हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर: जिला खनिज संस्थान न्यास नियम 2015 यथा संशोधित 2019 के अनुसार प्रबंधकारिणी समिति की बैठक आज कलेक्टर एस.जयवर्धन की अध्यक्षता में एनआईसी कक्ष में रखी गई थी। जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिला खनिज संस्थान न्यास से स्वीकृत कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई व संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए। बैठक में स्वीकृत कार्यों के प्रगति की समीक्षा भी की गई। जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत कार्यरत समस्त कार्य एजेंसी अपने कार्य की अद्यतन जानकारी व आवश्यक प्रस्तावों के साथ उक्त बैठक में वीसी के माध्यम से उपस्थित थे। जिसमें वर्ष 2024-25 के पूर्व स्वीकृत कार्य की उपयोगिता की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये, इसके साथ ही वर्ष 2024-25 के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में वनमण्डलाधिकारी पंकज कमल, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने ली प्रबंधकारिणी समिति की बैठक…
हिंद स्वराष्ट्र की खबर का असर: सिरसी का रोजगार सहायक सेवा से बर्खास्त, अन्य पर भी हुई कार्यवाही…लेकिन सवाल यह कि छोटे-मोटे कर्मचारियों पर तो हो गई कार्रवाई पर बड़े अधिकारियों पर क्यों नहीं पड़ी जांच की आंच….??
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सिरसी में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में हुए भ्रष्टाचार की खबर हिंद स्वराष्ट्र में प्रकाशन के बाद अंततः जिला प्रशासन ने कार्यवाही की है और छोटे-मोटे कुछ कर्मचारियों पर तो कार्यवाही की गाज गिराई हैं लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि इस मामले में संलिप्त बड़े अधिकारियों पर इस जांच की आज तक क्यों नहीं पहुंची है..?? आखिर किसे बचाने की कोशिश में छोटी–मोटी कार्रवाई कर जिला प्रशासन वाहवाही लूटने में लगा हुआ है…?
पीएम आवास ग्रामीण के निर्माण एवं क्रियान्वयन में गड़बड़ी पर जिला प्रशासन की कार्यवाही
जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही करते हुए आवास का दोहरा लाभ लेने अर्थात् स्वयं एवं पत्नी के नाम से आवास स्वीकृत कराने तथा आवास की गलत टैगिंग व मनरेगा का मजदूरी राशि में गड़बड़ी के लिए सम्बन्धित रोजगार सहायक मोहम्मद नईम अहमद की सेवा समाप्त कर दी गई है और एक आवास के लिए प्राप्त राशि की वसूली कर राज्य नोडल खाते में हस्तांतरित करने के लिए सम्बन्धित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया है। सचिव आनंद सिंह की एक वेतनवृद्धि रोकते हुए अंतिम चेतावनी पत्र जारी की गई है। गड़बड़ी में लिप्त तकनीकी सहायक नवीन जायसवाल को अंतिम चेतावनी पत्र जारी करते हुए, जनपद पंचायत ओड़गी में संलग्न किया गया है। प्रकरण संज्ञान में आने पर कार्यरत आवास मित्र कुमारी अंकिता चौबे द्वारा त्यागपत्र दे दिया गया है इनके द्वारा किए गए कार्य के विरुद्ध इन्हें जारी होने वाला प्रोत्साहन राशि राजसात करने एवं भविष्य में अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने पर प्रतिकूल टीप करने की कार्यवाही संबंधी निर्देश सीईओ जनपद पंचायत को जारी किया गया है। मामले में विकासखंड समन्वयक अमित खैरवार, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा ओम तिवारी एवं सरपंच सुमित्रा अगरिया को अंतिम चेतावनी पत्र जारी की गई है।
आपको बता दे कि पीएम आवास योजना में सरकार द्वारा 1 लाख 20 हजार की राशि हितग्राही के खाते में डाली जाती है, जबकि मनरेगा मजदूरी के लिए 261 रुपए के हिसाब से 90 दिन का भुगतान 23 हजार 490 रुपए का कार्य मनरेगा के तहत कराया जाता हैं। जिसका भुगतान भी कर दिया गया था। दूसरी और रोजगार सहायक नईम अंसारी द्वारा बयान में साफ-साफ कहा गया था इसमें सभी उच्च अधिकारियों की संलिप्तता है और सभी अधिकारियों को इस बात की जानकारी है कि निर्माण हुआ है या नहीं। इसके बावजूद केवल रोजगार सहायक पर कार्यवाही होना और कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा ओम तिवारी और विकासखंड समन्वयक अमित खैरवार पर कोई कार्रवाई न होना काफी आश्चर्य का विषय है।
वंदे भारत कोच का AC सुधारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए युवक की मौत, सुरक्षा इंचार्ज पर FIR
हिंद स्वराष्ट्र बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे कोच डिपो में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक ठेका कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया था। वह वंदे भारत ट्रेन का एसी सुधारने और कोच की धुलाई करने कोच पर चढ़ा था। इसी दौरान किसी ने हाईटेंशन लाइन की सप्लाई चालू कर दी थी। इलाज के दौरान कर्मचारी की मौत हो गई है। रेलवे ने जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी बनाई है वहीं सुरक्षा इंचार्ज पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
रेलवे कोच डिपो में वंदे भारत ट्रेन के एक्सट्रा कोच का एसी ठीक करने और कोच की धुलाई कर रहा ठेका कर्मचारी प्रताप बर्मन 133केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। करंट के संपर्क में आने धमाका हुआ और वह बुरी तरह झुलस गया था। रेलवे अधिकारियों ने उसे अस्पताल भेजा जहां प्राथमिक उपचार के लिए उसे एम्स रेफर किया गया था, लेकिन परिजन ने उसे अपोलो अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जानकारी अनुसार इलाज के दौरान प्रताप बर्मन की मौत हो गई है। वह जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था।
अधिकारियों की लापरवाही से गई प्रताप की जान
हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने और बुरी तरह झुलसे प्रताप की मौत के बाद उसके साथी कर्मचारी चरणदास सहित अन्य कर्मचारियों ने रेलवे प्रबंधन और अधिकारियों पर जानलेवा लापरवाही के आरोप लगाए हैं। चरणदास का आरोप है कि प्रताप को यह कहकर चढ़ाया गया था कि लाइन में करंट बंद है। अचानक किसी ने लाइन चालू कर दी थी
काफी देर तक कोच पर तड़पता रहा युवक
प्रताप जैसे ही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मौके पर एक धमाका सा हुआ। फटाक की आवाज के साथ वह कोच पर गिरकर तड़पने लगा था। मौके पर मौजूद कोई कर्मचारी इसका वीडियो बना रहा था, पूरी घटना वीडियो में कैद हो गई है। युवक करीब 15 से 20 मिनट तक तड़पता रहा, उसके बाद उसको अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
सुरक्षा इंचार्ज की जिम्मेदारी थी, लापरवाही की गई है
साथी कर्मचारियों के मुताबिक लाइन चालू है या नहीं इसकी जानकारी मीणा अर्था सुरक्षा इंचार्ज हो होती है। उन्होंने ही प्रताप को यह कहकर उपर चढ़ाया था कि लाइन बंद है। अचानक लाइन कैसे चालू हो गई। घटना के बाद जैमर बंद करना जरूरी था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। प्रताप हिम्मत करके जैसे ही दोबारा उठा तो फिर करंट की चपेट में आकर नीचे गिर गया था। यह अधिकारियों की लापरवाही है।
साइट इंचार्ज के कहने पर बारिश में दोबारा चढ़ा
चरणदास के मुताबिक, जैमर (करंट बंद करने वाला यंत्र) बंद है या नहीं, इसकी जानकारी मीणा को होती है। मीणा के कहने पर प्रताप ट्रेन के ऊपर चढ़ा, जहां उसे 25,000 वॉट का करंट लगा। वह करीब 10-15 मिनट तक छत पर पड़ा रहा, लेकिन तब भी जैमर बंद नहीं किया गया। थोड़ी देर में प्रताप को होश आया और जैसे ही वह उठने लगा, दोबारा करंट लगने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया।
रेलवे ने जांच बैठाई, मीणा पर एफआईआर
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों में मामले में 5 सदस्यीय कमेटी बनाकर जांच शुरू कर दी है। इधर मौके पर मौजूद सुरक्षा इंचार्ज (सीनियर सेक्शन इंचार्ज) मीणा के खिलाफ साथी मजदूरों की शिकायत पर बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई हैं
ट्रायबल विभाग में 45 फर्जी टेंडर का भांडा फूटा, 2 अफसर को जेल और बाबू फरार…
हिंद स्वराष्ट्र दंतेवाड़ा : दंतेवाड़ा के आदिवासी विकास विभाग में फर्जी टेंडर कांड फूटा है। मामले में दो पूर्व सहायक आयुक्तों की जगदलपुर और रायपुर से गिरफ्तारी हुई। उन्हें कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है। दंतेवाड़ा पुलिस के मुताबिक मामले में जिला प्रशासन ने मौजूदा सहायक आयुक्त से एक एफआईआर करवाई। इसके बाद अफसरों पर कार्रवाई हुई है।
मामले में एक बाबू अब भी फरार बताया जा रहा है। जिन दो पूर्व सहायक आयुक्तों को जेल भेजा गया है। उनमें पूर्व सहायक आयुक्त डॉ. आनंदजी सिंह और रिटायर्ड सहायक आयुक्त केएस मसराम शामिल हैं। फरार चल रहे विभाग के बाबू राजू कुमार नाग की तलाश जारी है। इन तीनों पर 45 फर्जी टेंडर निकालने का आरोप है।
जिला प्रशाशन की प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि कि 9 करोड़ के 6 टेंडर ऐसे थे जिनके लिए कोई टेंडर प्रसारित नहीं किया गया। निविदा अखबारों में छपवाए बगैर काम चहेतों को सौंपकर करोड़ों का खेल खेला गया। गड़बड़ी की शिकायत के बाद दंतेवाड़ा के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जांच करवाई।
दोनों अफसर हुए गिरफ्तार
जांच में पता चला कि साल 2021 से लेकर अब तक 45 टेंडर फर्जी और गोपनीय तरीके से अधिकारियों ने ठेकेदार से सांठगांठ कर लगाए गए। आदिवासी विकास विभाग और जनजाति विकास विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायत सामने आने के बाद वर्तमान आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त राजू कुमार नाग ने दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली थाना में लिखित आवेदन दिया।
इस आवेदन के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। अफसरों और बाबू पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत शिकायत के बाद धारा 318(4), 338, 336(3) 340(2),और 61(2) के तहत गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अफसरों को गिरफ्तार कर लिया।
रेप केस और एसीबी की जांच में भी घिरे
इस मामले में जेल भेजे गए आनंदजी सिंह लंबे वक्त से विवादों में है। अभी वे रायपुर में पोस्टेड हैं। बता दें कि पूर्व सहायक डॉ आनंदजी सिंह के खिलाफ गीदम थाने में रेप का मामला दर्ज है। फिलहाल इस मामले में उन्हें कोर्ट से राहत मिली हुई है। वहीं इससे पहले उनके बीजापुर में रहते हुए उन पर एसीबी की जांच बैठी थी। रायपुर से पहुंची एसीबी की टीम ने उनके बीजापुर और जगदलपुर स्थित आवास पर छापा मारा था पर वे इससे पहले ही फरार हो गए थे।
मंत्री बन पहली बार अंबिकापुर पहुंचे राजेश अग्रवाल का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया शानदार स्वागत…
हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : संस्कृति, पर्यटन व धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रभार ग्रहण पश्चात प्रथम सरगुजा आगमन पर भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने शानदार तथा एतिहासिक स्वागत किया। स्थानीय सरगुजा बॉर्डर ग्राम तारा से शुरू हुआ स्वागत अभिनंदन का सिलसिला डांडगाँव, उदयपुर, नावापारा, लखनपुर, लहपतरा, मेंडराकला, भित्तीकला, बिलासपुर चौक, हनुमान मंदिर चौक, हॉस्पिटल चौक, अग्रसेन चौक, जय स्तंभ चौक, सदर रोड, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड, विवेकानंद घड़ी चौक होते हुए भाजपा कार्यालय संकल्प भवन पहुंचकर समाप्त हुई। रास्ते भर भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने फूल माला, पटाखों तथा ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर मंत्री राजेश अग्रवाल को लड्डुओं से तौला गया तथा ब्राम्हणों द्वारा स्वस्ति वाचन एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व तथा विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय तोमर, पूर्व बीजेपी जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह तथा वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर की उपस्थिति में बीजेपी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के हुजूम ने केबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का एतिहासिक स्वागत कर इसे अविस्मरणीय बना दिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं के स्वागत से अभिभूत हुए केबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का कोटि कोटि धन्यवाद करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सरगुजा की आम जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित है। आपके आशीर्वाद से ही मैं विधायक बना और अब आपके आशीर्वाद से ही मुझे मंत्री पद की महत्वपूर्ण जवाबदारी मिली है। मैं आम जनता की भलाई के लिए 24 घंटे काम करूंगा, आम जनता की सेवा ही मेरा संकल्प है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने मंत्री राजेश अग्रवाल को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा सरगुजा का यह स्वर्णिम काल है जहां एक सांसद, तीन विधायक, एक मंडल तथा एक आयोग के अध्यक्ष के बाद अब एक केबिनेट मंत्री भी सरगुजा से भाजपा ने दे दिया है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की महत्वपूर्ण जवाबदारी अब हम पर है।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केशरी ने तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष ने किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या ने गणमान्य जन भी उपस्थित थे।
“आदि कर्मयोगी अभियान” अंतर्गत जिला स्तर पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन 29 अगस्त को…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अनुसूचित जनजातियों के विकास और कल्याण के लिए भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “आदि कर्मयोगी अभियान“ अंतर्गत जिला स्तर पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में 29 अगस्त 2025 को दोपहर 12 बजे किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त दिनांक 03 से 05 सितम्बर 2025 तक जिला स्तरीय प्रक्रिया प्रयोगशाला का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभागीय अभिसरण, उत्तरदायी शासन तथा योजनाओं की बेहतर क्रियान्वयन रणनीति पर प्रशिक्षण एवं चर्चा की जाएगी। साथ ही ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन कर अभियान की जानकारी व्यापक स्तर पर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2024 को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ किया था। इसी क्रम में जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 10 जुलाई 2025 को “आदि कर्मयोगी अभियान“ की शुरुआत की गई है। यह अभियान विश्व का सबसे बड़ा जनजातीय नेतृत्व आंदोलन बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बहुविभागीय समन्वय, सामुदायिक भागीदारी एवं कैडर आधारित मॉडल के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों में उत्तरदायी शासन एवं योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। इस अभियान के माध्यम से अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच और आदिवासी समुदायों को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। अधिकारीगण एवं आमंत्रित जनों से इस महत्वपूर्ण उन्मुखीकरण कार्यक्रम में सहभागी बनने का जिला प्रशासन द्वारा निवेदन किया गया है।
बस और वैन के बीच टक्कर हादसे में एक महिला की मौत, दो अन्य घायल….
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया इस भीषण हादसे एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई वही दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। दरअसल हादसा तब हुआ जब बस ने ओमनी वैन को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और वैन में सवार दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। यह मामला ओड़गी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना भैयाथान मुख्य मार्ग पर कालामांजन के पास हुई। जहां तेज रफ्तार बस ने ओमनी वैन को जोड़दार टक्कर मार दी, जिससे वैन पलट गई और वैन सवार लोगों को गंभीर चोटें आई। इस घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर लिया हैं।
गणेश चतुर्थी एवं ईद मिलाद-उन-नबी तत्यौहारों के मद्देनजर प्रशासन ने जरिए किए दिशा निर्देश
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर कलेक्टर सरगुजा ने आगामी त्यौहारों के मद्देनजर शांति एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गणेश चतुर्थी से लेकर गणेश विसर्जन तक होने वाले धार्मिक आयोजन तथा दिनांक 5 सितम्बर 2025 को मुस्लिम समुदाय द्वारा मनाए जाने वाले ईद मिलाद-उन-नबी पर्व के दौरान जिले में भीड़-भाड़ की संभावना को देखते हुए यह आदेश लागू किए गए हैं।
पंडाल व्यवस्था पर कड़े नियम
सड़कों पर पंडाल लगाकर मार्ग अवरुद्ध नहीं किए जाएंगे। विशेष रूप से विद्यालयों, अस्पतालों और आपात सेवा मार्गों पर ध्यान रखा जाएगा। आयोजन समितियों को यातायात, पुलिस एवं नगर निगम से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य होगा। पंडाल में सीसीटीवी कैमरे, वालंटियर्स की व्यवस्था और डस्टबिन रखना आवश्यक होगा। भंडारा के दौरान प्लास्टिक सामग्री का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
मूर्ति स्थापना एवं पर्यावरण संरक्षण
केवल मिट्टी से निर्मित मूर्तियों की स्थापना की अनुमति दी गई है। केमिकल युक्त रंग और प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों पर रोक लगाई गई है। मुख्य पंडाल के बाहर मूर्ति रखने की अनुमति नहीं होगी।
ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही अनुमति होगी। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ध्वनि स्तर 45 से 70 डीबी की सीमा में रखना होगा तथा साउंड लिमिटर का उपयोग अनिवार्य है। अश्लील या धार्मिक उन्माद फैलाने वाले गीतों पर प्रतिबंध रहेगा।
मूर्ति विसर्जन के दिशा-निर्देश
विसर्जन केवल निर्धारित तिथि, स्थल और मार्ग के अनुसार किया जाएगा। विसर्जन के दौरान सड़कों पर मंच बनाने की अनुमति नहीं होगी। घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोर, जेसीबी और क्रेन की व्यवस्था निगम द्वारा की जाएगी।
शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी
जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करेंगे। पुलिस विभाग को पर्याप्त बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों को सौहार्द्र और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और प्रशासन को सहयोग दें।
ट्रेंडिंग APK फ्रॉड से सतर्क रहने सरगुजा पुलिस ने जारी की चेतावनी
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर डिजिटल दुनिया ने जहाँ हमारे काम को आसान बना दिया है, वहीं साइबर फ्रॉड का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। नकली मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से लोगों को ठगा जा रहा है और उनकी निजी एवं बैंकिंग जानकारी चोरी की जा रही है।सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों को साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की है। हाल के दिनों में साइबर अपराधी लोकप्रिय मोबाइल एप्लिकेशन के नकली “APK“ फाइल्स के जरिए लोगों के मोबाइल फोन में वायरस और मालवेयर इंस्टॉल कर बैंकिंग डिटेल्स,UPI पिन और व्यक्तिगत जानकारी चुरा रहे हैं। इससे कई लोगों के बैंक खातों को खाली किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा चिन्हित 7 प्रमुख फ्रॉड ऐप 1.Gas Connection APK Fraud – नकली गैस कनेक्शन ऐप के जरिए पैसे की ठगी। 2.Online Car Rental APK Fraud – कार बुकिंग के नाम पर एडवांस पेमेंट लेकर ठगी। 3. E-SIM Activation APK Fraud – नकली ऐप से ई-सिम एक्टिवेशन के जरिए मोबाइल डेटा एक्सेस। 4.Hospital Appointment APK Fraud – अस्पताल अपॉइंटमेंट के नाम पर डेटा चोरी और पेमेंट फ्रॉड। 5. Banking APK Fraud – बैंकिंग सर्विसेज के नाम पर बने APK से UPI/नेट बैंकिंग की जानकारी चोरी। 6.Wedding Invitation APK Fraud – शादी का निमंत्रण बताकर भेजे गए APK से मोबाइल हैक। 7.Traffic Challan/Vahan Parivahan APK Fraud – फर्जी चालान ऐप्स से भुगतान के नाम पर ठगी।
पुलिस के बचाव उपाय
किसी भी अज्ञात लिंक, व्हाट्सएप या ईमेल से ऐप डाउनलोड न करें। केवल Google Play Store या Apple App Store से ही ऐप इंस्टॉल करें। किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले URL को ध्यान से जांचें। बैंकिंग, गैस, कार रेंटल, अस्पताल या सरकारी सेवाओं से जुड़े कार्य के लिए केवल ऑफिशियल वेबसाइट या ऐप का उपयोग करें। मोबाइल में एंटीवायरस और सिक्योरिटी अपडेट हमेशा सक्रिय रखें।
ठगी होने पर कहां शिकायत करें?“
ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
आदिवासी किसानों से लाठी डंडे और टंगिया से हमला मामले में नौ आरोपी गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र के तालकेश्वरपुर गांव में लाठी-डंडे और टांगी से आदिवासी ग्रामीण पर हमला मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दरअसल हमलावरों द्वारा खेत जोत रहे ग्रामीणों के साथ मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने यूपी से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसमें फरार आरोपियों को भगाने में मदद करने वाले आरोपी भी शामिल हैं।
दरअसल घटना 11 अगस्त 2025 की सुबह 9 बजे की है। जब पीड़ित रामसाय गोड़ अपने खेत में बैलों से जोताई कर रहे थे। तभी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से आए रामलखन गुप्ता, श्यामबिहारी गुप्ता समेत अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा- ‘यह जमीन हमारी है, तुम यहां से भागो वरना मार डालेंगे।’ विरोध करने पर हमलावरों ने रामसाय और उनके साथियों पर लाठियां बरसाईं, गालियां दीं और हत्या की नीयत से वार किए। पीड़ितों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
मामले में रामसाय गोड़ की शिकायत पर सनावल थाने में BNSS की 191(2), 191(3), 190, 296, 351(2), 115(2), 109(1) और SC/ST एक्ट की 3(1)(द), (ध), (छ), 3(2-5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। अपराध दर्ज कर पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू की गई। गवाहों के बयान और विवेचना में पता चला कि हमलावर फरार हो गए थे, लेकिन कुछ ने साथियों को भगाने में मदद की। इस क्रम में 22 अगस्त को चार आरोपी- रामलखन गुप्ता, श्यामबिहारी गुप्ता, लक्ष्मीनारायण गुप्ता और विकास नंद गुप्ता को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन्होंने फरार साथियों से फोन पर बात की और पैसे ट्रांसफर कर भगाने में सहयोग किया। अगले दिन 23 अगस्त को बाकी पांच आरोपी- सुनील गुप्ता, अंकित कुमार गुप्ता, अरविंद गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता और रामनारायण गुप्ता को यूपी के सागोबांध गांव से घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपियों ने कबूला कि वे जमीन विवाद में आदिवासियों को पीटकर भागे थे। पुलिस ने सुनील गुप्ता से घटना में इस्तेमाल डंडा और मोबाइल जब्त किया। सभी 9 आरोपी सोनभद्र जिले के निवासी हैं। मामले की जांच जारी है, फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही हैं।
प्राचार्य के विरुद्ध यौन उत्पीड़न के 2 केस दर्ज, एक ओर निलंबन की प्रक्रिया हुई तेज दूसरी और कोर्ट ने दे दी जमानत…
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : जिले के एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य के ऊपर स्कूल की व्याख्याता और एक अन्य महिला कर्मी ने छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया और शिक्षा विभाग ने प्राचार्य को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है वहीं दूसरी ओर कोर्ट ने इस गंभीर मामले में प्राचार्य को जमानत दे दी हैं।
दरअसल यह पूरा मामला जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिमड़ा का हैं जहां के प्राचार्य सुधीर बरला पर महिला व्याख्याता और महिला कर्मचारी ने गंभीर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला व्याख्याता व महिला कर्मचारी ने प्राचार्य पर यौन उत्पीड़न की अलग-अलग शिकायत की है जिसपर पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के विरुद्ध दो FIR दर्ज की हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शिक्षा विभाग द्वारा प्राचार्य को निलंबित किया जा रहा है। विभागीय कार्रवाई के लिए संभागीय आयुक्त को पत्र भेजा गया हैं। विभाग की तरफ से प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार थाने में दर्ज शिकायत में बताया गया कि प्राचार्य लंबे समय से फोन पर अश्लील बातें करता था और स्कूल परिसर में भी छेड़छाड़ करता रहा। महिला व्याख्याता ने आरोप लगाया कि प्राचार्य ने उनसे अशोभनीय बातें की और छेड़छाड़ का प्रयास किया। प्राचार्य द्वारा महिला शिक्षकों को किसे किस करूं किसे विस करूं, आई लव यू समेत कई आपत्तिजनक बातें की जाती थी। पूर्व में भी इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन प्राचार्य की हरकतों में सुधार न आने पर थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। बताया जा रहा है कि 15 अगस्त के दिन भी महिला कर्मचारी के साथ प्राचार्य ने छेड़खानी की थी। जब महिला कर्मचारी ने इसका विरोध किया, तो प्राचार्य वहां से चले गए। बाद में ग्रामीणों ने पंचायत बुलाई, जिसके बाद शिकायत थाने में की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राचार्य के खिलाफ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की धाराओं में दो मामले दर्ज किए। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जमानत दे दी गई है। एक साथ दो-दो FIR होने के बावजूद आरोपी प्राचार्य को जमानत मिल जाने से सभी आश्चर्य हो गए और इस फैसले से लोगों में काफी असंतोष हैं।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025, के अंतर्गत सरगुजा में बेटियों की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग, सरगुजा और महिला सशक्तिकरण केंद्र (मिशन शक्ति हब) के संयुक्त तत्वावधान में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लखनपुर में किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशन, जिला कार्यक्रम अधिकारी जगदेव राम प्रधान एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी बसंत मिंज के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर आधारित निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लैंगिक समानता, मासिक स्वच्छता, बाल विवाह, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड लाइन 1098, सखी वन स्टॉप सेंटर, वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही नशामुक्त सरगुजा बनाने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति हब की जेंडर विशेषज्ञ नीलमणि एक्का, वित्तीय साक्षरता समन्वयक नेहा सिंह, साइबर सुरक्षा सेल से विक्की गुप्ता और श्रुति तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य शशिधर पांडे, शिक्षकगण एवं छात्राओं ने इस कार्यक्रम को सफल बनाया।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा महतारी सदन – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : प्रदेश की महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ में महिलाओं को संगठित करने एवं उनके सशक्तिकरण के लिए महतारी सदन का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायत में महतारी सदन बनाया जाएगा। इसी कड़ी में मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी जिले के खड़गवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत दुग्गी, कटकोना और ठग्गांव में महिलाओं की सुविधा हेतु महतारी सदन के निर्माण के लिए 30-30 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि ग्राम भ्रमण के दौरान महिलाओं ने बार-बार बैठक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। उनकी इस मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महतारी सदन बनाने का निर्णय लिया।
अब तक 368 महतारी सदन की स्वीकृति दी जा चुकी है और आने वाले 5 वर्षों में राज्य के सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने एक मानक डिज़ाइन और प्राक्कलन तैयार किया है, जिसके अनुसार प्रत्येक सदन पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत आएगी।
महतारी सदन की सुविधाएँ
लगभग 2500 वर्ग फुट क्षेत्रफल में निर्माण
कमरा, हाल, बरामदा, किचन और स्टोररूम
पेयजल हेतु ट्यूबवेल और वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
महिलाओं की सुरक्षा हेतु बाउंड्रीवाल
सामुदायिक शौचालय का निर्माण
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि न्यू इंडिया के ग्रोथ साइकल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और महतारी सदन इस दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने प्रशासन की सख्ती, दुकानदारों को दी गई चेतावनी…
हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : जिला मुख्यालय बनने के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने आज शहरभर में अभियान चलाया।
शहर में आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिसका प्रमुख कारण दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण करना था। इस समस्या को देखते हुए संयुक्त टीम ने मुख्य मार्गों पर भ्रमण कर दुकानदारों को समझाइश दी और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दुकान के बाहर सामान पाया गया तो उसे जप्त किया जाएगा।
इस कार्रवाई में मनेंद्रगढ़ एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी सुनील तिवारी तथा नगर पालिका की संयुक्त टीम शामिल रही।
प्रशासन का कहना है कि शहर में सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
बिजली विभाग की लापरवाही ने ली दो मासूमों की जान,, पुराने पोल हटाने के दौरान विद्युत की चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत, एक की हालत गंभीर…
हिंद स्वराष्ट्र भैयाथान मुकेश गुप्ता : जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र के ग्राम केवरा में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। मकान निर्माण के दौरान पुराने बिजली पोल को हटाते समय करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान मालिक गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।
हादसा कैसे हुआ
जानकारी के अनुसार विपिन चंद जायसवाल के घर पर निर्माण कार्य चल रहा था। काम के दौरान पुराने बिजली पोल को जीआई तार से बांधकर हटाया जा रहा था। इसी बीच पास के खंभे से जुड़ी सर्विस लाइन का तार जीआई तार से टकरा गया। अचानक करंट फैल गया और तीन लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसा उस समय हुआ जब बिजली विभाग ने पुराने पोल को समय रहते नहीं हटाया और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे।
दो मजदूरों की मौत, मकान मालिक गंभीर
करंट लगने से मजदूर राम प्रसाद विश्वकर्मा और कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मकान मालिक विपिन चंद जायसवाल गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। विपिन की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
परिजनों का मातम, गांव में सन्नाटा
जैसे ही हादसे की खबर फैली, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवारों को देख हर कोई गमगीन हो गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बिजली विभाग समय पर कार्रवाई करता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल
जिले में डीआरएसएस योजना के तहत पुराने पोल और तारों को हटाकर केबलिंग का काम चल रहा है। लेकिन केवरा गांव में पुराने पोल को अधूरा छोड़ दिया गया था। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने दो मजदूरों की जान ले ली। हादसे के बाद विभाग ने बिजली आपूर्ति बंद की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों की मांग – मुआवजा और कार्रवाई
हादसे के बाद ग्रामीणों में गुस्सा है। उन्होंने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से आए दिन हादसे हो रहे हैं और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कब तक जान की कीमत चुकानी पड़ेगी।
यह हादसा स्पष्ट संदेश देता है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी का अंजाम कितना भयावह हो सकता है। प्रशासन और बिजली विभाग को तत्काल कदम उठाने होंगे ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियां न हों।
मनेंद्रगढ़ वन मंडल में हाथियों का तांडव, बुजुर्ग की कुचलकर उतारा मौत के घाट…
हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन देव शाह : जिले के केल्हारी वनपरिक्षेत्र के कछौड़ ग्राम में हाथियों का तांडव देखने को मिला, जहां बीती रात हाथियों के झुंड ने एक बुजुर्ग को कुचल डाला। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड बीती रात गांव के पास पहुंचा और इस दौरान एक बुजुर्ग उनकी चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों की गतिविधियों की पूर्व सूचना विभाग को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद न तो अमला अलर्ट रहा और न ही गांव में मुनादी कराई गई।
ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते एक निर्दोष बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने मांग की है कि हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने, प्रभावित गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।
सूत्रों के मुताबिक, जिला वन मंडलाधिकारी मनीष कश्यप से न तो फोन पर संपर्क हो पा रहा है और न ही वे कार्यालय में उपलब्ध होते हैं। मीडिया कर्मियों ने भी 20 अगस्त को उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
ग्रामीण अब प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
25 उप निरीक्षकों को निरीक्षक के पद पर किया गया पदोन्नत, DGP अरुण गौतम ने जारी किए आदेश…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : DGP अरुण गौतम द्वारा राज्य भर के 25 उप निरीक्षकों को निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया हैं। इस संबंध में उनके द्वारा आदेश भी जारी कर दिया गया हैं। जारी आदेश में सरगुजा संभाग से केवल शिशिर कांत सिंह का नाम शामिल हैं।
देखें आदेश :

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 के तहत स्कूल और कॉलेजों में हो रहे सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में रजत महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और पंचायत स्तर पर सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें रंगोली, चित्रकला, पोस्टर पेंटिंग, निबंध लेखन, वाद-विवाद, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएँ शामिल हैं। बच्चों ने राज्य के विकास, संस्कृति और उपलब्धियों पर आधारित चित्रों और विचारों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालयों और महाविद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों में आयोजित लोकनृत्य, नाटक, गीत-संगीत और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और नागरिकों ने इसमें सहभागिता की। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुई प्रगति को रेखांकित किया जा रहा है।
जिले के विभिन्न विकासखण्डों और पंचायत स्तर तक आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। शासन का उद्देश्य है कि इस महोत्सव के माध्यम से प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और उज्जवल भविष्य की परिकल्पना को साझा किया गया।
तहसीलदार और एसडीएम पर लगे लेन–देन कर फैसला देने के आरोप, पीड़ित ने कलेक्टर और कमिश्नर से शिकायत कर मांगा न्याय…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : इन दिनों छत्तीसगढ़ में राजस्व विभाग काफी चर्चा का विषय बना हुआ है और आए दिन कोई ना कोई ऐसा मामला सामने आ ही जाता है जहां तहसीलदारों पर कई आरोप लग रहे हैं एक और जहां भैयाथान के तत्कालीन तहसीलदार संजय राठौर पर बैक डेट में नामांतरण का आरोप लगा हैं वहीं दूसरी ओर लटोरी के तहसीलदार सुरेंद्र पैंकरा बिना कलेक्टर परमिशन के ही जमीन रजिस्ट्री का कार्य करके बैठे हैं। ऐसा ही एक मामला सरगुजा जिले से निकल कर आया हैं जहां एसडीएम और तहसीलदार पर रिश्वत लेकर फैसला विपक्षी पार्टी के पक्ष में देने का आरोप लगा हैं। दरअसल सरगुजा जिले के लुण्ड्रा और धौरपुर एसडीएम जे. आर. शतरंज और रघुनाथपुर की तत्कालीन नायब तहसीलदार अंकिता तिवारी पर एक बुजुर्ग ने लेन देन कर विपक्षी पार्टी के पक्ष में आदेश देने का संज्ञीन आरोप लगाया है। बुजुर्ग ने मामले की शिकायत सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा और सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर संदीपान से कर न्याय की मांग की हैं।
दरअसल ग्राम बटवाही रघुनाथपुर निवासी मो० युसुफ अंसारी के निजी पट्टे की जमीन रकबा 0.032 हे० लगभग 8 डिसमिल है, जिसका क्रय उनके द्वारा वर्ष 2014 में किया गया था। तब से सरकारी रिकॉर्ड में यह जमीन उनके नाम पर दर्ज है जिसकी ऋण पुस्तिका, रजिस्ट्री के पेपर से लेकर खसरा, b1, नक्शा सब कुछ उनके पास मौजूद है। उनकी जमीन के 0.004 हे. में लखन यादव तथा 0.007 हे. में शिवशंकर सिंह के द्वारा बाउण्ड्रीवाल निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था जिसका केस तहसील लुण्ड्रा व धौरपुर एसडीएम के यहां लगभग सात वर्षों से लंबित था। इसी बीच रघुनाथपुर की तत्कालीन नायब तहसीलदार अंकिता तिवारी द्वारा निरस्त कर दिया गया और जिसके बाद पीड़ित द्वारा इस मामले की अपील एसडीएम धौरपुर जे. आर . शतरंज से की गई। SDM द्वारा अनावेदकों लखन व शिवशंकर द्वारा इस जमीन की खरीदी लखन यादव द्वारा 20 हजार रुपए में और शिवशंकर सिंह द्वारा 4 हजार रुपए में किए जाने की बात लिखते हुए आवेदक की अपील को निरस्त कर दी गई। जबकि अनावेदको द्वारा जमीन की खरीदी के संबंध में कोई लिखित सबुत या रजिस्ट्री पेपर प्रस्तुत नहीं किए गए। पीड़ित का आरोप हैं कि लखन व शिवशंकर सिंह के पास इस जमीन की खरीदी संबंधी कोई सबूत या रजिस्ट्री पेपर नहीं है क्योंकि उनके द्वारा इस जमीन की खरीदी की ही नहीं गई है, बल्कि यह जमीन उनकी है और उनकी जमीन पर लखन और शिवशंकर द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया है। पीड़ित बुजुर्ग का आरोप हैं कि अनावेदकों द्वारा भूमि विक्रेता महावीर को गवाही दिलाते हुए यह बयान करवाया गया था कि उनके द्वारा पीड़ित को केवल 3 डिसमिल जमीन ही बिक्री किया गया था जबकि पिछले 11 वर्षों से यह जमीन पीड़ित के नाम पर ही दर्ज है लेकिन भूमि विक्रेता महावीर को इसकी जानकारी होने के बावजूद उनके द्वारा इसकी शिकायत अब तक कही नहीं कि गई हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि यदि महावीर द्वारा पीड़ित को केवल 3 डिसमिल जमीन बेची गई थी तो 8 डिसमिल जमीन पर उनका नामांतरण होते वक्त उन्होंने ऑब्जेक्शन क्यों नहीं किया?? और इतने वर्षों तक वह चुप क्यों बैठे रहे..??
बहरहाल पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा और कलेक्टर विलास भोस्कर से की गई है।
राजेश अग्रवाल समेत 3 विधायक बने मंत्री, मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नए मंत्रियों के बीच विभागों का हुआ बंटवारा, देखें किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ में लंबे इंतजार के बाद आज बुधवार को विष्णुदेव साय की कैबिनेट का विस्तार किया गया हैं। पहली बार चुनाव जीते तीन नए विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मंत्रिमंडल में तीन विधायकों राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत और गजेंद्र यादव को शामिल किया गया हैं। साय मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद मंत्रियों में विभाग का बंटवारा कर दिया गया है। कई मंत्रियों के विभाग को भी बदला गया है। लखनलाल देवांगन को आबकारी विभाग का मंत्री बनाया गया है। इससे पहले यह विभाग सीएम विष्णुदेव साय के पास था।
मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ ही शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी गजेंद्र यादव को दी गयी है। वहीं गुरु खुशवंत को कौशल विकास, रोजगार और अनुसूचित जाति विभाग दिया गया है, जबकि राजेश अग्रवाल को प्रर्यटन और संस्कृति विभाग दिया गया है।
देखें किसे कौन सी जिम्मेदारी दी गई हैं :
