हिंद स्वराष्ट्र जनकपुर गणेश तिवारी : एमसीबी जिला के विकासखंड भरतपुर मुख्य मार्ग मनावर और भूमका मार्ग पर तेज बारिश और आंधी के कारण सड़क पर गिरी पेड़ से टकरा जाने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई हैं वही एक अन्य बाइक सवार युवक घायल हो गया हैं। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक अरुण भर्तियां पिता स्वर्गीय रामेश्वर भर्तियां की मौके पर ही मौत हो गई वही एक अन्य घायल हो गया हैं जिसे उप स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती करवाया गया हैं।
छत्तीसगढ़ में चुनाव से पहले कांग्रेस ने खेला बड़ा दांव, टीएस सिंहदेव को बनाया उप मुख्यमंत्री…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक अधिसूचना जारी कर टी एस सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आदेश के बाद छत्तीसगढ़ में टीएस सिंह देव को डेप्युटी सीएम नियुक्त किया गया है। आलाकमान की तरफ से आदेश जारी होने के बाद संभावना है कि टीएस सिंहदेव जल्द ही उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। वहीं, कांग्रेस के इस दांव से छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल बढ़ गई है। चुनाव से पहले यह कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है।
सैनिक स्कूल अम्बिकापुर में 6वी कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर सैनिक स्कूल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार छात्र 6 वीं कक्षा में पढ़ता था और एक हफ्ते पूर्व ही उसने सैनिक स्कूल में दाखिला लिया था। मृतक छात्र बिलासपुर का रहने वाला था जिसका नाम ऋषभ धारिया बताया जा रहा हैं।
छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्र के मौत का कारण पता चल पाएगा।
पुलिस थाने में गिरी गाज 3 पुलिसकर्मी घायल…
हिंद स्वराष्ट्र जनकपुर गणेश तिवारी : एमसीबी जिला के जनकपुर थाने में आज दोपहर 12:00 से 1:00 के बीच में आकाशीय बिजली गिरने से थाने में अफरातफरी मच गई। जिससे थाने में मौजूद 3 पुलिसकर्मी गाज की चपेट में आ गए और घायल हो गए। जिन्हे जनकपुर उप स्वास्थ्य केंद्र लाया गया वहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा हैं। बताया जा रहा हैं की घायलों में एक महिला आरक्षक, 1 आरक्षक और एक प्रधान आरक्षक शामिल हैं।
बारिश की वजह से आज थाने में भीड़ कम थी जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन को थाने और स्वास्थ्य केंद्रों में तड़ित चालक लगवाने की आवश्यकता हैं लेकिन ऐसी कोई व्यवस्था प्रशासन द्वारा नही की गई हैं। जिससे वहां लोगों की भीड़ आए दिन बनी रहती है और लोगों की सुरक्षा हो सके यहां तो जब शासकीय स्कूलों में देखा गया है कि कोई भी तड़ित चालक का उपयोग नहीं किया गया है नहीं तो वहां लगाया गया है आजकल जैसे भारी बारिश में यहां गाज मारने का खतरा बना रहता है जिससे लोग यहां सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 2 लोगो की दर्दनाक मौत, 1 घायल…
हिंद स्वराष्ट्र भरतपुर गणेश तिवारी : एमसीबी जिला के विकासखंड भरतपुर के ग्राम पंचायत भरतपुर में आज आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई वही एक घायल बताया जा रहा है। घायल युवक का इलाज उप स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार अभी उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। आकाशीय बिजली की चपेट में आकर दो लोगो की मौत से इलाके में मातम पसर गया हैं। मृतकों में एक का नाम जयपाल बनवास और दूसरे का नाम गणेश मौर्य बताया जा रहा है।



केंद्रीय जेल अम्बिकापुर में महिला कैदियों के अश्लील वीडियोग्राफी मामले में राज्य महिला आयोग ने गठित की जांच टीम…7 दिवस के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने निर्देश…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने केंद्रीय जेल अंबिकापुर में महिला कैदियों के अश्लील वीडियो ग्राफी और कमीशनखोरी किए जाने की घटना की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है। इस टीम को सात दिनों के भीतर घटना स्थल केंद्रीय जेल अंबिकापुर पर जाकर जांच कर प्रकरण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की घटना स्थल पर पहुंचकर जांच करने के लिए आयोग की दो सदस्यों का टीम गठन किया है। इस टीम में महिला आयोग की सदस्य नीता विश्वकर्मा और अर्चना उपाध्याय के साथ ही साथ पुलिस अधीक्षक सरगुजा शामिल हैं। जिन्हे सात दिवस के अंदर जांच करके रिपोर्ट आयोग को प्रेषित करने कहा गया है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद 214 शिक्षकों का तबादला आदेश निरस्त कर मिली नई पदस्थापना… देखे आदेश..
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ के 214 शिक्षकों का तबादला आदेश निरस्त कर शिक्षा विभाग ने नया आदेश जारी किया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह आदेश जारी किया गया है, जिसमें शिक्षकों का तबादला आदेश निरस्त कर नई पदस्थापना की गई है। देखें आदेश…













डोरी बिनने जंगल गई महिला पर भालू ने किया हमला, हालत गंभीर…
हिंद स्वराष्ट्र भरतपुर गणेश तिवारी : एमसीबी जिला के भरतपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बेलगांव में भालू ने एक महिला के ऊपर हमला कर दिया हैं जिससे महिला काफी रूप से घायल हो गई हैं। घायल महिला का नाम बेला कली बैगा बताया जा रहा है, महिला आज सुबह डोरी बिनने जंगल गई हुई थी उसी दौरान भालू ने उस पर हमला कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही जनपद अध्यक्ष राजकुमारी बैगा महिला के घर पहुंची और घायल महिला को उप स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर ले जाया गया जहां डॉक्टरों द्वारा महिला का इलाज किया जा रहा हैं। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही हैं।
रोड निर्माण कार्य में हो रही अनियमितता, मुंशी की दादागिरी कहा– हमारा कौन क्या कर लेगा हमारा काम इसी तरह होता है और इसी तरह रहेगा…..
हिंद स्वराष्ट्र जनकपुर गणेश तिवारी : एमसीबी जिला के भरतपुर ब्लॉक के ग्राम कुदरा में रोड निर्माण का कार्य चल रहा है वह पीडब्ल्यूडी ठेकेदार अशोक जायसवाल द्वारा कराया जा रहा है और इसने बहुत सी अनियमितताएं देखने को मिली है। जिससे ऐसा लगता है कि जितने यहां के अधिकारी है सभी कमीशन खोरी में चल रहे हैं अतः ग्राम वासियों ने इसकी शिकायत गुलाब कमरों से भी की लेकिन इन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। एसडीओ साहब से भी इनकी शिकायत की गई लेकिन उन्होंने भी कोई ध्यान नहीं दिया और जगह-जगह यहां दरारें पड़ गई है। जैसे कि रोड में देखा जाए तो कई जगह दरारें आ गई हैं और अभी बारिश की शुरुआत है तब रोड की यह हालत है कि आने वाले भीषण बरसात में यह नहीं टिक पाएगा। यहां के नागरिकों का कहना है कि जितने भी कार्य हुए हैं सब डुप्लीकेट कार्य हुए हैं और जो नालियां बनी हुई है वह नालियां भी सही तरीके से इसमें मटेरियल नहीं डाला गया है अतः सीमेंट इस तरह मिलाया गया है जैसे कि इनके पास कोई मटेरियल ही ना हो और इनके मुंशी से पूछा जाता है तो यह अनाप-शनाप बात करते हैं और कहते हैं हमारा कौन क्या कर लेगा हमारा काम इसी तरह होता है और इसी तरह रहेगा….. यहां के लोगों का कहना है कि जितने अधिकारी हैं यह सब कमीशन खोरी में चल रहे हैं और यही हाल रहा तो 1 दिन भरतपुर ब्लॉक में कोई भी कार्य सही तरीके से नहीं होगा।
मनरेगा निर्माण कार्य में लापरवाही हेतु कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नूतन कुमार कंवर द्वारा शुक्रवार को जनपद पंचायत लखनपुर की ग्राम पंचायत बंधा, लब्जी, लोसंगा और कंटिदा में महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत चल रहे कार्यो का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बंधा एवं कंटिदा में अमृत सरोवर निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्यरत मजदूरों से चर्चा कर गोदी का माप, कार्य का समय के बारे में चर्चा की उनके समक्ष गोदी की माप जोख कराई गई। ग्राम पंचायत कंटिदा में कार्य सही ढंग से नहीं पाए जाने पर कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक और रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। ग्राम पंचायत लब्जी में तकनीकी सहायक अनुपस्थित पाया गया जिसके लिए संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण में अमृत सरोवर को मानक अनुसार बनाने के निर्देश दिए गए जिसमें इनलेट, आउटलेट, ड्रेसिंग कार्य तथा उपयुक्त गहराई अनिवार्य रूप से करने के निर्देश कार्यक्रम अधिकारी एवं तकनीकी सहायक एवं रोजगार सहायक को दिए गए। निरीक्षण के दौरान उप संचालक पंचायत एवं मनरेगा टीम उपस्थित थी।
नशीली इंजेक्शन के साथ एक युवक गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : पुलिस महानिरीक्षक महोदय, राम गोपाल गर्ग सरगुजा रेंज सरगुजा एवं नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक एम.सी.बी सिद्वार्थ तिवारी द्वारा अवैघ नशीली पदार्थो के विरूद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया जा रहा था। उसी तारतम्य में 23.06.2023 को थाना मनेन्द्रगढ में मुखबीर सूचना मिली कि मौहारपारा वार्ड नंबर 04 का एक व्यक्ति अपने घर पर नशीला इंजेक्शन बिक्री करने के आशय से छिपा कर रखा है। तत्काल उक्त सूचना से पुलिस अधीक्षक एम.सी.बी सिद्धार्थ तिवारी को अवगत कराया गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमेश बरैया,पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मनेन्द्रगढ राकेश कुमार कुर्रे के निर्देशन पर थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ के पुलिस स्टाफ के द्वारा आरोपी के निवास स्थान पर विधिवत रेड कार्यवाही किया गया। रेड कार्यवाही दौरान सलमान खान पिता सलाउद्दीन उम्र 26 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 04 मौहारपारा थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ के कब्जे से एविल वायल
इंजेक्शन 10 ML – 20 नग, 2. रेक्सोजैसिक इंजेक्शन 2 ML- 10 नग, बरामद किया गया है।

इंजेक्शनो / दवाईयां के संबंध में जानकारी प्राप्त करने हेतु औषधि निरीक्षक आलोक मिंज को मौके पर तलब किया गया.बरामद इन्जेक्शनो / दवाईयां को पेश कर रिर्पोट प्राप्त किया गया जो रिपोर्ट में उपरोक्त इंजेक्शनों के संबंध में स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 की धारा 22 (सी) के तहत वाणिज्यक मात्रा से संबंधित होना बताये है।
आरोपी से जप्त इंजेक्शन / नशीली दवाईयां का पंचनामा तैयार कर मुताबिक जप्ती पत्रक जप्त कर कब्जा पुलिस लिया गया आरोपीगण के विरूद्ध कृत्य धारा 22 (सी) एनडीपीएस एक्ट का घटना घटित करना सबूत पाये जाने से 23.06.2023 को गिरफ्तार कर न्यायालय न्यायिक
रिमाण्ड पर भेजा गया है।
सम्पूर्ण कार्यवाही में सउनि राकेश शर्मा थाना प्रभारी मनेन्द्रगढ़, स.उ.नि विपिन मिंज आरक्षक पुष्कल सिन्हा, प्रिंस राय, अरविन्द मिश्रा, मो0 हाफिज कुरैसी, शम्भू नाथ यादव, राकेश शर्मा, दीपक तिवारी, राजकुमार सेन एवं महिला आरक्षक इशिता श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
होटल और ढाबों में खुलेआम बेची जा रही मध्य प्रदेश की शराब,, क्या कुछ होटल संचालक को जनप्रतिनिधि का संरक्षण?
हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़ किशन देव शाह : शहर सहित ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब के धंधे फल फूल रहे है। पुलिस अधिकारियों की मौन स्वीकृति के चलते विदेशी शराब की अवैध बिक्री बेरोकटोक जारी है। खास बात तो ये है कि होटलों और ढाबों पर विदेशी शराब पीने वालों के लिए वीआईपी व्यवस्था है। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही का आलम ये है कि मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला से चार पहिये वाहन और दो पहिया वाहन से शराब की पेटियों का मनेंद्रगढ़ में खुलेआम परिवहन कर रहे है। नियमों को ताक पर रखकर अनूपपुर जिला के शराब दुकान का ठेकेदार और होटल संचालक चांदी काट रहे है। वहीं युवा शराब की लत में उलझते जा रहे है।और दिन पर दिन शहर का माहौल खराब होते जा रहा है। शहर सहित आसपास में लगभग 14 से 15 होटल और ढाबे है जिनमे से लगभग 10 से अधिक होटलों में विदेशी शराब बेची जा रही है।
होटल और ढाबों में पीने वालों के लिए है वीआईपी व्यवस्था
शहर के कुछ होटल में पीने वालों के लिए विशेष व्यवस्था है। शाम होते ही होटलों और ढाबों में युवाओं की टोलियां पहुंच जाती है। यहां पर युवाओं को विदेशी शराब सहित मनपसंद ब्रांड की शराब आसानी से मिल रही है। होटल संचालक और ढाबा मालिक युवाओं को शराब परोस कर मोटी कमाई कर रहे हैं। ये पूरा धंधा कुछ माह से तेजी पकड़ा हुआ है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन धारण किए है। पुलिस अधिकारियों की मौन स्वीकृति के चलते क्षेत्र में शराब का अवैध व्यापार फल फूल रहा है। कई बार अधिकारी दिखावे के लिए कुछ कार्रवाई कर देते है। लेकिन अवैध धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ अधिकारी सख्त कार्रवाई करने से हमेशा बचते रहे है। तो वही होटलों और ढाबों पर देर रात तक शराब और कबाब परोसने का धंधा चलता रहता है। जिस पर अधिकारी नरमी बरत रहे है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। शहर में मध्य प्रदेश की शराब इतनी आसानी से उपलब्ध हो रही है कि युवा वर्ग के साथ ही अन्य लोग भी शराब के आदी होने लगे है। इससे समाज में कई परिवार बर्बाद हो रहे है।
महिलाओं को होती है परेशानी
यहाँ कई लोगों द्वारा घरों और दुकानों से अवैध शराब बिकने का कार्य कर रहे है। शराब के आदि हो चुके लोग सुबह से शाम तक चक्कर लगाते रहते है। ऐसे में क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं सहित आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन शराब माफिया के डर से कोई कुछ नहीं कहता है। इसलिए अवैध धंधे चरम पर पहुंच गए है। वही अगर बीट की बात करे तो यहाँ बीट अधिकारियों की लापरवाही से अवैध धंधों पर कोई रोक नहीं लग पा रही हैं। वर्तमान में भी हालत जस की तस बनी हुई है। शराब के आदि हो चुके कई युवा अपराधों में भी लिप्त हो रहे है। इससे नगर की सामाजिक व्यवस्था बिगड़ रही है।
चारपहिया और दो पहिया वाहनों से होता है अवैध शराब परिवहन
पुलिस विभाग की लापरवाही के चलते मध्य प्रदेश की विदेशी शराब का अवैध परिवहन जोरों पर किया जा रहा है। ठेकेदारों के मैनेजर और मनेंद्रगढ़ के शराब माफिया द्वारा जिम्मेदारों के साथ मिलीभगत करके शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में किराना दुकानों होटलों ढाबों पर विदेशी शराब की सप्लाई की जाती है। लेकिन पुलिस विभाग के लापरवाह अधिकारियों को ये वाहन दिखाई नहीं देते। ऐसा नहीं है कि शराब का अवैध परिवहन किसी से छुपा है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते अवैध व्यापारियों को मौन स्वीकृति मिल चुकी है।
होटल मालिक को छोड़ पुलिस होटल के नौकर पर करती है कार्यवाही
मनेंद्रगढ़ के भगत सिंह तिराहे,राजस्थान भवन के पास,जेकेडी रोड,टाकीज के पास,नदीपार नेशनल हाइवे के किनारे संचालित होटलों में पूर्व में जब भी पुलिस द्वारा शराब बेचने और पिलाने को लेकर अधिकांश कार्यवाही में देखा गया है कि होटल संचालक को छोड़ नौकर पर आबकारी एक्ट की करवाई किया गया। जिस कारण भी अवैध शराब बेचने वालो के हौसले बुलंद है। शहर में कई ऐसे अवैध शराब बेचने वाले है जो फोन पर आर्डर के कर घर तक मध्य प्रदेश की शराब पहुंचाने का कार्य कर रहे है।
BIG BREAKING: छत्तीसगढ़ के सभी 145 कर्मचारी- अधिकारी संगठनों ने एक साथ हड़ताल पर जाने का किया ऐलान…
रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले सरकार की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं जहां छत्तीसगढ़ के सभी 145 कर्मचारी- अधिकारी संगठनों ने एक साथ हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। हड़ताल की तारीख तय करने के साथ ही उन्होंने सरकार को नोटिस भी थमा दिया है। इस हड़ताल में राज्य के सरकारी अधिकारियों- कर्मचारियों के सभी संगठन शामिल हो रहे हैं। इनमें द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के सभी कर्मचारी और अधिकारी शामिल है। इससे सरकार का पूरा कामकाज ठप होने की आशंका है। कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन की जो कार्यक्रम जारी किया है उसके अनुसार सभी संगठन सात जुलाई को एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। कर्मचारी संगठन सात जुलाई को सामूहिक अवकाश लेकर जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर धरना प्रदर्शन और रैली का आयोजन करेंगे। कर्मचारी संगठनों इसकी सूचना सरकार को दे दी है। आंदोलन को लेकर कर्मचारी संगठनों की तरफ से सरकार को जो नोटिस दिया गया है, उसमें स्पष्ट चेतावनी भी है कि यदि सात जुलाई के आंदोलन के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुई तो सभी संगठन एक अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। छत्तीसगढ़ कर्मचारी- अधिकारी फेडरेशन के अनुसार कर्मचारी संगठन अपने हक के लिए सरकार से लगातार शांतिपूर्ण तरीके से मांग कर रहे हैं। अफसरों से लेकर मंत्रियों तक को अलग-अलग स्तर पर ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन शासन- प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है और न ही मांगों के संबंध में सरकार की तरफ से कोई पहल होती दिख रही है। ऐसे में इन्हे विवश होकर हड़ताल पर जाने का फैसला करना पड़ा है।
कर्मचारी संगठनों ने इन पांच मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया हैं
– छठवें वेतनमान के आधार देय गृह भाड़ा भत्ते को सातवें वेतनमान के आधार पर केंद्रीय दर पर पुनरीक्षित किया जाए।
– राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता स्वीकृत किया जाए।
– प्रदेश के कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर गठित पिंगुआ कमेटी एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में वेतन के लिए गठित समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक किया जाए।
– कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र के क्रियान्वयन के लिए राज्य के सभी कर्मचारियों को चार स्तरीय वेतनमान क्रमश: आठ, 16, 24 और 30 वर्ष की सेवा अवधि के बाद किया जाए साथ ही अनियमित, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को नियमित किया जाए।
– पुरानी पेंशन का लाभ दिलाने के लिए प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना की जाए और पूर्ण पेंशन का लाभ अर्हतादायी सेवा 33 वर्ष के स्थान पर 25 वर्ष किया जाए।
अमृतधारा में पर्यटन को बढ़ावा देने एडवेंचर स्पोर्ट्स की होगी व्यवस्था : कलेक्टर
हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर किशन देव शाह : कलेक्टर नरेन्द्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अमृतधारा वॉटरफाल में पर्यटन के विकास के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर दुग्गा ने कहा कि अमृतधारा में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए पार्किंग और अन्य जगहों पर पेमेंट स्कैनर लगायें। समूह की दीदियाँ खाते के माध्यम से लेनदेन करना सुनिश्चित करें। ज़िले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटकों के लिए सुविधाएँ बढ़ानी होंगी। इसके लिए हम सबको मिलकर लगातार प्रयास करना पड़ेगा। हमें अमृतधारा क्षेत्र में साफ़-सफ़ाई के साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स की व्यवस्था करने की आवश्यकता है। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री नवा जतन के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम प्रारंभ होने वाला है। स्कूल प्रारंभ होने से पहले अप्रारंभ कार्यों को तत्काल प्रारंभ करें एवं अपूर्ण कार्य को तेजी से पूर्ण करें। गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान दें। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर दुग्गा ने कहा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती की कार्यवाही शीघ्र करें। सभी सुपरवाइज़र अपने मुख्यालय में निवास करें। गृह भेंट के माध्यम से कम उपस्थिति वाले बच्चों के पालक से मिलें और बच्चे को लगातार आँगनबाड़ी भेजने प्रोत्साहित करें। आंगनबाड़ी परिसर में साफ़ सफ़ाई पर ध्यान दें और कक्ष में सुव्यवस्थित लेख के साथ रंगाई पुताई पर विशेष ध्यान दें। आंगनबाड़ी भवनों के मरम्मत की स्थिति और जर्जर भवनों को डिस्मेंटल करने की कार्यवाही से अवगत करायें। जल जीवन मिशन के द्वारा आंगनबाड़ी भवनों में किए गये रनिंग वाटर में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल सूचित करें।
आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 3 की मौत, 3 की हालत गंभीर…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में एक 12 साल की नाबालिग, एक युवती और एक महिला शामिल है। घटना बलरामपुर–रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी अनुसार गाज 2 अलग अलग स्थानों पर गिरी। पहली घटना रघुनाथपुर थाना इलाके के हरिगवां गाँव की है। यहां की 5 महिलाएं अलग अलग पेंड के नीचे महुआ बीन रही थी इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश शुरु हो गयी। बारिश से बचने के लिए सभी पेंड के नीचे खड़ी तभी वहां आकाशीय बिजली कहर बनकर उनके उपर आ गिरी। गाज की चपेट में आते ही सभी पाँचो बेहोश हो गए ।गांव वालों ने जब उन्हें बेहोश पड़ा देखा तो उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने एक महिला और एक युवती को मृत घोषित कर दिया जबकि 3 की हालत गंभीर बताई जा रहीं है। वही दूसरी घटना वाड्रफ नगर के कुंडी गांव की हैं जहां गाज की चपेट में आकर 12 वर्षीय नाबालिक की मौत हो गई हैं।
न जिला न मंडल को मालूम प्रभारी ने करा दिया ज्वाइनिंग, मचा बवाल…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : पिछले दिनों उदयपुर में एक भाजपा नेता के निवास पर बीजेपी जिला प्रभारी ने बिना जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष की जानकारी के कुछ लोगों को भाजपा प्रवेश करा दिया तब से बीजेपी जिला संगठन में बवाल मचा हुआ है। हुआ यूं कि पिछले शनिवार को उदयपुर में आयोजित बीजेपी के लाभार्थी सम्मेलन में अतिथि के रूप पहुंचे बीजेपी जिला संगठन प्रभारी ज्योतिनंद दुबे किसान मोर्चा के प्रदेश के पदाधिकारी गोपाल सिन्हा के बुलावे पर उदयपुर स्थित उनके घर पहुंचे, जहाँ कुछ लोगों को बीजेपी में जिला प्रभारी ने माला पहनाकर ज्वाइनिंग कराया। बात केवल ज्वाइनिंग की होती तो कोई बात नहीं थी पर इस मौके पर बीजेपी जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह तथा बीजेपी उदयपुर मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह की गैरमौजूदगी से सवाल उठ रहे हैं। बीजेपी संगठन में लोग आपस में बात कर रहे हैं कि जिला व मंडल दोनों को बिना जानकारी दिए जिला प्रभारी द्वारा कुछ लोगों को सीधे ज्वाइनिंग कराने के पीछे आख़िर उनकी मंशा क्या है? गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के पीए रहे गोपाल सिन्हा अपने आप को अंबिकापुर विधानसभा में दावेदार के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं, ऐसे में जिला संगठन प्रभारी द्वारा बिना जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष को जानकारी दिए सीधे उनके व्यक्तिगत कार्यक्रम में जाकर कुछ लोगों को बीजेपी ज्वाइनिंग कराने के पीछे कहीं गोपाल सिन्हा को प्रमोट करने की योजना तो नहीं? संगठन के गलियारों में जोरों से चर्चा है कि जब उदयपुर में लाभार्थी सम्मेलन का बड़ा कार्यक्रम आयोजित था तो ज्वाइनिंग उसी कार्यक्रम के मंच पर क्यों नहीं किया जबकि वहां हजारों की भीड़ एकत्रित थी। बहरहाल, बीजेपी जिला प्रभारी इस पर अभी मौन हैं तथा बीजेपी जिला संगठन ने भी इसकी शिकायत प्रदेश से नहीं की है, अब देखना है भाजपा प्रदेश संगठन इसे किस रूप में लेता है।
अपात्र नियमित कर्मचारियों को नियम विरुद्ध जाकर नियमित करने के मामले में सहायक आयुक्त निलंबित…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : आदिवासी विकास विभाग में अपात्र नियमित कर्मचारियों को नियम विरुद्ध जाकर नियमित करने के मामले में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग अविनाश श्रीवास को निलंबित किया गया है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने सहायक आयुक्त के निलंबन के आदेश जारी किए हैं। ज्ञातव्य है कि 5 साल पहले बिलासपुर जिले में भी 40 कर्मचारियों की भर्ती व पदोन्नति में गड़बड़ियों के चलते अविनाश श्रीवास्तव निलंबित किया गया था।
हाथियों के हमले में ग्रामीण की मौत, वन विभाग ने दिए सतर्कता बरतने के निर्देश…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर-राजपुर रोड पर स्थित शहर से लगे ग्राम परसा में बुधवार की अलसुबह 3 हाथियों के दल ने एक ग्रामीण युवक को कुचलकर मार डाला। दरअसल युवक अपने खेत में सब्जियां तोडऩे जा रहा था, इसी दौरान उसका हाथियों से सामना हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। वन विभाग द्वारा तात्कालिक सहायता राशि के रूप में मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए प्रदान किए हैं। हाथियों के गांव के आस-पास विचरण करने से जहां ग्रामीणों में दहशत है, वहीं वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्कता बरतने को कहा गया है। इधर हाथियों ने ग्राम परसा में 2 घर भी ढहा दिए हैं। शहर से लगे ग्राम परसा निवासी देवनारायण पैंकरा पिता गोंदल 40 वर्ष बुधवार की अलसुबह करीब 4 बजे घर से 2-3 किमी दूर बेजानकोना स्थित खेत में भिंडी तोडऩे जा रहा था। इसी दौरान अंधेरे में उसे कुछ दिखाई नहीं दिया और वह हाथियों के सामने पहुंच गया और हाथियों ने उसकी जान ले ली। कुछ देर बाद जब ग्राम पंचायत परसा का सरपंच गांझा उस ओर से गुजरा तो उसकी नजर देवनारायण के क्षत-विक्षत शव पर पड़ी। वह शव की दशा देख समझ गया कि इसे हाथियों ने मार डाला है। इसकी सूचना उसने तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग व कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा पश्चात शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया।
हाथियों से दूर रहने की समझाइश
वन विभाग के अधिकारियों ने परसा, भकुरा सहित आस-पास के क्षेत्र के ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि ग्रामीण हाथियों के पीछे-पीछे न दौंड़ें और न ही उन्हें छेड़ें। घर से बाहर निकलते समय पूरी सावधानी बरतें।
छत्तीसगढ़ में मानसून के लिए और इंतजार: 26 जून तक बस्तर की जगह सरगुजा से हो सकती है एंट्री, 23 जून से तापमान में आएगी गिरावट…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ में तपती गर्मी से राहत और खेती-किसानी के लिए मानसून का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है लेकिन अब ये इंतजार थोड़ा और बढ़ता दिखाई दे रहा है। मौसम विशेषज्ञों की माने तो 26 जून तक इसके प्रवेश के आसार हैं लेकिन इस बार मानसून की एंट्री किसी और डायरेक्शन से हो सकती है। प्रदेश में हर साल मानसून बस्तर पहुंचता है लेकिन इस साल ये तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र में ही अटका हुआ है। इसलिए बस्तर पहुंचने में देरी हो रही है जबकि उत्तर-पूर्वी हिस्से में झारखंड, ओडिशा और बिहार में बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हो सकता है कि बस्तर से पहले राज्य के दूसरे हिस्से से बारिश हो जाए या फिर प्रदेश के दक्षिण और उत्तर-पूर्वी हिस्से को मानसून एक साथ कवर कर सकता है। आमतौर पर बस्तर से प्रवेश करने वाला मानसून रायपुर, बिलासपुर होते हुए सबसे आखिरी में सरगुजा, जशपुर पहुंचता है, जो राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से में हैं और सरगुजा संभाग झारखंड और ओडिशा से लगा हुआ है। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि बस्तर से पहले राज्य के इस हिस्से में बारिश शुरू हो जाए।
इस साल किस कारण हुई देरी
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून अभी आंध्रप्रदेश में ही अटका हुआ है। सामान्य तौर पर तेलंगाना, आंध्र और महाराष्ट्र से होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ से मानसून की एंट्री होती है। जब तक आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में व्यापक बारिश नहीं हो जाती, तब तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री नहीं होगी हालांकि हर साल से अलग इस बार उत्तर-पूर्व छत्तीसगढ़ के आसपास मानसून की अनुकूल परिस्थितियां बन रही है।
23 जून से तापमान कम होगा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के अंदर मानसून ओडिशा के कुछ हिस्सों, बंगाल, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है और अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में 23 जून से तापमान में कमी आने लगेगी और 26 जून तक मानसून प्रवेश के संभावना जताई जा रही है। मानसून को पूरा प्रदेश कवर करने में इस बार ज्यादा समय नहीं लगेगा क्योंकि प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है।
व्यापम ने किए पुलिस भर्ती परीक्षा के रिजल्ट जारी..
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : व्यापम द्वारा सूबेदार/उपनिरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमाण्डर पदों हेतु मुख्य लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन दिनांक 26, 27 एवं 29 मई 2023 को किया गया था। जिसका रिजल्ट जारी कर दिया गया हैं। आपको बता दें कि इससे पहले ही भर्ती परीक्षा के मॉडल उत्तर व्यापम की वेबसाइट vyapam.cgstate.gov.in पर दिनांक 05-06-2023 को प्रदर्शित कर दिए गए तथा प्राप्त दावा-आपत्तियों का परीक्षण विषय विशेषज्ञों द्वारा किया गया। मुख्य लिखित भर्ती परीक्षा के उपरांत अगले चरण हेतु पात्र परीक्षार्थियों की सूची रोल नंबर के बढ़ते क्रम में पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर की वेबसाइट www.cgpolice.gov.in की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अगले चरण हेतु पात्र अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा दिनांक 18 जुलाई 2023 को आयोजित की जाएगी। अगले चरण हेतु पात्र अभ्यर्थियों के शारीरिक दक्षता परीक्षा के प्रवेश पत्र 05 जुलाई 2023 के बाद पुलिस मुख्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे।