरा का नाम सबसे ऊपर है, उन्हें हर हफ्ते तीन प्रेस रिलीज, दो सक्सेस स्टोरी, सात फेसबुक पोस्ट और सात एक्स पोस्ट करने का लक्ष्य दिया गया है।  यह पहली बार है जब प्रशासनिक अधिकारियों के लिए इस तरह की डिजिटल एक्टिविटी को अनिवार्य किया गया है।

कलेक्टरों पर सबसे ज्यादा दबाव
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग के कलेक्टरों को बेहद बड़ा मासिक लक्ष्य दिया गया है। 

इनमें शामिल है…

150 प्रेस रिलीज
15 सक्सेस स्टोरी
4 राष्ट्रीय स्तर की खबरें
4 राज्य स्तरीय खबरें
30 फेसबुक पोस्ट
15 एक्स पोस्ट
1 प्रेस कॉन्फ्रेंस

इतने बड़े टारगेट के चलते कलेक्टरों की टीमों पर अब अतिरिक्त जिम्मेदारी बढ़ जाएगी।

परफॉर्मेंस मार्किंग का पूरा सिस्टम
सरकार ने काम के अनुसार कुल 100 नंबर का मूल्यांकन तय किया है। इसमें शामिल हैं…

प्रेस रिलीज़: 15 मार्क्स
सक्सेस स्टोरी: 15 मार्क्स
राष्ट्रीय मीडिया में खबर प्रकाशित: 10 मार्क्स
राज्य स्तरीय फ्रंट पेज खबर: 10 मार्क्स
फेसबुक पोस्ट: 15 मार्क्स
एक्स पोस्ट: 15 मार्क्स
भ्रामक खबरों के खंडन पर: 20 मार्क्स
इस तरह मीडिया में मौजूदगी और सक्रियता अब सीधे अफसरों की कार्यक्षमता से जुड़ गई है।

अफसरों पर बढ़ेगा दबाव, बढ़ेगी सक्रियता
इस आदेश के बाद अफसरों में चर्चा है कि अब फील्ड वर्क के साथ मीडिया मैनेजमेंट भी जरूरी हो गया है। टारगेट को पूरा न करने पर परफॉर्मेंस मार्क्स प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, सरकार का दावा है कि इस कदम से पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक काम जनता तक बेहतर तरीके से पहुंचेगा।

मैनपाट में बाक्साइट खदान विस्तार को लेकर मचा बवाल : जनसुनवाई से पहले ग्रामीणों ने उखाड़ा पंडाल, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ के पहाड़ी पर्यटन स्थल मैनपाट में कंडराजा और उरगा क्षेत्र में प्रस्तावित बाक्साइट खदान विस्तार को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का विरोध रविवार को उस समय उग्र रूप ले लिया, जब नर्मदापुर मिनी स्टेडियम में आयोजित प्रशासनिक जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पंडाल उखाड़ दिया। प्रशासनिक तैयारी और पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद विरोधी ग्रामीणों के आक्रोश के आगे व्यवस्था ध्वस्त हो गई।

जनसुनवाई का आयोजन खदान विस्तार प्रस्ताव पर ग्रामीणों की राय लेने के लिए किया गया था लेकिन कार्यक्रम की शुरुआत से पहले ही असंतुष्ट ग्रामीण भारी संख्या में एकत्र हो गए। उनका कहना था कि पहले से संचालित बक्साइट खदानों ने मैनपाट के प्राकृतिक संतुलन को गहरा नुकसान पहुँचाया है—जमीन की उर्वरता में गिरावट, जलस्रोतों का सूखना, भूजल स्तर में कमी और वनों में कमी जैसी समस्याएँ लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि खदान का विस्तार उनके जल, जंगल और जमीन पर सीधा हमला है। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य रतनी नाग ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि खदान कंपनी और कुछ प्रशासनिक कर्मचारियों ने जनसुनवाई से पहले प्रभावित ग्रामीणों को शराब पिलाकर उनकी राय बदलने की कोशिश की, ताकि वे विस्तार परियोजना के पक्ष में दिखाई दें। रतनी नाग ने इस कृत्य को “लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को ध्वस्त करने वाली साजिश” बताया।

मैनपाट को ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहा जाता है। इसकी हरियाली, वादियाँ और ठंडी जलवायु इसे प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल बनाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खदान विस्तार से पर्यावरणीय क्षरण बढ़ेगा और पर्यटन पर आधारित स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी करारा झटका लगेगा। इसके अलावा इस क्षेत्र में हाथियों का बसेरा है और खनन क्षेत्र के विस्तार से हाथियों के विचरण क्षेत्र प्रभावित होने का खतरा है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ सकता है।

जनसुनवाई स्थल पर मौजूद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पंडाल उखाड़ते हुए कार्यक्रम को बाधित कर दिया। माहौल तनावपूर्ण हो गया और प्रशासन को कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि खदान विस्तार पर प्रशासन या कंपनी आगे बढ़ने की कोशिश करती है, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। फिलहाल प्रशासन ने आगे की कार्रवाई पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है, वहीं विरोधी ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि वे “मैनपाट की मिट्टी और पर्यावरण की रक्षा” के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : बनारस-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर जरही स्थित शिव मंदिर के पास शुक्रवार की शाम करीब 5.30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के चंदौरा निवासी रंजनम विश्वकर्मा पिता बैजनाथ विश्वकर्मा 45 वर्ष अपने गांव से बाइक पर सवार होकर जरही की तरफ जा रहा था। वह जरही स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा ही था कि अंबिकापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक यूपी 64 एटी 7863 ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इधर सिर पर गंभीर चोट लगने से रंजनम विश्वकर्मा की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरु कर दी है और आगे की कार्यवाही कर रही हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने स्वयं भरा एसआईआर फॉर्म, जनता को भी आगे आने की अपील
गुरुवार को किया व्यापक क्षेत्र भ्रमण, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने गुरुवार को स्वयं अपना एसआईआर फॉर्म भरकर जनता के बीच अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि “एसआईआर फॉर्म भरना सिर्फ एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि हर नागरिक की समस्या को व्यवस्थित रूप से दर्ज कराने का प्रभावी माध्यम है। जब हम खुद आगे आते हैं, तब ही लोग प्रेरित होते हैं।” जिला अध्यक्ष श्री सोनी ने गुरुवार को प्रेमनगर, रामानुजनगर सहित कई क्षेत्रों का निरंतर भ्रमण किया। क्षेत्र निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और भरोसा दिलाया कि हर मुद्दे को तुरंत अधिकारियों तक पहुँचाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वयं एसआईआर फॉर्म भरें और दूसरों को भी प्रोत्साहित करें, ताकि किसी भी व्यक्ति की समस्या छूट न जाए और हर जनसुनवाई का प्रभाव जमीन पर दिखे। श्री सोनी के इस पहल की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। लोग कह रहे हैं कि जिला अध्यक्ष का सक्रिय प्रयास और लगातार क्षेत्र में मौजूद रहना उनकी जनसेवा के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।

हत्या के आरोपी विचाराधीन बंदी की जिला जेल में हुई संदिग्ध मौत…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : जिला जेल में निरुद्ध एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक हत्या के आरोप में पिछले लगभग 11 महीने से जेल में बंद था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मृत्यु हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 50 वर्षीय बिहारी के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले में आरोपी था और न्यायालय में उसका मामला विचाराधीन था। बताया जा रहा है कि जेल में रहते हुए उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। स्थिति को देखते हुए जेल प्रशासन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

प्रशासनिक कार्यवाही

जेल में बंदी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (न्यायिक दंडाधिकारी) की उपस्थिति में कराया गया है।

फिलहाल, मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और जेल प्रशासन का कहना है कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो पाएगा
मृतक: बिहारी (50 वर्ष), विचाराधीन बंदी
आरोप: हत्या (धारा 302 के तहत संभावित), 11 माह से जेल में।
घटना स्थल: जिला जेल सूरजपुर से जिला अस्पताल के बीच।

आखिर जेल के प्रहरी क्यों देते हैं धमकी या दबाव
जेल से छुटे कैदियों से बातचीत में पता चला कि कोई भी मजिस्ट्रेट या अधिकारी जेल का निरीक्षण करने आते हैं तो जेल के प्रहरी कैदियों के ऊपर दबाव बनाते हैं और बोलते हैं कि कोई भी यहां की कमियों को बताया तो उसका अंजाम बुरा होगा इसी डर से कैदी भी अपना समस्या मजिस्ट्रेट या अधिकारियों से बोल नहीं पाते हैं। क्योंकि अधिकारी घंटे 2 घंटे के लिए ही आते हैं और चले जाते हैं लेकिन जेल का प्रहरी और वहां के कर्मचारी जेल में हमेशा उपस्थित रहते हैं अगर उन्होंने मुंह खोला तो वहां के कर्मचारी और प्रहरी उनका इलाज पानी तत्काल कर देंगे।
इसी डर से कैदी भी अपना मुंह बंद रखते हैं।
बाहर निकले कैदियों का यह भी कहना था कि जेल की व्यवस्था काफी बुरी स्थिति में है यहां जो चावल आता है खाने के लिए उसमें झिल्लियां पड़ी रहती हैं और कीड़े भी लगे हुए होते हैं उसे जेल के कैदियों से ही सफाई कराया जाता है और तो और जिस दिन जेल में निरीक्षण के लिए उच्च अधिकारी या मजिस्ट्रेट आते हैं उसे दिन ही चावल दाल सब्जी अच्छा मिलता है बाकी दिन सिर्फ दाल में सिर्फ पानी पानी सब्जी भी पानी पानी मिलता है
जमानत में बाहर निकले कैदियों का यह भी कहना है कि हम तो दोष मुक्त हो गए हैं लेकिन जिसका दोष सिद्ध नहीं हुआ है उसे इस तरह का प्रताड़ना सहना कहीं ना कहीं अंदर से उसे तोड़ देता है।

अवैध धान भंडारण पर कार्यवाही, 120 क्विंटल धान जप्त…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर/ भैयाथान मुकेश गुप्ता : 15 नवंबर से प्रदेशभर में धान खरीदी का कार्य चालू हो गया हैं। धान खरीदी चालू होने के साथ ही मंडी में धान खपाने के उद्देश्य से अवैध धान के भंडारण भी किए जा रहे हैं, जिनपर प्रशासन द्वारा समय समय पर उचित कार्यवाही की जा रही हैं। इसी तर्ज पर SDM चांदनी कंवर भैयाथान के नेतृत्व में ग्राम रजबहर स्थित एक व्यापारी के गोदाम में छापामार कार्रवाई की गई। वैध दस्तावेज़ नहीं पाए जाने पर 220 बोरा (88 क्विंटल) धान को जप्त कर गोदाम को सील किया गया। साथ ही ग्राम भांडी, तहसील ओड़गी के किसान द्वारा उक्त व्यापारी से धान क्रय कर ले जाए जा रहे 80 बोरा (32 क्विंटल) धान एवं ट्रैक्टर को भी जप्त कर थाना झिलमिली के सुपुर्द किया गया हैं।

ग्राम पंचायत लांजित में धूमधाम से मनाया गया मितानिन दिवस…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले के ओढ़गी विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत लांजित में आज मितानिन दिवस बड़े ही हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की विधि-विधान से पूजा–पाठ कर की गई, जिसमें ग्रामवासियों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति के अनुरूप माँ का आशीष प्राप्त किया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत की सभी मितानिन बहनों का सम्मान किया गया। प्रत्येक मितानिन को साड़ी व श्रीफल भेंट कर सम्मान–सत्कार किया गया। मितानिन बहनों के स्वास्थ्य, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा को गांव के लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच  धरम सिंह आयम ने उद्बोधन देते हुए कहा—

“मितानिन बहनें हमारे गाँव की असली स्वास्थ्य दूत हैं। गाँव के हर घर तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने में इनका योगदान अतुलनीय है। आपने कोरोना से लेकर हर कठिन समय में जो सेवा की है, वह गाँव कभी नहीं भूल सकता। पंचायत हमेशा मितानिनों के सम्मान और सहयोग के लिए तत्पर है।”

सरपंच ने आगे कहा कि मितानिन दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी स्वास्थ्य प्रहरी बहनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी मितानिनों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। अंत में सभी ने मिलकर छत्तीसगढ़ महतारी की जय–जयकार के साथ कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम में उपस्थित रहे उपसरपंच अमर सिंह पोया पंच धीरेन्द्र सिंह विशाल सिंह सोनकुवर अगरिया अमरसाय पण्डो  पंच प्रतिनिधि राम किशुन कुर्रे विमलेश गुर्जर उमेश्वर गुर्जर ओमिश जयसवाल अजेन्र्द गुर्जर पवन सिंह महादेव सिंह आदि सैकड़ों में ग्रामवासियों एवं मितानिन उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ में 18 ठिकानों पर ACB और EOW की रेड : अंबिकापुर में डॉक्टर तनवीर अहमद और अमित अग्रवाल के घर भी पड़े छापे…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : करोड़ों रुपए के जिला खनिज न्यास निधि  (DMF) और आबकारी घोटाले के मामले में ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) और EOW (आर्थिक अपराध शाखा) की टीम ने छत्तीसगढ़ में करीब 18 ठिकानों पर छापेमारी की हैं। ACB और EOW की टीम ने रविवार तड़के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोंडागांव और अंबिकापुर समेत कई जगहों पर एक साथ दबिश दी हैं। घोटाले से जुड़े जांच को लेकर अधिकारियों और कारोबारियों के यहां छापेमारी चल रही है। ACB और EOW की टीम द्वारा राजधानी रायपुर में पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां अधिकारी आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं। इसके साथ ही कारोबारी और सप्लायर हरपाल अरोरा के निवास पर भी कार्रवाई चल रही है। करोड़ों रुपए के डीएमएफ घोटाले में लेनदेन लेकर दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

सरगुजा में EOW-ACB की टीम ने पशु चिकित्सक डॉ तनवीर अहमद और सत्तीपारा निवासी सप्लायर अमित अग्रवाल, बलरामपुर जिले के राजपुर में मनोज अग्रवाल के ठिकानों पर छापेमारी की है। रायपुर में टीम ने पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के ठिकानों पर भी छापे मारे हैं। इसके साथ ही बलरामपुर में व्यवसायी मनोज अग्रवाल के निवास पर भी कार्रवाई जारी है। जहां अधिकारियों की टीम सभी से पूछताछ कर रही है. टीम यहां वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।


कोंडागांव में कारोबारी के घर रेड
कोंडागांव में कारोबारी कोणार्क जैन के घर और अन्य ठिकानों पर भी टीम ने रेड की। कोणार्क जैन साल 2019-20 में DMF सप्लाई कार्यों से जुड़े रहे थे। टीम यहां दस्तावेजों और लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री के गांव बगिया में पंचों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, मुख्यमंत्री की सरपंच बहू पर मनमानी का लगाया आरोप…

हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : मुख्यमंत्री के गांव बगिया में पंचों द्वारा सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया गया है। पंचों ने दिए गए अपने त्यागपत्र में सरपंच पर मनमानी का आरोप लगाया है, उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के भाई की पत्नी इस ग्राम पंचायत की सरपंच है। पंचों ने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि सभी वार्ड के पंचों को किसी भी कार्य में ना तो पूछा जा रहा है और नहीं बताया जा रहा है अपनी मनमानी से सरपंच कार्य करवा रहा है, हम पंचों के होने या ना होने पर पंचायत को कोई फर्क नहीं पड़ता है इसलिए सभी वार्ड के पंच अपने स्वेच्छा से त्यागपत्र दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री के ग्राम पंचायत में इस तरह की घटना होने और मुख्यमंत्री की बहू का नाम सामने आने के कारण राजनीतिक गलियारे में चर्चा तेज हो गई है और सभी विपक्षी पार्टियां इस मामले में बीजेपी को आरे हाथों ले रही है।

खराब पड़ी ट्रेलर में युवक का संदिग्ध अवस्था में फांसी पर लटकता मिला शव…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : सूरजपुर जिले के करंजी साइडिंग में एक युवक का पिछले सप्ताह भर से खराब स्थिती पर खड़ी ट्रेलर पर संदिग्ध अवस्था में लाश फंदे पर लटका मिला है। यह घटना करंजी चौकी इलाके के झुमरपारा से करंजी स्टेशन मार्ग साइडिंग के समीप की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सावन कुमार सोनवानी आ.रामलाल सोनवानी उम्र 32 वर्ष चिरमिरी हल्दीबॉडी के रूप में हुई है। इस अनोखी और दर्दनाक घटना ने राहगीरों और पुलिस दोनों को स्तब्ध कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक बीते दिनों करंजी अपने ससुराल आया था और घटना दिवस की रात्रि दतिमा में रिश्तेदार के यहाँ चन्दनपान में शामिल होने आया था औऱ शनिवार की सुबह चार बजे शौच के लिए अपने पत्नी को बताकर बाहर निकला था और सुबह करीब 6 बजे खड़ी ट्रेलर वाहन क्रमांक सीजी 15 डीपी 3499 साइडिंग के समीप सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर में मफलर को फंदा बनाकर झूला हुआ देखा गया। घटना की जानकारी साइडिंग में लगे ट्रेलर के वाहन चालक के द्वारा साइडिंग गार्ड को बताया गया और गार्ड ने स्थानीय लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंची करंजी पुलिस ने शव को ट्रेलर के ट्राला के सपोटिंग पाइप से लटकता हुआ पाया। पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। चौकी प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मृतक प्राथमिक जांच में यह प्रतीत होता है कि मानसिक तनाव या व्यक्तिगत कारणों के चलते यह कदम उठाया होगा। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

परिजनों ने लगाया हत्या कर शव को ट्रेलर के सपोटिंग पाइप में लटका देने का आरोप

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। टेलर के निचले हिस्से में शव लटका था उसकी ऊंचाई पांच फिट से कम थी। आशंका जताई कि गला घोंट कर हत्या के बाद उसी के शव फंदे पर टांग दिया गया। परिजनों का कहना है कि वह कभी आत्महत्या नहीं कर सकता था।

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है वहीं स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बनारस रोड जाम ब्रेकिंग : राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब संजोग फार्म एक तरफ बज रही पार्टी की धुन दूसरी ओर राहगीर फंसे जाम में…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: बनारस रोड में गांधीनगर मुख्य बाजार से लेकर होटल बंधन तक वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है संजोग फॉर्म में शादी की वजह से सड़कों के किनारे वाहनों की  बेढ़ंगे तरीके से पार्किंग की गई है जिससे यह जाम की स्थिति उत्पन्न हुई है जिससे राजगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 1 घंटे से लगी यह जाम धीरे धीरे बढ़ती जा रही हैं। उल्लेखनीय हैं कि इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है और मुख्य मार्गों के किनारे मौजूद कुछ शादी घरों में पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं है जिससे राहगीरों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस कंट्रोल रूम और अंबिकापुर SDM और गांधीनगर थाने को पत्रकारों द्वारा सूचना देने के बाद पुलिस फिलहाल जाम को खाली कराने की कोशिश कर रही है लेकिन अभी भी 2 किलोमीटर लंबी जाम लगी हुई है। 

जाति प्रमाण पत्र सत्यापन मामला: विधायक शकुन्तला सिंह को छानबीन समिति के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर-रामानुजगंज : कलेक्टर कार्यालय (आदिवासी विकास), मुख्यालय बलरामपुर-रामानुजगंज (छ.ग.) से दिनांक 17 नवंबर 2025 को जारी एक महत्वपूर्ण पत्र के माध्यम से, शकुन्तला सिंह पोर्ते, विधायक विधानसभा-प्रतापपुर को उनके जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन के संबंध में जिला स्तरीय जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य निर्देश और पृष्ठभूमि

कार्यालय कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला स्तरीय जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति, बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा जारी यह पत्र शकुन्तला सिंह को संबोधित है, जो ग्राम मुड़ियाडीह पोस्ट जनकपुर, तहसील रघुनाथनगर की निवासी हैं।

• उपस्थिति की तिथि और समय: उन्हें दिनांक 27 नवंबर 2025 को समय प्रातः 11:00 बजे जिला स्तरीय जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति के समक्ष स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर अपने समस्त सुसंगत अभिलेख उपलब्ध कराने को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

• सत्यापन का कारण: सत्यापन की कार्यवाही आवेदक धन सिंह धुर्वे एवं पोस्ट नवागढ़ तथा आवेदक जयश्री सिंह पुसाम पोर्ते द्वारा प्रस्तुत शिकायत आवेदन के आधार पर की जा रही है।
• उच्च न्यायालय का संदर्भ: इसमें यह भी उल्लेख है कि आवेदक जयश्री सिंह पुसाम पोर्ते द्वारा माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में याचिका क्रमांक WPC No. 2966/2025 दायर किया गया है, और माननीय न्यायालय द्वारा उक्त प्रकरण पर यथाशीघ्र आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देश दिए गए हैं।

जांच का आधार

समिति ने बताया है कि आवेदक के आधार पर जारी उनके स्थायी जाति प्रमाण-पत्र की जांच की जा रही है। इसके लिए, जयश्री सिंह पुसाम पोर्ते द्वारा प्रस्तुत निम्नलिखित अभिलेखों की मूल प्रति एवं सभी सुसंगत अभिलेखों को समिति के समक्ष प्रस्तुत करना अनिवार्य है:
1. जन्म-मृत्यु संबंधी पंजीयन।
2. शालेय दाखिल खारिज पंजी।
3. निवास संबंधी अभिलेख।
यह आदेश कलेक्टर महोदय द्वारा अनुमोदित किया गया है और इसका पालन करना अनिवार्य है।

प्रतिलिपि प्रेषित

इस कार्यालयीन पत्र की प्रतिलिपि आवश्यक सूचनार्थ और कार्यार्थ निम्नलिखित अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों को भी भेजी गई है:
• कलेक्टर जिला बलरामपुर-रामानुजगंज
• अपर कलेक्टर (एटीडी शाखा)
• अनुविभागीय अधिकारी (रा.) अनुविभाग-वाड्रफनगर
• तहसीलदार-वाड्रफनगर
• नोडल संयोजक-वाड्रफनगर (सूचनार्थ)
• थाना व तहसील रघुनाथनगर के आवेदक धन सिंह धुर्वे एवं पोस्ट नवागढ़
• आवेदक जयश्री सिंह पुसाम पिता देवन सिंह ग्राम गोरमाटी, महेया, वाड्रफनगर
इस मामले पर जिला स्तरीय जाति प्रमाण पत्र सत्यापन समिति की कार्यवाही 27 नवंबर 2025 को होगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

एक ओर राष्ट्रपति के स्वागत के लिए जिला प्रशासन कर रहा जी तोड़ मेहनत वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति के दत्तक पुत्रों के साथ सरगुजा जिले में ही हो रहा अन्याय, मदद नील बटा सन्नाटा…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम कांतिप्रकाशपुर में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्रों के साथ काफी अन्याय किया जा रहा है। कुछ जमीन दलाल और राजस्व के अधिकारी मिलकर इन भोले भाले गरीब कोरवा जनजाति के लोगों को लूटने का काम कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पिछले दो– तीन वर्षो से हमारे द्वारा लगातार उठाया जाता रहा है, जहां कुछ जमीन दलालों द्वारा एक पहाड़ी कोरवा सुग्गी आत्मज सोमार साय कोरवा की जमीन खसरा नंबर 527 रकबा 0.1700 पर कब्जा कर लिया गया था और उस जमीन पर अवैध तरीके से मकान का निर्माण कराया जा रहा था। हिंद स्वराष्ट्र के दखल के बाद उस जमीन पर स्टे लगा दिया गया और एसडीएम कोर्ट में 170(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई, लेकिन स्थगन आदेश के बावजूद अनावेदक अब्दुल जली मिरकली द्वारा उक्त मकान के निर्माण कार्य को लगातार जारी रखा गया जिसकी शिकायत पहाड़ी कोरवा द्वारा कलेक्टर से लेकर पुलिस तक की गई लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की और मकान का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया और अनावेदक बड़े गर्व के साथ उस मकान में आज पर्यंत निवासरत हैं। आश्चर्य की बात यह है कि आज वह जमीन जो कभी कोरवा की हुई करती थी आज अनावेदक भुनेश्वर प्रसाद आत्मज मुरलीधर जाति गोंड और धरम साय बखला उरांव जाति के लोगों की हो गई है। यह चमत्कार कैसे हुआ यह तो प्रशासन ही बता पाएगा..?

देखें स्थगन आदेश :

अब सवाल यह उठता है कि जब राष्ट्रपति के दत्तक पुत्रों को सरगुजा प्रशासन मदद ही नहीं दे सकता है, बार-बार आवेदन के बावजूद अगर उनकी गुहार नहीं सुन सकता है तो फिर राष्ट्रपति के स्वागत और जनजातीय लोगों के विकास के झूठे दावे क्यों करता हैं..? झूठे दिखावे भी जिला प्रशासन को बंद कर देनी चाहिए क्योंकि क्रांतिप्रकाशपुर में हो रहे जमीन घोटाले किसी से भी छुपे हुए नहीं है। कोरबा की जमीन पर अवैध तरीके से अतिक्रमण कर बड़े-बड़े बिल्डिंग ठोक दिए गए हैं और इस मामले में राजस्व के कई अधिकारियों द्वारा अपने हाथ भी रंग लिए गए हैं, लेकिन वहां से गुजरने वाले नेता, मंत्री और जनजातीय लोगों के बारे में बड़ी-बड़ी बातें करने वाले लोग कभी इनकी मदद के लिए सामने नहीं आते हैं। बस यह छोटे-मोटे और कभी-कभी बड़े आयोजन कर कुछ एक जनजातीय लोगों को सम्मानित कर वाहवाही लूटने का काम करते हैं।

आपको बता दें कि कांतिप्रकाशपुर में कोरवा जनजाति के लोगों की जमीन को हड़पने का यह कोई इकलौता मामला नहीं है, बल्कि यहां बड़े स्तर पर जमीन घोटाला हो रहा है और बेचारे गरीबों की जमीन लूटकर धड़ल्ले से  जमीन की खरीदी बिक्री का  कार्य किया जा रहा हैं।

अब्दुल जली मिरकली का मकान

इससे पहले इसी जमीन के संदर्भ में लगी खबरें :

 

दतिमा मोड़- मां कुदरगढ़ी सरगुजा झण्डा मानस सेवा समिति की केन्द्रीय समिति एवं आयोजन समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न …


हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : आज दिनांक 16-11-2025 को ग्राम झूमरपारा में मां कुदरगढ़ी सरगुजा झण्डा मानस सेवा समिति(पंजी.) के तत्वाधान में प्रति वर्ष होने वाले माघ पूर्णिमा को राम चरित मानस गायन वादन प्रतियोगिता इस वर्ष आगामी एक फरवरी 2026 से ग्राम झूमरपारा में होना तय हुआ है ।
इसी संबंध में संयुक्त रुप से केन्द्रीय समिति एवं आयोजन की बैठक सम्पन्न हुई,बैठक में आयोजन को दिव्य व भव्य बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा हुआ ।
1. कार्यक्रम में प्रति दिन का अलग अलग पुरुस्कार दिए जाने ।
2. द्वीतीय दिवस को विशेष बनाने के लिए बाल /बालिका एवं महिला मंडलियों का आयोजन किया जाएगा जिससे आकर्षण का केन्द्र बना रहे।
3. तृतीय दिवस में यदि चालिस से अधिक मंडली हुए तो चौथे दिन भी कार्यक्रम हो सकता है।
4. प्रत्येक स्तर का अलग अलग पुरुस्कार होगा। जैसे बाल/ बालिका महिला/पुरुष।
5. विशेष प्रतिभा खोज के अंतर्गत –
6. – गायकी में पुरुष/ महिला
7. वादन में उत्कृष्ट तबला/ ढोलक वादन।
8. वादन में ही उत्कृष्ट बैंजो वादन।
9. वादन में ही उत्कृष्ट बांसुरी वादन ।
10. भावार्थ में उत्कृष्ट व्याख्याकार को भी पुरस्कृत किए जाने पर चर्चा हुआ।
इसके अलावा‌ विशेष प्रतिभा खोज में भोजनावकाश में व्याख्यान माला का आयोजन किया जाएगा। जहां व्याख्याकार को स्मृति चिन्ह एवं प्रस्शति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रुप से – केन्द्रीय समिति के मार्गदर्शक एवं संरक्षक ददई राम कुशवाहा, संरक्षक- सुखदेव पटेल, अध्यक्ष- रामभरोस देवांगन, उपाध्यक्ष- रामप्रताप राजवाड़े, उपाध्यक्ष कोरिया- विजेन्द्र अहिर, सचिव -दुबे , कोशाध्क्ष- भजनलाल राजवाड़े, प्रवक्ता – निवास चंद कुशवाहा, मिडिया प्रभारी- गणेश राजवाड़े, सक्रिय सदस्य- रुद्रप्रताप राजवाड़े, सुखलाल यादव तथा आयोजन समिति से – रामानंद जायसवाल,लक्ष्मीनारायण जायसवाल, वेद प्रकाश प्रजापति , शंकर प्रजापति, कमलेश जायसवाल, ग्राम प्रजापति, रामदेव प्रजापति , तुला राम यादव, शिव कुमार प्रजापति आदि बहुत संख्या में उपस्थित थे।

error: Content is protected !!