हिंद स्वराष्ट्र कोरबा : दीपका इलाके के मांगामार गांव में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में तीनों की मौत हो गई हैं। स्वजनों ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मिली जानकारी के अनुसार रामगोपाल उइके की पत्नी गिरजा बाई (26) गुरुवार को रात में दो बजे के बाद छह महीने की बेटी सानिया और दो वर्ष के बेटे सिद्धांत उर्फ सिद्धू के साथ घर से निकली और पड़ाेस में स्थित कुएं में बच्चों के साथ कूद गई। मिली जानकारी के अनुसार उस वक्त उसका पति घर में सो रहा था। जब सुबह लोगों ने एक शव कुएं में देखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस की मौजूदगी में कांटा फेंका गया तो एक-एक कर तीनों शव नजर आ गए। शवों को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया हैं।
पुलिस को परिजनो ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति खराब थी। दीपका पुलिस के अनुसार मृतका मायके में ही रहती थी। उसने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया फिलहाल इसकी जांच की जा रही हैं। महिला के पति तथा उसके मायके वालों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद ही कुछ बताया जा सकता हैं।
महिला ने अपने 2 बच्चों के साथ कुएं में कूदकर की आत्महत्या…
आग लगी तो बचाना हो जाएगा मुश्किल : होलीक्रॉस स्कूल, सिनेमाघरों में मिलीं कई खामियां, थमाया गया नोटिस…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिला अग्निशमन विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर के मिशन अस्पताल, होलीक्रॉस स्कूल, मल्टीप्लेक्स जेसीएम, वसुंधरा मल्टीप्लेक्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में लगे अग्निशमन यंत्रों की जांच-पड़ताल कर उचित सलाह दी। जांच के दौरान कई जगहों पर कमियां पाई गईं। इनके द्वारा अग्निशामक नियमों का पूरी तरह पालन नहीं करना पाया गया। ऐसे में विभाग द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस देकर नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। अग्निशामक विभाग के जिला अधिकारी निरीक्षक योग्यता साहू एवं उप निरीक्षक संजय गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार को मिशन अस्पताल, होलीक्रॉस स्कूल, मल्टीप्लेक्स जेसीएम, वसुंधरा मल्टीप्लेक्स में लगे अग्निशामक यंत्रों की जांच की गई। सबसे पहले जिला अग्निशामक विभाग की टीम मिशन अस्ताल पहुंची।
अस्पताल में लगे फायर सेफ्टि सिलेंडर की जांच की गई। जांच में सिलेंडर सही पाया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा सिलेंडर की रिफिलिंग समय पर कराई गई थी। इसके बाद टीम ने अस्पताल में लगे अग्निशामक यंत्र के मुख्य उपकरण की जांच की गई, जो सही पाया गया। इस यंत्र को आपात स्थिति में कैसे ऑपरेट करना है तथा ऑपरेटर की व्यवस्था अस्पताल प्रशासन द्वारा नहीं की गई है। केवल उपकरण लगाए गए थे। इसके बाद टीम द्वारा होलीक्रॉस स्कूल, मल्टीप्लेक्स जेसीएम व वसुंधरा मल्टीप्लेक्स में की जांच की गई। इन स्थानों पर अग्निशामक यंत्र के कई उपकरणों में कमी पाई गई। ऐसे में विभाग द्वारा प्रबंधन को नोटिस देकर दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन यंत्रों की हुई जांच-पड़ताल
अस्पताल एवं बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों में अग्निशामक यंत्र होना अनिवार्य है तथा इनकी समय-समय पर जांच होनी चाहिए। अग्निशामक सिलेंडर में सीओ-टू की जांच की गई। इसमें तीन तरह की आग को बुझाने वाला रसायन होता है। आग लगने पर इलेक्ट्रिक एवं गैस पर बहुत जल्दी काबू पाया जाता है। तेल, पेट्रोल, डीजल से आग लगने पर इसे काबू करने के लिए फोम का यूज, फायर वाल्व के कार्यों के विषय में हॉस्पिटल संचालकों को विस्तार से जानकारी दी गई।
जवानों की सुनीं समस्याएं
जिला सेनानी नगर सेना अम्बिकापुर संभागीय सेनानी आरके पाण्डेय द्वारा प्रभारी जिला सेनानी योग्यता साहू के साथ विभाग में उपलब्ध संसाधनों एवं अग्निशमन इकाई एसडीआरएफ के जवानों का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सर्वप्रथम पीसीव्ही शिवनाथ राजवाड़े द्वारा परेड की सलामी दी गई। उसके बाद जवानों का मार्च पास्ट कराया गया। परेड में जिला पुलिस बैण्ड के सदस्य निर्धारित परिधान में मौजूद थे।
एफडीसीए छत्तीसगढ़ द्वारा किया गया मिस & मिसेज सरगुजा का आयोजन….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : एफ.डी.सी.ए.छत्तीसगढ़ द्वारा मिसेज़ और मिस सरगुज़ा का आयोजन किया गया साथ ही साथ मिसेज़ और मिस छत्तीसगढ़ का भी ऑडिशन लिया गया। जिसका ग़्रेएंड फ़िनाले 18 सितंबर को होटल वी. डब्लू. कैन्यॉन रायपुर में आयोजित होगा। मिसेज़ सरगुज़ा का ख़िताब प्रीति ने जीता, फ़र्स्ट रनर अप मंजु कश्यप ,प्रियंका यादव सेकंड रनर अप नीलम सिंह,रानु साहू ,सुनीता गुप्ता रहीं। मिस सरगुज़ा का ख़िताब दीपिका तिर्की को मिला,फ़र्स्ट रनर अप कशिश त्रिपाठी,सेकेंड रनर अप मून , गुनगुन रॉय तथा रितंबरा सिंह रहीं ।

कार्यक्रम का मैनज्मेंट अंकिता मिश्रा द्वारा किया गया। शो की जज पूर्व विजेता प्रतिमा सिंह और रश्मि स्वर्णकार रहे। अतिथियों में बीस सूत्रिय उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, महापौर डॉ अजय तिर्की, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक और अथिति के रूप में स्काउट गाइड राज्य आयुक्त और प्रदेश कांग्रेस सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन पीजी कॉलेज ऑडिटॉरीयम में किया गया ।
एल्यूमिना रिफाइनरी का विरोध मामला : BJP ने SP सरगुजा को आवेदन सौप ग्रामवासियों की सुरक्षा की मांग…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : ग्राम चिरंगा में खुल रहे एल्मुनिया रिफाइनरी फैक्ट्री विवाद मामले में भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री देवनाथ सिंह पैकरा ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सरगुजा को आवेदन सौंप उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होने अपने आवेदन में पुलिस एवम् प्रशासन को ग्राम चिरगा में किसी प्रकार का उपद्रव न होने की चेतावनी भी दी हैं। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि विगत कुछ दिनों से बतौली में बाहरी असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा हुआ है. रोज सैकड़ों के संख्या में असामाजिक तत्व जो कि मां कुदरगढ़ी एल्मुनिया रिफाइनरी फैक्ट्री / पॉवर प्लांट में नौकरी के नाम पर ग्राम चिरगां माजा कालीपुर में जाकर यहां के भोले-भाले ग्रामीणों को धमका रहे है।मां कुदरगढ़ी एलुमुनिया फैक्ट्री आने के कारण ग्राम चिरंगा मांजा कालीपुर लैगू करदना के ग्रामीण भयभीत और डरे हुए है। उपद्रवियों के द्वारा बार-बार बाइक रैली लाठी डंडा से लैस आदिवासी राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र पहाड़ी कोरवाओं और ग्रामीणों को धमकाया जा रहा है। ग्रामीणों के साथ भारतीय जनता पार्टी बतौली मंडल का एक-एक कार्यकर्ता खड़ा है।अगर किसी भी प्रकार की लड़ाई झगड़ा या उपद्रव होता है तो भारतीय जनता पार्टी मंडल बतौली उसकी कड़ी निंदा करती है और प्रशासन को सचेत करती है की किसी भी प्रकार की घटना होती है तो उसकी जवाबदारी पुलिस प्रशासन की होगी। साथ ही इस बात का भी उल्लेख किया गया है भविष्य में ऐसा होता है तो भारतीय जनता पार्टी मंडल बतौली रोड में उतर कर आंदोलन करना पड़ेगा जिसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होगा।
20 साल पुराने पट्टे की खरीद बिक्री के लिए कलेक्टर से अनुमति की बाध्यता खत्म…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के अंबिकापुर दौरे में उन्होंने कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात की और जमीन रजिस्ट्री में मनमानी पर राजस्व मंत्री ने बताया कि कलेक्टर द्वारा जारी किए 20 साल से पुराने पट्टे की खरीद- बिक्री के लिए कलेक्टर की अनुमति की जरूरत अब नहीं रहेगी। केबिनेट में इस आशय का प्रस्ताव पारित होने के बाद राजभवन से भी मंजूरी मिल गई है। जिसे लेकर जल्द आदेश जारी होगा। राजस्व मंत्री के प्रवास के दौरान नगर निगम के महापौर डॉ. अजय तिर्की, श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, सभापति अजय अग्रवाल ने राजस्व मंत्री से निगम क्षेत्र में विभिन्न निर्माण और विकास कार्य के लिए।
52 अलग-अलग स्थानों पर पहले से चिन्हित भूमि के आवंटन की मांग रखी। मंत्री ने सभी भूखंडों को तत्काल निगम को स्थानांतरित करने का निर्देश राजस्व विभाग को दिए। आवंटन नहीं होने से निगम क्षेत्र के कई विकास व निर्माण कार्य लंबित हैं। निगम का राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से शॉपिंग कॉम्पलेक्स, सामुदायिक व व्यसायिक भवन का निर्माण का रास्ता आसान हो सकेगा। राजस्व मंत्री ने नमनाकला में कैथोलिक इसाई समुदाय के लिए कब्रिस्तान के लिए भूमि के आवंटन की अनुशंसा की है। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमन्त सिन्हा, जिला महामंत्री सय्यद अख्तर हुसैन, प्रवक्ता आशीष वर्मा, रजनीश सिंह, मिथुन, अविनाश, पंकज शुक्ला, विकास शर्मा इस दौरान उपस्थित थे।
पुलिस विभाग में तबादले : TI, SI समेत 13 पुलिसकर्मियों के तबादले…
हिंद स्वराष्ट्र महासमुंद : पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने 13 पुलिसकर्मियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। देखे आदेश :

मुख्यमंत्री ने धरमजयगढ़ में 569 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास…
हिंद स्वराष्ट्र धरमजयगढ़ : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दूसरे चरण में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विधानसभा में 569 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत के 24 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें 64 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित 15 कार्यो का लोकार्पण एवं 505 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 9 कार्यों का शिलान्यास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम के दौरान जिन कार्यों का लोकार्पण किया उनमें लोक निर्माण विभाग द्वारा 24 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से घरघोड़ा-बायपास मार्ग का उन्नयन कार्य, शिक्षा विभाग द्वारा 74 लाख रुपये की लागत से घरघोड़ा के ग्राम-भालूमार में नवीन हाईस्कूल भवन निर्माण एवं 75 लाख रुपये की लागत से धरमजयगढ़ अंतर्गत ग्राम-ससकोबा में शाासकीय हाईस्कूल भवन का निर्माण, आदिवासी विकास विभाग द्वारा 14 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से धरमजयगढ़ में 500 सीटर आदिवासी छात्रावास भवन का निर्माण, 3 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से घरघोड़ा एवं महाराजगंज में 50-50 सीटर पोस्ट मैट्रिक छात्रावास भवन निर्माण, लोक निर्माण विभाग सेतु द्वारा 8 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से धरमजयगढ़ से कोरबा, उरगा, हाटी एवं धरमजयगढ़ मार्ग में सरिया नाला सेतु निर्माण कार्य एवं 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से कुड़ेकेला के बंगरसुता मार्ग पर मांड नदी पर पुल निर्माण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 25 लाख रुपये की लागत से धरमजयगढ़ अंतर्गत ग्राम पण्ड्रीमौहा एवं उदउदा में मानव राहत केन्द्र सह अन्नागार, वन विभाग द्वारा 80 लाख रुपये की लागत तीन जगहों पर डब्ल्यूबीएम वनमार्ग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 40 लाख रुपये की लागत से मेडिया खूंटा नाला में वेंटेज, कॉजवे निर्माण भाग-1 व 2 तथा नगर पंचायत घरघोड़ा द्वारा 27 लाख रुपये की लागत से पौनी पसारी बाजार निर्माण कार्य शामिल है।
शिलान्यास कार्य के तहत न्याय विभाग द्वारा 76 लाख रुपये की लागत से सिविल कोर्ट घरघोड़ा में न्यायिक अधिकारियों के लिए 1 नग डी टाईप शासकीय आवास गृह निर्माण, आदिवासी विकास विभाग द्वारा 01 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से घरघोड़ा के ग्राम बिच्छीनारा में 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, लोक निर्माण विभाग सेतु द्वारा 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से रायगढ़ के पानीखेत से ऐडुकला मार्ग पर पुल निर्माण एवं 7 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से ग्राम समनिया व पत्थलगांव खुर्द के मध्य सांगुल नदी में पुल निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 329 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से धरमजयगढ़ एवं घरघोड़ा में 92 रेट्रोफिटिंग योजना, 110 सिंगल विलेज एवं 71 सोलर योजना कार्य, नगर पंचायत घरघोड़ा द्वारा 2 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड व नाली निर्माण तथा 94 लाख रुपये की लागत से घरघोड़ा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 छोटेमुड़ा तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य तथा विद्युत विभाग द्वारा 156 करोड़ रुपये की लागत से धरमजयगढ़ के हाटी में 220/132 के.व्ही.उपकेन्द्र निर्माण कार्य शामिल है।
आजादी के अमृत महोत्सव पर सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय ने मनाया राष्ट्रीय हिंदी दिवस…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय सुभाष नगर अंबिकापुर में आज दिनांक 14 सितंबर को शिक्षा महाविद्यालय के सांस्कृतिक सभाकक्ष में राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाए जाने के प्रथम सोपान में प्राचार्य डॉ. श्रद्धा मिश्रा जी ने मांँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पार्पण कर प्रारंभ किया। शिक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षणार्थियों के बीच गीत, कविता,भाषण व हिंदी मॉडल निर्माण पर रचनात्मक प्रतियोगिताएँ आयोजित हुई। जिसका मूल्यांकन व अवलोकन प्राध्यापक वर्ग ने किया। शिक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षणार्थियों व हिंदी प्रेमियों के लिए हिंदी के प्रतिदर्श अवलोकनार्थ रखा गया था। अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉक्टर श्रद्धा मिश्रा जी ने कहा कि हिंदी भाषा वह भाषा है जो अ से अज्ञानी से शुरू होती है और ज्ञ से ज्ञानी बना कर छोड़ती है उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हमें अपने जीवन में अधिक से अधिक हिंदी को अपने शब्दकोश में स्थान देकर हिंदी का पूरे विश्व में मान बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प लेना होगा, मंच का संचालन व आभार प्रदर्शन सांस्कृतिक प्रभारी अपराजिता कैवर्त्य जी ने किया, कार्यक्रम में समस्त शैक्षणिक व अशैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे, कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम गीत के साथ हुआ।
शास.नवीन महाविद्यालय मनोरा में पहली बार मनाया गया हिन्दी दिवस..
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : 14 सितम्बर हिन्दी दिवस के अवसर पर शास.नवीन महाविद्यालय मनोरा में पहली बार विविध कार्यक्रम आयोजित किये गए। दैनिक कक्षाओं के बाद कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ शुरू हुआ। हिन्दी विभाग के सहा.प्राध्यापक शान्ति प्रकाश भगत ने हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी छात्रों,सहा.प्राध्यापकों और अन्य कर्मचारियों से अच्छी और शुद्ध हिन्दी भाषा के प्रयोग पर जोर दिया। छात्रा कु.मनीषा बाई, रेणु बाई, अलीशा बड़ा, आकांक्षा लकड़ा,श्यामवती यादव,प्रीति तिर्की और अन्य ने हिन्दी कविता,गीत,चुटकुले और अनमोल वचन सुनाया तो वहीं इतिहास के स.प्रा.विकास कु.लकड़ा ने अपनी स्वरचित हास्य व्यंग कविता ‘ जानम समझा करो ‘ सुनाकर तालियां बटोरी। वनस्पति शास्त्र की स.प्रा.दिव्य प्रतिमा लकड़ा ने अमर कहानीकार चन्द्रधर शर्मा गुलेरी की रचना ‘उसने कहा था’ का कुछ अंश वाचन करते हुए छात्रों के मध्य शुद्ध लेखन प्रतियोगिता कराई।विशेष उल्लेखनीय बात यह है कि अंग्रेजी के स.प्रा. अलेख केरकेट्टा ने हिन्दी में कई कविताओं की पंक्तियां सुनाते हुए कुशल मंच संचालन किया। वाणिज्य के स.प्रा.आलोक कुजूर ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अभावों के बावजुद सभी से शिक्षा के साथ साथ सभी गतिविधियों में बढ़चढ़ के हिस्सा लेने और आगामी हिन्दी दिवस पर स्वरचित रचना के साथ नाट्य,कवि सम्मेलन,संगोष्ठी जैसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सुभाष टोप्पो, दिलेश्वर छतरिया,प्रमोद राय सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी कर्मचारियों और छात्रों का विशेष योगदान रहा।
सभी दस्तावेजों का रजिस्ट्रीकरण अब होगा सूरजपुर में, सरगुजा में नहीं होगा पंजीयन…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : राजस्व जिला सूरजपुर को रजिस्ट्रीकरण जिला बनाया गया है। जिसमें संपूर्ण सूरजपुर, प्रतापपुर, प्रेमनगर, रामानुजनगर, लटोरी, भैयाथान एवं ओड़गी राजस्व तहसील समाविष्ट होंगी। सभी संबंधित दस्तावेजों का पंजीयन जिला सूरजपुर में होगा। अब नई अधिसूचना अनुसार सरगुजा में सूरजपुर वासियों के दस्तावेज का पंजीयन सरगुजा में नहीं होगा।
तहसील कार्यालय के बाबू को कलेक्टर ने किया निलंबित…
हिंद स्वराष्ट्र बलौदाबाजार : कलेक्टर रजत बंसल ने आज राजस्व अधिकारियों को कड़ी सन्देश देते हुए पलारी तहसील में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 हेमंतदास मानिकपुरी को आज निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है विगत 9 सितंबर को कलेक्टर रजत बंसल ने पलारी तहसील कार्यालय पहुँचकर आकस्मिक निरीक्षण किया था।
जिस दौरान न्यायालय नायब तहसीलदार पलारी के कोर्ट में कार्यरत हेमंतदास मानिकपुरी, सहायक ग्रेड-03, तहसील कार्यालय पलारी द्वारा ऑनलाईन दर्ज प्रकरणों में आदेश पत्र ऑनलाईन जारी नहीं किया गया है और न हीं ऑफलाईन आदेश पत्र को अपलोड किया गया है। इस संबंध में संबंधित कर्मचारी को 12 सितंबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उनके द्वारा जवाब संतोषप्रद नही पाये जाने के कारण छ.ग. सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला कार्यालय बलौदाबाजार नियत किया निलंबन अवधि में मूलभुत नियमदृ53 के अंतर्गत नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
करोड़ों की ठगी मामले में अंश बिल्डर्स के संचालक पति–पत्नी गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : ठगी के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. अंश बिल्डर्स कंस्ट्रक्शन में करोड़ों रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को जौनपुर उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है. तीन अलग-अलग मामलों में प्रार्थियों ने थाना गांधीनगर एवं कोतवाली में अंश कंस्ट्रक्शन द्वारा धोखाधड़ी कर जमीन विक्रय कर रजिस्ट्री न करने एवं विक्रय की गई भूमि पर भवन निर्माण नहीं करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. प्रार्थियों की रिपोर्ट पर तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था. इसके अतिरिक्त जमीन क्रय विक्रय एवं भवन निर्माण में धोखाधड़ी करने की शिकायत की जांच की जा रही है.
सरगुजा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर आरोपी के ठीकानों पर पतासाजी कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उत्तरप्रदेश के जौनपुर में है. पुलिस टीम को आरोपियों की धरपकड़ के लिए जौनपुर उत्तरप्रदेश भेजा गया था. टीम के अथक प्रयास एवं साइबर सेल की मदद से आरोपी नेहा सिंह और उसके पति पंकज सिंह निवासी ठाकुरपुर गांधीनगर को जौनपुर उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया गया और थाने लाकर पूछताछ की जा रही है. आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया है.
मां कुदरगढ़ी एल्यूमिना रिफाइनरी फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों का हल्ला बोल….कलेक्टर से अपनी फरियाद लेकर पहुंचे ग्रामीणों को मिला कलेक्टर सरगुजा का साथ….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : चिरंगा में लग रहे मां कुदरगढ़ी एलुमिना रिफाइनरी फैक्ट्री के विरोध में हजारों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर अंबिकापुर पहुंचे। जहां अचानक इतनी भारी संख्या में लोगों को इकट्ठा होते देख लोगो में भी कोतुहल मच गया और जिला प्रशासन भी भीड़ को मद्देनजर सजग रहा और भीड़ को कलेक्ट्रेट से पहले ही कला केंद्र मैदान में ही रोक दिया गया। कला केंद्र मैदान में ही ग्रामीणों की समस्या सुनने अपर कलेक्टर के.एल. ध्रुव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला पहुंचे जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्या उनके समक्ष रखी।
जाने क्या है पूरा मामला
दरअसल 2 वर्ष पूर्व दिनांक 08/08/2020 को ग्रामसभा बनाकर पंचायत की जमीन को उद्योग व्यापार विभाग अंबिकापुर को दिए जाने का प्रस्ताव चिरंगा पंचायत द्वारा पास कर दिया जाता है, जिसके बाद उद्योग व्यापार विभाग अंबिकापुर द्वारा उक्त जमीन को लीज पर मां कुदरगढ़ी एलुमिना रिफाइनरी फैक्ट्री को सौंप दी जाती है। जिसके बाद फैक्ट्री का विरोध ग्रामीणों द्वारा किया जाता है और उनके द्वारा हाई कोर्ट बिलासपुर में फर्जी ग्रामसभा के विरुद्ध याचिका दायर की जाती है, हाई कोर्ट द्वारा सरगुजा कलेक्टर को ग्राम सभा के जांच के आदेश दिए जाते हैं जिसके बाद तत्कालीन सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा द्वारा ग्राम सभा के जांच के आदेश एसडीएम सीतापुर अनमोल विवेक टोप्पो को दिए जाते हैं। जहां एसडीएम सीतापुर द्वारा जांच में लीपापोती करते हुए कुछ ग्रामीणों को अपने ऑफिस में बुलाकर ग्रामसभा के संबंध में शपथपत्र भरवाया जाता है, एसडीएम द्वारा जिन 8 ग्रामीणों से शपथपत्र लिया जाता है उन सभी द्वारा अपने आप को उक्त ग्रामसभा का अध्यक्ष मनोनीत होना बताया जाता है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब ग्राम सभा हुई तो सभी ग्रामीणों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई?
एसडीएम की जांच भी संदेहास्पद है क्योंकि एक सभा में 8 अध्यक्ष कैसे मनोनीत हो सकते हैं??
सरगुजा कलेक्टर से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों में दिखा उत्साह
सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार द्वारा इतनी भारी भीड़ को कलेक्ट्रेट हमें अपनी समस्याओं को लेकर आते देखकर इस मामले को तत्काल संज्ञान में लिया ग्रामीणों ने भी कलेक्टर से मिले बगैर वापस जाने से इंकार कर दिया जिसके बाद कलेक्टर और ग्रामीणों के बीच लगभग 2 घंटे की बैठक हुई जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को कलेक्टर के सामने रखा जिसके बाद जब ग्रामीण बाहर है तो वे काफी उत्साहित नजर आए उन्होंने बताया कि सरगुजा कलेक्टर द्वारा उन्हें यह आश्वासन दिया गया है कि अगर ग्रामवासी नहीं चाहेंगे तो कंपनी नहीं खुलेगी। जिसके बाद ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए।
इतनी भारी संख्या में ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर अंबिकापुर पहुंचे थे जिसे देखते हुए कलेक्टर द्वारा उन्हें घर वापस भेजने के लिए 3 बसों की व्यवस्था कर दी गई।
राजस्व विभाग के कर्मचारियों का तबादला…देखे आदेश..
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : कलेक्टर बलरामपुर विजय दयाराम ने राजस्व विभाग के तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के 9 कर्मचारियों के स्थान्तरण का आदेश जारी कर दिया है।
देखे आदेश :

बिग ब्रेकिंग : रायपुर से सीतापुर आ रही यात्री बस और ट्रेलर में भिड़ंत, 7 की मौत….
हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : रायपुर से सीतापुर जा रही मेट्रो स्टार यात्री बस आज तड़के बांगो थाना के मडई के पास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत सामने आई है। 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था वही अस्पताल में एक बच्चे की भी मौत होने की खबर है। बस के एक तरफ का हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है बस कितनी तेज रफ्तार में होगी। इस हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दो लोगो को स्थानीय और दो गंभीर लोगों को कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक बच्चे की मौत हो गई हैं।
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ ग्रामवासियों का फूटा गुस्सा, एकजुट हो की कार्यवाही की मांग…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: शहर के सुभाषनगर इलाके में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किए जाने को लेकर ग्राम वासियों में काफी आक्रोश फैल गया और वे सभी इकट्ठे होकर उक्त व्यक्ति पर कार्यवाही की मांग करने लगे हैं। मामला जिसे लेकर इतना हंगामा बरपा वह सुभाषनगर के पटवारी कार्यालय के बगल की और ठीक सामने की जमीन को लेकर हुआ। दोनो जमीन जिनका खसरा नंबर 215 व 196 हैं। खसरा नंबर 215 सरकारी जमीन में दर्ज हैं वही खसरा नंबर 196 की जमीन को जमीन मालकिन द्वारा कलेक्टर सरगुजा वृद्धा आश्रम के नाम पर दान कर दिया गया था। उक्त जमीन आज पर्यंत कलेक्टर सरगुजा वृद्धा आश्रम के नाम पर ही दर्ज हैं। लेकिन बावजूद इसके युधिस्ठिर सरदार नामक व्यक्ति द्वारा दोनो जमीन पर अनाधिकारिक तौर पर कब्जा कर लिया गया हैं और ख.न. 215 पर किराए के मकान बनाकर उन्हें किराए पर दे दिया गया हैं और बाकी जगहों पर बड़े– बड़े तालाब बनाकर मछली पालन किया जा रहा हैं। वही ख.न. 196 पर फसले उगाई जा रही हैं जबकि यह मामला अभी एसडीएम कोर्ट में लंबित हैं।
बार बार शिकायत के बावजूद नही होती हैं कार्यवाही
ग्राम वासियों का कहना है कि उनके द्वारा युधिष्ठिर सरदार के खिलाफ कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन उस व्यक्ति के खिलाफ आज पर्यंत कोई कार्यवाही नहीं की गई है जबकि उसके द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा है और दिन प्रतिदिन नित नए निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। पटवारी से जब इस मामले में बयान लिया गया तो पटवारी द्वारा भी कई बार मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों से लिए जाने की बात कही गई। लेकिन सवाल यह उठता हैं की आखिर ऐसा क्या कारण हैं की अवैध कब्जे पर आज तक कोई कार्यवाही क्यों नही की गई??
सेंट्रल बैंक के रामनगर शाखा प्रबंधक की मनमानी से दर्जनों गांव के खाताधारक परेशान, महिलाओं से दुर्व्यवहार का भी आरोप….
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में एक बैंक के मैनेजर की मनमानी से दर्जनों गांव के ग्रामीण परेशान है। जिला मुख्यालय सूरजपुर के समीपस्थ ग्राम रामनगर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का शाखा संचालित किया जाता है। ग्रामीण इलाके में बैंक खुलने से रामनगर सहित आसपास के दर्जन से गांव के लोगों को राहत मिली, उन्हे बैंक संबंधी कार्यों के लिए विश्रामपुर, सूरजपुर जैसे दूर शहरों में नहीं जाना पड़ता। लेकिन इन दिनों रामनगर सेंट्रल बैंक के मैनेजर की मनमानी से लोगों ने नाराजगी है। ग्रामीण, रामनगर शाखा के मैनेजर को हटाने की मांग कर रहे है।
दरअसल, ग्रामीणों का आरोप है कि सेंट्रल बैंक के रामनगर शाखा में एक साल से कार्यरत शाखा प्रबंधक द्वारा ग्राहकों से दुर्व्यवहार किया जाता है। उनके द्वारा महिलाओं को कहा जाता है कि काम धाम नहीं रहता है, बैंक में टाइम पास करने आते है, ऐसा कहकर भगा दिया जाता है। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय प्रबंधक को शिकायत पत्र सौंपकर बताया है कि, बैंक में आए दिन लिंक फेल बताकर लेनदेन बंद कर दिया जाता है। जिससे दूर दराज से अपने कार्यों को छोड़कर बैंक आने वाले खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बैंक कर्मी के द्वारा सुबह 11 बजे बैंक खोलकर 12 बजे तक कार्य किया जाता है और 3 बजे लेनदेन बंद कर दिया जाता है।
ग्रामीणों की शिकायत ने यह भी बताया गया है कि ग्राहक जब लोन के विषय में बात करते है, तो शाखा प्रबंधक के द्वारा सिविल सही नही है, कहकर मना कर दिया जाता है। लेकिन जब ग्राहक द्वारा कुछ लेनदेन कर हो सकता है, कहने पर… शाखा प्रबंधक के द्वारा मुस्कुरा कर बोला जाता है कि, ठीक है आपका सिविल एक-दो दिन बाद फिर से देखने के बाद कर देंगे। फिर मोटी रकम पांच से 10 हजार रुपए देने पर ही लोन पास किया जाता है। जो ग्रामीणों के साथ अन्याय का परिचय देता है। बैंक के इस रवैये से खाता धारक सेंट्रल बैंक रामनगर से खाता बंद कर करंजी ग्रामीण बैंक में खाता खोलने के लिए विवश हो रहे है।
रामनगर, रामपुर, रुनियाडीह, सोहागपुर, दतिमा एवं आसपास के गांव के समस्त छोटे बड़े व्यापारी, बड़े किसान, उद्योगपति बैंक के रवैये से परेशान होकर खाता बंद कर करंजी ग्रामीण बैंक में खाता संचालन करने के लिए विवश हो रहे है। ग्रामीणों का आरोप है कि बैंक परिसर का एक चाबी शाखा प्रबंधक द्वारा थर्ड पार्टी को दिया गया है। जो बैंक कर्मचारी के अनुपस्थिति में बैंक को खोलता है। बता दें कि, रामनगर, रामपुर और सरस्वतीपुर गांव के सरपंच और ग्रामीणों ने शिकायत पत्र तैयार कर अम्बिकापुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक से रामनगर सेंट्रल बैंक के मैनेजर को वहां से हटाने की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक ने जांच कर व्यवस्था सुधारने की बात कही है।


एसडीएम ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से करवाया मालिश, कलेक्टर से की गई शिकायत…
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : जशपुर के फरसाबहार के एसडीएम शबाब खान पर अधीनस्थ कर्मचारी वाहन चालक गौरी शंकर यादव और भृत्य नवीन कुमार चौहान ने मालिश करवाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में दोनो कर्मचारियों द्वारा कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। दोनों कर्मचारियों ने अपने शिकायत में कहा हैं कि एसडीएम खान तबीयत खराब होने की बात कहकर हाथ पैर की मालिश करवाते हैं। एसडीएम पर कर्मचारियों ने निजी उपयोग के लिए सामान मंगवा कर रुपये न देने का भी आरोप लगाया है। इन कर्मचारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान उन्हें एसडीएम कार्यालय में संलग्न किया गया था लेकिन चुनाव सम्पन्न होने के बाद भी आज तक उन्हें मूल पद पर वापस नहीं भेजा जा रहा है। इन कर्मचारियों ने कलेक्टर से उन्हें मूल पद पर वापस भेजने का अनुरोध किया है।
अब ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे समाधान कार्यक्रम, शुरुआत ग्राम पंचायत साल्ही से…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में नवाचार के तहत् जिले के ग्राम पंचायतों में समाधान कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत उदयपुर जनपद के ग्राम पंचायत साल्ही से शनिवार को होगी। समाधान कार्यक्रम हेतु चिन्हांकित ग्राम पंचायत में सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहेंगे। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी जिलाधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए।
बताया गया कि ग्राम पंचायत साल्ही में आयोजित समाधान कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक पंचायत भवन में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं, किशोरियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को जोड़ा जाएगा। इस कार्यक्रम हेतु सभी वर्ग के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद, सुपोषण, पेयजल ,सोलर लाइट सहित अन्य लंबित समस्याओं का निराकरण स्थानीय मांग के अनुसार क्रियान्वित करने हेतु रोड मैप तैयार किया जाएगा। समाधान कार्यक्रम जिस ग्राम पंचायत में आयोजित किया जाएगा उससे संबंधित क्षेत्र में दो दिवस पूर्व मुनादी की जाएगी। इसके साथ ही दीवार लेखन का कार्य भी कराया जाएगा। सभी विभागों के द्वारा अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी विभागवार स्टॉल लगाकर प्रदर्शित की जायेगी। विभागीय अधिकारी हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी पॉम्पलेट एवं पोस्टर के माध्यम से अपने स्टॉल में ग्रामीणों के लिए रखेगें। हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण कार्यक्रम स्थल पर ही किया जाएगा। इसके साथ ही वन अधिकार पट्टा, सामुदायिक वन अधिकार पट्टा, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, स्मार्ट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, राजस्व विभाग से संबंधित कार्य-खसरा, बी-1 आदि की उपलब्धता सुनिश्चित की ज़ाएगी। युवाओं हेतु रोजगार के सम्बंध में मार्गदर्शन,कौशल विकास प्रशिक्षण हेतु आवेदनों की व्यवस्था सभी कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध रहेगी।
समाधान कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा, चश्मा आदि सामग्री वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण, श्रम विभाग की योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। समाधान कार्यक्रम में जिले में कार्यरत सभी विभाग के विभागीय अधिकारी एवं कार्यालय प्रमुख उपस्थित रहेंगे।
एसीबी ने 15 हजार की रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के क्लर्क को किया गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सरकार द्वारा हर महीने मोटा वेतन लेने के बाद भी बिना रिश्वत लिए अधिकारी-कर्मचारी काम नहीं करना चाहते हैं। ऐसे अधिकारी-कर्मचारी कई बार रिश्वत लेते रंगे हाथ धरे भी गए हैं लेकिन वे अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सूरजपुर जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय से सामने आया है। यहां पदस्थ सहायक ग्रेड-2 ने निजी स्कूल को 3 साल की मान्यता (School recognition) देने के बदले 15 हजार रुपए की डिमांड की थी। इसकी शिकायत स्कूल संचालक ने एसीबी से की थी। शिकायत पर एसीबी की टीम (ACB team) ने प्लान बनाकर क्लर्क को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों धरदबोचा। आरोपी क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 4 नमदगिरी रोड निवासी रफी असारी पिता स्व.अमीन अंसारी 31 वर्ष द्वारा रामानुजनगर के ग्राम साल्ही में गुरुकुल विद्यापीठ स्कूल का संचालन वर्ष 2020 से किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निर्देशानुसार विद्यालय के पंजीयन का नवीनीकरण अनिवार्य रूप से किए जाने के निर्देश पर उसने 2021-22 के मान्यता के नवीनीकरण हेतु कार्यालय में आवेदन दिया था, जो वर्तमान में लंबित है।
मान्यता नवीनीकरण के लिए उसने डीईओ कार्यालय सूरजपुर में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 जुगेश्वर प्रसाद से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि 1 वर्ष की मान्यता के लिए 10 हजार रुपए लगेंगे। यदि 3 साल का कराओगे तो 15 हजार रुपए में कर दूंगा। इधर निजी स्कूल संचालक ने डीईओ कार्यालय के बाबू को पकड़वाने एसीबी अंबिकापुर में शिकायत की।
रंगे हाथों किया गया गिरफ्तार
निजी स्कूल संचालक की शिकायत पर एसीबी अंबिकापुर की टीम ने मामले का सत्यापन किया और क्लर्क को पकडऩे योजना बनाई। तय प्लान के अनुसार एसीबी की टीम ने 8 सितंबर को निजी स्कूल के संचालक को केमिकल लगा 15 हजार रुपए दिए। जैसे ही संचालक ने क्लर्क को रुपए दिए, वहां पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जुगेश्वर प्रसाद पिता स्व. सुदन राम 48 वर्ष जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जुड़वानी का निवासी है, जो फिलहाल बिश्रामपुर शासकीय अस्पताल के पीछे रहता है। आरोपी के विरूद्ध धारा- 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथा संशोधन अधिनियम 2018 के तहत कार्यवाही की जा रही है।