Home Blog Page 13

सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन, छात्राओं को मिली नई उड़ान…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/ मनेंद्रगढ़ किशन शाह :  सेमेस मनेंद्रगढ़ स्थित शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आज सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्षा द्वारा की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष  प्रतिभा यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं मनेंद्रगढ़ विकासखंड के बीईओ अभिषेक पांडे की विशेष उपस्थिति में साइकिल वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत शासन की योजना के तहत पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया, जिससे बालिकाओं की नियमित विद्यालय उपस्थिति एवं उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ने में सहायता मिल सके।
इस अवसर पर नगर की छात्राएँ, नगर पालिका मनेंद्रगढ़ के प्रतिनिधिगण, लाभान्वित छात्राओं के अभिभावक, विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालयीन स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो अंबिकापुर द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत एक दिवसीय लोक संपर्क कार्यक्रम का किया गया आयोजन…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय अधीनस्थ केंद्रीय संचार ब्यूरो अंबिकापुर द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा अन्तर्गत एक दिवसीय समेकित लोक संपर्क का कार्यक्रम ग्राम जयनगर विकास खण्ड विश्रामपूर जिला सूरजपूर में आयोजन किया गया।

कार्यक्रम मेें प्रधान पाठक उदय राज, शिक्षक गन ममता मंडल, रंजीता शांडिल्य, वीरेंद्र सिंह, सोमा घोष, आशीष पांडे, विवेक चंद्र वंशी, नेल्सन बेग, सुमित्रा गुप्ता, नरेश साहू, अनुराधा, उर्मिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका व ग्रामवासियों बहुतायत संख्या में उपस्थित रहे।



कार्यालय प्रभारी हिमांशु सोनी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 16 जनवरी से 31 जनवरी तक स्वच्छता परववाड़ा मनाया जा रहा है । इस दौरान देश भर में विभिन्न सफाई गतिविधियां आयोजित की जा रही है। स्वच्छ भारत अभियान से लोगों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ ही पर्यावरण की भी सुरक्षा होती है। आप ने जनमानस से कहा कि एक स्वच्छ और साफ भारत का सपना तभी साकार हो सकेगा जब हर नागरिक इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा। हमें अपने घर, सड़क और आस पास के इलाकों को साफ सुथरा रखते हुए दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करना चाहिए । स्वच्छ भारत अभियान एक ऐसा कदम है जो हमें बेहतर जीवनशैली और स्वस्थ समाज की ओर ले जाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम प्रधान पाठक श्री शिव उदय राज ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के प्रारंभ से पहले गांव की विशेषकर महिला सदस्य बहुत ही दु:खद स्थिती में थी । माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी द्वारा स्वच्छ भारत अभियान प्रारंभ  किए जाने से योजना के तहत घर घर पक्के शौचालय का निर्माण हुआ परिणाम स्वरूप महिला सदस्यों के साथ ही पूरे परिवार की समस्या का समाधान हुआ।

इसी क्रम में प्रधान पाठिका ने कहा कि उक्त कार्यक्रम को जनहितकारी, कल्याणकारी व शिक्षाप्रद बताया और कहा कि अब हम पूरे गांव के लोग मिलकर आपने आसपास की सफाई के साथ ही सार्वजनिक स्थलों की साफ सफाई पर भी पूरा ध्यान देंगे। जिससे स्वच्छ भारत का उद्देश्य पूर्ण हो ।

कार्यक्रम में  स्वच्छ भारत अभियान से संबंधित पश्नमंच व रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया और साथ ही भव्य जन जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। जिनमें सभी ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया व प्रतियोगिताओं में ईनाम पाया।
इस मौके पर उपस्थित जन मानस को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और एक पेड़ मां के नाम पहल के अंतर्गत पौध वितरण किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर से आए रागिनी लोक मंच के कलाकारों द्वारा गीत नाटक दल द्वारा भी विषय पर आधारित गीतों व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों तक विषयक जानकारी पहुंचाई गई ।
कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

BREAKING : यूजीसी के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, अगले आदेश तक 2012 वाले नियम लागू…

हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट में रोक लगा दी है। इस मामले पर सुनवाई करते हुए सीजेआई सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि हमें जातिविहीन समाज की ओर बढ़ना चाहिए। इसी के साथ पीठ ने केंद्र और यूजीसी को नोटिस जारी किया है।

सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी (उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने) विनियम, 2026 को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई की। कोर्ट में इन विनियमों को सामान्य वर्गों के विरुद्ध भेदभावपूर्ण होने के आधार पर चुनौती दी गई है। ऐसे में सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों पर रोक लगी दी। अब नए आदेश तक 2012 के नियम ही लागू रहेंगे। 

केंद्र को नोटिस जारी, 19 मार्च को अगली सुनवाई
सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि नए नियम अस्पष्ट हैं। कोर्ट के कहा कि नए यूजीसी नियमों का दुरुपयोग हो सकता है। इसी के साथ सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया और यूजीसी के नए नियमों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। अब इस मामले पर अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी।

केंद्र और यूजीसी से जवाब मांगा
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ ने इन रिट याचिकाओं की सुनवाई की। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि हमें जातिविहीन समाज की ओर बढ़ना चाहिए या हम पीछे जा रह हैं। जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि क्या हम उल्टी दिशा में जा रहे। जिन्हें सुरक्षा चाहिए, उनके लिए व्यवस्था होनी चाहिए। इसी के साथ उन्होंने केंद्र और यूजीसी से जवाब मांगा है। साथ ही कहा है कि एक विशेष कमेटी भी बनाई जा सकती है। इसी के साथ नए नियमों की भाषा को स्पष्ट करने के लिए विशेषज्ञों की जरूरत पर भी जोर दिया।

याचिकाकर्ता विनीत जिंदल ने बताई अपनी दलीलें
वहीं याचिकाकर्ता विनीत जिंदल ने कहा, ‘आज, सीजेआई ने हमारी दलीलों की सराहना की। हमें कहना होगा कि यह हमारे लिए बहुत बड़ी जीत है। जैसा कि हम खास तौर पर तीन मुद्दों के बारे में बात कर रहे थे, एक है सेक्शन 3C जो जातिगत भेदभाव के बारे में बात करता है और उस खास सेक्शन में, सामान्य जाति को बाहर रखा गया है और बाकी सभी जातियों को शामिल किया गया है। तो, यह खास सेक्शन यह संदेश दे रहा है कि SC, ST और OBC के साथ सामान्य जाति द्वारा भेदभाव किया जा रहा है।’

उन्होंने आगे कहा कि यह सीजेआई के सामने हमारी दलील थी और उन्होंने हमारी दलील की सराहना की और खास तौर पर कहा कि हम जो कह रहे हैं वह सही है और अगर ऐसे सेक्शन हैं, तो यह निश्चित रूप से सामान्य जाति के लिए बहुत कठोर और भेदभावपूर्ण होगा और इसमें संशोधन किया जाना चाहिए। दूसरा हिस्सा इक्विटी कमेटी के संबंध में है जो इन नए UGC सेक्शन  के सेक्शन 18 के तहत बनाई गई है। इन खास नियमों में सामान्य समुदाय के लिए कोई खास प्रतिनिधित्व नहीं बताया गया है। CJI ने भी हमारी इस दलील को माना और सुझाव दिया कि एक खास कमेटी बनाई जानी चाहिए, जिसमें शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हों, जिन्हें इस खास विषय का ज्ञान हो और अब यह मामला 19 मार्च के लिए सूचीबद्ध है और उम्मीद है कि कुछ अच्छा होगा।

यूजीसी के नए नियमों से देशभर में आक्रोश
दरअसल, यूजीसी रेगुलेशन, 2026 को 23 जनवरी, 2026 को नोटिफाई किया गया था। जिसे लेकर पूरे देश में आक्रोश फैल गया। जिसके बाद इसे कई याचिकाकर्ताओं ने मनमाना, भेदभावपूर्ण और संविधान के साथ-साथ यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन एक्ट, 1956 का उल्लंघन बताते हुए चुनौती दी। यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन के खिलाफ याचिकाएं मृत्युंजय तिवारी, एडवोकेट विनीत जिंदल और राहुल दीवान ने दायर की हैं। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि ये नियम सामान्य वर्गों के खिलाफ भेदभाव को बढ़ावा देते हैं। 

जमीन की अफरातफरी के लिए पटवारी का बड़ा खेल, 5 बच्चों के पिता को कागजों में बताया ‘निसंतान’…

हिंद स्वराष्ट्र लटोरी (सूरजपुर):  राजस्व विभाग के कारनामों की फेहरिस्त में एक नया और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सूरजपुर जिले के लटोरी तहसील में जमीन हड़पने और बंदरबांट करने की नीयत से एक जीवित परिवार के अस्तित्व को ही कागजों से मिटा दिया गया। यहां हल्का पटवारी नंबर 11 पर आरोप है कि उन्होंने भू-माफियाओं के साथ मिलकर 5 बच्चों के पिता (स्व. सोहन) को राजस्व रिकॉर्ड में ‘निसंतान’ घोषित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

ग्राम पंचायत लटोरी के खसरा क्रमांक 200, 205 और 217 राजस्व रिकॉर्ड में स्व. कृपाराम और सोहन के नाम पर संयुक्त रूप से दर्ज थे। विवाद तब शुरू हुआ जब इन दोनों की मृत्यु के बाद वारिसों के नाम दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
कृपाराम की मृत्यु के बाद उनके सिर्फ दो पुत्रों का नाम दर्ज किया गया, जबकि उनकी तीन पुत्रियों—रजमेत, देवती और देवकुमारी—का नाम जानबूझकर छोड़ दिया गया।

दूसरी ओर सबसे हैरान करने वाली धांधली सोहन के मामले में हुई। सोहन की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी भिन्सो, पुत्र बृजलाल, गुडडू (विकास) और पुत्रियां कविता व मालती जीवित हैं। इसके बावजूद पटवारी संतोष भनिया द्वारा जारी इस्तेहार (नोटिस) में सोहन को ‘निसंतान’ दर्शाया गया है।

भू-माफियाओं और वारिसों की मिलीभगत का आरोप

शिकायत के अनुसार, कृपाराम के वारिस रामखेलावन और रमेश ने कथित तौर पर भू-माफियाओं और राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सांठगांठ कर ली है। सोहन के कानूनी वारिसों को बेदखल कर इस पूरी विवादित भूमि को औने-पौने दाम पर बेचने की तैयारी की जा रही है। पटवारी संतोष भनिया द्वारा सोहन को निसंतान बताए जाने के पीछे की मुख्य वजह यही है कि जमीन के उत्तराधिकारियों की संख्या कम कर दी जाए ताकि विक्रय प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।

जांच और सुधार की मांग

ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और वहां के जिम्मेदार नागरिकों द्वारा अब न्याय की गुहार लगाई गई है। उनकी मांग है कि:
* वर्तमान नामांतरण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
* पटवारी द्वारा किए गए फर्जी इस्तेहार की उच्च स्तरीय जांच हो।
* स्व. कृपाराम और स्व. सोहन के सभी जीवित वारिसों (बेटियों सहित) के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किए जाएं।

“राजस्व विभाग की इस लापरवाही या मिलीभगत ने एक पूरे परिवार के कानूनी अधिकारों को खतरे में डाल दिया है। देखना होगा कि जिला प्रशासन इस ‘कागजी खेल’ के दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।”

अम्बिकापुर न्यायालय को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अम्बिकापुर स्थित जिला सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए एक मेल के जरिए दी गई है। मेल मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया हैं। धमकी की सूचना मिलते ही अम्बिकापुर न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के साथ-साथ निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
सरगुजा संभाग आईजी दीपक झा ने धमकी भरे ई-मेल की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मेल की गंभीरता से जांच की जा रही है और साइबर टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है। धमकी भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच जारी है।

बारामती में विमान हादसा, डिप्टी सीएम समेत 5 की मौत…

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आज एक दर्दनाक विमान दुर्घटना में निधन हो गया। यह हादसा 28 जनवरी 2026 की सुबह 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर हुआ, जब उनका चार्टर विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अजित पवार को आज बारामती में राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होना था। सुबह 7:00 बजे विमान ने मुंबई से उड़ान भरनी थी। 7:40 बजे बारामती में इसकी शेड्यूल लैंडिंग थी लेकिन लैंडिंग के दौरान नियंत्रण बिगड़ने से विमान रनवे पर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी ‘ब्लैक बॉक्स’ बरामद करने और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम गठित की है।
“यह हमारे प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। हमने न केवल एक कुशल राजनेता बल्कि एक जनसेवक को खो दिया है।” — मुख्यमंत्री का आधिकारिक बयान
शोक की लहर
उपमुख्यमंत्री के निधन की खबर मिलते ही राज्य में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा कर दी गई है। सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं और तिरंगा आधा झुका दिया गया है। विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं ने इस घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

लांजित में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से संपन्न…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर/लांजित :  सूरजपुर जिले के विकासखंड ओढ़गी अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत लांजित में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम में भव्य रैली का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से सभी विद्यालयों में झंडा फहराया गया। रैली की शुरुआत महापुरुषों के छाया चित्रों पर पुष्पमाला अर्पित कर की गई।


कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लगभग 30 टीमों ने भाग लिया, जिन्होंने उपस्थित ग्रामवासियों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर सरपंच धरम सिंह आयम द्वारा वर्ष 2025 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में शिक्षकगण, जनप्रतिनिधिगण एवं ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने किया ध्वजारोहण…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/मनेंद्रगढ़ किशन शाह : 76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद कार्यालय में गरिमामय ढंग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर नगर पालिका के विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की मजबूती तथा नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था एवं पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।

जिले में शान से लहराया तिरंगा, राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने किया ध्वजारोहण…

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर किशन शाह : सोमवार को राष्ट्रभक्ति, गौरव और उल्लास के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आया। जिले में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं भव्य वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित आमाखेरवा ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
देशभक्ति गीतों की गूंज, तिरंगे की शान, अनुशासित परेड एवं सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्थाओं ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम और लोकतांत्रिक चेतना से ओत-प्रोत कर दिया।


सांसद ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान से समारोह स्थल देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर सांसद सिंह ने कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न टुकड़ियों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
रंगीन गुब्बारों के साथ दिया लोकतंत्र का संदेश
समारोह के दौरान रंगीन गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया, जो लोकतंत्र की मजबूती, स्वतंत्रता की उड़ान और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बने।

अवैध ईट लोड ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/मनेंद्रगढ़ किशन शाह: मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंह पेट्रोल पंप न 43 से  राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित अवस्था में तेज चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कई लोगों को ठोकर मारते हुए आगे बढ़ गया। स्थिति गंभीर होते देख स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए साईं बाबा तिराहा रोड के पास ट्रैक्टर को रोका, लेकिन मौके का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मनेंद्रगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को थाने लाकर जब्त कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में खनिज (ईट) अवैध रूप से लोड था, जिससे अब इस मामले में खनिज विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना विभागीय मिलीभगत के खनिज परिवहन संभव नहीं है।
अब देखना यह होगा कि—
फरार चालक की गिरफ्तारी कब होती है?
नशे में वाहन चलाने पर क्या सख्त कार्रवाई होती है?
अवैध खनिज परिवहन में शामिल लोगों पर खनिज विभाग क्या कदम उठाता है?
फिलहाल पुलिस जांच कर रही हैं।

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क: 10 दिन में ही उखड़ने लगी PMGSY की डामर, हाथों से निकल रही गिट्टियां…

हिंद स्वराष्ट्र मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर किशन शाह : जिले के विकास दावों की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है, जहाँ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी नई सड़क निर्माण के महज 10 दिन के भीतर ही दम तोड़ती नजर आ रही है। 11.47 लाख खर्च कर बनी 3.10 किलोमीटर की इस सड़क के निर्माण में भारी अनियमितता की गई है।

मामला क्या है?
MCB जिले के मनेंद्रगढ़ विकासखंड बौरीडांड़ से बैगापारा तक जाने वाली इस सड़क का निर्माण अर्णव बिल्डकॉन द्वारा किया गया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की भारी अनदेखी की गई है। सड़क की स्थिति इतनी जर्जर है कि लोग हाथों से ही डामर की परत को उखाड़ दे रहे हैं।
प्रमुख बिंदु:

  • घटिया निर्माण: सड़क में डामर और गिट्टी का मिश्रण इतना कमजोर है कि वह जमीन पकड़ ही नहीं पाया है।
हाथों से हो उखड़ने लगी डामर की परत
  • जनता में आक्रोश: ग्रामीणों का कहना है कि बरसों के इंतजार के बाद सड़क बनी थी, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही और विभाग की मिलीभगत ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
  • जिम्मेदारों की चुप्पी: 10 दिन के भीतर सड़क का उखड़ना सीधे तौर पर अर्णव बिल्डकॉन के कार्य और विभागीय निगरानी (Monitoring) पर बड़े सवाल खड़े करता है।

“यह सड़क हमारे चलने के लिए बनाई गई है या सिर्फ कागजों में खानापूर्ति के लिए? अगर 10 दिन में यह हाल है, तो पहली बारिश में यहाँ सड़क का नामोनिशान नहीं बचेगा।” — स्थानीय निवासी

जांच की मांग
क्षेत्र के लोगों ने अब जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस निर्माण कार्य की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार (अर्णव बिल्डकॉन) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क का पुनः गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए।

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल: रायपुर को मिला पहला पुलिस कमिश्नर, 15 IPS अधिकारियों के तबादले…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 23 जनवरी 2026 से बहुप्रतीक्षित पुलिस कमिश्नर प्रणाली आधिकारिक तौर पर प्रभावी हो गई है। इस नई व्यवस्था के तहत राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजीव शुक्ला (2004 बैच) को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) नियुक्त किया है। इससे पहले वे बिलासपुर रेंज के आईजी के पद पर कार्यरत थे।
रायपुर कमिश्नरेट की नई टीम


कमिश्नरेट प्रणाली के तहत रायपुर शहर को सुदृढ़ करने के लिए नई नियुक्तियां की गई हैं:
 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त: अमित तुकाराम कामले को रायपुर नगरीय का अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
डीसीपी नियुक्तियां: शहर को विभिन्न जोन में बांटकर डीसीपी तैनात किए गए हैं, जिनमें उमेश प्रसाद गुप्ता (सेंट्रल), संदीप पटेल (पश्चिम) और मयंक गुर्जर (उत्तर) शामिल हैं।
ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल: विकास कुमार को रायपुर नगरीय का डीसीपी (ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल) नियुक्त किया गया है।


जिलों के कप्तान और रेंज आईजी में बदलाव
इस फेरबदल में कई जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) और रेंज आईजी भी बदले गए हैं:
  बिलासपुर रेंज: रामगोपाल गर्ग को दुर्ग रेंज से हटाकर बिलासपुर रेंज का नया आईजी बनाया गया है।
दुर्ग रेंज: अभिषेक शांडिल्य अब दुर्ग रेंज के नए आईजी होंगे।
राजनांदगांव रेंज: बालाजी राव सोमावर को राजनांदगांव रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है।
  जशपुर और रायगढ़: रायपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह को जशपुर का नया एसपी बनाया गया है, जबकि शशिमोहन सिंह रायगढ़ के नए एसपी होंगे।
रायपुर ग्रामीण: श्वेता श्रीवास्तव को रायपुर ग्रामीण का एसपी नियुक्त किया गया है।
क्यों अहम है यह बदलाव?
रायपुर की बढ़ती आबादी (लगभग 19 लाख) और शहरी चुनौतियों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पुलिस कमिश्नर को अब मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकार प्राप्त होंगे, जिससे कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े फैसले त्वरित गति से लिए जा सकेंगे।

बलौदाबाजार में भीषण हादसा: स्टील प्लांट में ब्लास्ट से 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत, इलाके में हड़कंप…

हिंद स्वराष्ट्र बलौदाबाजार :  छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ बकुलाही गांव स्थित ‘रियल इस्पात एंड पावर लिमिटेड’  के स्टील प्लांट में आज सुबह एक जबरदस्त विस्फोट हुआ। इस भीषण हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
सुबह 9:30 बजे हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे हुआ। प्लांट के डस्ट सेटलिंग चैंबर (DSC) में अचानक तकनीकी खराबी आने से जोरदार विस्फोट हुआ। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि लगभग 500°C तापमान वाली गर्म राख और कोयला वहां काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया।
राख के मलबे में दबे मजदूर
हादसे के वक्त प्लांट की पांचवीं मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। विस्फोट के बाद गर्म राख और मलबे के नीचे दबने और गंभीर रूप से झुलसने के कारण 6 मजदूरों की जान चली गई। मृतकों में अधिकांश मजदूर बिहार और झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बचाव कार्य और प्रशासन की कार्रवाई
घायलों का उपचार: गंभीर रूप से झुलसे 5 मजदूरों को तत्काल बिलासपुर के CIMS (सिम्स) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रशासनिक मुस्तैदी: कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। फॉरेंसिक टीम और औद्योगिक सुरक्षा टीम घटना की बारीकी से जांच कर रही है।

मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा और सेफ्टी मानकों की अनदेखी पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया और प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस द्वारा प्लांट को सील कर दिया गया है और मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

सूरजपुर: मसनकी घाट के पास चलती यात्री बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान..

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आज एक बड़ा हादसा टल गया , जहाँ मसनकी घाट के पास एक यात्री बस कुंवर बस में अचानक आग लग गई। इस हादसे के वक्त बस में करीब 60 से 70 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि समय रहते यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


धुएं के गुबार के साथ भड़की आग
जानकारी के अनुसार, यात्री बस अपने गंतव्य की ओर जा रही थी, तभी मसनकी घाट के चढ़ते समय बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। आग लगने की संभावना को देखते हुए ड्राइवर ने बस रोक दी और यात्रियों से बस से उतरने की बात कही। आग लगने की जानकारी मिलते ही बस के भीतर हड़कंप मच गया और यात्री अपनी जान बचाने के लिए खिड़की और दरवाजों से बाहर कूदने लगे।


सभी यात्री सुरक्षित
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। राहत की बात यह है कि सभी 60-70 यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।


हादसे का कारण स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुँची। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नेताओं के स्वागत में सड़क पर खड़े रहे बच्चे, वीडियो वायरल होते ही हेड मास्टर सस्पेंड…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पूर्व माध्यमिक शाला गणेशपुर में स्कूल के नियमित समय के दौरान छात्रों से नेताओं का स्वागत कराए जाने के मामले में प्रधान पाठक राम सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जैसे ही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

जांच में उजागर हुई बड़ी लापरवाही
मामले की जांच जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) द्वारा गठित जांच समिति ने की। रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि प्रधान पाठक और अन्य संबंधित व्याख्याताओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल के नियमित समय में कांग्रेस नेता का स्वागत कराना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह शिक्षा के माहौल को भी दूषित करता है।

नारे, राजनीति और मासूम बच्चे
रिपोर्ट में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि छात्रों से ‘हसदेव बचाओ’ जैसे नारे भी लगवाए गए। शिक्षा विभाग ने इसे स्कूल परिसर और शिक्षा व्यवस्था के लिए पूरी तरह अनुचित करार दिया है।
जांच के आधार पर शासन को पत्र भेजकर अन्य व्याख्याताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

वायरल वीडियो ने खोली पोल
पूरा मामला सूरजपुर जिले का है, जहां कांग्रेस नेता विक्रांत भूरिया के स्वागत कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष शशि सिंह की मौजूदगी में स्कूली बच्चों को सड़क पर खड़ा कर स्वागत कराया गया।
स्कूल टाइम में बच्चों से नेताओं का स्वागत और नारेबाजी कराए जाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन की किरकिरी हो रही है।

स्कूल राजनीति का अखाड़ा नहीं
इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि स्कूलों में राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मासूम बच्चों को सियासी कार्यक्रमों में झोंकने वालों पर अब सस्पेंशन और कार्रवाई तय मानी जा रही है।

गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक की सड़क होगी फोरलेन, ₹61.34 करोड़ की मिली मंजूरी…

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर: शहरवासियों के लिए राहत और विकास की एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक की सड़क को अब फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के लिए शासन ने 61.34 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है।


ट्रैफिक के दबाव से मिलेगी मुक्ति
वर्तमान में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है। रेलवे स्टेशन तक जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी संकरी सड़क के कारण जाम की स्थिति का सामना करना पड़ता था। सड़क के चौड़ीकरण और फोरलेन बनने से:
* यातायात सुगम और सुरक्षित होगा।
* रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के समय की बचत होगी।
* शहर के सौंदर्यीकरण में वृद्धि होगी।

परियोजना की मुख्य बातें
* कुल बजट: ₹61.34 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण होगा।
* निर्माण कार्य: सड़क के दोनों ओर डिवाइडर, आधुनिक स्ट्रीट लाइट्स और ड्रेनेज सिस्टम का प्रावधान भी शामिल होने की संभावना है।
* विकास को गति: इस सड़क के बनने से आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।
जल्द शुरू होगा काम
मंजूरी मिलने के बाद अब विभाग द्वारा जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना अंबिकापुर को एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
“शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है। इस फोरलेन सड़क से न केवल यातायात सुधरेगा, बल्कि यह अंबिकापुर की नई पहचान बनेगा।”

चरमरी डांड में कपिल धारा रोड पर अवैध ईट भट्टे का संचालन, खनिज विभाग की आंखों तले चल रहा कारोबार…

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर किशन शाह : जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम चरमरी डांड में कपिल धारा रोड पर खुलेआम ईट भट्टे का अवैध संचालन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा कारोबार खनिज विभाग की आंखों के तले धड़ल्ले से चल रहा है।
  संबंधित संचालक द्वारा बिना किसी वैध अनुमति, लीज या पर्यावरण स्वीकृति के लगातार ईट भट्टे का संचालन किया जा रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, धूल से गांव वासियों को स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
बिना किसी रोक-टोक के बेधड़क जारी इस अवैध गतिविधि से विभाग पर भी सवालिया निशान खड़ा हो रहा है कि कहीं इस अवैध खनन और ईट भट्टे के संचालन को प्रशासनिक संरक्षण तो नहीं मिल रहा?


अब देखना यह होगा कि यदि इस अवैध कारोबार में खनिज विभाग का कोई योगदान नहीं है तो खनिज विभाग और जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब तक संज्ञान लेता है या फिर यह अवैध कारोबार यूं ही चलता रहेगा।

शिक्षा सागर फाउंडेशन राजस्थान कोटा द्वारा शिक्षिका ज्योति माला सिन्हा सम्मानित…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन शाह : मनेंद्रगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम चरमारी डांड स्थित पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती ज्योति माला सिन्हा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के लिए शिक्षा सागर फाउंडेशन, राजस्थान (कोटा) द्वारा सम्मानित किया गया।
राजस्थान के कोटा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया गया, जिसमें एमसीबी जिले का नाम रोशन करते हुए शिक्षिका ज्योति माला सिन्हा को यह गौरव प्राप्त हुआ।


सम्मान प्राप्त कर अपने गृह नगर लौटने के पश्चात मनेंद्रगढ़ ब्लॉक के विद्यालयों में खुशी की लहर देखने को मिली। इस अवसर पर मनेंद्रगढ़ के शिक्षा अधिकारी आर पी मिरी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विपिन पाण्डेय ने ज्योति माला सिन्हा को अपने कार्यालय में शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अधिकारियों ने कहा कि शिक्षिका द्वारा किए जा रहे नवाचारी शैक्षणिक प्रयास अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे विकासखंड और जिले का मान बढ़ा है।
इस सम्मान से क्षेत्र के शिक्षकों में उत्साह का माहौल है तथा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को नई प्रेरणा मिली है।

विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत की तीन दिवसीय प्रांतीय बैठक महासमुंद में संपन्न प्रहलाद निषाद बने बजरंग दल कोरिया विभाग सह संयोजक…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : विश्व हिंदू परिषद (VHP) छत्तीसगढ़ प्रांत की तीन दिवसीय प्रांतीय बैठक दिनांक 16, 17 एवं 18 जनवरी 2026 को महासमुंद में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री माननीय जितेंद्र पावर जी, प्रांत मंत्री माननीय पूर्णेंद्र सिन्हा जी सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी एवं अन्य आयामों के प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विश्व हिंदू परिषद की विचारधारा को और अधिक सशक्त करने तथा हिंदू समाज के सर्वांगीण उत्थान हेतु अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। हिंदू समाज की सुरक्षा, सेवा, संस्कार और संगठन से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर गहन विमर्श हुआ।इसी क्रम में संगठनात्मक दायित्वों के विस्तार के तहत प्रहलाद निषाद को बजरंग दल के कोरिया विभाग का सह संयोजक नियुक्त किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद हिंदू समाज के उत्थान एवं राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने हेतु जिला एवं विभागीय स्तर पर कार्यकारिणी का गठन किया गया।नवनियुक्त विभाग सह संयोजक का स्वागत एवं संकल्प उल्लेखनीय है कि प्रहलाद निषाद पूर्व में बजरंग दल के प्रखंड संयोजक, जिला सह संयोजक एवं जिला संयोजक जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। अपनी नियुक्ति पर उन्होंने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हिंदू समाज की सेवा, एकता एवं समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।उन्होंने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने, समाज में समरसता बनाए रखने तथा सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार देने का संकल्प लिया। उनके विभाग सह संयोजक बनने पर समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

शिक्षा सागर फाउंडेशन के राजस्थान क्रांतिकारी नवाचारी शिक्षक सम्मान से मनेंद्रगढ़ की शिक्षिका सम्मानित…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन शाह : जिले के चनवारी डांड स्थित पीएमश्री विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका ज्योति माला सिन्हा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के लिए शिक्षा सागर फाउंडेशन, राजस्थान द्वारा आयोजित “राजस्थान क्रांतिकारी नवाचारी शिक्षक सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर उन्हें गोल्ड मेडल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस सम्मान के माध्यम से न केवल मनेंद्रगढ़ क्षेत्र बल्कि पूरे एमसीबी जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
शिक्षिका ज्योति माला सिन्हा को यह सम्मान शैक्षणिक गुणवत्ता में सतत सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु नवाचारों के प्रभावी उपयोग तथा कक्षा शिक्षण को रुचिकर, व्यवहारिक एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। उनके द्वारा अपनाई गई नवीन शिक्षण पद्धतियों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में निरंतर वृद्धि देखने को मिली है। साथ ही बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन एवं सामाजिक मूल्यों का भी विकास हुआ है।
सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित शिक्षकों को आमंत्रित किया गया था। इस मंच पर शिक्षिका सिन्हा के कार्यों की विशेष सराहना की गई तथा उन्हें अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षक ही शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखते हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सहकर्मियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शिक्षिका ज्योति माला सिन्हा को बधाई दी है।
जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे ने भी शिक्षिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण अंचल में रहकर शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की राज्यस्तरीय पहचान बनाना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। यह सफलता न केवल शिक्षिका के व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए भी गर्व का विषय है।

error: Content is protected !!