Home Blog Page 84

7 नवम्बर से 30 नवम्बर तक एक्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण पर रहेगा प्रतिबंध, भारत निर्वाचन आयोग ने जारी की अधिसूचना…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों में विधानसभा आम निर्वाचन के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी 7 नवम्बर से 30 नवम्बर तक किसी भी तरह के एक्जिट पोल के आयोजन तथा प्रसारण को प्रतिबंधित किया है। आयोग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत आयोग द्वारा इस अवधि के दौरान एक्जिट पोल के आयोजन तथा प्रसारण पर रोक लगाई गई है।
भारत निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों में विधानसभा आम निर्वाचन के दृष्टिगत 7 नवम्बर को सवेरे सात बजे से 30 नवम्बर की शाम साढ़े छह बजे तक की अवधि को एक्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण पर प्रतिबंधित अवधि के रूप में अधिसूचित किया है। इस अवधि में विधानसभा आम निर्वाचन के संदर्भ में किसी भी तरह के एक्जिट पोल का आयोजन करने तथा प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया द्वारा इसके परिणाम के प्रकाशन या प्रचार या किसी भी अन्य तरीके से प्रचार-प्रसार पर रोक रहेगी।
आयोग ने अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 (1) (ख) के अधीन पांच राज्यों में साधारण निर्वाचन एवं उप निर्वाचन में संबंधित मतदान क्षेत्रों में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने वाले 48 घंटों के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में किसी भी ओपिनियन पोल या किसी अन्य मतदान सर्वेक्षण के परिणामों सहित किसी भी प्रकार के निर्वाचन संबंधी मामले के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। अधिसूचना अनुसार इस धारा के उपबन्धों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर दण्ड के रूप में दो वर्ष तक के कारावास या जुर्माने या दोनों का प्रावधान है।

पूर्व कॉंग्रेस विधायक चिंतामणी ने थामा भाजपा का दामन, मैं भाजपा प्रवेश नहीं, घर वापसी कर रहा हूँ- चिंतामणी महाराज

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन प्रभारी ओम माथुर तथा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की उपस्थिति में आज पूर्व कॉंग्रेस विधायक चिंतामणी महाराज ने भाजपा का दामन थाम लिया हैं। आज माता राज मोहिनी सदन अंबिकापुर में आयोजित भाजपा के परिवर्तन महा संकल्प रैली के कार्यक्रम में भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने बीजेपी का दुपट्टा ओढ़ाकर कॉंग्रेस विधायक चिंतामणी महाराज का स्वागत किया तथा उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर बीजेपी में उनके आगमन पर  खुशी जताते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि संत गहिरा गुरूजी को साक्षी मानकर ये कहता हूँ कि पार्टी में उनके सम्मान में कोई कमी नहीं होगी, उनके आने से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं।
इस अवसर पर कॉंग्रेस से भाजपा में आए कॉंग्रेस विधायक चिंतामणी महाराज ने कहा कि मैं भाजपा में प्रवेश नहीं कर रहा बल्कि घर वापसी कर रहा हूँ। कॉंग्रेस से टिकट कटने के बाद मुझे समझ आया कि राजनीति में करना क्या है। मैंने विधायक रहते सामरी के प्रत्येक गाँव का दौरा किया था परंतु फिर भी कॉंग्रेस ने टिकट काट दिया, इससे मेरे संत समाज के लोग बहुत नाराज हुए और फिर संत समाज के कहने पर ही मैंने आज भाजपा जॉइन किया है इसलिए समाज के संरक्षण की जवाबदारी भी पार्टी की है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त समस्त प्रेक्षक पहुंचे अम्बिकापुर, कलेक्टर एवं एसपी ने किया स्वागत
प्रेक्षकों से मिलने का समय एवं संपर्क नंबर जारी…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत जिले की समस्त विधानसभा क्षेत्रों हेतु प्रेक्षकों की नियुक्ति की गई है। जिले में निर्वाचन कार्य हेतु नियुक्त सभी प्रेक्षक सोमवार को अम्बिकापुर पहुंच चुके हैं। समस्त प्रेक्षकों से मुलाकात कर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने उनका स्वागत किया।
इसी कड़ी में प्रेक्षकों से सम्पर्क करने हेतु मोबाइल नम्बर तथा मिलने का समय एवं स्थान निर्धारित किया गया है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 09 लुण्ड्रा के सामान्य प्रेक्षक आईएएस बी सी सतीशा से मिलने का समय सुबह 10ः00 से 11ः00 बजे निर्धारित हैं, इनका संपर्क नम्बर 7587016680 है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर के सामान्य प्रेक्षक आईएएस रूपवंत सिंह से मिलने का समय सुबह 10ः00 से 11ः00 बजे है, इनका संपर्क नंबर 7587016681 है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर के सामान्य प्रेक्षक आईएएस पी कोटेश्वर राव से मिलने का समय दोपहर 3ः30 से 5ः30 बजे तक है, इनका संपर्क नंबर 7587016682 है।
निर्वाचन हेतु नियुक्त पुलिस प्रेक्षक आईपीएस अमित बरदार से मिलने का समय सुबह 11ः00 से 12ः00 बजे तक निर्धारित है, इनका संपर्क नम्बर 7587016683 है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 09 लुण्ड्रा तथा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर के व्यय प्रेक्षक आईआरएस विजय बहादुर वर्मा से मिलने का समय सुबह 10ः00 से 11ः00 बजे तक है, इनका सम्पर्क नम्बर 7587016492 है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर के व्यय प्रेक्षक आईआरएस मंजूनाथ ए.एन. से मिलने का समय सुबह 10ः00 से 12ः00 बजे तक है, इनका सम्पर्क नम्बर 7587016493 है। सभी प्रेक्षकों से पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह अम्बिकापुर में मुलाकात की जा सकती है।

वोटर हेल्पलाइन एप से मतदाता अपने मोबाइल पर ही देख सकते हैं अपना मतदान केन्द्र और निर्वाचन संबंधी अन्य जानकारियां…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छ्त्तीसगढ़ में विधानसभा आम निर्वाचन के लिए मतदान की तिथि नजदीक आ रही है। दो चरणों में हो रहे मतदान के लिए मतदाताओं में काफी उत्साह है। ऐसे में मतदाता यह जानने के लिए उत्सुक होते हैं कि मतदान के लिए उनका कौन सा केन्द्र है, उनका नाम किस भाग संख्या अथवा क्रमांक पर है। ऐसी प्राथमिक जानकारी सहित कई अन्य जानकारियाँ अब मोबाइल फोन पर ही देखी जा सकती हैं।
सुगम मतदान की दिशा में भारत निर्वाचन आयोग की वोटर हेल्पलाइन एप्प एक उपयोगी एप्लीकेशन है जो आम मतदाताओं को उपयोगी जानकारी त्वरित गति से उपलब्ध कराने में कारगर साबित हो रहा है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस दिशा में सतत प्रयास किया जाता है कि अपने मताधिकार का प्रयोग करने से कोई भी मतदाता वंचित न रहे। आयोग द्वारा वोटर हेल्पलाइन एप (Voter Helpline App) की शुरूआत इसी उद्देश्य से की गई है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि यह एक बहुउपयोगी एप है। यह एंड्रॉयड (Android) एवं आईओएस (iOS) दोनों प्लेटफार्म पर उपलब्ध है। इसमें मतदाता अपना मतदाता परिचय पत्र (एपिक) नम्बर डालकर बहुत ही आसानी से अपनी विधानसभा, पोलिंग बूथ एवं मतदाता सूची में सरल क्रमांक पता कर सकते हैं।
वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से मतदाता अपने निर्वाचन क्षेत्र सहित किसी भी अन्य क्षेत्र के प्रत्याशियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसमें प्रत्याशी द्वारा प्रस्तुत शपथ पत्र भी देखा जा सकता है। इसके जरिए मतगणना दिवस को विधानसभावार परिणाम की अधिकृत जानकारी भी देखी जा सकती है।
इस एप के माध्यम से निर्वाचन सम्बन्धी किसी भी प्रकार की शिकायत भी की जा सकती है। मतदाताओं की जागरूकता के लिए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईव्हीएम) के संचालन संबंधी वीडियो भी देखे जा सकते हैं।

आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन मामले में अमरजीत भगत और राजेश अग्रवाल को नोटिस जारी…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सीतापुर के आदर्श नगर स्थित गोदाम में संदिग्ध प्रचार सामग्री रखे जाने की शिकायत पर एफएसटी दल द्वारा गोदाम में पहुंचकर जांच की गई जिसमें साड़ी, जूते, छाता एवं खेल सामग्री पाई गई। सामग्री पर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर से इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी अमरजीत भगत का नाम अंकित होना पाया गया। एफएसटी दल द्वारा की गई जांच के संबंध में संज्ञान लेते हुए रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 11 सीतापुर द्वारा प्रत्याशी को नोटिस जारी कर अपना जवाब 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत करने कहा गया हैं।

वही दूसरे मामले में बीते शुक्रवार को लखनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लटोरी में एफएसटी दल द्वारा जांच के दौरान इनोवा वाहन में 3 प्लास्टिक बोरी में थैला और उसमें शाल रखी पाई गई थी जिसमें प्रत्येक थैले के ऊपर में कमल फूल का चिन्ह और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेश अग्रवाल का नाम सहित कैलास मेडिकल स्टोर लखनपुर छ.ग. लिखा पाया गया। एफएसटी दल द्वारा जप्त उक्त सामग्री से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन प्रतीत होने पर रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 द्वारा प्रत्याशी को नोटिस जारी कर एक दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है।

टीएस सिंहदेव को जारी किया गया नोटिस…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किये जाने के संबंध में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर के इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी टीएस सिंहदेव को नोटिस जारी किया गया है। रिटर्निंग अधिकारी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अम्बिकापुर ने बताया कि आवेदक आलोक दुबे द्वारा शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त प्रत्याशी द्वारा आधिकारिक सोशल मीडिया फेसबुक अकाउंट में बिना अनुमति स्वास्थ्य विभाग एवं अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज, चिकित्सकों एवं चिकित्सकीय सुविधाओं का प्रचार-प्रसार किया गया है। साथ ही शासकीय योजना के प्रचार में चुनाव चिन्ह प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने नोटिस में कहा है कि विधानसभा क्षेत्र 10 अम्बिकापुर में आदर्श आचार संहिता दिनांक 09 अक्टूबर 2023 से लागू है, परंतु पार्टी का चुनाव चिन्ह का प्रयोग करते हुए व्यक्तिगत उपलब्धियों को दर्शाने के लिए शासकीय संस्था का प्रयोग किया गया है, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। प्रत्याशी को एक दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है अन्यथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

फ्लाइंग स्क्वॉड दल द्वारा तीन अलग-अलग मामलों में छाता, साड़ी, स्पोर्ट्स शूज आदि सामग्री की गई जप्त..

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : विधानसभा निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने वाले कारणों जैसे राशि, सामग्री का वितरण, नशीले पदार्थ का परिवहन और वितरण को रोकने के लिए जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड दल, स्टेटिक सर्विलेंस टीम सहित विभिन्न दल गठित किए गए हैं, जो निर्वाचन अवधि में इन सभी गतिविधियों पर नजर बनाए रखते हैं।
इसी कड़ी में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए बीते दिन शनिवार को ग्राम सीतापुर आदर्श नगर में फ्लाइंग स्क्वॉड दल द्वारा 384 नग छाता, सहित टी शर्ट, हाफ पैंट और खेल सामग्री और एक वाहन जप्त किया गया। इस सामग्री में कांग्रेस प्रत्याशी अमरजीत भगत का नाम अंकित मिला। एफएसटी दल द्वारा जप्त की गई सामग्री का पंचनामा बनाते हुए रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित की गई और सामग्री थाना प्रभारी सीतापुर को सुपुर्द किया गया। इसी तरह गत दिवस ही रात 9 बजे के करीब प्राप्त शिकायत पर उक्त फ्लाइंग स्क्वॉड दल द्वारा एक्शन लेते हुए आदर्शनगर स्थित गोदाम से साड़ी 1640 नग, स्पोर्ट्स शूज 555 नग, और चांदनी 70 नग जप्त किया गया। जांच के दौरान गोदाम में रखे सामग्री का बिल मौके पर संदेहास्पद पाए जाने पर जप्ती की कार्रवाई की गई। एक अन्य शिकायत में ग्राम राधापुर, बेरियर पारा में स्थित गोदाम से धोती और खाना बनाने का सेट जप्त किया गया। जप्त किए गए सामग्री को थाना प्रभारी सीतापुर की सुपुर्दगी में दिया गया।

बीजेपी ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सबसे पहले नंबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रखा गया है वही प्रचार के लिए जेपी नड्डा, अमित शाह समेत योगी आदित्यनाथ भी छत्तीसगढ़ में बीजेपी के प्रचार के लिए आएंगे।

देखे लिस्ट :

आदर्श आचार संहिता में भी जारी साड़ी/साल का खेल : 3 बोरी साल साड़ी उड़नदस्ता टीम ने किया जब्त…

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में कल लखनपुर के लटोरी में उड़नदस्ता दल द्वारा एक इनोवा वाहन से 3 बोरी साल व साड़ी जब्त किया गया हैं। जब्त झोले में अंबिकापुर विधानसभा भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल का नाम प्रिंट है। मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के लखनपुर अंतर्गत ग्राम लटोरी में कल शुक्रवार देर रात उड़नदस्ता दल को सूचना मिली कि इनोवा वाहन क्र. सीजी 04 एचडी 4381 में मतदाताओं को बांटने के लिए समान रखा हुआ है। जिसके बाद उड़नदस्ता दल ने कार्यवाही करते हुए इनोवा वाहन से 3 बोरी सामान जब्त किया हैं। जब्त किए गए समान में 3 सौ नग भाजपा प्रत्याशी के नाम प्रिंटेड झोला में साड़ी और साल बरामद किया गया हैं जिसे जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज..

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़ : चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब नहीं देने पर भरतपुर सोनहत की बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सोनहत थाने में धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। निर्वाचन आयोग अब तक रेणुका सिंह को तीन नोटिस जारी कर चुका है, जिसमें से एक का भी जवाब रेणुका सिंह ने नहीं दिया है। जिसके बाद एस के आर्य वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी की रिपोर्ट पर रेणुका सिंह के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया हैं।

मौत से पहले दिया आवेदन, दर्ज कराया बयान लेकिन सूरजपुर पुलिस को नहीं मिल रहा प्रताड़ना का कोई प्वाइंट….आखिर क्यों???

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर के दुर्गाबाड़ी में 12 अगस्त को अपने मालिक और पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या मामले में मृतक के परिजनों को आज 3 1/2 महीने बीत जाने के बाद भी न्याय दिला पाने में जिले की पुलिस नाकामयाब रही हैं। मृतक के परिजन न्याय की उम्मीद लेकर दर दर भटक रहे हैं। जिले की पुलिस से न्याय नहीं मिल पाने के बाद परिजनों द्वारा मामले की शिकायत पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज से की गई। आईजी के आदेश के बाद मृतक के परिजनों का दुबारा बयान सीएसपी ऑफिस सूरजपुर में दर्ज करवाया गया है। इस मामले में सूरजपुर पुलिस ने बताया हैं कि मामले में प्रताड़ना का कोई प्वाइंट नही मिल रहा हैं…सोचने की बात यह हैं कि सूरजपुर पुलिस के लिए मृतक के परिजनों का बयान कोई मायने नहीं रखता लेकिन सवाल यह उठता हैं कि जब मृतक द्वारा मृत्यु से पूर्व ही कैलाश अग्रवाल के खिलाफ एसडीएम ऑफिस और आजाक थाने में जब आवेदन दिया गया और सिर्फ आवेदन ही नहीं बल्कि अपना बयान भी सीएसपी ऑफिस और आजाक थाने में दर्ज करवाया जा चुका था तो फिर पुलिस जांच में प्रताड़ना का प्वाइंट कैसे नही आ रहा हैं???

क्या हैं मामला

ग्राम केरता प्रतापपुर निवासी राजेंद्र सिंह सूरजपुर में पिछले 3 वर्षों से अपने परिवार के साथ कैलाश अग्रवाल के गोदाम में रहकर ड्राइवर का कार्य करता था। राजेंद्र द्वारा 30 जून को एसडीएम ऑफिस में कैलाश अग्रवाल के खिलाफ कई संज्ञीन आरोप लगाते हुए एक आवेदन पेश किया था जिसमे कैलाश अग्रवाल द्वारा वेतन नहीं दिए जाने, उसे प्रताड़ित करने, ड्राइविंग लाइसेंस छीन लेने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी के अलावा पत्नी के साथ अवैध संबंध बनाकर उसे धंधा करवाने जैसे कई आरोप लगाए थे। पुलिस द्वारा इस मामले में राजेंद्र और उसकी पत्नी का बयान भी लिया गया था। लेकिन न्याय के अभाव में पीड़ित राजेंद्र द्वारा 12 अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी।

सीएसपी ऑफिस में ही मृतक ने मौत से पहले दर्ज करवाया था बयान

राजेंद्र द्वारा सूरजपुर सीएसपी ऑफिस में अपना बयान दर्ज करवाया गया था बावजूद इसके उसकी मौत के बाद आरोपी कैलाश अग्रवाल के खिलाफ अपराध दर्ज करने में पुलिस आनाकानी कर रही हैं और कैलाश अग्रवाल को क्लीन चिट देने का प्रयास कर रही हैं।

टूट रही न्याय की आश लेकिन अंत तक करेंगे प्रयास

इस मामले में राजेंद्र की दूसरी पत्नी और नाबालिक बेटी द्वारा न्याय की आस लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा हैं। उनका आरोप हैं कि पुलिस द्वारा मामले को दबाने का भरसक प्रयास किया जा रहा हैं। पुलिस के इस गैरजिम्मेदाराना रवैए से न्याय मिल पाने की उम्मीद कम हो गई हैं लेकिन वह हार नही मानेंगे बल्कि आरोपियों को सजा दिलाने के लिए अंत तक प्रयास करेंगे।

त्यौहारों के लिए पटाखों को लेकर दिशा निर्देश जारी, 2 घंटे ही फोड़े जा सकेंगे पटाखे….

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : राज्य में केवल हरित पटाखों का उपयोग एवं विक्रय ही हो सकेगा। साथ ही दीपावली, छठ, गुरू पर्व, नया वर्ष/ क्रिसमस के अवसर पर पटाखों को फोड़ने के लिए दो घंटे की अवधि निर्धारित की गई है। उच्चतम न्यायालय तथा नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की मार्गदर्शिका के मुताबिक पटाखों के उपयोग के संबंध में निर्देशों का कड़ाई से पालन करने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया है। दीपावली, छठ पूजा, गुरु पर्व, नया वर्ष/क्रिसमस के मौके पर दो घंटे की अवधि पटाखे फोड़ने के लिए निर्धारित की गई है। दीपावली के लिए रात्रि 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक, छठ पूजा के लिए सुबह छह बजे से सुबह 8 बजे तक, गुरु पर्व के लिए रात 8 बजे से रात 10 बजे तक समय निर्धारित किया गया है। क्रिसमस/नया वर्ष के लिए रात्रि 11 बजकर 55 मिनट से रात्रि 12 बजकर 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। शीत ऋतु में प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए वायु( प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण) अधिनियम 1981 की धारा 19 की उपधारा 5 के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य सरकार द्वारा रायपुर, बिलासपुर, भिलाई-दुर्ग, रायगढ़ एवं कोरबा के नगरीय क्षेत्रों में 1 दिसंबर से 31 जनवरी तक की अवधि में पटाखों का जलाया जाना प्रतिबंधित किया गया है।
उच्चतम न्यायालय द्वारा 23 नवंबर 2018 को पारित आदेश के मुताबिक पटाखों के उपयोग के संबंध में कुछ अन्य निर्देश भी दिये गये हैं। इनमें कम प्रदूषण उत्पन्न करने वाले इम्प्रूव्ड एवं हरित पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंस्ड ट्रेडर द्वारा किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही केवल उन्हीं पटाखों को उपयोग के लिए बाजार में बेचा जा सकेगा जिनसे उत्पन्न ध्वनि का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर हो। सीरीज पटाखे अथवा लड़ियों की बिक्री, उपयोग एवं निर्माण प्रतिबंधित किया गया है। पटाखों के ऐसे निर्माताओं का लाइसेंस भी रद्द करने के निर्देश दिये गये हैं जिनके द्वारा पटाखों में लीथियम, आर्सेनिक, एन्टिमनी, लेड एवं मर्करी का उपयोग किया गया है। आनलाइन अर्थात ई-व्यापारिक वेबसाइटों जैसे फ्लिपकार्ट, अमेजान आदि से पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। उक्त निर्देशों के कड़ाई से पालन के निर्देश जिला प्रशासन को दिये गये हैं।

BJP कार्यकर्ताओं द्वारा अमरजीत भगत के नाम पर साड़ी बांटते लोगो को पकड़कर चुनाव निर्वाचन टीम को किया गया सुपुर्द….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सीतापुर विधानसभा क्षेत्र क्र. 11
में आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए साड़ी बांटे जाने की खबर निकल कर सामने आ रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा साड़ी बांटते हुए लोगो को पकड़कर उनका वीडियो बनाया गया और उन्हें चुनाव निर्वाचन टीम को सुपुर्द कर दिया गया है। फोटो वीडियो को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर भी वायरल किया जा रहा हैं। बताया जा रहा है कि साड़ी बांटने का काम कांग्रेस द्वारा करवाया जा रहा था और जब्त की गई साड़ियां अमरजीत भगत द्वारा बटवाई जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार मैनपाट मंडल के ग्राम नर्मदापुर में कांग्रेस द्वारा साड़ी बाटा जा रहा था। वही आज भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा पकड़कर इन्हे चुनाव निर्वाचन टीम को सुपुर्द किया गया हैं।

अंबिकापुर सीट से राजेश अग्रवाल लड़ेंगे सिंहदेव के विरुद्ध चुनाव, भाजपा ने जारी की लिस्ट….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भाजपा द्वारा आज उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की गई है जिसमें चार उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। आपको बता दे की अंबिकापुर की हॉट सीट से राजेश अग्रवाल को टिकट दिया गया है। आपको बता दे की बेसब्री से इस सीट पर किसे उम्मीदवार बनाया जाता है इसका इंतजार किया जा रहा था। अंबिकापुर सीट से भाजपा की ओर से कई नेताओं द्वारा खुद को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा पूर्व में ही की जा चुकी थी, लेकिन अंततः सब की उम्मीद पर पानी फेरते हुए भाजपा पार्टी द्वारा लखनपुर के राजेश अग्रवाल को अंबिकापुर से उम्मीदवार बनाया गया है देखिए जारी लिस्ट :

कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की आखिरी लिस्ट…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की आखिरी लिस्ट जारी कर दी हैं। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस द्वारा पहले दो लिस्ट जारी कर दी गई थी जिसमें विधानसभा की 87 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम शामिल थे। अब कांग्रेस ने बाकि बचे 7 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

देखे कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट :

निर्वाचन मतदान दलों के प्रथम प्रशिक्षण में अनुपस्थित 55 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रिमिजियुस एक्का ने मतदान दलों के प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्वाचन जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य में मतदान दलों के प्रथम प्रशिक्षण से बिना उचित कारण के अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर कड़ी कार्यवाही हो सकती है।
गौरतलब है कि 17 से 19 अक्टूबर 2023 को स्वामी आत्मानंद हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बलरामपुर में पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया था, जिसमें 55 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित थे। अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने तथा निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस संबंध में अनुपस्थित रहने वाले मतदान अधिकारियों को अपना स्पष्टीकरण कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को 03 दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं।

सराफा कारोबारियों के नौ ठिकानों पर आयकर की दबिश, एक करोड़ कैश के साथ सोने का स्‍टाक जब्‍त..

टैक्स में गड़बड़ी के संदेह में गुरुवार को आयकर विभाग ने रायपुर, जगदलपुर सहित प्रदेश भर के सराफा कारोबारियों के नौ ठिकानों पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि आयकर अफसरों की टीम ने इस दौरान दस्तावेज खंगालने के साथ ही संस्थानों के संचालकों और उनके कर्मचारियों से पूछताछ भी की। यह कार्रवाई देर रात तक चलती रही। शुक्रवार को भी कार्रवाई जारी रहने की संभावना है। जानकारी के अनुसार रायपुर के सदर बाजार क्षेत्र के अरिहंत और राजधानी ज्वेलर्स के घर व प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई जारी है।

कारोबारियों से मिले एक करोड़ नकद व सोने का ज्यादा स्टाक
आयकर सूत्रों के अनुसार अब तक एक करोड़ रुपये नकद और सोने का ज्यादा स्टाक मिला है। पूछताछ की जा रही है कि आखिर ज्यादा स्टाक क्यों रखा था। स्टाक किसके आर्डर पर मंगाए गए हैं। मालूम हो कि अभी चुनाव का समय है, इसके चलते कारोबारी सेक्टरों पर आयकर व जीएसटी की कड़ी नजर है।

टीम में 75 अफसरों के साथ पुलिस जवान भी शामिल
आयकर विभाग की इस कार्रवाई में 75 अफसरों के साथ ही पुलिस जवान भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि काफी पहले से आयकर की नजर इन सराफा संस्थानों पर थी। सदर बाजार क्षेत्र में जैसे ही आयकर अफसरों की टीम दो सराफा संस्थानों के साथ ही उनके घरों में दबिश देने के लिए पहुंची, पूरे क्षेत्र में चर्चा गर्म हो गई। हालांकि अभी तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि इन प्रतिष्ठानों से विभाग ने क्या जब्त किए हैं। आयकर की कार्रवाई शुक्रवार शाम तक पूरी होने की संभावना है।

चुनाव कार्य में लापरवाही: 3 बीएलओ को नोटिस जारी…

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उदयपुर तहसीलदार और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बीएलओ भाग संख्या- 250 राजकुमार, बीएलओ भाग संख्या- 271 बलदेव पैंकरा और बीएलओ भाग संख्या- 281 शिवकुमार यादव को निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा है कि द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान बार-बार निर्देशित करने के बाद भी इन तीनों ने फॉर्म 6, 7, 8 की प्रविष्टि बीएलओ एप और गरुड़ एप में नहीं की है।

ज्वेलरी शॉप में लाखों की चोरी मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ने में हासिल की सफलता…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : शहर के भगवानपुर स्थित माधुरी ज्वेलर्स में चोरी की घटना में बादी गिरोह शामिल था। गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने सीसी कैमरे की सहायता से गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो अपचारी बालक हैं।तीसरा आरोपित सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मंगारी जुनापारा निवासी वेद सिंह (20) है। चौथा आरोपित फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। घटना में शामिल बादी गिरोह के सदस्यों के पुराने रिकार्ड की जांच चल रही है। दिन में रेकी के बाद रात को सभी ने मिलकर घटना कारित की थी।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि बीते 17 अक्टूबर 2023 की रात भगवानपुर में माधुरी ज्वेलर्स में चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक हरेराम सोनी की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंच जांच की थी। जांच में घटनास्थल के समीप सीसी कैमरे में तीन संदिग्ध नजर आए थे। तीनों ने अपना चेहरा कपड़े से बांध कर रखा था। एसपी ने बताया कि इसी सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर पुलिस की जांच आगे बढ़ी थी। शहर के चौक-चौराहों तथा मुख्य मार्ग में लगे सीसी कैमरों की जांच में भी ये संदिग्ध दिखे थे। पुलिस ने इनकी पहचान सुनिश्चित की। कई सीसी कैमरों की जांच के बाद घटना में सीतापुर के मंगारी निवासी वेद सिंह की पहचान हुई। उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना कारित करना स्वीकार किया। इसी जानकारी पर चोरी में शामिल दो अपचारी बालकों को भी पकड़ लिया गया। इनका एक साथी फरार है। एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि सभी बादी हैं। इनके पास से चोरी के सारे गहने बरामद कर लिए गए हैं। कुल ढाई किलो चांदी के जेवरात के अलावा वन ग्राम सोने के जेवरात व आर्यिफिशयल ज्वेलरी भी बरामद कर ली गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जान लकड़ा, थाना प्रभारी बतौली उप निरीक्षक सीपी तिवारी, उप निरीक्षक अलंगो दास ,सहायक उप निरीक्षक भूपेश सिंह, विवेक पांडेय ,शशिप्रभा दास के साथ पुलिस कर्मचारी सक्रिय रहे।

दो मोटरसाइकिल में आए थे चारों दोस्त

पुलिस पूछताछ में पता चला कि माधुरी ज्वेलर्स में चोरी की घटना में शामिल दो अपचारी बालक व दो युवक दोस्त हैं। घटना दिवस को वे दो अलग-अलग मोटरसाइकिल से शहर आए थे। शहर में घूमने के दौरान इन्होंने भगवानपुर क्षेत्र का भी भ्रमण किया था। माधुरी ज्वेलर्स को चोरी के लिए उपयुक्त समझ कर इन्होंने दिन के समय रेकी भी की थी। दिन भर शहर में घूमने के बाद देर रात चारों ने दुकान के शटर में लगे कुंडी के एक हिस्से को तोड़कर चोरी की थी। उसी रात सभी वापस अपने-अपने घर भी लौट गए थे।

पहचान छिपाने चेहरे में बांध लिया था कपड़ा

चोरी की घटना में शामिल चारों दोस्तों को संदेह था कि यदि खुले चेहरे के साथ ये चोरी करेंगे तो शहर के किसी न किसी सीसी कैमरे में इनका चेहरा सामने आ सकता है। पहचान छिपाने के लिए ही इन्होंने अपने चेहरों को गमछा से बांध लिया था। लगभग एक घंटे तक घटनास्थल के आसपास इनकी उपस्थिति थी। जब भी मुख्य मार्ग से किसी वाहन की लाइट इन्हें नजर आती थी तो ये किनारे भाग जाया करते थे। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि आरोपितों के संबंध में और जानकारी जुटाई जा रही है। ये सभी बादी गिरोह के ही सदस्य हैं।

बाइक सवार को बचाने पलटी तेज रफ्तार कार, पलटने के बाद कार में लगी आग…2 घायल.

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : शुक्रवार सुबह अंबिकापुर से बैकुंठपुर की ओर तेज रफ्तार में जा रही कार मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार सवार मां बेटा बाल बाल बच गए। उन्हें सामान्य चोटें आई हैं। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चंदरपुर में सुबह घटित हुई। अंबिकापुर से बैकुंठपुर की ओर से आ रही होंडा की डब्ल्यूआरबी कार क्रमांक सीजी15 डीएन 0560 अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार मंजू दुबे और उनके बेटे को चोटें आई है। दरअसल अंबिकापुर निवासी मंजू दुबे अपने पुत्र के साथ अपने किसी परिचित के यहां निजी कार्य से बैकुंठपुर की ओर जा रहे थे। अचानक राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदरपुर गांव में लापरवाही पूर्वक बाइक चला रहे युवक को बचाने के चक्कर मे कार अनियंत्रित होकर रोड से टकराते हुए नाली के पास जा पलटी। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि देखते ही देखते कार में आग लग गई थी। लोगो की उमड़ी भीड़ ने कार सवार मां बेटे को सुरक्षित बाहर निकालकर आग को नियंत्रित किया। पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई थी।

error: Content is protected !!