Home Blog Page 90

वन विभाग की टीम को मिली सागौन लकड़ी से भरी पिकअप वाहन को पकड़ने में सफलता…

हिंद स्वराष्ट्र बैकुंठपुर : कोरिया वन मंडल की टीम को अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे लगभग 70 हजार लागत के 11 नग सागौन लकड़ी समेत एक पिकअप वाहन को पकड़ने में सफलता हाशिल की हैं। पीसीसीएफ श्रीनिवास राव तथा वनमण्डलाधिकारी कोरिया प्रभाकर खलखो के निर्देश पर वन विभाग के संयुक्त दल ने रात्रि गश्त के दौरान कोरिया वन परिक्षत्र के बैकुठपुर के सलवा अंतर्गत अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे लगभग 70 हजार रूपए के 11 नग सागौन के लट्ठे और पिकअप वाहन को जप्त किया हैं। कार्यवाही के दौरान वन विभाग की टीम ने सागौन वृक्षारोपण में अवैध कटाई कर पिकअप क्रमांक – सीजी 15 जेडबी 0129 में लोड अवैध 11 नग सागौन लकड़ी जप्त किया हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।

विश्व हिंदू परिषद विभाग सह मंत्री रतन केशरवानी और जिला संयोजक रवि सिंह की अगुवाई में एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : श्री गणेश चतुर्थी के दौरान हिंदू धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अधार्मिक रीति रिवाज एवं फूहड़ता पर प्रतिबंध लगाने के सम्बन्ध में विश्व हिन्दू परिषद ने एक ज्ञापन एस डी ओ पी को सौंप कर उचित कार्यवाही का अनुरोध किया.
प्रतिवर्ष बजरंग दल के कार्यकर्त्ता श्री गणेश चतुर्थी के पूर्व से ही समाज में जन जागरण कर प्लास्टर ऑफ पेरिस की बनी मूर्तियों, सही समय पर विसर्जन , गणेश जी के आगमन एवं विसर्जन के दौरान अभद्र गाने बजाकर फूहड़ता के विरुद्ध समाज में जन जागरण करते आ रहे हैं, दल के कार्यकर्त्ता अपने इस कार्य में बहुत अधिक सफल भी हुए हैं, अब अधिकांश क्षेत्रों में धार्मिक रीति-रिवाजों एवं मान्यताओं के आधार पर ही श्री गणेश चतुर्थी का आयोजन होता है , किंतु अभी भी कुछ ऐसे लोग हैं जो आज भी श्री गणेश चतुर्थी के आयोजन में अधार्मिकता , अभद्रता , विसर्जन एवं आगमन के दौरान डीजे को प्राथमिकता देकर विलंब विसर्जन , डीजे में गंदे फिल्मी गाने बजाकर , शराब पीकर समाज में फूहड़ता फैलाते हैं, जिससे वहां स्थित बाकी सभी हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है आहत होती है , अतः गणेश चतुर्थी में धार्मिकता बनाए रखने एवं फ़ूहड़ता पर नियंत्रण करने के लिए हमारी कुछ मांगे हैं जिनसे इन सभी समस्याओं पर अंकुश लगेगा.

गणेश जी की प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं को बनने से रोका जाए , श्री गणेश जी की प्रतिमा के मूल स्वरूप ही मान्य होगी , फिल्मी एक्टर , कार्टून इत्यादि रूप में गणेश प्रतिमा ना बने ,विसर्जन के लिए डीजे बुक होना प्रारंभ हो चुका होगा ,अतः डीजे , धुमाल संचालकों को बुलाकर मीटिंग के माध्यम से उन्हें यह स्पष्ट कर दिया जाए कि पितृपक्ष के बाद विसर्जन हेतु कोई भी बुकिंग ले तो विसर्जन के दौरान फिल्मी अभद्र गाने ना बजाएं , अगर ऐसा होता है तो सभी डीजे धुमाल संचालकों एवं समिति पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने हेतु कार्यवाही की जाए.

वर्तमान में अधिक वर्षा होने की वजह से नदी तालाबों में कोई अनहोनी ना हो इसकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें , सभी तालाबों , नदियों , घाटों पर गोताखोर एवं सुरक्षाकर्मी तैनात की जाए , व गहराई की जांच कराई जाए ,
श्री गणेश चतुर्थी के आरंभ से ही सभी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग व्यवस्था दुरुस्त की जाए धार्मिक परिसर के आसपास शराब पीकर लड़ाई झगड़ा कर रहे लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए.
इन सभी नियमों पर अगर कार्य किया जाए तो श्री गणेश चतुर्थी बहुत ही शुभ मंगल होगा , अन्यथा कोई भी धार्मिक आयोजनों के दौरान अभद्रता या फूहड़ता करेगा तो बजरंग दल अपनी धार्मिक भावनाओं को आहत होता देख स्वयं कार्यवाही हेतु बाध्य होगा । इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद विभाग सह मंत्री रतन केशरवानी, जिला संयोजक रवि सिंह, प्रियांशु मिश्रा, विशाल यादव, संस्कार सिंह, संजय यादव, मोहित मिश्रा, अविनाश यादव, वीर यादव, नमन शर्मा और कई कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा ने 21 सीटों के लिए जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के 21 सीटों के लिए बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में कई नए चहरों को मौका मिला हैं।

21 निरीक्षक और उप निरीक्षकों के प्रभार बदले…

हिंद स्वराष्ट्र बिलासपुर : जिले के 21 निरीक्षक और उप निरीक्षकों के प्रभार में परिवर्तन किया गया है। कोटा थाना प्रभारी उत्तम साहू को कोतवाली थाना प्रभारी बनाया गया है तो प्रदीप आर्या को कोतवाली से हटाकर सिविल लाइन थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा दो यातायात निरीक्षकों को भी बदल दिया गया है।

देखे आदेश :

9वी कक्षा के छात्र को बस से उतार कर कुछ असामाजिक तत्वों ने की जमकर पिटाई…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : मैनपाट के स्वामी आत्मानंद स्कूल के नौवीं के छात्र के साथ जमकर मारपीट का वीडियो सामने आया है जो की जमकर वायरल हो रहा हैं। इस वीडियो में कुछ लोग एक बच्चे को बस से उतारकर बड़ी बेरहमी से डंडे से पिटाई करते हुए नजर आ रहे है। बता दें कि यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ लोग नाबालिग छात्र की जमकर डंडे से पिटाई कर रहे हैं। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्र का उसके ही क्लास के लड़के से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था जिसकी जानकारी लड़के ने अपने परिजनों को दी थी जिसके बाद परिजनों ने उस छात्र को जमकर पीटा।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में ले लिया हैं। मामले में आगे कार्यवाही की जा रही हैं।

लोक सेवा आयोग ने जारी किए PSC 2022 के परिणाम, देखे रिजल्ट…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2022 के लिखित परीक्षा के परिणाम आयोग के वेबसाईट www.psc.cg.gov.in पर जारी कर दिए गए हैं। राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2022 में चिन्हांकित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथि एवं विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाईट पर पृथक से जारी की जाएगी।

2 बाइक आपस में टकराई 4 युवक घायल, 2 की हालत गंभीर …

हिंद स्वराष्ट्र जनकपुर गणेश तिवारी : विकासखंड भरतपुर के कोटाडोल में दो बाइकों की आपस में टक्कर से चार लोग घायल हो गए। इस हादसे में दो लोगो की हालत बहुत ही नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची जनकपुर पुलिस द्वारा घायलों को उप स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि 2 घायलों को ज्यादा गंभीर चोटे आई है जिससे उनका उपचार किया जा रहा है। सभी घायल घाघरा और जनकपुर के बताए जा रहे हैं जिनमें से एक की पहचान हो पाई है उनका नाम रंजीत बैग है जोकि छात्रावास में कर्मचारी के पद पर पदस्थ हैं।

आरक्षक पर पिकअप गाड़ी चढ़ाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : हत्या का प्रयास और चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 9 अगस्त को वाहन की चेकिंग कर रहे आरक्षक पर गाड़ी चढ़ाकर मौके से भाग गए थे। बताया गया कि 9 अगस्त को थाना चंदौरा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पकनी के पानी टंकी टावर का लोहे का एंगल कोई चुराकर वाहन में लोड कर चंदौरा की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस को यह वाहन पकनी की ओर आते दिखा। वाहन चालक को रुकने का इशारा करने पर आरक्षक सिल्वेस्टर लकड़ा को ठोकर मारकर ड्राइवर वाहन लेकर भाग निकला था। इससे आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 186, 353, 333, 307 के तहत केस दर्ज किया गया। वहीं बड़कापारा सूरजपुर निवासी देवेन्द्र साहू ने थाना चंदौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 अगस्त के रात ग्राम पकनी के जल जीवन मिशन अंतर्गत सोलर ड्यूल पंप का स्टील स्ट्रक्चर किसी ने चुरा लिया है।
रिपोर्ट पर धारा 379 के तहत केस दर्ज किया गया। मामले में वाहन चालक की पतासाजी सीसीटीवी कैमरे की मदद से की जा रही थी। वहीं फुटेज के आधार पर संदेही विनोद पैकरा पिता रामजनम पैकरा उम्र 22 वर्ष ग्राम मायापुर को पकड़ा।
पूछताछ में उसने बताया कि अपने साथी प्रेम पाण्डेय, छोटू पाण्डेय, रविन्द्र चौबे और 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर पकनी के पानी टंकी टावर में चोरी करने पहुंचा था। इस दौरान गांव वाले हल्ला करने लगे, तो वहां से भागते हुए चंदौरा पहुंचे, जहां पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया जो उन्होंने पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ा दी और वहां से भाग गए। पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

ड्राइवर ने बेच दिया 80 क्विंटल धान, खरीदार के साथ किया गया गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : परिवहन के दौरान ट्रक से 80 क्विंटल धान बिक्री करने के आरोप पर पुलिस ने ट्रक चालक ज्वाला यादव (21) निवासी सलखन बरवाटोली थाना चोपन सोनभद्र तथा धान खरीदने वाले लैलूंगा निवासी रामकिशोर बेहरा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 60 हजार रुपये नकद बरामद किया गया है। सीतापुर के राधापुर निवासी राइस मिल संचालक राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने बीते सात अगस्त 2023 को अपने राइस मिल से ट्रक में धान लोड करवाकर तिरुपति राइस मिल जांजगीर के लिए भेजा था।चालक ज्वाला प्रसाद ट्रक लेकर निकला था। लेकिम जांजगीर राइस मिल में धान नही पहुंचा। ट्रक को घरघोड़ा में पाया गया लेकिन चालक का पता नहीं चला। धान में हेरफर की आशंका होने पर धान का तौल कराने पर 80 क्विंटल धान कम पाया गया था। घटना की शिकायत पर सीतापुर पुलिस ने जांच शुरू की।
ट्रक चालक ज्वाला यादव को पकड़कर पूछताछ किया गया। आरोपित द्वारा 80 क्विंटल धान ट्रक से चोरी कर रामकिशोर बेहरा लैलूंगा रायगढ़ को बेचना बताया। धान के खरीदार राम किशोर बेहरा हीरापुर झरियापारा लैलूंगा रायगढ़ को घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ किया गया। धान खरीदार द्वारा 200 बोरा धान लगभग 80 क्विंटल 75 हजार रुपये में खरीदना बताया गया। 200 बोरा धान को पुलिस टीम द्वारा जब्त किया गया। आरोपितों के कब्जे से 200 बोरा धान लगभग 80 क्विंटल, धान बिक्री की रकम 60 हजार नकद एवं दो नग मोबाइल बरामद किया गया हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर निरीक्षक अश्वनी सिंह, आरक्षक पंकज देवांगन, अभिषेक राठौर शामिल रहे।

लाखों रुपए की ऑनलाइन ठगी, ओटीपी नंबर से खाली हुआ खाता…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं के बीच इस बार बीते शनिवार को बिश्रामपुर निवासी परिवहन ठेकेदार अजय पाल सिंह करीब 6 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। उन्होंने ठगी की शिकायत सूरजपुर कोतवाली परिसर स्थित साइबर सेल में दर्ज कराई है। ऑनलाइन फ्रॉड के शिकार पप्पू सिंह उर्फ अजय पाल सिंह ग्राम पचिरा स्थित त्रिवेणी ट्रांसपोर्ट के संचालक हैं। उन्होंने बीते 7 अगस्त को आईडीबीआई बैंक सूरजपुर में 12968 रुपये का चेक क्लियरेंस के लिए जमा किया था। चेक क्लियरेंस की जानकारी लेने के लिए उन्होंने बीते शनिवार को गूगल के जरिए बैंक का कांटेक्ट नंबर सर्च कर संबंधित नंबर पर जानकारी लेने के लिए कॉल किया।

जवाब में उन्हें एक अन्य नंबर पर बात करने के लिए कहा गया। संबंधित नंबर से ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले व्यक्ति ने अजय पाल से चर्चा कर उसे अपने झांसे में लेकर एक ऐप डाउनलोड कराया। आधार कार्ड का नंबर लेने के बाद ओटीपी नंबर की जानकारी लेने के बाद आरोपित ने अजय पाल सिंह के यूनियन बैंक सूरजपुर के खाते से तीन बार में 5 लाख 91 हजार रुपये आहरण कर लिए।
इस दौरान आरोपित द्वारा अजय पाल का मोबाइल हैक कर लिए जाने के कारण उनका मोबाइल बंद हो गया। ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने की जानकारी मिलते ही परिवहन ठेकेदार अजय पाल सिंह ने तत्काल संबंधित बैंक के साथ ही सूरजपुर पुलिस को ठगी का शिकार होने की जानकारी दी। उसके बाद उन्होंने साइबर सेल में अपनी शिकायत दर्ज करा दी है।

गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हुआ बलरामपुर पुलिस का नाम..

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर: स्वतंत्रता दिवस के दिन बलरामपुर पुलिस ने ग्राम खेल समितियों के माध्यम से वालीबाल मैच कराकर विश्व रिकार्ड बनाया है। बलरामपुर पुलिस द्वारा ध्वजारोहण के बाद एक साथ 325 गांवों में वालीबाल मैच का आयोजन किया गया था। इसमें 650 टीमों के बीच मैच हुआ। कुल 3900 खिलाड़ियों ने इन मैचों में हिस्सा लिया। यह आयोजन गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो गया है। गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के प्रतिनिधि ने मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर दिया है। इस आयोजन की तैयारी बलरामपुर पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से की जा रही थी। जिले के सभी थाना व पुलिस चौकी क्षेत्र के कुल 325 गांव में ग्राम खेल समिति का गठन किया गया था। इन समितियों में प्रत्येक ग्राम के 15 से 20 युवाओं को जोड़ा गया था। इन समितियों को खेल सामग्री का वितरण बलरामपुर पुलिस अधीक्षक डा लाल उमेद सिंह ने किया था। वालीबाल,नेट,गणवेश का वितरण किया गया था। इसके अलावा 50 गांव ऐसे थे जहां फुटबाल के प्रति रुझान था,उन्हें फुटबाल और उससे जुड़ी खेल सामग्री प्रदान की गई थी।

बलरामपुर पुलिस अधीक्षक डा लाल उमेद सिंह स्वयं अलग – अलग थाना क्षेत्र में जाकर ग्राम खेल समितियों को खेल सामग्री का वितरण कर चुके थे। स्वतंत्रता दिवस के दिन ध्वजारोहण के बाद गांवों में मैच हुए। पुलिस ग्राम खेल समिति के माध्यम से 325 ग्राम से 650 टीम के कुल 3900 खिलाड़ियों ने इन मैचों में हिस्सा लिया। सभी जगह से फ़ोटो ,वीडियो भी आए। गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के प्रतिनिधियों ने भी गांव-गांव में जाकर आयोजन को देखा। एक ही दिन एक ही समय में एक साथ वालीबाल मैचों के कारण यह आयोजन गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हुआ है। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर डा लाल उमेद सिंह ने वर्ल्ड रिकॉर्ड को बलरामपुरवासियों को समर्पित किया है।

मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: विश्वकर्मा योजना और पीएम ई-बस सेवा को दी मंजूरी, 100 शहरों में 10 हजार नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने मिली मंजूरी..

हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : पीएम मोदी की अध्यक्षता में बुधवार (16 अगस्त) को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई. जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए. मीटिंग के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसलों के बारे में जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम ई-बस सेवा को मंजूरी दे दी गई है. उन्होंने कहा कि इस पर 57,613 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. देश भर में लगभग 10,000 नई इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी. 57,613 करोड़ रुपये में से 20,000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार देगी.


पीएम ई-बस सेवा को मजूंरी


अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये योजना 3 लाख और उससे अधिक आबादी वाले शहरों को कवर करेगी. इस योजना के तहत पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर 10,000 ई-बसों के साथ सिटी बस संचालन किया जाएगा. ये योजना 10 वर्षों तक बस संचालन का समर्थन करेगी.


विश्वकर्मा योजना भी हुई मंजूर


वहीं केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पीएम मोदी ने अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में कारीगरों के लिए विश्वकर्मा योजना की घोषणा की थी. कैबिनेट ने 13,000 करोड़ रुपये की विश्वकर्मा योजना को मंजूरी दी है.


30 लाख शिल्पकार परिवारों को लाभ होगा


उन्होंने कहा कि इससे शिल्पकारों को 1 लाख रुपये तक का लोन 5 प्रतिशत पर दिया जायेगा. विश्वकर्मा योजना से 30 लाख शिल्पकार परिवारों को लाभ होगा. छोटे-छोटे कस्बों में अनेक वर्ग ऐसे हैं जो गुरु-शिष्य परंपरा के तहत कौशल से जुड़े कार्यों में लगे हैं. इनमें लोहार, कुम्हार, राज मिस्त्री, धोबी, फूल का काम करने वाले, मछली का जाल बुनने वाले, ताला-चाबी बनाने वाले, मूर्तिकार आदि शामिल हैं.


रेलवे की सात मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को भी मिला अप्रूवल


अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इसके अलावा कैबिनेट ने 14,903 करोड़ रुपये के खर्च के साथ डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के विस्तार को मंजूरी दी. डिजीलॉकर वर्तमान में केवल नागरिकों के लिए उपलब्ध है और अब इसके 40 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं. जल्द ही एमएसएमई के लिए डिजीलॉकर का नया एक्सटेंशन लॉन्च किया जाएगा. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय रेलवे की सात मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है.

लंबे समय से रक्षित केंद्र में पदस्थ 9 उप निरीक्षकों को किया गया थानों में तैनात…

हिंद स्वराष्ट्र जांजगीर–चांपा : लंबे समय से रक्षित केंद्र जांजगीर चांपा में पदस्थ 9 उप निरीक्षकों को थानों में पदस्थापना दी गई हैं। एसपी विजय अग्रवाल ने यह आदेश जारी किया हैं।

राज्य प्रशासनिक अधिकारियों को मिली नवीन पदस्थापना, देखे आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : राज्य शासन द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के पदोन्नति एवं नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया है।

विधानसभाध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित..

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : मनेंद्रगढ़.स्वतंत्रता दिवस के 76 वीं वर्षगांठ को हर्षोल्लास के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा एसईसीएल स्टेडियम में 15 अगस्त 2023 को आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के विधानसभाध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के साथ परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि डॉ. चरणदास महंत ने ध्वजारोहण के पश्चात जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ का हसदेव क्षेत्र हमारे लिए त्रिदेव के आशीष के समान है। अमृतधारा झरना और रमदहा झरना की सुंदरता पर्यटकों का मन मोह लेती है। स्वतंत्रता दिवस के पुनीत अवसर पर मैं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के महान सपूतों को महान विभूतियों को सादर नमन करता हूँ जिन्होंने देश प्रेम की मिशाल पेश की। विश्वस्तरीय कोयला खदानों से परिपूर्ण नवगठित मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ज़िले में विकास और उन्नति की अनंत संभावनाएँ विद्यमान हैं। इसके पश्चात कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा ने जनता के नाम मुख्यमंत्री का संदेश वाचन किया। संदेश वाचन के पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. महंत ने शांति के प्रतीक कपोत और रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाए और सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
पुलिस एवं एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट- स्वतंत्रता दिवस के के 76 वीं वर्षगांठ की अवसर पर पुलिस एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। परेड कमाण्डर आरआई श्री हेमंत टोप्पो एवं सेकेण्ड इन कमान उप निरीक्षक गंगासाय पैकरा के नेतृत्व में परेड की सलामी दी गयी। परेड टुकड़ियों में भारत रक्षित वाहनी 18 वीं बटालियन, जिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड, प्लाटून कमाण्डर फारेस्ट ऑफिसर, एनसीसी सीनियर और जूनियर डिविजन तथा स्काउट गाइड के कैडेट शामिल थे।
विधानसभाध्यक्ष डॉ. महंत ने शहीदों के परिवारों से मिलकर उन्हें शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि और कलेक्टर-एसपी के द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम पुरस्कार हाईटेक पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़, द्वितीय पुरस्कार सेजेस मनेंद्रगढ़ और तृतीय पुरस्कार कन्या छात्रावास मनेंद्रगढ़ को प्राप्त हुआ। इन्हें भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर नरेन्द्र दुग्गा ने मुख्य अतिथि डॉ. महंत को संपूर्ण ज़िले की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किया।

इस अवसर पर सरगुजा आदिवासी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरो, सीजीएमएससी के संचालक और मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल, नगर निगम चिरमिरी के महापौर श्रीमती कंचन जायसवाल, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ के अध्यक्ष डॉ. विनयशंकर, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, डीएफ़ओ एलएन पटेल, अपर कलेक्टर अनिल सिदार, एसडीएम मनेंद्रगढ़ श्रीमती अभिलाषा पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

77 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का हुआ गरिमामय आयोजन, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने किया ध्वजारोहण…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर :  77 वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सरगुजा जिले में पुलिस ग्राउंड अम्बिकापुर में आयोजित मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी। जिले में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम गरिमामय ढंग से पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों के साथ मैदान के चारो कोने से तीन रंगों-केसरिया, सफेद, हरे रंग के गुब्बारों का गुच्छा और शांति के प्रतीक सफेद कपोत खुले आसमान में छोड़े गए।


छत्तीसगढ़ में चंहु ओर खुशहाली लाने का मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि श्री टीएस सिंहदेव ने किया। उन्होंने कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं परेड कमांडर के साथ सुसज्जित वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए कहा कि हमारी न्याय योजनाएं प्यार की गंगा बहा रही है और दिलों को जोड़ रही है। उन्होने मुख्यमंत्री के संदेश के माध्यम से धान खरीदी प्रति एकड़ 15 क्विंटल से 20 क्विंटल करने, किसानों को 20 हजार करोड़ की इनपुट सब्सिडी, समर्थन मूल्य पर पहली बार मिलेट की खरीदी, किसानों के लिए बढ़ती सुविधाएं, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, गौठानों से गांव में आ रहा आर्थिक स्वावलंबन, तीन सौ नए रीपा प्रारंभ करने, फूड पार्क के लिए भूमि का चयन, भूमिहीन कृषि मजदूरों को 590 करोड़ रूपए की मदद, 32 लाख से अधिक महिलाओं को रोजगार, ‘आवास न्याय योजना’ प्रारंभ करने, पंजीकृत श्रमिकों को मिल रही विभिन्न सुविधाएं, देश में सर्वाधिक लघु वनोपज का संग्रहण, अनुसूचित क्षेत्रों में तेजी से विकसित होती अधोसंरचनाएं, खाद्य सुरक्षा के साथ पोषण सुरक्षा को भी मिली गति, सुपोषण अभियान के तहत पौने तीन लाख बच्चे कुपोषण और दो लाख महिलाएं एनीमिया से मुक्त करने की जानकारी दी।


मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 25 लाख तक के इलाज की सुविधा, धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर के संचालन कर मरीजों को 70 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने, राज्य गठन के बाद पहली बार नियमित शिक्षकों की भर्ती, स्कूल भवनों में बेहतर सुविधाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना’ शुरू करने, नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का आवासीय विद्यालय प्रारंभ करने, चार नए संगीत महाविद्यालयों के साथ 71 नए महाविद्यालय प्रारंभ करने, 42 हजार युवाओं को नौकरी देने, प्रतियोगी परीक्षाओं के परीक्षा शुल्क माफ करने, एक लाख 22 हजार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने, खेल अकादमियों और ‘खेलो इंडिया सेंटरों’ का संचालन, शैक्षणिक संस्थाओं में 58 प्रतिशत आरक्षण का लागू करने का संदेश दिया।
राजस्व मामलों का सरलीकरण के तहत 6 नए जिलों, 32 राजस्व अनुविभाग तथा 100 नवीन तहसीलों का गठन करने, छत्तीसगढ़ के समस्त 50.13 लाख ग्रामीण घरों में नल कनेक्शन का लक्ष्य प्राप्त करने, हॉफ बिजली बिल योजना के तहत 43 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 3900 करोड़ रुपए की छूट देने, राजीव गांधी सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट का शिलान्यास, डीएमएफ से 12 हजार 600 करोड़ रुपए के विकास कार्य, लोगों को शासकीय दफ्तरों के चक्कर से मिली मुक्ति, सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, राम वनगमन पर्यटन परिपथ, छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद का गठन, नक्सल क्षेत्रों में बदलाव की बयार, चिटफंड कंपनी के शिकार लोगों को धन वापसी, छत्तीसगढ़ में चंहु ओर खुशहाली लाने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने शहीदों के परिजनों का किया सम्मान, अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों दिए गए प्रशस्ति पत्र, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की प्रस्तुति को प्रथम पुरस्कार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने शहीद जवानों के परिवारजनों से मिलकर उनको शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसनीय कार्य के लिए सम्मानित किया एवं शुभकामनाएं दी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह परेड का नेतृत्व परेड कमांडर शुभम तिवारी ने किया। परेड में जिला पुलिस बल, अर्धसैनिक बल, एनसीसी और स्काउट गाईड के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम में स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नागरिकगणों ने खूब सराहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति के उपरांत पुरस्कार वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि सिंहदेव ने समारोह में गौठान बटवाही के गौठान प्रबंधन समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव को गोधन न्याय योजना रीपा गतिविधियों एवं गोमूत्र उत्पादन तथा विक्रय के सफल क्रियान्वयन हेतु 25 हजार रूपए की पुरस्कार राशि का चेक एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 173 अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया, जिसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अम्बिकापुर की छात्राओं द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुति को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके साथ ही कन्या शिक्षा परिसर की प्रस्तुति को द्वितीय तथा सरस्वती शिशु मंदिर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सीजीएमएससी अध्यक्ष एवं लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम, छत्तीसगढ़ स्थानीय आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा एवं वनौषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, सरगुजा संभागायुक्त शिखा राजपूत तिवारी, आईजी अंकित गर्ग, सीसीएफ नवीद शुजाउद्दीन, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, एमआईसी सदस्य द्वितेन्द्र मिश्रा, सहित शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र छात्राएं और शहरवासी उपस्थित रहे।

77 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव करेंगे ध्वजारोहण…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारत के 77 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन 15 अगस्त 2023 को अम्बिकापुर के पुलिस लाईन स्थित पुलिस ग्राउंड में किया जा रहा है। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव इस अवसर पर ध्वजारोहण करेंगे व परेड की सलामी लेंगे।
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रातः 8ः58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन, प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण व सलामी, 9ः05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण, 09ः15 बजे हर्ष फायर, 09ः20 बजे भारत माता की जयकार, 09ः23 बजे मार्च पास्ट, 09ः35 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, 10ः05 बजे श्वेत कपोत उड्डयन, 10ः08 बजे मुख्य अतिथि द्वारा रंगीन गुब्बारा उड्डयन, 10ः15 बजे शहीद परिवार के सदस्यों का सम्मान, 10ः25 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 10ः50 बजे उत्कृष्ट अधिकारी कर्मचारी एवं नागरिकों का सम्मान/पुरस्कार वितरण के पश्चात समारोह का समापन होगा।

निलंबित संयुक्त संचालकों के स्थान पर नए संयुक्त संचालकों की नियुक्ति, देखे आदेश…..

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : राज्य सरकार ने निलंबित किए गए 4 सयुक्त संचालक शिक्षा के स्थान पर आज नियुक्ति कर दी हैं।

देखें आदेश :

कांग्रेस में शामिल हुई सरगुजा की पूर्व संभागायुक्त जिनेविवा किंडो…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : पूर्व आईएएस जिनेविवा किंडो ने रायपुर दक्षिण विधानसभा के संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस में प्रवेश कर लिया हैं। जिनेविवा किंडो 2004 बैच की प्रमोटिव IAS हैं। आपको बता दें कि जिनेविवा किंडो 2004 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी थीं। नौकरी दौरान उन्होंने राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी से आईएएस रैंक पर पदोन्नति हासिल की थी। साथ ही जेनेवीव किंडो के भाई, एचपी किंडो ने भी एक आईएएस अधिकारी के रूप में कार्य किया था। गौरतलब है कि 2018 में, जिनेविवा किंडो, जो एचपी किंडो की बहन हैं, जेल मैनुअल द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के खिलाफ जेल में उनसे मिलने के लिए विवादों में घिर गईं थी। वहीं, 2021 में जब उन्हें सरगुजा कमिश्नर की जिम्मेदारी मिली तो रिटायरमेंट से ठीक पहले राज्य सरकार ने उन्हें अचानक पद से हटा दिया था।

दर्दनाक सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल सहित दो लोगों की मौके पर मौत…. दो गंभीर रूप से घायल….

हिंद स्वराष्ट्र गरियाबंद : गरियाबंद जिले के ग्राम मोगरा के पास शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे में पचपेड़ी थाने में तैनात प्रधान आरक्षक रामबहोर सिन्हा और ग्राम पतईडीह सरपंच के प्रतिनिधि बाबूलाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मामला छुरा थाना क्षेत्र का है। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिल्हाटी सरपंच के प्रतिनिधि अनूप नायक, ग्राम जैतपुरी सरपंच पुरन कैवर्त, ग्राम पंचायत पतईडीह सरपंच के प्रतिनिधि बाबूलाल यादव और पचपेड़ी थाने में तैनात प्रधान आरक्षक रामबहोर सिन्हा ये सभी कार में सवार होकर गरियाबंद जिले के जतमई-घटारानी घूमने के लिए जा रहे थे। सभी चिल्हाटी सरपंच प्रतिनिधि अनूप नायक की कार में सवार होकर शुक्रवार शाम 5 बजे गरियाबंद जिले के लिए निकले थे।
शुक्रवार रात 10:30 बजे के आसपास छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोगरा के पास कार का अगला टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद कार 2-3 बार पलटी खाकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना छुरा थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, वहीं मृतकों के शव को मर्च्युरी में रखा गया है। आज पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया हैं। इस हादसे में जैतपुरी सरपंच पुरन कैवर्त और अनूप नायक घायल हैं, जिनमें से अनूप नायक की हालत गंभीर बनी हुई है।

error: Content is protected !!