हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर/ओढ़गी मुकेश गुप्ता : जिले के ओढ़गी विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सौहार से ग्राम पंचायत गंगोत्री के बीच महान नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण हड़ताल पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों का कहना हैं कि पुल निर्माण कार्य को रोकना आदिवासी समाज एवं ग्रामीणों के विकास पर सीधा हमला है। इसी अन्याय के खिलाफ ग्राम गंगोत्री में चल रहा यह अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आज पंद्रह दिन भी जारी रहा।
धरना स्थल पर भारत आदिवासी पार्टी जिला अध्यक्ष युगेश सिंह सोनपाकर एवं चन्द्रसेन सिंह द्वारा आंदोलन का अपना समर्थन दिया गया और कहा कि आदिवासी समाज को बार-बार ठगा नहीं जा सकता। यदि शासन-प्रशासन ने तुरंत सेतु निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया, तो यह आंदोलन जिला नहीं, पूरा प्रदेश हिला देगा। इसके परिणामों की जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी दल या व्यक्ति की नहीं, बल्कि आदिवासी अस्तित्व, सम्मान और अधिकार की निर्णायक जंग है। धरना स्थल पर उमड़ी भारी भीड़ ने यह संदेश साफ कर दिया कि अब आदिवासी समाज समझौते के मूड में नहीं है।
ग्राम पंचायत सौहार मयुरधक्की, लांजित एवं कुप्पा ओड़गी जिला सूरजपुर के ग्रामीणों ने ऐलान किया कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन नहीं रुकेगा।

