Home Blog Page 141

शिक्षा मंत्री का विवादित बयान: नशा मुक्ति कार्यक्रम में किया नशे का जमकर गुणगान..

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : जिले के वाड्रफनगर में मंगलवार को नशा मुक्ति से जुड़े एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे प्रदेश के शिक्षा मंत्री प्रेम साय सिंह टेकाम ने शराब के ही फायदे गिनवा दिए। हद तो तब हो गई जब वे बताने लगे कि शराब में कितना पानी मिलाया जाए। उन्होंने अपनी बात को मजबूत करने के लिए विख्यात कवि हरिवंशराय बच्चन की कविता का भी जिक्र किया।

शिक्षामंत्री ने नशा मुक्ति के कार्यक्रम में कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में ख्यात कवि हरिवंश राय बच्चन की कविता की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मंदिर मस्जिद झगड़ा कराते हैं और मधुशाला एक कराती है, लेकिन इसमें भी आत्मनियंत्रण होना चाहिए। मंत्री यहीं नही रुके और आगे कहा कि हम एक मीटिंग में गए थे, वहां एक शराब के पक्ष में बोल रहा था, तो दूसरा उसका नुकसान बता रहा था। उन्होंने कहा कि हम भी कभी-कभी उसका उपयोग करते हैं, चुनाव में उपयोग करते हैं, बाकी जगहों में भी उपयोग करते हैं।

नशा मुक्ति कार्यक्रम में कई स्कूल के विद्यार्थी भी मौजूद थे और वे मंत्री जी का बयान सुनकर यह समझ नहीं पा रहे थे कि मंत्री शराब का गुण बताने आए हैं या नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करने। अब सोशल मीडिया में इसका वीडियो वायरल होने के बाद उनकी जमकर किरकिरी हो रही है।

इसी कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री द्वारा खराब सड़को को लेकर भी विवादित बयान दिया। उन्होंने खराब सड़क पर दुर्घटना कम होने की बात भी कह डाली।

प्रैक्टिकल एग्जाम में कम नंबर आने पर छात्रों ने शिक्षक और दो स्टाफ को पेड़ से बांधकर पीटा..

HIND SWARASHTRA : प्रैक्टिकल में नंबर कम आने से 9वीं कक्षा के कुछ छात्र फेल हो गए। इन छात्रों ने अपने शिक्षक के साथ स्कूल के क्लर्क और चपरासी को पेड़ से बांधा और पिटाई कर दी। इस घटना में छात्रों को उकसाने के लिए प्रिंसिपल सहित 11 छात्रों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना झारखंड के दुमका की है। दुमका से सीएम हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन विधायक हैं। मिली जानकारी के अनुसार झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने पिछले महीने 26 तारीख को 9वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित किया था। इसमें अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय के 11 छात्र फेल हो गए। इससे छात्र नाराज हो गए और स्कूल पहुंचे। वे शिक्षक कुमार सुमन और क्लर्क सोनेराम के पास पहुंचे और पेपर दिखाने की जिद करने लगे। जब उन्होंने पेपर दिखाने से इंकार किया तो छात्र आगबबूला हो गए। इसके बाद दोनों से धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान चपरासी अचंतु मलिक भी थे। छात्रों ने तीनों को पेड़ से बांधकर पिटाई कर दी। साथ ही, वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया।

यह घटना सामने आने के बाद उप विकास आयुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी और बीडीओ की जांच टीम बनाई है। उप विकास आयुक्त के मुताबिक दोषी छात्रों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।

छत्तीसगढ़ के तीन नए जिलों में कलेक्टर और एसपी के पोस्टिंग आदेश जारी….

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा तीन नए जिलों में कलेक्टर की पोस्टिंग की गई है। साथ ही भारतीय पुलिस सेवा के तीन अधिकारीयों को तत्काल प्रभाव से एसपी नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने 2013 बैच के आईएएस जगदीश सोनकर को खैरागढ़- छुईखदान-गंडई का कलेक्टर बनाया है। वहीं 2014 बैच के आईएएस एस. जयवर्धन को मोहला- मानपुर- अम्बागढ़ चौकी का कलेक्टर बनाया गया है। इसके साथ ही 2015 बैच के आईएएस डी. राहुल वेंकट को सारंगढ़- बिलाईगढ़ का कलेक्टर बनाया गया है।

अनियमित कर्मचारी हड़ताल पर: 01 सितम्बर से ऑफिस में लटकेंगे ताले…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : रवि गडपाले प्रांतीय अध्यक्ष कहा, ने बताया कि छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के लाखों अनियमित कर्मचारी कांग्रेस पार्टी के जन घोषणा पत्र के बिंदु क्रमांक 11 एवं 30 में किये गए वादे के अनुरूप अनियमित, संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी के नियमितीकरण एवं किसी भी अनियमित कर्मचारी की छटनी नहीं करने तथा आउट सोर्सिंग बंद करने की मांग को लेकर 01 सितम्बर से अनिश्चित कालीन आन्दोलन कालम बंद-काम बंद हड़ताल में रहेंगे। नियमित कर्मचारी पहले से ही हड़ताल में होने से समस्त सरकारी कार्यालय का कार्य प्रभावित होगा तथा 01 सितम्बर से कार्यालयों में तालाबंदी होगी।

श्री गोपाल प्रसाद साहू प्रांतीय संयोजक, श्री दिनेश शर्मा समन्वयक, श्रीमती भगवती शर्मा तिवारी कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस पार्टी का 10 दिन में नियमितीकरण का वादा जो साढ़े 3 साल में भी पूरा नहीं हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का वादा 1 साल बाद नियमितीकरण करेंगे, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। पिछले 3 साल में नियमितीकरण के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट पूरी नहीं हुई है। पिछले 3 साल में सरकार कर्मचारियों का डाटा इकट्ठा नहीं कर पाई है। पिछले तीन विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री द्वारा नियमितीकरण की बात स्वीकार की गई लेकिन वादा आज भी अधूरा है। आउटसोर्सिंग बंद नहीं हुआ। कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन वृद्धि रोक दिया गया है। घोषणा पत्र में छटनी नहीं करने का वादा था लेकिन कई विभागों से छटनियां कर दी गई है। इससे अनियमित कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
श्री प्रेमप्रकाश गजेन्द्र प्रांतीय उपाध्यक्ष, सचिन शर्मा कार्यकारी अध्यक्ष, धर्मेन्द्र वैष्णव मिडिया प्रभारी, संजय एडे, भूपेंद्र साहू, ने अवगत कराया की वर्तमान सरकार असंवेदनशीलता ने हमें आन्दोलन करने मजबूर कर रहे है एवं आपके माध्यम से समस्त अनियमित कर्मचारियों से अपील है कि निर्धारित प्रारूप में व्यक्तिगत रूप से सुचना देकर आयोजित आन्दोलन में सम्मिलित होकर मुहीम नियमितीकरण में सहयोग करे।

Big breaking: हड़ताल से वापस लौटने वालों को मिलेगा वेतन, हड़ताल अवधि का स्वीकृत होगा अवकाश…आदेश जारी..

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ते को लेकर प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी आज 9वे दिन भी हड़ताल में हैं। हड़ताली कर्मचारियों के वेतन कटौती के शासन के आदेश के बाद हड़ताली कर्मचारियों का आक्रोश और बढ़ गया है, वही सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर हड़ताल से वापस लौटने वालों का वेतन भुगतान करने और हड़ताल अवधि का अवकाश स्वीकृत किए जाने का आदेश जारी कर दिया हैं। जारी आदेश के अनुसार हड़ताल कर रहे अधिकारी-कर्मचारियों को एक या दो सितंबर तक अपने कार्य में उपस्थित होना होगा। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने शासन के सभी विभाग, संभागायुक्त, विभागाध्यक्ष एवं सभी कलेक्टरों को जारी किया है जो अधिकारी-कर्मचारी वापस आना चाहते हैं उसके लिए सुरक्षा व्यवस्था करने के लिए आदेश भी दिए गए हैं।

लैब स्टाफ की बड़ी लापरवाही: मरीज की मौत के एक घंटे बाद आया जांच रिपोर्ट..

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लैब स्टाफ की बड़ी लापरवाही के कारण एक बुजुर्ग की जान चली गई हैं। रायगढ़ जिले के ग्राम कुनीचुआं कापू निवासी सदादास महंत 65 वर्ष को बुखार था। तबीयत खराब होने पर स्वजन उसे कापू स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। यहां प्राथमिक जांच, चिकित्सा के बाद उसे बेहतर चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया था। स्वजन पीडि़त वृद्ध को लेकर रविवार की रात 11 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे थे। आपातकालीन चिकित्सा परिसर में मौजूद चिकित्सक ने मरीज को जांच करने के बाद आइसीयू में भर्ती कराने व आवश्यक जांच कराने निर्देशित किया था। वृद्ध के दामाद दलबीर दास महंत का कहना है उसने जांच के लिए सेंपल अस्पताल के पैथोलैब में दिया और रिपोर्ट के बारे में पूछताछ की तो मौजूद कर्मचारी ने जांच रिपोर्ट आइसीयू में भेज देने कहा। इसके बाद जांच रिपोर्ट लैब से भेजा गया या नहीं इससे वे बेखबर थे। सोमवार की सुबह आइसीयू में मरीज को देखने के लिए राउंड में पहुंचे चिकित्सक ने जांच रिपोर्ट की मांग स्वजनों से की, तो उन्होंने अनभिज्ञता व्यक्त की। उन्होंने चिकित्सक को बताया कि लैब के कर्मचारी ने जांच रिपोर्ट वार्ड में भेजने की बात कही थी। इसी उहापोह के बीच समय बीतते गया। इधर दिन में 10 बजे मरीज की मौत हो गई।
दलबीर दास का कहना है कि चिकित्सक के द्वारा जांच रिपोर्ट मांगने पर जब वह लैब पहुंचकर मरीज सदादास के सेंपल की जांच रिपोर्ट मांगा तो वहां मौजूद कर्मचारी उसे गुमराह करते रहे। जब उसने चिकित्सक के राउंड में पहुंचने और जांच रिपोर्ट मांगने की बात कही तो रजिस्टर में मरीज का नाम देखने लगे। सुबह तक रजिस्टर में मरीज का नाम इंद्राज नहीं किया गया था। ऐसे में वे खाली हाथ आइसीयू वार्ड में वापस लौट आए।
मरने के एक घंटे बाद आया रिपोर्ट
आइसीयू में गंभीर स्थिति में भर्ती किए गए मरीज की जांच रिपोर्ट समय पर नहीं मिलने के कारण चिकित्सक आगे क्या चिकित्सा सुविधा भर्ती मरीज को उपलब्ध कराएं इसे लेकर संशय में थे, वहीं जांच रिपोर्ट के इंतजार में लगे चिकित्सक व स्टॉफ की नजरों के सामने सोमवार की सुबह 10 बजे मरीज ने अंतिम सांस ले ली। मरीज की मौत के एक घंटे 10 मिनट बाद, 11.10 बजे लैब से मृतक का जांच रिपोर्ट भेजा गया, जिससे स्वजनों का गुस्सा लाजिमी था। इस मामले में एमएस डॉॅ लखन सिंह का कहना है कि यह बड़ी लापरवाही है। मामले की जांच करा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।।

डेढ़ माह से लापता व्यक्ति का खोह से बरामद हुआ कंकाल, चार लोगों ने मिलकर की थी हत्या…

हिंद स्वराष्ट्र लखनपुर : जिले के उदयपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम राईचुआ की प्रार्थीया कौशिल्या पण्डो ने उदयपुर थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि आज से करीब डेढ महीने पहले उसका पति शिवप्रसाद पण्डो घर से बिना बताये कही चले गये थे। उनका पता तलाश अपने स्तर पर कर रही थी।
जिनका गुमने की रिपोर्ट थाना उदयपुर में की थी। पुलिस गुम इंसान की जांच कर रही थी। इसी दौरान 28 तारीख को गांव का जगत केवटा ने शिवप्रसाद की पत्नी को बताया कि शिवप्रसाद पंडो को गांव के ही चार लोग मिलकर जान से मारकर जंगल के माडा (खोह) में छिपा दिये है, प्रार्थिया की रिपोर्ट पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुये पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव (भा.पु.से.) के सतत मार्गदर्शन मे पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता (भा.पु.से.) के निर्देशन मे घटना की सूक्ष्मता से जांच करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व मे टीम गठित कर घटना की जांच थाना प्रभारी उदयपुर उप निरीक्षक धीरेन्द्रनाथ दुबे द्वारा की जा रही थी।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना दिनांक को मृतक शिवप्रसाद पंडो घर में अकेला था। जिसकी सूचना आरोपी चंदोरिहा पंडो को मिली थी। सूचना पर चंदोरिहा के द्वारा बीरबल पण्डो, कैलाश पण्डो, बिझरिहा पण्डो को बुलाया गया। सभी आरोपी एक राय होकर रात्रि के करीब 9 से 10 बजे के बीच शिवप्रसाद पंडो को खोजने उसके घर जा रहे थे, तभी शिवप्रसाद पंडो गांव में ही तालाब के किनारे मिल गया। जिसे आरोपीगणों ने जान से मारने की नियत से लाठी-डंडे एवं मुक्के से मारकर हत्या कर दिए एवं मृतक के शव को अटेम नदी के किनारे माड़ा (खोह) में डाल दिए और सभी आरोपी अपने अपने घर आ गए।
चारो आरोपियों ने जमीन विवाद एवं रोज रोज के लड़ाई झगडे से तंग आकर हत्या कारित करना स्वीकार किया जो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी उदयपुर उपनिरीक्षक धीरेंद्रनाथ दुबे, उप निरीक्षक समरेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक शत्रुघ्न सिंह, आरक्षक देव नारायण सिंह, लाखन सिंह, अजय शर्मा, रविंद्र साहू, विजय सिंह, नगर सैनिक अपीकेश्वर दास शामिल रहे।

बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस को मिली सफलता…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : दो दिन पूर्व जिला मुख्यालय से लगे बिश्रामपुर के झोपड़पट्टी नर्सरीपारा में हुए अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने सफलता प्राप्त की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बिश्रामपुर के झोपडपट्टी नर्सरीपारा निवासी मुखदार राम ने विश्रामपुर में षिकायत दर्ज करायी कि 26 अगस्त को इसका मामा धनसाय घर आकर बताया कि पत्नी पतियारो की लाश मिथला मंच, सीसी रोड किनारे पड़ा है उसके गले में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दिया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302, 201 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शरू की। मामले में पुलिस कप्तान ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हर पहलुओं पर जांच करने के निर्देष दिए और आरोपी को जल्द पकड़ने कही। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम व डॉग स्क्वार्ड को मौके पर रवाना किया। डॉग स्क्वार्ड मौके से मृतिका के देवर बबलू यादव के घर जा पहुंचा। विवेचना के दौरान यह जानकारी सामने आई कि मृतिका अंतिम बार अपने देवर के घर में थी जिसके बाद संदेही बबलू यादव पिता धनसाय उम्र 33 वर्ष निवासी झोपडपट्टी नर्सरीपारा विश्रामपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतिका घुम-घुम कर शराब पीती थी तथा नशे के हालत में बिना नाम लिए मोहल्ले वालों को गाली-गुप्तार करती थी। 25 अगस्त के शाम को काम करके घर आया तो देखा कि पतियारो इसके घर के अंदर बैठी थी और वहीं पर गंदगी कर दी थी तब यह गुस्सा कर मृतिका का पकड़कर घर से बाहर निकाला और 2-3 झापड गाल में मारा और घर में चला गया। इसके बाद मृतिका मारे हो कहते हुए गाली-गलौज देने लगी, गुस्सा लगने पर वहां से धक्का मारकर भगाया तो फिर से गाली-गलौज देने लगी, अत्यधिक गुस्सा आने पर रोज-रोज शराब पीकर गाली देती है और परेशान करने पर उसे जान से मारने का प्लान बनाया और रात्रि करीब 10-11 बजे पतियारो को पकड़कर चुपचाप खींचते हुए घर ले आया और आंगन में छोड़ दिया, घर में रखे घास काटने वाला लोहे का गड़ासा (चापड़) को लाया और गले को रेत दिया जिससे पतियारो की मृत्यु हो गई और शव को ले जाकर मिथला मंच सीसी रोड़ किनारे चरोटा झाड़ी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त गड़ासा व अन्य सामग्री जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया। कार्यवाही में थाना प्रभारी विश्रामपुर केडी बनर्जी, थाना प्रभारी जयनगर सुभाष कुजूर, एएसआई सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, आरक्षक अकरम मोहम्मद, अखिलेश पाण्डेय, अजय प्रताप राव, रविशंकर पाण्डेय, वाहिद हुसैन, बिहारी पाण्डेय, उमेश राजवाड़े, प्यारेलाल राजवाड़े, जय प्रकाश यादव व महिला आरक्षक तेरसा तिग्गा सक्रिय रहे।

सोनिया गांधी के PA पर रेप का आरोप:पीड़ित बोली- केस वापस लेने के लिए धमकी मिल रही, जांच अधिकारी भी बदल दिया…

हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी सचिव पर दो महीने पहले रेप का आरोप लगाने वाली महिला का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पीड़ित ने पुलिस पर आरोपी को बचाने और और कम्प्लेंट वापस लेने के लिए धमकी मिलने का आरोप लगाया है। एक मिनट 37 सेकेंड के वीडियो में पीड़ित महिला ने और क्या कहा, पढ़िए उसी की जुबानी…

‘मैं आज बहुत ज्यादा दुखी और परेशान होकर ये वीडियो बना रही हूं। सोनिया गांधी के PA पीपी माधवन ने शादी का झांसा देकर मेरे साथ दुष्कर्म किया। इसकी FIR मैंने उत्तम नगर थाने में दी है। पुलिस उसको लगातार बचाने का प्रयास कर रही है। आज तक मुझसे सबूत नहीं मांगा गया। मेरे केस की जांच अधिकारी (IO) बदल दी गई। मुझे बताया नहीं गया। मेरी चार्जशीट पेश कर दी गई, मुझे बताया नहीं गया। जुबैर अहमद वकील द्वारा मुझे धमकी दिलाई गई। मुझ पर दबाव बनाया गया कम्प्लेंट/एफआईआर वापस लेने का। पुलिस पर मुझे बिल्कुल विश्वास नहीं रहा। प्लीज आप लोगों से हाथ जोड़कर रिक्वेस्ट है कि मेरी मदद कीजिए। गुजारिश है आप लोग प्लीज मेरी मदद करिए।’

पूरा मामला समझिए…
दिल्ली की एक दलित महिला ने सोनिया के निजी सचिव पीपी माधवन के खिलाफ नौकरी और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज करवाया है। 26 जून को दिल्ली के उत्तम नगर थाने में पुलिस ने FIR भी दर्ज की थी।
पीड़ित महिला ने FIR में बताया कि उसका पति कांग्रेस कार्यालय में होर्डिंग लगाने का काम करता था। दो साल पहले उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद उसने नौकरी के लिए पीपी माधवन से संपर्क किया। FIR के मुताबिक 21 जनवरी 2022 को माधवन ने पहली बार महिला को अपने घर पर बुलाया था। माधवन ने उसे बताया कि उनका पत्नी से तलाक हो चुका है। महिला की कई बार माधवन से मुलाकात हुई। इस दौरान कई बार महिला ने अपने साथ जबरदस्ती किए जाने की बात FIR में कही है।
माधवन बोले- महिला को जानते हैं, पर आरोप गलत
महिला का आरोप है कि माधवन ने नौकरी और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार रेप किया। वहीं, उत्तम नगर थाने में महिला की शिकायत पर माधवन के खिलाफ धारा 376, 506 के तहत केस दर्ज किया गया था। इधर, आरोपों पर माधवन ने कहा कि वो महिला को जानते हैं, लेकिन आरोप गलत हैं।

छत्तीसगढ़ में PACL की सबसे ज्यादा संपत्ति रायगढ़ में ! सेबी ने किया है जब्त, 98 संपत्तियों की सूची में नटवरपुर की 400 एकड़ जमीन, किसानों से औने-पौने दामों में खरीदी गई थी भूमि…

हिंद स्वराष्ट्र रायगढ़ : पीएसीएल कंपनी में निवेशकों की डूबी रकम को निकालने के लिए भारतीय प्रतिभूमि एवं विनिमय बोर्ड कोशिश कर रहा है। कंपनी की संपत्तियों को जब्त कर उससे लोगों की राशि वापस करने की योजना है। जब्त संपत्ति में सबसे ज्यादा जमीनें रायगढ़ की हैं। यहां करीब 400 एकड़ जमीन जब्त की गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ही पीएसीएल पर कार्रवाई की गई, तब तक कंपनी ने निवेशकों के अरबों रुपए हड़पकर अकूत संपत्ति बना ली थी। जमाकर्ताओं को अच्छे जगहों पर प्लॉट का सपना दिखाया गया और जमीनें कहीं और खरीदी गईं।

ऐसी संपत्तियों को सेबी ने जब्त किया है। इस सूची में छग की 98 संपत्तियां हैं। इसमें सबसे ज्यादा जमीनें रायगढ़ जिले में जब्त की गई हैं। पीएसीएल ने नटवरपुर में करीब 400 एकड़ जमीन खरीदी है जो सेबी की जब्ती में है। इसके अलावा कंपनी ने जगतपुर में भी एक जमीन खरीदी है। रायगढ़ के अलावा पीएसीएल की रायपुर में कृष्णा कॉम्पलेक्स में दुकान, बिलासपुर, पेंड्रा रोड के नेवरी नवापारा, नेवारी, गौरेला, राजनांदगांव के छुईखदान, बस्तर के लोहंडीगुडा, चित्रकोट, जगदलपुर, महासमुंद के चौकबेड़ा, मानपुर, रायपुर के बिंद्रानवागढ़ और गरियाबंद के मुड़ीपानी में भी अचल संपत्ति जब्त की गई है। सूची देखने पर हैरानी होती है कि कैसे पीएसीएल ने नटवरपुर में मसाहती गांव होने के बावजूद धड़ाधड़ जमीनें खरीदीं। एक ही झटके में कई किसानों से जमीनें औने-पौने दामों में क्रय की गईं। कब बिकेगी जमीन, कब मिलेगी राशि सेबी ने इन संपत्तियों को बेचकर निवेशकों को राशि लौटाने की घोषणा की है। पहले चरण में केवल दस हजार रुपए तक वाली जमा राशि को लौटाया जा रहा है । लेकिन इसकी प्रक्रिया बहुत धीमी है। सूची में देश भर में खरीदी गई संपत्तियों की सूची है । देश भर में पीएसीएल की 27,133 संपत्तियों को जब्त किया गया है । सबसे अधिक तमिलनाडु , मप्र , राजस्थान, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पंजाब में संपत्ति जब्त हुई है।

पत्नी के बार-बार मायके जाने से पति को आया गुस्सा, जमकर पिटाई फिर हंसिये से फोड़ दी आंख…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पति ने पिट-पीटकर अपनी पत्नी को अधमरा कर दिया। जिसके बाद हंसिया से पत्नी के आंख की नशे फाड़ते हुए आंख को बाहर निकाल लिया। घायल पत्नी को मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केशगवां गांव का है। जहां देवप्रसाद ने अपनी पत्नी मानमति के बार-बार मायके जाने से गुस्सा हो गया। नशे की हालत में घर पहुंचकर देवप्रसाद ने पहले अपनी पत्नी को जमकर पीटा। इसके बाद जब उसकी पत्नी अधमरी हो गई तो हंसिया से आंख की नशों को फाड़ते हुए उंगली डालकर आंख को बाहर निकाल लिया। सिरफिरे पति ने आंख को बाहर निकालकर आग में फेंक दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद सिरफिरा पति फ़रार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जबकि घायल पत्नी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया उसका इलाज जारी है।

हड़ताल पर गए अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन काटने आदेश जारी…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारी-अधिकारी अपनी मांगों को लेकर पिछले 8 दिनों से हड़ताल पर हैं। वहीं आज सरकार की ओर से मंत्रालय में प्रमुख सचिव से फेडरेशन के पदाधिकारियों की पहली वार्ता हुई। इस प्रथम दौर की बैठक के बाद सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद थी लेकिन शाम को सामान्य प्रशासन विभाग ने वेतन काटने का आदेश जारी कर दिया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट आदेश जारी कर कहा है कि जो पिछले बार के हड़ताल में शामिल थे यानी 25 से 29 जुलाई के बीच वाले हड़ताल में और इस बार वह हड़ताल में शामिल नहीं है उनके अवकाश को स्वीकृत मानकर वेतन भुगतान किया जाए और जो पिछले बार भी हड़ताल में शामिल थे और इस बार भी 22 अगस्त से हड़ताल में शामिल हैं उनके वेतन में 2006 के आदेश का परिपालन करते हुए कटौती की जाएगी।

देखें आदेश –

बलरामपुर कलेक्टर ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने शुरु की अनूठी पहल,, अब से प्रत्येक शनिवार स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के शिक्षकों की कॉलेज के व्याख्याता लेंगे क्लास….

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वकांक्षी योजना स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल जिसने देश के सामने एक अनोखी मिसाल पेश कर खूब सुर्खियां बटोरी कि देश में एक ऐसा राज्य भी है जहां अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूल चलते हैं साथ ही वे स्कूल जो प्राइवेट शिक्षण संस्थानों को पीछे छोड़ रहे हैं ऐसे में मुख्यमंत्री कि इस महत्वकांक्षी योजना का नाम बरकरार रखने और शिक्षा का स्तर और ऊंचा हो सके इसके लिए शिक्षकों के साथ-साथ बलरामपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. भी दिलों जान से लगे हुए हैं साथ ही कलेक्टर ने एक अनोखी पहल की शुरुआत भी कर दी है जिसके तहत शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए अब सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पदस्थ कम्प्यूटर शिक्षक ,प्रयोगशाला शिक्षक,जीव विज्ञान,भौतिकी व रसायन के शिक्षकों की क्लास जिले महाविद्यालयो में पदस्थ व्याख्याता ले रहे है।
दरअसल स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रयोगशाला से सम्बंधित शिक्षकों को महाविद्यालय के व्याख्यताओ से प्रशिक्षण कार्यक्रम चला कर ..उन्हें स्कूली बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ाने के गुण सिखाये जा रहे है..इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बलरामपुर व वाड्रफनगर में संचालित महाविद्यालयों के व्याख्यताओ से सेवाएं ली जा रही है.. वही इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के 11 स्वामी आत्मानंद स्कूलों के 66 शिक्षक प्रतिभागी के तौर पर हिस्सा ले रहे है!..
विदित है कि कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. द्वारा अपनी जिले में पदस्थापना के बाद जिले की शिक्षा व्यवस्था के आंकलन हेतु विद्यालयों में औचक भ्रमण कर वहां पर छात्र-छात्राओं से चर्चा कर शिक्षकों को वर्तमान के अनुसार अपडेट होने ,नए तकनीकी प्रयोग के साथ बच्चों को पढ़ाने एवं बच्चों हेतु शिक्षा को और रुचिकर बनाने हेतु टिप्स दिए थे, भृमण के दौरान ही उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों के उन्मुखीकरण हेतु प्रशिक्षण आयोजित कर जिले के शासकीय महाविद्यालय के अनुभवी प्राध्यापकों द्वारा आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के शिक्षकों को विषय से सम्बंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिससे वह आगे चलकर छात्र-छत्राओं की नींव मजबूत कर सकें ।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के शिक्षा के क्षेत्र में किये गए इस अभिनव प्रयास हेतु स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के शिक्षकों ने धन्यवाद ज्ञापित किया | साथ ही महाविद्यालय के प्राध्यापक वर्ग ने भी इस पहल को सराहा है। शासकीय महाविद्यालय के वनस्पति शास्त्र के प्राध्यापक श्री एन के सिंह ने बताया कि कलेक्टर श्री दयाराम की यह एक सार्थक पहल है , प्रतिभागी शिक्षक भी पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठा रहे है ,जिला प्रशासन की इस प्रयास का लाभ अवश्य ही छात्र-छात्राओं को प्राप्त होगा।

तीज पर्व को भी जारी रहेगा आंदोलन, कर्मचारी अधिकारियों का हड़ताल जारी….

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर अपनी मूल मांग केंद्र के समान 34 प्रतिशत मंहगाई भत्ता देय तिथि से बकाया ऐरियर्स सहित भुगतान करने एवं सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता प्रदान करने की मांगों को लेकर सूरजपुर जिले के कर्मचारी अधिकारी आठवें दिन भी हड़ताल पर रहे। जिला संयोजक अनिल मिश्रा ने बताया कि आज आठवें दिन हमारे प्रांतीय संयोजक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल की मुख्य सचिव से बेहद सकारात्मक चर्चा हुई है। पहले दौर की वार्ता में प्रांतीय संयोजक ने अपना पक्ष रखते हुए कर्मचारियों की पूरी मांग से अवगत करा दिया है जिसके बाद मुख्य सचिव ने वित्त सचिव व अन्य अधिकारी से चर्चा करने की बात कही है। हमें उम्मीद है जल्द ही इसका सकारात्मक नतीजा प्रदेश के कर्मचारियों के हित मे आएगा।हम चाहते हैं कि हमारी मांगों पर सरकार सहानुभूति पूर्वक निर्णय करे ।आज धरना स्थल पर विभिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार को हमारी मांगों से अवगत कराया गया।यदि सरकार हमारी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन जारी रहेगा।रोज की भांति कल तीज के पावन पर्व पर जिले के समस्त विकासखण्डों में तीज पर्व के संबंध में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर आंदोलन जारी रहेगा।आज भी फेडरेशन से जुड़े समस्त संगठनों के जिलाध्यक्ष ,पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी अधिकारी शामिल रहे।

मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए आरएसएस प्रांत प्रचारक प्रेम शंकर सिदार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर प्रणव भवन में जनजाति गौरव समाज की संभागीय बैठक संपन्न हुई। परमेश्वर सिंह मरकाम संभाग अध्यक्ष की अध्यक्षता एवं आर एस एस के प्रांत प्रचारक प्रेम शंकर सिदार के मुख्य आतिथ्य में जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास और संगठन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर चर्चा किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में प्रेम शंकर सिदार ने कहा कि जनजाति समाज को संगठित होकर समाज एवं देश हित में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि हमारे जनजाति समाज का गौरव पूर्ण इतिहास रहा है, यह समाज प्राचीन, विशुद्ध वैज्ञानिक, गौरवशाली परंपरा वाला, रीति रिवाज के साथ निर्दोष भी है और ऐसे समाज से संबंध रखने वाले महापुरुष और हमारे पूर्वज जिन्होंने देश के स्वतंत्रता सहित जनकल्याण में अपना अमूल्य योगदान दिए उन्हें सम्मान के साथ हम स्मरण करते रहें, बहुत से ऐसे सामाजिक कुरीतियां जनजाति समाज में कभी नहीं रही है और जो कुरीतियां है उन्हें दूर करने में समाज को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, इस समाज को तोड़ने के लिए, बरगलाने के लिए, बांटने के लिए बहुत सारी षड्यंत्र कारी शक्तियां पीछे लगी हुई हैं जहाँ हमे उन्हें सफल नही होने देना है। श्री सिदार ने समाज को अपनी विरासत बचाते हुए आधुनिक समय के साथ सामंजस्य स्थापित करने पर बल दिया। संभागीय सचिव सहदेव भगत ने अपने संबोधन में सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए जनजाति गौरव समाज के गठन का उद्देश्य एवं कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। प्रस्तावना एवं स्वागत उद्बोधन में प्रांतीय सचिव राम लखन पैकरा ने कहां कि हमारा समाज आर्थिक सामाजिक राजनीतिक संस्कृति एवं गौरवशाली संरचना से परिपूर्ण और संगठित है और मिलकर हमें आगे बढ़ना है।

इस अवसर पर जनजाति गौरव समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में बंशीधर उरांव, मोहन सिंह टेकाम, डॉ आशुतोष मंडावी, डॉ मुकेश सिंह, संजय सिंह, कमलभान सिंह, चंपा देवी पावले, रेणुका सिंह, पुष्पा सिंह नेताम, शशि कला भगत, कुसुम सिंह, संतोष सिंह, सत्यनारायण सिंह, इंदर भगत, सुरेश मरकाम, तेजबल राम, धनराम नागेश, बिहारी तिर्की, दिनेश सिंह, वासुदेव माझी, उपेंद्र सिंह उरकेरा, उमाशंकर भगत एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

पंच, सरपंच ने पटवारी के खिलाफ खोला मोर्चा…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : ग्राम पंचायत सरगवा व नर्मदापारा के सरपंच एवं पंचों के द्वारा सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर राजीव श्रीवास नामक पटवारी को उक्त हल्का मे दोबारा पदस्थ ना करने की मांग की है। पंचायत पदाधिकारियों ने ज्ञापन मे लिखा है की राजीव श्रीवास नामक पटवारी पूर्व में उक्त हल्का मे पदस्त था उस समय उसके द्वारा भारी भ्रष्टाचार किया गया ग्रामीणजन से बिना पैसा लिए काम नही करता था। उक्त पटवारी द्वारा छोटे मोटे कार्यों के लिए भी मोटी रकम मांगी जाती थी। पटवारी द्वारा शासकीय जमीन को भी बेच दिया गया जिस मामले में उसके ऊपर एफ.आई.आर भी दर्ज हुआ और वो जेल भी गया था। 8 माह जेल में रहकर बाहर आया और उसे फिर से उसी हल्का मे ट्रांसफर कर दिया गया हैं। जिसके विरोध में पंच सरपंच ने उसे अन्यत्र कहीं ट्रांसफर करने की मांग सरगुजा जिलाधीश से की है।

झरने की तरह गिर गया ट्विन टावर, इम्प्लोजन तकनीक, जिससे कुछ सेकेंड में ही ढह गई पूरी इमारत…

हिंद स्वराष्ट्र नोएडा : सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद नोएडा सेक्टर-93ए स्थित सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट के ट्विन टावर को रविवार, 28 अगस्त की दोपहर 2:30 बजे जमींदोज कर दिया गया। इसमें 32 मंजिला एपेक्स व 29 मंजिला सियान टावर को 3,700 किलोग्राम विस्फोटक लगाकर ध्वस्त किया गया। वहीं सुरक्षा के लिहाज से ट्विन टावर के पास किसी को जाने की अनुमति नहीं थी। बता दें कि ब्लास्ट के बाद धुएं का गुबार उठा और इलाके में चारों तरफ सिर्फ धुआं ही धुआं ही दिखाई देने लगा।

जैसा प्लान किया गया था, वैसा ही हुआ: सीईओ रितु महेश्वरी
नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु महेश्वरी ने कहा कि जैसा प्लान किया गया था, वैसा ही हुआ है। उन्होंने बताया कि ब्लास्ट के बाद थोड़ा सा मलबा सड़क और एटीएस की दीवार की ओर गया है। बिल्डिंग गिरने के बाद डस्ट क्लाउट बना था।उन्होंने कहा कि विध्वंस से पहले और बाद में AQI डेटा लगभग समान है। शाम 7 बजे के आसपास खाली सोसाइटियों के निवासियों को अपने घरों में वापस जाने की अनुमति दी जाएगी। यहां लगभग 100 पानी के टैंकर और 300 सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं। गैस की सप्लाई और इलेक्ट्रिसिटी की भी बहाली जल्दी की जाएगी।
वहीं नोए़डा सीपी आलोक कुमार ने कहा कि योजना के अनुसार ही अभ्यास किया गया। विशेषज्ञ दल मौके पर हैं। फिलहाल इसका आंकलन किया जा रहा है। केवल विशेषज्ञ ही विध्वंस के बाद की स्थिति का पता लगा सकते हैं। हम अवशेष और बचे हुए विस्फोटकों का आंकलन करने के लिए साइट पर जा रहे हैं।

सुरक्षा निगरानी में 560 पुलिस कर्मी
वहीं ट्विन टावरों को ध्वस्त करने के लिए आसपास के इलाकों में NDRF की टीमों को तैनात किया गया था। इसके अलावा 560 पुलिस कर्मी, रिजर्व फोर्स के 100 लोग, 4 क्विक रिस्पांस टीम भी यहां तैनात हैं। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन के लिए हेल्पलाइन नंबर 99710 09001 जारी किया है। वहीं ध्वस्तीकरण का काम आज, 28 अगस्त की दोपहर 2.30 पर किया गया। टावर्स को गिराने का यह खर्च भी बिल्डर कंपनी सुपरटेक ही वहन करेगी।

इससे पहले सुपरटेक ट्विन टावर्स विध्वंस पर यूपी के अपर मुख्य सचिव(गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि इन अवैध ट्विन टावरों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा सख्त कार्रवाई में ध्वस्त करने का आदेश दिया गया था। यह एक संदेश देगा कि राज्य में अवैध काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुपरटेक ने टावर्स के ध्वस्त होने से पहले क्या कहा था:
ट्विन टावर को ध्वस्त किए जाने से कुछ समय पहले सुपरटेक ने एक बयान जारी कर कहा कि हम सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हैं। सुपरटेक ने कहा कि हमने टावर का निर्माण प्राधिकरण को पूरा भुगतान करने के बाद किया था। लेकिन माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने इसमें तकनीकी आधार पर निर्माण को ठीक नहीं पाया। उनके फैसले का हम सम्मान करते हैं।

आगे कहा है कि हम सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए हमने एक विश्व प्रसिद्ध कंपनी एडिफिस इंजीनियरिंग को काम दिया है। जिसके पास ऊंची इमारतों को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त करने की विशेषज्ञता है।

पिकनिक मनाने आए 7 लोग पानी में डूबे: 1 युवती को बचाया गया वही 3 लोगो की लाश मिली, 3 की तलाश जारी…

हिंद स्वराष्ट्र कोरिया : कोरिया जिले के विकासखंड भरतपुर में स्थित रमदहा जलप्रपात में पिकनिक मनाने आए मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न निवासी सात लोगों जलप्रपात में डूब गए। आसपास के लोगों ने एक युवती को बचा लिया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और तीन लोगों का शव बरामद कर लिया गया। वहीं, तीन की तलाश जारी है। हादसे में प्रभावित लोग आपस में रिश्तेदार हैं।

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला स्थित बैढ़न तीन परिवार के 17 लोग पिकनिक मनाने के लिए कोरिया जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत रमदहा जलप्रपात में आए थे। सभी आपस में रिश्तेदार हैं। दोपहर लगभग एक बजे श्वेता सिंह पिता कमलेश सिंह(22), हिमांशु पिता कमलेश सिंह(18), श्रद्धा सिंह पिता कमलेश सिंह(14) तीनाें निवासी बैढ़न निगाही कालोनी, अभय सिंह पिता योगेंद्र सिंह(22) निवासी जयंत कालोनी, ऋ षभ सिंह पिता अनिल सिंह(24) निवासी माजन मोड, सुलेखा सिंह पति ऋ षभ सिंह(22) निवासी माजन मोड़ व रत्नेश सिंह पिता योगेंद्र सिंह(26) निवासी जयंत कालोनी रमदहा जलप्रपात में नहाने के लिए उतरे थे।

नहाने के दौरान ये सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इसे देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पानी में उतरकर किसी तरह सुरेखा सिंह व उनके पति ऋषभ सिंह को बाहर निकाला। तब तक ऋषभ सिंह की मौत हो गई थी। इसकी सूचना तत्काल कोटाडोल पुलिस को दी गई। साथ ही बैकुंठपुर नगर सेना को भी जानकारी दी गई। कोटाडोल पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों के मदद से पानी में डूबे लोगों की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद मध्य प्रदेश के सिंगरौली से भी पुलिस की टीम पहुंच गई। देर शाम तक रत्नेश सिंह व हिमांशु सिंह के शव को भी निकाल लिया गया। तीनों के शव को जनकपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया हैं। वहीं, पानी में तीन लोगों की तलाश की जा रही है।

ब्रेकिंग न्यूज : छत्तीसगढ़ में IAS अधिकारियों के तबादले…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ में देर शाम कई आईएएस अधिकारियों के तबादले आदेश जारी किए गए हैं।

देखें आदेश :

आम आदमी पार्टी का जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन सेवा कुंज में संपन्न हुआ..

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन प्रभारी संतोष श्रीवास्तव (दिल्ली), प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडीं प्रदेश संगठन मंत्री भानू प्रकाश चंद्र ,प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज दुबे,सेंट्रल नॉर्थ जोन प्रभारी शशि मोहन और जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गत दिवस जिले के साधु राम सेवा कुंज में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन के पूर्व पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा विश्रामपुर के अम्बेडकर चौक से सूरजपुर पुरा शहर तक बाइक रैली निकाली गई. इस रैली में जिला सहित संभाग के हज़ारों कार्यकर्ता और आम लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया. रैली में लोगों की भीड़ अधिक होने के देर तक जाम की स्थिति बनी रही. इसके लिए पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए विधिवत रैली को आगे बढ़ाया. रैली का समापन साधु राम सेवा कुंज में हुआ इसके पश्चात कार्यकर्ताओं का सम्मेलन प्रारम्भ हुआ. जिलाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए आम आदमी पार्टी द्वारा जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं का सम्मेलन सेवा आयोजित किया. सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते प्रदेशाध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि पूरे प्रदेश की जनता आज बदलाव चाहती है. लोगों को अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य , सुरक्षा , रोजगार मिल सके इसके लिए इसके आम आदमी पार्टी संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है. जिला सचिव हरि नारायण साहू ने कहा ग्राम प्रोफाइलिंग बुकलेट के गांव और मोहल्लों में पार्टी के कार्यकर्ता सदस्य जोड़ें हैं संगठन को मजबूती मीली है लेकिन अभी और मजबूत करने की जरूरत है और सभी कार्यकर्ता तैयार है
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज दुबे और डी. पी यादव द्वारा किया गया. इस कार्यक्रम के दौरान सोसल मीडिया नार्थ जोन प्रभारी संजय गभेल, बिधानसभा अध्यक्ष प्रेम नगर अंजय जैन, बिधानसभा अध्यक्ष भटगांव रवि जैसवाल, बिधानसभा अध्यक्ष प्रतापपुर संदीप सिंह, जिला उपाध्यक्ष साम नाथ महिला बिधानसभा अध्यक्ष जिला संगठन मंत्री राजेन्द्र पासवान , उपाध्यक्ष जेठू सिंह, उपाध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष संदीप जयसवाल, बिहारी लाल राजवाड़े,दिनेश देवांगन,राजा जनक,नफिस खान, सतपाल साहू, आदर्श, सुरेश, मो. सईद अली, राजेश जगते, आदर्श, रवि दास, , बिंदे सहित सभी कार्यकर्ता और नागरिकगण हजारों की संख्या में उपस्थित रहे.

error: Content is protected !!