हिंद स्वराष्ट्र जांजगीर चांपा : आखिरकार सबकी दुआएं असर कर गई और बच्चा राहुल बाहर सकुशल निकल आया हैं। बच्चे की रक्षा के लिए पूरे देश भर में दुआएं मांगी जा रही थी और प्रशासन एनडीआरएफ और इंडियन आर्मी के जवान लगातार बच्चे को बचाने के प्रयास में लगे हुए थे। अब जब राहुल बाहर आ गया हैं तो सबने चैन की सांस ली हैं। बच्चे को एंबुलेंस की सहायता से बिलासपुर अपोलो अस्पताल ले जाया जा रहा हैं। एंबुलेंस में बच्चे के साथ उनकी मां भी मौजूद हैं। आपको बता दें कि 4 दिन से रो रोकर राहुल की मां की हालत खराब हो गई थी उन्होंने 4 दिन से कुछ खाया भी नही हैं।
60 फीट नीचे सांप और मेढ़क के साथ फंसा था बच्चा
बच्चे के सुरक्षित बाहर निकल जाने के बाद यह जानकारी बाहर निकल कर आ रही हैं की बच्चा 60 फीट की गहराई में एक सांप और मेढ़क के साथ फंसा हुआ था। जिससे बच्चे की जान को और भी ज्यादा खतरा था।
हिंद स्वराष्ट्र जांजगीर-चाम्पा : लगभग 100 घंटों से चल रही प्रशासन का प्रयास रंग लाया है। जांजगीर जिले के पिहरीद गांव में बोर में फंसे राहुल को एनडीआरएफ की टीम ने बाहर निकाल लिया है। राहुल के माता-पिता टनल के पास आ गए है। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि राहुल को बाहर निकालने लगभग मिशन सक्सेसफुल हो गया है। मौके पर इंडियन आर्मी और रेस्क्यू की टीम भी मौजूद है। सुरंग के बाहर स्ट्रेचर ले जाने चैन बनाई जा रही हैं।
बता दें कि जांजगीर जिले में एक दिव्यांग बच्चा राहुल साहू जो पिछले 96 घंटे से बोरवेल में फंसा हुआ है। 100 घंटे से रेस्क्यू टीम वही डटी हुई है। मेडिकल टीम बड़ी बेचैनी से एंबुलेंस के आसपास ही राहुल इंतजार में बैठी है। जैसे ही राहुल बाहर आएंगे उनकी प्रारंभिक जांच और इलाज करते हुए सीधे बिलासपुर बेहतर इलाज के लिए के जाया जाएगा।
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को बिश्रामपुर के स्टेशन चैक में राजेश किराना स्टोर दुकानदार के द्वारा एक्सपायरी खाद्य पदार्थ विक्रय की सूचना मिल रही थी, जिसकी सूचना के आधार पर विभाग ने पुष्टि करने के लिये विभागीय कर्मचारी को दुकान में पैसे देकर समान क्रय करने के लिये भेजा। दुकानदार के द्वारा कर्मचारी को एक्सपायरी समान को भंडारित करके बेचते पाये जाने पर पूरी टीम के द्वारा छापा मारकर पकड़ा गया, जहां पर दुकान में 2020 के निर्मित खाद्य पदार्थ भी थे, जो कि 2021 अप्रैल माह में एक्सपायर हो गया था, विभाग के द्वारा कलश बेसन पकड़ा गया है, जो कि अप्रैल 2021 में एक्सपायर हो गया था, साथ ही साथ अनमोल मेरी प्लस, मैरी गोल्ड, अनमोल इलाचयी टोस्ट जैसे खाद्य पदार्थ बहुतायत में इस दुकान में भंडारित एवं विक्रय होते पाये गए। छापामारी टीम के द्वारा उक्त एक्सपायरी खाद्य पदार्थ का नमूना लिया गया एवं दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुये सामान को नष्ट करने के निर्देश के साथ ही दुकान के लाइसेंस को रद्द करते हुये दुकान को बंद करने के निर्देश दिये गये, इसके बावजूद भी दुकानदार के द्वारा उक्त निर्देश का पालन नहीं किया जाता है तो धारा 63 के तहत् 5 लाख के रूपये जुर्माना एवं 6 माह सश्रम कारावास से संबंधित प्रकरण मौके पर उपस्थित संचालक अभिषेक गुप्ता एवं लाइसेंसी प्रोपराईटर राजेश गुप्ता के खिलाफ बनाया जायेगा, दीगर जिलों में लगातार हो रही फूड प्वाइजनिंग की घटना को देखते हुये जिला प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी सघन जांच कर रहे हैं। इस कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितेश कुमार मिश्रा, राम प्रकाश जायसवाल एवं सुमित त्रिपाठी शामिल थे।
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर विशेष संवाददाता : जिला प्रशासन की अनदेखी कहे या लापरवाही बरसों पुराने नाले पर आरआई और पटवारी की मिलीभगत से किया जा रहा हैं मकान का निर्माण। एक तरफ भूपेश बघेल का महत्वकांछी योजना नरवा घुरवा बारी छत्तीसगढ़ के चिन्हारी चलाई जा रही हैं और फिर उसी योजना के तहत बने नाली के ऊपर अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस तरफ ध्यान न देने पर यह समस्या आने वाले समय में विकराल रूप ले लेगी। इसी नाला के ऊपर पीडब्ल्यूडी ने पुलिया का निर्माण किया है और यह नाला रेड़ नदी में जाकर खत्म होता है। वार्ड क्रमांक 4,5,6 एवं 7 के बरसात का पानी इसी रास्ते से नदी में जाता है, ठीक इसी के ऊपर रसूखदार ने लेंटर की मकान निर्माण कर रहा है नगर पालिका ने इसी नाला के ऊपर में करीब 2 किलोमीटर का नाला निर्माण कर चुकी है। राजस्व विभाग मुखदर्शक बनी बैठी है आखिर किसका संरक्षण है इनके ऊपर कि नाला के ठीक ऊपर मकान निर्माण किया जा रहा है। राजस्व विभाग के आला अधिकारी इसी नाला से आते जाते हैं और मकान निर्माण को देखते हुए भी इसकी अनदेखी कर रहे है।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जांजगीर जिले के पिहारिद गांव में बोर में फसे 10 वर्षीय राहुल की सलामती के लिए पूरा प्रदेश दुआ कर रहा है ऐसा ही नजारा सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड में आयोजित रामगढ़ महोत्सव के दौरान देखने को मिला जहाँ जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन द्वारा रामगढ़ महोत्सव की शुरुआत से पहले राहुल की सलामती के लिए प्रार्थना की गई साथ ही रामगढ़ स्थित मंदिर में बैगा द्वारा राहुल की सकुशल वापसी के लिए पूजा एवं प्रार्थना कराई गई दरअसल सरगुजा के उदयपुर विकासखंड स्थित रामगढ़ में आज से रामगढ़ महोत्सव की शुरुआत की गई है लेकिन रामगढ़ महोत्सव की शुरुआत होने से पहले जो नजारा देखने को मिला उससे वहां मौजूद हर किसी शख्स के दिल भर आया महोत्सव की शुरुआत के पूर्व जनप्रतिनिधियों जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों और वहां मौजूद जनता ने मिलकर राहुल की सलामती के लिए दुआएं की साथ ही रामगढ़ स्थित राम मंदिर में बैगा द्वारा राहुल की सकुशल वापसी के लिए पूजा एवं प्रार्थना कराई ताकि जल्द से जल्द राहुल को सकुशल निकाला जा सके।
हिंद स्वराष्ट्र कोरबा : कोरबा के मेडिकल कॉलेज के सामने टाटा नेक्सा शो रूम में भीषण आग लग गई है। हादसे में 2 दर्जन से अधिक वाहन आग की चपेट में आ गए हैं। दमकल की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। मामला रामपुर चौकी अंतर्गत का है। बता दें कि, टाटा नेक्सा शो रूम में भीषण आग लग गई है। हादसे में दो आधा दर्जन से भी अधिक वाहन आग की चपेट में आ गए हैं, जिसमें से 4 वाहन जलकर खाक हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल वाहन आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। वहीं रामपुर चौकी पुलिस और 112 की टीम भी मौके पर मौजूद है। बताया जा रहा है कि शोरूम के पीछे वाले हिस्से के झाड़ियों में अज्ञात शख्स ने आग लगा दी थी, जिसकी वजह से आग शो-रूम तक फैल गई। नगर सेना के दमकल वाहन के अलावा एसईसीएल, सीएसईबी और एनटीपीसी के दमकल वाहन मौके पर मौजूद हैं।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : आषाढस्य प्रथम दिवसे के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला पुरातत्व संघ सरगुज़ा द्वारा 14 एवं 15 जून को आयोजित दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव में 15 जुन को सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकार रंगारंग कार्यक्रम की छटा बेखेरेंगे। प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 1ः30 बजे तक विद्यालयीन एवं स्थानीय कलाकार तथा अपरान्ह 2ः30 बजे से 5ः30 बजे तक आमंत्रित कलाकारों की प्रस्तुति होगी। आमंत्रित कलाकारों में बबिता विश्वास, स्तुति जायसवाल, संजय सुरीला, ज्योतिश्री वैष्णव सहित भरत नाट्यम, कला विकास केंद्र एवं पारंपरिक गीत संगीत शामिल हैं। महोत्सव का शुभारंभ 14 जून को प्रातः 11 बजे केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह की अध्यक्षता तथा छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टीएस सिंहदेव के मुख्य आतिथ्य में होगा। प्रभारी मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया विशेष अतिथि होंगे। खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत, स्कूल शिक्षामंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव श्री पारस नाथ राजवाडे, लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम, प्रेम नगर विधायक श्री खेल साय सिंह, खाद्य आयोग के अध्यक्ष श्री गुरप्रीत सिंह बाबरा, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री शफी अहमद, बीस सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह, महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, जिला पंचायत सदस्य श्री राकेश गुप्ता, श्री राजनाथ सिंह, श्री सुनील बाखला,श्रीमती राधा रवि, जनपद अध्यक्ष श्रीमती भोजवंती सिंह, जनपद उपाध्यक्ष श्री नीरज पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि श्री सिद्धार्थ सिंहदेव, जनपद सदस्य श्रीमती शांति राजवाड़े, ग्राम पंचायत पुटा की सरपंच श्रीमती नीला बाई, ग्राम पंचायत उदयपुर की सरपंच श्रीमती सोनश्री सिंह एवं ग्राम पंचायत रामनगर की सरपंच श्रीमती ललिता टेकाम विशिष्ट अतिथि होंगे। अतिथियों के उद्बोधन पश्चात शोध संगोष्ठी में शोध पत्रो का वाचन प्रथम सत्र में दोपहर 12ः5 बजे से 2 बजे तक तथा द्वितीय सत्र में अपरान्ह 2ः40 बजे से अपरान्ह 3ः30 बजे तक होगा। कवि सम्मेलन अपरान्ह 3ः30 से सायं 5ः30 बजे तक होगा।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) की गाय के लिए 7 पशु चिकित्सक की ड्यूटी लगाने वाले मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एस के तिवारी को निलंबित कर दिया गया है। एस. के. तिवारी ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें सप्ताह के सातों दिन सात पशु चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई थी। पत्र में लिखा था, “पशु चिकित्सकों की ड्यूटी सुबह से शाम तक होनी है। सभी सुबह और शाम छह बजे तक गाय की देखभाल करेंगे और रिपोर्ट भी दाखिल करेंगे.” पत्र में यह भी चेतावनी दी थी कि ड्यूटी में बरती गई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फतेहपुर के जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे की गाय की तबीयत ठीक नहीं है। अपूर्वा 2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और उनके पति कानपुर के जिलाधिकारी के पद पर तैनात हैं। इस मामले को लेकर डीएम अपूर्वा दुबे ने कहा कि उनके पास कोई गाय नहीं है। उनके परिवार में से किसी के पास भी कोई गाय नहीं है। उनका इस पत्र से कोई लेना-देना नहीं है अपूर्वा दुबे ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से भीषण गर्मी के कारण वह यह सुनिश्चित कर रही हैं कि गायों को उचित और समय पर चारा मिले। डीएम ने कहा कि गायों की देखभाल मामले में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और उनके डिप्टी दोनों को लापरवाही का दोषी पाया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई. यह पत्र उनकी खोखली मानसिकता को दर्शाता है और यह एक साजिश का हिस्सा है।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक अपने प्रवास में अंबिकापुर पहुंचे। भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में जिले के भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। तमाम उपलब्धियों के साथ केंद्र के मोदी सरकार का सफलतापूर्वक 8 वर्ष पूर्ण होने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान कार्यक्रम अंतर्गत नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों से मिलकर उन्हें सम्मानित किया और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसी तारतम्य में उन्होंने कोरोना काल में 70 हजार मास्क बांटने और जानवरों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था देने वाले मास्क मैन अजय अग्रवाल से उनके निवास पर मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।
विगत 40 वर्षों से समाज के विभिन्न दिशाओं में समाजसेवी सुश्री वंदना दत्ता, सरस निशुल्क भोजन संस्था की संचालिका तथा विगत कई वर्षों से हॉस्पिटल में मरीज एवं उनके परिजनों सहित 200 लोगों को भोजन कराने वाली समाज सेवी श्रीमती मुक्ता गुप्ता, मूक बधिर लोगों के लिए संस्था की संचालिका रीता अग्रवाल तथा उत्कृट शिक्षिकीय कार्य हेतु राष्ट्रपति से पुरस्कृत देवेन्द्रनाथ दुबे से उनके निवास पर भेंट कर श्री कौशिक ने इन्हें सम्मानित किया। इस कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष धर्म लाल कौशिक प्रेस से रूबरू हुए और अपने संबोधन में कहा कि आज मोदी जी के नेतृत्व ने बड़े-बड़े उपलब्धियों के साथ जनहित में उत्कृष्ट कार्य करते हुए देशवासियों का मान बढ़ाया है। सम्मान कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया , जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, देवनाथ सिंह पैकरा, अनिल केसरवानी, प्रबोध मिंज, सिद्धनाथ पैकरा, रामकिशुन सिंह, ओम प्रकाश जयसवाल, राजकुमार बंसल, मधुसूदन शुक्ला, आलोक दुबे, अभिषेक शर्मा, विकास पांडे, रूपेश दुबे, रामप्रवेश पांडे, सर्वेश तिवारी, कैलाश मिश्रा, मनीष सिंह, रिंकू वर्मा, शुभम अग्रवाल, संजय अग्रवाल एवं अन्य उपस्थित रहे।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : खाद्य मंत्री अमरजीत भगत शनिवार को मैनपाट भ्रमण के दौरान ग्राम अमगांव पहुंचे। चिलचिलाती धूप में उन्होंने बिना टेंट पंडाल के खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे बैठकर विधि-विधान पूर्वक पूजा अर्चना कर ढोढाडीह से बरहादांत तक करीब डेढ़ किलोमीटर मिट्टी-मुरुम सड़क का भूमिपूजन किया। इस सड़क का निर्माण वन विभाग द्वारा करीब 10 लाख रुपये की लागत से किया जायेगा। इस सड़क के बनने से अमगांव मुख्य मार्ग से ढोढाडीह- बरहादांत जुड़ जाएगा। भूमिपूजन के पश्चात खाद्य मंत्री ने ग्रामीणों के साथ ढोढाडीह से बरहादांत तक डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर सड़क का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश दी कि भविष्य में सड़क की चौड़ीकरण को ध्यान में रखते हुए सड़क के किनारे कोई निर्माण कार्य न करें। सड़क भले अभी कच्ची है लेकिन भविष्य में पक्का भी बनेगा। खाद्य मंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर सामाजिक कार्यक्रम में उपयोग के लिए बर्तन व कर्मा दल के साज-सज्जा की सामग्री के लिए राशि उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री अटल बिहारी यादव, एसडीएम श्री अनमोल टोप्पो, जनपद सीईओ श्री जयगोविंद गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : जाति प्रमाण पत्र में देरी की शिकायत पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर के बागबहार के नायब तहसीलदार उदय राज सिंह को सस्पेंड कर दिया है। पत्थलगांव विधानसभा में भेंट मुलाकात के दौरान सीएम के सामने यह शिकायत आई, जिसके बाद सीएम ने नायब तहसीलदार को सस्पेंड करने का आदेश दिया। इसी तरह धान खरीदी में अनियमितता के आरोप पर कोटबा सोसायटी के कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : आज जिला सुरजपुर विधानसभा 04 प्रेमनगर ग्राम पंचायत देवनगर में आम आदमी पार्टी द्वारा ग्राम संपर्क अभियान चलाया गया जिसमे प्रदेश सह संगठन मंत्री सुनील सिंह गौतम, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला सचिव हरि नारायण साहू, विधानसभा अध्यक्ष अंजय जैन,उपाध्यक्ष जेठू सिंह, उपाध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, सचिव सतिश पाल, प्रेम नगर ब्लाक अध्यक्ष राजेश जगते, जय प्रकाश, जिला उपाध्यक्ष राम नाथ टोप्पो के नेतृत्व में ग्राम संपर्क अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस ग्राम संपर्क अभियान में 52 लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : पूरे प्रदेश की सरकारी अस्पतालों की लचर व्यवस्था के कारण कई जिंदगियां जा चुकी हैं बावजूद इसके सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसी ही लचर सिस्टम की एक और खबर सामने आई है। सड़क हादसे में घायल हुए व्यक्ति को एंबुलेंस के द्वारा इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, तभी बीच रास्ते में चेन्द्रा के पास टायर फटने से एंबुलेंस को रोकना पड़ा। जिससे समय रहते मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पाया और लेटलतीफी की वजह से उसकी मौत हो गई । मामला बगीचा क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर सराईपानी निवासी भगतराम कहीं जा रहा था। तभी वह सराईपानी के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया । जिसे उपचार हेतु बगीचा के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रिफर कर दिया । बीच रास्ते फट गया 108 एंबुलेंस का टायर, स्टेपनी भी नहीं सड़क हादसे का शिकार हो गए व्यक्ति को इलाज कराने 108 से अम्बिकापुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में 108 एंबुलेंस का टायर फट गया। बताया जा रहा है कि जिस एंबुलेंस में मरीज को अस्पताल ले जाया जा रहा था उसमें स्टेपनी भी नहीं था। एम्बुलेंस में स्टेपनी नहीं होने के कारण टायर मरम्मत में काफी समय लग गया। समय बीतता गया और घायल व्यक्ति की स्थिति और बिगड़ती गई, अंत मे वह अस्पताल पहुंचता उससे पहले ही दम तोड़ दिया।
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने चार जिलों के तहसीलदारों की ट्रांसफर लिस्ट जारी की है। जारी लिस्ट में सरगुजा, बेमेतरा, रायपुर और बिलासपुर के तहसीलदारों के नाम शामिल है…
हिंद स्वराष्ट्र समाचारपत्र सूरजपुर प्रशान्त पाण्डेय आवेदक राजू साहू के द्वारा अपने आवेदन में कहा गया है की उनका वाहन टीपर 912 TATA जो 7/12/21 से जय नगर थाना में खड़ा था | उक्त वाहन में बैटरी चोरी हो गया हो और गाड़ी की मेन ग्लास सामने वाला पुरी तरह से टूटी हुई है। ये चोरी और तोड़-फोड़ जयनगर थाना परिसर में हुआ है, जब गाडी थाना परिसर में आई थी तब का विडीयो और फोटो जयनगर थाना परिसर में प्रार्थी के द्वारा लिया गया है।
आवेदक के दिए आवेदन से प्रतीत होता है की गाड़ी सही अवस्था में थाना परिसर में आई थी और बाद में उस खड़ी वाहन से चोरी हुई है,थाना परिसर से इस प्रकार वाहन से उसके पार्ट्स चोरी की घटना बहुत सारे सवाल खड़ी करती है आखिर चोरों को पुलिस का इतना भी दर नही है क्या जो वो थाना परिसर में आकर गाड़ी के पार्ट्स चोरी करके चले जाते हैं। और पुलिस के मुस्तैदी पर भी यह एक सवालिया निशान हैं क्योंकि अगर थाना परिसर हो सुरक्षित नहीं तो थाने के बाहर क्या सुरक्षित रहेगा…?
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : हसदेव अरण्य की जबरदस्ती व प्रशासनिक दबाव के साथ कटाई का स्थानीय आदिवासी पुरजोर विरोध कर रहे हैं। इसके बाद भी आदिवासियों के हसदेव अरण्य बचाओ के आंदोलन को नजर अंदाज कर स्थानीय कांग्रेस सरकार प्रशासनिक अमलों से चोरी-छुपे जंगल की कटाई का आदेश दे वन आश्रित ग्रामीणों के साथ दुर्लभ जीव-जंतुओं के जान से खिलवाड़ कर रही है। हसदेव अरण्य को बचाने आंदोलन कर रहे आदिवासियों की आवाज बुलंद करने भाजपाई भी मैदान में उतर गए हैं। भाजपा कार्यकर्ता ने प्रदेश की जंगलीय अद्भूत संस्कृति को बचाने का संकल्प ले आदिवासियों की सुरक्षा के साथ ज़मीनी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिला अंतर्गत ग्राम हरिहरपुर में मांइस प्रभावित संघर्षरत आदिवासियों के धरने में भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, प्रबल प्रताप सिंह जुदेव, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व कोरबा जिला प्रभारी विक्रांत सिंह ठाकुर, भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ सह संयोजक संजू नारायण सिंह ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष चिंटू राजपाल, भाजयुमो पूर्व जिला उपाध्यक्ष विजय व्यास सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता घंटो धरने में आदिवासियों के साथ बैठे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ के उत्तरी कोरबा, दक्षिणी सरगुजा और सूरजपुर जिले के बीच स्थित करीब 1 लाख 70 हेक्टेयर में फैला वनाच्छिदत क्षेत्र हसदेव अरण्य जैव विविधता के लिए पूरे विश्व में जाना जाता है। यह विशालतम वन स्थानीय आदिवासियों सहित विविध दुर्लभ जीव – जंतुओं के जीवकोपार्जन का एक मात्र साधन है। जिस प्रदेश कांग्रेस की सरकार ने तानाशाही फैसला देते हुए काटने का निर्णय लिया है। जिसका हम पुरजोर विरोध करते है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्ता मे आते ही जनता को किए अपने वादे भूल गए हैं। इतना ही नहीं कांग्रेसियों के मसीहा राहुल गांधी के किसी भी हद में जंगल बचाने के आदिवासियों के साथ किए वायदे को भूल गए हैं। प्रदेश कांगेस की भूपेश सरकार पैसे कमाने की लालच में अपनी ही प्राचीनतम संस्कृति के साथ खिलवाड़ कर रहे। जिसका हम भाजपा कार्यकर्ता पुरजोर विरोध करते हैं। साथ ही जंगल को बचाने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा आदिवासियों के साथ प्रदर्शन में शामिल रहेंगे।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जितेन्द्र सोनी आ० नंदू प्रसाद सोनी उम्र 27 वर्ष निवासी पटपरिया अम्बिकापुर थाना गांधीनगर जिला सरगुजा के रिपोर्ट दर्ज कराया गया की आरोपी उमाकांत यादव के द्वारा कैनविज कंपनी के फ्रेंचाइजी डिस्ट्रीब्युटर सेंटर शिवधारी कालोनी अम्बिकापुर ब्राच में बतौर आपरेटर तथा मैनेजर का कार्य करने के दौरान कंपनी के पैसों को कंपनी के खाते में न जमा कर स्वयं के खाते में लगभग 30-40 लाख रूपये का गबन कर लिया है तथा आरोपी के द्वारा अन्य बैंको में भी अपने नाम से कई खाते खोलकर कंपनी के पैसो को ट्रासफर किया गया है की रिपोर्ट पर आरोपी उमाकांत यादव के विरुद्ध अ०क० 141/2022 धारा 420,408,468,467,471 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया मामले की जानकारी वरिष्ट अधिकारीयो को दी गयी. जो श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदया भावना गुप्ता व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री विवेक शुक्ला के दिशा निर्देशन में श्रीमान नगर पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी उमाकांत का लगातार पता तलाश किया जा रहा था जो घटना दिनांक से फरार चल रहा था दौरान आरोपी पता तलाश के आरोपी उमाकांत को हिरासत में लेकर पुछताछ किया गया जो अपराध घटित करना स्वीकार किया जो आरोपी उमाकांत यादव आ० मदुकधारी यादव उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम सहनपुर स्कुल पारा थाना सीतापूर हा०मु० टाइम आउट रोड अखिलेश श्रीवास के किराये के मकान में थाना गांधीनगर जिला सरगुजा गिर० कर न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय पेश किया गया है।
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : साप्ताहिक बाजार में कपड़ा दुकान में कथित रूप से गौमांस बेचे जाने की घटना को लेकर दूसरे दिन भी शहर में बवाल मचा हुआ है। विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर पूरा जिला बंद है। सुबह से बाजार स्वफूर्त बंद है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन ने बड़ी संख्या में बल तैनात कर दिया। गुरुवार को जिस स्थान पर घटना हुई थी उसे पूरी तरह से खाली कराया जा रहा है। वहीं गौ मांस की इस कथित घटना को लेकर शुरू हुए बवाल के बाद जिला प्रशासन ने शुक्रवार को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिन्दू,मुस्लिम समाज के साथ प्रमुख राजनीतिक दलों की एक बैठक आहूत की है। इस बैठक में शहर में दो समुदायों के बीच लगातार बन रही तनाव की स्थिति से निबटने के तौर तरीके पर विचार किया जाएगा।
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित सुदूर वनांचल क्षेत्र छतरंग पालकेवरा में आवागमन की समस्या से क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भटगांव विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक पारसनाथ राजवाड़े को अवगत कराए जाने पर क्षेत्रीय विधायक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कैलाशनगर से छतरंग जाने वाले मार्ग में स्थित बलम्मा घाट में उच्च स्तरीय पुलिया निर्माण कार्य की स्वीकृति संसदीय सचिव द्वारा दिलावाया गया। जिसका भूमि पूजन आज सभी जनपद स्तरीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में क्षेत्र के स्थानीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन में संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े द्वारा किया गया। विदित होना चाहेंगे कि कैलाशनगर से छतरंग जाने वाले मार्ग पर स्थित बलम्मा घाट में पुलिया निर्माण की नितांत आवश्यकता थी उक्त घाट में पुलिया ना होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था, इसके साथ ही कई अप्रिय घटना घटित हो चुकी थी जिससे ग्रामीण परेशान थे। उक्त परेशानी को देखते हुए संसदीय सचिव द्वारा बलम्मा घाट में पुलिया निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। बलम्मा घाट में पुलिया निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। इस कृत हेतु स्थानीय ग्रामीणों द्वारा अपने क्षेत्र के विधायक पारसनाथ राजवाड़े को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से जनपद अध्यक्ष मनिहारी लाल पैकरा, उपाध्यक्ष शिवबालक यादव, लोकेश गुर्जर, संजय यादव, मंदेश गुर्जर, गौतम कुशवाहा, रूपेश सिंह, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर निखिल यादव, वन क्षेत्राधिकारी नरेंद्र गुप्ता, मेवालाल पटेल एवं स्थानीय ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : गौमांस बिक्री की आशंका पर गुरुवार को जशपुर में बवाल मच गया है। बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं व लोगों ने हंगामा किया। इससे जशपुर शहर की अधिकांश दुकानें बंद हो गई हैं। शहर में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी पेट्रोलिंग कर रहे हैं। वहीं, तीन लोगों को हिरासत में लेने की खबर है।
मिली जानकारी के अनुसार बाजार डांड में दो युवकों व एक महिला पर कुछ युवकों को बीफ बिक्री का संदेह हुआ। यह खबर आग की तरह फैली और इसमें बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। युवा मोर्चा ने हंगामा शुरू किया। युवकों की पिटाई की भी जानकारी सामने आ रही है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद हिंदू संगठन के लोग भगवा ध्वज लेकर शहर में निकले। हालात देखकर शाम तक अधिकांश दुकानें बंद कर दी गईं। वहीं प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने शहर में निकलकर मोर्चा संभाला। देर शाम महाराजा चौक में हिंदू संगठनों द्वारा प्रदर्शन की जानकारी सामने आ रही है। एडिशनल एसपी प्रतिभा तिवारी व एसडीओपी राजेन्द्र परिहार फोर्स के साथ निकले और जिन लोगों पर बीफ बेचने का आरोप लगा था, उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक हालात नियंत्रण में है और पुलिस की टीमें शहर में गश्त कर रही हैं।