हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : 28.06.2022 को गश्त के दौरान थाना प्रभारी रामानुजनगर को मुखबीर से सूचना मिला कि ग्राम सूरता से एक ट्रक में कृषि योग्य पशुओं को क्रुरतापूर्वक भरकर दिगर राज्य की ओर ले जा रहे है। जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू को अवगत कराए जाने पर उन्होंने तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी के मार्गदर्शन में थाना रामानुजनगर की पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम परशपुरामपुर में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक सी.जी. 15 ए.सी. 5546 को रोका जिसकी तलाशी लेने पर उसमें 10 रास भैंसा व 13 रास भैंस को क्रूरतापूर्वक लोड़ पाया, वाहन चालक चांद मोहम्मद खां पिता स्व. कुतबुददीन खां उम्र 40 वर्ष एवं उसका सहयोगी नेजाम खान पिता अहमद खान उम्र 38 वर्ष निवासी उचरी गढवा, थाना गढवा झारखण्ड से मवेशी के खरीदी-बिक्री-परिवहन के संबंध में दस्तावेज की मांग किए जाने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर अपराध क्रमांक 147/22 धारा छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्यवाही करते हुए 23 रास भैंस-भैंसा कीमत 2 लाख 30 हजार रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त ट्रक कीमती 30 लाख रूपये का जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया इस कार्यवाही में सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी रामानुजनगर रूपेश कुंतल, एएसआई माधव सिंह, बिसुनदेव पैंकरा, आरक्षक रविशंकर साहू, विश्वजीत सिंह, वेदप्रकाश राजवाड़े, धनंजय साहू, रामसागर साहू, गणेश सिंह, देवान सिंह, रूपदेव, मनीष साहू सैनिक सम्मत व दिनेश यादव सक्रिय रहे।
अग्निपथ योजना एक क्रांतिकारी और परिवर्तनकारी पहल : रामसेवक पैकरा…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारतीय युवाओं के लिए सशस्त्र बलों में सेवा हेतु अग्निपथ योजना विषय पर भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संकल्प भवन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जयसवाल ने प्रेस को संबोधित किया।
अपने संबोधन में रामसेवक पैकरा ने कहा कि सशस्त्र बलों में सेवा के लिए अग्निपथ योजना एक क्रांतिकारी और परिवर्तनकारी पहल है, जिसके माध्यम से देश के भविष्य निर्माता युवाओं को राष्ट्र सेवा और देश के लिए कुछ कर गुजरने का एक अमूल्य अवसर मिला है इससे युवाओं में क्षमता और कौशल का निर्माण होगा, साथ ही देश का रक्षा तंत्र और भी सशक्त होगा।
उन्होंने कहा कि 4 साल की सेवा के बाद 25% अग्नि वीरों को नियमित कैडर में जगह मिलेगी शेष अग्निवीर केंद्र व राज्य सरकार के नौकरियों में अन्य उम्मीदवार की तुलना में अधिक सक्षम होंगे और योग्यता के आधार पर नौकरी पाने में अधिक सफल होंगे, विभिन्न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन उग्र और अधिक हिंसक हो चला है परिणाम स्वरूप राष्ट्रीय संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचता है ऐसी स्थिति में हमारे युवाओं को शक्ति कुशल नियोजित और अनुशासित होना पड़ेगा और इसके लिए सशस्त्र बलों से बेहतर कौन कर सकता है,
आगे उन्होंने कहा कि कुछ व्यक्ति और राजनीतिक पार्टियां इस अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे हैं और युवाओं में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, ऐसे शरारती तत्वों से युवाओं को सतर्क रहना है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि अग्निपथ योजना रक्षा बलों के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण का एक उत्कृष्ट अवसर भी देती है, अग्निपथ से जुड़े युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए अभी से कई मंत्रालय राज्य सरकार कार्य कर रहे है और निजी संस्थान मिलकर काम करने के लिए आगे आ रहे हैं, इस योजना के माध्यम से युवाओं को न केवल दुनिया के सबसे अनुशासित और प्रोफेशनल आर्मी के साथ काम करने का अवसर मिल रहा है बल्कि यह योजना उन्हें आर्थिक रूप से भी मजबूत कर रही है वेतन के अलावा सेवा अवधि पूरी होने पर उन्हें 11 लाख 71 हजार टैक्स फ्री सेवा निधि पैकेज मिलेगा जिससे वे आर्थिक रूप से भी सशक्त होंगे, अग्नीपथ योजना के लिए ऊपरी आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 23 वर्ष कर दिया गया है। आगे उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान के साथ मिलने वाली हमारे देश की सीमा पहाड़ी इलाका है इसलिए इन क्षेत्रों में कम आयु प्रोफाइल वाली यूनिट उच्च ऊंचाई पहाड़ी कठोर इलाके में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन करेगी और यह भविष्य में ऐसे लड़ाईयों में जीत में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, अंबिकापुर मंडल अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला, जिला संवाद प्रभारी संतोष दास एवं जिला सह संवाद प्रभारी रुपेश दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थिति रहे।
10 पास लोगों के लिए सरकारी नौकरी पाने सुनहरा मौका, ऐसे करें अप्लाई
इंडिया पोस्ट ने स्टाफ कार ड्राइवर के पदों को भरने के लिए उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं. योग्य उम्मीदवार इंडिया पोस्ट की आधिकारिक साइट indiapost.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. पदों के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 20 जुलाई, 2022 तक है. यह भर्ती अभियान संगठन में 24 पदों को भरेगा. पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को बाद में अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य डिटेल्स यहां दी गई हैं. उम्मीदवार आवेदन पत्र सीनियर मैनेजर (जेएजी), मेल मोटर सेवा, नंबर 37, ग्रीम्स रोड, चेन्नई- 600006 पर भेजकर पद के लिए आवेदन कर सकते हैं. ज्यादा डिटेल्स के लिए उम्मीदवार इंडिया पोस्ट की आधिकारिक साइट देख सकते हैं. इन पदों पर आवेदन करने के लिए कैंडिडेट्स सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट indiapost.gov.in पर जाएं.
अब आपको यहां एप्लिकेशन का लिंक मिलेगा उसपर क्लिक करें.
अब अपना रजिस्ट्रशन करें और अपने लॉगिन क्रेडेंशियल से लॉगिन करें.
अब अपना फॉर्म भरें. फॉर्म भरने के बाद अपना फॉर्म सबमिट कर दें. इसे सबमिट करने के साथ साथ डाउनलोड भी कर लें.
डाउनलोड किए गए फॉर्म को ऊपर दिए गए पते पर आवश्यक प्रमाण पत्र के साथ फॉर्म भेजें। उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से कम से कम 10 वीं कक्षा पास होना चाहिए.
उनके पास हल्के और भारी मोटर वाहनों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए और उन्हें मोटर मैकेनिज्म की भी जानकारी होनी चाहिए.
उम्मीदवारों को कम से कम तीन साल के लिए हल्के और भारी वजन वाले मोटर वाहन चलाने का अनुभव होना चाहिए.
यहां तक कि भूतपूर्व सैनिक जो एक साल के भीतर या तो रिटायर हो गए हैं या रिजर्व में ट्रांसफर हो गए हैं और जिनके पास अनुभव और योग्यताएं हैं, उन्हें भी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार नौकरी के लिए पात्र माना जाता है
तेज रफ्तार कार और ट्रक की भिड़ंत में दो लोगों की मौत, तीन गंभीर..
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : आज सुबह तड़के करीब 6:00 बजे लखनपुर रोड में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है वही तीन घायलों को उदयपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। मामला सुबह 6:00 बजे का है जब क्विड कार में सवार होकर सभी भिलाई जा रहे थे तभी अचानक तारा बैरियर से थोड़ी आगे पहुंचे ही थे की ट्रक से कार की भिड़ंत हो गई और इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वही तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं।
भारतीय जनता किसान मोर्चा ने खाद की कमी को दूर करने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
हिंद स्वराष्ट्र समाचारपत्र लुण्ड्रा भारतीय जनता किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सतीश जायसवाल ने जिले में खाद की कमी के चलते राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौपा है साथ ही भारतीय जनता किसान मोर्चा के द्वारा किसानों की सहूलियत को देखते हुए खाद आपूर्ति की मांग की गई है,अपने सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने लिखा है की आज दिनांक तक सरगुजा जिले के किसानों को 24000 टन खाद उपलब्ध हो जाना चाहिए था लेकिन आज तक मात्र 14000 टन खाद उपलब्धता सुनिश्चित हो पाई है आज सरगुजा का किसान खाद के लिए समितियों के चक्कर काट रहे हैं दूसरी ओर जब किसान समितियों में पहुंच रहा है तो उसे जबरन गुणवत्ता विहीन वर्मी कंपोस्ट के नाम पर धूल कंकड़ मिट्टी मिला हुआ खाद थमा दिया जा रहा है जबकि यहां के किसान खुद गोबर का खाद सड़ा कर बना लेते है जिस कारण किसानों के पास पर्याप्त मात्रा में गोबर खाद उपलब्ध होता है, सरगुजा के किसान आज खून के आंसू रो रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा गोबर खाद की खरीदी में व्याप्त भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए किसानों को गुणवत्ता विहीन खाद को खपाने का कुचक्र किया जा रहा है।शासन से किसानों को समय पर रासायनिक खाद उपलब्ध करने व जबरिया गुणवत्ता विहीन वर्मीकम्पोस्ट खरीदी की बाध्यता समाप्त करने गोबर की खरीदी की भ्रष्टाचार को भी उचित माध्यम से जांच करवाने की मांग की गई है।

मुकेश अंबानी ने डायरेक्टर पद से दिया इस्तीफा, आकाश अंबानी को मिली रिलायंस जियो की कमान…
हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने अपनी उत्तराधिकार योजना को जमीन पर उतारना शुरू कर दिया है। उन्होंने अपने बड़े बेटे आकाश अंबानी को रिलायंस जियो की कमान सौंपी है। मुकेश अंबानी ने खुद इस कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया है। इसे नई पीढ़ी को कमान सौंपने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। आकाश अंबानी को ऐसे समय रिलायंस जियो का चेयरमैन बनाया गया है जब देश में अगले कुछ महीनों में 5जी नेटवर्क शुरू करने की तैयारी हो रही है। टेलिकॉम हमेशा से ही मुकेश अंबानी का पसंदीदा प्रोजेक्ट रहा है। रिलायंस के बंटवारे के बाद रिलायंस इन्फोकॉम उनके छोटे भाई अनिल अंबानी की झोली में चला गया था। लेकिन उन्होंने 2016 में जियो को लॉन्च करके टेलिकॉम सेक्टर में तहलका मचा दिया था। आज रिलायंस जियो देश की सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनी है। अब उन्होंने इसकी कमान अपने 30 साल के बेटे आकाश अंबानी को सौंप दी है।
आकाश अंबानी ऐसे समय जियो की कमान संभालने जा रहे हैं जब टेलिकॉम सेक्टर अगले लेवल में जाने की तैयारी कर रहा है। देश में अगले कुछ महीनों में 5जी स्पेक्ट्रम लॉन्च करने की तैयारी है। मुकेश अंबानी ने कंपनी के टेलिकॉम बिजनस को बुलंदियों पर पहुंचाया और अब आकाश अंबानी की जिम्मेदारी इसे अगले लेवल पर ले जाने की है। रिलायंस जियो ने 50 करोड़ ग्राहक बनाने का टारगेट रखा है और आकाश अंबानी की पहली अग्निपरीक्षा इस लक्ष्य तक पहुंचने की है। उनकी अगली परीक्षा कंपनी के आईपीओ को लेकर होगी। 65 साल के मुकेश अंबानी ने अपने पसंदीदा प्रोजेक्ट की कमान आकाश अंबानी को सौंपी है और अब इस परीक्षा में खरा उतरने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है।
जियो के 4जी इकोसिस्टम को खड़ा करने का श्रेय काफी हद तक आकाश अंबानी को जाता है। आकाश अंबानी रिलायंस जियो में प्रोडक्ट और डिजिटल सर्विसेज के एप्लीकेशन डेवलपमेंट में करीब से जुड़े रहे हैं। माना जाता है कि फेसबुक के साथ 44000 करोड़ रुपये की डील में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। फेसबुक ने जियो में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। 2020 में दुनियाभर की की बड़ी टेक कंपनियों ने जियो में निवेश किया था। इस वैश्विक निवेश को भारत लाने में भी आकाश ने खूब मेहनत की थी। जानकारों का कहना है कि आकाश अंबानी को जियो की कमान सौंपने का फैसला रिलायंस के कारोबार के लिए बड़ा कदम बताया।
आकाश अंबानी ने 2014 में ब्राउन यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने पारिवारिक कारोबार जॉइन किया। आकाश अंबानी जियो प्लेटफॉर्म्स, जियो लिमिटेड, सावन मीडिया, जियो इन्फोकॉम और रिलायंस रिटेल वेंचर्स के बोर्ड में शामिल हैं। 2019 में श्लोका मेहता से शादी की। मुकेश अंबानी कई मौकों पर कह चुके हैं कि वह युवा पीढ़ी अब लीडरशिप की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। रिलायंस की शुरुआत एक कपड़ा कंपनी के रूप में शुरू हुई थी लेकिन आज कंपनी का कारोबार कई सेक्टरों में फैला है। ऑयल टु केमिकल से लेकर रिटेल, टेलिकॉम, ई-कॉमर्स जैसे सेक्टर में नंबर वन है। अब कंपनी ग्रीन एनर्जी में बड़ा दाव खेलने जा रही है।
सरगुजा कलेक्टर समेत कई आईएएस अधिकारियों के तबादले, कुंदन कुमार होंगे सरगुजा के नए कलेक्टर…
हिंदी स्वराष्ट्र अंबिकापुर : सरगुजा जिले के कलेक्टर संजीव कुमार झा का तबादला कोरबा में कर दिया गया है वहीं उनके स्थान पर कुंदन कुमार को सरगुजा जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है संजीव कुमार झा के साथ ही कई अन्य अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। देखें पूरी सूची






पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा द्वारा किया गया ई-मालखाना का उद्घाटन, सरगुजा पुलिस की अनूठी पहल मालखाने के सभी जप्ती मालो की गई बारकोडिंग..
प्रशिक्षु भा.पु.से. श्री रोबिनसन गुड़िया द्वारा स्वयं कोडिंग कर बनाया गया सॉफ्टवेयर…. पुलिस अधीक्षक सरगुजा, अतिरिक्त पुलिस अधोक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक अम्बिकापुर रहे उपस्थित…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिला सरगुजा में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज सरगुजा अजय यादव, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक अम्बिकापुर अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में जिला सरगुजा के थानो में कार्यप्रणाली को सरल करने नवाचार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी कम में प्रशिक्षु थाना प्रभारी श्री रोबिनसन गुड़िया जो वर्तमान में थाना प्रभारी लखनपुर के रूप में पदस्थ हैं के द्वारा थाने में जप्त सम्पतियो की बार कोडिंग कर इसे सॉफ्टवेयर के माध्यम से ट्रैक करने हेतू एक यूजर फ्रेन्डलि पोर्टल तैयार किया गया है। उक्त पोर्टल के माध्यम से थानो में जप्त सभी सम्पतियो की इन्ट्री की जा सकेगी तथा जप्त माल को मालखाने में कहां पर प्राप्त किया जा सकता है, को बार कोड स्केन करके पता किया जा सकता है। थानो में जप्त माल की संख्या दिनो दिन बढ़ते जाने से मालखाने में माल के इधर उधर हो जाने तथा ढूंढ़ने में समय लगने की सम्भावना बनी रहती है जिसका इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से निराकरण किया जा सकेगा। इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से किसी भी जप्त माल की जप्तो दिनांक से प्रकरण निकाल तक किन-किन जगहो पर मूवमेंट हुआ है इसकी चैन ऑफ कस्टिडी इत्यादी को आसानी से ट्रैक कर सकते है। उक्त सॉफ्टवेयर थानों को स्मार्ट बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है। भविष्य में इसे अन्य थानो पर भी लागू किया जायेगा।
लड़की ने बात करना बंद किया तो मार दिया चाकू: चिरमिरी से बिलासपुर मिलने पहुंचा, फिर चाकू से काट दी कलाई, मोबाइल लेकर भाग निकला..
हिंद स्वराष्ट्र बिलासपुर : युवती ने तोड़ी दोस्ती तो युवक ने मार दिया चाकू। चिरमिरी के युवक ने अपने गर्लफ्रेंड पर चाकू से हमला कर दिया। युवती बिलासपुर में रहकर प्राइवेट जॉब करती है। उसने युवक से बातचीत बंद कर दी, तो वह मिलने के लिए बिलासपुर आ गया और मोबाइल लूटकर चाकू मार दिया। युवती की रिपोर्ट पर आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाने का है।
मगरपारा में किराए के मकान में रहने वाली 20 साल की युवती मूलतः चिरमिरी की है। वह यहां पुराना बस स्टैंड के पास शोरूम में काम करती है और अपनी बहन के साथ रहती है। जब वह चिरमिरी में रह कर पढ़ाई करती थी, तब से उसकी पहचान आकाश साहू से है। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत होती थी और दोस्ती थी। अब बिलासपुर आने के बाद वह बातचीत बंद कर दी है।
चाकू से काट दी कलाई
युवती ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह 11.30 बजे वह किराए के घर में थी। तभी आकाश साहू उससे मिलने आया। युवती के बात नहीं करने पर उससे विवाद करते हुए मोबाइल छीन लिया और जाने लगा। इस पर युवती ने मोबाइल मांगा, तो युवक ने उसे गालियां देनी शुरू कर दी। किराए के मकान से निकलवाने की धमकी देने लगा। युवती के मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू निकालकर उसके कलाई काट दी।
बहन ने किया बीच-बचाव
आकाश के विवाद करने पर युवती की बहन भी आ गई। उसके चाकू मारते देखकर उसने बीच-बचाव किया। इतने में आकाश साहू उसके मोबाइल को लेकर भाग गया। घायल युवती इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने सिविल लाइन थाने पहुंची। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
घर से निकल कर लापता हुए युवक की 3 दिन बाद जंगल में मिली लाश
उपखंड क्षेत्र बेगूं के पारसोली थाना क्षेत्र के बानोड़ा निवासी एक 32 वर्षीय विवाहित युवक की 3 दिन पुरानी लाश पास ही सुनसान जंगल में फांसी पर लटकी हुई मिलने से कुछ देर बाद ही परिजनों ने उससे संपर्क किया तो उसने एक-दो घंटे में वापस घर आ जाने की बात कही थी, लेकिन प्यार चंद रात भर घर नहीं लौटा l लेकिन उसका मोबाइल दूसरे दिन 24 जून को दिनभर चल रहा था, इस दौरान उसके मोबाइल पर केवल घंटी जा रही थी, उसने किसी का फोन रिसीव भी नहीं किया. रात को जब उसका फोन बंद हो गया तो, दूसरे दिन 25 जून को प्यार चंद के परिजनों ने पारसोली पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया.पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. पता चला है कि बानोड़ा निवासी प्यार चंद कालू लाल सालवी 23 जून की रात्रि को उसके मोबाइल पर किसी का फोन आने के बाद घर से निकला था।बताया गया कि गुमशुदगी का मामला दर्ज कराने के बाद पुलिस द्वारा युवक की पड़ताल शुरू की गई तो उसके मोबाइल की अंतिम लोकेशन पास के गुणता गांव के आसपास मिली, लोकेशन के आधार पर पुलिस एवं ग्रामीण ढूंढते-ढूंढते जंगल में पहुंचे तो प्यार चंद की लाश वीरान जंगल में नया गांव जाने वाले रास्ते के पास एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली. लेकिन मृतक प्यार चंद की लाश पेड़ की टहनी पर टिकी हुई थी तथा उसके पैर भी जमीन पर टिक रहे थे. इस आशय की सूचना मिलने पर समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी. सूचना मिलने पर बेगूं एसडीएम मुकेश कुमार मीणा, तहसीलदार रामधन गुर्जर, डीवाईएसपी रतनाराम देवासी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली.
ग्रामीण पारसोली SHO पर भड़क गए
घर से लापता हुए प्यार चंद सालवी की लाश जंगल में मिलने के मामले में पारसोली थाना अधिकारी लोकपाल सिंह जब मौके पर पहुंचे और अपने पुलिस अधिकारियों को जानकारी देते हुए मामला आत्महत्या का बताया तो मौके पर उपस्थित ग्रामीण भड़क गए. ग्रामीणों ने बताया कि पारसोली एसएचओ ने बिना मौका निरीक्षण किया इसे आत्महत्या कैसे बता दिया. ग्रामीणों को आशंका है कि प्यार चंद सालवी की किसी ने हत्या कर उसकी लाश को फांसी के फंदे पर लटकाया है. इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए पारसोली थाना अधिकारी के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद कर दी.
इस आशय की सूचना मिलने पर चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश सांधू मौके पर पहुंचे और कानून व्यवस्था ना बिगड़े इसके लिए मौके पर तथा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. देर रात तक घटनाक्रम चलने के बाद रात 3:00 बजे प्यार चंद की लाश को उतरवाकर बेगूं सीएससी के पुराने भवन में स्थित मुर्दाघर में रखवा कर सोमवार प्रातः मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया. बताया गया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी.
रविवार रात्रि को गुनता के जंगल में युवक की फांसी पर लटकी लाश मिलने एवं ग्रामीणों द्वारा पारसोली थाना अधिकारी के विरुद्ध प्रदर्शन करने की सूचना जिला मुख्यालय से पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश सांधू से जब मीडिया कर्मियों ने मामले की जानकारी लेनी चाही तो सांधू ने कहा भाई पहले जिस काम के लिए आया हूं वह कर लूं आप की रोजी रोटी की बात बाद में करेंगे ?
आलिया–रणबीर बनने वाले हैं पैरेंट, आलिया ने की पुष्टि…
हिंद स्वराष्ट्र : मनोरंजन जगत से एक बड़ी खुशखबरी निकल कर बाहर आ रही है जहां आलिया भट्ट और रणवीर कपूर माता पिता बनने जा रहे हैं। आलिया भट्ट ने अपनी इंस्टाग्राम में एक पोस्ट किया हैं जिसमे उन्होंने प्रेगनेंट होने की पुष्टि की हैं। उनके इस पोस्ट के बाद लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।
https://www.instagram.com/p/CfS-_HvMhQ8/?utm_source=ig_web_copy_link
किसानों के खाते में आयेंगे 7000 रूपये, निकल जाए समय इससे पहले करा लें अपना नामांकन,,जाने पूरी प्रक्रिया
किसानों के लिए खुशखबरी है. सरकार किसानों के फायदे के लिए और आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है. केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकार भी किसानों के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है. अब राज्य सरकार किसानों को 7000 रुपये की आर्थिक मदद दे रही है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
राज्य सरकार दे रही है किसानों को आर्थिक मदद
हरियाणा सरकार अपने राज्य के किसानों को 7000 रुपये का आर्थिक सहायता दे रही है. किसानों को खेती के लिए जरूरत से ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है और देश में लगातार पानी का लेवल गिरता जा रहा है. इसलिए हरियाणा सरकार ने इस खास योजना की शुरुआत की है. इस योजना का नाम ‘मेरा पानी मेरी विरासत’ योजना है. अगर आप भी इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं तो तुरंत रजिस्ट्रेशन करा लें। योजना के कई लाभ
इस योजना के तहत किसानों को मक्का, अरहर, उड़द, कपास, बाजरा, तिल और बेसन मूंग (बैसाखी मूंग) जैसी फसलों की खेती के लिए 7000 प्रति एकड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी. भूजल स्तर को बचाने के लिए सूक्ष्म सिंचाई पर 80% अनुदान भी मिलेगा।
लाभार्थी के लिए नियम और शर्तें
1- लाभार्थी को हरियाणा का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है.
2- 50 हार्टज पॉवर के इलेक्ट्रिक मोटर का प्रयोग करने वाले किसान को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
3- किसानों को अपने पिछ्ले साल के धान उत्पादन के 50 प्रतिशत हिस्से में विविधता लानी होगी.
4- किसान के पास आधार नंबर से लिंक्ड बैंक खाता होना अनिवार्य है.
लॉगइन का तरीका
इस योजना में अप्लाई करके लिए आप इसके ऑफिशियल वेबसाइट https://fasal.haryana.gov.in/farmer/farmerlogin पर जाएं. इसके बाद में अपना यूजरनेम पासवर्ड डालें. अब दिया गया कैप्चा डालकर लॉगइन करें.
Big breaking: केंद्रीय जेल अम्बिकापुर में कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : केंद्रीय जेल में हत्या के मामले में सजा काट रहे एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली हैं। आत्महत्या की इस घटना से जेल में हड़कंप मच गया हैं। मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय जेल अम्बिकापुर के बैरक नम्बर 9 के बाथरूम में रात 11 बजे के करीब कैदी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक लुकनू राम उम्र 40 राजपुर क्षेत्र का रहने वाला था जो हत्या के आरोप में सजा याफ्ता कैदी था। घटना की सूचना रात को ही मिलने पर नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। परिजनों को घटना के बारे में सूचना दे दी गई हैं आज परिजनों के समक्ष मृतक का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में किया जाएगा।
उर्वरक की जमाखोरी व कालाबाजरी पर होगी कड़ी कार्यवाही : खाद्य मंत्री
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री अमरजीत भगत ने जिले में कुछ उर्वरक की कमी के कारण किसानों की समस्या को देखते हुए उर्वरक आपूर्ति के संबंध में रविवार को अम्बिकापुर के उच्च विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कृषि, विपणन और जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों को कड़ी निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान में जो भी उर्वरक लॉट में उपलब्ध है उसकी सुचारू वितरण सभी समितियों में कराते हुए किसानों को उपलब्ध कराएं। ऐसा न हो कि उर्वरक की भंडारण होने के बाद भी समितियां में कमी की नौबत आए। उन्होंने कहा कि समितियों में उर्वरक की डिमांड को न रोके जहा जितनी डिमांड है उपलब्धता के अनुसार उसे पूरा करें। सोमवार को समितियों का निरीक्षण किया जाएगा जिसमे संबंधित अधिकारी को उपस्थित रहना होगा।
मंत्री श्री भगत ने कहा कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में केंद्र से कम मात्रा में उर्वरक की आपूर्ति हुई है इस कारण कुछ उर्वरक की कमी है। डीएपी की आपूर्ति इस वर्ष बिल्कुल भी नहीं हुई है। उर्वरक आपूर्ति का जिम्मा केंद्र सरकार का है। हमारी मांग अनुसार पूर्ति नहीं की जा रही है। केंद्र सरकार के नियमों से हमारा हाथ बंधा है। जब तक केंद्र से आपूर्ति नहीं होगी तब तक खाद आपूर्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि उर्वरक की कमी को दूर करने के लिए राज्य स्तर से मार्कफेड के अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे केंद्र सरकार के अधिकारियों से लगातार समन्वय कर रहे है और कुछ दिनों में डीएपी की लॉट आने की बात कह रहे है। सरकार किसानों को उर्वरक की उपलब्धता के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस वर्ष प्रदेश में अब तक उर्वरक की करीब 32 प्रतिशत कम आपूर्ति हुई है। मांग और आपूर्ति के अंतर को कम करने की कोशिश की जा रही है।
कालाबाजारी पर होगी कार्यवही- मंत्री श्री भगत ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी दुकान में उर्वरक की जमामखोरी व कालाबाजरी बर्दाश्त नहीं होगी। इस पर कड़ी कार्यवाही करें। हर दुकान में उर्वरक की दर सूची और भंडारण की स्थिति की जानकारी बोर्ड में प्रदर्शित हो। पोस मशीन से ही बिक्री हो। किसानों को अधिक दर पर खाद लेना न पड़े।
कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने बताया कि डीएपी उर्वरक की सप्लाई इस वर्ष नही होने से समितियों में कमी है। लेकिन डीएपी की कमी को दूर करने के लिए किसान एसएसपी का उपयोग कर सकते है। दो बोरी एसएसपी एक बोरी डीएपी के बराबर काम करता है। इसका मूल्य डीएपी से बहुत कम है। एसएसपी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डीएपी के विकल्प के रूप में एसएसपी के उपयोग की जानकारी किसानों को दें। उन्होंने कहा कि डीएपी उर्वरक की समस्या देशव्यापी है। जिन उर्वरकां का भंडारण हुआ है उसकी आपूर्ति मांग के अनुसार सभी समितियों में की जा रही है।
बताया गया कि इस खरीफ वर्ष में जिले में सहकारी व निजी दुकानों के लिए कुल उर्वरक भंडारण का लक्ष्य 35 हजार 500 मेट्रिक टन था जिसके विरुद्ध अब तक 16055 मीट्रिक टन उर्वरक की आपूर्ति हुई है। गत वर्ष का शेष करीब 3 हजार मीट्रिक टन डीएपी उर्वरक को किसानों के द्वारा इस ग्रीष्म ऋतु में उठाव किया गया है। वर्तमान में यूरिया, एमओपी व एसएसपी के करीब 2181 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण विपणन संघ के पास उपलब्ध है।
बैठक में पार्षद श्री दीपक मिश्रा, एसडीएम श्री प्रदीप साहू, श्री इरफान सिद्दीकी, श्री लक्ष्मी गुप्ता, श्री श्यामलाल जायसवाल सहित, कृषि, विपणन, खाद्य व जिला सहकारी बैंक के अधिकारी उपस्थित थे।
बीमार पिता को देखने गांव जा रहे हेडमास्टर की ट्रक की चपेट में आने से मौत..
हिंद स्वराष्ट्र जांजगीर-चांपा : जिले में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया हादसे में ट्रक ने स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया जिससे स्कूटी सवार हेडमास्टर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक का शरीर कई टुकड़ों में बंट गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। मृतक अजय कुर्रे (32) कटघरी के मिडिल स्कूल में हेडमास्टर बताए जा रहे है। हादसा अकलतरा थाना क्षेत्र में हुआ। मिली जानकारी के अनुसार अजय कुर्रे आज सुबह करीब 11 बजे अपने बीमार पिता को देखने के पचरी गांव जा रहे थे। वे सीसीआई रोड होते हुए अकलतरा मुख्य मार्ग पर जा रहे थे कि सामने से एक ट्रक आ गई और वह सीधे ट्रक के पहियों के नीचे चले गए और ट्रक करीब 10 मीटर तक हेडमास्टर को घसीटता चला गया। हादसे में अजय कुर्रे के शरीर के कई टुकड़े हो गए। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक में चावल लोड था।
त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 28 जून को,मतदान प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक
हिंद स्वराष्ट्र समाचारपत्र सूरजपुर त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 28 जून 2022 को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक होना है तथा मतदान समाप्ति के बाद मतगणना की जायेगी। जिले में सरपंच के 3 पद क्रमशः ग्राम पंचायत खैरा, विकास खण्ड ओड़गी ग्राम पंचायत परसापारा एवं ग्राम पंचायत सुमेरपुर, विकास खण्ड रामानुजनगर में तथा पंच के 3 पद क्रमशः ग्राम पंचायत सुमेरपुर के वार्ड क्रमांक 1, 5 व 9 में निर्वाचन होना है।
ग्राम पंचायत खैरा के 1 सरपंच पद हेतु 4 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है जिसके लिए 2 मतदान केन्द्र क्रमशः प्रा.शा. भवन मोखापारा, खैरा एवं प्रा.शा. भवन रेड़ियापारा, खैरा है। ग्राम पंचायत परसापारा के 1 सरपंच पद हेतु 4 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है जिसके लिए 01 मतदान केन्द्र प्रा.शा. भवन परसापारा है।
-ग्राम पंचायत सुमेरपुर के 1 सरपंच पद हेतु 5 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है तथा सुमेरपुर के पंच वार्ड क्रमांक 1, 5 व 9 हेतु 2-2 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है जिसके लिए 02 मतदान केन्द्र क्रमशरू प्रा.शा. गुरहीपारा, सुमेरपुर एवं प्रा.शा. अतिरिक्त कमरा, सुमेरपुर है।
निर्वाचन समाप्ति के 02 दिवस पूर्व अर्थात 26 जून 2022 की रात से सभा, भाषण बंद हो जायेगी तथा मतदान समाप्ति के 2 दिन पूर्व से लेकर मतदान एवं मतगणना तिथि तक अर्थात कुल 3 दिन शराब की बिक्री बंद रहेगी।
अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्यवाही, मेंड्राकला में तहसीलदार ने हटाया अतिक्रमण…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में सरगुजा जिले के सभी तहसीलों में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम चलाकर कार्यवाही की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के द्वारा अतिक्रमण की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जाँच करके अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाती है। उल्लेखनीय है कि शासकीय भूमि के अतिक्रमण होने से शासन को शासकीय उपयोग जैसे सामुदायिक भवन निर्माण तथा अन्य शासकीय भवन निर्माण या पंचायत के उपयोग हेतु शासकीय भूमि नही मिल पाता तो दूसरी तरफ बेजा कब्जा होने से शासन को राजस्व की हानि भी होती है। ऎसी अप्रिय परिस्थितियों से निपटने के लिए जिले का प्रशासनिक अमला मुस्तैद है। गांवों मे कोटवार, सचिव, पटवारी तथा अन्य माध्यम से जानकारी मिलने पर तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाती है।
अम्बिकापुर तहसील में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आज लगातार दूसरी कार्यवाही की गई। पहली कार्यवाही अम्बिकापुर तहसील में ही ग्राम पंचायत सकालो में की गई थी। तहसीलदार अम्बिकापुर श्री भूषण सिंह मंडावी ने बताया कि भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत मेंड्राकला में शासकीय भूमि में अवैध अतिक्रमण किया जा रहा था। शासकीय भूमि पर कब्जा कर मकान निर्माण कराने की तैयारी की जा रही थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए मकान निर्माण में प्रयुक्त हो रहे ईंट को जब्त कर ग्राम पंचायत के सुपुर्द किया गया।
SBI, HDFC और ICICI बैंक के ग्राहकों के लिए जरूरी खबर, वित्त मंत्री ने किया बड़ा ऐलान..
एसबीआई, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी बैंक के ग्राहकों के लिए काम की खबर है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकिंग सिस्टम के बारे में बयान दिया है. आइए जानते हैं विस्तार से.
हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : बैंक ग्राहकों के लिए काम की खबर है. अगर आप भी बैंक से लोन लेने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है. दरअसल, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकिंग सिस्टम के लिए निर्देश दिए हैं. वित्त मंत्री ने ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से बैंक को यह आदेश दिया कि वे बैंकिंग सिस्टम को और सिंपल बनाएं. ताकि ग्राहक बैंक से ज्यादा से ज्यादा जुड़ सकें.
वित्त मंत्री ने कहा है कि बैंकों को ग्राहकों की सुविधाओं पर और ध्यान देने की जरूरत है ताकि लोन लेने वालों के लिये इसकी प्रक्रिया आसान बन सके.
वित्त मंत्री ने दिया सुझाव
वित्त मंत्री ने बैंकों को यह सुझाव दिया कि लोन देने के मानकों को तंदुरुस्त रखना चाहिए. दरअसल, कुछ दिन पहले उद्योग प्रतिनिधियों और वित्त मंत्री के बीच एक अहम बैठक में यह सुझाव दिया गया. इस वित्त मंत्री ने बैंकों को अमल करने की बात कही. इससे एसबीआई, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई समेत सभी बैंकों के कस्टमर्स को फायदा मिलेगा.
एसबीआई (SBI) के चेयरमैन दिनेश कुमार खारा का कहना है कि स्टार्टअप की चिंता ज्यादा इक्विटी को लेकर है.
ग्राहकों की सुविधाओं का रखें ध्यान
वित्त मंत्री ने कहा, ‘बैंकों को ज्यादा-से-ज्यादा ग्राहक अनुकूल बनने की जरूरत है. लेकिन यह प्रतिकूल जोखिम लेने की सीमा तक नहीं हो. यह आपको लेने की जरूरत नहीं है. लेकिन आपको ग्राहकों की सुविधाओं को ध्यान रखना और अधिक-से-अधिक अनुकूल होने की जरूरत है.’
दिनेश खारा ने इस पर बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंक में डिजिटलीकरण की प्रक्रिया बढ़ रही है. इससे ग्राहकों को बैंकिंग से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलेगी.
खुद के लिए चिता सजाकर ज़िंदा जल गई महिला, परिजनों ने कहा- सपने में भूत आत्महत्या करने को बोलता था…
हिंद स्वराष्ट्र बिलासपुर : न्यायधानी में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने खुद की चिता जलाकर जान दे दी है। घर वाले जब सुबह उठे तो घर के बाहर महिला का जला हुआ कंकाल मिला। वहीँ इस घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई है। जानकारी के अनुसार घटना कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम नेवरा की है। यहां रहने वाले शिव कुमार साहू की 45 वर्षीय पत्नी संतोषी साहू गृहणी थी। नेवरा से दस किलोमीटर दूर ही उसका मायके खुरदुर था। घर मे शिव कुमार साहू व उसकी पत्नी सन्तोषी साहू के अलावा उनके चार बच्चे भी रहते थे। शिव कुमार साहू का अपने भाइयों से बंटवारा हो चुका था। वे भी आजू बाजू के घरों में रहते थे। सन्तोषी के घर वालो के अनुसार उसे 6-7 माह से मानसिक रोग की समस्या थी। संतोषी सपने में भूत के आने व गला दबाने की बात कहती थी। वह सपने में तरह तरह की चीखें सुनती थी और उसका कहना था कि भूत उसके सपने में आकर उसे आत्महत्या करने के लिए कह रहा है। परिजन उसका जगह जगह झाड़-फूंक करवा रहे थे। पिछले दो माह से संतोषी की समस्या और भी अधिक बढ़ गई थी। वह ठीक से सो भी नही पा रही थी और सर दर्द तथा सपने में भूत दिखने की समस्या घर वालो को बताती थी। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात जब घर मे सब सो रहे थे तब सँतोषी चुपचाप उठी और घर के पीछे स्थित बाड़ी में गयी। यहां शौचालय के बाजू में पानी की सीमेंट की टँकी बनी हुई थी। पर टँकी में लीकेज होने की वजह से वह खाली थी। सन्तोषी ने पिछले दरवाजे से बाहर निकल कर दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी। फिर पानी की टँकी में कंडे व लकड़ी डाल कर चिता सज़ा खुद भी उसमे बैठ गई और चिता में आग लगा लिया।
तड़के चार बजे सँतोषी का 18 वर्षीय लड़का बकरियों को खोलने के लिए उठा तब पीछे बाड़ी से काफी धुंआ उठता हुआ देखा। जिससे पीछे की तरफ जाकर देखा तो दरवाजे की कुंडी बाहर से लगी हुई मिली। उसने अपने पिता को इसकी जानकारी दी। किसी तरह दरवाजा खोल कर जब बाहर आये तो देखा कि पानी की टँकी में लकड़ियां कंडे इकट्ठे कर सन्तोषी ने खुद को आग लगा ली थी। वह पूरी तरह जल चुकी थी बस उसका कंकाल ही बाकी रह गया था। उन्होंने इसकी सूचना पड़ोसियों व पुलिस को दी। जिसके बाद पहुँची पुलिस ने कंकाल को जब्त किया। चूंकि कंकाल का पोस्टमार्टम नही हो सकता था अतः कंकाल को फारेंसिक जांच के लिए सिम्स में ले जाने के बाद कंकाल को घर वालो को वापस कर दिया।
सोशल मीडिया में अवैध कब्जे की शिकायत पर त्वरित कार्यवाही, सकालो में अवैध रूप से बन रहे 8 कमरे का मकान ढहाया गया…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा भूमाफिया और अवैध कब्जा धारियों के खिलाफ मुहिम चलाकर लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही की जा रही है। किसी भी तरह के कब्जा की सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन की टीम एक्शन में आ जाती है और एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंचकर कब्जा किए हुए जगह को कब्जा मुक्त कराती है। ऐसा ही एक मामला आज अंबिकापुर तहसील से लगे ग्राम सकालो में सामने आया जब आज सुबह 11 बजे सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा को सोशल मीडिया से जानकारी प्राप्त हुई कि ग्राम सकालो में पुनर्वास मद की शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कराकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। जिस पर सरगुजा कलेक्टर ने तत्काल अंबिकापुर एसडीएम प्रदीप साहू को जांच कराकर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। त्वरित कार्यवाही करते हुए नायब तहसीलदार किशोर वर्मा की टीम मौके पर पहुंची। जाँच में पाया गया कि शासकीय भूमि पर बाबूलाल देवनाथ पिता प्रभात देवनाथ ग्राम सकालो के द्वारा पुनर्वास मद की शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। जिस पर तत्काल एक्शन लेते हुए निर्माण कराए जा रहे आठ कमरे के मकान को ढहा दिया गया और 7500 ईट ग्राम पंचायत सकालो के सुपुर्द कर दिया गया। नायब तहसीलदार किशोर वर्मा ने यह भी पाया गया कि बाबूलाल देवनाथ द्वारा सरकारी जमीन पर बोरवेल कराकर विद्युत कनेक्शन लिया गया था जिसे देखते हुए स्टार्टर, पंप, मोटर, वायर जप्त कर लिया गया और उसे ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कार्यवाही के दौरान नायब तहसीलदार किशोर वर्मा,आरआई संजय सिंह, पटवारी पंकज जायसवाल, पटवारी शम्भू गुप्ता, सरपंच पूरन सिंह एवं उपसरपंच दीपक उपस्थित रहे।