Home Blog Page 56

व्यवसायी पुत्र हत्या मामले में आया नया मोड़, मृतक ने अपनी हत्या करने दिए पैसे – आरोपी संजीव मंडल…?

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर मनेंद्रगढ़ रोड स्थित अंबिका स्टील के संचालक महेश केड़िया के पुत्र अक्षत की हत्या मामले में एक नया मोड़ आ गया हैं। जहां सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी द्वारा पुलिस को अपने बयान में बताया गया है कि मृतक अक्षत द्वारा ही आरोपी को अपनी हत्या करने हेतु पैसे व ज्वैलरी दी गई थी।

उल्लेखनीय हैं कि व्यवसायी महेश केड़िया का पुत्र अक्षत अग्रवाल उम्र 25 वर्ष कल शाम घर से निकला था और उसके बाद उससे किसी प्रकार का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। जिसके बाद परिजनों द्वारा युवक के गुमशुदगी की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज करवाई गई, इसके बाद पुलिस द्वारा युवक की जांच पड़ताल की जा रही थी इसी बीच संदेह के आधार पर पुलिस द्वारा भगवानपुर निवासी संजीव मंडल उर्फ भानु को अपने कब्जे में लिया गया और उससे पूछताछ की गई जिस पर आरोपी भानु द्वारा युवक हत्या करने और उसकी लाश चठीरमा जंगल में होने की जानकारी दी गई।पुलिस द्वारा घटनास्थल से युवक के शव को युवक की कार से बरामद किया। बता दे की सुबह जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची थी उस वक्त आरोपी सो रहा था आरोपी के घर से पुलिस द्वारा दो पिस्टल और मृतक के गले के चैन और 50 हजार रुपए बरामद हुए थे।

बता दें कि हत्या में प्रयुक्त बंदूक आरोपी के निशानदेही पर पुलिस द्वारा डिगमा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप प्लास्टिक में मिला हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया हैं और पुलिस द्वारा मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा जिसके बाद वास्तविक घटना की जानकारी मिल सकेगी।

BIG BREAKING : व्यवसायी के बेटे की गोली मारकर हत्या, कार में मिली लाश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: आज सुबह अम्बिकापुर शहर से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आई हैं। जहां अम्बिकापुर जैसे शांतिप्रिय क्षेत्र में भी बदमाशों द्वारा भय और आतंक का माहौल बनाते हुए गोली कांड को अंजाम देते हुए शहर के एक प्रतिष्ठित व्यावसायी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी हैं। मृतक की लाश उसी के कार में गांधीनगर थाना अंतर्गत आने वाले चठीरमा जंगल में मिली हैं। मृतक कल शाम से लापता था।

मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों द्वारा अंबिका स्टील के संचालक महेश केड़िया के पुत्र अक्षत अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी हैं। अक्षत कल शाम को घर से निकला था और शाम से उसका कुछ पता नहीं चल पाया था। उसका मोबाइल बंद आ रहा था। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह ग्रामीणों ने जंगल में एक कार देखी कार में झांकने पर उन्हे खून से लथपत लाश दिखी जिसके बाद मामले की जानकारी गांधीनगर थाने में दी गई। जिसके बाद गांधीनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर भगवानपुर के एक युवक को हिरासत में लिया गया हैं, पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मियावाकी पद्धति से किया वन महोत्सव का शुभारंभ…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : आज जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग द्वारा किया गया। आयोजन में कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मियावाकी पद्धति के माध्यम से परिसर में वन महोत्सव का शुभारंभ फीता काटकर किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वनमण्डालाधिकारी ने वन महोत्सव के माध्यम से जिले में मियावाकी पद्धति के बारे में बताया। आज बड़े-बड़े मेट्रो सिटी में इस पद्धति के माध्यस से वानिकी किया जा रहा है। एक-एक मीटर के दूरी पर संघन वृक्षारोपण किया जा रहा है। जिससे घना वन मिलता है। जिससे हमें शुद्ध हवा मिलता है। 30 प्रतिशत कार्बन डाइऑक्साइड सोखता है। इतना ही वायु और ध्वनि प्रदूषण भी सोखता है। हमारा मनेंद्रगढ़ अर्बन हिट आईलैण्ड बन सकता है। जिले के लोगों ने कॉॅफी मात्रा में पौधारोपण किया है। इसी प्रकार खाली स्थानों में और अधिक पौधारोपण करने की आवश्यकता है। जिससे हमें स्वस्थ पर्यावरण का लाभ मिलेगा। हमारे जिले में इस बार बारिश अच्छा हुआ है। पौधारोपण के लिए हमें पर्याप्त मात्रा में आर्द्रता और नमी मिलेगी। उन्होंने जिला जनप्रतिनिधि, अधिकारियों, महतारी वंदन के हिग्राहियों तथा स्कूल के छात्र एवं छात्राओं को अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने वनमण्डलाधिकारी को जिले में पौधा रोपण कार्यक्रम को अभियान के मिशन मोड में करने कहा। जिससे हम अपनी आने वाली पीढ़ी को शुद्ध एवं स्वच्छ हवा प्रदान कर सके।


पर्यावरण एवं वानिकी की उपलब्ध बताते उन्होंनेे कहा कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरूघासीदास तमोर पिंगला के रूप में जिले को बड़ा उपहार दिया है। जिसकी स्वीकृति कैबिनेट में मिल चुकी है। यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है। उन्होंने सभी को पौधारोपण एवं पर्यावरण की रक्षा करने के हरसंभव उपाय करने को कहा। पृथ्वी के पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए वृक्षों का होना आवश्यक है। इसके लिए सभी लोगों को ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान का शुभारंभ पर्यावरण एवं जलवायु को बेहतर करने के उद्देश्य से किया गया है। अतः सभी जिलेवासी इस अभियान में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। पौधारोपण कार्य केवल वनक्षेत्र न किया जाये बल्कि वनक्षेत्र के बाहर निजी एवं शासकीय भूमियों जैसे आंगनबाड़ी, पुलिस चौंकी, उद्यान, अस्पताल, शमशान, शासकीय परिसर, छात्रावास, स्कूल परिसरों आदि स्थानों में भी किया जावेगा।
वनमण्डलाधिकारी मनीष कश्यप ने मियावाकी पद्धति के बारे में बताते हुये कहा कि इस विधि का प्रयोग कर के घरों के आस-पास खाली पड़े स्थान (बैकयार्ड) को छोटे बगानों या जंगलों में बदला जा सकता है। मियावाकी पद्यति के प्रणेता जापानी वनस्पतिशास्त्री अकीरा मियावाकी हैं। इसके माध्यम से जिले के छोटे-छोटे स्थानों पर मिनी फॉरेस्ट के रूप में विकसित करना है। जिससे जिले को हिट वेव से बचाया जा सके। इस पद्धति से प्लानटेशन 3 से 4 चार में बढ़ जाता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कोरिया रेणुका सिंह, जनपद अध्यक्ष सोनमती उर्रे, जिला पंचायत सदस्य दृगपाल सिंह, भाजपा जिलाअध्यक्ष अनिल केशरवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष धमेंद्र पटवा, जमुना पाण्डेय, राज कुमारी बैगा, मण्डल अध्यक्ष आलोक जयसवाल मंडल उपाध्यक्ष किशन शाह ,  राहुल सिंह, अंकुर जैन, वीरेंद्र राणा, सहित जिले के अन्य ज तथा वनविभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

सरगुजा समेत कई जिलों के सीएमएचओ और सिविल सर्जन के प्रभार में परिवर्तन, देखें आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों प्रशासनिक सर्जरी का दौर जारी है इसी बीच कई जिलों में पदस्थ 34 अधिकारियों के तबादले किए गए है। दो संभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर हेल्थ समेत कई जिलों के सीएमएचओ और सिविल सर्जन भी बदले गए है। दुर्ग के प्रभारी जिला कुष्ठ अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार शुक्ला को सरगुजा का संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं बनाया गया है। वहीं डॉक्टर प्रेमसिंह मार्को को सरगुजा का प्रभारी मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी बनाया गया हैं।

देखें आदेश:

78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का जिले में गरिमामयी आयोजन, मुख्य अतिथि आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम मंत्री ने किया ध्वजारोहण….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले के पुलिस ग्राउंड अम्बिकापुर में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम गरिमामय ढंग से पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति व अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास एवं कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने कलेक्टर विलास भोसकर, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल एवं परेड कमांडर के साथ सुसज्जित वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि नेताम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। इसके बाद तिरंगे के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री नेताम ने शहीदों के परिजनों को शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय हुए सम्मानित
विभिन्न क्षेत्रों एवं कार्यस्थल पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 129 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों का भी सम्मानित हुए, जिसमें अम्बिकापुर के शासकीय प्रयास आदिवासी विद्यालय, स्वामी आत्मानन्द विद्यालय ब्रह्नपारा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दरिमा, बतौली के स्वामी आत्मानन्द विद्यालय, सीतापुर के देवगढ़ के स्वामी आत्मानन्द विद्यालय सम्मानित हुए।

मुख्य अतिथि नेताम द्वारा सौंपे गए अनुकम्पा नियुक्ति पत्र –
मुख्य अतिथि नेताम द्वारा मुख्य समारोह में तहसील कार्यालय लुण्ड्रा में विवेक कुमार सिंह और आशीष कुमार सिंह, तहसील कार्यालय दरिमा में वर्णिका फर्नाडिस एवं ऋषभ सिंह पाल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उदयपुर में मिशाल राजवाड़े, तहसील कार्यालय उदयपुर में दिव्यांश सिन्हा एवं तहसील कार्यालय सीतापुर में आदित्य किशोर दास को अनुकम्पा नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

विभिन्न थीम आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा सबका मन-
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। जिसमें विकसित भारत पर आधरित नृत्य की प्रस्तुति पर कस्तुरबा गांधी आवसीय विद्यालय को प्रथम, भारत की सांस्कृतिक विरासत पर आधरित नृत्य की प्रस्तुति पर होलीक्रास उ.मा. विद्यालय अम्बिकापुर को द्वितीय, अनेकता में एकता पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति पर सरस्वती शिशु मंदिर अम्बिकापुर के को तृतीय एवं छत्तीसगढ़ लोक नृत्य पर आधारित नृत्य पर उर्सुलाइन उ मा विद्यालय को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

78वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सीएचएम ग्राउंड में फहराया झंडा
नगर वासियों को दिया शुभकामनाएं

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : आजादी के 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनेन्द्रगढ़ में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। तोखन साहू ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा कर देश के लिए शहीद हुए शहीदों को किया नमन। केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने परेड का निरीक्षण करने के पश्चात् प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर आप सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हम सभी देशवासियों के लिए यह गौरव का पल है, वीर शहीदों, जिन्होंने देश के आजादी के लिए अपने प्रणों की आहुति दी है, उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लेने का यह दिन है। देश और समाज आगे विकसित भारत की ओर आगे बढ़े इसके लिए हम सभी को मिल जुल कर आगे बढ़ना की आवश्यकता है। जिसके बाद शहीद हुए वीर जवानों के तीन शहीद परिवार आरक्षक क्रमांक 388 स्व. श्री बृजभूषण श्रीवास्तव सेनानी 9 वीं. वाहिनी छ.ग. बल दंतेवाड़ा, 15 मार्च 2007, रानीबोदली दंतेवाड़ा में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हो गये। जो नगर पंचायत के झगराखांड, तहसील मनेन्द्रगढ़, जिला एमसीबी (छ.ग.) में निवास करते थे। शहीद की पुत्री इशिता श्रीवास्तव को जिला पुलिस विभाग में महिला आरक्षक के रूप में पदस्थापना हुई है, जिनका तैनाती थाना झगराखांड, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर छ.ग. में हुई है। एक बहन आयुषी श्रीवास्तव उम्र 22 वर्ष है, जो रायपुर में प्राइवेट नौकरी करती है। शहीद आरक्षक 320 स्व. श्री राजेश कुमार पटेल 2 री वाहिनी, सीएएफ सकरी,  19 अगस्त 2011 भद्राकाली बीजापूर में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हो गये। जो जिले के मोहन कालोनी हल्दीबाड़ी चिरमिरी, जिला एमसीबी (छ.ग.) में निवासी थे। शहीद का भाई सुरेश कुमार पटेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय बिलासपुर में सहायक उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत है। शहीद के माता-पिता वर्तमान में बिलासपुर में निवासरत है। शहीद आरक्षक बीएसएफ बैच हरिकेश प्रसाद 122 वीं बटालियन बीएसएफ 13 फरवरी 2016 को थाना पखांजूर, जिला कांकेर में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हो गये। शहीद के परिवार से शहीद के भाई भोजराम आ. रामलखन 37 वर्ष भाई प्रधान आरक्षक है जो क्राईम ब्रांच सरगुजा में कार्यरत है। सभी शहीद परिवारों को सांत्वना देते हुए उन्हें साल व श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। सम्मान के दौरान उन्होंने कहा कि शहीद सैनिकों के परिजनों और उनके आश्रितों की देखभाल करना देश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मैं सभी सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं और उनके आश्रितों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त करता हूँ।

हर घर तिरंगा लहराने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहरासी के छात्राओं द्वारा निकाली गई रैली…

हिंद स्वराष्ट्र जनकपुर गणेश तिवारी :  छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा एवम विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर मो . इस्माइल खान के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा कार्यक्रम के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय  बहरासी एव मा शा बहरासी विकास खण्ड भरतपुर जिला एम.सी.बी.(छ.ग.)  में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन कर गांव में छात्र छात्राओं द्वारा विशाल रैली निकाली गई एवम हर घर तिरंगा के महत्व को बताया गया तथा छात्र छात्राओं द्वारा देश भक्ति से ओतप्रोत भारत माता की जय,हर घर तिरंगा,बंदे मातरम जैसे नारे लगाए गए।जिसमें ,माध्यमिक शाला तथा हायर सेकेण्डरी स्कूल बहरासी  में अध्ययनरत कक्षा 1ली से 12वीं तक के विद्यार्थी , प्राचार्य एव वरिष्ठ व्याख्याता बीरेंद्र कुमार त्रिपाठी अमरनाथ मिश्रा प्रधान पाठक तथा अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकांए उपस्थित रहे।

पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है – गुलाब कमरों, पूर्व विधायक ने पुलिस प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप…

हिंद स्वराष्ट्र भरतपुर गणेश तिवारी : पूर्व विधायक गुलाब कमरों मंगलवार को केल्हारी पहुंचे जहां मीडिया से बातचीत के दौरान पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है, शासन प्रशासन नाम की चीज नहीं है, जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में जिस तरह से अपराध हो रहा है जैसे 3 मर्डर, चोरी, डकैती, जुआ, लगातार हो रहे हैं। पुलिस कार्यवाही नहीं करना चाहती है।

बुलाकी टोला में चोरी मामले में कार्यवाही की अपील की

आपको बता दें वनपरिक्षेत्र केल्हारी अन्तर्गत बुलाकी टोला बीट में फेसिंग तार और खम्भों की चोरी हुई थी जिस पर आजतक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा बुलाकी टोला में चोरी पर माल बरामद करके पुलिस का कार्यवाही ना करना समझ से परे है। सोनहत थाना का भी रेट बीस हजार हो गया है। जब बीस हजार देंगे तब काम होगा। पूरे प्रदेश में पुलिस काम नहीं करना चाह रही है। चोरी जैसे मामले में कार्यवाही करना चाहिए, कार्यवाही ना करने से चोरों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरी पर कार्यवाही करने की अपील की है।

नदी में डूबीं बच्ची के परिजनों से मिले

10 अगस्त को शाम 4 साल की मासूम बच्ची सरस्वती तिवारी खेलते-खेलते बिछिया टोला के केवई नदी में गिर गई थी। 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे उसका शव नदी में तैरता हुआ मिला था। पूर्व विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष गुलाब कमरों केल्हारी क्षेत्र में भ्रमण के दौरान मृत बच्ची के परिजनों के घर पहुंचे और अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

बस्तर के पत्रकारों के खिलाफ साजिश रचने वाले कोंटा थाना प्रभारी अजय सोनकर के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला हुआ दर्ज….

रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक थाना प्रभारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। सुकमा जिले कोंटा में पदस्थ टीआई पर चार पत्रकारों को गांजा के केस में फंसाने का आरोप लगा है। उसे पहले निलंबित किया गया और अब उसके खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। कोंटा के टीआई अजय सोनकर के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।

उल्लेखनीय है कि, मामला बस्तर के चार पत्रकारों के खिलाफ आंध्रप्रदेश में पुलिसिया कार्रवाई में गहरी साजिश का है। आरोप है कि कोंटा टीआई अजय सोनकर ने साजिश के तहत आंध्र पुलिस के साथ मिलकर पत्रकारों की गाड़ी में गांजा रखवाया और गिरफ्तार करा दिया। प्रदेशभर में पत्रकारों के विरोध के बाद प्रशासन ने तत्काल टीआई को लाइन अटैच कर दिया था।



मिली जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा और सुकमा जिले के 4 पत्रकार बप्पी राय, धर्मेन्द्र सिंह, मनीष सिंह और निशु त्रिवेदी कोंटा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की रिपोर्टिंग के लिए कोंटा पहुंचे थे। जहां उनके द्वारा शबरी नदी से ट्रकों में रेत लोड कर तेलंगाना के हैदराबाद ले जाते वाहनों को रोक कर पूछताछ की गई और वीडियो बनाया गया। इसी बीच कोंटा थानेदार अजय सोनकर मौके पर पहुंचे और दो ट्रकों को थाने लाया और रात को छोड़ दिया गया। अगले दिन शनिवार की सुबह कोंटा के एक लॉज में ठहरे 4 पत्रकार कोंटा सीमा पर आंध्रप्रदेश के चट्टी गए हुए थे, जहां उन्हें कार में गांजा रखने के आरोप में चिंतुर की पुलिस ने हिरासत में लिया और अपने साथ थाने ले गई। चिंतुर थाना आंध्रप्रदेश के अल्लूरी सीतारामा राजू जिले में है। मामला पत्रकारों का होने के कारण गृहमंत्री तक बात पहुंची और बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने वहां के आईजी से इस संबंध में चर्चा की। दोपहर तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।

टीआई पर साजिश का आरोप

आला अफसरों ने इस मामले को तत्काल संज्ञान में लिया। सुकमा एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने कोंटा टीआई अजय सोनकर को रक्षित केंद्र सुकमा में अटैच कर दिया है। उन्होंने रविवार को आदेश जारी कर दिया है। आईजी ने बताया कि दंतेवाड़ा के पत्रकार बप्पी राय की कार में 40 किलो गांजा मिलने के मामले की जांच चिंतुर पुलिस कर रही है। वहां के थानेदार और अन्य अधिकारी कोंटा आकर पूरी पड़ताल कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ की रेत तेलंगाना भेजी जा रही

शबरी नदी से रेत को तेलंगाना के हैदराबाद ले जाया जाता है। सूत्रों ने बताया कि सुकमा कलेक्टर हरिश एस. ने माइनिंग अधिकारी को खदान से परिवहन तत्काल बंद करने को कहा है। कल सोमवार को लिखित आदेश भी जारी बहरहाल चिंतुर थाने में दक्षिण बस्तर के सुकमा, कोंटा, दंतेवाड़ा, बीजापुर होने की बात कही गई है। और जगदलपुर से अनेक पत्रकार डटे हुए हैं। चिंतुर पुलिस कोंटा के सभी स्थलों में पहुंचकर जांच कर रही है। पत्रकारों का कहना है कि वाहन में गांजा रखकर पत्रकारों को साजिश पूर्वक फंसाया गया है।

चपरासी से रिश्वत लेते सहायक ग्रेड 2 को एसीबी की टीम ने पकड़ा…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 को आज एसीबी की टीम ने चपरासी से 12 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा हैं। रिश्वतखोर बाबू द्वारा चपरासी से पैसे रिलीज करने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार वाड्रफनगर विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ चपरासी नितेश सिंह द्वारा एसीबी से सहायक ग्रेड 2 गौतम सिंह के खिलाफ पैसों की मांग किए जाने की शिकायत की गई थी। एसीबी द्वारा मामले की तस्दीक के बाद आज मंगलवार को चपरासी को रंगे हुए नोट देकर भेजा गया था जैसे ही बाबू गौतम द्वारा पैसे लिए गए वैसे ही एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

कार और ट्रक की भिड़ंत, कार सवार महिला समेत 3 की दर्दनाक मौत…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले काराबेल के पास तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने सामने की टक्कर में कार सवार महिला समेत 3 व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई। वाहनों के बीच टक्कर इतनी भीषण थी की चालक समेत मृतकों के शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर 3 बजे अंबिकापुर से सीतापुर की तरफ जा रही टियागो कार क्रमांक OD 16H 7588 को सीतापुर की तरफ से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा हैं कि ट्रक चालक द्वारा हादसे के बाद  कार को काफी दूरी तक पर घसीटा गया। इस दुर्घटना में कार में सवार एक महिला सहित 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची सितापुर पुलिस द्वारा शव को कार से निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान एनटीपीसी सिंगरौली में कार्यरत हरिनारायण शर्मा (58 वर्ष), उनकी पत्नी चंदा शर्मा (55 वर्ष) और पुत्र पीयूष पांडेय (25 वर्ष) के रूप में हुई हैं।

पौधारोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी: गोवर्धन सिंह

हिंद स्वराष्ट्र दतिमा भूषण बघेल: पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए पेड़-पौधे जरूरी हैं। ये हमें जीवन के लिए आक्सीजन, खाने के लिए फल और गर्मी में छांव देते हैं। धरा को हरा-भरा करने एवं जीवन को बचाने के लिए सबको पौधारोपण का संकल्प लेने की जरूरत है।
इसी उद्देश्य के साथ “भारतीय जीवन बीमा निगम” संस्थान के द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के प्रांगण में 25 पौधों का रोपण करने के साथ ही उनके संरक्षण की भी जिम्मेदारी ली गई ।
इस अवसर पर भारतीय जीवन बीमा निगम सूरजपुर के शाखा प्रबंधक मुमताज अली ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने आस-पास ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं। इससे हमें स्वच्छ हवा मिलेगी। हम कई तरह की बीमारी से बच सकते हैं। कई तरह की गंभीर बीमारियां पर्यावरण के दूषित होने से बढ़ रही हैं। इसे गंभीरता से समझना होगा और हर व्यक्ति को जनहित व देशहित में पौधारोपण करने का संकल्प लेना होगा।
पर्यावरण की महत्ता बताते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री गोवर्धन सिंह ने बताया कि पर्यावरण और जीवन का अटूट संबंध है। पर्यावरण संरक्षण का दायित्व प्रत्येक व्यक्ति का है। हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए वृक्षों का लाभ हमें मिल रहा है। हमारे आस-पास हरियाली दिख रही है। इस कर्तव्य को पूरा करने का दायित्व प्रत्येक व्यक्ति का है। पर्यावरण को बचाना सबकी जिम्मेदारी है।
पौधारोपण के इस कार्यक्रम में भारतीय जीवन बीमा निगम सूरजपुर के शाखा प्रबंधक के साथ ही  आदित्य मोदी शाखा प्रबंधक विश्रामपुर, भरत लाल साहू सहायक शाखा प्रबंधक, हीरालाल राजवाड़े वरिष्ठ अभिकर्ता एवं अध्यक्ष शाला प्रबंधन एवं विकास समिति सेजेस बतरा, दिनकर सिंह, विश्वजीत पांडे, ऋतुराज ठाकुर, पवन कुमार सुमन, आनंद पाल जायसवाल, विद्यासागर जायसवाल, पुनेश्वर राजवाड़े सहित विद्यालय के प्राचार्य  गोवर्धन सिंह,  उत्तम प्रसाद राजवाड़े,  सरोज ठाकुर, आकिब आलम एवं छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुई।

खड़गवा मे आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा मे शामिल होंगे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी  के आव्हान पर स्वतंत्रता दिवस से पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने तिरंगा यात्रा कार्यक्रम को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 11 अगस्त से 13 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन समस्त जिला व मंडलो मे आयोजन किया जाना है इस तिरंगा यात्रा को आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा,  जिसका उदेश्य सभी नागरिकों के बीच देश भक्ति की भावना जागृत करना है वंही इसी तारत्मय मे एमसीबी जिला के खड़गनवा जनपद मैदान मे 11 अगस्त को  सुबह 10 बजे  से तिरंगा यात्रा का भव्य  आयोजन  किया जाना जो खड़गनवा स्थित गजमरवा पारा ट्रेक्टर शो रूम तक होना है उक्त  तिरंगा यात्रा मे छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य मंत्री माननीय श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित होंगे  तथा उक्त यात्रा को सफल बनाने के लिए  भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल केशरवानी  के निर्देशानुसार जिला मे निवासरत  प्रदेश के पदाधिकारीगण, कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा केपदाधिकारी , कार्यसमिति सदस्य, जिला के पदाधिकारीगण, मोर्चा के जिला अध्यक्ष, महामंत्रीगण, प्रकोष्ठ के संयोजक,सह संयोजक, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, जनप्रतिनिधिगण, समस्त मंडलो के प्रभारीगण उपस्थित होंगे तथा तिरंगा यात्रा भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व मे  सम्पन्न होगी  जिसे भव्यता के साथ सफल बनाने की कवायद में युवा मोर्चा की टीम जुट चुकी है। उक्त जानकारी भाजपा मीडिया प्रभारी संजय गुप्ता ने दी।

सरपंच की शिकायत पर 30 हजार की रिश्वत लेते एसडीओ को एसीबी ने किया गिरफ्तार…

रायपुर : आज एसीबी की टीम ने एक प्रभारी एसडीओ को 30 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा हैं कि एसडीओ ने बिल भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग की थी। एसीबी की टीम ने पीडित सरपंच की शिकायत पर आज एसडीओ को रिश्वत लेते पकड़ा हैं।

मिली जानकारी के अनुसार जगन्नाथ वर्मा, सरपंच, ग्राम पंचायत मोहगांव, गंडई, जिला-खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने एन्टी करप्शन ब्यूरो रायपुर के कार्यालय में शिकायत की थी कि उनके पंचायत को नरवा-गरवा-घुरवा-बाड़ी के तहत् गौठान में लघु वनोपज बिल्डिंग, कचरा शेड बिल्डिंग, कुटकुट शेड एवं महिला शेड निर्माण कार्य के बिल भुगतान हेतु सौरम ताम्रकार, उप अभियंता, उप संभाग खैरागढ़ प्रभारी एसडीओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उप संभाग छुईखदान, जिला-खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। बिल के भुगतान के एवज में आरोपी द्वारा प्रार्थी से 30,000 रूपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देता चाहता था, बल्कि रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन पर सही पाए जाने से आज ट्रेप आयोजित किया गया। प्रार्थी को आरोपी सौरभ ताम्रकार, प्रभारी एसडीओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उप संभाग छुईखदान के कार्यालय में भेजा गया, जहां 30000 रु रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

आरोपी सौरभ ताम्रकार को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय, भ्र.नि.अ. राजनांदगांव में पेश जावेगा। आरोपी के विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

20 IAS अधिकारियों के तबादले, देखे आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आज 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जारी आदेश में कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया हैं। शासन द्वारा कुछ जिलों के कलेक्टरों के भी तबादले किए गए हैं।

देखे आदेश :

स्वास्थय विभाग की जादूगरी, अस्पताल एक नाम दो और घोटाले अनेक….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा स्वास्थ्य विभाग में सब कुछ सही नही चल रहा हैं, स्वास्थ्य विभाग को स्वयं बैसाखी की आवश्यकता हैं, ऐसा दिन प्रतिदिन घट रही घटनाओं को देखकर मालूम पड़ता हैं। ऐसा ही एक खुलासा आज हम करने जा रहे हैं जहां जिसे वोट देकर गांधीनगर/ फुंदुरडिहारी की जनता ने मंत्री बनाया था उसी ने यहां की जनता की आंखों में धूल झोंक कर अपनी जेब भरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। स्वास्थ्य विभाग की इस कारीगरी का पता आज तक यहां की जनता को नही लग पाई हैं। जहां इस कारीगरी से पूर्व सीएमएचओ और नेता जी ने अपनी जेबें पूरी तरह से भर ली हैं। वही दूसरी ओर जनता के हाथ खाली हैं। एक झूठ छिपाने के लिए सौ झूठ बोलने पड़ते हैं आज वही हाल स्वास्थ्य विभाग सरगुजा का हैं जिसे एक झूठ को छिपाने के लिए सौ झूठ बोलने पड़ रहे हैं। दरअसल मामला प्रार्थमिक स्वास्थ्य केंद्र फुंदुरडिहारी का हैं जिसका कागजी निर्माण यहीं कोई पांच छह वर्ष पूर्व ही हो चुका हैं और इसका संचालन भी किया जा रहा हैं इस स्वास्थ्य केंद्र के सफल संचालन के लिए काफी नामी और योग्य डॉक्टरों की भी पदस्थापना की गई हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह हैं कि फुंदुरडिहारी क्षेत्र में ऐसा कोई भी स्वास्थ्य केंद्र मौजूद ही नही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कारिस्तानी दिखाते हुए इस स्वास्थ्य केंद्र के लिए आए फंड से रामपुर में एक नहीं बल्कि दो भवनों का निर्माण फर्जी तरीके से कराया गया हैं और मंत्रालय से बिना अप्रूवल के ही प्रार्थमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर का संचालन भी किया जा रहा हैं। आश्चर्य की बात यह रही की इस अस्पताल का संचालन प्रार्थमिक स्वास्थ्य केंद्र फुंदुरदिहारी के नाम से किया जाता हैं जहां पर्ची भी प्रार्थमिक स्वास्थ्य केंद्र फुंदुरडिहारी के नाम से ही कटती हैं।

दोनों प्रार्थमिक स्वास्थ्य केंद्र में की गई चिकित्सकों की पदस्थापना

इन अधिकारियों द्वारा एक और कारनामा कर दिया गया। इन भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा प्रार्थमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर और प्रार्थमिक स्वास्थ्य केंद्र फुंदुरडिहारी के सफल संचालन के दोनों प्रार्थमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की पदस्थापना भी कर दी गई।

स्वास्थ्य विभाग कर रहा मामले को दबाने की हर संभव कोशिश

वहीं जब इस मामले के संबंध में सीएमएचओ डॉ आरएन गुप्ता से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उनके द्वारा हिंद स्वराष्ट्र को बताया गया की यह सब राजनीति के कारण हुआ हैं और अपने बेदाग छवि को बचाने के लिए सिविल सर्जन डॉ जेके रेलवानी से जानकारी लेने की बात कही गई। डॉ रेलवानी द्वारा मामले को दबाने का भरसक प्रयास किया गया और पिछले दो हफ्ते से बीएमओ आयुष जायसवाल से फाइल मंगा कर जानकारी देने की बात कहते हुए टालमटोल किया जा रहा हैं।

जब बीएमओ डॉ आयुष जायसवाल भी इस घोटाले में संलिप्त तो क्या जानकारी देंगे वो

आपको बता दें कि बीएमओ आयुष जायसवाल के उपर स्वास्थ्य विभाग की विशेष कृपा दृष्टि हमेशा बनी रहती हैं शायद यही कारण हैं कि उनको ही रामपुर और फुंदुरडिहारी दोनो प्रार्थमिक केंद्रों में पदस्थ किया गया। लेकिन आश्चर्य का विषय यह हैं कि जब रामपुर और फुंदुरडिहारी दोनों एक ही हैं तो वहां पदस्थ डॉ आयुष जायसवाल व अन्य डॉक्टरों और कर्मचारियों ने दो जगह ड्यूटी कैसे की???अब सवाल यह भी उठता हैं कि जब वे स्वयं इस घोटाले में संलिप्त हैं तो वे हिंद स्वराष्ट्र को इस संबंध में क्या जानकारी देंगे और उनके द्वारा दी गई जानकारी कितनी विश्वसनीय होंगी…..

इस मामले की कड़ी दर कड़ी पोल लगातार खुलती जा रही हैं। इस मामले में आगे भी पाठकों को और लेख पढ़ने को मिलेंगे। 

देखने की बात यह हैं की इस बड़े घोटाले के खुलासे के बाद इस मामले में आरोपियों पर क्या कार्यवाही होती हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने की सरगुजा संभाग में 15 विशेषज्ञ चिकित्सको की पदस्थापना, एमसीबी जिले को 4 और कोरिया जिले को मिले 3 विशेषज्ञ चिकित्सक…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : सहज, सरल और सौम्य छवि वाले मनेंद्रगढ़ के स्थानीय विधायक ने अपने वादा पूरा करते हुए जिले और संभाग को बड़ी सौगात दिलाई है।  राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने  सरगुजा संभाग को 15 विशेषज्ञ चिकित्सको की सौगात दी है जिसमें  से 4 विशेषज्ञ चिकित्सक एम सी बी जिले में और 3 की पदस्थापना कोरिया जिले में की गई है।


गौरतलब है कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से ये मांग थी कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सको की नियुक्ति हो। लेकिन पूर्ववर्ती सरकार और तत्कालीन स्थानीय विधायक ने क्षेत्र की जनता की मांगों को अनसुना किया। विधायक बनने के बाद श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से वादा किया था कि वो उनकी इस अति आवश्यक मांग को जरूर और जल्द पूरा करेंगे। इस वादे को पूरा करते हुए अंततः स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र को एक निश्चेतना विशेषज्ञ, एक ई एन टी विशेषज्ञ, एक स्त्री रोग विशेषज्ञ और एक एम डी मेडिसिन विशेषज्ञ की पदस्थापना करते हुए अपनी बात को पूरा किया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जारी आदेश में निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ कलिंदर सिंह पैको को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरमिरी (एफ आर यू), ई एन टी विशेषज्ञ डॉ अनिल मोकासदर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ (एफ आर यू), स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ पूजा प्रजापति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ (एफ आर यू) और एम डी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ शीतल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरमिरी (एफ आर यू) में पदस्थ किया है।

सरकारी जमीन पर कब्जा करने पटवारी ने दिया साथ, एसडीएम ने किया निलंबित…

बिलासपुर / तखतपुर : छत्तीसगढ़ में नाले, नदी, तालाब और कुएं को पाटने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला बिलासपुर जिले में देखने को मिला है, जहां रसूखदार ने पटवारी की मदद से नाले को पाटकर दीवाल खड़ी कर दी. मामले की शिकायत होने पर एसडीएम ने पटवारी के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही की है. 

दरअसल पूरा मामला बिलासपुर जिले के तखतपुर अनुभाग का है, जहां नागोई ग्राम में स्थित नाले पर लता अग्रवाल ने पटवारी सुरेश कुमार मिश्रा से सेटिंग कर कब्जा कर लिया था और बाकायदा नाले की चिन्हित भूमि को पाटकर दीवाल बनाकर कब्जा कर लिया. इस मामले की शिकायत होने पर तखतपुर एसडीएम ने पटवारी रमेश कुमार मिश्रा के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है.

छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार को बड़ा झटका, बिलासपुर हाईकोर्ट ने वार्ड परिसीमन पर लगाई रोक…

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने निकायों के वार्ड परिसीमन पर रोक लगा दी है। याचिकाकर्ताओं ने वार्डों के परिसीमन को नियम के विरुद्ध बताया था। कोर्ट के इस फैसले से राज्य सरकार को तगड़ा झटका लगा है। मामले में अगली सुनवाई एक हफ्ते बाद तय की गई है। मामले की सुनवाई जस्टिस पीपी साहू के सिंगल बेंच में हुई।

दरअसल, राजनादगांव नगर निगम, कुम्हारी नगर पालिका और बेमेतरा नगर पंचायत में वार्डों के परिसीमन को लेकर चुनौती दी गई थी। तीनों याचिकाओं का केस एक जैसा था। इसलिए कोर्ट ने तीनों याचिकाओं को एक साथ मर्ज करते हुए सुनवाई शुरू की। मामले में याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिका में बताया कि राज्य सरकार ने प्रदेश भर के निकायों के वार्ड परिसीमन के लिए जो आदेश जारी किया है। उसमें वर्ष 2011 की जनगणना को आधार माना है।

पुरानी जनगणना के आधार पर सीमांकन
वार्ड परिसीमन के लिए बनाए गए नियमों के अनुसार अंतिम जनगणना को आधार माना गया है। राज्य सरकार ने अपने सर्कुलर में भी परिसीमन के लिए अंतिम जनगणना को आधार माना है। मामले की सुनवाई के दौरान एडवोकेट्स का तर्क था, कि राज्य सरकार ने इसके पहले साल 2014 और 2019 में भी वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन का कार्य किया है। जब आधार एक ही है तो इस बार फिर परिसीमन का कार्य क्यों किया जा रहा है।

कोर्ट ने परिसीमन पर लगाई रोक
वकीलों के इस तर्क पर सहमति जताते हुए कोर्ट ने कहा कि वर्तमान में वर्ष 2024 में फिर से परिसीमन क्यों किया जा रहा है। कोर्ट ने यह भी पूछा कि जब वर्ष 2011 की जनगणना को आधार मानकर 2014 और 2019 में वार्डों का परिसीमन किया गया था। जनगणना का नया डाटा तो आया नहीं है। वर्ष 2011 के बाद जनगणना हुई नहीं है। फिर उसी को आधार मानकर तीसरी बार परिसीमन कराने की जरुरत क्यों पड़ रही है।

आदेश के बाद परिसीमन का काम रुका
याचिकाकर्ताओं की ओर से सीनियर एडवोकेट और पूर्व एजी सतीशचंद्र वर्मा, अमृतो दास, रोशन अग्रवाल केस लड़ रहे थे। वहीं, राज्य की ओर से प्रवीण दास उप महाधिवक्ता और विनय पांडेय के अलावा नगर पालिका कुम्हारी की तरफ से पूर्व उप महाधिवक्ता संदीप दुबे ने पैरवी की। कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश के निकायों के परिसीमन के बाद दावा आपत्ति मंगाने का काम किया जा रहा था। उस पूरी प्रक्रिया पर रोक लग गई है।

छत्तीसगढ़ में दिव्यांगता कोटे का दुरुपयोग: ये अधिकारी फर्जी सर्टिफिकेट लगाकर कर रहे नौकरी, दिव्यांग संघ ने जारी की सूची…

रायपुर : छत्तीसगढ़ में भी ट्रेनी IAS पूजा खेडकर जैसा मामला सामने आया है. छत्तीसगढ़ दिव्यांग सेवा संघ ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया है कि प्रदेश में फर्जी दिव्यांगता सर्टिफिकेट बनाकर 21 लोग नौकरी कर रहे हैं.


21 लोग फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र लगाकर कर रहे नौकरी
दिव्यांग संघ के प्रदेश अध्यक्ष बोहित राम चन्द्राकर ने मीडिया को बताया कि वर्तमान में पीएससी से सलेक्ट होकर 7 डिप्टी कलेक्टर, 3 नायब तहसीलदार, 3 लेखा अधिकारी, 3 पशु चिकित्सक, 2 सहकारिता निरीक्षक सहित 21 लोग फर्जी दिव्यांग प्रमाण-पत्र लगाकर सरकारी नौकरी कर रहे हैं.

संघ ने आरोप लगाते हुए कहा कि, इसका सरगना गुलाब सिंह राजपूत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी लोरमी, डॉ. एम. के. राय नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ मुंगेली और डॉ. प्रमोद महाजन वर्तमान संयुक्त संचालक स्वास्थ्य संभाग बिलासपुर है. इन्हें बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग की है.



 50 हजार से 1 लाख रुपए तक बन रहे फर्जी प्रमाण पत्र
प्रदेश में फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए बहुत सारे गैंग सक्रिय है. 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपए तक में फर्जी प्रमाण पत्र बनवाए जा रहे हैं. कुछ मामलें तो डॉक्टरों या स्टॉफ की जानकारी में होती है, लेकिन ज्यादातर मामले में प्रमाण-पत्र बनवाते समय अन्य वास्तविक दिव्यांग को पैसा देकर खुद की जगह पेश कर दिया जाता है. जिसके चलते डॉक्टर प्रमाण पत्र जारी देते हैं. इसके कारण सरकारी नौकरी में वास्तविक दिव्यांग वंचित रह जाते हैं.

छत्तीसगढ़ दिव्यांग सेवा संघ ने 200 लोगों के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन केवल 3 सरकारी कर्मचारियों का राज्य मेडिकल से परीक्षण हुआ है. जिसमें तीनों दिव्यांग फर्जी साबित हुए हैं. इस मामले में महासमुंद कृषि सहायक संचालक रिचा दुबे बर्खास्त हो चुकी है. लेकिन विभाग ने दुबे के खिलाफ अब तक FIR दर्ज नहीं कराया है.

   इस जिले में सबसे ज्यादा फर्जी सर्टिफिकेट
वहीं, बताया गया कि सत्येन्द्र सिंह चंदेल व्याख्याता जिला जांजगीर और अक्षय सिंह राजपूत व्याख्याता जिला मुंगेली के खिलाफ भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई. सभी विभाग ने दिव्यांग कोटे से नौकरी करने वालों को परीक्षण कराने पत्र भेजा है.

दिव्यांग संघ के मुताबिक, सबसे ज्यादा फर्जी सर्टिफिकेट मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के 6 से 7 गांव में बनाए गए हैं. यहां लगभग 200 लोग श्रवण बाधित कान के फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के बाद सरकारी नौकरी कर रहे हैं.

संघ ने कहा कि, इन गांवों में ऐसी कौन सी महामारी है कि मां-बाप और बच्चों के साथ बहू भी श्रवण बाधित हो जाती हैं. सघ ने सारधा, लोरमी, सुकली, झाफल, फुलझर, विचारपुर, बोडतरा गांव के लोगों के बने सभी दिव्यांग प्रमाण-पत्र की जांच कराने की मांग की है.

   दिव्यांग सेवा संघ ने आंदोलन की दी है चेतावनी
संघ ने बताया कि उन्होंने 2 साल पहले उद्यान विभाग के 11 ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी, कृषि विभाग के 52 ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, मुंगेली जिले के 39 अधिकारी-कर्मचारी, लोक निर्माण विभाग के करीब 15 सब इंजीनियर, जल संसाधन विभाग के करीब 10 सब इंजीनियर के फर्जी दिव्यांग होने की शिकायत की थी. लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई.

छत्तीसगढ़ दिव्यांग सेवा संघ ने 15 दिन में मांग पूरा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है. प्रदेश के दिव्यांग 21 अगस्त को रायपुर में आंदोलन कर सीएम हाउस तक पैदल मार्च करेंगे. अगर धरना प्रदर्शन में कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी.

error: Content is protected !!