हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/मनेन्द्रगढ़ किशन शाह: रेलवे कॉलोनी में गैराज से कॉपर वायर चोरी के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 किलो तांबा वायर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रेलवे कॉलोनी निवासी प्रार्थी गुरु दत्ता के गैराज से कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत पर सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया था। मामले में पूर्व में आरोपी राकेश यादव (22) और अंशु देवांगन को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 किलो कॉपर वायर तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 50 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया था। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार थे।
पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की पतासाजी में जुटी थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी के मामले में शामिल दीपक सिंह पिता विजय सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी शारदा मंदिर के पास, वार्ड नंबर 14 को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर 3 किलो तांबा वायर बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक विवेक पाटले, एचसी राकेश शर्मा, सीओ प्रदीप एक्का, आरक्षक प्रमोद यादव (साइबर सेल) एवं होमगार्ड विनीत सोनी की भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चोरी की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस को इसकी जानकारी दें।

