हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर/ओडगी: सूरजपुर जिले के बिहारपुर में मंगलवार को उस वक्त भारी बवाल हो गया, जब बिहारपुर में पदस्थ तहसीलदार करमचंद जटवार पर शराब के नशे में अपनी कार से सड़क किनारे खड़ी एक एसयूवी को जोरदार टक्कर मारने और मालिक से गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा। घटना से उग्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बिहारपुर थाने के सामने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार को पहुंचा भारी नुकसान, अभद्रता का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, बिहारपुर थाने के सामने कांग्रेस नेता गोरखनाथ पाठक की एसयूवी खड़ी थी। इसी दौरान तहसीलदार करमचंद जटवार अपनी ब्रेजा कार (क्रमांक CG 16 CR 8055) से वहां पहुंचे और उनकी अनियंत्रित कार ने खड़ी एसयूवी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।
पीड़ित कांग्रेस नेता गोरखनाथ पाठक का आरोप है कि जब उन्होंने तहसीलदार से क्षतिग्रस्त वाहन की मरम्मत कराने की बात कही, तो उन्होंने बात सुनने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा, “मेरा वाहन भी बनवा दो, फिर तुम्हारा भी बनवा देंगे।” आरोप है कि इस दौरान अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज भी की।
मेडिकल जांच और एफआईआर की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने थाने के ठीक सामने चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि तहसीलदार का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया जाए ताकि शराब सेवन की पुष्टि हो सके, तथा उनके खिलाफ लिखित आवेदन के आधार पर आपराधिक मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस के आश्वासन पर खुला जाम
थाने के सामने चक्काजाम होने से इलाके में आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। सूचना मिलते ही चांदनी थाना प्रभारी रामप्रताप साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाया। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच और उचित वैधानिक कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद ही ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
पीड़ित गोरखनाथ पाठक ने बिहारपुर थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराकर नुकसान की भरपाई और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

