हिंद स्वराष्ट्र सिरसी/भैयाथान मुकेश गुप्ता : ग्राम पंचायत सिरसी में पंचायत भवन से नदी मार्ग तक जाने वाली कच्ची सड़क इन दिनों भारी वाहनों की आवाजाही के कारण बदहाल होती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, कुशमुसी मार्ग में पुल बनाने का कार्य चल रहा है, जिसके लिए ठेकेदार के भारी वाहन लगातार इस कच्ची सड़क से होकर गुजर रहे हैं। इससे सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ की स्थिति बन गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले यह मार्ग सामान्य आवागमन के लिए उपयोग में था, लेकिन भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क की हालत खराब हो गई है। बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों, पैदल चलने वाले लोगों और स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पंचायत भवन से नदी मार्ग तक की सड़क ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। यदि इसी तरह भारी वाहनों की आवाजाही जारी रही तो सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क को हुए नुकसान का संबंधित विभाग या ठेकेदार द्वारा निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार सड़क की मरम्मत और समतलीकरण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।
अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या निर्माण एजेंसी द्वारा क्षतिग्रस्त कच्ची सड़क को पूर्व स्थिति में लाने के लिए कोई व्यवस्था की जाती है।

