हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर/विश्रामपुर: साइबर ठगों ने अब सीधे बैंक खातों में सेंध लगाने के लिए लोगों के मोबाइल फोन को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ऐसा ही एक मामला विश्रामपुर क्षेत्र से सामने आया है, जहां एसईसीएल (SECL) की अमेरा परियोजना में पदस्थ एक लिपिक का मोबाइल फोन हैक कर अज्ञात साइबर ठगों ने खाते से 1 लाख रुपये से अधिक की राशि पार कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार अमेरा परियोजना में लिपिक के पद पर कार्यरत नंद किशोर वर्मा का मोबाइल फोन किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर हैक कर लिया गया। इसके बाद शातिर ठगों ने उनके मोबाइल के जरिए बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली और खाते से 1 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। पीड़ित लिपिक को इस ठगी का पता तब चला जब उन्हें बैंक खाते से रकम आहरित (निकलने) होने की जानकारी मिली।
थाने में शिकायत दर्ज, जांच शुरू
घटना के बाद पीड़ित लिपिक नंद किशोर वर्मा ने विश्रामपुर थाने पहुंचकर अज्ञात ठग के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
विश्रामपुर पुलिस अब बैंक खाते से हुए लेनदेन की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। पुलिस मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं पर जांच कर रही है:
रकम किस माध्यम से निकाली गई।
राशि किस अन्य खाते में या किस डिजिटल माध्यम (UPI/ई-वॉलेट) में ट्रांसफर हुई है।
इस साइबर धोखाधड़ी के पीछे कौन-कौन से लोग या गिरोह शामिल हैं।

