Home Blog Page 61

रिश्वत लेते एसीबी ने नगर निवेश के सहायक संचालक और मानचित्रकार को रंगे हाथों किया गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने अंबिकापुर नगर निवेश कार्यालय में शुक्रवार की दोपहर छापा मारकर सहायक संचालक व मानचित्रकार को 35 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।पीडित द्वारा रिश्वत की मांग की शिकायत एसीबी की टीम से की गई थी। अंबिकापुर के मोमिनपुरा निवासी वसीम बारी को अपने रिश्तेदार की भूमि की उपयोगिता के एनओसी की जरूरत थी। इसके लिए वह नगरीय निकाय कार्यालय अंबिकापुर दफ्तर में पिछले दिनों पहुंचा था। एनओसी के एवज में वहां पदस्थ सहायक संचालक बालकृष्ण चौहान व मानचित्रकार निलेश्वर कुमार धुरव द्वारा 35 हजार रुपए की डिमांड की गई थी। वसीम बारी उन्हें रुपए नहीं देना चाहता था। कई बार निवेदन करने के बाद भी उन्होंने बिना पैसे लिए काम नहीं करने की बात कही। इसके बाद उसने मामले की शिकायत एंटी करप्शन यूरो अंबिकापुर टीम से की। एसीबी की टीम ने सहायक संचालक व मानचित्रकार को रंगे हाथों पकडने की योजना बनाई। इसके लिए रिश्वत की राशि के बारे में पहले मोबाइल पर दोनों के बीच हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग कराई। इसके बाद प्लान के अनुसार शुक्रवार की दोपहर केमिकल लगे रुपए देकर उसे नगर निवेश कार्यालय में भेजा। शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे केमिकल लगा 35 हजार रुपए लेकर पीडित नगरीय निवेश कार्यालय पहुंचा। उसने जैसे ही रुपए सहायक संचालक व मानचित्रकार के हाथ में दी, आस- पास पहले से मौजूद टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम दोनों को अपने साथ ले गई है।

संचालक ने दोनों को किया निलंबित

35 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार सहायक संचालक बालकृष्ण चौहान तथा सहायक मानचित्रकार नीलेश्वर कुमार ध्रुव को निलंबित कर दिया गया है। संचालक ग्राम तथा नगर निवेश द्वारा दोनों को निलंबित कर दिया गया हैं। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। निलंबन अवधि में बालकृष्ण चौहान व नीलेश्वर कुमार ध्रुव, का मुख्यालय, कार्यालय संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश, बिलासपुर निर्धारित किया गया है।

घर में मिली 6 लोगों की लाश, एक ही परिवार 5 लोगों की लाश मिलने से फैली सनसनी…

हिंद स्वराष्ट्र सारंगढ़ : सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आज एक घर से एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत 6 लोगों की लाश मिली है। सलिहा पुलिस थाना क्षेत्र के थरगांव की हैं। पुलिस ने शवों को बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को घर से हेमलाल साहू (55), उनकी पत्नी जगमोती साहू (50), उनकी बेटियां- मीरा साहू (30), ममता साहू (35), हेमलाल का नाती (5) व गांव के एक अन्य व्यक्ति मनोज साहू का शव मिला है। शवों पर कुल्हाड़ी से मारे जाने के निशान मिले हैं वहीं घटना स्थल पर एक अन्य व्यक्ति मनोज का शव उसी लटका हुआ मिला है। मनोज द्वारा फांसी लगाने से पहले अन्य पांच लोगों की हत्या कर दी होगी ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

प्राथमिक शाला मसौरा, लाखनटोला, कजिया आदि भरतपुर विकास खण्ड के विभिन्न विद्यालयों मे समर कैंप का हो रहा आयोजन…

हिंद स्वराष्ट्र भरतपुर गणेश तिवारी : जिला एमसीबी के वनांचल विकासखंड भरतपुर के प्राथमिक शाला लाखनटोला, देवगढ, कजिया सहित विकास खण्ड भरतपुर के विभिन्न विद्यालयों में जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा व विकासखंड शिक्षा अधिकारी मो. इस्माइल खान के मार्गदर्शन पर समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है जिसमें बच्चे बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। इस कैंप में विभिन्न प्रकार की चित्रकारी, हस्तशिल्प योगा एवं खेल कूद कर बच्चे काफी उत्साहित हैं।

शैलेन्द्र प्रताप सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने जताया भरोसा …

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ के युवा नेता शैलेंद्र प्रताप सिंह पर एआईसीसीसी ने भरोसा जताते हुए हिमाचल प्रदेश के शिमला लोकसभा का रोहरु विधान सभा प्रभारी बना कर लोकसभा चुनाव के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई ,ज्ञात हो की संपूर्ण शिमला लोकसभा का प्रभारी एआईसीसी सचिव रायपुर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय को बनाया गया है । छत्तीसगढ को यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
इससे पहले भी शैलेंद्र प्रताप सिंह को एनएसयूआई युवा कांग्रेस पीसीसी में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं
एआईसीसी के इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए शैलेंद्र प्रताप सिंह द्वारा AICC के सभी शीर्ष नेतृत्व पूर्व उप मुख्यमंत्री टी एस सिंह देव एआईसीसी सचिव पूर्व विधायक विकास उपाध्याय का आभार व्यक्त करते हुए अपने जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने हेतु तत्पर रहने कि बात कही गई।

ग्राउंड में मिला पत्रकार का शव, इलाके में फैली सनसनी…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : मनेंद्रगढ़ के चनवारीडांड में स्थित डिपो के पीछे में युवक को मृत अवस्था में देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मनेंद्रगढ़ टीआई अमित कृष्ण कश्यप के साथ पुलिस टीम ने मृतक की शिनाख्त की। युवक की शिनाख्त रईस अहमद 40 वर्ष के रूप में हुई है। शव औंधे मुंह पड़ा मिला। युवक पेशे से पत्रकार था। पुलिस जांच में पता चला कि रईस अहमद पिछले करीब एक माह से चनवारीडांड में किराए के मकान में अपनी पत्नी एवं तीन साल की बेटी के साथ रह रहा था। उसका शव घर से करीब दो सौ मीटर दूरी पर मिला है। मकान के पास खून से लथपथ एक गमछा भी मिला है। आशंका जताई जा रही है कि रईस अहमद की हत्या घर में या घर के पास की गई है और शव को मैदान में फेंका गया है। मामले में पुलिस मृतक रईस अहमद की पत्नी से भी पूछताछ कर रही है। घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने घटनास्थल पर लोगों को जाने से रोक दिया है। घटना की सूचना पर अंबिकापुर से फारेंसिक टीम मनेंद्रगढ़ के लिए रवाना हो गई है।

स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बतरा में प्रवेश के लिए लॉटरी सिस्टम से विद्यार्थियों का हुआ चयन…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : जिले के भैयाथान विकासखंड के ग्राम बतरा में संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं के रिक्त सीटों पर प्रवेश लॉटरी के माध्यम से किया गया। यह लॉटरी सिस्टम जिला शिक्षा अधिकारी राम ललित पटेल के मार्गदर्शन में प्रवेश समिति के अध्यक्ष सागर सिंह अनुविभागीय अधिकारी भैयाथान जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, सचिव प्राचार्य स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बतरा गोवर्धन सिंह ,सदस्य विकासखंड शिक्षा अधिकारी भैयाथान जिला सूरजपुर छत्तीसगढ़ घनश्याम सिंह, तथा अन्य दो सदस्य गण व्याख्याता आकिब आलम, ज्योति, एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसीलदार भटगांव शिवनारायण राठिया, पटवारी पटवारी दौलत टोप्पो, हीरालाल राजवाड़े, संदीप जायसवाल, एवं पालकगण की उपस्थिति में पूरी प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की गई। ज्ञातव्य हो की प्रवेश के लिए प्रवेश फॉर्म 10 अप्रैल 2024 से 10 मई 2024 तक तथा दावा आपत्ति 13 मई 2024 तक आमंत्रित किए गए थे तत्पश्चात आज दिनांक 14 मई 2024 को लाटरी पद्धति से प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की गई जिसमें 50% बालिकाओं , बीपीएल के 25% छात्रों का चयन किया गया ।विद्यालय के प्राचार्य गोवर्धन सिंह ने बताया कि रिक्त सीटों पर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार लॉटरी के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की गई है। संबंधित छात्र के प्रवेश नहीं लेने पर तथा आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करने पर प्रतीक्षा सूची से चयन किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकगण सहित पालकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रामचरितमानस बनी विश्व धरोहर, UNESCO ने दी मान्यता, “मेमोरी ऑफ़ द वर्ल्ड एशिया पैसिफ़िक के रीजनल रजिस्टर” में किया गया शामिल…

नई दिल्ली : ये ख़बर सभी भारतीयों के लिए गर्व का विषय है कि उनकी सांस्कृतिक-साहित्यिक धरोहर को यूनेस्को के ‘मेमोरी ऑफ़ द वर्ल्ड एशिया पैसिफ़िक के रीजनल रजिस्टर’ में शामिल कर लिया है। रामचिरतमानस और पंचतंत्र अब वैश्विक स्तर पर भी पहचान बनेंगे। 2024 के संस्करण में एशिया पैसिफिक की 20 धरोहरों को शामिल किया गया है, जिनमें रामचरित मानस और पंचतंत्र के साथ ही सहृदयालोक-लोकन की पांडुलिपि भी है। भारतीय जहां बचपन से ही पंचतंत्र की कहानियां सुनते हैं, उनसे सीख लेते हैं वहीं गोस्वामी तुलसीदास कृत रामचरितमानस के पाठ करते हैं, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं भी जु़ड़ी हुई हैं।

वित्त विभाग ने विभागाध्यक्षों से मांगी बंद हुई योजनाओं की राशि की जानकारी, शेष राशि तत्काल प्रभाव से राज्य शासन के खाते में जमा करने दिए आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : वित्त विभाग ने समस्त अवर मुख्य सचिव/ प्रमुख सचिव/सचिव विशेष सचिव, समस्त विभागाध्यक्ष, समस्त कलेक्टर एवं समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र लिखकर विभिन्न योजनाओं जो की वर्तमान समय में संचालित नहीं की जा रही है के लिए आए हुए राशि की जानकारी मांगी है साथ ही इन योजनाओं से शेष बची राशि को वित्त विभाग के अकाउंट में ट्रांसफर करने हेतु आदेशित किया है। पत्र में लिखा गया हैं कि वित्त विभाग के संज्ञान में आया है कि पूर्व में संचालित किन्तु वर्तमान में बंद विभिन्न योजनाओं के लिये प्राप्त राशि के विरूद्ध अव्ययित राशि बैंक खातों में शेष उपलब्ध है एवं उनका संधारण अभी भी राज्य एवं मैदानी कार्यालयों द्वारा किया जा रहा है। अतः वर्तमान में बंद योजनाओं के विरूद्ध बैंक खातों में शेष अव्ययित राशि तत्काल प्रभाव से राज्य शासन के खाते में जमा करते हुए संलग्न प्रपत्र में जानकारी संबंधित विभागाध्यक्ष को उपलब्ध करावें एवं प्रति वित्त विभाग को भेजें। विभागाध्यक्ष कार्यालय मैदानी कार्यालय की जानकारी एवं उसी योजना के राज्य स्तरीय खाते की जानकारी को भी एकजाई करते हुए वित्त विभाग के उपलब्ध करावें।

70 लाख की ठगी कर यूथ क्रांति बैंक अंबिकापुर से चंपत, अपने पैसे वापस पाने ग्राहक भटकने को मजबूर…..

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : दूसरे राज्य से आकर अम्बिकापुर में अपना कार्यालय खोल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीर लगी बैनर लगाकर पी.एम.ई.जी.पी. योजना के नाम पर लाखों की ठगी कर यूथ क्रांति बैंक अम्बिकापुर शहर से चंपत हो गया हैं। लोन के नाम पर लाखों रुपए इसमें फसाने वाले ग्राहक अपने पैसे वापस पाने के लिए भटकने को मजबूर हो गए हैं। ग्राहकों का कहना हैं कि सब कुछ सही चल रहा था बहुत सारे ग्राहकों को लोन भी मिला लेकिन प्रशासन के दखल के बाद उनका पैसा अटक गया हैं। अब प्रशासन न तो इन जालसाजों पर कोई कार्यवाही कर रही हैं और न ही उनके पैसे उन्हे वापस दिलवा रही हैं। इस पूरे मामले में गांधीनगर पुलिस और जांच अधिकारी की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही हैं। दरअसल इन ठगों द्वारा खुले तौर पर राजमोहिनी भवन में अपना कार्यक्रम किया जा रहा था जहां एसडीएम अम्बिकापुर और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सरगुजा के महाप्रबंधक द्वारा संयुक्त छापेमारी की गई और आरोपियों को गांधीनगर पुलिस को सौंप दिया गया। गांधीनगर पुलिस द्वारा इन आरोपियों के विरुद्ध व्यापार उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रामलाल एक्का की शिकायत पर धारा 420, 34 के तहत छह लोगो के विरुद्ध 1 निर्मल लोहरा डायरेक्टर युथ क्रांति ग्रुप, 2 त्रिलोचन सिहं डायरेक्टर युथ क्रांति ग्रुप, 3 विजय साहू डायरेक्टर युथ क्रांति ग्रुप, 4 विवेक कुमार ब्रांच मैनेजर, 5 धनराज गिर क्रेडिट मैनेजर और 6 इन्द्रदेव समपाकर कैशियर के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कर ली गई लेकिन इन आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश न करते हुए उन्हें चेक लिस्ट पर छोड़ दिया गया। ग्राहकों का आरोप हैं कि घटना को बीते पूरे 4 महीने हो जाने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक मामले का चालान भी पेश नही किया गया हैं और जांच के नाम पर ग्राहकों को भ्रमित कर रही हैं। आश्चर्य की बात यह हैं कि पुलिस द्वारा आरोपियों की उपस्थिति में अपराध दर्ज किया गया लेकिन एफआईआर में आरोपियों के नाम भी गलत लिखे गए हैं।

क्या हैं मामला

अम्बिकापुर में यूथ कापरेटीव बैंक के नाम से बंगाली चौक पर एक ऑफिस संचालित की जा रही थी, जिसमें खाता ओपन कर लोन दिया जाता था और पी.एम.ई.जी.पी. लोन स्कीम चलाया जा रहा था। इनके द्वारा लोन देने के नाम पर ग्राहकों से खाते खुलवाए जा रहे थे और वांछित लोन राशि का 20% मार्जिन मनी और पंजीयन शुल्क ₹1000 लिया जा रहा था और लोन राशि की चेक 23 जनवरी 2024 को राजमोहिनो भवन में दिए जाने की बात कही गई थी। जिसपर संभाग भर के करीबन 50 लोगो द्वारा इस बैंक में खाते खुलवा कर 20 % मार्जिन मनी और पंजीयन शुल्क दे दी गई थी। बैंक द्वारा दिनांक 23.01.2024 को राजमोहिनी भवन अम्बिकापुर में सेमिनार स्वरोजगार अभियान चलाया जा रहा था जिसमे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की फोटो लगी बैनर लगाई गई थी। जहां छ0ग0 युथ क्रांति ग्रुप द्वारा पी. एम. ई.जी.पी. की योजना के संबंध में भाम्रक व मिथ्या जानकारी देकर लोंगो को लोन देने के नाम पर 20 प्रतिशत मार्जिन मनि एवं पंजीयन शुल्क लेकर 1000 रू, जमा करवाने का फर्जीवाड़ा जारी था। जिसमें तथाकथित यूथ कार्पोरेटिव बैंक लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर विवेक कुमार पिता अशोक केशरी निवासी ओवरब्रिज के सामने गांधी मैदान पटना बिहार, क्रेडिट मैनेजर धनराज गिर पिता महेश गिर निवासी सोनार गली साहेबगंज झारखण्ड तथा कैशियर इन्द्रदेव समपाकर पिता सोहन राम निवासी सिन्चौरा राजपुर जिला बलरामपुर छ0ग0 के द्वारा विभागीय योजना पीएमइजीपी की भ्रामक एवं गलत जानकारी देकर आवेदकों से सुरक्षानिधि एवं पंजीयन शुल्क अपने बैंक खाते मे ले रहे थे। इस कार्यक्रम का मुख्य अतिथि पूर्व सांसद कमलभान सिंह को बनाया गया था। उनकी उपस्थिति में बैंक द्वारा ग्राहकों को डमी चेक भी दिया गया था।

कार्यक्रम संचालित हो ही रही थी कि इस मामले की शिकायत एसडीएम अंबिकापुर और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अंबिकापुर के महाप्रबंधक को मिली जिस पर दोनों द्वारा संयुक्त छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा गया और उनसे यूथ क्रांति संगठन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, जिसपर आरोपियों द्वारा दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने की स्थिति में उन्हे गांधीनगर पुलिस को सौंप दिया गया। वहां मौजूद ग्राहकों द्वारा यूथ क्रांति बैंक में जमा किए गए अपने पैसे की रशीद/पासबुक आदि भी पुलिस को दी गई। इस मामले में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अंबिकापुर के महाप्रबंधक के लिखित शिकायत पर गांधीनगर पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद कर लिया गया और आरोपियों को चेक लिस्ट पर छोड़ भी दिया गया। 

एसपी तक शिकायत लेकिन नहीं हो रही कार्यवाही

क्या हैं पीएमईजीपी योजना

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना भारत सरकार के सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उधम मंत्रालय के खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, मुम्बई द्वारा संचालित योजना है। पीएमईजीपी योजना के दिशानिर्देश अनुसार योजनांतर्गत किसी भी प्रकार का पंजीयन शुल्क एवं सुरक्षा निधि जमा का प्रावधान नहीं है। योजनांतर्गत ऋण आवेदन निर्धारित अभिकरणों (जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, खादी एग ग्रामोद्योग आयोग तथा कयर बोर्ड के मध्यम प्राप्त किये जाने का प्रावधान है जिसमे हितग्राही को को आवेदन शुल्क देय नहीं है एवं बैंक द्वारा स्वीकृत ऋण राशि पर अधिकतम 10 प्रतिशत स्वाय का अशदान संबंधित बैंक में हितग्राही के ऋण खाते में जमा करने का प्रावधान है। योजनातर्गत स्वीकृत ऋण राशि पर 15 से 35 प्रतिशत तक का अनुदान देय है। 

आईपीएल में लाखों करोड़ों का दाव लगाने वाले 3 मास्टरमाइंड सटोरियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा पुलिस द्वारा जारी अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत आईपीएल मैच के दौरान सट्टा लगाकर लाखो करोडो का दाव लगाने वाले 03 मास्टरमाइंड सटोरियों को पकड़ने मे सरगुजा पुलिस को मिली सफलता,आरोपी से 19 नग मोबाइल एवं 20100/- रुपये नगद किया गया बरामद।
🔷 साइबर रेंज थाना एवं थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा संयुक्त कार्यवाही मे मामले के तीनो आरोपियों कों गिरफ्तार कर की जा रही सख्त वैधानिक कार्यवाही।
🔷 आरोपियों द्वारा अपने जान पहचान के लोगो कों मोबाइल मे स्काईएक्सचेंज का लिंक भेजकर अवैध सट्टा खिलाने का किया जा रहा था काम।
🔷 आरोपियों के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त 19 नग मोबाइल,  03 नग पासबुक, 02 नग चेकबुक, 21 नग एटीएम कार्ड, 20100/- रुपये नगद एवं दस्तावेज किया गया बरामद ।
🔷 आरोपियों से जप्त मोबाइल मे फ़ोन पे ऐप मे लेन देन सम्बन्धी सट्टा खेलने एवं खिलाने के साक्ष्य मिलने पर एवं सट्टा मे हार जीत का लेखा जोखा रखने हेतु प्रयोग किये गए दस्तावेजो से पुष्टि होने पर सटोरियों के विरुद्ध की गई सख्त कार्यवाही।


⏩ सरगुजा पुलिस द्वारा जारी अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत आपराधिक गतिविधियों मे संलिप्त संदेहियो/आरोपियों की लगातार धरपकड़ की जा रही हैं, इसी क्रम मे मामले का संछिप्त विवरण इस प्रकार हैं कि दिनांक 13/05/24 कों थाना कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग टीम कों दौरान पेट्रोलिंग जरिये मुखबीर सूचना प्राप्त हुई कि तीन सटोरी आयुष सिन्हा उर्फ़ दीप सिन्हा, अमित मिश्रा उम्र पहलू, शुभम केशरी मिलकर अपने सम्पर्क एवं जानपहचान के लोगो कों स्काईएक्सचेज लिंक भेजकर आईपीएल मैच गुजरात टाइटन्स व कोलकता किंग राइडर्स के चीच चल रहे टी-20 मैच में ऑनलाईन स‌ट्टा खेलने व खेलाने का काम कर रहे है। पुलिस टीम द्वारा सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए रेड कार्यवाही करने पर तीन संदिग्ध व्यक्ति मोबाइल ऑपरेट करते हुए मिले, पुलिस टीम द्वारा तीनो संदिग्ध से पूछताछ करने पर अपना नाम (01) आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा उम्र 30 साल (02) अमित मिश्रा उर्फ़ पहलू उम्र 30 साल (03) शुभम केसरी उम्र 28 साल सभी साकिन सत्तीपारा शिव मंदिर के पास अम्बिकापुर का होना बताये, आरोपी अमित मिश्रा ऊर्फ पहलू से जप्त एप्पल मोबाइल फ़ोन आईफोन-15 से वाटसअप ऐप मे किये गए चैट, फोन पे ऐप में लेन देन संबंधि सट्टा खेलने व खेलाने का साक्ष्य प्राप्त हुआ, आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा से सट्टा खेलने व खेलाने वाले लोगों द्वारा दिया गया एटीएम कार्ड, तथा शुभम केशरी से हार जीत का लेखा जोखा रखने से संबंधित सट्टा खेलने व खेलाने वाले लोगों का पासबुक व चेक बुक तथा मोबाइल जिसमें सट्टा खेलने वाले लोगों का फोन पे एप्लीकेशन डाउनलोड कर पैसे की लेन देन रखने हेतु साक्ष्य पाये जाने से तीनों आरोपियों के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त 19 मोबाइल  नग, 03 नग पासबुक , 02 नग चेकबुक, 21 नग एटीएम कार्ड एवं 20100 रुपये नगद व अन्य दस्तावेज बरामद किया गया हैं,

⏩ आरोपियों से घटना के सम्बन्ध पूछताछ किये जाने पर तीनो सटोरियों/आरोपियों द्वारा मिलकर अपने सम्पर्क एवं जानपहचान के लोगो कों स्काईएक्सचेज लिंक भेजकर आईपीएल मैच गुजरात टाइटन्स व कोलकता किंग राइडर्स के चीच चल रहे टी-20 मैच में ऑनलाईन स‌ट्टा खेलने व खेलाने का अपराध घटित किया जाना स्वीकार किया गया, आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 325/24 धारा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7, 8 का अपराध पंजीबद्ध कर मामले मे तीनो आरोपियों कों गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा मे भेज जाता हैं।
सम्पूर्ण कार्यवाही मे थाना अम्बिकापुर से उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय,सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह,आरक्षक उपेंद्र सिंह, मंटू गुप्ता, रिंकू गुप्ता शिव राजवाड़े शामिल रहे।

चाकूबाजी मामला : 24 घंटे के भीतर पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कल देर रात आईजी बंगले के समीप हुए चाकूबाजी की घटना में संलिप्त 3 अपराधियों को सरगुजा पुलिस द्वारा 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की हैं। आपको बता दें कि अपराधियों द्वारा किए गए ताबड़तोड़ हमले में एक युवक की अतड़िया बाहर आ गई थी जिसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई हैं जिसका इलाज जारी हैं।

मिली जानकारी के अनुसार चुनमुन शर्मा साकिन बसडीहा गोपाल कुटुम्बा जिला औरंगाबाद बिहार हाल मुकाम केदारपुर महरोत्रा गली थाना अम्बिकापुर का दिनांक 14/05/24 कों थाना कोतवाली आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि घटना दिनांक 13/05/24 को अरविन्द शर्मा प्रार्थी के भाई संटू शर्मा को फोन पर गाली गलौज करते हुए बंगाली चौक के पास बुलाया तब प्रार्थी अपने भाई संटू शर्मा, विकाश शर्मा, निरज शर्मा व चचेरा भाई सोनू शर्मा के साथ सभी लोग बंगाली चौक के पास गये जहां संतोष शर्मा, अरविंद शर्मा, पप्पू शर्मा व उसके अन्य साथी मौक़े पर आकर रिर्पोट करने की बात कहते हुए गंदी गंदी गाली गलौज देते हुए सभी एक राय होकर प्रार्थी एवं उसके भाईयो को जान से मारने की धमकी देते हुये हत्या करते की नीयत से संतोष शर्मा, अरविन्द शर्मा, पप्पू शर्मा एवं अन्य आरोपियों द्वारा हाथ से रखे धारदार चाकु एवं हथौडी से मारपीट करने लगे, तब प्रार्थी एवं उसके भाई लोग अपना बचाव करने भागे, चाकु से मारने के कारण प्रार्थी के भाई विकाश शर्मा, नीरज शर्मा, संटु शर्मा, सोनू शर्मा कों चोट लगकर कट गया हैं, प्रार्थी कि रिपोर्ट पर थाना कोतवाली मे अपराध क्रमांक 324/24 धारा 147, 148, 149, 294, 506, 323, 307 भा. द. वि. एवं 25-27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। पुलिस टीम द्वारा मामले के आरोपियों के सम्बन्ध मे मुखबीर तैनात कर आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा था, पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले के आरोपी संतोष शर्मा, अरविन्द शर्मा एवं पप्पू शर्मा की घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ किया गया जो आरोपियों द्वारा अपना नाम (01)संतोष शर्मा उम्र 26 वर्ष उम्र (02) अरविन्द शर्मा उम्र 20 वर्ष (03) पप्पू शर्मा उम्र 22 वर्ष सभी साकिन बसडीहा गोपाल कुटुम्बा जिला औरंगाबाद बिहार हाल मुकाम संजय पार्क के पास थाना अम्बिकापुर का होना बताये, आरोपियों से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ किये जाने पर अपराध घटित किया जाना स्वीकार किया गया आरोपियों के निशानदेही पर घटना मे प्रयुक्त हथोड़ा और चाकू बरामद किया गया हैं, आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ़्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाता हैं, प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा हैं, जल्द ही शेष आरोपी गिरफ्तार कर लिए जायेंगे।
सम्पूर्ण कार्यवाही मे थाना कोतवाली से उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक आभाष मिंज,प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक उपेंद्र सिंह, मंटू गुप्ता, शिव राजवाड़े शामिल रहे।

मोंटफॉर्ट स्कूल में 10वी एवं 12वी  का रिजल्ट रहा शत प्रतिशत….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सीबीएसई बोर्ड द्वारा जारी किए गए परीक्षा परिणाम में शहर के सरगवां स्थित मोंटफॉर्ट  विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। कक्षा 10वी  में आयुष ठाकुर ने  95.4% अंक प्राप्त कर के विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया साथ ही विद्यालय में 10वी के अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार अंकों की प्राप्ति की। वही कक्षा 12वी में वाणिज्य संकाय की छात्रा आकांक्षा त्रिपाठी ने 93.4%  प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया साथ ही विद्यालय में वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के छात्र – छात्राओं ने  शानदार परीक्षा परिणाम अर्जित की।
विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर शाजी जोसेफ जी ने विद्यार्थियों के इस सफलता पर समस्त विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके  उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

आईजी बंगले के समीप चाकूबाजी की घटना, आरोपियों ने युवक पर चाकू से किए दर्जनों वार,, देखे घटना का सीसीटीवी फुटेज…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा आईजी बंगले से महज 200 मीटर दूर रामानुजगंज मार्ग में कल देर रात बीच सड़क पर चाकूबाजी की घटना हुई। इस घटना ने अपराधियों के बढ़ते मनोबल और पुलिस की नाकामी को साबित किया है।  दरअसल दो पक्षों में किसी बात को लेकर शुरू हुई मारपीट के बाद एक युवक पर दूसरे पक्ष के युवकों ने चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, हमले के बाद अपनी जान बचाने युवक भागता हुआ पास ही स्थित पेट्रोल पंप रवि फ्युल्स में घुस गया लेकिन  उससे मारपीट कर रहे युवक वहां भी घुस गए और युवक पर दर्जनों बार चाकू से हमला कर दिया जिससे युवक बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा युवक को अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे बाहर रेफर कर दिया गया है। बीच शहर में हुई इस घटना ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया हैं कि उनको संभाग के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी का भी खौफ न रहा और उन्होंने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए इस घटना को अंजाम दे दिया। घटना के बाद से आरोपियों की तलाश जारी है अब तक किसी के गिरफ्तार होने की जानकारी नहीं मिल पाई हैं।

देखे सीसीटीवी फुटेज :

CBSE Board 12वीं और 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित, यहां चेक करें अपना परिणाम

नई दिल्ली : सीबीएसई ने 12वीं के बाद 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया  है। सीबीएसई 10वीं और 12वीं दोनों रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in, results.cbse.nic.in और cbse.gov.in पर जाकर चेक किए जा सकते हैं। इसके अलावा डिजिलॉकर (digilocker cbse result) से भी रिजल्ट चेक कर सकते हैं। सीबीएसई 10वीं रिजल्ट 93.60 फीसदी रहा। पिछले साल से रिजल्ट 0.48 फीसदी अधिक रहा। पिछले साल 10वीं में 93.12 फीसदी बच्चे पास हुए थे। जबकि सीबीएसई 12वीं में इस वर्ष 87.98 फीसदी बच्चे पास हुए हैं। 12वीं में इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है। लड़कियों का पास प्रतिशत 91.52 रहा।

जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 85.12 फीसदी रहा। लड़कों के मुकाबले 6.40 फीसदी ज्यादा लड़कियां पास हुई हैं। देश भर में त्रिवेंद्रम सबसे आगे है। यहां का पास प्रतिशत 99.91 है। दिल्ली वेस्ट का पास 95.64 प्रतिशत रहा। दिल्ली वेस्ट में 95.64 प्रतिशत और  दिल्ली ईस्ट में 94.51 प्रतिशत बच्चे पास हुए। सीबीएसई इस बार भी10वीं और 12वीं के टॉपरों की लिस्ट जारी नहीं कर रहा है। अनहेल्दी कॉम्पिटिशन से बचने के लिए बोर्ड ऐसा कर रहा है। कुछ सालों से बोर्ड ने टॉपरों की लिस्ट जारी करना बंद कर दिया है। बता दें कि वर्ष 2023 की 10वीं की परीक्षा में कुल 93.12 फीसदी विद्यार्थी पास हुए थे। लड़कियों का रिजल्ट लड़कों से बेहतर रहा था। लड़कियां 94.25 फीसदी और लड़के 92.72 फीसदी पास हुए थे। पिछले साल सीबीएसई 10वीं और 12वीं दोनों रिजल्ट में त्रिवेन्द्रम रीजन टॉप पर रहा था।

छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता झारखंड में चुनाव प्रचार की संभालेंगे कमान, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल झारखंड के लिए रवाना…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : छत्तीसगढ़ प्रदेश मे लोकसभा चुनाव संपन्न होते ही प्रदेश के भाजपा नेताओं को झारखंड प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों मे चुनाव प्रचार की जवाबदारी सौंपी जा रही है। झारखंड प्रदेश के लोकसभा चुनाव मे जिले से  भटगांव विधायक व महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े दुमका लोकसभा क्षेत्र की जवाबदारी सौपी गई है वहीं प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र व भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र मे प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे। भाजपा पदाधिकारियों को झारखंड के अलग लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों मे प्रचार अभियान को तेज करने की जवाबदारी होगी। झारखंड प्रदेश मे अभी किसी भी लोकसभा क्षेत्र मे चुनाव संपन्न नही हुए हैं ऐसे छत्तीसगढ़ के विधायक सहित महत्वपूर्ण पदाधिकारियों को अलग अलग क्षेत्रों मे भेजा जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल दुमका लोकसभा क्षेत्र के जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र मे चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि चूंकि छत्तीसगढ़ प्रदेश मे लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुके है इसलिए प्रदेश के नेताओं को पड़ोसी राज्य झारखंड मे  लोकसभा चुनाव अभियान को तेज करने की जवाबदारी दी गई है। इसको लेकर सभी भाजपा पदाधिकारी शुक्रवार को ही छत्तीसगढ़ से झारखंड के लिए रवाना हो गए हैं।

प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर स्कूली छात्रा ने लगाई थी फांसी..

अंबिकापुर : शहर के नमनाकला के निर्माणाधीन मकान में स्कूली छात्रा की फांसी पर लटकी मिली लाश के मामले में पुलिस ने युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को जांच में पता चला कि युवक द्वारा छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसकी हरकतों से तंग आकर छात्रा ने फांसी लगा ली थी। आपको बता दें कि अंबिकापुर के नमनाकला के निर्माणाधीन मकान में बीते 18 फरवरी 2024 को एक नाबालिग की फांसी पर लटकी लाश मिली थी। उसकी पहचान स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के रूप में की गई थी। छात्रा, परिवार के सदस्यों के साथ नमनाकला में ही रहती थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि एक युवक द्वारा मृतका से स्कूल आते जाते समय रास्ते में बातचीत कर परेशान किया जाता था। इससे मृतका प्रताड़ित रहती थी। युवक द्वारा रास्ते में जबरन रोककर बातचीत कर परेशान करने की बात अपनी मां को बताई थी। मां ने अपने पति को भी बताया था।

मृतका के पिता द्वारा बातचीत करने से मना करने के बावजूद मृतका से मौखिक रूप से एवं फोन से बातचीत करने का प्रयास करता था। मृतका के घर के नंबर पर वह फोन भी करता था। आरोपित से जब पूछताछ की गई तो उसने घटना के दिन व उससे पूर्व से मृतका से मौखिक रूप व फोन से अक्सर बातचीत करना स्वीकार किया। जांच में युवक द्वारा मृतका को प्रताड़ित किया जाना पाया गया। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 305 के तहत अपराध पंजीकृत किया है।

रेप के आरोप में डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार, महिला कर्मचारी की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई…

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया है। रेप के आरोप में डिप्टी कलेक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। राजस्व विभाग की एक महिला कर्मचारी ने डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ रेप के आरोप लगाए थे।

क्या है पूरा मामला?

एक महिला कर्मचारी की शिकायत के बाद डिप्टी कलेक्टर को रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि राजस्व विभाग की एक महिला कर्मचारी ने 29 अप्रैल को शिकायत की थी कि 2016 में बड़वानी के तत्कालीन सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के तौर पर तैनात अभय सिंह खराड़ी ने उसके साथ कई बार रेप किया। 

बड़वानी की महिला थाना प्रभारी अलका मोनिया ने बताया कि शिकायत के बाद खराड़ी को गुरुवार रात को भोपाल से गिरफ्तार किया गया। अधिकारी के अनुसार महिला कर्मचारी ने कहा कि आरोपी खराड़ी ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। डिप्टी कलेक्टर वर्तमान में उज्जैन में तैनात थे। उन्होंने बताया कि डिप्टी कलेक्टर खराड़ी को शुक्रवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आगे की जांच जारी है।

अम्बिकापुर से रायपुर जा रही यात्री बस खड़ी ट्रेलर से भिड़ी, 15 यात्री घायल…

बिलासपुर : अंबिकापुर से रायपुर जा रही तेज रफ्तार रॉयल बस ने नेशनल हाईवे के किनारे खड़ी ट्रेलर को टक्कर मार दी, इस भीषण हादसे में 15 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में 7 यात्रियों की हालत गंभीर है।  हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, रॉयल बस अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी और रतनपुर के बीएलटी कॉलेज के पास हाइवे के किनारे खड़ी ट्रेलर से बस जा टकराई। हादसे के वक्त बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। जिन्हे रतनपुर पुलिस की सहायता से अस्पताल भिजवाया गया।

छत्तीसगढ़ में 2 दिन ड्राई डे, सातों लोकसभा क्षेत्रों में बंद रहेंगी शराब दुकानें…

अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ में आगामी 7 मई को लोकसभा चुनाव के तीसरे फेज का मतदान होगा। प्रदेश की 7 सीट रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़ और सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में इस दिन वोटिंग होगी। ऐसे में इन क्षेत्रों में 5 से 7 मई तक ड्राई डे घोषित कर दिया गया है। यानी कि इन लोकसभा क्षेत्रों में इन 2 दिनों तक शराब ब्रिकी नहीं होगी। राज्य शासन ने ड्राई डे को लेकर आदेश जारी कर दिया है। मतदान से 48 घंटे पहले शाम 5 बजे से शराब दुकानें बंद हो जाएंगी। ड्राई डे घोषित होने के बाद रायपुर सहित दुर्ग, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर रायगढ़, कोरबा और सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में शराब दुकानें बंद रहेंगी, इतना ही नहीं शराब के परिवहन पर भी बैन लगा दिया गया है। इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आज शाम झमाझम बारिश होने की संभावना, 8 जिलों के लिए चेतावनी जारी…

रायपुर : राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में रविवार सुबह मौसम ने करवट ली। रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी तूफ़ान के साथ बारिश हुई और कई जिलों में आज भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
बीते रविवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को हुई बारिश के बाद मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरिया, चिरमिरी, कोरबा, गौरेला पेंड्रा मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली में आंधी आने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश होने की संभावना जताई है। बता दें कि, प्रदेश की जनता इस समय गर्मी का प्रकोप झेल रही है। ऐसे में अगर बारिश होती है तो लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं बारिश होने के कारण तापमान में भी गिरावट आ सकती है।

error: Content is protected !!