Home अपराध सूरजपुर में मानव तस्करी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़: 60 हजार में...

सूरजपुर में मानव तस्करी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़: 60 हजार में बेची गई नाबालिग को पुलिस ने एमपी के सागर से छुड़ाया, 2 महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार…

0

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर। जिले में नाबालिग बालिकाओं की खरीद-फरोख्त करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का सूरजपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्यप्रदेश के सागर जिले में दबिश देकर अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने नाबालिग को 60 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की है।
अम्बिकापुर जाने के बहाने ले गई थी महिला
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि सूरजपुर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने 24 नवंबर 2026 को अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता की मां के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे पड़ोस में रहने वाली सीमा (पति अशोक रजक) उनकी बेटी को अम्बिकापुर जाने की बात कहकर अपने साथ ले गई थी। शाम 6 बजे तक जब बालिका घर नहीं लौटी और तलाशने पर भी कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 143(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग, एमपी में दी दबिश
जांच के दौरान पुलिस ने साइबर और तकनीकी संसाधनों की मदद ली, जिससे अपहृत बालिका की लोकेशन मध्यप्रदेश के सागर जिला स्थित जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चकेरी में ट्रेस हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेश कुमार पटेल ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर मध्यप्रदेश रवाना किया। टीम ने ग्राम चकेरी में आरोपी शैतान सिंह के घर दबिश देकर नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
पहले भी 80 हजार में हो चुका था सौदा
बरामदगी के बाद बालिका ने पूछताछ में जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। नाबालिग ने बताया कि आरोपी सीमा सिंह ने उसे शैतान सिंह को 60 हजार रुपये में बेचा था, जिसके बाद शैतान सिंह ने उसका सौदा कैलाश सिंह व एक अन्य व्यक्ति से कर दिया। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि इससे पहले भी आरोपी शारदा सिंह ने इसी नाबालिग को 80 हजार रुपये में शैतान सिंह को बेचा था, लेकिन तब बालिका अनूपपुर रेलवे स्टेशन से भाग निकलने में कामयाब रही थी।
ये आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो स्थानीय महिलाएं और मध्यप्रदेश के दो खरीदार शामिल हैं:
सीमा सिंह उर्फ श्यामवती सिंह (27 वर्ष): निवासी जेलपारा, सूरजपुर।
शारदा मलिक (33 वर्ष): निवासी गेल्हापानी (वर्तमान पता- 20 दफाई डोमनहील), चिरमिरी, जिला एमसीबी।
शैतान सिंह (30 वर्ष): निवासी भापेल, थाना मोतीनगर, जिला सागर (म.प्र.)।
कैलाश सिंह डांगी (65 वर्ष): निवासी भापेल, थाना मोतीनगर, जिला सागर (म.प्र.)।
नकदी, स्कूटी और मोबाइल जब्त
आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सौदेबाजी में इस्तेमाल किए गए 4 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्कूटी (क्रमांक CG 29 AH 8430) और बिक्री की रकम में से शेष बचे 6 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को एएसपी योगेश देवांगन व सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। टीम में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव, एएसआई देवनाथ चौधरी, कुसुमकांता लकड़ा, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पा पैंकरा, आरक्षक जितेन्द्र पटेल, रामनारायण सोनवानी, रविराज पाण्डेय, बृजलाल तथा महिला आरक्षक रौशनी सिंह व पदमावती की सक्रिय भूमिका रही।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!