Home सरगुजा संभाग अम्बिकापुर फर्जी डिग्री पर ICU चलाने वाले ‘मुन्नाभाई’ पर FIR के बाद भी...

फर्जी डिग्री पर ICU चलाने वाले ‘मुन्नाभाई’ पर FIR के बाद भी पुलिस सुस्त, श्री महावीर हॉस्पिटल के आरोपी  फर्जी डॉक्टर नुरैन आलम अब तक गिरफ्तारी से बाहर,, सिस्टम की लापरवाही या सफेदपोश संरक्षण..?

0

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित श्री महावीर हॉस्पिटल, गांधीनगर में फर्जी डिग्री के सहारे मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले आरोपी डॉक्टर नूरुल आलम उर्फ नुरैन आलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुए समय बीतने के बावजूद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। उच्च न्यायालय के निर्देश पर गठित जांच दल और स्वास्थ्य विभाग की पड़ताल में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद भी आरोपी का अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहना पुलिस विभाग की तत्परता और इच्छाशक्ति पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा रहा है।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज, फिर भी गिरफ्तारी क्यों नहीं?
छत्तीसगढ़ पुलिस के पोर्टल के मुताबिक, इस मामले में FIR No. 0695/26 दर्ज कर BNS की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी और संवेदनशील आईसीयू (ICU) जैसे विभाग में मरीजों के इलाज जैसे संगीन मामले में पुलिस की यह ढिलाई आमजन और जागरूक नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सवाल यह उठ रहा है कि जब स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट में फर्जी डिग्री और नियमों के उल्लंघन जैसी ठोस बातें सामने आ चुकी हैं, तो आरोपी की गिरफ्तारी में आखिर किस बात का इंतजार किया जा रहा है?
सिस्टम की लापरवाही या ‘सफेदपोश’ संरक्षण?
जांच रिपोर्ट में यह बात खुलकर सामने आई है कि नूरुल आलम उर्फ नुरैन आलम की चिकित्सा डिग्री फर्जी थी, बावजूद इसके श्री महावीर हॉस्पिटल प्रबंधन ने बिना सत्यापन और स्वास्थ्य कार्यालय को पूर्व सूचना दिए उन्हें लंबे समय तक ICU की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे रखी। यह न केवल नर्सिंग होम एक्ट और चिकित्सा मानकों का खुला उल्लंघन है, बल्कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। ऐसे गंभीर मामले में एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यशैली पर कई संदेह पैदा करता है—क्या आरोपी को फरार होने या बचने का मौका दिया जा रहा है, या फिर किसी स्तर पर मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश हो रही है?
निजी अस्पतालों की मनमानी पर कब कसेगा शिकंजा?
इस पूरे प्रकरण ने जिले के निजी अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ के दस्तावेजों के सत्यापन की व्यवस्था की पोल खोल दी है। यदि गंभीर अपराध के आरोपियों के खिलाफ एफआईआर के बाद गिरफ्तारी में इसी तरह की सुस्ती बरती जाती रही, तो कानून का डर कमजोर पड़ सकता है। अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि वह कब तक कागजी कार्रवाई और जांच की औपचारिकताओं से आगे बढ़कर आरोपी नूरुल आलम उर्फ नुरैन आलम को सलाखों के पीछे पहुंचाती है और इस लापरवाही में शामिल जिम्मेदार लोगों तक पहुंचती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here