हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर घर जाने की बात पर प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि प्रेमी की खून से लथपथ संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई, जबकि प्रेमिका ने भी धारदार हथियार से अपना गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया।
मृतक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है, वहीं युवती का नाम महिमा सिदार बताया जा रहा है। दोनों पिछले 10 वर्षों से शहर के विभिन्न इलाकों में किराए का मकान लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
अस्पताल में भर्ती प्रेमिका महिमा के कथनानुसार, रक्षाबंधन पर घर जाने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। बहस इतनी गंभीर हो गई कि मोहन पैकरा ने धारदार हथियार से खुद अपना गला काट लिया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रेमी को मृत देखकर खौफजदा महिमा ने भी उसी हथियार से अपना गला काट लिया।
सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्या यह आत्महत्या है या हत्या का मामला, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और युवती के विस्तृत बयान के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस का कहना है कि वे मामले के सभी तकनीकी व फॉरेंसिक पहलुओं की जांच कर रहे हैं ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

