हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिले के कृषकों को शासन द्वारा निर्धारित दरों पर गुणवत्तायुक्त उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संचालक कृषि राहुल देव के निर्देशन, संयुक्त संचालक कृषि संभाग सरगुजा यशवंत केराम, कलेक्टर सरगुजा विलास भोस्कर एवं उप संचालक कृषि अंबिकापुर पीतांबर सिंह दीवान के मार्गदर्शन में टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही की गई।
अधिक दर पर यूरिया विक्रय की सूचना प्राप्त होने पर कृषि विभाग की टीम द्वारा श्री बहुउद्देशीय सहकारी समिति, सकालो में दबिश दी गई। जांच के दौरान उपलब्ध कच्चे दस्तावेजों एवं उपस्थित कृषकों से जानकारी प्राप्त हुई कि समिति द्वारा यूरिया का विक्रय 600 रुपये प्रति बोरी की दर से किया जा रहा था, जो कि शासन द्वारा निर्धारित अधिकतम मूल्य से अधिक है।
साथ ही, निरीक्षण के दौरान अन्य अनियमितताएं भी उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के अंतर्गत पाई गईं। नियमानुसार कृषि विभाग द्वारा संबंधित संस्था को नोटिस जारी करते हुए उर्वरक विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध,स्टॉक की जप्ती,गोदाम को पंचनामा बनाकर सील कर कार्यवाही की गई है।
कार्यवाही के दौरान उर्वरक निरीक्षक सोहन भगत, अजय बड़ा, श्वेता पटेल, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीपक कश्यप, हिमांशु गुप्ता, विनोद पैकरा एवं सकालो उपसरपंच भोला चंद्र टेकाम उपस्थित रहे। कृषि विभाग कृषकों के हित में इस प्रकार की अनियमितताओं के विरुद्ध निरंतर निगरानी एवं आवश्यक कार्यवाही करता रहेगा।
नियंत्रण मूल्य से अधिक दर पर यूरिया विक्रय करने पर सहकारी समिति के विरुद्ध कृषि विभाग की सख्त कार्यवाही…
रोपाखार (मैनपाट) में शुरू हुआ देश का पहला ग्रामीण गार्बेज कैफ़े…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सरगुजा जिले के मैनपाट जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत रोपाखार में आज देश का पहला ग्रामीण गार्बेज कैफ़े शुरू किया गया। यह कैफ़े स्थानीय स्तर पर प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जिला प्रशासन सरगुजा, एलआईसी एचएफएल ग्रीन टुमॉरो परियोजना तथा फिनिश सोसायटी की अनूठी पहल है।
ग्रामीण गार्बेज कैफ़े का शुभारंभ मैनपाट जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोषी पैकरा, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, सरपंच, उपसरपंच एवं जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने सामूहिक रूप से किया। कैफ़े का संचालन कार्ब हट किचन, रोपाखार में किया जाएगा। जहां 1 किलो प्लास्टिक (सफेद प्लास्टिक, पानी की बोतल, एल्युमिनियम केन, कांच की बोतल) देने पर नाश्ता मिलेगा और 2 किलो प्लास्टिक देने पर भोजन की सुविधा उपलब्ध होगी।
जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोषी पैकरा ने कहा कि “मैनपाट सरगुजा की पहचान है और इसे स्वच्छ व सुघ्घर रखना हम सबका दायित्व है। जिला प्रशासन ने प्लास्टिक कचरे से मुक्ति दिलाने की अभिनव पहल की है, जिसके लिए हम मैनपाट की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हैं।”
ग्राम पंचायत रोपाखार के उप सरपंच रजनीश पांडेय ने कहा कि मैनपाट में विविध समुदाय के लोग रहते हैं और यहां लगातार पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में स्वच्छ और सुंदर मैनपाट हमारी जिम्मेदारी है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण मिले और हमारे गांव का नाम रोशन हो।
जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि 17 सितम्बर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक पूरे देश में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मैनपाट जैसे हिल स्टेशन पर प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहण और जागरूकता के लिए ग्रामीण गार्बेज कैफ़े का नवाचार किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को ‘कचरा लाओ और खाना पाओ’ जैसी सरल व्यवस्था से स्वच्छता के लिए प्रेरित करना है।” उन्होंने बताया कि कैफ़े से संग्रहित प्लास्टिक अपशिष्ट का निपटान जिला स्तरीय प्लास्टिक प्रोसेसिंग यूनिट में किया जाएगा। यहां स्व-सहायता समूह की महिलाएं इस प्लास्टिक से दाना, रस्सी और कुर्सी जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार करेंगी। इससे न केवल अपशिष्ट प्रबंधन होगा बल्कि महिलाओं की आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।”
सीईओ अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने जिला में विशेष पहल किए गए है जिसमें जिला स्तरीय प्लास्टिक प्रोसेसिंग इकाई केंद्र/एमआरएफ का संचालन। सभी ग्रामों में डोर टू डोर कचरा संग्रहण, पृथक्करण, विक्रय व यूज़र चार्ज वसूली पर सतत कार्य। दिसम्बर 2025 तक जिले के सभी ग्रामों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन युक्त बनाने की दिशा में नियमित कार्य। जिले के सभी स्कूलों में बाल स्वच्छता क्लब/ईको क्लब का गठन एवं क्रियान्वयन। निर्मित स्वच्छता परिसंपत्तियों के सतत उपयोग, रख-रखाव और जनजागरूकता हेतु नियमित प्रयास। ग्रामीण क्षेत्रों व पर्यटन स्थलों के आसपास प्लास्टिक बैंक स्थापना और रख-रखाव की दिशा में निरंतर कार्य। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बैरियर की स्थापना कर स्वच्छाग्रही एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से ठोस कार्यवाही किए जा रहे हैं।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत रोपाखार के साप्ताहिक बाजार परिसर में आज श्रमदान कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वच्छताग्राही, ग्रामीणजन एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने मिलकर बाजार क्षेत्र की सफाई की तथा आसपास फैले प्लास्टिक अपशिष्टों का संग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों से अपील की गई कि वे नियमित रूप से यूज़र चार्ज का भुगतान करें। जिससे स्वच्छताग्राही दीदियों की आजीविका भी मजबूत होगी, जो गांव-गांव में सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य कर रही हैं।
इस दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अनिल सिंह, तिब्बती कॉलोनी सेटलमेंट अधिकारी यंगत्सो, सरपंच रोपाखर सुखु मांझी, कमलेश्वरपुर सरपंच घुरनी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार आरक्षक की मौत…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर ग्राम लहपटरा के पास बुधवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार आरक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी आरक्षक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार आरक्षक सूरजपुर ड्यूटी जाने के लिए घर से निकला था। आरक्षक ने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन ट्रक की टक्कर से हेलमेट निकलकर फेंका गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरना निवासी मसत्य राम पैकरा (42) सूरजपुर जिले में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। वह घर आया था और 17 सितंबर की दोपहर बाइक से ड्यूटी जाने निकला था। इसी बीच बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाइवे पर लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लहपटरा स्थित कमल फ्यूल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक यूपी 44 बीटी 0920 ने आरक्षक की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से आरक्षक बाइक समेत सड़क पर सिर के बल जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यूनिफॉर्म वितरण में गड़बड़ी, जिला शिक्षा अधिकारी निलंबित…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आज रामानुजगंज–बलरामपुर जिले के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी डी.एन.मिश्रा को निलंबित कर दिया है। दरअसल डी.एन.मिश्रा द्वारा गणवेश वितरण में गड़बड़ी की गई थी, जिसके कारण उन पर निलंबन की कार्यवाही की गई है।
मिश्रा की निलंबन के बाद अजय कुमार मिश्रा प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर को रामानुजगंज–बलरामपुर के जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
देखें आदेश :

अतिथि शिक्षक हेतु आवेदन आमंत्रित, इच्छुक अभ्यर्थी 25 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन..
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : औद्योगिक प्रशिक्षण 3 संस्थान (अजजा) राजपुर के नोडल क्षेत्र कुसमी में विद्युतकार (अतिथि शिक्षक) के पद हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (अजजा) राजपुर में स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 25 सितंबर 2025 शाम 05ः00 बजे तक जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिले के वेबसाईट बलरामपुर डॉट जीओव्ही डॉट इन पर अवलोकन कर सकते हैं।
एसडीओपी याकूब मेनन पर रेप और ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर जिले में एसडीओपी के पद पर पदस्थ मोहम्मद याकूब मेमन के खिलाफ रायपुर की एक महिला ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। सरगुजा पुलिस ने मामला शून्य पर दर्ज कर केस डायरी टिकरापारा थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2020-21 में याकूब मेमन टिकरापारा थाना प्रभारी थे। उस दौरान पीड़िता अपने पति के साथ उनके घर में किराए से रहती थी। महिला का आरोप है कि पति के बाहर रहने पर मेमन ने उसे डराया-धमकाया और कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने रायपुर पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। रायपुर में न्याय न मिलने से आहत महिला नया रायपुर स्थित अपने घर से सीधे सरगुजा आईजी के पास अंबिकापुर पहुंची। यहां उसने विस्तृत शिकायत दर्ज कराई और न्याय न मिलने पर आत्महत्या की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा आईजी ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने और केस डायरी रायपुर ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। अब टिकरापारा पुलिस महिला का बयान दर्ज कर आगे की जांच करेगी।
मैनपाट क्षेत्र में धर्मांतरण का मामला आया सामने, पुलिस ने दर्ज की FIR…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में धर्मांतरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी महिला के विरुद्ध FIR दर्ज कर ली है।दरअसल ग्राम केसरा निवासी और धर्म रक्षा समिति के खंड संयोजक दिलवर यादव की शिकायत पर कमलेश्वरपुर पुलिस ने ग्राम सरभंजा की महिला आरती मांझी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। महिला द्वारा नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर और पैसों का लालच देकर चर्च ले जाकर धर्म परिवर्तन कराए जाने का प्रयत्न किया जा रहा था। दरअसल रविवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरती मांझी गांव के मांझी परिवार की छः नाबालिग बालिकाओं को बरिमा चर्च बतिस्मा (बपतिस्मा) कराने के लिए लेकर जा रही थी। जिसकी जानकारी बच्चियों के परिजनों को भी नहीं थी। जब इसकी जानकारी ग्रामीणों और धर्म रक्षा समिति को लगी, तो समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ उक्त महिला को पकड़ लिया। इस दौरान बच्चियों के साथ महिला की घटना से संबंधित वीडियो भी बनाई गई। धर्म रक्षा समिति के खंड संयोजक दिलवर यादव की शिकायत पर कमलेश्वरपुर पुलिस ने महिला आरती मांझी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
जुआ खेल रहे 15 जुआड़ियों को सूरजपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार, नगदी रकम किया जप्त…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले की पुलिस अवैध कार्यो के विरूद्ध बड़ी तत्परतापूर्वक लगातार कार्यवाही करने में लगी हुई है। इसी बीच दिनांक 14.09.2025 के रात्रि में चौकी बसदेई पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम लोधिमा नदी किराने सार्वजनिक स्थान पर कुछ जुआड़ी हारजीत का दाव लगाकर जुआ खेल रहे है। चौकी बसदेई की पुलिस टीम के द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर जुआड़ी रामकुमार रजवार, उमाशंकर सिंह, बादू राजवाड़े, बनारसी यादव, रमेश, रामसाय व सोमारसाय को जुआ खेलते रंगे हाथों धर दबोचा, जुआड़ियों के पास व जुआ फड़ से 7390 रूपये जप्त किया गया।
वहीं दूसरे मामले में थाना रामानुजनगर पुलिस ने ग्राम मांजा में हारजीत का दाव लगाकर जुआ खेल रहे तिरथ बरगाह, जुगेश्वर प्रसाद साहू, पंकज साहू, तरून साहू, श्यामले राजवाड़े, नेतलाल प्रजापति, मुकेश साहू, महेन्द्र साहू को रंगे हाथों पकड़ा। जुआड़ियों के पास व जुआ फड़ से 10230 रूपये जप्त किया गया। दोनों ही मामले में कुल 17620 रूपये जप्त कर 15 जुआड़ियों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्यवाही कर गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर राजेन्द्र साहू व चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल व उनकी टीम सक्रिय रहे।
जिला स्तरीय खेलो इंडिया अस्मिता वुशू सिटी लीग प्रतियोगिता सम्पन्न, 105 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने तथा खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा हेतु मंच प्रदान करने के उद्देश्य से खेलो इंडिया अस्मिता वुशू सिटी लीग प्रतियोगिता का सफल आयोजन 13 और 14 सितंबर को रामानुजनगर स्थित मंगल भवन में किया गया। दो दिवसीय इस आयोजन में जिलेभर से 105 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
नेतृत्व व आयोजन
प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के डिप्टी डायरेक्टर मयंक श्रीवास्तव (आईपीएस, डायरेक्टर जनरल), छत्तीसगढ़ वुशू संघ के अध्यक्ष संजय पिल्लई (आईपीएस) तथा संघ के सचिव रवि कोंडिया के मार्गदर्शन और नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ वुशू संघ व जिला वुशू संघ के पदाधिकारी भी पूरे समय मौजूद रहे, जिनके प्रयासों से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित हो सकी।

खिलाड़ियों का प्रदर्शन
इस प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की बालिका और बालक वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सभी वर्गों में खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अर्जित कर अपने-अपने विद्यालय, महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।
विशेष रूप से रामानुजनगर क्षेत्र के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक पदक हासिल किए और प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
जिलेभर से सहभागिता
इस प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले के दूरस्थ एवं सीमावर्ती अंचल जैसे बिहारपुर, भैयाथान, सूरजपुर, रामानुजनगर, प्रतापपुर, ओड़गी और प्रेमनगर विकासखण्डों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने दमखम से यह साबित किया कि खेल प्रतिभा केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में भी खेल के प्रति गहरी रुचि और समर्पण मौजूद है।
मार्गदर्शन व प्रोत्साहन
कार्यक्रम में खेल अधिकारी आरती पाण्डेय का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने भार वर्ग में मुकाबला किया और विजयी होकर उभरे। आयोजन समिति और पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को उत्साहपूर्वक प्रोत्साहित किया।
गौरव का क्षण
प्रतियोगिता में जीते गए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक न केवल खिलाड़ियों के व्यक्तिगत जीवन में उपलब्धि हैं, बल्कि जिले के लिए भी गौरव का विषय हैं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पदाधिकारियों ने विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया और भविष्य में राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर खेलने की शुभकामनाएँ दीं।
जिला उपाध्यक्ष रेखा राजलाल राजवाड़े , जिला जनपद सदस्य हेमलता राजवाड़े मुख्य अतिथि रहे।
राजधानी में ‘न्यूड पार्टी’ आयोजक समेत 7 गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : राजधानी में ‘न्यूड पार्टी’ आयोजित करने की तैयारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पार्टी SS फॉर्म्स हाउस में आयोजित होने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही पार्टी का पोस्टर सोशल मीडिया में वायरल हो जाने से पुलिस को जानकारी मिल गई और पुलिस ने छापा मारकर आयोजक समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार मुख्य आरोपियों में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड का सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता संतोष गुप्ता भी शामिल है जो एसएस फार्म्स हाउस का मालिक भी है। इसके अलावा आयोजक संतोष जेवानी, अजय महापात्रा, सोशल मीडिया प्रमोटर अवनीश गंगवानी, डिजिटल प्रमोटर जेम्स बैक, दीपक सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
पार्टी को सोशल मीडिया पर खुलेआम प्रमोट किया जा रहा था, जिसमें “न्यूड स्ट्रेंजर पार्टी” जैसी आपत्तिजनक गतिविधियों का प्रचार किया गया था। मामला सामने आते ही तेलीबांधा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन आरोपियों पर आईटी एक्ट, अश्लीलता फैलाने, सार्वजनिक मर्यादा भंग करने समेत कई अन्य गंभीर धाराओं ते तहत FIR दर्ज कर ली है। आपको बता दें कि मामला सामने आने के बाद प्रदेश भर के सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई थी। एक ओर जहां कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सरकार को घेरा हैं , वहीं दूसरी ओर बीजेपी भी इस तरीके के असामाजिक आयोजन का विरोध कर रही हैं।
परिवार परामर्श केन्द्र में 106 जोड़े एक साथ रहने हुए राजी, परिवार को जोड़ने एवं बिखरने से रोकने सूरजपुर पुलिस ने किया सराहनीय कार्य…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में जिले में संचालित परिवार परामर्श केन्द्र की बैठक प्रत्येक दिवस आयोजित किया जा रहा है। परामर्श केन्द्र में घरेलू एवं आपसी पति-पत्नि के बीच विवाद के मामलों की सुनवाई संवेदनशीलता से किया गया जिसमें उन्हें समस्याओं को मिलकर सुलझाने और हल करने, रिश्ते में तनाव न आने देने, परिवार के सदस्यों को एक दूसरे को समझने और सम्मान करने की समझाईश दी गई जिस पर 106 जोड़े एक साथ रहने को राजी हुए है। परामर्श देने वाली टीम लगातार ऐसे परिवारों जो कि टूटने के कगार पर पहुंच गए हैं उन्हें जोड़ने का काम कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के मार्गदर्शन में परामर्श केन्द्र में हुए काउंसलिंग से वर्ष 2025 में अब तक 106 बिछुडे़ जोड़े के बीच सकारात्मक रूप से चर्चा कर काउंसलिंग कर आपसी समझौता कराया गया जो सभी जोड़े सुखी जीवन जीने के लिए राजी हुए। 105 मामले में दोनों पक्षों के उपस्थित नहीं होने अथवा समझौता की बात नहीं बनी। समझौता नहीं हो पाने के मामले में उन्हें न्यायालय जाने की सलाह दी गई।
परिवार बिखरे न इसी उद्देश्य से डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर के निर्देश पर जिले के परिवार परामर्श केन्द्र सूरजपुर के द्वारा प्रत्येक दिवस इस प्रकार की शिकायतों पर दोनों पक्षों के मध्य एक बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण में काउंसिलिंग के माध्यम से समझाईश देकर पति-पत्नी के बीच आपसी समझौता लगातार कराया जा रहा है। काउंसलिंग डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप के मार्गदर्शन में निरीक्षक निलिमा तिर्की, एसआई पुष्पा तिर्की, सामाजिक कार्यकर्ता/अधिवक्ता राकेश गुप्ता, प्रधान आरक्षक दीपक सिंह, महिला आरक्षक विमला खलखो, प्रीति सिंह, सूर्यवती सिंह, गोमेश्वरी राज व आरक्षक कृष्णा साहू सक्रिय रहे।
शराब के नशे में हंगामा मचाने वाला लिपिक निलंबित…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : कार्यालय तहसीलदार रामानुजगंज विकासखंड रामचन्द्रपुर में सहायक ग्रेड-03, प्रवीण कुमार लकड़ा, प्रभारी लिपिक काननूगो शाखा तथा नायब नाजीर शाखा रामानुजगंज के द्वारा नशे के हालत में अपने कार्य पर उपस्थित होने एवं अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरतने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 (1) (क) के तहत् कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के द्वारा प्रवीण कुमार लकड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में प्रवीण कुमार लकड़ा का मुख्यालय कार्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय (स्थानीय) बलरामपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में प्रवीण लकड़ा को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन, 19 प्रतिष्ठानों पर 3.10 लाख रुपए का अर्थदण्ड…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सरगुजा जिले के 19 खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही करते हुए कुल रू. 3 लाख 10 हजार का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सुरक्षा अधिकारियों ने इन प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजे थे। जांच रिपोर्ट में नमूने अवमानक एवं मिथ्याछाप पाए गए। प्रकरणों को विवेचना उपरांत माननीय न्याय निर्णयन अधिकारी/अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी, अंबिकापुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सुनवाई उपरांत 19 फर्मों को जुर्माने से दंडित किया गया।
जिन प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया गया शिवम डेली नीड्स, न्यू बस स्टैण्ड, अंबिकापुर (रू.5,000), नवीन किराना स्टोर, एमजी रोड, अंबिकापुर (रू.10,000), मोनिका केरकेट्टा, ग्राम सिलसिला (रू.5,000), आनन्द किराना स्टोर, महामाया रोड, अंबिकापुर (रू.10,000), शीतल रेस्टोरेंट, लखनपुर (रू.10,000), एसबी बाजार, बनारस रोड, अंबिकापुर (रू.35,000), रामेश्वर यादव, ग्राम बैढी (रू.5,000), पंचशील स्वीट्स, देवीगंज रोड, अंबिकापुर (रू.45,000), होटल नीलकमल, पुराना बस स्टैण्ड, अंबिकापुर (रू.10,000), जायसवाल होटल, रघुनाथपुर (रू.10,000), बीकानेर नमकीन भण्डार, अंबिकापुर (रू.20,000), मा जायसवाल होटल, रघुनाथपुर (रू.10,000), मां महामाया डेयरी, केदारपुर, अंबिकापुर (रू.5,000), महामती स्वीट्स, पुराना बस स्टैण्ड, अंबिकापुर (रू.10,000), दिनेश किराना स्टोर, लुण्ड्रा (रू.10,000), जय महामाया स्वीट्स, गुदरी रोड, अंबिकापुर (रू.10,000), समीत होटल, ग्राम सोहगा, दरिमा (रू.10,000), महामाया फूड एण्ड ग्रेन्स, भिट्ठीकला (रू.25,000), आयुषी स्वीट्स, गांधी नगर, अंबिकापुर (रू.25,000)।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यूरिया वितरण में अनियमितता उजागर विजय ट्रेडिंग कम्पनी का परमिट सस्पेंड, दुकान-गोदाम सील…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर एवं गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिले में कृषि विभाग की कड़ी निगरानी जारी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार संचालक कृषि राहुल देव (आई.ए.एस.), संयुक्त संचालक कृषि सरगुजा संभाग यशवंत केराम, कलेक्टर विलास भोस्कर एवं उपसंचालक कृषि अंबिकापुर पिताम्बर सिंह दीवान के मार्गदर्शन में जिले के निजी उर्वरक विक्रय केन्द्रों से 40 बोरी से अधिक यूरिया लेने वाले कृषकों का सत्यापन किया जा रहा है।
उर्वरक निरीक्षक सोहन लाल भगत एवं अन्य निरीक्षकों द्वारा टॉप 20 खरीदारों के सत्यापन में यह स्पष्ट हुआ कि अम्बिकापुर स्थित मेसर्स विजय ट्रेडिंग कम्पनी द्वारा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 सहित उर्वरक मूवमेंट नियंत्रण आदेश 1973 के प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा है।
कृषकों के बयान एवं निरीक्षकों की अनुशंसा के आधार पर उपसंचालक कृषि एवं अधिसूचित प्राधिकारी (उर्वरक) पिताम्बर सिंह दीवान ने कम्पनी की खुदरा उर्वरक विक्रय अनुज्ञप्ति क्रमांक B/R-249 दिनांक 02 मई 2022, वैधता तिथि 31 मार्च 2027 को आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया।
लाइसेंस निलंबन के बाद कृषि विभाग की टीम ने कम्पनी के दुकान एवं गोदाम में उपलब्ध सभी उर्वरकों पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए जब्ती की कार्रवाई की। प्रोपराइटर श्री सुमित अग्रवाल की मौजूदगी में दुकान एवं गोदाम को सील कर दिया गया।
इस कार्यवाही के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी अम्ब्रोस टोप्पो, उर्वरक निरीक्षक सोहन लाल भगत, श्वेता पटेल एवं अजय बड़ा उपस्थित रहे।
जिले में शालाओं के सतत पर्यवेक्षण हेतु दिशा-निर्देश जारी…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार हेतु कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक समग्र शिक्षा विलास भोसकर द्वारा सतत शाला पर्यवेक्षण संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके अनुसार संकुल स्तर पर पर्यवेक्षण के कार्य में प्रत्येक संकुल प्रभारी एवं संकुल समन्वयक अपने संकुल अंतर्गत सभी शालाओं का माह में न्यूनतम 2 बार पर्यवेक्षण करेंगे। वहीं विकासखंड स्तर पर पर्यवेक्षण कार्य में प्रत्येक विकासखंड को 3 जोन में विभाजित किया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को क्रमशः एक-एक जोन का प्रभारी बनाया जाएगा।प्रत्येक जोन प्रभारी अधिकारी द्वारा माह में कम से कम 20 प्रतिशत शालाओं का निरीक्षण किया जाएगा, साथ ही वर्ष में प्रत्येक शाला का न्यूनतम 2 बार पर्यवेक्षण अनिवार्य होगा। जिला स्तर पर पर्यवेक्षण में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं जिला मिशन समन्वयक द्वारा प्रतिमाह न्यूनतम 50 शालाओं का रैंडम पर्यवेक्षण किया जाएगा। जारी निर्देशासनुसार डाइट प्राचार्य द्वारा प्रत्येक विकासखंड हेतु 2 प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे, जो अपने क्षेत्र के संकुलों का निरीक्षण करेंगे।डाइट प्रभारी द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक संकुल की न्यूनतम 10 प्रतिशत शालाओं का निरीक्षण प्रतिमाह किया जाए। निरीक्षण के दौरान अध्ययन-अध्यापन बाधित न करने, सभी बिंदुओं का सत्यापन कर गूगल शीट व हार्ड कॉपी में प्रविष्टि अनिवार्य करने सहित अन्य दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
बिना ऑक्सीजन बच्ची को किया रेफर रास्ते में बच्ची की मौत,, जेडी ने दो स्वास्थ्यकर्मियों को किया निलंबित…
हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : बलरामपुर जिला अस्पताल से एक बड़ी लापरवाही की खबर निकल कर सामने आई हैं जहां अस्पताल में पदस्थ दो स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा एक बहुत लापरवाही करते हुए 3 माह की बच्ची को बिना ऑक्सीजन लगाए एम्बुलेंस से अंबिकापुर रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिजनों द्वारा अस्पताल पहुंच कर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की गई जिसके बाद ड्यूटी पर तैनात 2 कर्मचारियों को जेडी (हेल्थ) डॉ. अनिल शुक्ला ने निलंबित कर दिया है।
दरअसल बलरामपुर जिले के ग्राम पिंडरा निवासी सनम अगरिया की 3 माह की बेटी संजना अगरिया को मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसे निमोनिया के लक्षण थे, जिस पर शिशु रोग विशेषज्ञ ने तत्काल ऑक्सीजन लगाने और अंबिकापुर रेफर करने के निर्देश दिए थे, इसके बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने बच्ची को उसी एम्बुलेंस से भेजा, जो पहले से ही एक अन्य मरीज को ले जा रही थी। यही नहीं संजना की ऑक्सीजन भी हटा दी गई। अंबिकापुर ले जाने के दौरान रास्ते में बच्ची की तबियत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद देर रात परिजनो ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की।
मामले की जांच बलरामपुर सीएमएचओ डॉ. बसंत सिंह ने की और जांच रिपोर्ट जेडी (हेल्थ) सरगुजा को सौंपी। जांच में दोषी पाए जाने पर स्टाफ नर्स नीता केशरी और स्वास्थ्य कर्मी सतीश अरकसेल को निलंबित कर दिया गया है।
अम्बिकापुर में नवीन जिला न्यायालय भवन निर्माण हेतु भूमि आबंटन की कार्यवाही शुरू…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : न्यायालय नायब तहसीलदार, अम्बिकापुर-2 द्वारा जारी ईश्तहार में बताया गया है कि जिला सरगुजा, अंबिकापुर के लिए नवीन जिला न्यायालय भवन निर्माण हेतु ग्राम चठिरमा, तहसील अम्बिकापुर स्थित शासकीय भूमि का चयन किया गया है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अम्बिकापुर द्वारा भेजे गए संदर्भ पत्र के अनुसार, भूमि खसरा क्रमांक 344 (2.360 हे.), 345 (1.160 हे.), एवं 346 (1.010 हे.) कुल रकबा 4.620 हेक्टेयर में से 3.906 हेक्टेयर भूमि न्यायालय भवन निर्माण के लिए आबंटित किए जाने का प्रस्ताव है।
इस संबंध में किसी भी व्यक्ति अथवा संस्था को यदि आपत्ति हो तो वे आगामी 26 सितम्बर 2025 को न्यायालय में स्वयं अथवा अपने अभिभाषक के माध्यम से दावा/आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
नायब तहसीलदार, अम्बिकापुर-2 ने जनसामान्य से अपील की है कि वे समय रहते अपनी आपत्तियां दर्ज कराएं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने संकुल समन्वयकों को पत्र जारी कर शालाओं के निरीक्षण किए जाने दिए निर्देश…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : समग्र शिक्षा अभियान के तहत संकुलों में नामांकित होने वाले संकुल प्रभारी/संकुल समन्वयक के नामांकन एवं कार्य के संबंध में राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा के निर्देशानुसार संकुल समन्वयक अपनी पदांकित शाला में न्यूनतम तीन कालखण्ड अध्यापन कार्य किया जाना था, जिसका पालन कार्यरत समन्वयकों द्वारा नहीं किए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा द्वारा सर्व संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयकों को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि सभी संकुल समन्वयक अपनी पदांकित शाला में तीन कालखण्ड अध्यापन कार्य के बाद ही संकुल के विभिन्न कार्यों एवं अकादमिक गतिविधियों में समन्वयक सुनिश्चित करेंगे। निरीक्षण के दौरान संकुल समन्वयक द्वारा अध्यापन कार्य नहीं किया जाना पाये जाने पर संबंधित पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। पत्र में संकुल प्रभारी एवं संकुल समन्वयक को कार्य हेतु जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किए जाने कहा गया है।
ACB की टीम ने पटवारी और अनुरेखक को रिश्वत लेते किया गिरफ़्तार…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर: आज एसीबी की टीम ने दो जगह पर छापेमार कार्रवाई करते हुए दो रिश्वतखोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही बलरामपुर और सूरजपुर जिले में की गई जहां बलरामपुर जिले में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया वही सूरजपुर जिले में भू–अभिलेख शाखा के एक अनूरेखक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।
जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
प्रार्थी प्रियांशु दुबे, निवासी ग्राम पंडरी, तहसील रघुनाथनगर जिला बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, अम्बिकापुर में शिकायत की गई थी कि उनके पिताजी विजय कुमार दुबे एवं बड़े पिताजी पारसनाथ दुबे के संयुक्त नाम से राजस्व रिकार्ड में ग्राम पंडरी में पैतृक भूमि दर्ज है। उक्त भूमि का आपसी सहमति से खसरा एवं नक्शा बंटवारा कर अभिलेख दुरूस्त कर ऋण पुस्तिका प्रदान करने के लिए ग्राम पंडरी के पटवारी मोहन राम से मुलाकात करने पर उनके द्वारा उक्त कार्य करने के एवज में 13,000/- रूपये रिश्वत की मांग की गई थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन पश्चात् आज दिनांक 10.09.2025 को ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से पटवारी मोहन राम को 13,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
जिला सूरजपुर में भू-राजस्व कार्यालय सूरजपुर का अनुरेखक (भू-अभिलेख) रिश्वत लेते गिरफ्तार
प्रार्थी सौरभ सिंह आडिल, निवासी ग्राम खैरागढ़, तहसील प्रतापपुर, जिला सूरजपूर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, अम्बिकापुर में शिकायत की गई थी कि ग्राम खैरागढ़ में उनके पिताजी के नाम पर संयुक्त खाते की पैतृक भूमि है, जिसका पारिवारिक बंटवारा किये जाने हेतु उक्त भूमि के पुराने चौहद्दी नक्शा की आवश्यकता होने के कारण वह भू-अभिलेख शाखा सूरजपुर में पदस्थ अनुरेखक (भू-अभिलेख) प्रमोद नारायण यादव से मुलाकात करने पर उनकी भूमि की चौहद्दी नक्शा काटने के एवज में 10,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन दौरान आरोपी अनुरेखक (भू-अभिलेख) द्वारा मोलभाव कर 8,000 रूपये रिश्वत लेने पर सहमत हुआ और 1,400 रूपये एडवांस के के रूप रूप में ले लिया। आज दिनांक 10.09.2025 को ट्रेप आयोजित कर आरोपी अनुरेखक (भू-अभिलेख) प्रमोद नारायण यादव को 6,500 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् कार्यवाही की जा रही है।
आवास निमार्ण कार्य में लापरवाही पंचायत सचिव निलंबित
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर जिला पंचायत सूरजपुर के सभाकक्ष में 06 सितंबर को आयोजित बैठक में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के प्रगति एवं पूर्णता के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। जनपद पंचायत प्रतापपुर के ग्राम पंचायत सेमराखुर्द में शासन की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-26 तक लक्ष्य 131 प्रदान किया गया है। आवास प्लस अंतर्गत कुल 22 हितग्राहियों के आवास स्वीकृति हेतु आधार सहमति पंचायत सचिव के द्वारा आज तक जमा नहीं किया गया है तथा स्वीकृत 73 आवासों की प्रगति भी संतोषजनक नहीं है। जिससे यह स्पष्ट है कि सुखदेव प्रसाद, पंचायत सचिव के द्वारा ग्राम पंचायतों में स्वीकृत आवासों एवं अन्य निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण नहीं किया जाता है और न ही आवास निर्माण कार्यों को पूर्ण कराये जाने में रूचि ली जा रही है। जिसके कारण प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में अपेक्षित प्रगति नहीं आ पा रही है। इस प्रकार पंचायत सचिव के द्वारा अपने पदीय दायित्वों/कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता बरती गई है। पंचायत सचिव का उपरोक्त कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम 3 (1)(2)(3) एवं छत्तीसगढ़ पंचायत (सचिव की शक्तियां तथा कृत्य) नियम, 1999 के नियम 3, 4, 5 एवं 6 के विपरीत कदाचरण की श्रेणी में आता है।
अतएव सुखदेव प्रसाद, पंचायत सचिव, ग्राम पंचायत सेमराखुर्द, जनपद पंचायत प्रतापपुर को उपरोक्त कृत्य के लिए, छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम 4 के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत प्रतापपुर निर्धारित किया जाता है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
आईटीआई सूरजपुर में मेहमान प्रवक्ता के रूप में कार्य करने हेतु आवेदन आमंत्रित
आवेदन के लिए अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर प्रशिक्षण सत्र 2025-26 के लिए नोडल क्षेत्र सूरजपुर अंतर्गत संचालित आईटीआई में प्रशिक्षण अधिकारी के विरूद्ध रिक्त पद हेतु एक वर्ष के लिए गणित/ड्राइंग, मैकेनिक मोटर व्हीकल, फिटर, कोपा, विद्युतकार व्यवसाय/विषय में मेहमान प्रवक्ता के रूप में कार्य करने हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये है। आवेदन कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक है। आवेदन संबंधित जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में संस्था में उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त कर सकते है।
गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा 8 वर्षीय मासूम की मौत, कई घायल…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिले के सीतापुर विकासखंड के आमाटोली में गणेश विसर्जन के दौरान रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जहां विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में अचानक एक कार घुस आई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे की अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई वहीं 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार गणेश विसर्जन के दौरान साथ में चल रही गाड़ियों में दुर्घटनाकारी गाड़ी शामिल थी लेकिन अचानक से ड्राइवर द्वारा एक्सीलेटर दब जाने से स्पीड बढ़ गई और कार भीड़ में जा घुसी। अचानक हुए इस हादसे में 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जहां एक बच्चे की अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई वही अन्य घायलों का इलाज सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा हैं कि हादसे के बाद गाड़ी का मालिक गाड़ी लेकर फरार हो गया है। खुशी के बीच अचानक हुए इस हादसे से गणेश उत्सव की खुशियां गम में बदल गई हैं।
धरती आबा शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ निराकरण…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बकिरमा में आज धरती आबा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के ग्रामीणजन उपस्थित हुए।
शिविर में भारत सरकार दिल्ली से आए कुमार सर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सरगुजा ललित शुक्ला तथा जनपद पंचायत अंबिकापुर के सीईओ सेंगर शामिल हुए। अतिथियों ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आदि कर्मयोगी साथी अभियान की जानकारी दी तथा आदिवासी समाज को मिलने वाले पेंशन, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड जैसी सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण भी किया गया। इसमें ग्राम की ममता तिर्की के आधार कार्ड में सुधार की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इसी प्रकार श्री दशरथ राम एवं दशमेत पैंकरा के पेंशन संबंधी प्रकरण और सुखों पैंकरा की राशन कार्ड संबंधी समस्या का भी समाधान किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत बकिरमा, बांकीपुर एवं कोल्डीहा के सरपंच, पंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अब क्यूआर कोड से मिलेगी मनरेगा अंतर्गत चल रहे गांव के विकास कार्यों की पूरी जानकारी…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर सरगुजा जिले में ग्रामीणों को सशक्त बनाने और योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की गई है। अब जिले की सभी ग्राम पंचायतों और गांव के प्रमुख स्थानों पर विशेष क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण अपने मोबाइल से इस क्यूआर कोड को स्कैन कर मनरेगा के तहत पिछले तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों की वास्तविक जानकारी देख सकेंगे।
क्यूआर कोड स्कैन करते ही ग्रामीणों को स्वीकृत एवं संपन्न कार्यों की सूची, प्रत्येक कार्य पर स्वीकृत राशि एवं वास्तविक खर्च का ब्योरा, प्रगतिरत कार्यों की स्थिति, जॉब कार्डधारियों की संख्या, कार्य पूर्ण करने वाले मजदूरों का विवरण, पिछले तीन वर्षों में सृजित मानव दिवस और खर्च की गई राशि जैसी विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी।
इस व्यवस्था अंतर्गत जिले के 439 ग्राम पंचायतों में मनरेगा अंतर्गत लगाए गए क्यूआर कोड से अब ग्रामीण केवल दर्शक नहीं रहेंगे, बल्कि प्रत्यक्ष निगरानी करने वाले सहभागी बनेंगे। वे आसानी से पूछ सकेंगे कि गांव के विकास कार्यों की प्रगति कैसी है और किसे इसका लाभ मिल रहा है। इससे शासन की योजनाओं पर जनता का भरोसा और मजबूत होगा।
मनरेगा शाखा द्वारा प्रत्येक पंचायत के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड तैयार कर उनकी मैपिंग का कार्य किया जा रहा है। योजना के तहत सितंबर तक जिले की सभी पंचायतों के पंचायत भवनों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर क्यूआर कोड चस्पा कर दिए जाएंगे।
इस पहल के बाद गांव का हर नागरिक अपने मोबाइल से पारदर्शी और वास्तविक जानकारी प्राप्त कर सकेगा। यह प्रणाली ग्रामीणों को योजनाओं में सीधा अधिकार और निगरानी का सशक्त माध्यम प्रदान करेगी।
अनुदान सहायता हेतु तहसीलों को जारी हुई राशि…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत अनुदान सहायता वित्तीय वर्ष 2025-26 में मांग के अनुरूप जिले के 06 तहसीलों को 04 करोड़ 73 लाख 10 हजार रुपये की राशि जारी की है। जिसमें तहसील बलरामपुर को 01 करोड़ 04 लाख रुपये, तहसील रामानुजगंज को 64 लाख रुपये, तहसील वाड्रफनगर को 01 करोड़ 12 लाख रुपये, तहसील राजपुर को 52 लाख रुपये, तहसील शंकरगढ़ को 92 लाख 60 हजार रुपये तथा तहसील कुसमी को 48 लाख 50 हजार रुपये की राशि प्रदान किया गया है। प्राकृतिक आपदा जैसे बाढ़, चक्रवात, जीव-जन्तु के काटने, मकान, फसल, अग्नि क्षति से पीड़ित हितग्राही तहसीलों से राशि प्राप्त कर सकते हैं।
सूरजपुर के नशे के सौदागर सरगुजा में कर रहे हैं नशे की तस्करी,, पुलिस प्रशासन मौन या अनभिज्ञ…??
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सूरजपुर जिले के नशे के सौदागर सरगुजा जिले में नशे के सामानों की तस्करी धड़ल्ले से कर रहे हैं। सरगुजा जिले की गांधीनगर पुलिस की इस मामले में मौन सहमति है या अनभिज्ञता इसका फैसला हम आपके विवेक पर छोड़ते हैं। बात करें अगर गांधीनगर थाने कि तो थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर सूरजपुर के नशा तस्कर धड़ल्ले से गांजा और नशे के इंजेक्शन और नशीली सिरप की तस्करी कर रहे हैं, घर/दुकान पर बैठा कर नशे का सामान बेच रहे हैं और नशा करवा रहे हैं। देर रात तक राजकीय राजमार्ग किनारे नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता हैं लेकिन गांधीनगर थाना और पेट्रोलिंग पार्टियों को इसकी जानकारी नहीं लगती है। सूत्र बताते हैं कि सूरजपुर जिले के ग्राम बोझा से यह तस्कर नशे का सामान गांजा लाकर इसे अंबिकापुर में खपा रहे हैं। वहीं सूरजपुर के भैयाथान और खोड़ क्षेत्र से नशीले इंजेक्शन और सिरप की तस्करी कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो ये तस्कर इतने बेखौफ इसलिए हैं क्योंकि इनके द्वारा थाने में सेटिंग की गई हैं और हर महीने थाने में उनका हिस्सा पहुंचा दिया जाता हैं। आपको बता दे की गांधीनगर थाने के महज 500 मीटर के रेंज पर इन तस्करों की तीन दुकान है और तीनों दुकानों में गांजे और नशीले इंजेक्शन की सप्लाई की जाती है।
थाने के पीछे अवैध शराब का कारोबार पुलिस को नहीं जानकारी
आपको बता दे की थाना क्षेत्र में केवल गांजा ही नहीं बल्कि गांधीनगर थाना क्षेत्र में थाना के पीछे अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है लेकिन गांधीनगर पुलिस को इसकी जानकारी भी नहीं है। जब इस मामले की पड़ताल की गई तो एक तस्कर से यह जानकारी निकल कर सामने आई कि आबकारी उड़नदस्ता टीम और गांधीनगर पुलिस दोनों द्वारा इन अवैध शराब विक्रेताओं से महीना बांधा गया हैं। दोनों टीमों को हर महीने इन तस्करों द्वारा 4 – 4 हजार रुपए रिश्वत दिए जाते हैं ताकि इनका कारोबार सही से चलता रहे और पुलिस और आबकारी टीम उन पर कोई कार्रवाई नहीं करे।
नशे की जद में नवयुवक
गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सुभाष नगर, डिगमा,गांधीनगर, तुर्रापनी और मुक्तिपारा आदि में नवयुवक नशे की जद में हैं। नशे के कारोबारियों की वजह से इन नवयुवकों का भविष्य अंधेरे में हैं। शाम होते होते यहां के युवक नशे में चूर हो जाते हैं और आए दिन थाने में मारपीट कर रिपोर्ट लिखवाने पहुंच जाते हैं।
नशाखोरी बीमारी नहीं बल्कि सामाजिक विकृति
नशाखोरी एक बीमारी नहीं है बल्कि एक सामाजिक विकृति है। नशाखोरी का प्रभाव केवल नशा करने वालों पर नहीं पड़ता बल्कि इसका प्रभाव परिवार और समाज पर भी पड़ता है। इस पर लगाम लगाना समाज को साफ और स्वच्छ रखने के लिए काफी जरूरी है। प्रशासन को इस ओर कड़े कदम उठाने चाहिए और नशे पर तस्करों को मौन सहमति देने वाले भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों पर भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
जिला प्रशासन को नहीं दिख रही लटोरी तहसीलदार की गलती पर माइक के सामने तहसीलदार ने खुद कबूला “हां हुई है मुझसे गलती”,, देखें वीडियो…
रजिस्ट्री और चौहद्दी निर्माण के बाद करवा लेंगे पटवारी के हस्ताक्षर : तहसीलदार सुरेंद्र पैंकरा
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : एक और जहां लटोरी तहसीलदार द्वारा अपने चहेतो को फायदा पहुंचाने के मकसद से बिना कलेक्टर परमिशन और पटवारी प्रतिवेदन के ही जमीन की रजिस्ट्री कर चौहद्दी निर्माण कर दिया गया वहीं दूसरी ओर इस मामले में उनके वरिष्ठ अधिकारियों को शायद इस मामले में उनकी कोई गलती नजर नहीं आ रही है। तो चलिए आज हम तहसीलदार साहब के ऊपर बैठी उनकी SDM मैडम का कार्य भी आसान कर देते हैं और स्वयं तहसीलदार द्वारा दिए गए बयान को साझा करते हैं। इस बयान में उन्होंने स्वयं अपनी गलती मानी है और बताया है कि हां उनसे गलती हुई है उन्होंने यह काम किया हैं। इस वीडियो में आप साफ़-साफ़ सुन सकते हैं कि तहसीलदार सुरेंद्र पैंकरा का कहना है कि उन्होंने इस जमीन रजिस्ट्री दो लोगों के कहने पर इस शर्त पर कर दी कि पटवारी से प्रतिवेदन और हस्ताक्षर इस कागज में बाद में ले लिए जाएंगे। ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या तहसीलदार सुरेंद्र पैंकरा द्वारा किया गया यह कार्य नियम विरुद्ध नहीं हैं और उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग नहीं किया। क्या ऐसा संभव हैं कि किसी जमीन की रजिस्ट्री और चौहद्दी निर्माण के बाद उस रजिस्ट्री के कागज में पटवारी प्रतिवेदन अटैच कर दिए जाए..?? तहसीलदार का कहना है कि जब उन्हें पटवारी द्वारा बताया गया कि यह जमीन सरकारी पट्टे से प्राप्त है तो उनके द्वारा नामांतरण को निरस्त कर दिया गया। तो सवाल यह हैं कि यदि उनसे भूलवश कोई कार्य हो गया था तो उन्होंने अपने उच्च अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी क्यों नहीं दी..? और उक्त जमीन की रजिस्ट्री निरस्त किए जाने के लिए उपयुक्त कदम क्यों नहीं उठाया…???
देखें तहसीलदार सुरेंद्र पैंकरा ने इस संबंध में क्या कहा :
या तो तहसीलदार सुरेंद्र पैंकरा जरूरत से ज्यादा भोले हैं या फिर मुख्यमंत्री के रिश्तेदार होने का उनको इतना घमंड है कि उन्हें किसी कार्यवाही का कोई डर ही नहीं है..? या फिर उन्हें ऐसा लगता है कि उन पर कोई आधिकारिक कार्यवाही करने का दुस्साहस कर ही नहीं सकता है..? इसीलिए शायद वे बेखौफ होकर इस तरह का कार्य कर रहे हैं और नियम विरुद्ध तरीके से लोगों को फायदा पहुंचाने का काम कर रहे हैं…???
जल संसाधन विभाग कागजों पर करते रह गया मेंटेनेंस का काम, डेम टूटने से बह गए 2 घर 8 लोग, 3 की मौत, रेस्क्यू जारी…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : जिले में कल देर रात एक दर्दनाक घटना घटी जहां तातापानी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत स्थित लुतिया डैम रात करीब 11 बजे टूट गया। बांध टूटने से दो मकान पूरी तरीके से बाढ़ में बह गए, दोनों मकान में 8 लोग सोए थे, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले में दो दिन से हो रही लगातार तेज बारिश के कारण लुतिया डेम रात 11 बजे के करीब टूट गया। बताया जा रहा है कि तेज बारिश होने के कारण पहाड़ की झरने का पानी बांध में आ रहा था और इससे बांध लबालब भर गया और जर्जर स्थिति के कारण देखते ही देखते पूरा बांध टूट गया और ऊंचाई में मकान बनाकर रह रहे दो परिवार के लोग बांध के पानी की वजह से आने वाले बाढ़ में बह गए। इस घटना के बाद घर का नामोनिशान मिट गया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पूरा परिवार सो रहा था और अचानक घटी इस घटना ने उन्हें संभालने का भी मौका नहीं दिया। सूचना के बाद रात 3 बजे के करीब कलेक्टर राजेंद्र कटारा और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और उन्होंने रेस्क्यू टीम के माध्यम से 2 लोगों की लाश को मौके से बरामद किया। इसमें 60 वर्षीय महिला बसतिया और उसकी बहू 26 वर्षीय रजंती शामिल है। तीन लोगों को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सुबह रेस्क्यू टीम द्वारा एक व्यक्ति की भी लाश बरामद की गई है। अब तक कुल 3 लोगों की लाश बरामद हो गई है। वही बताया जा रहा है कि अभी 2 लोग लापता है और उनकी तलाश एसडीआरएफ की टीम के द्वारा की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं और कहना है कि डेम में रिसाव काफी लंबे समय से हो रहा था लेकिन जल संसाधन विभाग के अधिकारी इसका मरम्मत नहीं करा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार यह डैम काफी पुराना था और इसका निर्माण करीब 50 साल पहले किया गया था। जल संसाधन विभाग द्वारा सिर्फ कागजों में ही हर साल इस डैम के मरम्मत का कार्य किया जा रहा था जबकि धरातल में इस डैम की स्थिति जर्जर हो चुकी थी और इसका मरम्मत कार्य होना काफी जरूरी था लेकिन जल संसाधन विभाग की लापरवाही और कार्यविमुखता के कारण मरम्मत कार्य नहीं हुआ और इतनी बड़ी दुर्घटना घट गई।
आश्रम में लापरवाही ने ले ली 10 वर्षीय बच्चे की जान,, जिले में एक के बाद एक घट रही घटनाएं शिक्षा विभाग पर खड़े कर रहे कई प्रश्न चिन्ह..
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर– रामानुजगंज जिले में शिक्षा विभाग की लापरवाही से स्कूलों और छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था काफी बिगड़ गई है। विगत एक माह में ऐसी कई घटनाएं घटी है जिसने शिक्षा विभाग पर कई प्रश्न चिन्ह खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां जिले में शिक्षा का स्तर काफी निम्न होता जा रहा हैं वही दूसरी ओर शिक्षा विभाग को बदनाम करने वाले कई शिक्षक जिले में विद्यमान है। जिले से शराबी शिक्षक और कुछ शिक्षकों की अज्ञानता के मामले सामने आना आम बात हैं लेकिन अब जब मामले बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे हैं तो ऐसे में इस मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता हैं। जिले के जरहाडीह बालक आश्रम में 2 दिन पूर्व एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना घटित हो गई, जहां पेड़ कटाई के दौरान 10 वर्षीय एक छात्र का टांगी की चपेट मे आकर पैर कट गया और इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
दरअसल घटना 31 अगस्त 2025 की है, जब आश्रम में खेल रहे अभय कच्छप के बाएं पैर में भृत्य करमसाय पंडो द्वारा पेड़ काटते समय टांगी चला दी गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान अभय की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने जांच में पाया कि अधीक्षक दिनेश कुमार की लापरवाही और सुरक्षा उपायों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। थाना बलरामपुर और चौकी गणेशमोड़ की पुलिस ने करमसाय पंडो और दिनेश कुमार के खिलाफ धारा 105, 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में आश्रम के भृत्य करमसाय पंडो और अधीक्षक दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर 2 सितंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया हैं। इस घटना ने आश्रम में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद अभिभावको और स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश है और वे आश्रम प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एक के बाद एक घटनाएं बच्चों की सुरक्षा पर खड़े कर रहे कई सवाल
जिले में एक के बाद एक घट रही घटनाओं ने बच्चों की सुरक्षा पर कई बड़े प्रश्न चिन्ह खड़े कर दिए हैं, जहां एक ओर विगत कुछ दिन पूर्व एक प्रधानाचार्य की पिटाई से एक बच्ची की हालत खराब हो गई और उसका पैर फैक्चर हो गया,एक दूसरी घटना में एक शिक्षिका की पिटाई से एक बच्ची के घुटने में सूजन आ गया वही आज की इस घटना में जहां एक बच्चे की मौत हो गई हैं। इन सभी घटनाओं ने जिले में बच्चों की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। लगातार घट रही है ये घटनाएं कहीं ना कहीं शिक्षा विभाग की नाकामी को साबित करते हैं, जहां शिक्षा विभाग अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर नियंत्रण रख पाने में नाकाम साबित हो रहा हैं, वही इसका खामियाजा मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।
ढोल ग्यारस पर 3 सितंबर को रहेगा मांस-मछली विक्रय पर प्रतिबंध…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिले में आगामी 3 सितंबर, बुधवार को ढोल ग्यारस पर्व के अवसर पर मांस, मछली सहित बकरा, बकरी, मुर्गा एवं मुर्गी के वध और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
स्थानीय शासन विभाग ने 19 विशिष्ट अवसरों पर पशुवध गृह बंद रखने का प्रावधान किया गया है। उसी के परिपालन में नगर निगम कमिश्नर ने निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि उक्त पर्व के दिन पशुबध एवं मांस विक्रय पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।
स्थानीय प्रशासन ने समस्त मांस एवं मछली विक्रेताओं से अपील की है कि वे आदेश का पालन करें। साथ ही चेतावनी दी है कि उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षिका ने 3 छात्राओं को डंडे से बेदम पीटा, एक के पैर में आया सूजन, डीईओ ने किया सस्पेंड…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर ब्लॉक अंतर्गत प्राइमरी स्कूल की शिक्षिका ने 3 दिन पूर्व 3 छात्राओं की डंडे से पिटाई कर दी थी। छात्राओं का कसूर इतना था कि वे आपस में बातचीत कर रही थीं। पिटाई से 5वीं कक्षा की एक छात्रा के पैर में सूजन आ गया था। यह देख हेडमास्टर ने उसे अस्पताल में इलाज कराया। मामले की शिकायत पर बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया है।
मामला 28 अगस्त का बताया जा रहा है। राजपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत लाऊ के धमधमियापारा प्राइमरी स्कूल में पढ़ाई के दौरान 5वीं कक्षा की 3 छात्राएं आपस में बात कर रही थीं। यह देख सहायक शिक्षक एलबी ज्योति तिर्की गुस्सा हो गई। उसने तीनों छात्राओं की रूल वाले डंडे से पिटाई कर दी। डंडे के प्रहार से विशेष संरक्षित जनजाति की छात्रा मुनिका कोरवा पिता कोइरा राम 11 वर्ष के घुटने में सूजन आ गया और वह दर्द से कराहते हुए रोने लगी।
छात्राओं की पिटाई के दौरान हेडमास्टर रामराज यादव मीटिंग में गए हुए थे। जब वे स्कूल लौटे तो छात्रा मुनिका रो रही थी। यह देख उन्होंने उससे पूछताछ की तो शिक्षिका द्वारा डंडे से पीटने की बात बताई। हेडमास्टर ने छात्रा के घुटने में सूजन देख उसे तत्काल राजपुर अस्पताल ले गए और इलाज के बाद उसे घर भेज दिया।
डीईओ ने शिक्षिका को किया सस्पेंड
हेडमास्टर ने मामले की जानकारी राजपुर बीईओ आदित्य पाटनवार को दी। सूचना डीईओ को भी दी गई। मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में उसका मुख्यालय बीईओ कार्यालय शंकरगढ़ निर्धारित किया गया है। इधर मारपीट से सहमी छात्रा स्कूल जाने से डर रही है। छात्रा के पिता ने भी घटना को लेकर आक्रोश जताया है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में विभिन्न पदों की वरीयता एवं चयन प्रतीक्षा सूची जारी…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में विभिन्न पदों के लिखित कौशल परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का वरीयता एवं चयन प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई। सूची का अवलोकन जिले वेबसाइट एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सूचना पटल पर अवलोकन किया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन 4 सितंबर 2025 को प्रातः 10ः00 बजे से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में किया जाएगा मूल दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेज में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर विज्ञापन में उल्लेखित कंडिका के अनुसार अथवा पद रिक्त होने पर प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर ने ली प्रबंधकारिणी समिति की बैठक…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर: जिला खनिज संस्थान न्यास नियम 2015 यथा संशोधित 2019 के अनुसार प्रबंधकारिणी समिति की बैठक आज कलेक्टर एस.जयवर्धन की अध्यक्षता में एनआईसी कक्ष में रखी गई थी। जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिला खनिज संस्थान न्यास से स्वीकृत कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई व संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए। बैठक में स्वीकृत कार्यों के प्रगति की समीक्षा भी की गई। जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत कार्यरत समस्त कार्य एजेंसी अपने कार्य की अद्यतन जानकारी व आवश्यक प्रस्तावों के साथ उक्त बैठक में वीसी के माध्यम से उपस्थित थे। जिसमें वर्ष 2024-25 के पूर्व स्वीकृत कार्य की उपयोगिता की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये, इसके साथ ही वर्ष 2024-25 के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में वनमण्डलाधिकारी पंकज कमल, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
हिंद स्वराष्ट्र की खबर का असर: सिरसी का रोजगार सहायक सेवा से बर्खास्त, अन्य पर भी हुई कार्यवाही…लेकिन सवाल यह कि छोटे-मोटे कर्मचारियों पर तो हो गई कार्रवाई पर बड़े अधिकारियों पर क्यों नहीं पड़ी जांच की आंच….??
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सिरसी में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में हुए भ्रष्टाचार की खबर हिंद स्वराष्ट्र में प्रकाशन के बाद अंततः जिला प्रशासन ने कार्यवाही की है और छोटे-मोटे कुछ कर्मचारियों पर तो कार्यवाही की गाज गिराई हैं लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि इस मामले में संलिप्त बड़े अधिकारियों पर इस जांच की आज तक क्यों नहीं पहुंची है..?? आखिर किसे बचाने की कोशिश में छोटी–मोटी कार्रवाई कर जिला प्रशासन वाहवाही लूटने में लगा हुआ है…?
पीएम आवास ग्रामीण के निर्माण एवं क्रियान्वयन में गड़बड़ी पर जिला प्रशासन की कार्यवाही
जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही करते हुए आवास का दोहरा लाभ लेने अर्थात् स्वयं एवं पत्नी के नाम से आवास स्वीकृत कराने तथा आवास की गलत टैगिंग व मनरेगा का मजदूरी राशि में गड़बड़ी के लिए सम्बन्धित रोजगार सहायक मोहम्मद नईम अहमद की सेवा समाप्त कर दी गई है और एक आवास के लिए प्राप्त राशि की वसूली कर राज्य नोडल खाते में हस्तांतरित करने के लिए सम्बन्धित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया है। सचिव आनंद सिंह की एक वेतनवृद्धि रोकते हुए अंतिम चेतावनी पत्र जारी की गई है। गड़बड़ी में लिप्त तकनीकी सहायक नवीन जायसवाल को अंतिम चेतावनी पत्र जारी करते हुए, जनपद पंचायत ओड़गी में संलग्न किया गया है। प्रकरण संज्ञान में आने पर कार्यरत आवास मित्र कुमारी अंकिता चौबे द्वारा त्यागपत्र दे दिया गया है इनके द्वारा किए गए कार्य के विरुद्ध इन्हें जारी होने वाला प्रोत्साहन राशि राजसात करने एवं भविष्य में अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने पर प्रतिकूल टीप करने की कार्यवाही संबंधी निर्देश सीईओ जनपद पंचायत को जारी किया गया है। मामले में विकासखंड समन्वयक अमित खैरवार, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा ओम तिवारी एवं सरपंच सुमित्रा अगरिया को अंतिम चेतावनी पत्र जारी की गई है।
आपको बता दे कि पीएम आवास योजना में सरकार द्वारा 1 लाख 20 हजार की राशि हितग्राही के खाते में डाली जाती है, जबकि मनरेगा मजदूरी के लिए 261 रुपए के हिसाब से 90 दिन का भुगतान 23 हजार 490 रुपए का कार्य मनरेगा के तहत कराया जाता हैं। जिसका भुगतान भी कर दिया गया था। दूसरी और रोजगार सहायक नईम अंसारी द्वारा बयान में साफ-साफ कहा गया था इसमें सभी उच्च अधिकारियों की संलिप्तता है और सभी अधिकारियों को इस बात की जानकारी है कि निर्माण हुआ है या नहीं। इसके बावजूद केवल रोजगार सहायक पर कार्यवाही होना और कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा ओम तिवारी और विकासखंड समन्वयक अमित खैरवार पर कोई कार्रवाई न होना काफी आश्चर्य का विषय है।
वंदे भारत कोच का AC सुधारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए युवक की मौत, सुरक्षा इंचार्ज पर FIR
हिंद स्वराष्ट्र बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे कोच डिपो में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक ठेका कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया था। वह वंदे भारत ट्रेन का एसी सुधारने और कोच की धुलाई करने कोच पर चढ़ा था। इसी दौरान किसी ने हाईटेंशन लाइन की सप्लाई चालू कर दी थी। इलाज के दौरान कर्मचारी की मौत हो गई है। रेलवे ने जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी बनाई है वहीं सुरक्षा इंचार्ज पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
रेलवे कोच डिपो में वंदे भारत ट्रेन के एक्सट्रा कोच का एसी ठीक करने और कोच की धुलाई कर रहा ठेका कर्मचारी प्रताप बर्मन 133केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। करंट के संपर्क में आने धमाका हुआ और वह बुरी तरह झुलस गया था। रेलवे अधिकारियों ने उसे अस्पताल भेजा जहां प्राथमिक उपचार के लिए उसे एम्स रेफर किया गया था, लेकिन परिजन ने उसे अपोलो अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जानकारी अनुसार इलाज के दौरान प्रताप बर्मन की मौत हो गई है। वह जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था।
अधिकारियों की लापरवाही से गई प्रताप की जान
हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने और बुरी तरह झुलसे प्रताप की मौत के बाद उसके साथी कर्मचारी चरणदास सहित अन्य कर्मचारियों ने रेलवे प्रबंधन और अधिकारियों पर जानलेवा लापरवाही के आरोप लगाए हैं। चरणदास का आरोप है कि प्रताप को यह कहकर चढ़ाया गया था कि लाइन में करंट बंद है। अचानक किसी ने लाइन चालू कर दी थी
काफी देर तक कोच पर तड़पता रहा युवक
प्रताप जैसे ही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मौके पर एक धमाका सा हुआ। फटाक की आवाज के साथ वह कोच पर गिरकर तड़पने लगा था। मौके पर मौजूद कोई कर्मचारी इसका वीडियो बना रहा था, पूरी घटना वीडियो में कैद हो गई है। युवक करीब 15 से 20 मिनट तक तड़पता रहा, उसके बाद उसको अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
सुरक्षा इंचार्ज की जिम्मेदारी थी, लापरवाही की गई है
साथी कर्मचारियों के मुताबिक लाइन चालू है या नहीं इसकी जानकारी मीणा अर्था सुरक्षा इंचार्ज हो होती है। उन्होंने ही प्रताप को यह कहकर उपर चढ़ाया था कि लाइन बंद है। अचानक लाइन कैसे चालू हो गई। घटना के बाद जैमर बंद करना जरूरी था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। प्रताप हिम्मत करके जैसे ही दोबारा उठा तो फिर करंट की चपेट में आकर नीचे गिर गया था। यह अधिकारियों की लापरवाही है।
साइट इंचार्ज के कहने पर बारिश में दोबारा चढ़ा
चरणदास के मुताबिक, जैमर (करंट बंद करने वाला यंत्र) बंद है या नहीं, इसकी जानकारी मीणा को होती है। मीणा के कहने पर प्रताप ट्रेन के ऊपर चढ़ा, जहां उसे 25,000 वॉट का करंट लगा। वह करीब 10-15 मिनट तक छत पर पड़ा रहा, लेकिन तब भी जैमर बंद नहीं किया गया। थोड़ी देर में प्रताप को होश आया और जैसे ही वह उठने लगा, दोबारा करंट लगने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया।
रेलवे ने जांच बैठाई, मीणा पर एफआईआर
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों में मामले में 5 सदस्यीय कमेटी बनाकर जांच शुरू कर दी है। इधर मौके पर मौजूद सुरक्षा इंचार्ज (सीनियर सेक्शन इंचार्ज) मीणा के खिलाफ साथी मजदूरों की शिकायत पर बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई हैं