हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : खोपा धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो सोनवाही जंगल के पास सड़क पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में बोलेरो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र के ग्राम लिचिरमा से कुछ लोग बोलेरो वाहन में सवार होकर खोपा धाम दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद वे वापस लौट रहे थे, इसी दौरान सोनवाही जंगल के पास एक खड़ी ट्रक से उनकी बोलेरो की भिड़ंत हो गई इस हादसे में बोलेरो का सामने का हिस्सा बुरी तरह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया, वही वाहन में सवार सभी श्रद्धालु बुरी तरह से जख्मी हो गए। बताया जा रहा हैं कि ट्रक सड़क पर लापरवाहीपूर्वक खड़ा किया गया था और उसके पीछे सुरक्षा संबंधी कोई संकेतक या चेतावनी व्यवस्था नहीं थी।
घटना के समय रात का अंधेरा होने के साथ-साथ बारिश भी हो रही थी। खराब मौसम और दृश्यता कम होने के कारण बोलेरो चालक सड़क पर खड़े ट्रक को समय रहते देख नहीं पाया और वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में रतनपुर सीतापुर निवासी 56 वर्षीय श्याम सुंदर (पिता स्व. रतिराम) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में सुभाष, मंजू, राजकुमारी, राजकुमार और सुशीला घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सबसे दुर्भाग्य कि बात यह रही कि अंबिकापुर–बनारस इस मार्ग में दिन रात वाहनों का आवागमन जारी रहता हैं, आए दिन यहां हादसे होती रहती हैं लेकिन बावजूद इसके अब तक इस सड़क में रोड लाइट की व्यवस्था नहीं की गई हैं। आपको बता दें कि यह सड़क भारतमाला प्रोजेक्ट में शामिल हैं और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय राज्यमार्ग मंत्री से की जा चुकी हैं।



