हिंद स्वराष्ट्र बगीचा मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी नीलम तिर्की ने बगीचा थाना पहुंच कर बगीचा जनपद सीईओ के खिलाफ शिकायत की है जिसमे उन्होंने बताया है की जनपद सीईओ के द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और हड़ताल समाप्त होने के बाबजूद भी उन्हे उनका प्रभार नही दिया जा रहा है। कार्यक्रम अधिकारी ने आरोप लगाया है की जनपद सीईओ के द्वारा जातिगत भाषा का प्रयोग करते हुए दुर्व्यवहार भी किया।
अपने उपर लगे आरोपों का खण्डन करते हुए जनपद सीईओ ने बताया की मनरेगा अधिकारियों के उपर पंचायत सचिवों ने शिकायत की थी जिसका हड़ताल के कारण जांच नही हो सका है,तथा हड़ताल खत्म होने के बाद पंचायत सचिवों ने पुनः कार्यवाही की मांग की है और 18 जून तक का अल्टीमेटम तक भी दिया है यदि मनरेगा अधिकारियों को नही हटाया गया तो वो सभी सामूहिक हड़ताल में चले जायेंगे तथा इस मामले की पूरी जानकारी विधायक और कलेक्टर को भी है,कलेक्टर के निर्देशानुसार उसका तबादला कांसाबेल कर दिया गया था और उसे बगीचा से रिलीव भी कर दिया गया है।
मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी ने बगीचा जनपद सीईओ पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, 1 जुलाई से हफ्ते में तीन दिन मिलेगी छुट्टी, सैलरी से PF तक के बदले नियम

सरकार जल्दी ही नया वेज कोड लागू कर सकती है. पहले ये 1 अप्रैल 2021 से लागू होने वाला था उसके बाद, अक्टूबर से इसके लागू होने की संभावना थी. लेकिन राज्य सरकारों की अटकलों के कारण इसे नहीं लागू किया गया. अब ये नियम 1 जुलाई से लागू किया जाएगा. इसके लिए सभी राज्य अपने ड्राफ्ट रूल्स दे चुके हैं. आपको बता दें कि नए नियम के तहत कर्मचारियों की सैलरी, छुट्टियां वगैरह में बदलाव होंगे.
1. साल की छुट्टियां बढ़कर 300
कर्मचारियों की अर्जित अवकाश यानी छुट्टियां 240 से बढ़कर 300 हो जाएंगी. दरअसल, लेबर कोड के नियमों में बदलाव को लेकर श्रम मंत्रालय, लेबर यूनियन और उद्योगजगत के प्रतिनिधियों के बीच कई प्रावधानों पर चर्चा हुई थी. जिसमें कर्मचारियों की अर्न्ड लेवल 240 से बढ़ाकर 300 किए जाने की मांग की गई थी.
2. बदलेगा सैलरी स्ट्रक्चर
नए वेज कोड के तहत कर्मचारियों के सैलरी स्ट्रक्चर में बदलाव आएगा, उनकी टेक होम सैलरी में कमी होगी. दरअसल, वेज कोड एक्ट 2019 के मुताबिक, किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी कंपनी की लागत के 50 परसेंट से कम नहीं हो सकती है. अभी कई कंपनियां बेसिक सैलरी को काफी कम करके ऊपर से भत्ते ज्यादा देती हैं ताकि कंपनी पर बोझ कम पड़े।
3. भत्तों में कटौती
किसी कर्मचारी की कॉस्ट टू कंपनी में तीन से चार कंपोनेंट होते हैं. बेसिक सैलरी, हाउस रेंट अलाउंस , रिटायरमेंट बेनेफिट्स जैसे PF, ग्रेच्युटी और पेंशन और टैक्स बचाने वाले भत्ते जैसे- एलटीएऔर एंटरटेनमेंट अलाउंस. अब नए वेज कोड में ये तय हुआ है कि भत्ते कुल सैलरी से किसी भी कीमत पर 50 परसेंट से ज्यादा नहीं हो सकते. ऐसे में अगर किसी कर्मचारी की सैलरी 50,000 रुपये महीना है तो उसकी बेसिक सैलरी 25,000 रुपये होनी चाहिए और बाकी के 25,000 रुपये में उसके भत्ते आने चाहिए.
यानी अभी तक जो कंपनियां बेसिक सैलरी को 25-30 परसेंट रखती थीं, और बाकी का हिस्सा अलाउंस का होता था, वो अब बेसिक सैलरी को 50 परसेंट से कम नहीं रख सकती हैं. ऐसे में कंपनियों को नए वेज कोड के नियमों को लागू करने के लिए कई भत्तों में कटौती भी करनी पड़ेगी.
4. नए वेज कोड में क्या खास
नए वेज कोड में कई ऐसे प्रावधान दिए गए हैं, जिससे ऑफिस में काम करने वाले सैलरीड क्लास, मिलों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों तक पर असर पड़ेगा. कर्मचारियों की सैलरी से लेकर उनकी छुट्टियां और काम के घंटे भी बदल जाएंगे. आइये जानते हैं नए वेज कोड के कुछ प्रावधान जिनके लागू होने के बाद आपकी जिंदगी में काफी बदलाव आएगा।
5. बढ़ेंगे वीकली ऑफ
नए वेज कोड के तहत काम के घंटे बढ़कर 12 हो जाएंगे. श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, नए नियम में हफ्ते में 48 घंटे कामकाज का नियम ही लागू रहेगा, दरअसल कुछ यूनियन ने 12 घंटे काम और 3 दिन की छुट्टी के नियम पर सवाल उठाए थे. सरकार ने इस पर अपनी सफाई में कहा कि हफ्ते में 48 घंटे काम का ही नियम रहेगा, अगर कोई दिन में 8 घंटे काम करता है तो उसे हफ्ते में 6 दिन काम करना होगा और एक दिन की छुट्टी मिलेगी।
अगर कोई कंपनी दिन में 12 घंटे काम को अपनाती है तो बाकी 3 दिन उसे कर्मचारी को छुट्टी देनी होगी. अगर काम के घंटे बढ़ते हैं तो काम के दिन भी 6 की बजाय 5 या 4 ही होंगे. लेकिन इसके लिए कर्मचारी और कंपनी दोनों के बीच सहमति होना भी जरूरी है.. इतना ही नहीं अगर कर्मचारी एक हफ्ते में 48 घंटे से ज्यादा काम करता है तो ओवर टाइम के पैसे मिलेंगे.
सनसेट का आनंद लेने मेहता पॉइंट पहुंचा 6 हाथियों का दल..वन विभाग ने सैलानियों से की वहां न जाने की अपील…
हिंद स्वराष्ट्र मैनपाट : सरगुजा जिले में जंगली हाथियों की चहलकदमी लगातार जारी है। ऐसे ही चहलकदमी करते हुए नन्हे शावक संग 6 सदस्यीय जंगली हाथियों का दल मैनपाट पहुंचा हैं। हाथियों का यह दल नन्हे शावक संग मेहता पॉइंट के खाई वाले इलाके में अपना डेरा जमाए हुए हैं। फिलहाल हाथियों ने अभी तक जानमाल को किसी तरह की क्षति नहीं पहुँचाई है। वहीं मेहता पॉइंट में इन हाथियों के दल के पहुँचने की खबर सुन उन्हें देखने लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। वन विभाग ने लोगों से हाथियों के करीब नहीं जाने एवं उन्हें किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुँचाने की अपील की है। आप को बता दें मेहता पॉइंट में हमेशा सैलानियों का हुजूम उमरा रहता है दूर-दूर से लोग मेहता पॉइंट पर सनसेट को देखने आते हैं ऐसे में वन विभाग ने लोगो की सुरक्षा के मद्देनजर लोगो को वहां जाने से मना किया हैं।
106 घंटों तक फसा था राहुल,अब अपने पैरों में दौड़ने की है तैयारी
14 जून से बिलासपुर के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती राहुल साहू की शनिवार को छुट्टी होने वाली है. अपोलो के डॉक्टरों के द्वारा दिए जा रहे ट्रीटमेंट से अब राहुल पूरी तरह स्वस्थ हो गया है. राहुल के शरीर के अंदर का इन्फेक्शन भी खत्म हो गया है जिसे देखते हुए आज शनिवार को अस्पताल से उसे छुट्टी दे दी जाएगी.
इसके अलावा डॉक्टरों ने उसके परिजनों को कुछ जरुरी सलाह देते हुए घर पर एक्सरसाइज कराने की सलाह दी है. साथ ही उसका कुछ दिनों तक फिजियो चलाने को भी कहा जाएगा ताकि राहुल फिर से अच्छी तरह अपने पैरों पर दौड़ना शुरू कर दे। राहुल का परिवार खुश
इससे पहले राहुल का उपचार बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में चल रहा था जिससे उसके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. राहुल अब खुद सहारा लेकर चलने लगा है. अब वो मोबाइल में गाने सुनकर मुस्कुरा भी रहा है. राहुल के स्वास्थ में सुधार को देखकर उसके परिवार सहित पूरे प्रदेश के लोग खुश हैं।
10 जून को बोरवेल के गड्ढे में गिरा था राहुल
बता दें कि 10 जून को राहुल बोरवेल के लिए खोदे गए गड्ढे में 60 फीट की गहराई में गिर गया था. उसे 106 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 14 जून की रात को सुरक्षित उस गड्ढे से निकाला गया था. तब से राहुल बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती है। सीएम ने भी किया था राहुल का वीडियो शेयर
राहुल का हाल जानने हॉस्पिटल में कई नेता पहुंच थे. सीएम भूपेश बघेल ने भी उसका एक वीडियो शेयर किया है, जिसे ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा ‘राहुल खेलत हे, हंसत हे, मुस्कुरावत, झुमत हे..’
बोरे में मिली लाश की गुत्थी सुलझी, रेप केस में फसाने की धमकी से तंग आकर दो युवकों ने की थी हत्या…
हिंद स्वराष्ट्र भिलाई : भिलाई के नेवई थाने के मरोदा रेलवे स्टेशन के पास बोरे में बंद मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला शराब और कुछ पैसे लेकर कई लोगों से शारीरिक संबंध बनाती थी। लेकिन इन दिनों वह दो युवकों को पैसों के लिए ब्लैकमेल कर रही थी। युवती पैसे न देने पर रेप केस में फंसाने की धमकी भी दोनो युवकों को दे रही थी। महिला की यह चाल ही उल्टी पड़ गई और उसे जान से हाथ धोना पड़ गया। नेवई पुलिस के मुताबिक मरोदा नेवई निवासी 35 वर्षीय युवती भावना साहू की गुरुवार सुबह सुलभ शौचालय के पास लाश मिली। लाश बोरे में भरकर फेंकी गई थी। नेवई पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों युवकों ने हत्या करने की बात कबूली है। महिला अपने पति अलग रहती थी। पकड़े गए दोनो युवकों के मुताबिक दोनो ने घटना की रात महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाया। महिला से वे काफी समय पहले से जुड़े थे। महिला उनसे शराब और कुछ पैसे लेती थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से वह दोनों युवकों से ज्यादा पैसों की मांग कर रही थी और पैसे नहीं देने पर युवकों को धमकी दे रही थी कि, वह रेप केस में फ़ंसा देगी। उसकी ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर दोनों युवकों ने भावना को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार किया। प्लान के मुताबिक दोनो युवक महिला के घर गए, वहां तीनों ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान एक युवक ने मौका देखकर महिला का गला दबा दिया और दूसरे ने हथौड़ी से सिर फोड़ दिया। फिर भी युवकों को उसकी मौत को लेकर संदेह हुआ तो उसे दीवार पर पटका गया। मर जाने के बाद दोनों युवकों ने उसे एक बोरे में भरकर नेवई के सुलभ शौचालय के पास फेंककर भाग निकले। गुरुवार दोपहर सफाई कर्मी ने लाश देखी और पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया है। दोनो आरोपी सोनू नेताम और जशवंत देशलहरे उर्फ जॉन सिर्फ 18 और 19 साल के बताए गए हैं।
टीसी देने की एवज में ₹10000 की मांग, जिला शिक्षा अधिकारी ने रद्द की स्कूल की मान्यता..
हिंद स्वराष्ट्र जशपुर : जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि बगीचा के सेंदवार स्थित गुरुकुल संस्कृत विद्यालय में टीसी के नाम पर छात्रों के परिजनों से 10 हजार रुपये की मांग किये जाने की शिकायत मिली थी।शिकायत के आधार पर बगीचा बीईओ के द्वारा पूरे मामले की जाँच कराई गई ।जांच में शिकायतों की पुष्टि होने के बाद 2022-23सत्र के लिए इस स्कूल की मान्यता पर रोक लगा दी गयी है।

CMHO को हटाया गया,अनिल कुमार श्रीवास्तव बने नए सीएमएचओ…
हिंद स्वराष्ट्र : स्वास्थ्य विभाग ने बिलासपुर के सीएमएचओ प्रमोद महाजन को शुक्रवार को आदेश जारी कर हटा दिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अवर सचिव ने आदेश जारी किया जहां प्रमोद महाजन की जगह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर के चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव को मुख्य चिकित्सा अधिकारी का प्रभार सौंपा गया है। डॉक्टर प्रमोद महाजन स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक के पदभार में भी है। उनका यह प्रभार यथावत बना रहेगा।

भारतीय वायु सेना में अग्निविर बनने के लिए आवेदन प्रारंभ, जाने कैसे होगा आवेदन और कितनी होगी सैलरी
भारतीय वायु सेना में अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गईं है. वायु सेना में इच्छुक उम्मीदवार अपना पंजीकरण आधिकारिक वेबसाइट पर करवा सकते हैं. उम्मीदवार जान लें भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा ठीक एक महीने बाद यानी 24 जुलाई को आयोजित की जाएगी और इस साल दिसंबर से अग्निवीरों की पहले बैच की ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी.
पंजीकरण के लिए यहां करें आवेदन
वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार चयन और भर्ती से संबंधित सभी जानकारी उम्मीदवार इंडियन एयरफोर्स की ऑफिशियल वेबसाइट indianairforce.nic.in पर जारी नोटिफिकेशन में चेक कर सकते हैं. साथ ही बता दें ऑनलाइन पंजीकरण 05 जुलाई तक जारी रहेंगा.
भर्ती के लिए ऐसे करें आवेदन
जानकारी के लिए बता दें वायु भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है. आवेदन agnipathvayu.cdac.in पर किए जा सकते हैं. ऑफिशियल वेबपोर्टल सुबह 10 बजे से लाइव हो जाएगा. उम्मीदवार अपनी बेसिक डिटेल्स के साथ रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे जिसके बाद ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा. फॉर्म जमा करने के लिए 250/- रुपये का आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा.
सेना में भर्ती होने के बाद कितनी होगी सैलरी
जानकारी के लिए बता दें उम्मीदवारों की भर्ती 4 वर्षों के लिए की जाएगी. प्रत्येक वर्ष सैलरी और भत्ते इस प्रकार मिलेंगे. पहले साल 30,000/- वेतन और भत्ता मिलेगा. दूसरे साल 33,000/- वेतन और भत्ता मिलेगा. तीसरे साल 36,500/- वेतन और भत्ता मिलेगा. चौथे साल 40,000/- वेतन और भत्ता दिया जाएंगा. इसके अलावा वेतन का 30 प्रतिशत हिस्सा काटकर सेवा निधि में जमा किया जाएगा. इन 4 वर्षों में अग्निवीर कुल 10.4 लाख की निधि जमा करेंगे जो ब्याज लगाकर 11.71 लाख हो जाएगी. यह निधि आयकर मुक्त होगी जो अग्निवीरों की 4 साल की सर्विस के बाद मिलेगी. साथ ही इस दौरान प्रत्येक वर्ष 30 दिनों की छुट्टी भी मिलेगी.
लुण्ड्रा जनपद सीईओ समेत 4 अधिकारियों के तबादले..देखे आदेश..
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास आयोग द्वारा 4 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। किए गए तबादलों में तीन जनपद सीईओ और एक सहायक आयुक्त के तबादले किए गए हैं।

गटर में मिली बोरी में बंद महिला की लाश, सिर और शरीर पर चोट के निशान..
हिंद स्वराष्ट्र भिलाई : भिलाई के मरोदा स्टेशन के पास बोरी में बंद महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। शव कई दिन पुराना है। पुलिस के मुताबिक उसके सिर व शरीर पर चोट निशान हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने उसे मार कर सुलभ शौचालय के गटर में फेंक दिया है। नेवई पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नेवई टीआई ममता अली शर्मा ने बताया कि गुरुवार दोपहर उन्हें सूचना मिली थी कि मरोदा स्टेशन के पास स्थित सुलभ शौचालय के गटर में एक महिला का सड़ा-गला शव मिला है। किसी ने शव को बोरी में भरकर फेंक दिया था। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि सफाई कर्मचारियों ने शव को सफाई के दौरान सबसे पहले देखा। बोरे में बंद महिला के शव को बाहर निकाला गया। मोहल्ले के लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया गया।
लोगों ने महिला की पहचान भावना साहू (40) के रूप में की। लोगों ने टीआई को बताया कि मृतका बालोद जिला की रहने वाली और मरोदा स्टेशन के पास अकेले रहती थी। विगत तीन-चार दिनों से उसका अता पता नहीं था। मोहल्ले वासियों ने पुलिस को बताया कि वह बीच-बीच में कई दिनों के लिए घूमने चली जाती है। इसके कारण कोई इस पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करके शव को पीएम के लिए भेज दिया है। पीएम के बाद मौत के कारण का सही पता चल पाएगा।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुराने कुलपति ने ग्रहण किया पदभार..
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिले में स्थित संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति के पद पर प्रोफेसर रोहिणी प्रसाद ने पदभार ग्रहण कर लिया है. रोहिणी प्रसाद पूर्व में भी सरगुजा विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके है. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद 3 जनवरी 2020 को धारा 52 के तहत प्रोफ़ेसर रोहिणी प्रसाद को हटा दिया गया था. राज्य सरकार के इस निर्णय के खिलाफ उन्होंने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी. उनकी याचिका पर उच्च न्यायालय की एकल पीठ का आदेश आ चुका है. जिसमें प्रोफेसर रोहिणी प्रसाद ने उच्च न्यायालय के आदेश के साथ राज्यपाल कार्यालय से जारी पत्र भी संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा के कुलसचिव को सौंपा है. इधर प्रोफेसर रोहिणी प्रसाद ने जब पदभार ग्रहण करने संबंधित कार्रवाई पूरी की उस दौरान वर्तमान कुलपति अशोक सिंह विश्वविद्यालय में नहीं थे. उनके चेंबर में भी ताला लगा था. वहीं अशोक सिंह विश्वविद्यालय की शासकीय वाहन को भी लेकर कही चले गए है. ऐसे में सरगुजा यूनिवर्सिटी के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है. बता दें कि इस याचिका में प्रोफेसर रोहिणी प्रसाद ने पद से हटाए जाने को चुनौती देते हुए विधि विरुद्ध बताया था और उनकी याचिका पर 13 जून को उच्च न्यायालय का आदेश आया है. जिसमें प्रोफेसर रोहिणी प्रसाद के खिलाफ की गई कार्रवाई को गलत माना गया था.
2020 में हटाया गया था पदभार
इस संबंध ने कुलपति रोहिणी प्रसाद ने बताया कि 13 जून को कोर्ट का आदेश आया है. कोर्ट के आदेश और राज्यपाल के आदेशानुसार मंगलवार को पदभार ग्रहण किया है. उन्होंने बताया कि 2020 में धारा 52 का आदेश मिला था. उसके तहत उन्हें कुलपति पद से हटाया गया था. इसको कोर्ट में चुनौती दी गई थी और कोर्ट के आदेशानुसार कल पदभार ग्रहण कर लिया है. अब कुलपति के दायित्व पर उपस्थित हूं, जो काम आएगा उसे करूंगा.
स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में जमकर हंगामा: छात्रों के दो गुटों में जमकर चले लात-घूंसे और बेल्ट..
हिंद स्वराष्ट्र जांजगीर–चांपा : जांजगीर-चांपा स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी शासकीय स्कूल में छात्रों के बीच गैंगवार हो गई। छात्रों के दो गुट आपस में ही भिड़ गए। स्कूल के मैदान में दोनों गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर बेल्ट से पीटा गया। अब इसका वीडियो वायरल है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रों के बीच मारपीट क्यों हुई है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात जरूर कह रही है।मिली जानकारी के मुताबिक, जांजगीर शहर में स्थित आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल परिसर में छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद छात्रों के दो गुट बन गए और मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से छात्रों ने बेल्ट निकाल ली और एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने लगे। इस दौरान कुछ छात्रों को लात-घूंसों से भी पीटा गया। हालांकि यह छात्र इसी आत्मानंद स्कूल के हैं या किसी अन्य के, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल मारपीट का यह वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो वायरल है, हालांकि पुलिस जानकारी से इनकार कर रही है। उसे किसी तरह की शिकायत भी नहीं मिली है। कोतवाली थाना प्रभारी उमेश साहू का कहना है कि अभी वीडियो और मारपीट के बारे में नहीं पता था, लेकिन अब जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वीडियो के आधार पर उसमें दिख रहे छात्रों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
विद्युतीकरण का काम करवा रहे रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक की मेमू से टकराकर मौत…
शहडोल: बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर रेल लाइन के विद्युतीकरण के काम में लगे रेल अधिकारी योगेंद्र सिंह भाटिया की एक ट्रेन से टकराने के कारण मौत हो गई. हादसे की जानकारी मौके पर मौजूद कर्मचारियों को उस वक्त लगी, जब ट्रेन मौके से गुजर गई. गंभीर रूप से घायल हुए क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र सिंह भाटी को धनपुरी सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरो ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेष बघेल ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम ने किया ट्वीट
इस हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल ने 2018 बैच के भारतीय रेलवे सेवा के अधिकारी भाटिया के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. बघेल ने उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना प्रकट की है.

काम के दौरान गई जान
बताया गया है कि अमलाई रेलवे लाइन पर तीसरी लाइन के विद्युतीकरण का काम चल रहा था. इस काम में भाटिया गुरुवार की रात को लगे हुए थे. इसी दौरान कटनी से बिलासपुर की ओर जाने वाली मेमो ट्रेन आ गई और भाटिया उससे टकरा गए. इस हादसे में उनकी मौत हो गई।
क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर थे
बता दें कि भाटिया दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के बिलासपुर डिवीजन में बैकुंठपुर में पदस्थ क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर पदस्थ थे, वर्तमान में उनके पास शहडोल का अतिरिक्त प्रभार था.
सीबीएसई 10th, 12th Result की तारीख! जानिए कहां से डाउनलोड कर पाएंगे स्कोरकार्ड
सीबीएसई कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा रिजल्ट के इंतजार के बीच, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा इस महीने के आखिर तक कक्षा 10वीं के दूसरे टर्म की परीक्षा के रिजल्ट घोषित करने की उम्मीद है, जबकि कक्षा 12वीं का रिजल्ट 2022 जुलाई के दूसरे सप्ताह तक घोषित किया जा सकता है.
सूत्रों के मुताबिक सीबीएसई कक्षा 10 परीक्षा 2022 के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, परिणाम की तारीख को जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कक्षा 10 की परीक्षाओं के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया लगभग समाप्त हो चुकी है और बोर्ड जल्द ही परिणाम की तारीखों की घोषणा करेगा. हालांकि, बोर्ड ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
कक्षा 10 और 12 के रिजल्ट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in, cbresults.nic.in पर उपलब्ध होंगे. सीबीएसई टर्म 2 का रिजल्ट टर्म 1 और टर्म 2 परीक्षा में ओवरऑल परफोर्मेंश शामिल होगा. छात्र अपना स्कोरकार्ड उसी वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं.इस साल 26 अप्रैल से 15 जून, 2022 तक आयोजित सीबीएसई 10वीं और 12वीं टर्म 2 की परीक्षा में 35 लाख से अधिक स्टूडेंट्स उपस्थित हुए थे. लगभग 21 लाख छात्र कक्षा 10 की परीक्षा में शामिल हुए और लगभग 14 लाख छात्र कक्षा 12 की परीक्षा में शामिल हुए. छात्रों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत नंबर प्राप्त करने की आवश्यकता है।
हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से गौ की मौत,रास्ते में पड़ा था ट्रांसफार्मर
अलवर माँढण क्षेत्र के कुतीना में विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. करंट की चपेट में आने से गौवंश की मौत हुई है. ग्रामीणों ने काफी बार विद्युत पोल में करंट आने की शिकायत भी दी उस के बावजूद भी नहीं बदला जा रहा पोल, गोवंश की मौत से गुसाए ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध जताकर किया प्रदर्शन.
माँढण क्षेत्र के कुतीना में 1987 में इस गांव में लाइट आई थी तब से अभी तक लाइनों का ने तो काम हुआ है ना ही विद्युत विभाग करना चाहता है क्योंकि विद्युत विभाग को ग्रामीण हर वर्ष याद दिलाते हैं हमारे यहां पर लाइने ढीली हैं रास्ते में ट्रांसफार्मर रखे हैं उनको साइड किया जाए लेकिन विद्युत विभाग अनदेखा कर देता है और झूठी दिलासा देता है अभी करवा देंगे एक-दो दिन में करवा देंगे लेकिन काम नहीं हो पा रहा है. यही हाल खेतों में देखने को मिलता है किसानों को आती है हर वर्ष परेशानी जर्जर लाइनें पड़ी हुई हैं.
लाइने ढीली है खेत में हल नहीं चला सकता किसान क्योंकि लाइने ढीली पड़ी हुई है. अब ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और आपको बता दें कि यह समस्या इसी गांव की नहीं है. पूरी ग्राम पंचायत की है पूरी ग्राम पंचायत में 2 गांव लगते हैं कांकर और कुतीना आज से 8 महीने पहले भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था. ट्रांसफार्मर के अर्थ में हाईटेंशन का करंट दौड़ा था, जिसमें 24 बकरियों की मौत हो गई थी. फिर भी विद्युत विभाग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. आए दिन हो रहे हैं हादसे कुछ दिनों पहले भी एक व्यक्ति को करंट लग गया था.
खेत में पानी देते वक्त लेकिन गनीमत यह रही थी कि वह व्यक्ति बच गया था अब ग्रामीण करे तो क्या करें सरकार से पैसा तो आता है, लेकिन कर्मचारी अपनी जेब में भर लेते हैं. मेंटेनेंस के नाम पर नहीं होता कोई भी काम, एक दो जगह ठेकेदार को खड़ा करके 1-2 पोल खड़ा करवा देते हैं और काम दिखा देते हैं अब ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. देखना यह है कि कब तक विद्युत विभाग इस समस्या का समाधान कर पाएगा.
सोने की बात बोलकर पिता ने लगाई फांसी,बच्चे को भूख लगी तो कमरा खोलने पर मिला फंदे से लटका पिता का शव
सीकर जिले के श्रीमाधोपुर कस्बे के वार्ड नंबर 9 ढाणी साध्यावाली में एक किराए के मकान में किराएदार एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार चला गुहाला निवासी जितेंद्र कुमार जो कि अपनी पत्नी सहित दो बच्चों के साथ श्रीमाधोपुर वार्ड नंबर 9 में फुलचंद कुमावत के मकान में तीन माह से किराए के मकान में रह रहा था. पुलिस ने बताया कि प्राथमिक तौर पर मृतक जितेंद्र जो कि शराब का आदी था. मृतक जितेंद्र की पत्नी चंदा देवी परिवार सहित बच्चों का लालन पोषण मजदूरी कर के करती थी.
फांसी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त करने की सूचना के बाद मौके पर मय जाब्ते के साथ पुलिस पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. एसआई कैलाश चंद मीणा ने बताया कि मकान मालिक की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थे. प्राथमिक तौर पर मालूम करने पर पता चला कि दोनों पति-पत्नी के बीच रोज झगड़ा होता था. मृतक जितेंद्र जो कि अत्यधिक शराब का सेवन करता था.
घटना के वक्त मृतक की पत्नी चंदा देवी जो की मजदूरी पर गई हुई थी. पीछे से पति ने कमरा बंद कर बेल्ट से फांसी का फंदा लगाकर झूल गया. मृतक के चार साल के बड़े बेटे ने बताया कि वह घर पर था जो कि दूसरे कमरे में खेल रहा था और पिता ने उसे अपने पास बुला कर कहा कि यह मोबाइल लेजा और मोबाइल ले जाकर गेम खेल ले में कमरा बंद करके सो रहा हूं.
बच्चे को भूख लगने पर वह कमरे को खोलकर देखा तो पिता को पंखे पर लटका हुआ दिखाई दिया. बच्चा कुछ नहीं समझ पाया और मोबाइल में फोटो लेकर अपनी मां के पास चला गया और चंदा देवी को उसने फोटो दिखाई, जिसके बाद वह आनन-फानन में मजदूरी को छोड़कर घर लौटी. आसपास के लोगों को बुलाकर उसने घटना के बारे में बताया, जिसके बाद आसपास के लोगों व मकान मालिक की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. फिलहाल पुलिस परिजनों का इंतजार कर रही है.
10वीं पास युवाओं के लिए रेलवे में निकली बंपर भर्ती, बिना एग्जाम देकर लोग पाएं नौकरी
अगर आप 10वीं पास है और नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो आपके लिए भारतीय रेलवे विभिन्न पदों पर नौकरी निकाल दी है. जिसके लिए रेलवे ने अपनी ओर से नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं.
उम्मीदवार 30 जून तक कर सकते हैं आवेदन
रेलवे बोर्ड के अनुसार रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट 30 जून तक ही ओपन होगी. रेलवे में नौकरी के लिए इच्छुक उम्मीदवार इन पदों के लिए 30 जून तक ही अपना आवदेन कर सकते हैं. इसमें कुल 5,636 पोस्ट को भरा जाना है. ऐसे में रेलवे की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों के पास नौकरी पाने का यह एक बेहतरीन मौका है. उम्मीदवारों को नौकरी के लिए अप्लाई करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा. इसके साथ ही नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ना होगा.
नौकरी के लिए क्या होगी आयु सीमा
रेलवे बोर्ड के मुताबिक उम्मीदवारों के पास 10वीं पास के साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई डिग्री होना जरूरी है. आयु सीमा की बात करें तो इन पदों के लिए आयु सीमा 15 से 24 वर्ष निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों का चयन मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा. उम्मीदवार को सिर्फ आवेदन शुल्क के रूप में 100 रुपये देने होंगे. मैट्रिक और आईटीआई में मिले मार्क्स के आधार पर मेरिट लिस्ट को तैयार किया जाएगा. इस नौकरी को पाने के लिए उम्मीदवारों को किसी तरह का कोई एग्जाम नहीं देना होगा.
वेबसाइट पर नौकरी के लिए कैसे करें अप्लाई
रेलवे बोर्ड के अनुसार भारतीय रेलवे में नौकरी के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट nfr.indianrailways.gov.in पर जाना होगा. इसके बाद ‘जनरल इन्फो’ सेक्शन पर जाकर ‘रेलवे रिक्रूटमेंट सेल’ के टैब पर क्लिक करना होगा. फिर आवेदन के लिंक पर जाकर डिटेल को सावधानीपूर्वक भरना होगा. इसके बाद यहां डॉक्यूमेंट अपलोड कर आवेदन जमा करना होगा.
मां वैष्णव देवी के दर्शन करने वालों को रेलवे की नई सौगात, कटरा पहुंचना अब और भी आसान
चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है…’ के साथ मां के दरबार जाने वाले करोड़ों भक्तों के लिए खुशखबरी आई है. माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वालों का सफर अब पहले से आसान हो जाएगा. यहां हर साल करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं. मोदी सरकार में ही भक्तों की सुविधा के लिए कटरा तक की सुविधा शुरू की गई थी.
इन दो ट्रेनों को किया बहाल
अब भारतीय रेलवे ने चेन्नई और दिल्ली से कटरा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इसके अलावा रेलवे ने चेन्नई से चलने वाली ट्रेन ‘श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-चेन्नई एक्सप्रेस’ और दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलने वाली हजरत निजामुद्दीन एर्नाकुलम सुपरफास्ट को फिर से शुरू किया है.
इन राज्यों के लोगों को होगा फायदा
इन दोनों ट्रेनों की बहाली से केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, जम्मू, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश आदि राज्यों से आने वाले भक्तों को फायदा होगा. नॉर्थ रेलवे के प्रवक्ता दीपक कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 22655/22656 एर्नाकुलम-हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस और 16031/16032 चेन्नई सेंट्रल- श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-चेन्नई सेंट्रल की सुविधा बहाल कर दी गई है.
इस तारीख से शुरू होंगी ट्रेनें
गाड़ी संख्या 16031 हफ्ते में तीन दिन चलेगी. यह 3 जुलाई 2022 से शुरू हो जाएगी. जबकि डाउन में गाड़ी संख्या 16032 5 जुलाई 2022 से शुरू होगी. वहीं गाड़ी संख्या 22655 छह जुलाई से और गाड़ी संख्या 22656 8 जुलाई 2022 से शुरू होगी. चेन्नई सेंट्रल-श्री माता वैष्णो देवी कटरा हफ्ते में दो बार अप और दो बार डाउन संचालित होगी.
1,281 मीटर लंबा होगा रोपवे
इससे पहले खबर आई थी कि कटरा से भवन तक की यात्रा को आसान बनाने के लिए रोपवे सुविधा शुरू करने की तैयारी है. यह रोपवे कटरा और अर्ध कुंवारी के बीच शुरू होगा. कटरा से अर्ध कुंवारी के बीच शुरू होने वाले रोपवे की लंबाई 1,281 मीटर होगी.
जनसंघ के संस्थापक, युगदृष्टा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि…
हिंद स्वराष्ट्र समाचारपत्र अम्बिकापुर
बलिदान तेरा अमर जगत में,
अद्भुत व्यक्तित्व पहचान है..
डॉ.मुखर्जी कोई नाम नहीं ये,
भारतवर्ष का स्वाभिमान है..
जम्मू कश्मीर की धरती को,
अलगाववाद से बचाया था.
सुंदर श्रीनगर की घाटी को,
भारत की भूमि बताया था.
दो निशान,प्रधान,विधान की,
ये दोहरी नीति नहीं चलेगी.
कहा तुष्टीकरण की आड़ में,
विभाजन नीति नहीं चलेगी.
परमिट तोड़ रावी के तट पर,
ललकारा जम्मू सरकार को.
गिरफ्तारी देकर स्पष्ट किया,
कश्मीर पर भू-अधिकार को.
नजरबंद की जेल में डाला,
साजिश से सब काम किया.
शेख अब्दुल्ला ने डर कर,
बीमार बता बदनाम किया.
मित्र परिजनों को भेंट की,
सहमति भी नहीं दी गई.
श्यामा प्रसाद को पैरवी की,
अनुमति भी नहीं दी गई.
धीरे-धीरे भोजन में मिला,
विष सा दिया जाता रहा.
डॉक्टर भी दवाई के साथ,
झूठी आस दिलाता रहा.
23 जून सन् तिरपन को,
दु:खदायी वह पल आया.
चिरनिद्रा में सो गया वीर,
देश में शोक लहर छाया.
अखण्ड भारत स्वप्न अंतिम,
समर्पित तन-मन ये प्राण है.
महामानव राष्ट्रभक्त हे वीर,
तुझे सतबार नमन प्रणाम है.
तुझे सतबार नमन प्रणाम है.
कलम से..
✒कवि संतोष सरल
हत्याकांड के आरोपियों का मुंह काला कर पुलिस ने निकाला जुलूस…
हिंद स्वराष्ट्र भिलाई : भिलाई में 2 दिन पहले हुए रंजीत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने बेसबॉल बैट, लात-घूंसों और चाकू से मारकर रंजीत की हत्या कर दी थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का मुंह काला कर उनका जुलूस निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने उनसे कान पकड़कर उठक-बैठक भी कराई। इस दौरान आरोपी नारे लगाते रहे कि अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।
जानकारी के मुताबिक, साईं नगर निवासी रंजीत सिंह (20) 19 जून की देर रात करीब 12 बजे अपने दो दोस्तों शुभदीप और पीटर के साथ साईं मंदिर के पास बैठा था। तभी कैंप-1 निवासी सोना उर्फ जोश अब्राहम, गणेश्वर उर्फ अमन भारती उर्फ टिम्पू, बिसेलाल भारती उर्फ छोटू, भूपेंद्र साहू, निखिल साहू, इंदिरा नगर, सुपेला निवासी पिंटू उर्फ प्रीतम सिंह, चिकी निखिल और BJP से निकाले गए लोकेश पांडेय की फॉरच्यूनर कार व बाइक से वहां पहुंच गए।
हत्या के बाद शव को अस्पताल के बाहर फेंक कर भागे
आते ही आरोपियों ने रंजीत और उसके दोस्तों पर बेसबॉल बैट, चाकू से हमला कर दिया। मारपीट के दौर शुभदीप व पीटर वहां से भाग निकले। इसके बाद रंजीत सिंह को आरोपी मारते हुए झूले के पास से स्ट्रीट लाइट पोल के पास ले आए। वहां लात-घूंसों, बेसबॉल बैट और चाकू से हमला कर रंजीत की हत्या कर दी। इसके बाद रंजीत के शव को गाड़ी में डाला और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला के सामने फेंक कर भाग निकले थे।
5 आरोपियों के राजनांदगांव भागने का पता चला
सूचना मिलने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बनाई गई। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में आरोपी सोना उर्फ जोश अब्राहम, अमन, बिसेलाल, भूपेंद्र और पिन्टू सिंह के दो बाइक से राजनांदगांव की ओर भागने का पता चला। इस पर पुलिस टीम ने आरोपियों के रिश्तेदारों के घर छापा मारकर जालबांधा से पकड़ लिया। जबकि एक आरोपी को निखिल साहू को ग्राम रसमड़ा में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
बर्थडे के दिन चाकू दिखाया था, इसलिए हत्या की साजिश रची
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रंजीत सिंह उनसे रंजिश रखता था। वारदात से दो दिन पहले बिसेलाल का जन्मदिन था। उस दिन रंजीत ने उसे चाकू दिखाया था। यह बात उसने अपने साथियों को बताई तो सभी ने लोकेश पांडेय की दुकान में बैठकर हत्या का षड्यंत्र रचा। बताया जा रहा है कि लोकेश ही हत्याकांड का मास्टर माइंड है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बेसबॉल बैट, चाकू व अन्य सामान बरामद कर लिया है।
लोकेश के आंध्र प्रदेश भागने की आशंका
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि रंजीत का एक साथी चोरी के मामले में जेल में बंद हैं। रंजीत को लगता था कि इसकी मुखबिरी बिसेलाल ने ही की है। इसके चलते वह उसे धमकी दे रहा था। वहीं दूसरी ओर बताया जा रहा है कि लोकेश फरार होने के बाद आंध्र प्रदेश में छिपा हुआ है। पुलिस को उसकी लोकेशन मिली है। ऐसे में पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए जाएगी। चिकू निखिल एंजल की भी तलाश की जा रही है।