हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : ओपन स्कूल की दसवीं- बारहवीं परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सामान्य शुल्क के साथ 31 दिसंबर तक फार्म भरे जा सकेंगे। वही विलंब शुल्क के साथ 1 जनवरी से 15 जनवरी तक आवेदन किए जा सकते है। ओपन स्कूल की परीक्षा मार्च- अप्रैल में होगी। जल्द ही समय सारणी जारी की जाएगी। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए विभाग के वेबसाइट में जाकर अध्ययन कर सकते हैं।
ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी महिला को मारी टक्कर, मौत….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : बनारस मार्ग में ग्राम पंचायत चठीरमा स्थित सिद्धार्थ चौक में ट्रैक्टर की टक्कर से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला सड़क किनारे खड़ी थी इस दौरान ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मंजीरा नवापारा निवासी भुनेश्वर राजवाड़े तथा उसकी पत्नी पार्वती राजवाड़े गांधीनगर मार्केट में सब्जी बेचने आए हुए थे। वे दोनों सब्जी बेचकर घर जाते समय बनारस रोड चठीरमा में स्थित सिद्धार्थ चौक के पास एक होटल में रुके जहां भुवनेश्वर मिठाई लेने होटल गया हुआ था वही उसकी पत्नी पार्वती रोड किनारे ही खड़ी थी, इसी दौरान खलीबा की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर चालक द्वारा तेजी व लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर को चलाते हुए पार्वती को टक्कर मार दी जिससे पार्वती को गंभीर चोटे आई घायल अवस्था में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल संचालक और 3 बच्चों की मां को चढ़ा इश्क का बुखार, ग्रामीणों में भड़का आक्रोश, मेडिकल को आग लगाने की हुई कोशिश…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : 3 बच्चों की मां को इश्क का ऐसा बुखार चढ़ा कि महिला अपने पति बच्चों को छोड़ मेडिकल संचालक के साथ रहने की जिद कर रही हैं। महिला और मेडिकल संचालक का कुछ दिन पूर्व एक अतरंगी वीडियो भी वायरल हो चुका हैं। बावजूद इसके महिला और मेडिकल संचालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। महिला की इस हरकत का विरोध उसके ससुरालियों समेत आस पास के 6 से 7 गांव के लोग कर रहे हैं। इनके खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा बीती रात देखने को मिला। जब भारी संख्या में ग्रामीणों ने महिला और मेडिकल संचालक को घेर लिया और उन्हें आग के हवाले करने की कोशिश की।
मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत बिश्रामपुर के दशहरा मैदान में स्थित जैन मेडिकल के संचालक का लंबे समय से हरटिकरा निवासी एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिछले महीने किसी ने इन दोनों की प्राइवेट वीडियो वायरल कर दी थी। इसके बावजूद भी दोनों का प्रेम प्रसंग परवान चढ़ता रहा। ये दोनो लोक लाज, घर परिवार, समाज की चिंता किए बगैर खुलेआम घर परिवार के इज्जत की धज्जियां उड़ाते रहे। इसी क्रम में 16 नवंबर की देर रात जैन मेडिकल का संचालक प्रदीप अपनी प्रेमिका को लेकर अपने क्लीनिक पहुंचा और अंदर घुसकर शटर गिरा दिया। जिसकी जानकारी मिलते ही तीन बच्चों की मां और प्रेमिका के भसुर ग्रामीणों को लेकर गौरीशंकर मंदिर स्थित जैन मेडिकल स्टोर पहुंचा और क्लिनिक को पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास करने लगा। जिसकी जानकारी किसी ने विश्रामपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और काफी संख्या में पुलिसकर्मी क्लीनिक पहुंचे और क्लिनिक को अपने सुरक्षा घेरे मे लिया। इस बीच नगर पंचायत विश्रामपुर, कुंजनगर , सतपता , हराटिकरा के सैकड़ो ग्रामीण क्लीनिक के सामने एकत्रित हो गए। भीड़ द्वारा प्रेमी प्रेमिका को बचाने वाले पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई और झूमाझुटकी भी की गई। किसी तरह से शटर उठाकर पुलिस क्लीनिक के अंदर गई तो दोनों प्रेमी प्रेमिका एक दूसरे के साथ लिपट गए और कहने लगे कि हम दोनों एक दूसरे को चाहते हैं। हम दोनों के प्रेम में खलल पैदा करने वाले लोगो के खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए। हम दोनों के बीच में बोलने वाले लोग कौन होते है, कोई भी हम दोनों को अलग नहीं कर सकता। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को अपने सुरक्षा में लेते हुए वहां से विश्रामपुर थाना पहुंचे जिसके पीछे-पीछे सैकड़ो ग्रामीण थाना पहुंच कर दोनों को अपने हवाले करने की मांग करने लगे। पुलिस द्वारा लोगो को समझाने का बहुत प्रयास किया गया परंतु लोग 11 बजे तक थाना के गेट के बाहर डेट रहे। रात्रि 11-12 बजे के बीच पुलिस ने विवाहित प्रेमिका के पति को बुलाया और पत्नी को ले जाने को कहा तो पति ने सुरक्षा का हवाला देते हुए ले जाने से इंकार कर दिया। मजबूरन महिला को सखी सेंटर सूरजपुर में भेजा गया जबकि जैन क्लीनिक के संचालक को उसके दो भाइयों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का इस मामले मे कहना है कि जब दोनों एक साथ रहना चाह रहे हैं तो इसमें पुलिस कुछ नहीं कर सकती। आम नागरिक भी बेवजह इस मामले को तुल दे रहे है।
सूरजपुर में 77.43 प्रतिशत तो बलरामपुर में 66.45 प्रतिशत रहा मतदान…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत मतदाताओं में मतदान के लिए अभूतपूर्व उल्लास एवं उत्साह रहा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में निर्वाचन कार्य शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न हुआ।
निर्वाचन नियंत्रण कक्ष से मिली अंतिम जानकारी के अनुसार शाम 5 बजे तक जिले में 77.42 प्रतिशत मतदान हुआ है। अंतिम जानकारी मिलने तक लोगों के लाईन में मतदान हेतु खडे़ होने की जानकारी प्राप्त हुई है। जिससे अंतिम वोटिंग प्रतिशत बढ़ने की सम्भावना है। जिसमें 75.80 प्रतिशत पुरुष मतदाता 79 प्रतिशत महिला मतदाता ने मतदान किया। विधानसभा क्षेत्र प्रेमनगर (04) में 77.38 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें 90732 पुरुष मतदाता एवं 92698 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। विधानसभा क्षेत्र भटगांव (05) में 78.17 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें कुल 90722 पुरुष मतदाता एवं 94195 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक प्रतापपुर (06) में 76.78 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें 86287 पुरुष मतदाता एवं 91550 महिला मतदाताओं ने मतदान किया।तीनों विधानसभा में 05 लाख 46 हजार 184 मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया है।
बलरामपुर जिले में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ मतदान विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिये बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 17 नवम्बर को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न हुआ। सायं 5.00 बजे की स्थिति में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 06-प्रतापपुर में 63.46 प्रतिशत, 07-रामानुजगंज में 65.50 प्रतिशत एवं 08-सामरी में 70.40 प्रतिशत मतदान हुआ।
निर्वाचन कार्य में बरती लापरवाही, हुई कार्रवाई, प्राचार्य निलंबित, चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुंदन कुमार ने मंगलवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 10 अम्बिकापुर के विभिन्न मतदान केन्द्रों में एएमएफ सुविधा के संबंध में निरीक्षण किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान मतदान केन्द्रों में एएमएफ सुविधा से संबंधित कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार सिंह से विद्यालय में स्थापित मतदान केन्द्रों में एएमएफ सुविधा की व्यवस्था के संबंध में पूछ-ताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश का उल्लंघन किए जाने तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 की धारा-13 गग / लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के सुसंगत नियमों एवं छ०ग० सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 की नियम-3 का स्पष्ट उल्लंघन किया जाना पाया गया। विधानसभा निर्वाचन की आवश्यक तैयारी एवं मतदान केन्द्रों में एएमएफ सुविधा उपलब्ध कराने में लापरवाही बरते जाने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उक्त का मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सरगुजा के कार्यालय में नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी-
मतदान केंद्रों में एएमएफ सुविधा में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे, सर्व शिक्षा अभियान के जिला मिशन समन्वयक रवि तिवारी, अम्बिकापुर के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्ण दुबे और बीआरसी संजीव कुमार भारती को नोटिस जारी किया गया है तथा 24 घण्टे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। जवाब अप्राप्त होने की स्थिति में इनके विरूद्ध एक पक्षीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
स्वच्छता चेतना पार्क के प्लास्टिक यूनिट में लगी भीषण आग…लाखों का सामान जलकर राख…
हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : दीपावली की रात शहर में एक बड़ी दुर्घटना घटित हो गई हैं। राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त अंबिकापुर के स्वच्छता चेतना पार्क के प्लास्टिक यूनिट के एक बड़े हिस्से में भीषण आग लग गई। प्लास्टिक और थर्मोकॉल के कारण आग तेजी से फैली। आग इतनी तेज थी कि मणिपुर पुलिस चौकी के नजदीक तक आग की लपटें पहुंचने के कारण सारे दस्तावेजों को बाहर निकालना पड़ा। छह घण्टे से अधिक समय की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है लेकिन प्लास्टिक , फोम, थर्मोकॉल होने के कारण अभी भी धुआं निकल रहा है। पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से कोई जनहानि नहीं हुई हैं। पार्क में सोने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। स्वच्छता चेतना पार्क के पीछे बस्ती में रहने वाले लोगों को भी सतर्क कर दिया गया था। आग लगने की यह घटना मध्यरात्रि लगभग 12 बजे हुई। आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही हैं।
भाजपा के महतारी वंदन के जवाब में कांग्रेस की गृह लक्ष्मी योजना, हर साल मिलेंगे 15000….
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में घोषनाओं का दौर जारी है। इसमें महिलाओं को लुभाने की भी कोशिश की जा रही है। दरअसल, भाजपा के महतारी वंदन योजना के जवाब में कांग्रेस ने दिवाली पर गृह लक्ष्मी योजना का ऐलान किया है। इसकी जानकारी खुद सीएम भूपेश बघेल ने दी है। सीएम भूपेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही की प्रदेश की महिलाओं के लिए छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना की शुरुआत की जाएगी। इस योजना के तहत सभी महिलाओं को हर साल 15 हजार रुपए दिया जाएगा। बता दें कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश की महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये देने का वादा किया है।
सीएम भूपेश ने मीडिया से चर्चा के दौरान सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दी। इसके बाद इस योजना के जानकारी और सोशल मीडिया में लिखा कि छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना: महिलाओं के खातों में हर साल 15000 रुपए मिलेंगे।
सोशल मीडिया पर लिखा
❌ न फ़ॉर्म भरें ❌ न लाइन में लगें मेरी माताओं-बहनों!
आज देवारी के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ में माता लक्ष्मी की असीम कृपा रहे। जिस तरह से माता लक्ष्मी पांच साल तक छत्तीसगढ़ के जन-जन में अपना आशीर्वाद दी हैं और हम “गढ़बो नवा छत्तीसगढ़” के अपने मिशन पर चल पड़े हैं। मेरा छत्तीसगढ़ अमीर हो, हम गरीबी के अभिशाप को मिटा सके इस संकल्प के साथ हमारी सरकार ने पांच साल काम किया है। आज देवारी के शुभ दिन पर हम अपनी माताओं और बहनों को और समृद्ध और सक्षम देखना चाहते हैं। इसलिए आज देवारी के शुभ अवसर पर मैं यह घोषणा करता हूँ कि आप कांग्रेस को वोट दीजिए, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाइए। हम “छत्तीसगढ़ गृह लक्ष्मी योजना” लांच करेंगे जिसके तहत हम 15,000 रुपए प्रति वर्ष प्रत्येक महिला को देंगे।
सभी माताओं और बहनों को बोलना चाहूँगा कि आपको कहीं लाइन में लगने की ज़रूरत नहीं है, न ही कोई फ़ॉर्म भरने की ज़रूरत है। कांग्रेस की सरकार बनवाओ, सरकार खुद सर्वे कराएगी आपके घर। सब ऑनलाइन रहेगा और सीधे खाते में पैसा आएगा। कोई लाइन में लगने की ज़रूरत नहीं है।
निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर एक प्रधान आरक्षक एवं एक आरक्षक सस्पेंड…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिला प्रशासन द्वारा विधानसभा निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए लगातार पहल की जा रही है जिसके तहत वाहनों की चेकिंग तथा वाहनों की सघन जांच भी कराई जा रही है जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो इसके लिए सरहदी इलाकों में जांच की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है जिसका जायजा लेने लगातार जिला प्रशासन के आला अधिकारीयो द्वारा सरहदी निगरानी दलों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में बीते दिन शुक्रवार को एम आर कश्यप उप पुलिस अधीक्षक सरगुजा रेंज द्वारा मनेन्द्रगढ़ रोड कालीघाट अंबिकापुर औचक निरीक्षण पर पहुंचे स्थैतिक निगरानी दल क्रमांक 9 के औचक निरीक्षण के दौरान दो पुलिस कर्मचारी प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद्र तिवारी एवं आरक्षक रिजयूस कुजूर को कर्तव्यों के निर्वहन में घोर अनुशासनहीनता लापरवाही भारत ने एवं पुलिस रेगुलेशन के पैरा 64 के नियम दो एवं चार व सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 2 के उप नियम एक के एक दो तीन का उल्लंघन करने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है उनकी निलंबन अवधि में नियमानुसार गुजारा भत्ता देय होगा।
ट्रेलर और बाइक में भिड़ंत, बाइक सवार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : शहर के शंकर घाट के समीप आज सुबह ट्रेलर की चपेट में आकर बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार कोणार्क बिल्डर्स में काम करने वाला युवक पंकज एक्का (32) होंडा बाइक क्रमांक CG 15 DK 2386 में सवार होकर सुबह कोणार्क सिटी शंकरघाट में काम करने के लिए जा रहा था और तभी उसकी भिड़ंत सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG 08 W 5566 से हो गई, जिससे बाइक सवार पंकज एक्का के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसका सिर फट गया। गंभीर चोट के कारण सड़क पर गिरे युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तेज रफ्तार में रांग साइड से जा रहा था और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गया। कोतवाली अंबिकापुर पुलिस ने शव को पंचनामा पश्चात् पीएम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद ट्रेलर का चालक वाहन खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है।
कुंए में गिरकर 5 वर्षीय बच्ची की मौत…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर के तिलसिवा गांव में कल रात 5 वर्षीय बच्ची के कुएं में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के बाद डीडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कर बच्ची के शव को कुएं से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कल देर शाम अपने घर के नजदीक खेलते समय बच्ची कुएं में गिर गई जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी रात में ही पुलिस और डीडीआरएफ़ की टीम को दी गई लेकिन रात होने की वजह से डीडीआरएफ की टीम रात को नहीं पहुंची वहीं टीम आज सुबह घटनास्थल पहुंची और बच्ची के शव को बाहर निकाला।
चरित्र शंका पर पत्नी की टांगी से वारकर हत्या…
हिंद स्वराष्ट्र राजपुर : चरित्र शंका पर पति ने अपनी पत्नी की टांगी व सब्बल मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर राजपुर पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंच घर के अंदर अपने आपको बंद कर लेने वाले आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घर का छप्पर हटा भीतर प्रवेश किया। पुलिस के अनुसार आरोपित परिवार के अन्य सदस्योें पर भी हमला करने का प्रयास कर रहा था। राजपुर पुलिस ने बताया कि ग्राम हर्राटिकरा महंगई निवासी संजय कुमार पिता मंगेराम 35 वर्ष अपनी पत्नी अनिमा एक्का 24 वर्ष पर चरित्र शंका करता था। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद भी करता रहा। बुधवार दोपहर 12 बजे घर में आरोपित पति ने टांगी व सब्बल से अपनी पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वह अपने आपको घर में ही बंद कर लिया था। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घर का छप्पर हटाकर उसे गिरफ्तार किया।
सरकार मोदी जी नहीं अदाणी चला रहे हैं : राहुल गांधी
हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता राहुल गांधी पहुंचे अंबिकापुर से लगे ग्राम कतकालो के मिनी स्टेडियम में मंगलवार को आम सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपका और मेरा रिश्ता तीन माह का नहीं है हमेशा का है मैं जो कहता हूं करता हूं।
वो जो कहते हैं नहीं करते। आपके खाते में 15 लाख आया क्या..! इस दौरान जनता ने कहा नहीं..! राहुल ने कहा कि सरकार मोदी जी नहीं अदाणी चला रहे हैं। हम यहां सरकार आते ही जाति जनगणना शुरू कर देंगे। हमने घोषणा की है धान 3200 रुपये में धान खरीदेंगे इससे शुरुआत होगी आगे और बढ़ेगा। ढाई हजार रुपये तेंदूपत्ता बोरी का मिलता था।अब चार हजार मिल रहा है। 23 हजार करोड़ रुपये न्याय योजना में हमने दिया और यदि हम सत्ता में आते है तो किसानों का कर्जा माफ होगा। 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी।
40 लाख परिवार बिजली के लिए एक रुपया नहीं देना होगा, केजी से पीजी तक शिक्षा मुफ्त,भाजपा स्कूल,अस्पताल को निजी कर देती है। इस दौरान उन्होंने एक व्यक्ति से पूछा कि नाम क्या है उसने बताया गोवर्धन पाठक को पूछा क्या नाम है। उससे उन्होंने कहा कि आदमी पर कोई जानवर पेशाब नहीं करता पर भाजपा के नेता पेशाब करते हैं..मतलब आप समझ सकते हैं। जल ,जंगल व जमीन के मालिक आदिवासी थे।उनका हक है।
भाजपा आपका शोषण करती है। आप पर पेशाब करती है। जंगल कम हो रहा है और भाजपा वनवासी कहते हैं। जंगल कम हो रहा है तो वनवासी कहाँ जाएगा। इस पर एक नागरिक बोला मोदी के घर..इस पर जमकर ठहाके लगे।
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हर आदिवासी का बच्चा अंग्रेजी बोलेगा। छत्तीसगढ़ में रहना है तो छत्तीसगढ़ी बोलिए यूपी,दिल्ली जाना है तो अंग्रेजी बोलिए वो चाहते हैं आप अंग्रेजी न बोलें। हर भाषण में (मोदी)ओबीसी की बातें करते हैं। मोदी जी जब हिंदुस्तान में एक जात है गरीब तो आप अपने आप को ओबीसी क्यों कहते हैं। मोदी जी को आपने देखा है एक कपड़ा दो दिन पहना हो।
दिन भर में पांच पहनते हो। आप जीत गए ओबीसी तो ओबीसी बन गए। आप कहते हो एक जात है गरीबी..! अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान को 90 अफसर चलाते हैं। ये लोग तय करते हैं। ये अफसर बजट आ हर पैसा बांटते हैं,इनमे तीन ओबीसी हैं। क्या हिंदुस्तान में ओबीसी की आबादी 5 परसेंट हैं। पूरा देश जानती है आदिवासी की आबादी कितनी होती है। 90 अफसरों में कितने आदिवासी हैं।
आप सभी जाति जनगणना की आवाज उठाइए। एक बार सबके सामने आकंड़े आ जाएंगे। तीन अफसरों को बदलना पड़ेगा। मोदी जी के पास पूरे आकंड़े हैं। हम रिलीज करने कहते हैं। अब कह रहे कोई ओबीसी नहीं,सिर्फ एक जात है गरीब। आप जाति जनगणना करा दो,सच्चाई बता दो। लंबे लंबे भाषण देंगे पर नहीं बताएंगें। सरकार मोदी जी नहीं अदाणी चला रहे हैं। यहां सरकार आते ही जाति जनगणना शुरू कर देंगे।
मोदी जी करे न करें ,दिल्ली में इंडिया एलाइंस की सरकार आएगी हम करेंगे। मोदी की पालिसी नोटबन्दी,जीएसटी ने रोजगार की नीव तोड़ दी है। हर सवाल का जवाब हम दिलवा देंगे। आपका पैसा अदाणी के पास चला जाता है। 500 रुपये की सब्सिडी मिलेगी।
विधानसभा चुनाव के बीच 1 आतंकवादी CG से गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र दुर्ग : छत्तीसगढ़ के भिलाई के स्मृतिनगर से यूपी एटीएस ने दुर्ग पुलिस की मदद से एक संदेही आतंकवादी को पकड़ने में सफलता हासिल की हैं। गिरफ्तार आतंकवादी का नाम वजीहुद्दीन बताया जा रहा हैं। उक्त आतंकवादी को स्मृतीनगर के एसबीआई कॉलोनी से पकड़ा गया हैं। आरोपी कुछ समय पहले से यहां किराए के मकान में रहता था।
भाजपा ने ही छत्तीसगढ़ बनाया है और इसे भाजपा ही सवांरेगी – पीएम मोदी
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सूरजपुर की धरती से सरगुजा के लोगों को गारंटी देते हुए कहा कि भाजपा ने ही छत्तीसगढ़ बनाया है और इसे भाजपा ही सवांरेगी। उन्होंने कहा कि सरगुजा ने भाजपा को दिलीप सिंह जूदेव जैसे समर्पित नेतृत्व दिया जिन्होंने हमेशा गरीब शोषित, वंचित पिछड़े आदिवासी समाज की आकांक्षाओं को समझा। उन्होंने कहा कि मां कुदरगढ़ी महामाया माई और देवघर महादेव की इस पावन धरती पर आप सभी के दर्शन का सौभाग्य मिला। मैं इस क्षेत्र में कई बार आया। सुबह के समय इतनी बड़ी रैली करना इतनी बड़ी तादात में लोगों का आना यह अपने आप में मेरे मन को हृदय को छू गया। मुझे भरोसा है कि सरगुजा की जनता भाजपा को पूरा आशीर्वाद देती और मेरी गारंटी है कि सरगुजा के सपने पूरे होंगे। आज पूरा छत्तीसगढ़ कह रहा है भाजपा आवत हे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस राज में छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टे का काला कारोबार चलने पर कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को बदनाम किया है महादेव के नाम पर पर भी घोटाला कर दिया महादेव सट्टेबाजी घोटाले की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है। कांग्रेस ने अपनी तिजोरी भरने के लिए आपके बच्चों से ही सट्टेबाजी करवाई है। आपके बच्चों के भविष्य को बर्बाद करने का काम कांग्रेस ने किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय सट्टेबाजों का अड्डा कैसे बने हुआ था। 30 टका कक्का खुले आम सट्टा। यहां के मुख्यमंत्री के करीबी जेल में बंद है। छापों में नोटों के बड़े-बड़े बंडल मिल रहे हैं। करोड़ों रुपए पकड़े जा रहे हैं जो घोटाले का सबसे बड़ा आरोपी है टीवी पर आकर कह रहा है कि उसने मुख्यमंत्री को 500 करोड़ रुपए से भी ज्यादा की रिश्वत दी है। क्या और सबूत की जरूरत है? ऐसे ही आरोपों से घिरे मुख्यमंत्री को सीएम की कुर्सी पर एक भी पल नहीं रहना चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में पहले चरण का चुनाव में बड़े उत्साह उमंग के साथ भारी मतदान हो रहा है। यह छत्तीसगढ़ के नए भविष्य के निर्माण का उत्सव है। आपको छत्तीसगढ़ में एक मजबूत सरकार बनानी है। भारत में हमारे आदिवासी भाई बहनों की आबादी 9 से 10 करोड़ के आसपास है लेकिन आजादी के बाद दशकों तक कांग्रेस ने आदिवासियों का कोई हित भी नहीं किया। उन्हें उनके नसीब पर छोड़ दिया था। कांग्रेस ने कभी आपकी चिंता नहीं की आपके बच्चों के बारे में नहीं सोचा जबकि भाजपा ने हमेशा आदिवासी कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। क्या आपने कभी सोचा था कि आदिवासी परिवार की जंगलों में पैदा हुई, गरीब घर में पैदा हुई, एक आदिवासी बेटी देश की राष्ट्रपति बनेगी। कांग्रेस ने इसे रोकने की, उनका अपमान करने की इतनी कोशिश की जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती। लेकिन आदिवासी समाज की बहनों को यह सम्मान भाजपा ने ही दिया है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी उन्हें लगता था कि आदिवासियों के लिए पैसे खर्च करना मतलब गड्ढे में पैसे डालना, बर्बाद करना है। यही उनकी सोच थी लेकिन भाजपा ने जब भी आदिवासी हितों की बात आई सरकार का खजाना खोल दिया। तिजोरी खोल दी। आदिवासी समाज के लिए केंद्र सरकार ने इतना बजट दिया है कि इस समाज का उतना कल्याण हो रहा है जिसकी कभी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मैं सेवा करने के लिए पैदा हुआ हूं और आपने मुझे सेवा करने का अवसर दिया है। आदिवासी समाज के लिए केंद्र सरकार का बजट 6 गुना बढ़ा दिया गया। आपके बच्चों की पढ़ाई अच्छी हो, इसलिए आदिवासी क्षेत्रों में 500 नए एकलव्य मॉडल स्कूल बनाए जा रहे हैं। गरीब का बच्चा अंग्रेजी स्कूल में पढ़ाई करने जा नहीं सकता कांग्रेस के लोगों ने ऐसे नियम बनाए थे कि गरीब का बच्चा अगर अपने गांव की भाषा में पढ़ा है, आदिवासी की भाषा में पढ़ा है, अपने राज्य की भाषा में पढ़ा है तो वह बच्चा कभी डॉक्टर नहीं बन सकता कलेक्टर इंजीनियर नहीं बन सकता था क्योंकि डॉक्टर बनना है इंजीनियर बनना है तो आपको अंग्रेजी आनी जरूरी है। देश आजाद हो गया लेकिन कांग्रेस के दिमाग में से अंग्रेजी का भूत नहीं निकला। मोदी है जिसे आपकी तकलीफ का पता है इसलिए मैंने तय किया कि हर गरीब मां का बच्चा डॉक्टर बनेगा इंजीनियर बनेगा जिस भाषा में वह पढ़ता है उसी भाषा में वह डॉक्टर बनेगा इंजीनियर बनेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में भाजपा सरकार आदिवासी परिवारों को लाखों पट्टे दे चुकी है। 9 साल पहले 23000 पट्टे दिए गए थे वहीं भाजपा ने 80 हजार से अधिक नए सामुदायिक पट्टे दिए इसलिए हर शख्स यही बात कहता है कि भाजपा आवत हे। कांग्रेस की एक और बड़ी नाकामी रही है जब-जब कांग्रेस सरकार में आती है तब तब देश में आतंकवादियों और नक्सलियों के हौसले बढ़़ जाते हैं। जहां भी देखो बमबारी की घटनाएं होती है। जहां कांग्रेस सत्ता में होती है वहां अपराध का, लूट का राज चलता है। कांग्रेस सरकार नक्सली हिंसा को काबू करने में असफल रही। बीते कुछ समय में भाजपा के अनेक कार्यकर्ताओं को हमसे छीना गया है। अभी कुछ दिन पहले हमारे साथियों को गोली मार कर, कुल्हाड़ी मार कर हत्या की गई है। कितना ही पैसा क्यों ना हो जब बेटा शाम को घर न लौटे और बेटे की लाश घर में आए तो इन पैसों का क्या करेंगे। हर किसी की सुरक्षा बहुत जरूरी है इसलिए कांग्रेस को हटाना उतना ही जरूरी है। हर कोने से हर पोलिंग बूथ से कांग्रेस को हटाना है। सरगुजा संभाग में कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है यह सभी अच्छी तरह से जानते हैं। कांग्रेस सरकार में सरगुजा बस्तर क्षेत्र में मानव तस्करी और नशे का कारोबार बेतहाशा बढ़ गया है। यहां बहनों बेटियों को अपराधी निशाना बना रहे हैं। हमारे आदिवासी परिवारों की, गरीब परिवारों की अनेक बच्चियां गायब हुई है बेटियां कहां गई इसका कांग्रेस के नेताओं के पास कोई जवाब नहीं है। यहां कांग्रेस द्वारा वोट के लिए अवैध घुसपैठियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है। कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति के कारण यहां तीज त्योहार मनाना तक मुश्किल हो गया है। इसलिए पूरे सरगुजा से एक ही आवाज आ रही है बच्चा बच्चा एक ही बात बोल रहा है गांव हो या शहर हो, हर कोई एक ही बात कह रहा है अऊ नई सहिबो। बदल के रहिबो।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक देश की सरकार चलाई। देश के कोने-कोने में उन्हीं का राज था पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कांग्रेस का ही झंडा लहराता था लेकिन कांग्रेस ने गरीबों को सिर्फ झूठे नारे दिए। भाजपा के 10 साल के कार्यकाल में इतना काम हो सकता है तो कांग्रेस को पांच-पांच दशक मिले थे इसमें उन्होंने कुछ नहीं किया सिर्फ अपने जेब भरने का काम किया। गरीबी हटाओं के नारे देते रहे और खुद अमीर बन गए। उन्होंने कोरोना काल की याद दिलाते हुए कहा कि लोगों के पास कारोबार नहीं है लोग कहीं जा नहीं पा रहे हैं मेरे गरीब बच्चों का क्या होगा। क्या मेरे देश में गरीब का बच्चा भूखा हो जाएगा आदिवासी भाई का बेटा भूखा सो जाएगा मैंने उसी दिन तय किया सरकार का खजाना खोल दूंगा लेकिन गरीब का चूल्हा बुझने नहीं दूंगा अनाज का भंडार खोल दिया इतना लंबा समय हो गया आज भी गरीब को मुफ्त राशन मिल रहा है 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है ताकि उनका चूल्हा जलता रहे। हमने तय किया है कि आने वाले 5 वर्ष के लिए उन सभी परिवारों को मुफ्त में राशन मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा किए गए सभी वादों को प्रधानमंत्री ने मोदी की गारंटी बताते हुए कहा कि सारे वादे पूरे किए जाएंगे भाजपा जो कहती है वह पूरे करती है। हमने गरीब दलित एवं आदिवासी परिवारों को पक्का घर बनाने की गारंटी दी थी जिसे हमने पूरा किया लेकिन छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार गरीबों के पक्के घर बनने नहीं दे रही है। हमने कई बार समझाया लेकिन उन्होंने नहीं किया अब मैं आपको कहता हूं की कांग्रेस कि विदाई पक्की है और आपका घर भी पक्का है। उन्होंने कहा कि एक तरह कांग्रेस के झूठी वादे है और दूसरी तरफ मोदी की पक्की गारंटी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा की गई वादा खिलाफी पर जमकर हमले बोलते हुए कहा कि अब छत्तीसगढ़ की जनता इन पर भूले से भी भरोसा नहीं कर सकती। इन्होंने छत्तीसगढ़ के हर वर्ग के साथ धोखा किया है। शिक्षा, रोजगार, नौकरी, कोयला, शराब, गोठान, गोबर, पीएससी, डीएमएफ, चावल, ट्रांसफर, पोस्टिंग सब में घोटाले ही घोटाले किए है ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा, जहां इनकी घोटालेबाजी सामने न आयी हो।
*केवल विधायक-सरकार बनाने का ही नहीं, छत्तीसगढ़ को बचाने का चुनाव है – साव*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह छत्तीसगढ़ में विधानसभा का जो चुनाव हो रहा है, यह केवल विधायक बनाने का नहीं है, केवल सरकार बनाने का नहीं है, ये जो विधानसभा का चुनाव हो रहा है, वह छत्तीसगढ़ को बचाने का चुनाव है। जिस प्रकार से पाँच साल में भूपेश-अकबर-ढेबर की सरकार ने छत्तीसगढ़ की दुर्दशा की है, छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बनाया है, घपलों-घोटालों का गढ़ बनाया है, अपराध का गढ़ बनाया है, नशे का गढ़ बनाया है, माफियाओं का गढ़ बनाया है, आज छत्तीसगढ़ को बचाने का समय आ गया है। श्री साव ने कहा कि यह अटलबिहारी वाजपेयी जी का बनाया हुआ छत्तीसगढ़ आज जिस दिशा में भूपेश बघेल की सरकार लेकर जा रही है, वह दिशा फिर से छत्तीसगढ़ को अंधकार की दिशा की ओर ले जाने का काम कर रही है और इसलिए आज जो ये भूपेश बघेल की सरकार शराब, जुआ और सट्टा का जो खेल करके, भ्रष्टाचार की कमाई करके छत्तीसगढ़ को बर्बाद करने का काम कर रही है, ऐसे में यह चुनाव छत्तीसगढ़ को बचाने का चुनाव है। भाजपा ने एक खुशहाल छत्तीसगढ़, एक समृद्ध छत्तीसगढ़, एक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया है, मोदी जी की गारंटी छत्तीसगढ़ की जनता के लिए जारी की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने किसान भाइयों-बहनों से कहा कि देश की आजादी के बाद गाँव-गरीब-किसान की तरक्की और बेहतरी के लिए कांग्रेस पार्टी ने कभी कोई काम नहीं किया। गाँव-गरीब-किसान कांग्रेस की प्राथमिकता में कभी नहीं रहा है। और इसलिए आज छत्तीसगढ़ में जो हमने मोदीजी की गारंटी जारी की है, उसमें कहा है कि हम धान की कीमत 3,100 रुपए प्रति क्विंटल देने वाले हैं, और एक एकड़ में 21 क्विंटल धान की खरीदी करेंगे। और बड़ी बात यह है कि पूरी-की-पूरी राशि, जो भूपेश बघेल चार किश्तों में दे रहे थे, हम पूरी राशि एकमुश्त देने वाले हैं। सन 2015-16 व 2016-2017 के दो साल का पुराना बोनस, जिसे भूपेश बघेल ने देने का वादा करके पाँच साल में नहीं दिया, भी अटलबिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस पर 25 दिसम्बर को सभी किसान भाइयों के खाते में जमा कराएंगे। श्री साव ने कहा कि भाजपा ने माताओं-बहनों के लिए भी विवाहित महिलाओं के खाते में हर महीने 1 हजार रुपए (साल में 12 हजार रु.) देने वाले हैं। नौजवानों के लिए भी भाजपा की बड़ी सौगात मोदीजी की गारंटी में है, 1 लाख पदों पर भर्ती करके युवाओं को नौकरी देंगे। गरीब महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने वाले हैं। श्री साव ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ की खुशहाली, तरक्की और बेहतारी के लिए भाजपा ने अपना संकल्प पत्र लाया है और मैं आपसे कहना चाहता हूँ कि छत्तीसगढ़ को बचाने का समय आया है, छत्तीसगढ़ को खुशहाली और तरक्की की ओर लेकर जाना है। आप 17 नवम्बर को जब भाजपा के कमल पर बटन दबाएंगे तो यह छत्तीसगढ़ खुशहाली और तरक्की की ओर बढ़ेगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, प्रदेश प्रवक्ता व सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, शंकर अग्रवाल, प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा, रामप्रताप सिंह, भीमसेन अग्रवाल, परमेश्वरी राजवाड़े, बाबूलाल अग्रवाल, अजय गोयल, रामकृपाल साहू, रीतेश गुप्ता, सरगुजा संभाग के सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह (भरतपुर-सोनहत), विष्णुदेव साय (कुनकुरी), श्यामबिहारी जायसवाल (मनेंद्रगढ़), भैयालाल राजवाड़े (बैकुंठपुर), भूलनसिंह मरावी (प्रेमनगर), लक्ष्मी राजवाड़े (भटगाँव), शकुंतला सिंह पोर्थे (प्रतापपुर), रामविचार नेताम (रामानुजगंज), उधेश्वरी पैकरा (सामरी), प्रबोध मिंज (लुण्ड्रा), राजेश अग्रवाल (अंबिकापुर), रामकुमार टोप्पो (सीतापुर), रायमुनि भगत (जशपुर) और गोमती साय (पत्थलगाँव) समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विधानसभा चुनाव के बीच नक्सलियों ने मचाया उत्पाद, कहीं मतदान केंद्र हाईजैक की कोशिश तो कहीं फायरिंग अभी भी जारी…
हिंद स्वराष्ट्र नारायणपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में 20 सीटों के लिए जारी मतदान के बीच सुकमा के कोटा के बंडा मतदान केंद्र में मतदान से बौखलाए नक्सलियों ने मतदान केंद्र के 195 के बाहर कार्डन में तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी है जिसके बाद सुरक्षा बलों के जवानों ने जवाबी फायरिंग की। नक्सली और सुरक्षा जवानों के बीच करीबन 10 मिनट तक लगातार फायरिंग चलती रही। नक्सली ने मतदान केंद्र पर कब्जा करने की कोशिश भी की। डीआरजी के जवानों ने फायरिंग कर नक्सलियों को मौके से भगा दिया है। वहीं दूसरी घटना मेहता पंचायत के दूरमा में हुई जहां अभी भी गोलीबारी जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर रायपुर से भी अतिरिक्त बल को रवाना कर दिया गया है। सुकमा एसपी ने इस घटना की पुष्टि की हैं वहीं नक्सलियों के इस कायराना हरकत के बाद मतदाताओं में भय का माहौल बन गया हैं।
कांग्रेस ने जारी किया अपना घोषणा पत्र घोषणा पत्र में हर वर्ग को साधने का किया प्रयास…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है. इसी के साथ जनता को लुभाने के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं. कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की जनता के लिए वादों की झड़ी लगा दी है. इस बार राज्य की जनता के लिए कांग्रेस जो वादे लेकर आई है उनमें मुफ्त बिजली, धान खरीदी को लेकर बड़ा फैसला और तेंदूपत्ता कारोबारियों के लिए भी बड़ा वादा शामिल है.
कांग्रेस की बड़ी घोषणाएं
चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ की जनता को लुभाने के लिए कांग्रेस ने कई बड़े वादे किए हैं.
देखें लिस्ट-
– पहले की तरह इस बार भी कर्ज माफ होगा
– 1 नवंबर से धान खरीदी हो रही है,प्रति एकड़ 20 क्विंटल की खरीदी हो रही है
– छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 3200 रुपये में कांग्रेस खरीदी करेगी
– सभी सरकारी स्कूल और कॉलेज में केजी से पीजी तक फ्री एजुकेशन
– तेंदूपत्ता प्रति बोरा 6000 रुपए , 2 हजार रुपए बढ़ाया गया, संग्राहक को 4 हजार रुपए सालाना बोनस
– 200 यूनिट तक बिजली फ्री

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जारी किया घोषणा पत्र, घोषणा पत्र में की गई कई बड़ी घोषणाएं…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया गया है यह घोषणा पत्र केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जारी की हैं।
छत्तीसगढ़ में भाजपा के घोषणा पत्र में कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं पढ़े भाजपा के घोषणा पत्र :
0 प्रति क्विंटल 3100 रुपए एकमुश्त मिलेगा
0 भूमिहीन मजबूरों को सालाना 10,000
0 पांच सौ रुपये में गैस सिलेंडर
0 10 लाख तक गरीबों का मुफ्त इलाज। 5 लाख आयुष्मान से। उसके ऊपर मुख्यमंत्री विशेष सहायता से।
0 5500 में खरीदेंगे तेंदूपत्ता
0 4500 रुपये तक बोनस
0 चरण पादुका व अन्य सुविधा
0 बस्तर और सरगुजा का अलग से घोषणापत्र जारी होगा
0 सभी 90 विधानसभा क्षेत्र के लिए स्थानीय जरूरत को ध्यान में रखते हुए पृथक घोषणा पत्र
0 छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए रामलला दर्शन योजना
0 1000 किलोमीटर लंबी शक्तिपीठ परियोजना
0 जुड़ेंगी 5 शक्तिपीठ
0 डेढ़ लाख बेरोजगार युवाओं को भर्ती कर सार्वजनिक घर पहुंच सेवा
0 उद्यम क्रांति के तहत 50 प्रतिशत सब्सिडी के साथ ब्याजमुक्त ऋण
0 बनेंगे 18 लाख प्रधानमंत्री आवास
0 दो साल के भीतर हर घर निर्मल जल
0 दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर एससीआर स्टेट केपिटल रीजन
0 इनोवेशन हब में 6 लाख रोजगार के अवसर
0 विद्यार्थियों को मिलेगा ट्रेवल एलाउंस
0 इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ के तहत देशी विदेशी कंपनियों से निवेश आमंत्रण
नाम निर्देशन की संवीक्षा पूर्ण, 44 अभ्यर्थियों के नामांकन विधिमान्य
अभ्यर्थी 02 नवम्बर तक कर सकेंगे नाम वापसी..
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत सरगुजा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र हेतु सामान्य प्रेक्षक आईएएस डॉ बी. सी. सतीश, आईएएस रूपवंत सिंह, एवं आईएएस पी. कोटेश्वर राव की उपस्थिति में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 09- लुण्ड्रा, 10- अम्बिकापुर और 11- सीतापुर के लिए किए गए नाम निर्देशन पत्र की स्क्रूटनी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष की गई। इस अवसर पर रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निग ऑफिसर सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत द्वितीय चरण के 03 विधानसभा क्षेत्रों में आज नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद कुल 44 अभ्यर्थियों के नामांकन विधिमान्य पाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि द्वितीय चरण में नामांकन के अंतिम दिन 30 अक्टूबर तक कुल 57 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था।
विधानसभा लुण्ड्रा से 12 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधिमान्य –
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-09 लुण्ड्रा से 15 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जिसकी आज संवीक्षा पश्चात 12 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए। इसमें लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी से प्रबोध मिंज, हमर राज पार्टी से अनुक प्रताप सिंह टेकाम, इंडियन नेशनल कांग्रेस से डॉ प्रीतम राम, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़(जे) से इसीदोर तिर्की, आम आदमी पार्टी से अलेक्जेण्डर केरकेट्टा, बहुजन समाज पार्टी से दिलीप सिंह गोंड, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) से बलबीर नागेश तथा निर्दलीय प्रत्याशी अफसाना सिंह, चक्रधारी सिंह, लीलाधर पैंकरा, उर्मिला सिंह, लोभन राम पैंकरा नामांकन पत्र स्वीकृत हुए। इण्डिया ग्रीन्स पार्टी से नामांकन जमा करने वाली प्रत्याशी अफसाना सिंह को संबद्ध राजनैतिक दल से फॉर्म ए व बी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर निर्दलीय प्रत्याशी घोषित किया गया। नामांकन पत्रों में विधिमान्य नहीं पाए गए में राजीव लकड़ा, बाल सिंह आंडिल्य तथा प्रमोद मिंज शामिल हैं।
विधानसभा अम्बिकापुर से 15 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधिमान्य –
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-10 अम्बिकापुर से 19 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जिसकी आज संवीक्षा पश्चात 15 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए। अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र से इंडियन नेशनल कांग्रेस से टीएस सिंहदेव, भारतीय जनता पार्टी से राजेश अग्रवाल, हमर राज पार्टी से रामनन्दन पैंकरा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से बालसाय कोर्राम, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से संतोष विश्वकर्मा, राष्ट्रीय महान गणतंत्र पार्टी से सुजान बिंद, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़(जे) से अब्दुल माजिद तथा निर्दलीय प्रत्याशी में अनिल श्रीवास्तव, एस्तर खलखो, मीरा रवि, क्रान्तिकुमार रावत, राकेश कुमार साहू, प्रदीप अग्रवाल, मुकेश गोस्वामी, रामकुमार सिंह टेकाम के नामांकन पत्र स्वीकृत हुए। गौरतलब है कि गण सुरक्षा पार्टी से नामांकन जमा करने वाले प्रत्याशी एस्तर खलखो एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से नामांकन पत्र जमा करने वाले प्रत्याशी रामकुमार सिंह टेकाम को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध ना करा पाने पर निर्दलीय प्रत्याशी घोषित किया गया। नामांकन पत्रों में, विधिमान्य नहीं पाए गए में वसीम अकरम, कृष्ण नन्दन सिंह, सुनील कुमार पलसकर, संदीप खलखो शामिल हैं।
विधानसभा सीतापुर से 17 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधिमान्य –
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-11 सीतापुर से 23 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जिसकी आज संवीक्षा पश्चात 17 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से इंडियन नेशनल कांग्रेस से अमरजीत भगत, भारतीय जनता पार्टी से रामकुमार टोप्पो, आम आदमी पार्टी से प्रियंका बंसोड़, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से जेम्स टोप्पो, बहुजन समाज पार्टी से प्रकाश कुमार किस्पोट्टा, बहुजन मुक्ति पार्टी से निर्मल कुजूर, हमर राज पार्टी से कमलनाथ सिंह तथा निर्दलीय से रामकुमार किंडो, अनिल मिंज, डॉ आजाद भगत, संतोष कुमार खेस्स, बालमदीना निराला, फ्रांसीस एक्का, चक्रधर पैंकरा, विपिन बिहारी पैंकरा, शांति देवी, रामकुमार एक्का के नामांकन पत्र विधिमान्य पाए गए। नामांकन पत्रों में जो विधिमान्य नहीं पाए गए, में राजाराम भगत, सेतराम बड़ा, मुन्नालाल टोप्पो, रामाधार सिंह, बसंत कुमार घीचा और रामकुमार लकड़ा शामिल हैं।
जिले के दो विधानसभा क्षेत्र में 25 प्रत्याशियों के नामनिर्देशन पत्र स्वीकृत..
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : प्रदेश में दूसरे चरण में होने वाले विधानसभा निर्वाचन के लिए 21 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2023 तक बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के 02 विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 33 प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन पत्र जमा किया था। दोनों विधानसभा क्षेत्रों से अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्रों को रिटर्निंग ऑफिसर के द्वारा स्क्रूटनी की कार्यवाही की गई। जिसमें विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 07-रामानुजगंज से 11 अभ्यर्थियों एवं 08-सामरी से 14 अभ्यर्थियों के नामनिर्देशन पत्र स्वीकृत किये गये।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 07-रामानुजगंज के लिए कुल 15 प्रत्याशियों ने नामनिर्देशन पत्र जमा किया था। जिसमें 11 अभ्यर्थी वैध पाये गये, इण्डियन नेशलन कांग्रेस से डॉ. अजय कुमार तिर्की, भारतीय जनता पार्टी से रामविचार नेताम, आम आदमी पार्टी से नीलम दीदी, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से ज्ञानी सिंह, हमर राज पार्टी से उपेन्द्र मुरूम, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से दयाशंकर मरकाम, समाजवादी पार्टी से रामविलास पण्डो, निर्दलीय प्रत्याशी में अजय तिर्की, करमचन्द सिंह, प्रतिभा सिंह, सूरजदेव सिंह के नामनिर्देशन पत्र वैध पाये गये।
इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 08-सामरी के लिए कुल 18 प्रत्याशियों ने नामनिर्देशन पत्र जमा किया था। जिसमें 14 अभ्यर्थी वैघ पाये गये, जिनमें भारतीय जनता पार्टी से उद्धेश्वरी पैकरा, इण्डियन नेशनल कांग्रेस से विजय पैकरा, बहुजन समाज पार्टी से आनन्द तिग्गा, आम आदमी पार्टी से देवगणेश सिंह टेकाम, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से प्रभात बेला मरकाम, हमर राज पार्टी से परशुराम भगत, बहुजन मुक्ति पार्टी से बलासियुस तिग्गा, जनता कांग्रेस से विद्यासागर पैकरा, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया से शीतल खलखो, तथा निर्दलीय प्रत्याशी में प्रभुराम भगत, सचिन कुमार, सुदामा भगत, सुलिमा तिग्गा एवं संतोष सिंह के नामनिर्देशन पत्र वैध पाये गये।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 07-रामानुजगंज के 04 अभ्यर्थियों जिनमें आम आदमी पार्टी बंधु मसराम, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से बसंत कुजूर, निर्दलीय प्रत्याशी भूनेश्वर सिंह एवं रामेस्वर अगरिया तथा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 08-सामारी के 04 अभ्यर्थियों जिनमें भारतीय जनता पार्टी के सिद्धनाथ पैकरा, आम आदमी पार्टी से विकास मिंज, निर्दलीय प्रत्याशी परसन राम एवं ससिता के नाम निर्देशन पत्र निरस्त किये गये।
विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 में कोटवारों एवं वनरक्षकों को विशेष पुलिस अधिकारी का दर्जा प्राप्त…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग द्वारा जारी पत्र अनुसार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को पत्र जारी कर कहा है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2023 में कोटवारों एवं वनरक्षकों को विशेष पुलिस अधिकारी का दर्जा दिया जाना है। जिसके सम्बन्ध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदेश जारी कर सर्व सम्बन्धितों को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया है।