हिंद स्वराष्ट्र कोरबा : कोरबा जिले में रविवार को एक बम ब्लास्ट हुआ। जिसकी चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई है। उसके चेहरे के चिथड़े उड़ गए। दरअसल बच्चा जंगल में मुहआ बीनने गया था। इस दौरान उसने खिलौना समझकर बम को उठा लिया और मुंह से फाड़ने लगा। जिसके बाद एक धमाका हुआ और बच्चे की मौत हो गई। हादसा बालको थाना क्षेत्र में हुआ है।
जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर अजगरबहार ग्राम पंचायत के डोंगाभाटा गांव में रहने वाला बिहानुराम(7) 4वीं का छात्र था। रोज की तरह वह रविवार सुबह भी अपने भाई रामप्रसाद के साथ गांव के ही जंगल में महुआ बीनने गया था। महुआ बीनने के बाद दोनों भाई वापस लौट रहे थे। बड़ा भाई आगे निकल गया था। मगर बिहानु पीछे चल रहा था। इसी दौरान उसने कोई वस्तु देखी थी।
बिहानु खेलता हुआ ही वापस लौट रहा था। ऐसे में उसने वस्तु को उठा लिया। उससे भी खेलने की कोशिश की। वस्तु किसी पन्नी में बंधा हुआ था। बच्चा समझ नहीं सका। उसने हाथ से उसे फाड़ने की कोशिश की। मगर वह फटा नहीं। जिसके बाद बच्चे ने मुंह से पन्नी को फाड़ना शुरू कर दिया। जिसके बाद यह हादसा हुआ है। घटना के बाद तुरंत ही बच्चे के बड़े भाई रामप्रसाद ने इस बात की सूचना परिजनों को दी। उसने बताया कि मैं आगे था। बिहानु खेल रहा था। मैंने उसे साथ चलने कहा था। मगर वह खेलते खेलते आगे बढ़ रहा था। हम एक खेत के पास पहुंचे। कुछ दूर में मैं भी था। तभी उसने कुछ उठा लिया। मैंने भी सोचा कुछ खेलने की चीज होगी। इसके बाद जैसे ही उसने उस सामान को मुंह में लगाया। वह ब्लास्ट हो गया।
मुझे लगा फटाका फूटा होगा
हादसे की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे गए। बच्चे के नाना बिरन ने बताया कि घर जंगल से लगा हुआ है। जब ब्लास्ट हुआ तो आवाज उस तक जरूर पहुंची, लेकिन लगा की किसी के यहां छठी कार्यक्रम में फटाका फोड़ा होगा। इसके बाद जब बड़ा नाती डरा सहमा घर पहुंचा। तब हमें इस बारे में पता चला है।
जंगली सुअर मारने लगाया था बम
बताया गया है कि किसी ने जानबूझकर उस खेत में बम लगाया था। मकसद था जंगली सुअरों का शिकार करना। ग्रामीण क्षेत्रो में ग्रामीण ऐसा करते हैं। घटना की सूचना वन विभाग और पुलिस को भी दी गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। इस मामले में बालको रेंजर जैनत सरकार ने बताया कि घटना की सूचना पर वन विभाग टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को बताए अनुसार जंगली जानवर शिकार करने बम लगाया गया था। जिस से बालक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि बच्चा पहाड़ी कोरवा जनजाति का है। वह मूल रूप से जांजगीर जिले का रहने वाला था। मगर पिता की मौत के बाद से यहां अपने नाना के यहां रह रहा था। इस बीच यह हादसा हो गया है।
खिलौना समझकर बच्चे ने मुंह में डाला बम, फटने से मुंह के उड़े चिथड़े…मौत…
रायपुर कांग्रेस प्लेनरी के राजनीतिक प्रस्ताव में अदाणी मामले पर जेपीसी जांच की मांग, 15,000 प्रतिनिधि होंगे शामिल…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : कांग्रेस के रायपुर प्लेनरी सत्र में विपक्षी एकता की सियासी दिशा पर मंथन करने के साथ ही पार्टी ने अदाणी समूह पर लगे आरोपों की संयुक्त संसदीय समिति से जांच कराने की मांग को अपने राजनीतिक प्रस्ताव का अहम हिस्सा बनाने का फैसला किया है। विपक्षी दलों के खिलाफ सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को लगातार कमजोर किए जाने का मुद्दा भी राजनीतिक प्रस्ताव में प्रमुखता से शामिल होगा।
रायपुर प्लेनरी सत्र में शामिल होंने 15,000 डेलिगेट
बता दें कि महंगाई और अर्थव्यवस्था की चुनौतियां जहां आर्थिक प्रस्ताव का हिस्सा होंगी वहीं युवाओं, सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर भी अलग-अलग प्रस्ताव होंगे। इसमें बढ़ती बेरोजगारी से लेकर किसानों के सवालों को प्लेनरी के प्रस्ताव का हिस्सा बनाया जाएगा। कांग्रेस का 85वां प्लेनरी सत्र रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक होगा और इसमें पार्टी के करीब 15,000 डेलिगेट तीन दिनों तक भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों की दशा-दिशा पर मंथन करेंगे।
कांग्रेस के लिए अहम है प्लेनरी सत्र
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, संचार महासचिव जयराम रमेश और छत्तीसगढ की प्रभारी कांग्रेस महासचिव कुमारी शैलजा ने प्लेनरी की तैयारियों पर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के बाद हो रहा प्लेनरी सत्र पार्टी के लिए बेहद अहम है। राहुल गांधी की यात्रा से मिली उर्जा को कांग्रेसजन आगे बढ़ाते हुए 2024 के लिए पूरी शिद्दत से जुटें इस पर प्लेनरी में चर्चा होगी, क्योंकि यात्रा ने देश के वर्तमान मुद्दों की तस्वीर साफ कर दी है।
वेणुगोपाल ने कहा कि विपक्ष को काम नहीं करने दिया और देश को पूर्ण तानाशाही की ओर ले जाने का प्रयास हो रहा, इस हालत में भारत जोड़ो यात्रा ने विपक्ष की लड़ाई को आगे बढ़ाया है। इसीलिए कांग्रेस के प्लेनरी का थीम भी ”हाथ से हाथ जोड़ो” ही रखा गया है, जो भारत जोड़ो यात्रा के बाद देशभर में चल रहे पार्टी के सियासी अभियान का नाम भी है।
कांग्रेस कार्यसमिति के चुनाव से लेकर प्लेनरी के चर्चा के एजेंडे पर उन्होंने कहा कि 24 फरवरी को संचालन समिति की बैठक में इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। 2005 में हैदराबाद में हुए प्लेनरी के बाद यह पहला मौका है जब कांग्रेस महाधिवेशन दिल्ली के बाहर हो रहा है। वेणुगोपाल ने रायपुर प्लेनरी को 2024 चुनाव के लिहाज से मील का पत्थर करार भी करार दिया।
प्लेनरी सत्र के बाद रायपुर में होगी रैली
कुमारी सैलजा ने कहा कि 15,000 प्रतिनिधियों में 1338 अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के प्रतिनिधि और 487 सहभागी हैं। इस तरह एआईसीसी के कुल 1825 प्रतिनिधियों के साथ 9915 प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रतिनिधि और 3000 सहभागी हैं। इसमें कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया है। एआईसीसी प्रतिनिधियों में 501 की उम्र 50 साल से कम की है, तो महिला प्रतिनिधियों की संख्या 235 है। कांग्रेस कोषाध्यक्ष पवन बंसल ने कहा कि 26 फरवरी को प्लेनरी के समापन के बाद पार्टी की एक बड़ी रैली भी रायपुर में होगी।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं पर ED का छापा: रायपुर-भिलाई में केंद्रीय एजेंसी की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस ने बताया-महाधिवेशन डिस्टर्ब करने की साजिश
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के छह नेताओं के यहां प्रवर्तन निदेशालय-ईडी का छापा पड़ा है। केंद्रीय एजेंसी के अलग-अलग दस्तों ने सोमवार तड़के रायपुर और भिलाई में स्थित इन नेताओं के घरों पर दस्तक दी। छापे वाली जगह के बाहर पूरी गली में सीआरपीएफ के जवान तैनात किये गये हैं। कांग्रेस ने इस कार्यवाही को उनका राष्ट्रीय महाधिवेशन डिस्टर्ब करने की साजिश बताया है। बताया जा रहा है, ईडी के अफसरों ने रायपुर के श्रीराम नगर, डीडी नगर, गीतांजलि नगर, मोवा और भिलाई में छापा मारा है। इस कार्रवाई की जद में प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल और विनोद तिवारी आए हैं।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बताया है। उन्होंने कहा, रायपुर में होने जा रहे कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन से भाजपा घबराई हुई हे। उस अधिवेशन को डिस्टर्ब करने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार ने ईडी का दुरुपयोग करना शुरू किया। इसकी आशंका पहले से थी। भाजपा जब राजनीतिक ढंग से मुकाबला नहीं कर पाती है तो ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं को आगे कर देती है। शुक्ला ने कहा, इन हरकतों से हम डरेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं। हमारा महाधिवेशन और ज्यादा शानदार ढंग से होगा। हम भाजपा के इस कार्रवाई का मुकाबला करेंगे।
कार और हाइवा की आमने-सामने टक्कर: एक युवक की मौत, 5 लोग गंभीर रूप से घायल..
हिंद स्वराष्ट्र जांजगीर-चांपा : जिले के ग्राम पुछेली में शुक्रवार रात कार और हाइवा की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क से 10 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक संदीप साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 5 अन्य लोग घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। मामला बम्हनीडीह थाना क्षेत्र का है। बम्हनीडीह थाना प्रभारी गणेश राजपूत ने बताया कि चांपा की ओर से आ रही कार क्रमांक CG 16 CN 9094 और हाइवा वाहन के बीच शुक्रवार रात 10 बजे के करीब ग्राम पुछेली में टक्कर हुई। कार में एक ही परिवार के 6 लोग सवार थे, जिसमें 10 साल का बच्चा भी शामिल है। कार सड़क से 10 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसे की सूचना लोगों ने तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए हैं। घटनास्थल पर परिवार के 5 लोग घायल मिले, वहीं कार चला रहे युवक संदीप साहू (33 वर्ष) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया है। चालक का शव उसी में फंसा हुआ, जिसे बहुत मुश्किलों से बाहर निकाला गया। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया, वहीं पांचों घायलों को सीएचसी अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया गया।
घायलों में 4 लोगों की हालत बेहद गंभीर है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है, वहीं 10 साल के बच्चे को कम चोट आई है। उसकी हालत ठीक है। मृत युवक संदीप साहू के पिता चुन्नी लाल साहू (65 वर्ष), मां, चाची और एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर है। ये सभी लोग चिरमिरी से बिलाईगढ़ के कैथा गांव दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
मृत युवक संदीप साहू इंजीनियर था, वहीं उसके पिता चुन्नीलाल साहू रिटायर्ड एसईसीएल कर्मचारी हैं। परिवार मूलतः सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कैथा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में सभी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी में रहते हैं। घटना के बाद से हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। हाइवा को जब्त कर लिया गया है।
49 स्टेशनों का होगा कायाकल्प: अंबिकापुर, बैकुंठपुर स्टेशन अब अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : केंद्र सरकार द्वारा पिछले दिनों पेश किए गए केन्द्रीय बजट में घोषित योजनाओं व कार्यक्रमों को धरातल में उतारने प्रयास शुरू किए जा रहे हैं। अगले वर्ष आमचुनाव के पहले सरकार विकास मॉडल को जनता के सामने प्रस्तुत कर अपने पक्ष में करने लुभाने प्रयास शुरू किया है।
रेल यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव के साथ बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने रेल मंत्रालय ने स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना नाम से एक नई नीति तैयार की है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दीर्घकालिक दृष्टिकोण से लगातार स्टेशनों के विकास की परिकल्पना की गई है। यह योजना स्टेशन की जरूरतों के अनुसार दीर्घकालिक मास्टर प्लान तैयार करने और मास्टर प्लान के तत्वों के कार्यान्वयन पर आधारित है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 1275 स्टेशनों को चिन्हित किया है, जिसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 49 स्टेशन शामिल हैं, जिसमे सरगुजा संभाग मुख्यालय के अंबिकापुर और कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्टेशन को इस योजना में शामिल किया है। अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर न्यूनतम जरूरी सुविधाओं को बढ़ाने मास्टर प्लान तैयार करना है। इस मास्टर प्लान को लक्ष्य के साथ चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इस योजना में हितधारकों की जरूरतों का भी ध्यान रखा है।
यात्री सुविधाओं के उन्नयन कार्यों में ये होंगे काम
अलग-अलग स्टेशनों में स्टेशन तक पहुंच मार्ग, द्वार व स्टेशन परिसर का विकास, प्लेटफाॅर्म शेल्टर, स्टेशनों के एलईडी नेमबोर्ड, स्टेशन परिसर में पर्याप्त लाइटिंग कैफेटेरिया, स्थानीय कला और संस्कृति को शामिल करते हुए स्टेशनों का सौंदर्यीकरण, सीसीटीवी कैमरा, दिव्यांग फ्रेंडली शौचालय, पार्सल के लिए जगह, स्टेशनों पर स्थित कार्यालयों के लिए उचित जगहों का चिन्हांकन, साइनेज, सीसीटीवी आदि के कार्य इस योजना के अंतर्गत की जाएगा।
लुण्ड्रा में जिला सहकारी बैंक शाखा तथा अम्बिकापुर में थाना व चौकी का हुआ शुभारंभ…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणाओं का अमल करते हुए शुक्रवार को लुण्ड्रा में जिला सहकारी बैंक का नवीन शाखा तथा अम्बिकापुर के मणिपुर चौकी का थाना में उन्नयन व होलीक्रॉस अस्पताल में चौकी का शुभारंभ। लुण्ड्रा में जिला सहकारी बैंक शाखा खुलने से तीन हजार से अधिक किसानों को फायदा होगा। अब करीब 25 किलोमीटर दूर धौरपुर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वही थाना व चौकी खुल जाने से भी लोगो को राहत मिलेगी जिससे किसानों में हर्ष व्याप्त है। नवीन बैंक शाखा के शुभारंभ अवसर पर 5 किसानों को केसीसी एवं 15 किसानों को एटीएम वितरित किया गया। थाना का शुभारभ पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग एवं बैंक शाखा का शुभारंभ सीजीएमएससी के अध्यक्ष डॉ प्रीतम राम ने किया। मणिपुर थाना अंतर्गत 17 गांव व नगर निगम अम्बिकापुर के 5 वार्ड तथा होलीक्रॉस हॉस्पिटल चौकी में होलीक्रॉस अस्पताल, होलीक्रॉस अस्पताल से मिशन चौक तक, होलीक्रॉस अस्पताल से नाइट क्लब चौक तक तथा होलीक्रॉस अस्पताल से घासीदास वार्ड तक के क्षेत्र आएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीजीएमएससी के अध्यक्ष एवं लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में लगातार विकास के कार्य हो रहे है। भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान लुण्ड्रा में जिला सहकारी बैंक के शाखा खोलने की मांग की गई थी जिसे मुख्यमंत्री ने संज्ञान में लेते हुई बैंक शाखा खोलने की घोषणा की थी। जिला प्रशासन के सहयोग से बहुत जल्द भवन तैयार हुआ और उद्घाटन भी हो गया। इस शाखा के खुल जाने से आस-पास के किसानों को बहुत सुविधा होगी।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा की मुख्यमंत्री की घोषणा को जल्द अमलीजामा पहनाने के लिए घोषणा के बाद से प्रयास तेजी से हुआ और 4 माह में शाखा भवन तैयार हो गया। इस शाखा के खुल जाने से 27 गांव के करीब 4 हजार किसानों को फायदा होगा। किसानों को बैंक सबंधी काम तथा केसीसी के लिए धौरपुर जाने 25-30 किलोमीटर की दूरी तय नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस शाखा मे अगले 15 दिन में एटीएम की भी शुरुआत हो जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, जनपद अध्यक्ष गंगा प्रसाद, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष रामदेव राम, सहकारी बैंक के सीईओ सुनील वर्मा, जनपद सीईओ एसएन तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
राजीव युवा मितान क्लब द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से पीजी कॉलेज कैंपस में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनवाया गया…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : आज दिनांक 17/2/23 दिन शुक्रवार को स्थानीय पीजी कॉलेज अंबिकापुर सरगुजा छत्तीसगढ़ में राजीव युवा मितान क्लब द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से पीजी कॉलेज कैंपस में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनवाया गया ,राजीव युवा मितान क्लब के सरगुजा समन्वयक शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं के बीच जाकर आयुष्मान भारत योजना के लाभ के बारे में बताया गया इस योजना डॉ खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत चिन्हकित 41 लाख परिवारों को बढ़ाकर छत्तीसगढ़ के 60 लाख परिवारों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है इस योजना में केंद्र सरकार का अंश लगभग 300 करोड़ तथा राज्य सरकार का अंश 1000 है।

इन जानकारियों को भी छात्र-छात्राओं के मध्य बताया गया इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरगुजा महापौर डॉ अजय तिर्की ने छात्र छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधित विभिन्न जानकारियाँ दी। इस दौरान आलोक सिंह, निखिल विश्वकर्मा ,विधानसभा समन्वयक नितिश चौरशिया, पार्षद सतीश बारी ,अंकिता मिश्रा, रानू साहू, प्रीति , कंचन देवांगन ,शिवम सिंह, संतोष, प्राध्यापकों में रमेश जायसवाल, जसिता मिंज, ममता गर्ग, शिफ्तैन रज़ा, देववशिष्ठ एवं अन्य छात्रा छात्रायें उपस्थित रहे। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के साथ साथ उन्हें जागरूक करना भी था। लगभग 150 लोगों ने शिविर के माध्यम से आज आयुष्मान कार्ड बनवाया।
भाजपा नेताओं की हत्या के विरोध में घड़ी चौक पर भाजपा ने किया चक्काजाम…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के पांच पदाधिकारियों की “सुनियोजित तरीके से लक्षित कर हत्या” एवं प्रदेश में बढ़ते अपराध और बिगड़ती हुए कानून व्यवस्था की स्थिति के विरोध में प्रदेश संगठन के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी अंबिकापुर मंडल व ग्रामीण मंडल द्वारा आज स्थानीय बनारस चौक में दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक चक्का जाम किया गया।
चौक पर चक्का जाम के दौरान भूपेश सरकार के खिलाफ नारा लगाते हुए भाजपाई सड़क पर दो घंटा तक बैठे रहे जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
चक्काजाम में शामिल वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है, भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है, नक्सलियों के हौसले बुलंद है इस कांग्रेसी सरकार में, भाजपा नेताओं को चिन्हांकित करके नक्सलियों द्वारा उनकी हत्या की जा रही है जिससे यह साबित होता है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का सरकार पूर्णतः असफल हो गया है।
चक्का जाम को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश सोनी ने कहा कि जब भाजपा की सरकार थी तब नक्सलियों के पैर उखड़ चुके थे परंतु अभी कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद चुन चुन कर भाजपा कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्या हो रही है।
चक्काजाम में शामिल नगर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज होना चाहिए लेकिन यहां कांग्रेसी सरकार में लगता है कि नक्सलियों का राज है, समूचे प्रदेश में अराजकता की स्थिति निर्मित हो चुकी है। उन्होंने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि बस्तर क्षेत्र में सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा की चिंता करें जिससे मजबूत लोकतंत्र के लिए भाजपा कार्यकर्ता क्षेत्र में निर्भीक होकर कार्य कर सकें ।
चक्का जाम के दौरान मंडल प्रभारी त्रिलोक कपूर कुशवाहा, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी, विद्यानंद मिश्रा, मंजूषा भगत, बलराम जयसवाल, राज बहादुर सिंह शास्त्री, मधु चौदाहा, विकास पांडे, संतोष दास, दीपक सिंह तोमर, अभिषेक शर्मा, मनोज गुप्ता, रूपेश दुबे, रामकेशवर रजवाड़े, वीरेंद्र बघेल, अजय सिंह बबलू, छोटू थॉमस, जन्मेजय मिश्रा, विश्व विजय सिंह तोमर, नकुल सोनकर, हरपाल सिंह भामरा, निरंजन राय, सर्वेश तिवारी, रविंद्र गुप्त भारती, आकाश गुप्ता, मनोज सोनी, सिकंदर जायसवाल, अभिषेक सिंह, बंशीधर उरांव, संजीव वर्मा, गौतम विश्वकर्मा, वसीम अंसारी , ध्रुव कुमार रवि, ज्योति चौरसिया, प्रिया सिंह, पंकज गुप्ता, निश्चल प्रताप सिंह, सुशांत घोष, बाबू विश्वकर्मा, निशांत सिंह सोलू, मनीष बारी, संजय जयसवाल, रवि सोनी, मनोज प्रसाद, आतिश सिंह, सतीश शर्मा, अनिल जयसवाल, उमेश अग्रवाल, कमलेश तिवारी, दूधनाथ गोस्वामी, रिंकू वर्मा, बबली नेताम, सत्यम सिंह नीलम रजवाड़े, पूनम सिंह प्रियंका चौबे, शैलेश सिंह, विमल मंदीलवार रॉनी मिश्रा विपिन पांडे, प्रिंस चौबे, रविकांत उराव गांधी पासवान सालेम केरकेट्टा, रोचक गुप्ता, चंदन शुक्ला शानू कश्यप, संजय एक्का, रवि चौहान, गणेश्वरी चौहान, मोंटी यादव, विक्की यादव, राजू पांडे, धनी राम यादव, मुकेश तिवारी, वेदांत तिवारी, गणेश कश्यप, दीपक सोनी, डॉक्टर विक्रम बाबरा, रोहिल गुप्ता, दिनेश तिवारी, मयंक जयसवाल, हैप्पी सिंह, गोल्डी सिंह, सुमित मिश्रा, विनीत शुक्ला, गोविंद जद्दार, दिग्विजय सिंह, संजय रजवाड़े, सागर विश्वकर्मा, मटुक दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
अम्बिकापुर: बांसबाड़ी में मिली जेल प्रहरी की फांसी पर लटकती लाश…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जेल प्रहरी की फांसी पर लटकती लाश बांस बाड़ी में मिली हैं। मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को फोन के माध्यम से बांसबाड़ी में एक शव लटकने की जानकारी मिली इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान गांधीनगर निवासी अनिल बड़ा के रूप में हुई जो की अम्बिकापुर जेल में प्रहरी के रूप में हुई हैं। बताया जा रहा हैं कि कुछ दिनो से अनिल बड़ा की मानसिक स्थिति सही नही थी और वे सुबह घर से निकले थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
44 बच्चों का भविष्य एक शिक्षक के भरोशे…कलेक्टर, आयुक्त, बीईओ डीईओ सबको लिखा गया पत्र लेकिन हो रहा बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ सभी बने मूक दर्शक…
हिंद स्वराष्ट्र लुण्ड्रा लक्ष्मी नारायण तिवारी : दिनांक 15.02. 2022 को प्रा. शाला खजूरपारा, लमगांव का निरिक्षण ग्राम पंचायत शिक्षा समिति के अध्यक्ष- लक्ष्मी नारायण तिवारी के द्वारा किया गया जिसमें यह पाया गया की दिनांक – 6.02.2023 को विकास खंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार गुप्ता को सरपंच व ग्राम शिक्षा समिति के अध्यक्ष ग्राम वासियों के हस्ताक्षर युक्त आवेदन पत्र अस्थायी रूप से संलग्न करण हेतु दिया गया था, परंतु देव कुमार गुप्ता ने गंभीरता से इस बात को न लेतु हुए अपने अधिकार क्षेत्र का ना होना बता बात वो टालने की कोशिश की परंतु शिक्षा समिति के अध्यक्ष के द्वारा कार्यवाही न होता देख तीसरे दिन 9.2.23 को जिला शिक्षा अधिकारी अम्बिकापुर को आवेदन दिया गया तथा प्रतिलिपि, आयुक्त सरगुजा, कलेक्टर सरगुजा, अध्यक्ष, जिला शिक्षा समिति, जिला पंचायत को दिया गया। परंतु आज पर्यन्त तक इस ओर किसी के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किया गया है।


दिनांक – 15-02-2023 को अध्यक्ष ग्राम पंचायत शिक्षा समिति के निरिक्षण में सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे कक्षा संचालित करते पाया गया वह भी कक्षा -1 से 5वीं तक। क्या यह बच्चों का दुर्भाग्य कहा जाये जो कि शासन की इससे इतने निर्देशों के बाद भी हमारे नौनिहाल देश के भविष्य का नींव अंधकारमय हो गया है, वह भी अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण। आखिर इसका दोषी कौन है, वह जो अपने बच्चों को अभिभावक जो अपने बच्चों को ऐसे स्कूल में पढ़ने भेज रहे हैं या फिर वह अधिकारी जिसे विकास खण्ड में शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ जिम्मेदारी दी गई है।
भूपेश सरकार के खिलाफ भाजपा का शंखनाद: रक्तपात की राजनीति करने वालों को जनता उखाड़कर फेंक देगी- अरुण साव..
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने बस्तर मुख्यालय जगदलपुर में भाजपा के संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि खून पर राजनीति करने वालों के राज में छत्तीसगढ़ में आज जिस तरह का वातावरण है, उससे छत्तीसगढ़ की जनता इस कांग्रेस पार्टी से नाराज है। कांग्रेस की सरकार से जनता आक्रोशित है।
स्थानीय सीरासार चौक में आज दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आहूत भाजपा के संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन में बस्तर के सभी सात जिलों के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। जहाँ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि बस्तर में हमारे पदाधिकारियों की हत्या करवाई जा रही है हत्या पर राजनीति की जा रही है। यह सरकार हमारे पदाधिकारियों की हत्या की जांच कराने में तक सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता अब इस सरकार को एक क्षण भी बर्दाश्त करने की स्थिति में नहीं है। 2003 के पहले जैसी स्थिति है आज कांग्रेस पार्टी की सरकार लोगों को सुरक्षा देने की बजाय उनकी हत्या कराने का षड्यंत्र कर रही है। कानून व्यवस्था चौपट है। हत्या बलात्कार जैसे अपराध हर रोज हो रहे हैं। जनता इस सरकार को उखाड़ कर फेंकने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपने साथियों की हत्या के खिलाफ इस सरकार से संघर्ष करने सड़क पर उतर गया है। यह सरकार भाजपा के कार्यकर्ताओं से डर गई है। इस सरकार को अपनी करनी का फल भुगतना ही होगा। भाजपा के कार्यकर्ता तब तक चैन से नहीं बैठेंगे, जब तक की हत्याओं पर राजनीति करने वाली कांग्रेस की सरकार को ठिकाने नहीं लगा देते। भाजपा बस्तर और छत्तीसगढ़ का विकास करने के लिए काम करती है और कांग्रेस छत्तीसगढ़ में रक्तपात की राजनीति कर रही है। इस प्रदेश की और बस्तर की जनता कांग्रेस के मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी। भाजपा बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शांति की स्थापना करेगी। विकास करेगी और जिनके सहारे कांग्रेस कायरता पूर्ण षड्यंत्र कर रही है, भाजपा के नेताओं की हत्या कर आ रही है, उनसे लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करके हम बस्तर को विकास और शांति का टापू बनाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प ले लिया है कि अब किसी भी चुनौती और बड़ी से बड़ी बाधा को पार करके कांग्रेस की सरकार को विदा करना है। आज बस्तर की धरती से भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जो शंखनाद किया है, कांग्रेस की सरकार के खिलाफ जो बिगुल फूंका है, उसकी आवाज छत्तीसगढ़ के कोने-कोने तक पहुंची है। भाजपा का कार्यकर्ता किसी से डरने वाला नहीं है। किसी से झुकने वाला नहीं है। हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस की सरकार का मुकाबला करने के लिए निकल पड़े हैं।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। झूठ को आधार बना कर सत्ता में बैठी कांग्रेस का असली चेहरा प्रदेश की जनता समझ चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं की शहादत व्यर्थ नही जायेगी। भूपेश बघेल की सरकार को जनता जनार्दन सबक सिखायेगी।
धरना प्रदर्शन को बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पाण्डेय, भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप,कांकेर सांसद मोहन मण्डावी, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप,पूर्व मंत्री लता उसेण्डी, महेश गागड़ा,डा.सुभाऊ कश्यप,संतोष बाफना,लच्छूराम कश्यप,श्रीनिवास राव मद्दी, कमलचंद भंजदेव,भोजराज नाग,ओजस्वी मण्डावी ने भी संबोधित किया और कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे।
धरना प्रदर्शन के बाद बस्तर में चार भाजपा नेताओं की हत्या के विरोध में भाजपा ने आज प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल,बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पाण्डेय, भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप सहित सभी नेताओं पदाधिकारियों की मौजूदगी में विशाल रैली निकाल करआईजी ऑफिस का घेराव करने रवाना हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली को सिटी कोतवाली के पास पुलिस बल ने दो-दो बैरिकेटिंग बना कर रोका, जहाँ करीब आधे घंटे से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं व भारी पुलिस बल के बीच जोर आजमाईश होती रही। भाजपा ने आईजी के नाम ज्ञापन भी एडिशनल एसपी को सौंपा। धरना प्रदर्शन कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रामाश्रय सिंह तथा भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने आम जनता व कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। धरना प्रदर्शन व घेराव में प्रमुख रूप से बैदूराम कश्यप, सेवकराम नेताम, सुमित्रा मारकोले, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत,वेदवती कश्यप, मनीराम कश्यप, यशवंत जैन,सतीश लाटिया, धनीराम बारसे,चैतराम अट्टामी, दीपेश अरोरा, भरत मटियार, महेश जैन, बृजमोहन देवांगन,हुंगाराम मरकाम, निखिल राठौर, आलोक ठाकुर, मनोज जैन, विद्याशरण तिवारी, सुधीर पाण्डेय, योगेन्द्र पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, श्रीधर ओझा, वेदप्रकाश पाण्डेय, रजनीश पाणिग्रही, व्ही एस राजपूत, बाबुल नाग, संजय पाण्डेय, सुब्रतो विश्वास, सुरेश गुप्ता, सतीश सेठिया, नरसिंह ठाकुर, विनायक गोयल, संतोष बघेल, फूल सिंह सेठिया, परिस बेसरा, धनुर्जय कश्यप, अविनाश श्रीवास्तव, सुधा मिश्रा,लक्ष्मी कश्यप,आर्येन्द्र आर्य, संग्राम सिंह राणा सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
मयाली खदान हादसा मामले में मृतिका के परिजनों को 10 लाख देने साथ ही खदान को सील करने के निर्देश…
हिंद स्वराष्ट्र जशपुरनगर : कुनकुरी मयाली के पास पत्थर खदान में हुई ब्लास्टिंग को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है और संबंधित दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रभावित परिवार को जिला प्रशासन हर संभव सहायता करेगा। प्रभावित परिवार के परिजनों को 10 लाख मुआवजा दी जाएगी। कलेक्टर ने खदान को सील करने के सख्त निर्देश दिए हैं। अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच समिति भी गठित किया गया है।
यह भी पढ़े :
खदान में ब्लास्टिंग से उड़े पत्थर से पार्क में छात्रा की हुई मौत…
वन्यप्राणी संरक्षण संवर्धन, हाथी मानव द्वंद के रोकथाम एवं वन कर्मचारियों एवं फायरवायरों के दक्षता विकास के लिए 2 दिवसीय प्रशिक्षण रमकोला में संपन्न…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : वन संरक्षक वन्यप्राणी के. आर. बढ़ई के निर्देशन में, उप निदेशक एलीकेट रिजर्व सरगुजा श्रीनिवास तन्नेटी के मार्गदर्शन में 02 दिवसीय प्रशिक्षण दिनांक 15/2/2023 एवं दिनांक 10/2/2023 के वन चेतना केन्द्र रमकोला में सम्पन्न हुआ। उक्त प्रशिक्षण राज्य के ख्याति प्राप्त वन्य वाणी विशेषज्ञ डी राजेन्द्र मिश्रा, (W.T.I.) के द्वारा दिया गया।

इस अवसर पर अधीक्षक तमोर पिंगला अभ्यारण्य जयजीत केरकेट्टा, अधीक्षक बादलखोल अभ्यारण एवं अधीक्षक सेमरसोत अभ्यारण विजय भूषण केरकेटा, गेमरेजर- तमोर कमलेश राय , गेम रेंजर खोड़ भूनाथ राम, गेम रेंजर पिंगला अजय सोनी, गेम रेंजर कदौरा बिरेन्द्र पाण्डेय, गेम रेंजर बलरामपुर दयानंद प्रसाद सोनवानी एवं एलिफेंट रिजर्व के समस्त वन श्रमचारी तथा फायरवाचर (अग्नि प्रहरी) सम्मिलित हुए।
प्रशिक्षण के मुख्य बिन्दु वन्यप्राणी संरक्षण संवर्धन, हाथी मानव द्वंद के रोकथाम एवं वनों को अग्नि से बचाने के लिए, गस्ती करने लिए, वन क्रमचारियों एवं फायरवायरों के दक्षता विकास के लिए प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण बहुत ही लाभकारी रहा। उक्त अवसर पर बढ़ई एवं तन्नेटी द्वारा हाथी मानव द्वंद एवं अग्नि सम्भावित समाधान पर एक – एक पोस्टर का विमोचन किया गया। उप निदेशक एलीमेंट रिजर्व सरगुजा जी तन्नेटी द्वारा समस्त ग्रामिणों के नाम एक अपील जारी कर सहयोग करने का अनुरोध किया गया। समस्त वन कर्मियों एवं फायरवाचर (अग्नि प्रहरियों) को बेग, टोपी, हार्य एवं टी शर्ट के. आर. बढ़ई द्वारा प्रदाय किया गया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग ले रहे हैं पार्टी में सदस्यता…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं. इसी संदर्भ में सूरजपुर जिले के दुरस्त छतरंग गाँव में आम आदमी पार्टी की बैठक आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता जी ने ली कार्यक्रम मे संजय गबेल जी भी उपस्थित रहे। ग्राम निवासी जनपद सदस्य रुपेश मरकाम ने बड़ी संख्या में साथियों के साथ आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. मुख्य रूप से हळूकलाल यादव उपसरपंच और बड़वार निवासी नरेश उपसरपंच ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
इस मौके पर सुरेंद्र गुप्ता ने मौजूद बड़ी संख्या में लोगों से अपील की कि वह आम आदमी पार्टी के नियमों और दी गई जिम्मेदारियों का कर्तव्य निभाएं और समाज में हर तरह की समस्याओं से अवगत होकर उसका निवारण करने की भरपूर कोशिश करें जिससे जनता को लाभ हो सके.

सुरेंद्र जी ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता और समाज हित में किए गए प्रयास ही हैं, जिसका प्रमाण है कि आज हर दिन बड़ी संख्या में लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति आम आदमी पार्टी से जुड़ कर समाज सेवा करना चाहता है. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था, अच्छी यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर आम जनमानस में आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है. वहां मौजूद सभी लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और संकल्प लिया कि वह ईमानदारी निष्ठा और लगन के साथ पूर्ण रुप से पार्टी में अपना सहयोग देंगे.
सड़क किनारे खड़ी माजदा ट्रक से जा भिड़ी कार : SECL कर्मी, पत्नी और बच्चे की हालत गंभीर…
हिंद स्वराष्ट्र उदयपुर : ट्रांसफर के बाद ज्वाइनिंग करने जा रहे एसईसीएल कर्मी की कार सड़क किनारे खड़ी माजदा से जा टकराई इस हादसे में एसईसीएल कर्मी उनकी पत्नी और 5 वर्षीय उनके बेटे को गंभीर चोटे आई हैं। जिन्हे अम्बिकापुर जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया हैं। मिली जानकारी के अनुसार एसईसीएल कर्मी दीपक कुमार कोरबा के कुसमुंडा में माइनिंग सरदार के पद पर पदस्थ थे। हाल ही में उनका तबादला विश्रामपुर हो गया। वे आज वहां जॉइन करने जा रहे थे उनके साथ उनका परिवार भी था। सभी कार से विश्रामपुर जा रहे थे। वे अंबिकापुर-रायपुर नेशनल हाइवे में उदयपुर रामगढ़ ढाबा के पास पहुंचे ही थे की सड़क किनारे खड़ी स्वराज माजदा से उनकी कार टकरा गई। मिली जानकारी के अनुसार कार काफी तेज गति में थी जिसके चलते एसईसीएल कर्मी कार पर नियंत्रण नही रख सके और कार ट्रक से जा भिड़ी। दुर्घटना में एसईसीएल कर्मी दीपक कुमार उनकी 28 वर्षीय पत्नी प्रिया व बेटे विकास को भी काफी चोटें आई। उन्हें डायल 112 की मदद से अंबिकापुर मेडिकल कालेज में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है।
कुत्ते ने जान देकर दिखाई वफादारीः आईईडी प्रेशर बम के ऊपर जा बैठा, ब्लास्ट में आईटीबीपी का गश्ती दल बाल-बाल बचा…
हिंद स्वराष्ट्र नारायणपुर : कहते हैं कुत्ता इंसानों का सबसे वफादार दोस्त होता है. वह मुसीबत में भी साथ नहीं छोड़ता है. कुछ ऐसा ही वाकया छत्तीसगढ़ में सामने आया है. जहां पर एक कुत्ते ने अपनी जान देकर भारतीय जवानों की जान बचा ली. दरअसल, छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में बुधवार को एक कुत्ते ने वफादारी की मिसाल पेश की हैं. नारायणपुर में बम की चपेट में आने से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का एक जवान घायल हो गया. वहीं, वफादार कुत्ते की मौत हो गई हैं।
सुरक्षाकर्मियों के साथ चल रहे कुत्ते के कारण ही दूसरे जवानों की जान बची. हुआ यूं कि जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने प्रेशर बम लगाया था. इस दौरान जब जवानों का एक दल वहां से गुजर रहा था. कुत्ता बम पर बैठ गया और इस बीच धमाका हो गया. धमाके में आईटीबीपी के जवान मनोज यादव को चोट लगी है. जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह धनोरा थाना से सर्च अभियान पर कुछ जवान निकले थे. इसी दौरान नक्सलियों के आईईडी बम के ऊपर कुत्ता बैठ गया और अपनी जान दे दी. यह कुत्ता अक्सर कैंप आया करता था. इस दौरान उसे खाने पीने की चीजें जवान देते थे. जवानों के साथ सर्च अभियान में कुत्ता भी आगे-आगे चलता था.अधिकारियों ने बताया कि घटना के वक्त नक्सलियों द्वारा लगाए आईईडी को सूंघते हुए कुत्ता बम के पास गया और बैठ गया. बम से उठते ही आंखों के सामने जोरदार धमाका हो गया और छर्रे से एक जवान घायल हो गया. बम की चपेट में आने से कुत्ते की मौत हो गई.
मौर्य समर्थकों और महंत राजूदास में हाथापाई: स्वामी प्रसाद बोले- मुझ पर तलवार और फरसा से हमला किया, समर्थकों ने बचाया…
हिंद स्वराष्ट्र लखनऊ : लखनऊ के गोमती नगर के एक होटल में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थकों ने हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास के साथ हाथापाई की है। बताया जा रहा है कि महंत राजू दास एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां पर स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थक पहले से मौजूद थे। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामले में स्वामी प्रसाद मौर्य ने पुलिस कमिश्नर लखनऊ को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है। स्वामी ने कहा, “मुझ पर तलवार और फरसा से हमला करने का प्रयास किया गया। वहां मौजूद मेरे समर्थकों ने बचा कर गाड़ी में बैठाया।”
हाथापाई का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थक राजू दास को पीछे से दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक शख्स ने उनसे हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहा है। फिलहाल इस मामले में राजू दास ने कल मीडिया से इस पूरे मामले में बात करने को कहा है।
स्वामी ने पत्र में क्या लिखा, पढ़िए…
स्वामी प्रसाद मौर्य ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। बताया “दोपहर 12.30 बजे टीवी चैनल के कार्यक्रम में बुलाया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाहर आया तो वहां पहले से मौजूद अयोध्या हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास और महंत परमहंस दास, तपस्वी छावनी और उनके कुछ साथियों ने तलवार व फरसा से मुझ पर हमला करने का प्रयास किया।
मेरे समर्थकों ने बीच-बचाव कर मुझे सकुशल गाड़ी में बैठाया। इन लोगों ने पहले भी मुझे मारने के लिए 21 लाख का रकम भी घोषित किया गया है। यह जानते हुए भी उन्हें इस कार्यक्रम में बुलाना और उनके निर्धारित समय से पहले बुलाकर हथियारों के साथ बैठाना भी कुटिल साजिश है।”
स्वामी की जुबान काटने वाले को 21 लाख का इनाम देने का किया था ऐलान
स्वामी प्रसाद मौर्य रामचरितमानस पर दिए अपने बयान पर कायम हैं। वह लगातार साधु-संतों पर हमला कर रहे हैं। मौर्य ने बीते दिनों एक बयान में कहा था ‘हाथी चले बाजार कुत्ता भौंके हजार’। इसको लेकर अयोध्या में हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने नाराजगी जताई थी।
उन्होंने इसे ब्राह्मणों और साधु-संतों का अपमान बताया था। उन्होंने कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने ब्राह्मणों और संतों-महंतों को कुत्ता कहा है। ऐसे में जो भी व्यक्ति स्वामी प्रसाद मौर्य का सिर तन से जुदा करेगा, उसे राजू दास 21 लाख का इनाम देंगे।
बता दें कि कुछ दिन पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कई करोड़ लोग रामचरित मानस को नहीं पढ़ते, सब बकवास है। यह तुलसीदास ने अपनी खुशी के लिए लिखा है।
स्वामी प्रसाद मौर्य यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि सरकार को इसका संज्ञान लेते हुए रामचरितमानस से जो आपत्तिजनक अंश है, उसे बाहर करना चाहिए या इस पूरी पुस्तक को ही बैन कर देना चाहिए। सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य सवाल उठाते हुए ये भी कहा था कि ब्राह्मण भले ही लंपट, दुराचारी, अनपढ़ और गंवार हो, लेकिन वह ब्राह्मण है तो उसे पूजनीय बताया गया है, लेकिन शूद्र कितना भी ज्ञानी, विद्वान या फिर ज्ञाता हो, उसका सम्मान मत करिए। क्या यही धर्म है?
पवन के भोजपुरी लोकगीतों से थिरके दर्शक, खाद्य मंत्री ने हितग्राहियों को बांटा डेढ़ करोड़ का चेक…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : मैनपाट महोत्सव के दूसरे दिन की सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी स्टार पवन सिंह की धमाकेदार भोजपुरी गीत-संगीत का दर्शकों ने जमकर लुत्फ उठाया और झूमने एवं थिरकने लगे। पवन सिंह ने अपने करीब 45 मिनट के कार्यक्रम में भोजपुरी गीतों के कई हिट गाना गाकर जबरदस्त रंग जमाया और खूब तालियां बटोरी। इंडियन कॉमेडियन सुनील पाल ने भी अपनी अचरज भरे भाव भंगिमा और चुटकुले से लोगों को खूब हंसाया।
कार्यक्रम में पवन सिंह के भोजपुरी गीत लालीपॉप लागे लू, बडी फुरसत से तुंहरा के बनाई ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भरा जिससे दर्शक झूमने लगे। दर्शक बीच-बीच में भोजपुरी गीतों की फरमाइश भी करने लगे। कार्यक्रम में पंखिड़ा फेम राजेश मिश्रा के भक्ति गीतों ने भी दर्शकों को बांधे रखा। छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू व बचपन का प्यार फेम सहदेव दिरदो, जशमीत कौर, लिटिल चैंप गायक प्रियांशु मिश्रा, अमन श्रीवास्तव, क्लासिकल डांसर रित्विका बनर्जी, छत्तीसगढ़ी लोक संगीत लोरिक चंदा, गायक चंदन दास ब्रजेष बैण्ड एवं पियानों वादन रजी मोहम्मद के द्वारा किया गया। इसके साथ ही संत युनीन हाई स्कूल बोदा के बच्चों द्वारा भरतनाट्यम, केजीवीवी द्वारा राजस्थानी डांस, एकलव्य विद्यालय मैनपाट के द्वारा करमा एवं मिक्स नृत्य, सेजस हिन्दी मीडिएम नर्मदापुर द्वारा राजी परता राजी एवं करमा नृत्य सुभ्रांषु तिवारी द्वारा फिल्मी गीत, सेजस बतौली द्वारा छत्तीसगढ़ी नृत्य, विवेकानंद स्कूल द्वारा नृत्य, कन्या षिक्षा परिसर द्वारा क्लासिकल नृत्य प्रस्तुत किया गया।
संस्कृति मंत्री ने हितग्राहियों को बांटा चेक- इस अवसर पर संस्कृति श्री अमरजीत भगत ने श्रम विभाग द्वारा संचालित करीब 6 योजनाओं के 892 हितग्राहियों को डेढ करोड़ रुपये का चेक वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महोत्सव में विभागीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित करने के साथ ही जानकारी भी दी जाती है। महोत्सव के माध्यम से लोगों को रोजगार भी उपलब्ध हो जाता है। महोत्सव में कलाकारों की प्रस्तुति से मैनपाट को नया पहचान मिल रहा है।
इस अवसर पर संसदीय सचिव एवं भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े, छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा, उर्दू अकादमी के सदस्य श्री बद्रूदीन इराकी, गौ-सेवा आयोग के सदस्य अटल यादव, कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।
50 किलो गांजा के साथ पुलिस ने 3 तस्करों को किया गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा पुलिस ने 50 किलो गांजा के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीतम 7 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। तस्कर रायगढ़ जिले के लैलूंगा से गांजा लेकर बस से अंबिकापुर बस स्टैंड पहुंचे थे। तीनों यहां से दूसरी बस से उत्तर प्रदेश जाने की तैयारी में थे। इसी बीच पुलिस ने उन्हें संदिग्ध हालत में देखकर उनसे पूछताछ की तो मामला सामने आया। उनके पास से गांजा मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को धारा 20 (सी ), 29 एनडीपीएस के तहत कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को प्रतीक्षा बस स्टैंड पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय को मुखबिर से जानकारी मिली कि प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास कुछ संदिग्ध युवक काफी मात्रा में गांजा खरीद-बिक्री करने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस ने बस स्टैंड के पीछे कबीर आश्रम के पास घेराबंदी की तो 3 संदिग्ध मिले। तीनों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की और तलाशी ली तो उनके पास रखी बोरी में 50 किलो गांजा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया हैं। आरोपियों ने अपना नाम प्रमोद प्रधान निवासी लैलूंगा रायगढ़, बबलू पटेल एवं क्लेक्टर बिंद दोनों निवासी भदोही उत्तर प्रदेश बताया।
जब्त गांजे की कीमत 7 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (सी ), 29 एनडीपीएस के तहत कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है। कार्रवाई में एएसआई संदीप सिंह, आरक्षक शाहबाज अंसारी, अतुल सिंह, सीनू फिरदौसी, मंटू गुप्ता, साइबर सेल से आरक्षक अशोक यादव व नगर सैनिक सुनील गुप्ता शामिल रहे।
दो मालगाड़ियों की आमने-सामने टक्कर, एक पायलट घायल…
हिंद स्वराष्ट्र सुल्तानपुर : यूपी के सुल्तानपुर जंक्शन के समीप गुरुवार तड़के दो मालगाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में एक मालगाड़ी का पायलट घायल हुआ है, जबकि 6 डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसे की वजह से लखनऊ-वाराणसी रूट बाधित हो गया है. पूरे मामले में रेलवे की बड़ी लापरवाही की बात भी सामने आ रही है.
मिल रही जानकारी के मुताबिक सुल्तामपुर जंक्शन के दक्षिणी केबिन के पास एक ही ट्रैक पर दो मालगाड़ियों के आ जाने से यह हादसा हुआ गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है. अगर यह मालगाड़ी की जगह यात्री ट्रेन के साथ हुआ होता तो बड़ा हादसा हो सकता था. फ़िलहाल रेलवे के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और ट्रैक को क्लियर कराने का काम जारी है.
दरअसल, सुल्तानपुर जंक्शन के दक्षिणी केबिन के पास आज भोर में करीब साढ़े पांच बजे लखनऊ और वाराणसी की ओर से आ रही दो मालगाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस घटना में वाराणसी की ओर से आ रही मालगाड़ी का ड्राइवर घायल बताया जा रहा है. वहीं हादसे के बाद दोनों मालगाड़ियों के इंजन तो क्षतिग्रस्त हो ही गये हैं, साथ ही एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए है. इस घटना के बाद लखनऊ और वाराणसी और अयोध्या-प्रयागराज रेलवे ट्रैक बाधित हो गया है. वहीं इस बात की जानकारी लगते ही रेलवे महकमे में हड़कम्प मचा हुआ है.