हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/मनेंद्रगढ़ किशन शाह: नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित गरबा सीजन-3 का शुभारंभ भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के बीच हुआ। आयोजन के पहले दिन स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल अपनी पत्नी कांति जायसवाल के साथ शामिल हुए। मंत्री दंपती ने मां आदिशक्ति की आरती कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने ढोल बजाकर उत्सव का उत्साह बढ़ाया और पत्नी के साथ गरबा व डांडिया की ताल पर झूमते नजर आए।
गरबा नृत्य में कांति जायसवाल ने बढ़ाई आयोजन की रौनक
गरबा सीजन-3 के पहले दिन कांति जायसवाल ने गरबा नृत्य में हिस्सा लेकर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने ढोल की थाप और डांडिया की खनक के बीच गरबा प्रस्तुत किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धा और उमंग का माहौल देखने को मिला। मंत्री दंपती की सहभागिता भी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में रही।
आस्था और संस्कृति का दिखा अनूठा संगम
गरबा भारतीय संस्कृति और मां दुर्गा की आराधना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पारंपरिक उत्सव है। नवरात्रि के दौरान आयोजित ऐसे कार्यक्रम लोगों को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। गरबा सीजन-3 के शुभारंभ पर भी यही उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से गरबा और डांडिया प्रस्तुत कर उत्सव को यादगार बनाया।
संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर: श्याम बिहारी जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नवरात्रि मां आदिशक्ति की आराधना, श्रद्धा और शक्ति का पर्व है। गरबा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो समाज के लोगों को एक साथ जोड़ता है। ऐसे आयोजनों से हमारी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने मां आदिशक्ति से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।








