हिंद स्वराष्ट्र मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर : जिले में अवैध कोयला परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर के निर्देश और पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। खनिज अधिकारी दयानंद तिग्गा ने बताया कि पोड़ी- चिरमिरी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान ग्राम चिताझोर में एक ट्रैक्टर को रोका गया। यह महिंद्रा 275 डीआई लाल रंग का ट्रैक्टर रेत से भरा हुआ नजर आ रहा था, लेकिन जांच करने पर ट्रॉली के भीतर रेत की आड़ में कोयला छिपाकर रखा गया था। जांच के दौरान ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर को तत्काल जब्त कर पोड़ी थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। गौरतलब है कि खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम कोयले के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल ही में की गई छापेमारी में लगभग 20 टन कोयला जब्त किया गया था। संबंधित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस मामले में पुलिस ने भी प्रकरण दर्ज किया है।
एसडीओ ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए दो गायों पर चढ़ाई कार, हादसे के बाद बेशर्मों की तरह हुए फरार…
हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी : जिले के जनकपुर में कल रात करीब 10:30 बजे अटल चौक के सामने जल संसाधन विभाग के एसडीओ एच.एस. गुप्ता द्वारा दो बेजुबान पशुओं को अपनी कार की चपेट में ले लिया गया। इस हादसे में दोनों गाय बुरी तरह से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार SDO गुप्ता अपनी कार क्रमांक MP 53 CA 5134 से लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए तेज रफ्तार से शहडोल की ओर जा रहे थे तभी अटल चौक के सामने बैठी 2 गाय के ऊपर अपनी गाड़ी चढ़ा दी। ग्रामीणों का आरोप हैं कि हादसे के बाद SDO गुप्ता अपनी कार से नीचे नहीं उतर रहे थे। हादसे के वक्त घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों के द्वारा गाड़ी को आगे से उठाकर दोनों बेजुबान जानवरों की जान बचाई गई।

हादसे के बाद कार से नहीं उतरे SDO
एसडीओ गुप्ता दोनों गायों के ऊपर गाड़ी चढ़ाने के बाद अपनी गाड़ी से नहीं उतरे। बाद में उतरे अपना सामान समेटा और शहडोल रोड तरफ अपनी गाड़ी लेकर भाग गए।
प्रशासनिक अधिकारी का इस तरह से व्यवहार काफी निंदनीय
एक प्रशासनिक पद में रहते हुए प्रशासनिक अधिकारी द्वारा हादसे के बाद गाड़ी से नहीं उतरना और अपनी गलती ना मानते हुए वहां से भाग निकलना काफी शर्मनाक और निंदनीय है।
नशीली इंजेक्शन तस्करी मामले में होमगार्ड पत्नी के साथ गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान बनारस रोड, बंधन होटल के पास नशीली इंजेक्शन की तस्करी करते हुए होमगार्ड और उसकी पत्नी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी ग्राहक की तलाश में वहां खड़े थे और पुलिस पेट्रोलिंग की टीम को देखकर मौके से भागने की कोशिश करने लगे जिन्हें पुलिस द्वारा पड़कर पूछताछ की गई पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा अपना नाम श्रवण कुमार कुशवाहा आत्मज राम गुलाब कुशवाहा उम्र 35 वर्ष और गायत्री राजवाड़े पति श्रवण कुमार कुशवाहा उम्र 35 वर्ष बताया गया। आरोपियों की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से Rexogesic buprenorphine injection ip 02 ml का कुल 40 नग कुल मात्रा 80 एमएल, Avil pheniramine maleate injection ip 10 ml का कुल 31 नग मात्रा 310 एमएल एवं Onerex Codeine Phosphate Syrup 100 ml कुल 06 नग कुल मात्रा 600 ml बरामद किया गया। आरोपियों के पास से नशीली इंजेक्शन बेचकर मिले 5700 रुपए भी बरामद किए गए हैं।
सम्पूर्ण कार्यवाही मे थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, महिला प्रधान आरक्षक मेविस ज्योत्स्ना खाखा, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, विकास सिंह, ऋषभ सिंह, पवन यादव, घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।
विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की हुई शुरुआत: लूण्ड्रा विधायक व कलेक्टर ने अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारत सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में किसानों की उन्नति और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार हेतु आज से “विकसित कृषि संकल्प अभियान” की शुरुआत की गई। यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक चलाया जाएगा।
कलेक्ट्रेट परिसर से लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, कलेक्टर विलास भोस्कर, एवं संयुक्त संचालक कृषि यशवंत केराम ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न शिविर स्थलों पर पहुंचकर कृषि जागरूकता गतिविधियों का संचालन करेंगे। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र अंबिकापुर एवं मैनपाट के वैज्ञानिक, उप संचालक कृषि, उप संचालक पशुपालन, उप संचालक मत्स्य पालन, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी सहित कई विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
किसानों को मिलेगा सीधा संवाद का अवसर
उप संचालक कृषि ने जानकारी दी कि ये कृषि रथ जिले के सातों विकासखंडों के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। इस दौरान किसान वैज्ञानिकों से सीधा संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और अन्य कृषि संबंधित विभागों की सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
वैज्ञानिकों से मिलेगा मार्गदर्शन, अनुसंधान को मिलेगा आधार
इस अभियान के दौरान चयनित 78 कृषि क्लस्टर गांवों में कृषि वैज्ञानिक किसानों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं के अनुरूप नई अनुसंधान दिशा तय करेंगे। यह फीडबैक भविष्य की तकनीकी योजना निर्माण में सहायक होगा।
अभियान का उद्देश्य कृषि उत्पादन बढ़ाना, लागत घटाना, किसानों की आय में वृद्धि लाना तथा प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना है। यह संकल्प अभियान किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, मूल्य संवर्धन जैसी नवीन कृषि अवधारणाओं से परिचित कराने में मील का पत्थर साबित होगा।
काफी मशक्कत के बाद आज एनीकेट में डूबे दोनों बच्चों का शव किया गया बरामद…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले के नैनपुर डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी की चपेट में आकर कल दो बच्चे लापता हो गए थे सूचना पर पुलिस और डीडीआरएफ की टीम बच्चों की तलाश कर रही थी। कल देर शाम तक बच्चों का कुछ पता नहीं चल पाया था वही आज सवेरे से गोताखोरों की टीम दोनों बच्चों की तलाश कर रही थी दोपहर एक बच्चे की लाश बरामद की गई थी वहीं दूसरे की तलाश जारी थी। शाम को दूसरे बच्चे के शव को भी बरामद कर लिया गया हैं। मृतक बच्चों के नाम भानु और अविनाश देवांगन हैं जो की कल दोपहर गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में जाकर डूब गए थे पुलिस डीडीआरएफ एवम् गोताखोरों की संयुक्त टीम ने दोनों के शव को आज बरामद कर लिया हैं।
जिला सहकारी बैंक में 28 करोड रुपए का घोटाला, तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत 11 गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिला सहकारी और केंद्रीय बैंक के तहत शंकरगढ़ और कुसमी शाखा में 28 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक अशोक सोनी समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि 12 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज की गई है। बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने मामले का खुलासा किया। दरअसल, बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ और कुसमी सहकारी बैंकों में फर्जी खाता खोला गया। शिकायत मिलने पर जिला सहकारी बैंक, सरगुजा के प्राधिकृत अधिकारी और सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर ने इसकी जांच कराई, तो बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पकड़ी गई।
बैंक के खातों की साल 2012 से 2024 तक की आडिट में शंकरगढ़ और कुसमी बैंक शाखाओं से 23 करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया था। अब बैंकों के खातों के ऑडिट में घोटाले की रकम 28 करोड़ रुपए हो गई है।
कुसमी थाने में दर्ज है FIR
इस मामले में जिला सहकारी बैंक, सरगुजा के प्राधिकृत अधिकारी विलास भोस्कर ने FIR के निर्देश दिए थे। जिस पर सहकारी बैंक के सीईओ ने जांच रिपोर्ट और FIR के लिए आवेदन बलरामपुर पुलिस को दिया था। जिसके बाद कुसमी थाने में तत्कालीन बैंक प्रबंधक अशोक सोनी समेत 12 लोगों के खिलाफ धारा 409, 420, 467, 468, 471, 120बी, 34 के तहत केस दर्ज किया गया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
इस मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अशोक कुमार सोनी (56) शंकरगढ़, सेवानिवृत्त पर्यवेक्षक विकासचंद पांडवी (70) अंबिकापुर, सेवानिवृत्त समिति प्रबंधक एतवल सिंह (69) दरिमा, सरगुजा, सेवामुक्त प्रबंधक विजय कुमार उईके (50) बसंतपुर, सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक समल साय (65) भगवतपुर बलरामपुर।
सहायक लेखापाल जगदीश प्रसाद (50) कुसमी, लिपिक ताबरक अली निवासी अंबिकापुर, संस्था प्रबंधक लक्ष्मण देवांगन (56) मनेंद्रगढ़, मुख्य पर्यवेक्षक राजेंद्र प्रसाद पांडेय (60) अंबिकापुर, समिति प्रबंधक जमड़ी सुदेश कुमार यादव (30) और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रकाश कुमार सिंह (35) शंकरगढ़ शामिल हैं।
इस तरह की गई गड़बड़ी
मुख्य आरोपी शंकरगढ़ के शाखा प्रबंधक अशोक कुमार सोनी शाखाओं में 10 सालों तक पदस्थ रहे। उन्होंने बैंक में फर्जी खाते खोले। समितियों के खातों और फर्जी खातों के साथ ही बैंक के खाते से बड़ी रकम की कैश निकासी की गई। ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए गए।
आदिम जाति सहकारी समिति जमड़ी का बैंक अकाउंट बिना किसी दस्तावेज खोला गया। इसमें 19 करोड़ 24 लाख रुपए जमा किए गए और इस खाते से 19 करोड़ 22 लाख 73 हजार रुपए का आहरण किया गया। यह राशि किसानों के खाते, पंचायतों के खातों से ट्रांसफर कर जमा की गई थी।
जमुना अलंकार मंदिर अंबिकापुर के नाम पर NEFT के माध्यम से एक करोड़ 82 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। यह राशि 52 ट्रांजेक्शन में भेजी गई, जिनमें से 44 का बैंक वाउचर नहीं मिला।
शाखा कुसमी में नरेगा धनेशपुर का बोगस अकाउंट खोला गया एवं इसमें 3 करोड़ 19 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन किया गया।
सीईओ जनपद पंचायत शंकरगढ़ का बोगस अकाउंट खोला गया। इसमें 91 लाख 57 हजार रुपए की राशि जमा कर इसे निकाल लिया गया। जनपद सीईओ ने प्रतिवेदन में बताया कि यह खाता जनपद पंचायत का नहीं है। इसमें किसानों के खातों से राशि जमा की गई।
आरोपियों के खाते में ट्रांसफर हुए पैसे
जांच में पता चला है कि, अशोक कुमार सोनी के खाते में 1 करोड़ 36 लाख रुपए, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रकाश कुमार सिंह के खाते में 4 लाख 64 हजार रुपए, महामाया कंस्ट्रक्शन कंपनी के खाते में 30 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। अंबिकापुर के एक ज्वेलर्स के अकाउंट में डेढ़ करोड़ रुपए ट्रांसफर हुए। अब तक जांच में 28 करोड़ की गड़बड़ी पकड़ी गई है।
बढ़ सकता है घोटाले का आंकड़ा
जिला सहकारी बैंक, सरगुजा के प्राधिकृत अधिकारी एवं सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर ने बताया कि पूर्व की जांच में 23 करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया था। ऑडिट के दौरान यह राशि 28 करोड़ रुपए पहुंच गई है। ऑडिट जारी है। जिससे घोटाले की रकम बढ़ सकती है।
छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि : बस्तर नक्सलमुक्त घोषित, केंद्र सरकार ने वामपंथी उग्रवाद लिस्ट से हटाया नाम…
बस्तर : केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले को वामपंथी उग्रवाद (LWE– Left Wing Extremism) से प्रभावित जिलों की सूची से बाहर कर दिया है। इस फैसले के साथ ही बस्तर जिला अब आधिकारिक रूप से नक्सलमुक्त घोषित हो गया है। यह छत्तीसगढ़ राज्य, विशेषकर बस्तर क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।हालांकि बस्तर संभाग के कुछ जिले अभी भी नक्सल प्रभावित हैं। बस्तर न केवल एक जिला है, बल्कि एक संभाग भी है, जिसमें कुल 7 जिले शामिल हैं— बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा हालांकि बस्तर जिला अब LWE सूची से बाहर हो चुका है, लेकिन बस्तर संभाग के अन्य कुछ जिले अब भी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं।
नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में गिरावट
गृह मंत्रालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2018 में देशभर में 126 जिले नक्सल प्रभावित थे, जो जुलाई 2021 में घटकर 70 हुए और अप्रैल 2024 तक यह संख्या घटकर मात्र 38 रह गई है। सबसे अधिक गंभीर रूप से प्रभावित जिलों की संख्या भी 12 से घटकर अब 6 रह गई है।
इनमें शामिल हैं :
छत्तीसगढ़: बीजापुर, कांकेर, नारायणपुर और सुकमा
झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम
महाराष्ट्र: गढ़चिरौली
इसके अलावा अन्य चिंता वाले जिलों की संख्या भी 9 से घटकर 6 हो गई है, जहां अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता है।
ये जिले हैं :
आंध्र प्रदेश: अल्लूरी सीताराम राजू
मध्य प्रदेश: बालाघाट
ओडिशा: कालाहांडी, कंधमाल, मलकानगिरी
तेलंगाना: भद्राद्री-कोथागुडम
नक्सल हिंसा से प्रभावित अन्य जिलों की संख्या भी 17 से घटकर अब 6 रह गई है।
इनमें ये जिले शामिल हैं:
छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा, गरियाबंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
झारखंड: लातेहार
ओडिशा: नुआपाड़ा
तेलंगाना: मुलुगु
10 साल में 8 हजार से ज्यादा नक्सलियों ने किया सरेंडर
सरकारी प्रयासों, सुरक्षा बलों की सक्रियता और पुनर्वास नीतियों के चलते पिछले एक दशक में 8000 से अधिक नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया है. नतीजतन देशभर में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या ऐतिहासिक रूप से न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है.
बस्तर की नई पहचान
बस्तर संभाग आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जो अपनी सांस्कृतिक विविधता, घने जंगलों, खनिज संपदा और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए जाना जाता है। नक्सलवाद की छाया से धीरे-धीरे मुक्त हो रहा यह क्षेत्र अब विकास और शांति की नई राह पर अग्रसर है।
नहर में नहाने के दौरान दो बच्चे डूबे, दोनों की तलाश जारी…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : शहर से कुछ दूर स्थित नैनपुर डैम में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 12, भट्ठापारा के निवासी थे और दोनों की उम्र लगभग 15 वर्ष बताई जा रही है। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे शहर सहित आसपास क्षेत्रों को शोक में डुबो दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर नैनपुर डैम में नहाने गए थे। बताया जाता है कि नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए, जिसके कारण वे डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। समाचार लिखे जाने तक दोनों की तलाश जारी थी अभी तक बच्चों के शव बरामद नहीं हुए हैं।
बुजुर्ग महिला को मृत बताकर सौतेले पुत्र ने बेची जमीन, तहसीलदार ने सांठगांठ कर पत्नी के नाम खरीद ली जमीन…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के तहसीलदार संजय राठौर और अपने सौतेले पुत्र वीरेंद्र नाथ दुबे पर एक बुजुर्ग महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर से उनकी शिकायत कर कार्यवाही की मांग की है। महिला की आरोप है कि संजय राठौर द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिला के सौतेले पुत्र के साथ मिलकर उसकी जमीन में सांठगांठ कर अपनी पत्नी शारदा राठौर के नाम पर ट्रांसफर करवा ली गई है। महिला द्वारा दिए गए इस आवेदन में राजस्व निरीक्षक, पटवारी और सरपंच भी सवालों के घेरे में आ रहे हैं।
आपको बता दें कि बुजुर्ग महिला शैलकुमारी दुबे द्वारा 1976 में ग्राम करकोटी में 40 डिसमिल जमीन खरीदी गई थी। इस जमीन पर उसके सौतेले पुत्र वीरेंद्र नाथ दुबे की नजर थी। इस बेशकीमती जमीन को हथियाने के लिए वीरेंद्र नाथ दुबे द्वारा महिला को मृत बताया गया और जमीन अपने नाम नामांतरण कर उसे बेच दिया गया।
क्या हैं पूरा मामला समझिए महिला के आवेदन के इन 23 बिंदुओं के आधार पर :
01– आवेदिका ने दिनांक 11-08-1976 को ग्राम करकोटी, पटवारी हल्का नं0-11, पो0+थाना तहसील- भैयाथान, जिला- सूरजपुर (छ०ग०) में खसरा क्र.-45/3 रकबा 0.405 हे0 क्रय की थी। खसरा क्र0-43/3 रिनम्बरिंग में खसरा नं0 344 के रूप में दर्ज हुआ।
02- यह कि सन् 2016-17 में उक्त भूमि के नक्शा में छेडछाड़ व उसके पश्चात् उसका बटांकन भी कर दिया गया था, जिसकी जानकारी मिलने पर आवेदिका ने न्यायालय श्रीमान् तहसीलदार महोदय, भैयाथान के समक्ष आवेदन पत्र प्रस्तुत किया था।
03-यह कि यह राजस्व प्रकरण क्र0-20190261000013/ब-121/2018-19 स्थानान्तरित होकर माननीय न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी, भैयाथान के द्वारा दिनांक 12-12-2022 को आवेदिका के पक्ष में निर्णित हुआ।
04-यह कि उक्त निर्णय से क्षुब्ध होकर अनावेदक विष्णु कुशवाहा ने न्यायालय श्रीमान् कलेक्टर महोदय, सूरजपुर के समक्ष अपील प्रस्तुत की। जिसका निर्णय दिनांक 19-03-2025 को हुआ, जो पुनः अवलोकनार्थ हेतु न्यायालय श्रीमान् कलेक्टर महोदय, सूरजपुर के समक्ष विचाराधीन है।
05– यह कि इसी मध्य आवेदिका के सौतेला पुत्र विरेन्द्रनाथ दुबे ने अपने पुत्र कमलेश, भतीजा शिवम व अन्य संजय के साथ तहसीलदार, भैयाथान संजय राठौर को मिलाकर, सांठ-गांठ कर लगभग एक माह में उक्त भूमि का आवेदिका को मृत बताकर नामान्तरण व तत्काल विक्रय भी कर दिया गया।
06- यह कि उक्त भूमि को आवेदिका ने दिनांक 11-08-1976 को क्रय किया था, जबकि दिनांक 09-02-1967 का आवेदिका का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाकर नामान्तरण किया गया और नामान्तरण के तीसरे दिन उसे विक्रय भी कर दिया गया और विक्रेताओं का नामान्तरण उसी दिन तहसीलदार महोदय संजय राठौर ने कर दिया, जबकि इस प्रकरण में प्रस्तुत फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र में मृत्यु दिनांक 09-02-1967 है, जबकि आवेदिका ने यह भूमि दिनांक 11-08-1976 को क्रय की है, जो कथित मृत्यु दिनांक से आठ वर्ष पश्चात् क्रय की है।
07- आवेदिका को मृत बताकर नामान्तरण हेतु आवेदन विरेन्द्रनाथ दुबे द्वारा प्रस्तुत किया गया, उसे प्रकरण क्र0-202501261000001/अ-6 के रूप में दिनांक 28-11-2024 को दर्ज किया गया और मात्र 3 पेशी के पश्चात् दिनांक-27-12-2024 को नामान्तरण आदेश कर दिया गया।
08- तहसीलदार संजय राठौर द्वारा प्रकरण दर्ज होने के ही दिनांक 28-11-2024 को ईश्तहार का प्रकाशन किया गया, जिसमें स्पष्ट उल्लेख है कि ग्राम- कोयलारी, तहसील- भैयाथान स्थित भूमि खसरा क्र0-344/1 व 344/2 के नामान्तरण के सम्बन्ध में जिसे आपत्ति हो वे आपत्ति प्रस्तुत करें, जबकि नामान्तरित हुई आवेदिका की भूमि ग्राम करकोटी, तहसील- भैयाथान, जिला- सूरजपुर (छ०ग०) में स्थित है।
09- तहसीलदार संजय राठौर द्वारा दिनांक 28-11-2024 को ही हल्का पटवारी को मौका जाँच प्रतिवेदन हेतु दिये ज्ञापन में स्पष्ट रूप से ग्राम कोयलारी स्थित भूमि का उल्लेख है, जबकि नामान्तरण ग्राम- करकोटी स्थित भूमि का किया गया है। ग्राम- कोयलारी स्थित भूमि के ज्ञापन के प्रतिवेदन में हल्का पटवारी द्वारा ग्राम- करकोटी स्थित भूमि का उल्लेख है तथा हल्का पटवारी द्वारा पंचनामा को ही प्रतिवेदन बनाकर प्रस्तुत किया गया है, जो दोनों प्रतिवेदन दिनांक विहीन है।
10- तहसीलदार संजय राठौर द्वारा दिनांक 28-11-2024 को प्रकरण दर्ज करते हुये भी ग्राम- कोयलारी स्थित भूमि कां उल्लेख है, जिसे बाद में काटकर हस्तलिखित करकोटी किया गया है।
11- उक्त नामान्तरण प्रकरण में सरपंच द्वारा जारी पत्र में भी ग्राम…. कोयलारी का ही उल्लेख है, जिसे बाद में काटकर दूसरी राईटिंग से ग्राम करकोटी किया गया है।
12- दिनांक 28-11-2024 को मौका जाँच हेतु प्रतिवेदन में 06 विन्दुओं पर जाँच प्रतिवेदन माँगा गया है। जिस पर 05 बिन्दुओं पर हल्का पटवारी की ओर से प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है।
13- उक्त ज्ञापन के बिन्दु क्रं0-04 में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि वाद भूमि से सम्बन्धित प्रकरण किसी नयायालय में विचाराधीन है ? हाँ, तो किस न्यायालय में तथा कब से विचाराधीन है? स्पष्ट करें। इस सम्बन्ध में हल्का पटवारी द्वारा कोई प्रतिवेदन नहीं दिया गया है।
14- हल्का पटवारी को भली भाँति ज्ञात था कि उक्त भूमि पर श्रीमान न्यायालय कलेक्टर महोदय, सूरजपुर में प्रकरण लम्बित है।
15- नामान्तरण प्रक्रिया में हल्का पटवारी द्वारा दिये गये प्रतिवेदन से कुछ दिनों पूर्व श्रीमान न्यायालय कलेक्टर महोदय, सूरजपुर द्वारा माननीय अनुविभागीय अधिकारी, भैयाथान के माध्यम से हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक से उक्त भूमि के बटाकंन के सम्बन्ध में प्रतिवेदन मांगा गया था।
16- श्रीमान् न्यायालय कलेक्टर, सूरजपुर में प्रकरण क्र0-202304260100009/ब-121 (पक्षकार विष्णु कुशवाहा प्रति शैल कुमारी) में दिनांक 10/09/2024 को बटाकंन कैसे हुआ, के सम्बन्ध में हल्का पटवारी व राजस्व निरीक्षक शिवप्रसादनगर, भैयाथान से प्रतिवेदन माननीय अनुविभागीय अधिकारी, भैयाथान के माध्यम से माँगा गया था, जिस पर राजस्व निरीक्षक व पटवारी से आवेदिका ने सम्पर्क किया था। काल डिटेल्स से भी इसकी पुष्टि हो सकती है। हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक को स्पष्ट रूप से ज्ञात था कि आवेदिका जीवित है और माननीय न्यायालय कलेक्टर, सूरजपुर में विष्णु कुशवाहा प्रति शैल कुमारी प्रकरण चल रहा है।
17- शिवम व संजय के माध्यम से तहसीलदार संजय राठौर भूमियों का एग्रीमेन्ट व क्रय करते हैं।
18- इस प्रकरण में आवेदिका की भूमि से शिवम व संजय के नाम से विक्रय रूप में प्राप्त भूमि संजय राठौर की ही है, जो प्रकरण के सार्वजनिक हो जाने पर वे अपने नाम नहीं करा पाये, पर आवेदिका की ही सम्मिलात खाते की भूमि जो ग्राम- कोयलारी में स्थित है, उसका भी अनुचित बंटवारा करते हुये उसमें अन्तिम संशोधित निर्णय देने से पूर्व ही अपने विश्वसनीय संजय कुमार के नाम से एग्रीमेन्ट करवाये तथा बाद में भूमि को अपनी पत्नि शारदा राठौर के नाम दिनांक 05-02-2025 को पंजीयन क्र०-सीजी 2024-25-184-1-2958 के माध्यम से प्रतिफल के रूप में प्राप्त किये।
19- आवेदिका की निजी स्वामित्व की भूमि से 40 डिसमिल व सम्मिलात खाते की भूमि से 30 डिसमिल भूमि जो सड़क से लगे हैं और बहुमूल्य हैं, उन्हें प्राप्त कर संजय राठौर द्वारा अति सक्रियता दिखाते हुये स्वयं अपने ही हस्ताक्षर से मौका जाँच प्रतिवेदन व चौहद्दी तैयार किये।
20- ग्राम- करकोटी स्थित आवेदिका की निजी स्वामित्व की भूमि का विक्रय हेतु मौका जाँच प्रतिवेदन व चौहद्दी स्वयं के पद मुद्रा सहित हस्ताक्षर से करके दिनांक 03-01-2025 को विक्रय कराकर उसी दिन नामान्तरण भी कर दिये।
21- इसी भाँति अत्यधिक सक्रियता दिखाते हुए तहसीलदार संजय राठौर ने आवेदिका की सम्मिलात खाते की भूमि को आवेदिका सहित अन्य खातेदारों का नाम सम्मिलित नहीं करते हुये और उसकी सन्तानों वन्दना, गोघेश, दीपे, दीपेश, मातेश्वरी, सिधेश का फर्जी हस्ताक्षर से अनुचित बंटवारा भी इसी मध्य किये।
22- आवेदिका ने नामान्तरण के विरूद्ध माननीय अनुविभागीय अधिकारी महोदय, भैयाथान, जिला- सूरजपुर के समक्ष अपील प्रस्तुत की और थाना-भैयाथान को भी इसकी सूचना दी है।
23- तहसीलदार संजय राठौर अपने पद प्रभाव का प्रयोग करते हुये विरेन्द्रनाथ दुबे, कमलेश दुबे, शिवम दुबे व संजय के साथ मिलकर आर्वेदिका के आवेदन पर होने वाले कार्यवाही को प्रभावित कर रहे हैं।
तहसीलदार द्वारा पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन
तहसीलदार संजय राठौर द्वारा अपनी पत्नी है शारदा राठौर के नाम पर आवेदिका महिला की जमीन की खरीदी की गई और रजिस्ट्री कर नामांतरण भी करवा लिया गया।

अपने चाटुकारों के सहारे बच निकलने का तहसीलदार संजय राठौर कर रहे प्रयास
संजय राठौर द्वारा अपने इस कृत्य को छुपाने के लिए कई जतन किए जा रहे हैं और इसके लिए उन्होंने अपने चाटुकारों को जिम्मेदारी दे रखी हैं। जो चाटुकार दिन-रात उनकी जी हजूरी कर रहे हैं और उनके सपोर्ट में खबरें चलाकर बाकि पत्रकारों द्वारा तहसीलदार के विरुद्ध चलाए जा रहे खबरों का खंडन करने का काम कर रहे हैं। हमारे द्वारा जब संजय राठौर से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो फोन करने मात्र से ही वे तिलमिला गए और अपने चाटुकारों को हमें फोन कर धमकी देने की जिम्मेदारी दे दी। उनके कुछ चाटुकारों द्वारा हमें फोन किया गया और FIR करवाने की धमकी दी गई। आपको बता दे की तहसीलदार का बयान लेने के दौरान भी उनके कुछ चाटुकार उनके कार्यालय में मौजूद थे और हमारे प्रतिनिधि का वीडियो बना कर दबाव डालने का प्रयास कर रहे थे। चाटुकारों द्वारा आवेदिका महिला को भी फर्जी बताया जा रहा है पर सवाल यह उठता है कि यदि महिला फर्जी है तो उनके पति स्व. राधेश्याम दुबे द्वारा महिला का नाम अपने सर्विस बुक पर क्यों चढ़ाया गया और महिला को पेंशन किस आधार पर मिलता है।
कोरिया पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले, 108 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों का किया गया तबादला, देखें आदेश…
हिंद स्वराष्ट्र कोरिया : पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे ने बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश में 108 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं।
देखें आदेश :




राज्य सरकार ने जारी किए युक्तियुक्तकरण के आदेश…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने आज स्कूलों के युक्तियुक्तकरण को अंतिम रूप देते हुए कम बच्चों वाले स्कूलों को पास के स्कूलों में मर्ज कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग का दावा है कि इससे स्कूलों की क्वालिटी सुधरेगी और जिन स्कूलों में शिक्षक नहीं होंगे, वहां शिक्षकों की उपलब्धता हो जाएगी।
देखें आदेश :


सुशासन तिहार समाधान शिविर में करंट की चपेट में आकर टेंट कर्मचारी की मौत…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के दर्रीपारा में आयोजित समाधान शिविर में करंट की चपेट में आकर एक टेंट कर्मचारियों की मौत हो गई। दरअसल हादसा तब हुआ जब टेंट में लगे पाइप में केबल तार से करंट आने लगा, इसी पाइप के चपेट में आकर कर्मचारी पाइप से चिपक गए और बेसुध हो गए जिन्हें साथी कर्मचारियों द्वारा इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम रामअवतार पैंकरा है और वह रैसरा ग्राम का निवासी था।
पुलिस विभाग में बड़ी सर्जरी : 50 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को भेजा गया इधर से उधर…
हिंद स्वराष्ट्र दुर्ग: दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल द्वारा बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए 50 पुलिसकर्मियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश में दो निरीक्षक तीन उप निरीक्षक समेत 50 पुलिसकर्मियों के तबादले हुए हैं।
देखें आदेश :


घुमाने के बहाने ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र बतौली : प्रार्थिया द्वारा थाना उपस्थित आकर इस आशय का रिपोर्ट दर्ज कराया गया है। कि उसकी पीड़िता चचेरी बहन पढ़ाई छोड़कर घर में ही अपने दादा-दादी के साथ रहती है, उसके द्वारा बताया गया कि माह मार्च 2025 में उसकी पीड़िता चचेरी बहन अपने भाभी के साथ थाना बतौली क्षेत्रार्न्तंगत स्थित गांव गई हुई थी, साथ में उसका आरोपी फुफेरा भाई भी गया हुआ था। आरोपी फुफेरा भाई द्वारा रात्रि करीब 09 बजे लगभग पीड़िता को बोला कि चलो घर से बाहर कहीं घुम के आते हैं, आरोपी द्वारा पीड़िता को घुमाने ले जाने के बहाने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर कुंआ स्थित खेत पर ले गया। जहां आरोपी फुफेरा भाई द्वारा पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म को अंजाम दिया गया है। उसके बाद हाल ही में आरोपी फुफेरा भाई के द्वारा पुनः पीड़िता को गलत काम करने के लिए बोला जिससे पीड़िता काफी परेशान है। प्रार्थिया के रिपोर्ट पर अपराध सदर कायम कर विवेचना में लिया गया, आरोपी जय मिंज उर्फ छोटे भंटा उर्फ नटवा, उम्र 19 वर्ष निवासी कांतिप्रकाशपुर, नहरपारा थाना कोतवाली अम्बिकापुर को तलब कर पूछताछ किया गया जो घटना कारित करना स्वीकार किया, जिसके विरूद्व अपराध सबूत पाये जाने पर वैधानिक कार्यवाही/गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बतौली उनि सी.पी.तिवारी, उनि रम्भा साहू, सउनि संजय गुप्ता, प्रआर देवेन्द्र सिंह, आरक्षक राजेश खलखो, विजय, संतोष बरवा, भगलू राम, महिला आरक्षक मेरी क्लॉरेट, पूनम इत्यादि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियानः अब हर माह दो दिन मिलेगा गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क प्रसवपूर्व परामर्श एवं जांच..
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में से एक प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत जिले में माह के 9 और 24 तारीख को विशेष प्रसवपूर्व स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। पहले यह अभियान केवल 9 तारीख को आयोजित होता था, लेकिन अब इसे हर माह दो बार किया जा रहा है, जिससे अधिकाधिक गर्भवती महिलाओं को लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जिले के 37 स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 1122 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया गया। इनमें से 213 महिलाओं को उच्च जोखिम गर्भवती के रूप में चिन्हांकित किए गए हैं, जबकि शेष 722 महिलाओं को जांच, उपचार एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रहीं हैं।
अभियान के सुचारू क्रियान्वयन हेतु समस्त सामुदायिक, प्राथमिक एवं चिन्हांकित उप स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा दल की तैनाती की गई थी।इस अवसर पर नवापारा शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिला कलेक्टर विलास भोसकर ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।
सुरक्षित मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य में सुधार
इस योजना के माध्यम से गर्भावस्था के दूसरे और तीसरे तिमाही की महिलाओं को एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह जैसी जटिलताओं की पहचान कर समय पर इलाज और परामर्श दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन महिलाओं तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है जो एएनसी सेवाओं से छूट गई हैं या अधूरी सेवाएं प्राप्त की हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे माह की 9 और 24 तारीख को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
कृषि मंत्री नेताम की उपस्थिति में रजिस्ट्री में 10 जनोपयोगी क्रांतिकारी पहलों पर कार्यशाला आयोजित… आधुनिक पंजीयन प्रणाली से फर्जी रजिस्ट्री पर लगेगी रोक…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : राज्य सरकार द्वारा रजिस्ट्री के नए नियमों और सपत्तियों के पंजीयन में शुरू किए गए 10 क्रांतिकारी परिवर्तनों के संबंध में सयुंक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला आदिम जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिती में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, गणमान्य नागरिक ओम प्रकाश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष रामानुजगंज रमन अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण कलेक्टर राजेंद्र कटारा सहित अधिकारीगण एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने उपस्थित जनों संबोधित करते हुए कहा कि जमीन की रजिस्ट्री के लिए नये नियम को समय की जरूरत के हिसाब से आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया गया हैं। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री के नये नियमों से फर्जीवाड़े में रोक लगेगी। कोई भी दूसरा आदमी किसी और की जगह पर खड़े होकर जमीनों की रजिस्ट्री नहीं करा सकेगा। नए पंजीयन नियम से भूमि पर अधिकार सुनिश्चित होगी संपत्ति लेनदेन में पारदर्शिता होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं वित्त मंत्री के मार्गदर्शन में बेहतर करने का प्रयास किया गया है। अब रजिस्ट्री के क्षेत्र में सुगमता से काम होगा। उन्होंने पंजीयन विभाग की 10 क्रांतिकारी सुविधाओं के बारे में बताया। मंत्री रामविचार नेताम ने जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया के माध्यम से बेहतर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने की अपील की जिससे आम जनता को जानकारी हो सके।
कार्यशाला में मास्टर टेनर के द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से पंजीयन विभाग के 10 क्रांतिकारी पहल पर प्रकाश डाला गया। जिसके तहत फर्जी रजिस्ट्री रोकने के लिए आधार सत्यापन सुविधा से क्रेता-विक्रेता की पहचान सीधे आधार नंबर और बायोमेट्रिक के माध्यम से की जाएगी, जिससे फर्जी रजिस्ट्री की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। रजिस्ट्री खोज एवं डाउनलोड सुविधा से खसरा नंबर दर्ज कर संपत्ति की पूर्व रजिस्ट्री की जानकारी देखी जा सकेगी और रजिस्ट्री दस्तावेज डाउनलोड किए जा सकते हैं। इससे विक्रेताओं को विवादित या बंधक जमीन की जानकारी पहले ही प्राप्त हो जाएगी। ऑनलाइन भारमुक्त प्रमाण पत्र सुविधा से संपत्ति पर ऋण, बंधक या पूर्व विक्रय की स्थिति अब ऑनलाईन भारमुक्त प्रमाण-पत्र के माध्यम से आसानी से ज्ञात की जा सकती है। कई शासकीय कार्यों एवं बैंक से लोन प्राप्त करने के लिए यह प्रमाण पत्र अनिवार्य होता है। स्टाम्प एवं रजिस्ट्री शुल्कों को कैशलेस भुगतान से अब स्टाम्प शुल्क और पंजीयन शुल्क का एक साथ यूपीआई, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग आदि से कैशलेस रूप से भुगतान किया जा सकता है। पहले दोनों का भुगतान अलग-अलग स्थान पर नकदी में किया जाता था। रजिस्ट्री के लिए स्लॉट बुकिंग, दस्तावेज की स्थिति, पंजीयन पूर्ण होने की सूचना एवं रजिस्ट्री की प्रति व्हाट्सअप के माध्यम से स्वतः प्राप्त होगी। इसके साथ ही व्हाट्सअप के माध्यम से रजिस्ट्री से संबंधित शिकायतें एवं फीडबैक भी दिया जा सकेगा। डिजीलॉकर सेवाएं पंजीकृत दस्तावेज अब डिजीलॉकर में डिजिटल रूप में संरक्षित रहेंगे, जिन्हें आवश्यकतानुसार कभी भी डाउनलोड किया जा सकेगा। पक्षकार अपने रजिस्ट्री दस्तावेज अब स्वयं ही बना सकेंगे। इसके लिए उन्हें डिजी डॉक सेवा पर जानकारी भरना होगा। जानकारी भरने के पश्चात रजिस्ट्री दस्तावेज स्वतः जनरेट होगा एवं उप पंजीयक को डिजिटल रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही डिजीडॉक सेवा के माध्यम से किरायानामा, शपथ पत्र, अनुबंध जैसे गैर-पंजीकृत दस्तावेज अब घर बैठे डिजिटल स्टाम्प के साथ ऑनलाइन तैयार किये जा सकते हैं। अब पक्षकारों को घर बैठे रजिस्ट्री की सुविधा भी मिलनी शुरू हो गई है। दस्तावेज निर्माण, स्टाम्प भुगतान और रजिस्ट्री प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाईन होकर घर से ही पूर्ण की जा सकती है। अभी यह सेवा 10 प्रकार के दस्तावेजों जैसे रेंट एग्रीमेंट, मॉर्गेज डीड आदि में शुरू की गई है। रजिस्ट्री के साथ स्वतः नामांतरण भी हो जाएगा। रजिस्ट्री प्रक्रिया पूर्ण होते ही संबंधित क्रेता का नाम राजस्व रिकॉर्ड में स्वतः दर्ज हो जाएगा। इसके लिए अलग से नामांतरण आवेदन, शुल्क या लंबी प्रतीक्षा की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे नागरिकों के समय, प्रयास और खर्च तीनों की बचत होगी।
प्रतापपुर में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, 8 वाहन जब्त…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार आज प्रतापपुर क्षेत्र में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए ग्राम खड़गवां में कुल 8 वाहनों को जब्त किया है। सभी जब्त वाहन पुलिस अभिरक्षा में खड़गवां पुलिस चौकी में सुरक्षार्थ रखे गए हैं। कलेक्टर जयवर्धन ने जिले में रेत के अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स को लगातार निगरानी रखने और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सरगुजा सहित तीन जिलों की मुख्यमंत्री साय ने ली समीक्षा बैठक : अधिकारियों को पेशियों में बार-बार तारीख न देने की दी सख्त हिदायत…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अंतर्गत अम्बिकापुर के जिला पंचायत सभाकक्ष में सरगुजा, बलरामपुर और जशपुर जिलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहितकारी शासकीय योजनाओं को बेहतर तरीके से अमलीजामा पहनाने वाले जिलों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को दंड मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन तिहार के पहले चरण में प्रदेशभर से लगभग 40 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनका समाधान दूसरे चरण में किया गया। अब तीसरे चरण में वे स्वयं 23 जिलों का दौरा कर आम जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं।
जनता के प्रति जवाबदेह बनें अधिकारी
मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों के कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों से कहा कि वे जनता के सेवक हैं, और उनकी जिम्मेदारी है कि समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड दौरा करें, जनता के सुख-दुख में शामिल हों और शिकायतों के निपटारे में पेशियों की अनावश्यक तारीखें देना बंद करें।
बुनियादी जरूरतों पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों को सूखने से बचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले किसानों को खाद-बीज की कमी न हो, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों के निर्देश
गर्मी और बरसात के मौसम में मौसमी बीमारियों और सांप काटने की घटनाओं की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों और एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
वनाधिकार और अतिक्रमण के मामलों में सख्ती
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वनाधिकार पट्टों की समीक्षा राजस्व, आदिवासी विकास और वन विभाग संयुक्त रूप से करें और केवल पात्र हितग्राहियों को ही पट्टा प्रदान किया जाए।
उन्होंने अवैध पट्टा धारकों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सीमावर्ती जिलों में अवैध रूप से निवास कर रहे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा।
मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सभी कलेक्टरों से कहा कि शासकीय कार्यालयों और बैंकों में वीडियो कांफ्रेंसिंग सुविधाएं बढ़ाई जाएं। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनने वाली सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों से टीम भावना से कार्य करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े,सरगुज़ा सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज, राम कुमार टोप्पो, भैयालाल राजवाड़े, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा आईजी दीपक झा सहित सरगुज़ा, बलरामपुर-रामानुजगंज एवं जशपुर जिले के कलेक्टर,एसपी, जिला पंचायत सीईओ सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हाथी दांत की तस्करी और सौदा करते हुए पकड़े गए दो आरोपी…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : उप वनमण्डलाधिकारी अम्बिकापुर जैनी ग्रेस कुजूर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 21 मई को रात्रि 08ः00 बजे प्रतीक्षा बस स्टैंड अम्बिकापुर के पास दो नग हाथी दांत की तस्करी और सौदा करते हुए धुरिया रमकोला निवासी जनकू एवं हरीगंवा बलरामपुर निवासी विनोद वर्मा पकड़े गए। उनके पास दो नग हाथी दांत 4.660 किलो ग्राम के प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि आरोपियों के विरूद्ध वन अपराध दर्ज किया गया तथा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 39 (2) धारा 44, धारा 39 (3), धारा 9, धारा 51, धारा 52, धारा 48।, धारा 49ठ के तहत कोर्ट चालान की कार्यवाही किया जा रहा है।
वनमण्डलाधिकारी सरगुजा वनमण्डल अम्बिकापुर अभिषेक जोगावत के निर्देशन में आरोपियों को पकड़ने में डब्ल्यूसीसीबी सेंट्रल रीजन भोपाल के इनपुट पर डब्ल्यूसीसीबी एवं सरगुजा वनमण्डल तथा सूरजपुर वनमण्डल के कर्मचारियों द्वारा संयुक्त कार्यवाही किया गया। कार्यवाही में वन परिक्षेत्राधिकारी अम्बिकापुर निखिल पैकरा, उप वनक्षेत्रपाल दिनेश टोप्पो, वनरक्षक नवीन प्रताप सिंह, महेन्द्र पाठक, अली अहमद अंसारी, संदीप किण्डो, सुभाष सिंह का विशेष योगदान रहा।
आकाशीय बिजली गिरने से चाचा–भतीजा समेत तीन की मौत, तीन बच्चे घायल…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत 2 गांवों में बुधवार की दोपहर तेज आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली चपेट में आकर चाचा-भतीजा समेत 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा 3 बच्चें आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगियानी में बुधवार की दोपहर करीब 3 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही थी। इस दौरान श्रीराम पंडो उम्र 30 वर्ष अपने भतीजे 13 वर्षीय रोहित पंडो के साथ घर के दरवाजे पर खड़ा था इसी बीच तेज आवाज के साथ वहां आकाशीय बिजली आ गिरी। इसकी चपेट में आकर चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के 3 अन्य बच्चे भी मामूली रूप से झुलस गए। उन्हें बलंगी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरी घटना में ग्राम मझौली निवासी बालक 11 वर्षीय दयाराम अगरिया पिता जगदेव अगरिया की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के दौरान बालक खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।