Home Blog Page 15

बार-बार लग रहे आरोप और कार्यवाही के नाम पर टालमटोल…क्या सच में शराब तस्करों से महीना लेते हैं संतोष सिंह??

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर जिले के दतिमा में शर्मा दंपति द्वारा अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल होने के बाद भी करंजी चौकी प्रभारी संतोष सिंह कार्रवाई के नाम पर केवल टालमटोल करते हुए नजर आए हैं। इसी बीच सूत्रों की माने तो शर्मा होटल में शराब की अवैध बिक्री नए साल में जोरों से हुई। आपको बता दे की बार-बार संतोष सिंह द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने की बात कही गई लेकिन एक महीना बीत जाने के बावजूद उनके द्वारा कार्रवाई नहीं की गई हैं। किसी अन्य विभाग का अगर ऐसा वीडियो वायरल होता तो अब तक उस पर कड़ी कार्यवाही हो गई होती। सूरजपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर द्वारा जहां एक और जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की अनेक अथक प्रयास किए जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर उन्हीं के एक चौकी प्रभारी द्वारा शराब कारोबारी को संरक्षण देना काफी शर्मनाक है।

आपको बता दे की संतोष सिंह पर बार-बार आरोप लगते हैं कि उनके द्वारा शराब तस्करों को संरक्षण दिया जा रहा है और उनके क्षेत्र में शराब की बिक्री जोरों से हो रही है लेकिन बावजूद इसके उनके द्वारा इस ओर कोई कदम नहीं उठाया जाता है। इनके द्वारा शराब तस्करों से महीना बांधा गया है जिसकी पुष्टि स्वयं शर्मा होटल की संचालिका सुनीता शर्मा के काफी करीबी कहे जाने वाले एक शख्स द्वारा बताई जा चुकी है। संतोष सिंह द्वारा बार-बार मीडिया को गुमराह करने के लिए मुंशी के छुट्टी में होने और मुंशी के लौटने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही थी, लेकिन सवाल यह है कि क्या एक मुंशी के छुट्टी में जाने भर से चौकी के सारे काम रुक जाते हैं??? या मीडिया के सवालों से बचने का संतोष सिंह ने इसे अपना ढाल बनाकर रखा हुआ है..? ऐसी कौन सी छुट्टी मना रहे हैं मुंशी शाहब जो संतोष सिंह के अनुसार अब तक लौट कर नहीं आ पाए है..??

https://www.facebook.com/share/v/1BAAyB11cQ/

क्या जिले के आला पुलिस अधिकारियों के नाम को बदनाम करने और उनकी छवि को बर्बाद करने का काम कर रहे संतोष सिंह??

जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा बार-बार इस बात को स्पष्ट कर दिया गया है कि किसी भी प्रकार से नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा, नशे के कारोबारी को बक्सा नहीं जाएगा उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी, फिर अपने आला अधिकारियों के आदेश की भी अवहेलना करते हुए अपने आला अधिकारियों के छवि को धूमिल करने का काम संतोष सिंह द्वारा क्यों किया जा रहा है..?

ऐतिहासिक प्रेम लॉज नाली का हुआ भूमि पूजन, नगर विकास की दिशा में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की महत्वपूर्ण पहल…

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर/मनेंद्रगढ़ किशन शाह : नगर के विकास को नई गति देते हुए नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ द्वारा आज ऐतिहासिक प्रेम लॉज नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। यह कार्य नगर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
भूमि पूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव, वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद कृतिका रवि जैन सहित नगर पालिका परिषद के समस्त पार्षदगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित पार्षदों में अनिल प्रजापति, दयाशंकर यादव, स्वपनिल सिन्हा, सुनीना विश्वकर्मा, सुशीला सिंह, शाहिद भैया, ओमप्रकाश जायसवाल, इमरान खान, जमील शाह, किरण कुजूर, गिरधर जायसवाल, माया सोनकर एवं सपन महतो शामिल रहे।
नगर पालिका परिषद के इंजीनियर ई.आर. विकास कुमार मिश्रा एवं अजय पैकरा की उपस्थिति में दोपहर 12:30 बजे विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।
इस शुभ अवसर पर नगर पालिका परिषद द्वारा सभी वार्डवासियों का हार्दिक अभिनंदन एवं सादर नमस्कार किया गया। कार्यक्रम में अशोक, डब्बू, रवि जैन, राहुल शर्मा एवं टिंगू सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ ने आश्वस्त किया कि यह नाली निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर नागरिकों को राहत प्रदान की जाएगी।

प्राथमिक शाला पिपरिया में तीन दिनों से मध्यान्ह भोजन बंद, बच्चों के चेहरे पर दिखी उदासी…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/ मनेंद्रगढ़ किशन शाह : छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मध्यान्ह भोजन योजना की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जिले की प्राथमिक शाला पिपरिया में बीते तीन दिनों से बच्चों को मध्यान्ह भोजन नहीं मिल पाया, जिससे नन्हे बच्चों के चेहरों पर उदासी साफ दिखाई दे रही है।
विद्यालय में अध्ययनरत छोटे-छोटे बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन न केवल पोषण का साधन है, बल्कि उनकी स्कूल में उपस्थिति और सीखने की रुचि से भी जुड़ा हुआ है। लेकिन लगातार तीन दिन भोजन न मिलने से बच्चे भूखे पेट ही पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
जब इस संबंध में विद्यालय के संचालक/शिक्षकों से जानकारी ली गई, तो उन्होंने बताया कि
“मध्यान्ह भोजन बनाने वाले समूह के लोग पिछले कुछ दिनों से नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण भोजन नहीं बन पाया।”
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रत्येक स्कूल एवं गांव में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मध्यान्ह भोजन संचालित किया जाता है, ताकि बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार मिल सके। ऐसे में सवाल उठता है कि जब भोजन समूह नहीं आ रहा, तो इसकी निगरानी और वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
छोटे-छोटे नन्हे बच्चे जब भूखे रहते हैं, तो उनके मन और स्वास्थ्य पर इसका गहरा प्रभाव पड़ता है। शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आखिर मासूम बच्चों को क्यों भुगतना पड़ रहा है?


अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन और शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और बच्चों को कब तक नियमित मध्यान्ह भोजन मिल पाता है या नहीं।

कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी को कांग्रेस पार्टी से किया गया निष्कासित…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी को हाल ही में (जनवरी 2026 की शुरुआत में) पार्टी के प्रवक्ता पद से हटा दिया गया था वहीं आज उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से पूरी तरह बाहर निकाल दिया गया है।
इस कार्रवाई के पीछे के मुख्य कारण विकास तिवारी द्वारा पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी की गई। विकास तिवारी ने झीरम घाटी जांच आयोग से मांग की थी कि कांग्रेस के ही कुछ बड़े नेताओं (जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री कवासी लखमा के नाम चर्चा में रहे) का नार्को टेस्ट कराया जाए। कांग्रेस पार्टी ने इस बयान को अनुशासनहीनता माना। पार्टी का स्टैंड यह रहा है कि झीरम कांड में कांग्रेस के बड़े नेताओं की शहादत हुई थी और विकास तिवारी का बयान भाजपा के उन आरोपों को बल देने वाला था जिसमें कांग्रेस के अंदरूनी लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे।

अब तक उनपर हुई कार्यवाही
कुछ दिन पूर्व पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर विकास तिवारी को प्रवक्ता पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिन के भीतर जवाब देने का नोटिस भी जारी किया गया था। नोटिस के जवाब में उनके द्वारा प्रस्तुत तर्क से संतुष्ट न होने के कारण अंततः अब उन्हें कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया गया हैं।


विकास तिवारी की प्रतिक्रिया

पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा करते हुए संकेत दिया कि पार्टी के भीतर कुछ लोग नेताओं को उनके खिलाफ भड़का रहे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब विकास तिवारी चर्चा में रहे हैं। इससे पहले जुलाई 2024 में रायपुर के एक निजी स्कूल संचालक द्वारा उन पर ब्लैकमेलिंग और गुंडागर्दी के आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि, ताजा कार्रवाई पूरी तरह से उनकी राजनीतिक बयानबाजी और पार्टी अनुशासन के उल्लंघन से जुड़ी हुई है।

हर्राटिकरा में तेज रफ्तार कार पलटी, दो युवकों की दर्दनाक मौत, दो युवतियां समेत चार घायल…

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्राटिकरा में शनिवार देर रात रफ्तार का जानलेवा कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो युवतियों सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


देर रात अनियंत्रित होकर पलटी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात एक कार में कुल छह लोग सवार होकर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की गति काफी तेज थी। हर्राटिकरा के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क पर कई बार पलटते हुए क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और भीतर सवार लोग बुरी तरह फंस गए। इस सड़क दुर्घटना में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान विशाल तिर्की (चालक) और उसके साथी अंजित कुजूर के रूप में की गई है। वहीं, कार में सवार दो युवतियां निकिता कुजूर और तारा कुजूर गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इनके अलावा कार में मौजूद दो अन्य युवक आर्यन कुजूर और अनिमेष तिर्की भी चोटिल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गंभीर रूप से घायल युवतियों का उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लापरवाही बनी हादसे की वजह
शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही हैं।

अंबिकापुर: गाली-गलौज से उपजे विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा पुलिस ने गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं।


क्या है पूरा मामला?
दिनांक 10 जनवरी 2026 की सुबह गांधीनगर डेयरी फार्म रोड स्थित ‘अंकिता एग सेंटर’ के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतक की पहचान बबलू मंडल (46 वर्ष), निवासी सुभाषनगर के रूप में हुई।
पुलिस की शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत पेट में धारदार हथियार (चाकू) से किए गए हमले के कारण हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 103(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से खुले राज
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की, जिसके आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर निम्नलिखित आरोपियों को हिरासत में लिया:
* सुमित एक्का (20 वर्ष) – केनापारा, बलरामपुर (हाल मुकाम: सुभाषनगर)।
* प्रमोद तिवारी उर्फ टक्कू (22 वर्ष) – मुक्तिपारा, गांधीनगर।
* सुस्मिता हरिला उर्फ सोनिया (22 वर्ष) – सोनी मोहल्ला, गांधीनगर।


पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
आरोपियों ने बताया कि घटना की रात सुमित और सोनिया का मकान मालिक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मृतक बबलू मंडल ने बीच-बचाव के बजाय आरोपियों को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और उनका पीछा करने लगा।
डेयरी फार्म रोड पर विवाद इतना बढ़ा कि सोनिया ने अपने साथी प्रमोद तिवारी को भी फोन कर बुला लिया। तीनों ने मिलकर बबलू मंडल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी सुमित ने अपने पास रखे चाकू से बबलू के पेट में वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी चाकू को प्रिंसेस कॉटेज के सामने कचरे के ढेर में फेंक कर फरार हो गए थे।


पुलिस की सक्रियता
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और 3 मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। उल्लेखनीय है कि मामले में शामिल महिला आरोपी ‘सोनिया’ का पति भी पहले एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।


कार्यवाही में शामिल टीम :
इस सफल कार्यवाही में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, धनंजय पाठक, प्रधान आरक्षक अमित प्रताप सिंह, विकास सिन्हा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, घनश्याम देवांगन, राहुल सिंह, रमन मंडल, दीनदयाल सिंह, मनीष सिंह ,राहुल केरकेटा, अमृत सिंह एवं ऋषभ सिंह सक्रिय रहे।

उद्यानिकी प्रशिक्षण से महिलाओं को मिला रोजगार: गेंदा माला विक्रय से हुई आय आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता सूरजपुर…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल: जिले में उद्यानिकी प्रशिक्षण महिलाओं के लिए रोजगार का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) निधि के सहयोग से उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित माली प्रशिक्षण कार्यक्रम से महिलाओं को न केवल हुनर मिला है बल्कि प्रशिक्षण के दौरान ही आय का अवसर भी प्राप्त हुआ है। शासकीय उद्यान रोपणी दतिमा में प्रशिक्षण ले रही 30 महिलाओं द्वारा तैयार की गई गेंदा फूल की मालाओं के विक्रय से अब तक लगभग 10 हजार रुपए की नगद आय अर्जित की जा चुकी है। यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में आत्मविश्वास प्रदान कर रही है उल्लेखनीय है कि जिले में ग्राफ्टेड टमाटर, बैंगन सहित अन्य उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिससे किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जा सके। कलेक्टर एस जयवर्धन के निर्देश पर डीएमएफ निधि से उद्यान की विभाग को माली प्रशिक्षण हेतु राशि उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत शासकीय उद्यान दतिमा (विकासखंड सूरजपुर) एवं शासकीय उद्यान खोरमा विकासखंड प्रतापपुर में 30-30 स्कूल 60 हितग्राही को निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान लाभार्थियों को पौध तैयार करने फूलमाला निर्माण और उद्यानिकी आधुनिक  तकनीकों का व्यवहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें उद्यानिकी टूल- किट भी प्रदान की जाएगी ताकि वे आसानी से अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें। कुल मिलाकर यह कार्यक्रम जिले में महिला सशक्तिकरण और स्थानीय रोजगार सृजन की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आ रहा है।

सुभाषनगर क्षेत्र में युवक की हत्या से सहमे लोग, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवती गिरफ्तार अन्य दो युवक फरार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : आज सुबह गांधीनगर क्षेत्र के हनुमान मंदिर के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चाकू के वार के कई निशान थे। युवक की पहचान सुभाष नगर निवासी बबलू मंडल के रूप में हुई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बबलू मंडल उम्र 50 वर्ष सुभाष नगर वार्ड क्रमांक 2 रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड का निवासी था। वह अपनी पत्नी और बेटों के साथ सुभाष नगर में रहता था और रिक्शा चलाने का काम करता था। कल शाम एक युवक और एक युवती उसके घर पहुंचे और उसके साथ गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए विवाद करने लगे। कुछ देर बाद बबलू मंडल रात करीब 10:00 बजे घर से निकाला और उसके बाद वापस नहीं लौटा। सुबह उसकी लाश वार्ड क्रमांक 7 में वहां के निवासियों ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे परिजनों द्वारा युवक और युवती पर ही हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया।

पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए जहां एक सीसीटीवी फुटेज में एक युवती सोनिया बबलू को धमकाते हुए नजर आई और 2 युवक हमला करते हुए और भागते हुए नजर आए। इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पुलिस द्वारा युवती सोनिया को गिरफ्तार कर लिया हैं वही मामले में संलिप्त अन्य 2 युवकों की तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार युवती सोनिया

जिला पंचायत CEO का सख्त एक्शन, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ में की छापेमारी…

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर किशन शाह: जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ने आज अचानक जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ में छापेमारी कर प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर को जब्त किया गया, वहीं वाउचर एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की भी जांच की गई।
अचानक हुई इस कार्रवाई से जनपद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों की उपस्थिति और वित्तीय कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जिला पंचायत CEO की इस सख्ती के बाद जनपद पंचायत परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। आगे की जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी मनेन्द्रगढ़ फिर सवालों के घेरे में, आखिर वे जवाब देने में क्यों कर रहे आनाकानी…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/ मनेंद्रगढ़ किशन शाह: वन परिक्षेत्र मनेन्द्रगढ़ में पदस्थ अधिकारी रामसागर कुर्रे एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे, आरटीआई से जुड़े एक मामले में जब उनसे जवाब मांगा गया तो वे स्पष्ट उत्तर देने से बचते हुए इधर-उधर की बातें करते नजर आए, लेकिन ठोस जवाब नहीं दिया गया। संबंधित विषय पर पूछे गए सवालों को लेकर वन परीक्षेत्र अधिकारी रामसागर कुर्रे की कार्यशैली संदेह के घेरे में आ गई है। जवाब देने के बजाय टालमटोल रवैया अपनाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि रामसागर कुर्रे आगामी दो माह में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, ऐसे में उनके खिलाफ लंबित शिकायतों और संभावित अनियमितताओं की जांच को लेकर शासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि यदि अधिकारी भ्रष्टाचार या अनियमितता के मामलों में संलिप्त नहीं हैं, तो जांच में इतनी देरी क्यों हो रही है? क्या सेवानिवृत्ति के पहले मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है?
अब यह पूरा मामला शासन स्तर पर जांच का विषय बनता जा रहा है, और आमजन को उम्मीद है कि समय रहते निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी। यदि जांच में देरी होती है, तो यह शासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करेगा।

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर ग्राम साल्ही में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बालिकाओं को योजनाओं,अधिकारों एवं सुरक्षा तंत्र की दी गई विस्तृत जानकारी…

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर किशन शाह: राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विकासखंड मनेंद्रगढ़ के ग्राम साल्ही स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें नोनी सुरक्षा योजना, महतारी जतन योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, सक्षम योजना, बाल गृह एवं बालिका गृह से संबंधित सुविधाएं शामिल रहीं।
इसके साथ ही बालिकाओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर, साइबर अपराध से बचाव हेतु हेल्पलाइन नंबर 1930, तथा जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) एवं बाल कल्याण समिति (CWC) की भूमिका और कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) एवं सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि किसी भी समस्या या संकट की स्थिति में शासन द्वारा स्थापित सहायता तंत्र सदैव उनके साथ खड़ा है।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्यों ने भी सहभागिता करते हुए बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं संरक्षण संबंधी जानकारी प्रदान की।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, लैंगिक समानता को प्रोत्साहित करना तथा बालिकाओं को यह विश्वास दिलाना रहा कि वे सक्षम, समर्थ एवं आत्मनिर्भर हैं और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने भविष्य को सशक्त बना सकती हैं।

विलुप्त होती बहुरूपिया कला को मिला नया जीवन, चिरमिरी में 11वां बहुरूपिया महोत्सव बना आकर्षण का केंद्र…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन शाह : विलुप्त होती पारंपरिक बहुरूपिया कला को संरक्षण देने और नववर्ष को उल्लासपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से युथ क्लब चिरमिरी द्वारा आयोजित 11वां वार्षिक बहुरूपिया महोत्सव इस वर्ष भी भव्यता, रंगों और सांस्कृतिक चेतना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बहुरूपिया कलाकारों ने अपनी अद्भुत भाव-भंगिमाओं, सशक्त अभिनय और मनमोहक वेशभूषा से दर्शकों का मन मोह लिया।
महोत्सव में एकल एवं समूह वर्ग में कलाकारों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कलाकारों ने कांतारा, नरसिंह अवतार, मां काली, सांई बाबा, महारानी, कोयला श्रमिक, मुर्गा, योगा, भालू, प्रभु श्रीराम, यमराज, बाबा जगन्नाथ सहित जंगल बचाओ, पर्यावरण संरक्षण और माता-पिता की सेवा जैसे सामाजिक विषयों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने न केवल स्वस्थ मनोरंजन किया, बल्कि समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश भी दिया।
बहुरूपिया कलाकार हल्दीबाड़ी के मुख्य मार्गों में घूम-घूमकर अपनी कला का प्रदर्शन करते रहे, जिससे पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। नगरवासियों के साथ-साथ दूर-दराज से आए दर्शकों ने भी कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। कलाकारों के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
विभिन्न स्थानों पर नियुक्त निर्णायक मंडल द्वारा कलाकारों का मूल्यांकन कर एकल एवं समूह वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्रदान किए गए।
एकल वर्ग में “योगा से होता है सभी बीमारियों का हल” विषय पर प्रस्तुति देने वाले कलाकार ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, वहीं समूह वर्ग में “माता-पिता की सेवा कैसे करनी चाहिए” विषय पर आधारित प्रस्तुति ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागी कलाकारों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
शानदार प्रस्तुतियों के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, पूर्व विधायक विनय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा
“यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। पिछले 11 वर्षों में इस वर्ष का आयोजन अद्भुत और ऐतिहासिक रहा है।”
उन्होंने युथ क्लब चिरमिरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोककलाओं को जीवित रखने और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र खड़गवां : 9.46 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक कृषि महाविद्यालय भवन, क्षेत्रीय विकास की ऐतिहासिक सौगात…

हिंद स्वराष्ट्र मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर किशन शाह  : जिले के इतिहास में सोमवार को एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब विक्रम संवत 2082 माघ मास कृष्ण पक्ष द्वितीया के शुभ अवसर पर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र खड़गवां के नवीन भवन का भव्य भूमिपूजन संपन्न हुआ। लगभग 9 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक भवन क्षेत्र के किसानों, युवाओं और कृषि अनुसंधान के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन एवं पशुधन विकास विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम रहे।
समारोह की अध्यक्षता लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की।


अपने संबोधन में श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह कृषि महाविद्यालय क्षेत्रीय विकास, किसानों के सशक्तिकरण और कृषि आधारित शिक्षा के विस्तार में दूरगामी भूमिका निभाएगा तथा पूरे अंचल के लिए परिवर्तनकारी सिद्ध होगा।
भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद पंचायत खड़गवां अध्यक्ष  श्यामबाई मरकाम, उपाध्यक्ष विरेंद्र सिंह करियाम, जिला पंचायत सदस्य प्रिया सिंह, जनपद सदस्य युगांतर श्रीवास्तव, ग्राम पंचायत पोड़ीडीह की सरपंच जया मरावी, ग्राम पंचायत खड़गवां के सरपंच सुखित लाल अगरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, छात्र एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह महाविद्यालय माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की स्वीकृति से संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सतत प्रयासों से यह सपना साकार हुआ।
उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के छात्र-छात्राएं कृषि एवं उद्यानिकी की उच्च शिक्षा अपने ही अंचल में प्राप्त कर सकेंगे, जिससे बड़े शहरों की ओर पलायन रुकेगा और युवा आत्मनिर्भर बनेंगे।
उन्होंने बताया कि जिले की लगभग 80 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। कृषि महाविद्यालय के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे दो से तीन फसलें लेकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे। सरकार मिश्रित कृषि, मोटे अनाज (बाजरा, रागी, ज्वार, मक्का), दलहन-तिलहन, पशुपालन, मत्स्य पालन और जल संरक्षण को बढ़ावा दे रही है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने नवीन पशु औषधालय भवन, कृषि महाविद्यालय में छात्रावास एवं आवश्यक अधोसंरचना की स्वीकृति की घोषणा भी की।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि खड़गवां विकासखंड में शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। पिछले वर्षों में क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, एकलव्य विद्यालय और स्वामी आत्मानंद विद्यालय की स्थापना की गई है। सैकड़ों सड़क परियोजनाएं चल रही हैं और मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल जैसे बड़े प्रोजेक्ट प्रगति पर हैं।

हिट एंड रन मामला : विधायक रेणुका सिंह का पुत्र गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : राज्य की राजधानी रायपुर से एक हिट एंड रन का मामला सामने निकल कर आया है। इस मामले में भरतपुर विधायक रेणुका सिंह के पुत्र लक्की सिंह को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि देर रात लक्की सिंह द्वारा तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक कार चलाई जा रही थी और उनके द्वारा एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया गया, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया हैं और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार सोमवार की रात करीब 2:00 बजे तेलीबांधा थाना अंतर्गत अग्रसेन धाम के पास एक तेज रफ्तार कार द्वारा बाइक सवार को चपेट में लिया गया जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के वक्त कार लक्की सिंह द्वारा चलाई जा रही थी वही कार में एक अन्य युवक और दो युवतियां भी सवार थी लेकिन हादसे के बाद तीनों मौके से फरार हो गए जबकि पुलिस द्वारा लक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना के वक्त लक्की सिंह शराब के नशे में थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांधीनगर थाना प्रभारी समेत 9 के तबादले, देखें आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : हाल ही में हुए विवाद के बाद गांधीनगर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल का तबादला कर दिया गया है, उन्हें थाना प्रभारी लुण्ड्रा बनाया गया है। वहीं प्रवीण कुमार द्विवेदी को गांधीनगर थाने का प्रभार सौंपा गया है। उल्लेखनीय की कुछ दिन पूर्व प्रदीप जायसवाल पर महिलाओं से गाली गलौज के आरोप लगे थे और उनके खिलाफ आईजी और एसएसपी सरगुजा से शिकायत की गई थी।

देखें आदेश :

छत्तीसगढ़ में मिली नई ग्रीन केव/ गुफा,, पर्यटन के क्षेत्र में नई उपलब्धि…

हिंद स्वराष्ट्र बस्तर : छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता और भूगर्भीय रहस्यों के लिए जाना जाता है। हाल ही में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग (विशेषकर कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के आसपास) में ‘ग्रीन केव’ या ‘हरित गुफा’ की चर्चा काफी बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान (Kanger Valley National Park) गुफाओं का गढ़ माना जाता है। यहाँ हाल ही में खोजी गई या चर्चा में आई गुफाओं में ‘ग्रीन गुफा’ अपनी अनूठी विशेषताओं के कारण विशेषज्ञों और पर्यटकों का ध्यान खींच रही है।
भौगोलिक स्थिति
  स्थान: यह गुफा बस्तर जिले के जगदलपुर के समीप, कांगेर घाटी के घने जंगलों के बीच स्थित है।
प्रवेश: गुफा का प्रवेश द्वार संकरा है, लेकिन अंदर जाने पर यह काफी विशाल और विस्मयकारी दृश्य प्रस्तुत करती है।

इसे ‘ग्रीन गुफा’ क्यों कहा जाता है?
इस गुफा का नाम इसकी दीवारों और संरचनाओं के रंग के कारण पड़ा है। इसके मुख्य कारण निम्नलिखित हैं:
काई और शैवाल (Algae): गुफा के कुछ हिस्सों में नमी और प्रकाश के विशिष्ट कोण के कारण दीवारों पर हरे रंग की काई और फंगस जम जाती है, जो टॉर्च की रोशनी में चमकीली हरी दिखाई देती है।
खनिज संरचना: विशेषज्ञों का मानना है कि गुफा की चट्टानों में तांबे (Copper) या अन्य खनिजों की मौजूदगी हो सकती है, जो ऑक्सीकरण के कारण हरा रंग छोड़ते हैं।
मुख्य विशेषताएँ: स्टैलेक्टाइट और स्टैलेग्माइट
दुनिया भर की अन्य प्रसिद्ध गुफाओं की तरह यहाँ भी चूना पत्थर की अद्भुत आकृतियाँ मिलती हैं:
स्टैलेक्टाइट (Stalagtitie): छत से लटकती हुई नुकीली संरचनाएं।
स्टैलेग्माइट (Stalagmitie): जमीन से ऊपर की ओर उठती हुई स्तंभ जैसी आकृतियाँ।
पारभासी पत्थर: इस गुफा की एक खासियत यह है कि यहाँ के कुछ पत्थर इतने शुद्ध और पारभासी हैं कि रोशनी पड़ने पर वे हरे और सफेद रंग में चमकते हैं।


पारिस्थितिक महत्व
यह गुफा केवल पर्यटन ही नहीं बल्कि विज्ञान के नजरिए से भी महत्वपूर्ण है:
अंधी मछलियाँ और झींगे: कांगेर घाटी की अन्य गुफाओं (जैसे कोटमसर) की तरह यहाँ भी दुर्लभ प्रजाति के जीव पाए जा सकते हैं।
  माइक्रो-क्लाइमेट: गुफा के भीतर का तापमान बाहरी वातावरण से काफी अलग और ठंडा रहता है।

पर्यटन और संरक्षण
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड और वन विभाग इस गुफा को सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं:
सीमित प्रवेश: गुफा की प्राकृतिक संरचना और पारिस्थितिकी को नुकसान न पहुंचे, इसलिए पर्यटकों की संख्या को नियंत्रित रखा जाता है।
सावधानी: गुफा के अंदर ऑक्सीजन की कमी और फिसलन भरी दीवारों के कारण गाइड के बिना जाना वर्जित है।

छत्तीसगढ़ की यह ग्रीन गुफा प्रकृति का एक अनमोल उपहार है। यह न केवल रोमांचक पर्यटन को बढ़ावा देती है, बल्कि भू-गर्भ शास्त्रियों (Geologists) के लिए शोध का एक नया केंद्र भी बन रही है।

मनेंद्रगढ़ को नए साल का बड़ा तोहफा
मिनी स्टेडियम के विकास को मिले 98 लाख, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी मनेंद्रगढ़ किशन शाह : नए साल की शुरुआत मनेंद्रगढ़ के खेल प्रेमियों और स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल की विशेष पहल पर स्वामी आत्मानंद विद्यालय खेल मैदान में स्थित मिनी स्टेडियम का आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 98 लाख रुपये की बजट स्वीकृति प्रदान कर दी है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 से मनेंद्रगढ़ प्रेसिडेंट क्लब द्वारा आयोजित फ्लड लाइट रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट के चलते हाई स्कूल ग्राउंड को मिनी स्टेडियम का दर्जा मिला था। लंबे समय से खेल मैदान के विस्तार और सुविधाओं के विकास की मांग की जा रही थी। वर्ष 2025 में आयोजित फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह के दौरान क्लब के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता आशीष सिंह ने मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के समक्ष इस मांग को रखा था, जिस पर मंत्री ने मंच से ही एक करोड़ रुपये खर्च कर मैदान के विकास की घोषणा की थी।
घोषणा पर त्वरित कार्रवाई
मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के निर्देश पर नगर पालिका द्वारा मिनी स्टेडियम का विस्तृत प्रोजेक्ट तैयार कर नगरीय प्रशासन विभाग को भेजा गया। इसके पश्चात मंत्री ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया। परिणामस्वरूप 98 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
इस राशि से मिनी स्टेडियम में भव्य मंच, दर्शकों के लिए गैलरी, खिलाड़ियों के लिए आधुनिक पवेलियन एवं अन्य खेल सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
जल्द होगा भूमि पूजन
मिनी स्टेडियम के विकास की स्वीकृति से क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जल्द ही भूमि पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर मनेंद्रगढ़ प्रेसिडेंट क्लब के अध्यक्ष अधिवक्ता आशीष सिंह सहित सुरजीत सिंह रैना, रमणीक सिंह रैना, हरीश गुप्ता, रविकांत सिंह राजपूत, प्रकाश त्रिपाठी, हर्षित गुप्ता एवं भूपेंद्र भंडारकर सहित क्लब के सभी सदस्यों ने मंत्री श्री जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मंत्री रामविचार नेताम का 05 जनवरी को जिला दौरा, कृषि, शिक्षा और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में होंगे शामिल…

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर किशन शाह : छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन तथा पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम सोमवार 05 जनवरी 2026 को मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर जिले के एकदिवसीय प्रवास पर रहेंगे। मंत्री का यह दौरा कृषि, शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं प्रशासनिक समीक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्राप्त कार्यक्रम अनुसार मंत्री नेताम प्रातः 10:45 बजे सर्किट हाउस मनेन्द्रगढ़ से प्रस्थान कर 11:00 बजे जनपद पंचायत खड़गवां पहुंचेंगे, जहां वे कृषि महाविद्यालय भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए जाने की संभावना है।
इसके पश्चात मंत्री दोपहर 12:30 बजे ग्राम सरभोका स्थित के.बी. पटेल कॉलेज ऑफ नर्सिंग पहुंचेंगे, जहां आयोजित पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे माननीय विधायक रेणुका सिंह के जन्मदिवस समारोह में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करेंगे।
मंत्री नेताम दोपहर 3:00 बजे ग्राम पंचायत बंजी के गुरूचौहवा पारा, आल्हामाड़ा पहुंचकर पारंपरिक छेरता तिहार कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक समरसता पर अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में शाम 5:00 बजे मंत्री नेताम कलेक्ट्रेट कार्यालय मनेन्द्रगढ़ पहुंचकर जिला समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जल संसाधन विभाग के अभियंता पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं, शासन की कार्यशैली पर उठे सवाल…

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर किशन शाह:
जल संसाधन विभाग मनेंद्रगढ़ में पदस्थ अभियंता एन.सी. सिंह को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद शासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि अभियंता एन.सी. सिंह को पिछले छह महीनों से कार्यालय में देखा ही नहीं गया, जबकि हर निरीक्षण अथवा दौरे के दौरान उनका नाम “रायपुर प्रवास” बताकर दर्ज किया जाता है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अभियंता की अनुपस्थिति में पूरा कार्यालय महज एक कर्मचारी के भरोसे संचालित हो रहा है, जिससे विभागीय कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग गए हैं। महत्वपूर्ण योजनाओं, फाइलों और तकनीकी कार्यों का संचालन बिना जिम्मेदार अधिकारी की मौजूदगी में किया जाना, शासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
चौंकाने वाली बात यह है कि मामला लंबे समय से चर्चा में होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और शासन स्तर पर कोई स्पष्ट या कठोर कदम नहीं उठाया गया। इससे आम जनता में यह संदेश जा रहा है कि विभागीय लापरवाही और मनमानी को मौन संरक्षण प्राप्त है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन और राज्य शासन कब तक इस मामले पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।

पूजन एवं स्थल निरीक्षण के साथ विकास कार्य का शुभारंभ…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/मनेंद्रगढ़ किशन शाह: मनेंद्रगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक 11 में सैंड निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रारंभ कराया गया। यह निर्माण कार्य अग्रसेन भवन, थाना के सामने किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव एवं उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा की गरिमामयी उपस्थिति रही। वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद मुकेश अग्रवाल द्वारा क्षेत्रीय विकास को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव, इंजीनियर ईआर विकास कुमार मिश्रा एवं अजय पैकरा भी उपस्थित रहे। साथ ही नगर के कई जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई, जिनमें प्रमुख रूप से
ओम प्रकाश जायसवाल, सुशीला सिंह, इमरान खान, दयाशंकर यादव, सपन महतो, जमील शाह, अनिल प्रजापति, सुनैना विश्वकर्मा, मोहम्मद शाहिद, भैया गिरधर जायसवाल, विनीत जायसवाल, रवि जैन एवं रामधुन जायसवाल शामिल रहे।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की ओर से विवेक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, आकाश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं समस्त वार्ड की जनता उपस्थित रही।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह कार्य क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर विकास को गति देने के लिए ऐसे कार्य भविष्य में भी निरंतर किए जाते रहेंगे।
विकास की ओर बढ़ते कदम — सुंदर और स्वस्थ मनेंद्रगढ़ बनाने का संकल्प।

error: Content is protected !!