हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अम्बिकापुर की हॉट सीट की मतगणना से पहले स्ट्रांग रूम का ताला मतगणना अधिकारियों की मौजूदगी में खोला गया हैं। छत्तीसगढ़ समेत एमपी और अन्य 2 राज्यों में मतगणना केंद्र पर मतगणना की तैयारियां चल रही हैं, जहां विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती थोड़ी देर में शुरू होगी। 12 बजे तक काफी हद तक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा 2 महीने से चले आ रहे हैं सस्पेंस का दौरा आज खत्म होने वाला है जहां कुछ राज्यों में सरकार चेंज होने की आसार बन रहे हैं वही कुछ राज्यों में पुरानी सरकार ही फिर से सरकार बनाने में कामयाब हो सकती है।
मेरी ड्यूटी के 12 घंटे पूरे, रास्ते में दो ट्रेन छोड़ कर चले गए ड्राइवर-गार्ड, रेलवे इतिहास का खतरनाक कारनामा!
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में लखनऊ-गोरखपुर रेलखंड पर ट्रेन चालकों का एक नया कारनामा समाने आया है। यहां दो ट्रेन के ड्राइवर 12 घंटे ड्यूटी टाइम पूरा होने पर रेलवे ट्रैक पर रेलगाड़ी खड़ी छोड़ कर चले गए। इसके चलते सहरसा से दिल्ली जाने वाली ट्रेन 3 घंटे 40 मिनट और बरौनी से लखनऊ जा रही ट्रेन 1 घंटा 41 मिनट तक बुढ़वल स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक ने यात्रियों की समस्या पर फोन उठाना बंद कर दिया। यात्रियों के जोरदार हंगामे पर रेलवे विभाग ने आनन-फानन ड्यूटी के दूसरे चालकों को लखनऊ से बुढ़वल लाया गया, जिसके बाद ट्रेनों को आगे के लिए रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार, लखनऊ-गोरखपुर रेलखंड के बुढ़वल रेलवे स्टेशन से गुजर रही दो एक्सप्रेस ट्रेनों के चालक और गार्डों ने ट्रेन आगे ले जाने से मना कर दिया। उन्होंने ट्रेन ये कह छोड़ दिया कि उनकी ड्यूटी टाइम के 12 घंटे बीत चुके हैं। इस बीच ट्रेनों पर सवार यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इससे आरपीएफ, जीआरपी, स्थानीय पुलिस और स्टेशन अधीक्षक और स्टाॅफ पूरी तरह से मुकदर्शक बने रहें।
ट्रेन छोड़ कर भाग गए ड्राइवर और गार्ड
एनईआर के गोंडा आरपीएफ के इंस्पेक्टर अजमेर सिंह यादव ने बताया कि सहरसा बिहार से चलकर नई दिल्ली जा रही ट्रेन के बुधवार दोपहर 1:15 पर बुढ़वल स्टेशन पर पहुंची थी। इसके चालक और गार्ड ने ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर तीन और चार के बीच खड़ा कर दिया। इस पर यात्रियों ने हंगामा शुरु कर दिया। इस ट्रेन के चालक और गार्ड का कहना था कि उनकी 12 घंटे की ड्यूटी है और यह अवधि पूरी हो चुकी है। इसपर नियंत्रण कक्ष लखनऊ को हालात बताए गए। इस पर इस ट्रेन के चालक और गार्ड लखनऊ से बुढ़वल लाए गए। सहरसा से नई दिल्ली के लिए 4:50 बजे लेकर रवाना हुए। इस तरह से यह ट्रेन 3 घंटे 40 मिनट तक रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही।
दूसरी ट्रेन के ड्राइवर-गार्ड की यही कहानी
इसी स्टेशन पर बरौनी से लखनऊ जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के चालक और गार्ड ने भी यहीं कहानी दोहरा दी। इन दोनों ने भी स्टेशन अधीक्षक को बताया कि उनकी 12 घंटे की ड्यूटी पूरी हो चुकी है। वह अब आगे ट्रेन को लेकर नहीं जा सकते हैं। यह ट्रेन शाम 4:04 बजे यहां पर पहुंची थी। इस ट्रेन के दूसरे चालक और गार्ड को लखनऊ से बुलाया गया। इसके बाद 5:46 पर आगे के लिए रवाना किया गया। इन हालातों में यह ट्रेन 1 घंटा 41 मिनट तक बुढ़वल स्टेशन पर खड़ी रही। बुढ़वल स्टेशन के जीआरपी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि सहरसा से दिल्ली जा रही नान स्टॉप ट्रेन के ड्राइवर 12 घंटे ड्यूटी समय पूरा होने पर छोड़ कर चले गए। वहीं शाम 4 बजे बरौनी से लखनऊ जा रही बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन भी खड़ी हो गई थी। इस ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड ने ड्यूटी पूरी होना बात कर ट्रेन छोड़ कर चले गए थे। गाड़ी के लेट होने पर यात्रियों ने करीब 20 मिनट हांगमा किया था, जिनको समझा बुझा कर शांत कराया गया। कंट्रोल चेंज होने के बाद ये ट्रेन भी रवाना हो गई।
सीजी एमपी समेत राजस्थान में किसकी बन रही सरकार, देखे रिपोर्ट…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : तेलंगाना में गुरुवार को मतदान के बाद पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को लेकर एग्जिट पोल आने शुरू हो जाएंगे। गौरतलब है कि मिजोरम में 7 नवंबर, छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर, मध्य प्रदेश में 17 नवंबर, राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान कराए जा चुके हैं। आज शाम 5.30 बजे से अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल आने शुरू हो गए हैं।



दो बाइकों में जोड़दार टक्कर, 2 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिले के मैनपाट में सिटी पार्क सपनादर के पास दो बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और वाहन चालक नशे में धुत थे, जिसके कारण यह दुर्घटना घटित हुई। जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर से बाइक सवार तीन लोग मैनपाट जा रहे थे, वहीं मैनपाट से दो बाइक सवार अंबिकापुर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान मैनपाट के सिटी पार्क सपनादर के पास दोनो बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में जांजगीर चांपा से मैनपाट जा रहे बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौके पर मौत हो गई, वहीं मैनपाट से अंबिकापुर जा रहे बाइक सवार दो युवकों में से एक की मौत हुई है। सूचना पर कमलेश्वरपुर पुलिस ने दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मच्र्युरी में रखवा दिया गया है और घायलों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भेज दिया गया है। इस सडक़ दुर्घटना में मृतक गुलशन कुर्रे आत्मज सुरेश कुर्रे उम्र 23 वर्ष ग्राम दर्रा भाटा जांजगीर चांपा, दूसरा मृतक रीसन लकड़ा आत्मज विंधे लकड़ा उम्र 18 वर्ष ग्राम पोड़ीया, दरिमा का रहने वाले था। घायलों में दीपक रात्रे आत्मज राम रतन उम्र 21 वर्ष ग्राम दर्रा भाटा जांजगीर चांपा एवं निलेश धृतलहरे आत्मज हरी भारद्वाज दर्रा भाटा जांजगीर चांपा, मनबोध उम्र 16 वर्ष निवासी दरिमा घायल है, इन सभी का उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
दिनदहाड़े 11वी की छात्रा को उठा ले गया युवक, अपहरण या प्रेम–प्रसंग पुलिस कर रही मामले की पड़ताल…
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र के ग्राम पोरतेंगा में आज सुबह दिनदहाड़े एक कार पर सवार होकर आए युवक ने अपने सहेली के साथ स्कूल जा रही एक छात्रा को जबरन कार में उठाकर ले गया। घटना के बाद जशपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला कहीं प्रेम प्रसंग का तो नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार लड़की 11 वीं की छात्रा है। आज सुबह वह घर से तैयार होकर सहेली के साथ स्कूल के लिए निकली थी। रास्ते में कार सवार एक युवक ने छात्रा की सहेली को धक्का मारकर गिरा दिया और छात्रा को कार में लेकर फरार हो गया। उप पुलिस महानिरीक्षक वरि० पुलिस अधीक्षक जिला जशपुर डी रविशंकर ने बताया कि अपहरण का एक मामला आया है। परंतु घटनास्थल पर निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूरों का कहना है कि एक कार आई और उसमें युवती बैठ कर चली गई। उसकी सहेली का भी कहना है कि वह युवक पूर्व में भी युवती से मिलने आया करता था। फिलहाल पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मामला को संज्ञान में लेकर युवक एवं कार की पताशाजी की जा रही है, इनके मिलने के बाद ही मामले की पूर्ण जानकारी दी जा सकेगी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही जशपुर पुलिस ने तत्काल चेकिंग और नाकाबंदी शुरू कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
क्षमता से ज्यादा रेत का किया गया भंडारण,और रात को किया जा रहा परिवहन ग्रामीण कर रहे जांच की मांग…
हिंद स्वराष्ट्र जनकपुर गणेश तिवारी : क्षमता से अधिक रेत का भंडारण किया गया है ग्रामीण लगा रहे आरोप, प्रशासन की मौन स्वीकृति से किया गया है अवैध भंडारण अभी तक नहीं की गई रेत भंडारण क्षमता की जांच और रेत का उठाव फिर से चालू। ग्राम घुघरी में रेत का भंडारण किया गया था। चुनाव के बाद से ही रेत को हाईवे में लोड कर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश बेचा जा रहा। ग्राम घुघुरी के ग्रामीण लगातार विरोध करते आ रहें है। स्थानीय लोगो की माने तो लगभग 5 एकड़ से ज्यादा जमीन पर यह अवैध रेत भंडारण किया गया है। नियमानुसार भंडारण की जगह बोर्ड लगाया जाता है लेकिन भंडारण की जगह कोई बोर्ड जनसूचना पटल नहीं देखा गया जिससे भंडारण छमता देखा जा सके और कब से कब तक के लिये भंडारण किया गया है की जानकारी मिल सके वही स्थानीय ग्रामीण लगातार इसी की जांच करने की मांग करते आ रहे हैं। अनिरुद्ध मिश्रा निवासी घुघरी ने बताया कि भंडारण किए हुए रेत की ऊंचाई लगभग 25 फीट होगी वही लंबाई लगभग 500 मीटर से अधिक की होगी और लगभग 5 एकड़ से ज्यादा जमीन पर यह अवैध रेत भंडारण किया गया है। अनिरुद्ध मिश्रा के द्वारा बताया गया कि चुनाव के बाद से ही रेत तस्कर रात के अंधेरे में हाईवा में रेत लोड करके मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश बेचने के लिये परिवहन किया जा रहा है।
रानी तिवारी, निवासी- घुघरी
के द्वारा बताया गया कि इस अवैध रेत भंडारण को रोकने पर रेत तस्कर के जो गुर्गे हैं वह जान से मारने की धमकी भी देते हैं। जबकि इसकी शिकायत हम ग्रामीणों के द्वारा अनुविभागीय अधिकारी से लेकर जिला कलेक्टर तक कई बार किया जा चुकी है। जो अधिकारी जांच के लिए आते हैं वह बिना कोई कार्यवाही के ही वापस लौट जाते हैं। और रात के अंधेरे में रेत तस्कर रेत को हाईवे में लोडकर मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश अधिक रेट में बेच रहे हैं।
वही अहिबरन अहिरवार का कहना है कि रात के अंधेरे में यह रेत को हाईवे में लोडकर सीधी जिला के लिए भेज देते हैं। और रेत तस्करों से पूछने पर जान से मारने की धमकी भी देते हैं। अहिबरन रेत माफियों पर आरोप लगाते हुये कहा कि रेत निकालने के लिए मवई नदी में 10-10 फीट गड्ढे कर दिए गए हैं जिसमें माल मवेशी गहरे पानी में घुसकर न निकल पाने के कारण असामयिक मृत्यु हो जाती है ।
ग्राम पंचायत हरचौका की महिला और मनीष कुमार पांडे ने बताया कि यह रेत तस्कर जब नदी से रेत निकाल रहे थे तो मेरे खेत से रेता से भारी हाईवे को निकलते थे। इसको लेकर रेत तस्करो द्वारा एग्रीमेंट किया गया था कि आपकी जमीन के कुछ पैसे दिए जाएंगे मगर पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है।
हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत….
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : शनिवार को सुबह शंकरगढ़ के लूड़आ सरपानी में धान की रखवाली कर रहे रामधनी तिर्की उम्र 50 वर्ष को हाथीयों ने मार डाल। रामधनी के साथ तीन अन्य लोग भी खलिहान में धान के रखवाली कर रहे थे।अचानक जंगली हाथी वहां आ गए,बाकी लोग अपनी जान बचाकर भाग गए लेकिन रामधनी भाग नहीं पाया जिसके कारण हाथी ने उसपर हमला कर दिया और इस हमले में उसकी जान चली गई। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन परिक्षेत्र अधिकारी अखिलेश जायसवाल, थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी, और तहसीलदार द्वारा मृतक के परिजनों को वन विभाग की ओर से ₹25000 की सहायता राशि दी गई।
पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार मचा हुआ हैं। जंगली हाथियों द्वारा किसानों की तैयार फसल को चट कर दिया जा रहा हैं। मजबूरन किसानों को अपनी फसल की रखवाली के लिए जाना पड़ रहा हैं। वन विभाग द्वारा मुनादी करवाए जाने के बावजूद किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए जान हथेली में डाल रहे हैं।
एक माह से लापता छात्रा का दो टुकड़ों में मिला शव, एक युवक को हिरासत में ले पुलिस कर रही पूछताछ…
हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर : जिले के अमृतधारा जलप्रपात से लगे जंगल में एक युवती का कंकाल शुक्रवार को मिला है। सिर और धड़ अलग-अलग मिले हैं। मृत युवती की पहचान केल्हारी थानाक्षेत्र से एक माह पूर्व लापता नर्सिंग छात्रा के रूप में की गई है। पास मिले कपड़े- जूते और अन्य सामान से उसकी पहचान सुष्मिता खलखो के रूप में हुई है। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट केल्हारी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस ने संदेही प्रेमी को हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को पोड़ी थाना अंतर्गत नागपुर चौकी पुलिस को अमृतधारा जलप्रपात से लगे जंगल में एक लड़की का नर कंकाल मिलने की सूचना ग्रामीणों के माध्यम से मिली। सूचना पर नागपुर चौकी प्रभारी दिनेश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को सूचना दी।
परिजनों ने की पहचान
लाश मिलने की सूचना पुलिस द्वारा सुष्मिता के परिजनों को दी गई जिसके बाद लाश के पास मौजूद कपड़ो और जूतों से उसकी पहचान परिजनों ने सुष्मिता के रूप में की।
प्रेमी को लिया गया हिरासत में
पुलिस को परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा से केल्हारी निवासी रोहित बैक नामक युवक प्रेम करता था। इसके बाद एक महीने पहले नर्सिंग छात्रा अचानक रहस्यमय ढंग से लापता हो गयी थी। अब छात्रा की लाश मिलने के बाद रोहित बैक को पुलिस ने हिराशत में ले लिया हैं।
कार ने बुलेट को मारी टक्कर, 3 घायल….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सीतापुर-पेटला मार्ग पर भगवती ट्रेडर्स के सामने अनियंत्रित कार ने सामने से आ रहे बुलेट को ठोकर मार दी। जिससे बुलेट में सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहाँ उपचार के बाद तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार दोपहर तीन बजे करीब सीतापुर पेटला मार्ग पर भगवती ट्रेडर्स के सामने कार क्र CG15/DX/4791 के चालक ने सामने से आ रही बुलेट को ठोकर मार दिया। जिससे बुलेट क्र CG15/DM/6803 चला रहे बसन कुमार उर्फ बबलू निवासी ललितपुर समेत दो अन्य घायल हो गए। घायलों में बुलेट चला रहे बबलू के सिर एवं नाक में गंभीर चोट लगी है। इस टक्कर के बाद घायलों को मौके से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खूटें बनाने वनविभाग ने कटवा दिए हरे-भरे पेड़, बांसबाड़ी में रेंजर के आदेश पर धड़ल्ले से हुई कटाई…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अम्बिकापुर वन परिक्षेत्र में वन परिक्षेत्र अधिकारी ने खूंटे बनाने के लिए पेड़ों को काटने का आदेश दे दिया। वन विभाग के अधिकारी के आदेश पर कर्मचारियों ने मजदूरों से हरे पेड़ों को कटवा दिया। प्लांटेशन के पेड़ों को काटने का मामला सामने आने के बाद अब अधिकारी अपना बचाव करते दिख रहे हैं। आपको बता दें कि बांसबाड़ी क्षेत्र में वन विभाग ने कई साल पहले प्लांटेशन कराया था। गुरुवार को सीसीएफ कार्यालय से महज 50 मीटर के दूरी पर वन विभाग के कर्मचारियों ने मोटराइज मशीनों के जरिए धड़ल्ले से पेड़ों की कटाई शुरू कर दी। पेड़ काट रहे वन विभाग के कर्मचारियों ने रेंजर के आदेश पर पेड़ काटना बताया।
पेड़ों की कटाई करा रहे वनकर्मियों ने कहा कि रेंजर ने पेड़ों को काटने का निर्देश दिया है, इसलिए इन्हें काटा जा रहा है। अधिकारी ही इसका जवाब दे पाएंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें लकड़ी के 100 खंभे (खूंटे) बनाने के लिए पेड़ों को काटने कहा गया है।
घना था प्लांटेशन इसलिए कटाई
इधर एसडीओ फॉरेस्ट जेनी ग्रेस कुजूर ने दावा किया कि प्लांटेशन में पेड़ घने हो गए थे। इस कारण उन्हें काटा जा रहा है। कुछ नीलगिरी के पेड़ काटे गए हैं। पेड़ घने होंगे, तो उनका विकास नहीं हो पाएगा। हालांकि वे यह नहीं बता सकीं कि अन्य प्रजातियों के पेड़ों को क्यों काटा जा रहा है?
पेट्रोल छिड़क पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र वाड्रफनगर : प्रेम विवाह के नौ वर्ष बाद पत्नी को जिंदा जला कर मार डालने के आरोप पर वाड्रफनगर पुलिस ने पति रामप्रसाद अगरिया (33) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पति को पुलिस ने मोरन चौक से उस समय पकड़ा जब वह भागने के लिए बस की प्रतीक्षा कर रहा था। आरोपित के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार वाड्रफनगर पुलिस चौकी के ग्राम मदनपुर निवासी रामप्रसाद अगरिया ने गोवर्धनपुर चंदौरा निवासी नेहा सोनहा (28) से नौ वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। दोनों की दो बेटियां हैं। आरोप है कि दो बेटी जन्म लेने के बाद से पति का व्यवहार पत्नी के प्रति बदल गया था। चरित्र शंका को लेकर अक्सर पति द्वारा पत्नी से मारपीट किया जाने लगा था। मारपीट और विवाद के कारण महिला वापस अपने मायके में आकर रहने लगी थी। दीपावली के कुछ दिन पहले पति उसे लेने आया था। तब महिला वापस ससुराल गई थी। बीते सोमवार की दोपहर आरोपित पति ने पत्नी के हाथ व पैर बांध दिए थे। अपने पास एक टांगी रखी थी। वह लगातार पत्नी से उसके चरित्र को लेकर सवाल कर धमका रहा था। अचानक उसने पत्नी के मुंह मे कपड़ा भर दिया था ताकि चीखने की आवाज न निकले। फिर उसने पेट्रोल छिड़क माचिस मार दिया था। वाड्रफनगर अस्पताल में मृत्यु पूर्व बयान में उसने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सारी कहानी बताई थी। मेडिकल कालेज अस्पताल में महिला की मौत के बाद आरोपित पति फरार हो गया था।
घटना की जानकारी मिलने पर वाड्रफनगर चौकी प्रभारी डाकेश्वर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपित की खोजबीन में लगी थी। आरोपित को मोरन चौक पर घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा। वह भागने के लिए बस की प्रतीक्षा कर रहा था। आरोपित के विरुद्ध धारा 302 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
चीन में बच्चों में फैल रही रहस्यमयी बीमारी पर क्या है भारत सरकार का रुख? स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिया बड़ा बयान…
नई दिल्ली : भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने चीन में बच्चों में फैल रही रहस्यमयी बीमारी पर नजर बनाए रखी है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि चीन में सामने आ रहे एवियन इन्फ्लूएंजा मामले के साथ-साथ श्वसन संबंधी बीमारी के समूहों से भारत को खतरे का संभावना कम है. इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि भारत इसकी वजह से पैदा होने वाली किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार है.
केंद्र सरकार ने रखी है बारिक नजर
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि उत्तरी चीन में बच्चों में H9N2 मामलों के फैलने और सांस लेने संबंधी बीमारियों के ग्रुप की बारीकी से निगरानी कर रहा है. पिछले कुछ हफ्तों से चीन में सांस लेने संबंधी बीमारियों की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. चीन में अक्टूबर 2023 में H9N2 (एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस) के एक मामले आने के बाद इसकी तैयारी को लेकर डीजीएचएस की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसकी रिपोर्ट डब्ल्यूएचओ (WHO) को दी गई थी.
फिलहाल भारत किसी भी प्रकार की सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति के लिए तैयार है. भारत ऐसे सार्वजनिक स्वास्थ्य मुद्दों के समाधान के लिए वन हेल्थ दृष्टिकोण पर काम कर रहा है. कोविड महामारी के बाद भारत के स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढ़ांचे में मजबूती आई है.
WHO ने चीन से मांगी डिटेल रिपोर्ट
डब्ल्यूएचओ ने बच्चों में सांस लेने संबंधी बीमारियों और निमोनिया के ग्रुप में बढ़ोतरी पर चीन से डिटेल में जानकारी देने का अनुरोध किया है. चीन में इन्फ्लूएंजा, इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियों, आरएसवी और SARS-CoV-2 को लेकर जानकारी देने जुटाने के लिए और ग्लोबल इन्फ्लुएंजा निगरानी रिपोर्ट करने के लिए डब्ल्यूएचओ का सिस्टम मौजूद है.
WHO ने बताया कैसे बचें?
डब्ल्यूएचओ ने इस बीमारी के जोखिम को कम करने के लिए कुछ उपाय बताए हैं. जिसमें टीकाकरण, बीमार लोगों से दूरी बनाए रखना, बीमार होने पर घर रहना, मास्क का इस्तेमाल करना, नियमित रूप से हाथ धोना जैसे उपाय शामिल हैं.
स्कूल जा रहे छात्र को ट्रक ने लिया अपनी चपेट में, हादसे में बच्चे का एक पैर कटकर हुआ अलग…
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : आज सुबह घर से स्कूल जा रहा छात्र नेशनल हाइवे पर ट्रक की चपेट में आ गया। इस हादसे में छात्र का एक पैर कटकर अलग हो गया। गम्भीर रूप से घायल छात्र को अम्बिकापुर रेफर कर दिया गया है। वही हादसे के बाद ट्रक लेकर भाग रहे ड्राइवर को स्थानीय लोगो द्वारा पीछा करके पुलिस थाने के सामने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया हैं। यह घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र के सलियाटोली तिराहे की है।
मिली जानकारी के अनुसार ढोलचुंवा गांव का छात्र अंकित राम साइकिल लेकर स्वामी आत्मानन्द हिंदी मीडियम स्कूल आ रहा था। बताया जा रहा है कि बालक तिराहे को पार करके अपनी दिशा में आगे बढ़ ही रहा था कि पीछे से एक ट्रक ने उसे ठोकर मार दी। इस हादसे में अंकित सायकिल सहित सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक का अगला चक्का उसके पैर व सायकिल को रौंदते हुए बढ़ गया। जिसके बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भागने लगा, जिसे लोगों ने पीछा करते हुए थाने के सामने पकड़ा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
हाईटेंशन तार की चपेट में आकर 2 लड़कियों की हालत गंभीर…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर के बिशुनपुर खुर्द में आज दोपहर घर के पास से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो लड़कियां गंभीर रूप से झुलस गई। जिन्हे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई हैं। मिली जानकारी के अनुसार बिशुनपुर खुर्द गोरसीडबरा में रहने वाली रिया ने घर की बाड़ी से गुजरे तरंगित हाईटेंशन तार से सटे कच्चे बांस को पकड़ लिया जिससे वह बांस में करंट आने के कारण उससे चिपक गई। रिया को बांस से चिपका देखकर वहीं रहने वाली निशा ने उसे बचाने का प्रयास किया जिससे वह भी करंट की चपेट में आ गई। जिसके बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह से दोनों को बांस से अलग किया जिसके बाद इसकी सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया गया जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
आंगनबाड़ी के सेप्टिक टैंक में गिरकर ढाई साल के मासूम की मौत…
हिंद स्वराष्ट्र डोंगरगढ़ : छत्तीसगढ़ से एक हृदय विदारक घटना सामने आई हैं जहां आंगनबाड़ी के सेप्टिक टैंक में गिरकर ढाई साल के मासूम की मौत हो गई हैं। बताया जा रहा है कि टैंक का ढक्कन खुला हुआ था और बच्चा खेलते खेलते सेप्टिक टैंक में जा पहुंचा और 10 फिट गहरे टैंक में गिर गया। टैंक में गिरने की वजह से बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम आसरा का है। बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 5 में पढ़ने के लिए ढाई वर्षीय भरत पिता सतीश कंवर गया हुआ था। दोपहर में खेलते खेलते मासूम आंगनबाड़ी केंद्र में बने सेप्टिक टैंक में जा पहुंचा और उसमें गिर गया। बच्चे की डूबने की सूचना जैसे ही आंगनबाड़ी केंद्र में फैली तो बच्चे के परिजन मौके पर पहुंचे और पानी से उसे निकाला गया। बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सट्टा खिलवाते सट्टा पट्टी के साथ एक युवक गिरफ्तार..
हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सट्टा, जुआ और शराब पर मनेंद्रगढ़ की पुलिस कर रही है कार्रवाई उसके बाद भी बाज नहीं आ रहे हैं संटोरिया। पुलिस अधीक्षक के द्वारा अवैध जुआ शराब सट्टा पर कार्यवाही करने की निर्देशानुसार ग्राम पिपरिया में बिंदेश्वर प्रसाद पनिका द्वारा सट्टा पट्टी लिखकर सट्टा खिलाया जा रहा था जिस पर कार्रवाई करते आरोपी से 7450 का सट्टा पट्टी लगदी बरामद किया गया है आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत कार्यवाही किया गया है।
समस्त कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक किशन चौहान प्रधान रक्षक हितेश्वर राजवाड़े महिला प्रधान आरक्षक बिनको एक्का आरक्षक कृष्ण दास आरक्षक उत्तर कुमार कश्यप आरक्षक अरविंद मिश्रा आदि शामिल थे।
ओवरटेक करते कार बस से टकराई, कार सवार युवक की मौत, 3 घायल 1 की हालत गंभीर….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कल देर रात करीब 2 बजे जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के अलकापुरी मोड़ में छठ पूजा कर बिहार से रायपुर वापस लौट रहे परिवार की कार ओवरटेक करते हुए रायपुर से अंबिकापुर आ रही रॉयल बस से टकरा गई। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं दूसरी ओर हादसे के बाद बस भी पलट गई। जहां इस हादसे में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वही इस हादसे में यात्री बस में सवार ड्राइवर और कुछ यात्रियों को मामूली चोटे आई हैं बाकि सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार अमित मिश्रा 40 साल, पिंकी मिश्रा 35 साल, नैंसी मिश्रा 15 साल और श्रेयांश मिश्रा 17 वर्ष छठ पूजा कर कार से बिहार से वापस रायपुर लौट रहे थे। उदयपुर थाना क्षेत्र के अलकापुरी मोड़ में ओवरटेक के दौरान उनके कार की टक्कर रॉयल बस से हो गई। जिसके बाद कार के परखच्चे उड़ गए और इस हादसे में कार सवार श्रेयांश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई और दो घंटे की मशक्कत के बाद कार से उसके शव को निकाला जा सका। वही डायल 112 और स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार 3 घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया जहां पिंकी और नैंसी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही हैं वही अमित मिश्रा की हालत गंभीर बनी हुई हैं।
पटरी से उतरे मालगाड़ी के डिब्बे..
हिंद स्वराष्ट्र कोरबा : कोरबा से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिसमें मालगाड़ी के पीछे के चार चक्के पटरी से उतर गए। जिसके बाद सूचना पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों की सूचना पर SECL और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की चांच में जुट गए हैं।
बता दें कि कोरबा के जिले में मालगाड़ी के पीछे के चार चक्के पटरी से उतर गए। जिसके बाद सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे SECL और रेलवे के अधिकारियों ने इस हादसे के पीछे के कारणों का पता लगाया जिसमें ट्रैक में अधिक मात्रा में कोल डस्ट जमा होने के कारण घटना होने की बात सामने आई है। साथ ही SECL प्रबंधन के द्वारा समय पर मेंटेंश नहीं किए जाने के कारण घटना होने की बात कही जा रही है। इस पूरी घटना के बाद पटरी से उतरे डिब्बों का मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है।
सड़क किनारे मिली युवती की लाश, हत्या की आशंका…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर औराझरिया घाट के समीप संदिग्ध परिस्थिति में युवती का शव सड़क पर मिला है।युवती के सिर व पेट के पास चोट के निशान है।मृतका की पहचान अंबिकापुर शहर से लगे ग्राम सुखरी सपना निवासी पूजा पनिका (25) के रूप में की गई है। मृतका के पास एक पर्स भी मिला है। पर्स में सात एटीएम कार्ड, एक लाख का ब्लेंक चेक, पांच हजार 70 रुपये नकद व एक मोबाइल मिला है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। बलरामपुर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं।
रविवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि औराझरिया घाट के पास युवती की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस के अमित मिंज सहित अन्य यातायतकर्मी मौके पर पहुंचे। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर सूचना कोतवाली पुलिस बलरामपुर को दी गई।इसके बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा शव को बलरामपुर ले जाया गया एवं युवती के स्वजन को सूचना दी गई। थाना प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि यातायात पुलिस की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। जहां पर मृतका का शव पड़ा हुआ था उससे लगभग 10 फीट की दूरी पर दो जोड़ी जूती भी थी। युवती का शव सड़क पर पड़ा था। खून भी सड़क पर गिरा था। युवती के पेट एवं आंख में गंभीर चोट के निशान दिख रहे थे। मृतका के पास मिले आधार कार्ड व मोबाइल से उसकी पहचान पूजा पनिका निवासी ग्राम सपना थाना गांधीनगर के रूप में की गई है।मृतका के स्वजन को सूचना दे दी गई है। शव को बलरामपुर में रखा गया है। स्वजन के आने के बाद और कुछ जानकारी निकल कर सामने आ सकती है।
हत्या की आशंका
प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। जिस प्रकार से युवती के आंख एवं पेट में चोट के निशान दिख रहे थे इससे संभावना जताई जा रही है कि हत्या कर शव को फेंक दिया गया होगा। यह पुलिस की विवेचना में ही स्पष्ट हो पाएगा। मृतका के संबन्ध में और जानकारी जुटाने का प्रयास पुलिस कर रही है।
63 टन विस्फोटक के साथ दो ट्रक जब्त…
विस्फोटक परिवहन शर्तों के उल्लंघन पर बलरामपुर जिले की बलंगी पुलिस ने 63 टन विस्फोटक से लोड दो ट्रक को जब्त किया है। मामले में पुलिस ने दोनों ट्रक के चालक राजेंद्र स्वर्णकार (38) रायडीह पबिया, नारायणपुर जामताड़ा तथा चितरंजन साव (50) निवासी हरियाजाम कालोनी थाना निरसा जिला धनबाद झारखण्ड के विरुद्ध प्राथमिकी की है।
मिली जानकारी के अनुसार चौकी बलंगी के सामने चेक पोस्ट बेरियर में वाहन चेकिग के दौरान वाड्रफनगर की ओर से आ रहे टाटा एलपीटी ट्रक को रोका गया। वाहन चालक राजेन्द्र स्वर्णकार की उपस्थिति में जांच के दौरान ट्रक में 30 टन विस्फोटक मिला। पूछताछ में पता चला कि विस्फोटक से भरी ट्रक को रायगढ़ महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश सिंगरौली लेकर जा रहा था।
रूट चार्ट में जिला बलरामपुर छत्तीसगढ़ से परिवहन करने के संबंध में अनुमति नहीं था। उसी रात पुलिस ने 33 टन विस्फोटक लोड ट्रक को जब्त किया। चालक चितरंजन साव भी रायगढ़ महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश सिंगरौली लेकर जा रहा था, रूट चार्ट में जिला बलरामपुर छत्तीसगढ़ से परिवहन की अनुमति नहीं होने से इस ट्रक को भी जब्त किया गया। चुनाव के दौरान बलरामपुर जिले में विस्फोटक के नियम विरुद्ध परिवहन के मामले में इसके पहले चार ट्रक जप्त किए जा चुके थे। इन ट्रकों को मिलाकर कुल छह ट्रक जप्त किए गए हैं। लगातार कार्रवाई की जा रही है। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित कल कारखानों में उपयोग के लिए विस्फोटक ले जाया जा रहा है लेकिन उसके परिवहन में नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब नियमित रूप से जांच होगी। विस्फोटक के अवैध परिवहन पर प्रभावी तरीके से रोक लगाया जाएगा।