कलेक्टर ने प्रशिक्षण स्थलों का स्वयं अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
लोकसभा निर्वाचन संपन्न कराने प्रशिक्षण में शामिल होंगे 3500 से ज्यादा कर्मी
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोस्कर ने शनिवार को होलीक्रॉस कॉन्वेंट स्कूल, पटपरिया और कार्मेल स्कूल, नमनाकला का निरीक्षण किया। लोकसभा निर्वाचन के तहत मतदान संबंधी कार्यों को सुचारू संपादन के लिए प्रथम चरण के प्रशिक्षण की शुरुआत आगामी 8 अप्रैल से होगी जिसके तहत होलीक्रॉस कॉन्वेंट स्कूल, पटपरिया में पीठासीन अधिकारियों पी0 एवं पी 1 का और कार्मेल स्कूल, नमनाकला में पी2 और पी3 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाना है। कलेक्टर भोस्कर ने पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं भोजन व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने इस दौरान मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह को यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण दिवस पर प्रशिक्षण समाप्ति के बाद बड़ी संख्या में वाहन प्रशिक्षण स्थल परिसर से बाहर निकलेंगे,इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुनियोजित कर लें जिससे यातायात बाधित ना हो। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण स्थल परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करें, साथ ही पर्याप्त संख्या में डस्टबिन स्थापित करें। इसके साथ ही भोजन के लिए खाद्य विभाग और पेयजल के लिए ईई पीएचई को व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण में पी0 एवं पी01 के कुल 1846 एवं पी02 एवं पी03 के कुल 1846 कर्मी शामिल होंगे। होलीक्रॉस कॉन्वेंट स्कूल, न्यू बिल्डिंग, पटपरिया में 08, 20 एवं 29 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी तरह कार्मेल स्कूल, नमनाकला में 12, 22 एवं 30 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
08 अप्रैल से निर्वाचन प्रशिक्षण होगा शुरू, पहले दिन 1846 पीठासीन अधिकारियों और मतदान कर्मियों का होगा प्रशिक्षण
आठ जुआरी चढ़े पुलिस के हत्थे : सत्तीपारा स्थित रोड़ किनारे सार्वजनिक स्थान पर खेला जा रहा था जुआ….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा पुलिस द्वारा ‘‘ऑपरेशन विश्वास’’ के तहत् आपराधिक गतिविधि के विरूद्व हर क्षेत्र में कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा जुआ एक्ट की कार्यवाही की गई है, जिसमें आठ आरोपियों के विरूद्व कार्यवाही की गई है।
मामले में संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है, कि दिनांक 05/04/2024 को प्रतिदिन की भांति शासकीय वाहन से रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम को मुखबीर के जरिये सूचना मिला, कि सत्तीपारा स्थित बेचन कॉलोनी के पास सार्वजनिक स्थान पर कुछ जुआरियों द्वारा पैसे का हार-जीत का दांव लगाकर ताशपत्ती के माध्यम से जुआ खेल रहे हैं। इस सूचना पर विधिवत् एवं योजनाबद्व तरीके से मौके पर दबिश देकर घेराबंदी कर पकड़ा गया। मौके पर आठ व्यक्तियों द्वारा जुआ खेलना पाया गया। जिनके कब्जे से पेश करने पर जुमला रकम 50 हजार रूपये, 52 नग ताशपत्ती और 08 नग मोबाईल जप्त किया गया। आरोपियों का कृत्य सदर धारा का अपराध घटित करना सबूत पाये जाने से विधिवत् रूप से गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही गई।
मामले में गिरफ्तार आरोपीगण संतोष अग्रवाल उम्र 47 वर्ष, गगन अग्रवाल उम्र 36 वर्ष, अशोक अग्रवाल उम्र 48 वर्ष, अब्दुल रहमान उम्र 52 वर्ष, मनोज अग्रवाल उम्र 43 वर्ष, विजय अग्रवाल उम्र 41 वर्ष, जितेन्द्र सोनकर उम्र 38 वर्ष एवं दीपक सोनी उम्र 42 वर्ष सभी निवासी अम्बिकापुर के विरूद्व धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत् कार्यवाही की गई है।
उक्त मामले की कार्यवाही में थाना कोतवाली से उपनिरीक्षक सुनिता भारद्वाज, प्रधान आरक्षक विजय रवि, अमित प्रताप सिंह, आरक्षक चंचलेश सोनवानी, रमन मण्डल एवं आरक्षक उपेन्द्र सिंह इत्यादि की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
स्कूली छात्रों से भरी जीप को हाइवा ने मारी टक्कर, एक की मौत, आठ घायल…
हिंद स्वराष्ट्र धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी-रायपुर नेशनल हाईवे में संबलपुर के पास स्कूली बच्चों से भरी जीप को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक बच्चे की मौत हो गई वहीं आठ बच्चे घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर सरस्वती ज्ञान मंदिर बठेना वार्ड धमतरी में पढ़ने वाले बच्चे परीक्षा देने के बाद जीप में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जीप में 20 बच्चे सवार थे। इसी बीच धमतरी रायपुर नेशनल हाईवे में संबलपुर के पास बाईपास की तरफ जा रही जीप को तेज रफ्तार हाईवे ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवा का चालक मौके से भाग निकला। इस हादसे में जीप में सवार सागर ध्रुव 10 वर्ष निवासी ग्राम तेलीनसत्ती थाना अर्जुनी की गंभीर चोट लगने की वजह से मौत हो गई। जबकि आठ बच्चे घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल धमतरी लाकर भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में जीप का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल में पहुंची। जीप सरस्वती ज्ञान मंदिर धमतरी की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवे चालक में गलत साइड में वाहन चलाते हुए जीप को टक्कर मारी और दुर्घटना के बाद वाहन सहित भाग खड़ा हुआ।
नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पर प्रशासन की दबिश, मौके पर मिले कुल 7.86 लाख कीमत के सोयाबीन, वनस्पति तेल सहित मिश्रित घी को किया गया सीज…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिले में प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पर दबिश दी और कुल 7.86 लाख कीमत के सोयाबीन, वनस्पति तेल सहित मिश्रित घी को सीज किया है। मुख्य डाक घर के पास, गोयल प्रिंटिंग प्रेस गली में, बाबूपारा, अंबिकापुर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अम्बिकापुर के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, पुलिस और खाद्य विभाग की टीम प्राप्त शिकायत के आधार पर नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री में पहुंची। इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि जांच के दौरान उपस्थित व्यक्ति राकेश ओमप्रकाश बंसल के द्वारा सोयाबीन तेल तथा वनस्पति से घी का निर्माण किया जा रहा था और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत खाद्य पंजीयन व अनुज्ञप्ति उक्त व्यक्ति के पास नहीं पाया गया, जो कि अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है। इस तरह कार्रवाई करते हुए मौके पर पाए गए किंग सोयाबीन तेल के 15 लीटर के 81 टीन, रजनी गोल्ड वनस्पति के 15 लीटर के 57 टीन तथा मिश्रित तेल/घी के 15 लीटर के 98 टीन और 150 लीटर के 8 ड्रम को नियमानुसार सीज किया गया। कुल 7.86 लाख कीमत के सोयाबीन, वनस्पति तेल सहित मिश्रित घी को सीज किया गया है। उपरोक्त खाद्य नमूनों को मिलावट के शंका के आधार पर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया। उन्होंने बताया कि मौके पर फैक्ट्री में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया जिसके कारण 2 नग घरेलू गैस एंड चूल्हा भी खाद्य विभाग के द्वारा जब्त किया गया।
एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गया गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : आए दिन राजस्व विभाग के अधिकारियों, पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों पर रिश्वतखोरी के आरोप लगते रहते हैं। ऐसे कुछ अधिकारी भी हैं जो अपनी जिम्मेदारी को निभाने के बदले लोगो को परेशान करने और उनसे अवैध वसूली कर रहे हैं। सूत्रों की माने तो इन भ्रष्ट पटवारियों द्वारा हर काम के लिए एक दाम नियत की गई हैं और जब तक इनको नोटों की भेंट नही चढ़ाई जाती ये अपनी कलम नही चलाते हैं। ऐसा ही एक मामला जिले से निकल कर सामने आ रहा हैं जहां एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार किया गया हैं।
दरअसल गोविंदपुर के रहने वाले सुनील कुमार सिंह ने उप पुलिस अधीक्षक, एन्टी करप्शन ब्यूरो, अम्बिकापुर को लिखित शिकायत की थी कि उसकी पैतृक भूमि उसके माता पिता के नाम से दर्ज थी लेकिन दोनों का देहांत होंने के बाद पीड़ित ने उस भूमि को अपने नाम पर दर्ज करने और रिकार्ड दुरूस्त कराने के लिए हल्का पटवारी नंबर-02 रामगोपाल साहू के पास फौती चढावाने पहुँचा तो पीड़ित से का नाम रिकार्ड में दुरूस्त करने के एवज में आरोपी पटवारी ने 05 से 10 हजार रुपए रिश्वत की माग की गई। इसके बाद पीड़ित ने एंटीकरप्शन के कार्यालय पहुँच कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत सत्यापन कराया गया जिसमे पाया गया कि पीड़ित से आरोपी रकम की मांग कर रहा है जिसके बाद आरोपी पटवारी रामगोपाल साहू, सुनील कुमार सिंह से 3000 रुपये रिश्वत लेते हुए भारतीय स्टेट बैंक सूरजपुर के प्रांगण में रंगे हाथों पकडा गया। आरोपी के विरूद्ध धारा- 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, (यथा संशोधन 2018) के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है।
राजस्व अधिकारी रिश्वत मामले में निलंबित…
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : जिले के फरसाबहार में राजस्व अधिकारी मोहन राम भगत पर रिश्वत लेने का आरोप लगने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। सहायक ग्रेड-03 तहसील कार्यालय के अधिकारी पर SDM के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है। पीड़ित पक्षकारों ने पैसे की उगाही का आरोप सहायक ग्रेड-03 मोहन राम भगत पर लगाया था, जिसके बाद इस प्रकार किए गए अनैतिक कार्यों के कारण उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत निलंबित कर दिया गया है।

मुस्लिम युवकों द्वारा हिंदू लड़कियों का अपहरण, हिंदू संगठनों ने किया जमकर विरोध…
हिंद स्वराष्ट्र लुण्ड्रा लक्ष्मी नारायण तिवारी : रघुनाथपुर पुलिस चौकी अंतर्गत लव जिहाद का मामला प्रकाश में आया है। जिसमें कल ग्राम – बटवाही के दो मुस्लिम युवकों मो. इजमामुल पिता मो० इसराफिल, मो० इस्तियाक पिता मो० अजीज के द्वारा सन्त अन्ना स्कूल, रघुनाथपुर में पढ़ने वाले 9 वीं के दो छात्राओं जो कि हिन्दू धर्म की हैं, को दिनांक 2-4.2024 को स्कूल से दोपहर 12 बजे परिक्षा देकर घर जा रही थीं तभी स्कूल से आगे कुछ ही दूरी पर दोनों नाबालिक छात्राओं का अपहरण कर दोनों मुस्लिम युवक भगा ले गये। जब छात्रायें घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन शुरू किया तब परिजनों को पता चला की बटवाही के दो मुस्लिम युवकों ने छात्राओं का अपहरण कर भगा ले गये हैं। तब परिजनों ने थाना चौकी रघुनाथपुर में रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन हेतु गुहार लगाई।
पुलिस प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए तुरंत जांच प्रारंभ किया। इधर छात्राओं के अपहरण की खबर लगते ही हिन्दू संगठन व ग्रामीण आक्रोश में आकर रघुनाथपुर में अपराधियों के गिरफ्तारी के लिये पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने लगे व आज स्वस्फूर्त ही व्यवसायियों ने अपना दूकान बंद कर परिजनों एवं ग्रामीणों का समर्थन किया। आज ग्रामीणों के आक्रोश को संभालना पुलिस के लिये समस्या बन गयी और भीड को काबू करना मुश्किल हो गया। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए अम्बिकापुर से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया और अपराधियों के पकड़े जाने व छात्राओं की सकुशल वापसी का आश्वासन देकर पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों के आक्रोश को फ़िलहाल शांत करा दिया है परंतु अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही नहीं हुई तो पुनः हिंदू संगठन व ग्रामीणों के द्वारा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गयी है।
3 साल पुरानी घटना का बदला : बीजापुर मुठभेड़ में अब तक 13 नक्सलियों के मिले शव, ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद…
हिंद स्वराष्ट्र बीजापुर : कल सुबह से बीजापुर में हुई मुठभेड़ में अब तक 13 नक्सलियों के शव बरामद होने की जानकारी मिली है। सूत्रों के मुताबिक करीब 18 घंटे चले एनकाउंटर में कुल 13 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। उल्लेखनीय हैं कि यह मुठभेड़ मंगलवार सुबह 6 बजे से शुरू होकर रात करीब 11 बजे तक चली थी। जहां मूठभेड़ के बाद जवानों ने नक्सलियों के पास से AK-47, LMG जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं।
3 साल बाद 22 जवानों की शहादत का लिया गया बदला
दरअसल 3 अप्रैल 2021 को बीजापुर और सुकमा की सीमा पर नक्सलियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन लॉन्च किया गया था। कोबरा 210 बटालियन व जिला बल के जवान इस ऑपरेशन से वापस लौट रहे थे। अचानक टेकलगुड़ा गांव में नक्सलियों ने जवानों ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों के इस हमले में कोबरा 210 बटालियन व जिला पुलिस के 22 जवान शहीद हो गए थे। तीन साल पहले हुए मुठभेड़ की आज तीसरी बरसी है। वहीं 3 साल बाद उसी इलाके में पुलिस ने एक साथ 13 माओवादियों को ढेर कर अपने 22 जवानों की शहादत का बदला लिया हैं।
आज 70 हजार महिलाओं के खाते में डाली जाएगी महतारी वंदन योजना की अप्रैल माह की किश्त…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे महतारी वंदन योजना की दूसरी किस्त आज महिलाओं के खाते में डाली जाएगी। इससे पहले मार्च महीने में भी सभी महिलाओं के खाते में पैसे डाले जा चुके हैं, यह दूसरी किस्त होगी जिसे आज महिलाओं के खाते में डाला जाएगा। आज 70 हजार महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होगी।
क्या हैं योजना
प्रदेश मे महिलाओ के आर्थिक स्वावलंबन तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर मे सतत सुधार तथा परिवार मे उनकी निर्णायक भूमिका सुदृढ़ करने हेतु , समाज मे महिलाओं के प्रति भेदभाव , असमानता एवं जागरूकता की कमी को दूर करने , स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर मे सुधार करने तथा आर्थिक स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंत्री परिषद द्वारा सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में “महतारी वंदन योजना” लागू किए जाने का निर्णय लिया गया है , जिसके अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओ को प्रतिमाह 1000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
निजी अस्पताल की लापरवाही का नतीजा, महिला ने सड़क पर दिया बच्ची को जन्म…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : एक निजी नर्सिंग होम की लापरवाही के कारण प्रसव पीड़ा से तड़पती एक महिला ने खरसिया चौक स्थित फल दुकान के सामने सड़क पर बच्ची को जन्म दिया। मिली जानकारी के अनुसार निजी नर्सिंग होम में चेकअप के लिए आई गर्भवती महिला को डिलीवरी बाद में होने की बात कह कर डॉक्टर द्वारा वापस भेज दिया गया था, वह अपने पति के साथ वापस गांव जाने खरसिया चौक पर बस का इंतजार कर रही थी, इसी दौरान प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद महिला द्वारा सड़क किनारे बच्ची को जन्म दिया गया।
ग्राम मानपुर बतौली निवासी दंपति मंगलवार को चेकअप कराने निजी नर्सिंग होम अंबिकापुर आये थे। जहां सोनोग्राफी के बाद डिलीवरी का समय अभी नही हुआ है यह कहते हुए उन्हें वापस भेज दिया गया था। दंपति वापस गांव जाने खरसिया चौक पर बस का इंतजार कर रहे थे तभी महिला को प्रसव पीड़ा तेज होने लगी और गर्भवती महिला ने फल दुकान के सामने खुली सड़क पर बच्ची को जन्म दिया। कुछ ही देर में पहुंची एंबुलेंस की सहायता से महिला और बच्ची को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
10 लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र सुरजपुर भूषण बघेल : आबकारी विभाग द्वारा आबकारी आयुक्त आर संगीता एवं कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी इंद्रबली सिंह मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में जिला सुरजपुर में अवैध शराब के संग्रहण पर कार्यवाही की गई। उक्त कार्यवाही में
आरोपिया रामबाई पति राजू सिंह उम्र 33 वर्ष ग्राम जूर चौकी बसदेई के रिहायशी मकान से 10 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब बरामद कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क, 34(2) तहत प्रकरण कायम कर, विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिला किया गया।
उपरोक्त कार्यवाही में आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा, वीरेंद्र रात्रे आबकारी मुख्य आरक्षक भरत सिंह आबकारी आरक्षक कृष्णा कुशवाहा, कमलेश्वर राजवाड़े, नगर सैनिक बिंदु राजवाड़े एवं देवेंद्र कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आचार संहिता के बीच फ्लाइंग स्क्वॉयड टीम की बड़ी कार्रवाई, कार से बरामद किया 50 लाख कैश…
रायगढ़। लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू है। इस दौरान अवैध नकदी और अन्य वस्तुओं की आवाजाही रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वाड मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। इस दौरान मंगलवार को चेकिंग के दौरान फ्लाइंग स्क्वाड ने एक इनोवा से 50 लाख रुपए नकदी बरामद की है।
गाड़ी में सवार लोगों से उक्त राशि के बारे में जानकारी मांगे जाने पर कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दिया गया। मामला इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सौंप दिया गया है।
बता दें कि उड़न दस्ता टीम ने इनोवा कार से 50 लाख रुपए जब्त की रकम की। बताया जा रहा है कि आचार संहिता के दौरान चल रहे सघन जांच अभियान में गाड़ी पकड़ाई। मेडिकल कॉलेज रोड में जांच के दौरान ओडिशा की ओर से इनोवा आ रही थी। उड़नदस्ता टीम ने रुपए व इनोवा वाहन को जब्त कर कार्रवाई की।
बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षको की नियुक्ति निरस्त, हाईकोर्ट से मिला बड़ा झटका…
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में बीएड डिग्रीधारकों को सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने को नियम विरुद्ध माना है। इस टिप्पणी के साथ ही नियुक्तियों को निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने राज्य शासन को नोटिस जारी कर छह सप्ताह के भीतर संशोधित चयन सूची जारी करने का निर्देश दिया है। आदेश में कोर्ट ने यह भी कहा है कि संशोधित चयन सूची में बीएलएड पास उम्मीदवारों को समुचित अवसर दिया जाए।
याचिका की सुनवाई चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस रविंद्र अग्रवाल के डिवीजन बेंच में हुई। याचिका की सुनवाई के बाद कोर्ट ने 29 फरवरी को फैसला सुरक्षित रख लिया था। मंगलवार को डिवीजन बेंच का यह महत्वपूर्ण फैसला आया है। डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों विकास सिंह,युवराज सिंह व अन्य ने अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से अलग-अलग याचिका दायर की थी। इसमें कहा था कि चार मई 2023 को सहायक शिक्षक के तकरीबन 6500 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। 10 जून को परीक्षा हुई थी। इसमें बीएड और डीएलएड प्रशिक्षित दोनों अभ्यर्थी शामिल हुए थे। याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिका में कहा था कि प्राथमिक शाला में पढ़ने वाले बच्चों के अध्ययन अध्यापन के लिए डीएलएड पाठ्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है।
जबिक बीएड पाठ्यक्रम के दौरान उच्चतर कक्षाओं को पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। स्कूल शिक्षा विभाग ने नियमों में संशोधन कर दिया है। इसके अनुसार, सहायक शिक्षक की भर्ती में स्नातक और बीएड या डीएलएड को अनिवार्य योग्यता के रूप में शामिल किया गया है। जबकि बीएड प्रशिक्षितों को भर्ती में शामिल करना अवैधानिक है। बीएड प्रशिक्षण प्राप्त उम्मीदवारों को प्राथमिक स्कूल के बच्चों को पढ़ाने की कोई ट्रेनिंग नहीं दी जाती है। याचिकाकर्ताओं ने सहायक शिक्षक की अनिवार्य योग्यता से बीएड को अवैधानिक घोषित कर इसे हटाने की मांग की थी । साथ ही भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने का अनुरोध किया था। सुनवाई के बाद चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस एनके चंद्रवंशी की डिवीजन बेंच ने बीएड अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग और अंतिम चयन सूची पर अंतरिम रोक लगा दी थी। साथ ही राज्य शासन से जवाब मांगा था।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को बनाया आधार
याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि राज्य शासन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लंघन कर दिया है। राज्य शासन द्वारा भर्ती प्रक्रिया के लिए अपने द्वारा बनाए मापदंड व प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।
जिनकी ज्वाइनिंग वह भी होगा निरस्त
याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं ने बताया कि हाईकोर्ट ने फैसले में बीएड पास उम्मीदवारों की दावेदारी खत्म कर दी है। डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया है कि प्राइमरी स्कूल के शिक्षकों के लिए केवल डीएलएड पास उम्मीदवार ही मान्य होंगे। कोर्ट ने यह भी कहा है कि बीएड पास सहायक शिक्षक जिनकी ज्वाइनिंग हो चुकी है, उनकी नियुक्ति राज्य सरकार निरस्त करे। साथ ही श्रछह सप्ताह के भीतर डीएलएड पास उम्मीदवारों की ही नियुक्ति करे। इसके लिए संशोधित चयन सूची बनाने के लिए कहा है।
सेंट्रल बैंक के खाताधारकों के 20 लाख रुपए गबन करने का फरार व्यवसायिक प्रतिनिधि गिरफ्तार…
सूरजपुर : सेंट्रल बैंक की जिला मुख्यालय स्थित महगवां शाखा में दर्जन भर से अधिक खाताधारकों द्वारा जमा करने के लिए दी गई 20 लाख रुपये से अधिक रकम को फर्जी ढंग से जमा करना दर्शाकर धोखाधड़ी करने के मामले में फरार आरोपित बैंक के व्यवसायिक प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह को कोतवाली पुलिस ने अंततः गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है।
बता दें कि सेंट्रल बैंक की सूरजपुर स्थित महगवां शाखा में लंबे समय से रकम जमा करने वाले ग्रामीण खाता धारक जब दिसंबर माह में बैंक की शाखा से रकम आहरण करने पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते में पूर्व में जमा की गई राशि जमा ही नहीं है। इसकी बैंक उपभोक्ताओं ने शिकायत बैंक प्रबंधन व कोतवाली पुलिस से की थी। उक्त आशय का पता चलने पर बैंक प्रबंधन में हड़कंप मच गया था। मामले की शिकायत पीड़ित खाता धारक बालनारायण पिता स्वर्गीय रामसाय एवं सुभद्रा पति बालनारायण निवासी ग्राम उचडीह चौकी बसदेई समेत सोनिया साहू पति राजा राम साहू निवासी ग्राम नवापारा बंजा चौकी बसदेई, राजाराम साहू पिता सोभनाथ साहू निवासी ग्राम नवापारा बंजा, सुखमनिया केवट पति राजेंद्र केवट निवासी ग्राम नमदगिरी, नसीम खान पिता अइमुद्दीन निवासी नवापारा व कलावती ने सूरजपुर कोतवाली थाना में करते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के मुताबिक बाल नारायण के बैंक खाते से 4.60 लाख रुपये समेत सुभद्रा के खाते से दो लाख रुपये, कलावती के खाते से ढाई लाख रुपये, राजाराम साहू के खाते से 22 हजार रुपये, सोनिया साहू के खाते से 40 हजार रुपये व सुखमनिया केवट के खाते से दस हजार रुपये गायब होने की जानकारी प्रकाश में आई थी। बताया जा रहा था कि दो दर्जन से अधिक खाता धारकों के बैंक खाते से 40 लाख रुपये से अधिक की गड़बड़ी हुई है। उक्त आशय का पता चलने पर सेंट्रल बैंक के रीजनल ऑफिस अंबिकापुर के पैनल अधिवक्ता धनंजय मिश्रा ने बैंक की सूरजपुर शाखा के व्यावसायिक प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह के विरुद्ध बैंक के 14 उपभोक्ताओं से छलपूर्वक 20 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दिसंबर माह में कोतवाली थाना सूरजपुर में दर्ज कराई थी। इस बीच सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपित अभिषेक प्रताप सिंह पिता विजय कुमार सिंह निवासी ग्राम खोड़ थाना ओड़गी को घेराबंदी कर धारा 420, 419, 467, 468, 471 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश दुबे, उपनिरीक्षक संदीप कौषिक, पीयूष चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक विवेकानंद सिंह, इसित बेहरा, आरक्षक सुशील मिंज, रामप्रसाद पैकरा, महिला आरक्षक नीता भण्डारी सक्रिय रहे।
धोखाधड़ी के पैसे से जमीन, मकान व ट्रैक्टर खरीदा-
पुलिस को दिए बयान में आरोपित ने बताया कि बैंक में जो ग्राहक जमाकर्ता पैसे जमा करने के लिए आता था। उसका जमा पर्ची में बैंक का सील लगाकर अपना हस्ताक्षर कर पावती दे देता था और पैसे को अपने पास रख लेता था। जमाकर्ताओ से जो रकम मिली थी उस पैसे से गांव में अपने पिता विजय कुमार के नाम से जमीन खरीदना बताया है। इसके अलावा मकान व दुकान भी बनाया है। चाचा विष्णु बलि के नाम से ट्रैक्टर खरीदने में पैसे की मदद की है। पुलिस ने ट्रैक्टर एवं सेंट्रल बैंक का सील को गवाहों के समक्ष जब्त किया है।
14 ग्राहकों से 20 लाख से अधिक की हुई धोखाधड़ी
मामला प्रकाश में आने के बाद सेंट्रल बैंक के अंबिकापुर स्थित रीजनल ऑफिस से मुख्य प्रबंधक नीरज गोस्वामी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्राथमिक जांच में पाया गया था कि सेंट्रल बैंक की महगंवा शाखा सुरजपुर में व्यावसायिक प्रतिनिधि के रूप में कमीशन एजेंट का काम करने वाले अभिषेक प्रताप सिंह पिता विजय कुमार सिंह निवासी ग्राम खोंड ओड़गी द्वारा 14 बैंक उपभोक्ताओं से बैंक में राशि जमा करने के नाम से 20 लाख 57600 रुपए की धोखाधड़ी की गई है। उनसे रकम लेकर रकम को बैंक में जमा करने के बजाय फर्जी पावती रसीद उन्हें दी गई है।
शार्ट सर्किट से घबराए युवक ने बालकनी से लगाई छलांग, मौत…
बिलासपुर : सरकंडा स्थित पाम एन्क्लेव में दोस्त के साथ बैठा युवक कमरे में धुआं देख हड़बड़ा कर बालकनी से नीचे कूद गया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया। यहां सीटी स्कैन मशीन चालू न होने की बात कहते हुए डॉक्टरों ने घायल युवक को बाहर जांच कराने कहा। इस पर उसे किम्स ले जाया गया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद सरकंडा पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जशपुर बागीचा निवासी विपिन पिता अशोक अग्रवाल (30) बिलासपुर में अपने दोस्त स्वपनिल शुक्ला से मिलने आया था। शनिवार सुबह 6 से 6.15 के बीच वह कमरे में था। इसी दौरान शार्ट सर्किट की वजह से कमरे में धुआं भरने लगा। इससे स्वप्निल व विपिन दोनों घबरा कर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।
इसी बीच हड़बड़ा कर विपिन ने फ्लैट की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उसके गिरने के बाद स्वप्निल अन्य लोगों के साथ विपिन को लेकर सीधे सिम्स पहुंचा। सिम्स में पहुंचने के दौरान विपिन की हालत ठीक थी, वह स्वप्निल से बात कर रहा था। अंदरूनी चोट की आशंका पर सिम्स के डॉक्टरों ने उसका सीटी स्कैन कराने कहा।
सिम्स में ही इसकी जांच करने की बात पर बताया गया कि यहां मशीन काम नहीं कर रही, बाहर से करा लें। बताया गया कि पास में ही किम्स है, वहां सीटह स्कैन हो जाएगा। लिहाजा उसे किम्स ले गए। यहां उसे दाखिल कर लिया गया। जब डॉक्टर चेक करने पहुंचे तब तक विपिन की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी लगते ही सरकंडा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई व मर्ग कायम कर जांच को आगे बढ़ा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पाम एन्क्लेव में लगे सीसीटीवी फुटेज में विपिन गिरते हुए दिखाई दे रहा है। वह पैर के बल नीचे गिरा और फिर कमर व कंधा जमीन से टकराने का फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फ्लैट में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दोनों दोस्तों को कमरे में बंद कर चला गया था ड्राइवर
प्रशिक्षु सीएसपी व थाना प्रभारी रोशन आहूजा ने कहा कि सरकंडा पॉम एन्क्लेव में सुबह लगभग 6 बजे के आसपास एक युवक छत से गिर कर घायल हो गया था। उसकी मौत हो चुकी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
स्वप्निल ने पुलिस को बताया कि वह और विपिन साथ में एक ही कमरे में थे। इस दौरान ड्राइवर नहाने के लिए कमरे को लॉक करके चला गया। इसी बीच अचानक कमरे में धुआं भरने लगा तो दरवाजा खोलने का प्रयास कर रहे थे। नहीं खुलने पर घबराया विपिन सेकेंड प्लोर से कूद गया। चालक जब आकर कमरे को खोला तो नीचे पहुंच कर विपिन को सीधे सिम्स हास्पिटल लेकर पहुंचा था। जानकारी के अनुसार विपिन दो दिन पूर्व ही दिल्ली से रायपुर पहुंचा था व दोस्त से मिलने के लिए बिलासपुर आया था।
एमएस सिम्स डॉ.सुजीत नायक ने कहा कि टेम्प्रेरी ब्रेक डाउन होने की वजह से शनिवार सुबह दो से तीन घंटे के लिए सीटी स्कैन मशीन बंद थी। इसी दौरान पेशेंट आया होगा, तो उसे बाहर सीटी स्कैन कराने के लिए कहा गया होगा। बहरहाल सीटी स्कैन न होने की वजह से युवक की मौत की बात सही नहीं है। कई अन्य कारण भी हो सकते हैं।
डॉ. सुजीत नायक, एमएस सिम्स
LPG के दाम से FasTag केवाईसी तक, आज से देश में लागू हुए ये 6 बड़े बदलाव, आप नागरिकों पर होगा सीधा असर….
नई दिल्ली : आज एक अप्रैल है। इसके साथ ही नए वित्तीय वर्ष 2024-25 की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही आपकी जेब पर असर डालने वाले कई नियम भी बदल गए हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप नए वित्तीय वर्ष में होने वाले नियमों के बदलाव के हिसाब से अपने काम निपटा लें। आइए जानते हैं एक अप्रैल 2024 से कौन-कौन से अहम बदलाव होने हैं।
एनपीएस में बदलाव
नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही नेशनल पेमेंट सिस्टम (NPS) से जुड़े नियमों में बदलाव होने वाला है। आज एक अप्रैल से एनपीएस के खाते में लॉगिन करने के लिए टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूरी हो गया है। ऐसे में ग्राहकों के लिए समय रहते इससे जुड़ी प्रक्रिया के बारे में जान लेना जरूरी है।
फास्टैग से जुड़े नियमों में बदलाव
एक अप्रैल 2024 से फास्टैग से जुड़े कुछ नियम भी बदल रहे हैं। अगर आपने अब तक अपनी कार के फास्टैग की बैंक केवाईसी पूरी नहीं की है तो एक अप्रैल से शुरू होने वाले नए वित्तीय वर्ष में आपको परेशानी झेलनी पड़ सकती है। यदि आपने 31 मार्च 2024 से पहले ही अपने फास्टैग की केवाईसी से जुड़ी प्रक्रिया पूरी नहीं की है तो आपका फास्टैग खाता बैंक की ओर से निष्क्रिय या ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो फास्टैग खाते में मौजूद बैलेंस का इस्तेमाल करने में भी आपको परेशानी हो सकती है।
ईपीएफओ के खाताधारकों को मिलेगी राहत
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ से जुड़े नियम भी एक अप्रैल 2024 से बदलने वाले हैं। इस बदलाव से इपीएफओ ग्राहकों को राहत मिलने वाली है। दरअसल, एक अप्रैल से खाताधारकों को नौकरी बदलने पर मैनुअल तरीके से अपने पुराने पीएफ बैलेंस को नए अकाउंट में ट्रांसफर करने की जरूरत नहीं रहेगी। ऑटो मोड में ही पुराने पीएफ का बैलेंस नए अकाउंट के साथ जुड़ जाएगा। फिलहाल यूएएन नंबर होने के बावजूद पीएफ खाते का बैलेंस ट्रांसफर करने के लिए ग्राहक को अलग से अनुरोध करना पड़ता था।
पैन-आधार लिंक
सरकार पैन कार्ड और आधार कार्ड को लिंक करने की डेडलाइन कई बार बढ़ा चुकी है। फिलहाल 31 मार्च 2024 को आधार पैन लिंक करने की आखिरी तारीख थी। अगर आपने अब तक अपने पैन कार्ड और आधार कार्ड को लिंक नहीं किया है तो आपका पैन कार्ड निष्क्रिय हो सकता है जिससे आपको कई तरह की परेशानी हो सकती है। उसे दोबारा एक्टिव कराने के लिए आपको 1000 रुपये के जुर्माने का भी भुगतान करना पड़ेगा।
रसोई गैस की कीमतों में बदलाव
सरकार की ओर से हर महीने की एक तारीख को रसोई गैस के कमर्शियल और घरेलू सिलेंडरों के कीमत की समीक्षा की जाती है। इसी के तहत पेट्रोलियम कंपनियों ने आज यानी एक अप्रैल 2024 से कमर्शियल एलपीसी सिलेंडरों की कीमतों में कटौती का एलान कर दिया है। तेल कंपनियों ने 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर और पांच किलो एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) सिलेंडर की कीमतें कम कर दीं हैं। सूत्रों के अनुसार 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 30.50 रुपये कम की गई है। दिल्ली में एक अप्रैल से इसकी कीमत 1764.50 होगी। पांच किलो एफटीएल की कीमत अब 7.50 रुपये कम हो गई है।
केडिट कार्ड के नियमों में बदलाव
आज यानी एक अप्रैल 2024 से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत होने के बाद क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में भी बदलाव हुए। एसबीआई क्रेडिट कार्ड के नियम आज से बदल रहे हैं। नए नियमों के अनुसार क्रेडिट कार्ड के जरिए किराए का भुगतान करने पर अब रिवार्ड प्वाइंड नहीं जारी किए जाएंगे। कई अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड पर भी यह नियम 15 अप्रैल 2024 से लागू हो सकता है।
नई आयकर व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं
वित्त मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष 2024-25 में लोगों के लिए नई आयकर व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं है। व्यक्तिगत करदाता अपना आईटीआर दाखिल करते समय इस व्यवस्था से बाहर निकलने का विकल्प चुन सकते हैं। मंत्रालय ने यह स्पष्टीकरण सोशल मीडिया पर जारी उन सूचनाओं के बाद दिया जिसमें एक अप्रैल से प्रभावी नई कर व्यवस्था में कुछ बदलावों का दावा किया गया है।
आज से महंगी हुई शराब, राज्य सरकार ने जारी किए आदेश…
रायपुर : छत्तीसगढ़ में आज से शराब की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। राज्य सरकार द्वारा नई आबकारी नीति के तहत शराब की कीमत बढ़ाई गई है। प्रदेश में अब आज से क्वार्टर में 10 रुपये और बोतल में 40 रुपये की वृद्धि की गई है। राज्य सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार के सभी सेस हटाकर नई नीति के तहत शराब की कीमतों में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इस नई नीति के अनुसार, शराब की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे गौठान के विकास, कोरोना के समय लगाए सभी टैक्स हटाए जाने और अधोसंरचना और विकास के लिए आवश्यक निवेश का कारण बताया गया है।

शराब की बढ़ी हुई कीमतें आज से ही लागू हो गई है.
स्कूल की टाइमिंग में बदलाव अब सुबह संचालित होंगी सभी सरकारी स्कूल…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : मार्च महीने के अंत में अचानक से बड़ी तपती धूप और चिलचिलाती गर्मी से तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई हैं जिसने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है। जिसे देखते हुए छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी किया है। जिसमें लगातार बढ़ते तापमान और गर्मी के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश भी जारी कर दिया है। दोपहर की चिलचिलाती धूप के कारण बच्चे परेशान हो रहे थे। इसलिए स्कूल टाइमिंग में बदलाव किया गया है। जिसमें अब दो पाली में स्कूल लगेगी। जिसमें सरकारी स्कूल सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक चलेगी।

शहर के नजदीक गांव में घुसे दो हाथी,महुआ बिनने गई महिला को किया जख्मी…
अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर के नजदीक ग्राम खलीबा में शनिवार की भोर में दो हाथी घुस गए। हाथियों के विचरण की खबर लगते ही गांव में अफरातफरी मच गई। बीच बस्ती से होते हुए दोनों हाथी आगे बढ़े। एक महिला महुआ संग्रहण में लगी थी। अचानक हाथी पहुंच गए। इसके पहले की महिला वहां से भाग पाती एक हाथी ने उसे सूड़ से उछाल दिया। दोनों हाथी वहां नहीं रुके और तेजी से बढ़ गए इस कारण महिला की जान नहीं गई। उसका एक पैर टूट गया है। आनन-फानन में महिला को मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती किया गया। दिन भर बस्ती से दूर जमे हाथी शाम होते ही फिर बस्ती के समीप आ गए। हाथियों के स्वच्छंद विचरण से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
पिछले कई दिनों से सरगुजा व सूरजपुर जिले की सीमा पर कल्याणपुर जंगल में दो हाथियों की उपस्थिति थी। जंगल में चारा पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण दोनों हाथी शाम को जंगल किनारे के खेतों में उतर रहे थे। फसलों को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथी सुबह होने से पहले ही जंगल में लौट जा रहे थे लेकिन शुक्रवार की शाम जंगल से बाहर निकलने के बाद हाथी वापस नहीं लौटे। चारा-पानी की तलाश में दोनों हाथी आगे बढ़ गए। सकालो ,किशुननगर के बाहरी क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचाकर दोनों हाथी भोर में खलीबा बस्ती में प्रवेश कर गया। उस समय सुबह के चार बज रहे थे। हाथियों की उपस्थिति से बेखबर कुछ गांव वाले बाहर निकले थे। हाथियों के विचरण की जानकारी मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई।
लोग हाथियों के गुजरने वाले रास्ते से दूर उन्हें खदेड़ने के लिए शोर मचाने लगे। दोनों हाथी खलीबा की मुख्य बसाहट में बिना रुके और किसी प्रकार का नुकसान किए बगैर आगे बढ़ते चले गए इस कारण सभी ने राहत की सांस ली। बस्ती के किनारे बांध के पास रुके हाथियों को देखने ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मेंडरा गांव की महिला भिखनी बाई (62)भोर में महुआ संग्रहण में लगी थी। लोगों ने उसे सतर्क भी किया। उसे ठीक से सुनाई नहीं देता था। अचानक हाथी वहां पहुंच गए। महिला भाग नहीं पाई। हाथियों से सामना होते ही वह डर से भागने का प्रयास की लेकिन एक हाथी ने उसे पटक दिया। गनीमत थी कि हाथियों ने आगे बढ़ने के कारण महिला को पलट कर नहीं देखा। हाथियों के आगे बढ़ जाने के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। घायल महिला को मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया। काफी देर तक बांध के आसपास विचरण करने के बाद दोनों हाथी ग्राम कुल्हाड़ी की ओर चले गए हैं।
चारा-पानी के जुगाड़ में आबादी क्षेत्रों के समीप पहुंचते हैं हाथी
वन विभाग के कर्मचारियों को हाथियों की निगरानी में लगाया गया है। गांववालों को जंगल नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है। इस क्षेत्र में पहले भी हाथी आते रहे हैं। खासकर गर्मी के सीजन में जंगल में चारा-पानी की कमी हो जाने पर हाथी आबादी क्षेत्र की ओर प्रवेश करते हैं। यह क्षेत्र सब्जी उत्पादक भी है। बड़े रकबे में किसानों ने गन्ना की खेती भी की है। हाथी अभी भी पास में ही हैं इसलिए गांववालों को सतर्क रहने कहा गया है।
शाम को फिर वापस लौट आए हाथी
हाथियों के व्यवहार के अध्ययन से पता चलता है कि जंगली हाथियों का दिन में मूवमेंट नहीं होता है। शाम होते ही हाथी जंगल से बाहर निकलते है। खलीबा बस्ती में घुसे हाथी शनिवार की सुबह कुलहाड़ी जंगल की ओर जा रहे थे। दिन भर गांव में भय मिश्रित कौतूहल का वातावरण बना रहा। शाम को हाथी जंगल की ओर से फिर बस्ती के नजदीक आ गए थे। रेंजर निखिल पैकरा ने बताया कि ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। वन कर्मचारी भी हाथियों की निगरानी में लगे हुए हैं।
डिप्टी रेंजर ने श्रमिक पर सब्बल से किया हमला,, एट्रोसिटी की धारा के तहत कार्रवाई करने एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन…
हिंद स्वराष्ट्र मुंगेली : जिले के खुड़िया वन परिक्षेत्र अंतर्गत भूतकछार सर्किल के डिप्टी रेंजर के विरुद्ध अनुसूचित जनजाति समाज के आक्रोशित लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। जनजाति समाज के लोगों ने डिप्टी रेंजर प्रबल दुबे के खिलाफ एट्रोसिटी की धारा के तहत कार्रवाई करने की मांग को लेकर लोरमी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में समाज द्वारा बताया गया हैं कि भादुराम कोलाम पिता रतिराम कोलाम चचेड़ी गांव का निवासी है जो दैनिक श्रमिक के रूप में खुड़िया वन परिक्षेत्र अंतर्गत जंगल में कार्यरत है। जिनको कुछ दिनों पहले भूतकछार सर्किल के डिप्टी रेंजर ने करीडोंगरी शासकीय आवास में बुलाकर जातिगत गाली गलौज करते हुए धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया, इस हमले में बाये हांथ पर चोट के साथ पैकेट में रखे मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद विभाग के अन्य दो-तीन स्टाफ ने बीच बचाव किया।
मिली जानकारी के अनुसार इस पूरे मामले को लेकर पीड़ित स्टाफ भादुराम कोलाम ने उक्त घटना की जानकारी देते हुए पुलिस चौकी खुड़िया में इसकी लिखित शिकायत कुछ दिनों पहले ही की थी। जिस पर आज दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई हैं। इसके विपरीत पीड़ित के खिलाफ डिप्टी रेंजर की शिकायत पर धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में प्रस्तुत किया गया था जहां उन्हें नियमानुसार जमानत लेना पड़ा।