Home Blog Page 127

खाद्य मंत्री ने किया लुण्ड्रा- गणवीरा- बिलासपुर सड़क निर्माण का भूमिपूजन, 26 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से होगा सड़क का निर्माण….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत ने सोमवार को बतौली जनपद के ग्राम पंचायत शिवपुर में लगभग 26 करोड़ 70 लाख की लागत से बनने वाले सड़क का भूमिपूजन किया। लोक निर्माण विभाग के द्वारा करीब 19.50 किलोमीटर लुण्ड्रा-गणवीरा-बिलासपुर सड़क उन्नयन एवं मजबूतीकरण का कार्य किया जाएगा।
खाद्य मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत दिनों से इस बहुप्रतीक्षित सड़क को बनवाने की मांग चल रही थी। सड़क बन जाने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का विकास भी होगा। हमारी सरकार ने सत्ता में आते ही सबसे पहले किसानों की खुशहाली के लिए ऋणमाफी का फैसला किया। इसके पश्चात सभी किसानों से समर्थन मूल्य में धान खरीदी में अतिरिक्त राशि 500 रुपये राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत प्रदान किया। पूरे देश मे सबसे ज्यादा धान का दाम छत्तीसगढ़ में दिया जा रहा है। कोरोनाकाल में जहां लोग एक दूसरे को हाथ लगाने से डरते थे हमने स्वास्थ्य विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सभी लोगों की सेवा की। शासन ने मुझे खाद्य विभाग की जिम्मेदारी दी। छत्तीसगढ़ में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोये। हमने अमीर हो या गरीब सभी का राशन कार्ड बनाया गया। कोरोना काल से लेकर अब तक सभी पात्र राशनकार्ड धारियों को निःशुल्क चावल का वितरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, एसडीएम रवि राही, तहसीलदार नीलू भगत, जनपद सीईओ विजयनारायण श्रीवास्तव, बीईओ मेशपाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी से अब पर्यटकों को मिलेगा प्रकृति का प्यार, गौर-लाटा को पर्यटन स्थल बनाने मुख्यमंत्री ने की घोषणा…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के उत्तरी छोर पर स्थित सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा पर्यटन के लिहाज से अविश्वसनीय स्थान है। स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा यहां लगातार प्रयास किया जा रहा था। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. गौर-लाटा के स्थानीय निवासियों को रोजगार के नए संसाधनों के अवसर उपलब्ध कराने के लिए नई कार्ययोजना भी तैयार कर रहे थे। अब इन सभी बातों को तेजी से गति मिलेगी क्यूंकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गौर-लाटा के महत्व को देखते हुए इसे पर्यटन स्थल के रूप मे विकसित करने की घोषणा की है।

छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी के रूप में है विख्यात गौर-लाटा
1225 मीटर ऊंची गौर-लाटा छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी है और भौगोलिक संरचना के अनुसार पाट प्रदेश से संबंधित है। इस चोटी से छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा पर स्थित बड़े वन क्षेत्र की अद्भुत खूबसूरती नजर आती है। इस पहाड़ी पर कई गुफाएं और प्राकृतिक जलस्रोत भी हैं। फिलहाल ये स्थान स्थानीय लोगों के पर्यटन के लिए पहली पसंद है, लेकिन अब पर्यटन स्थल क्षेत्र घोषित होने से यह क्षेत्र बेहतर रूप में ऊभर कर सामने आएगा।

स्थानीय पर्वतारोहियों की पसंदीदा चोटी है गौर-लाटा
जिले के सामरी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी गौर-लाटा की पहाड़ी फिलहाल स्थानीय पर्वतारोहियों की पसंदीदा जगह है और ट्रेकिंग के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां अक्सर प्रशासनिक टीम और स्थानीय ग्रुप्स क्षेत्र को विकसित करने का संदेश लेकर गौर-लाटा की चढ़ाई करते हैं। हालांकि कठिन रास्तों के कारण पर्यटकों की अभी भी यहां से दूरी बनी हुई है। इस कठिनाई को आसान बनाने के लिए जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पहले से ही प्रयास किया जाता रहा है और अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद गौर-लाटा बलरामपुर के गौरव के रूप में विकसित हो सकेगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ ही पर्यटको को भी प्रकृति का प्यार मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के पहले शहीद पार्क का किया लोकार्पण…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरनेवालों का यही बाक़ी निशाँ होगा।। शायद ही कोई हो, जिसने ये कविता नहीं सुनी हो। इस कविता में शहीदों की चिताओं पर हर बरस मेले लगने की बात कही गई है, लेकिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा है कि शहीदों को याद करने के लिए साल में किसी एक दिन का इंतजार न किया जाए, बल्कि उन्हें लोग हर दिन याद करें। इसी सोच के साथ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रदेश के पहले शहीद पार्क की स्थापना की गई है। मकर संक्रांति के दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस शहीद पार्क का लोकार्पण किया।
बलरामपुर में प्रदेश के पहले शहीद पार्क को लगभग चालीस लाख रूपए की लागत से तैयार किया गया है, इसके निर्माण के लिए नगर पालिका को नोडल एजेंसी बनाया गया था। बलरामपुर के शहीद चौक पर स्थापित इस पार्क में शहीद प्रधान आरक्षक लाजरुस मिंज, शहीद आरक्षक महेश राम पैंकरा, शहीद आरक्षक अनिल खलखो, शहीद उप निरीक्षक नबोर कुजूर, शहीद प्रधान आरक्षक मनाजरूल हक, शहीद उप निरीक्षक मसीह भूषण लकड़ा, शहीद प्रधान आऱक्षक रामसाय राम की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनकी प्रतिमाओं के नीचे अमर शहीदों का बायोडाटा भी उकेरा गया है ताकि हर कोई इनके अतुल्य योगदान के बारे में जान सके। देश के इन वीर सपूतों को देखने के लिए शहीद पार्क में लोगों की भीड़ उमड़ रही है और इससे इन शहीदों को वो सम्मान मिल रहा है, जिनके ये हकदार हैं।
सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बृहस्पत सिंह की पहल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा मकर संक्रांति के दिन शहीद पार्क का लोकार्पण किया गया। शहीद पार्क की स्थापना के बाद अब शहीदों को साल में एक बार याद नहीं किया जाएगा, बल्कि हर दिन हर पल लोग देश के लिए मर मिटने वाले इन शहीदों को याद करेंगे और इनकी कुर्बानी की दास्तान सुनकर देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत होंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव नहीं रहे, PM मोदी बोले- ‘हमेशा संजोकर रखूंगा आपकी यादें’…

हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है. शरद यादव की बेटी शुभासिनी यादव ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम नेताओं ने शरद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की है.
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ. अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया. वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे. मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजो कर रखूंगा. उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं. ओम शांति.’

तातापानी महोत्सव 2023 में पैरासेलिंग , पैरामोटरिंग, हॉट-एयर बलून, एडवेंचर्स गेम रहेगा मुख्य आकर्षण का केन्द्र….

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : तातापानी महोत्सव संक्रांति परब का शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 14 जनवरी को करेंगे, इसके साथ मुख्यमंत्री 700 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में है, जिसका जायजा लेने कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमण्डलाधिकारी विवेकानन्द झा मेला स्थल पर पहुंचे, इस दौरान जिले के शीर्षस्थ अधिकारियों ने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को दिशा-निर्देश देते हुए मेला स्थल पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही तातापानी महोत्सव में जिले में हुए विकास कार्यों को विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉलों के माध्यम से प्रदर्शित किये जाने की विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है।
तातापानी महोत्सव में 14 जनवरी को मुख्यमंत्री सामुहिक कन्या विवाह योजनांतर्गत 501 जोड़ों का विवाह समारोह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में सम्पन्न होगा, इसी प्रकार महोत्सव के दूसरे दिन किसान संगोष्ठी, पंच, सरपंच सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव में इस वर्ष मेला स्थल पर एडवेंचर्स गेम, हाट एयर बलून तथा आरागाही हवाई पट्टी में पैरासेलिंग, पैरामोटरिंग आकर्षण का केन्द्र रहेंगे, इसके साथ ही महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में स्कूली छात्र-छात्राओं व स्थानीय कलाकारों के अलावा आमंत्रित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। तातापानी महोत्सव 2023 के प्रथम दिन 14 जनवरी को छत्तीसगढ़ी लोक गीतों की प्रसिद्ध बाल कलाकार आरू साहू, पाराम्परिक करमा गीत गायक श्री सुनिल मानिकपुरी तथा 15 जनवरी की सांस्कृतिक संध्या में इंडियांस गॉड टैलेंट फेम जीरो ग्रेविटी डॉस ग्रुप, बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक श्री शांतनु मुखर्जी (शान), अपनी प्रस्तुति देंगे, इसी क्रम में महोत्सव के अंतिम दिन भोजपुरी के प्रसिद्ध गायक श्री मोहन राठौर व भोजपुरी की सुप्रसिद्ध गायिका सुश्री काजल राघवानी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर भरत कौशिक, रामानुजगंज गौतम सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नारद सूर्यवंशी, डिप्टी कलेक्टर अनमोल विवेक टोप्पो, उप पुलिस अधीक्षक रमेश मरकाम, डिप्टी कलेक्टर (प्रशिक्षु) राजीव जेम्स कुजूर, तहसीलदार बलरामपुर सुरेश राय, तहसीलदार रामचन्द्रपुर विष्णु गुप्ता, नायब तहसीलदार संगीता साय पैकरा सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

मैनपाट महोत्सव अब 14 से 16 फरवरी तक, जनजातीय एवं तिब्बती संस्कृति की दिखेगी झलक, बॉलीवुड, भोजपुरी व स्थानीय कलाकार जमाएंगे रंग….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : तीन दिवसीय मैनपाट का आयोजन अब 14, 15 एवं 16 फरवरी 2023 तक रोपखार जलाशय के समीप होगा। 12 फरवरी को पीएससी की प्रारंभिक परीक्षा होने के कारण पूर्व निर्धारित तिथि में तब्दीली किया गया है। कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में मैनपाट महोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बार सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन में बॉलीवुड, भोजपुरी एवं स्थानीय कलाकारों के द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुति के साथ ही जनजातीय एवं तिब्बती संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। मैनपाट महोत्सव में इस बार लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था तथा पार्किंग को और बेहतर बनाने का प्रयास चल रहा है। मेला स्थल से आने वाले हितग्राहियों की सुविधा अच्छी हो यह भी सुनिश्चित करने हेतु कहा गया है। मेला स्थल, फूड जोन, सड़क पर दुकानों लगाने वालों के लिए व्यवस्थित आवंटन, कार्यक्रम स्थल का समतलीकरण एवं साफ-सफाई के साथ-साथ पब्लिक एरिया में दो अतिरिक्त सामुदायिक शौचालय बनवाया जा रहा है। मोबाइल टॉयलेट की जगह-जगह व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था हेतु जल संसाधन विभाग को पाइप लाइन के माध्यम से जगह-जगह पीने की स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया जा चुका है। स्थानीय कलाकारों को पर्याप्त महत्व देकर उनके कार्यक्रम मुख्य मंच में कराए जाएंगे साथ ही शैक्षणिक संस्थान, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, सैनिक स्कूल, नवोदय विद्यालय जैसे संस्थाओं के साथ-साथ आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम को भी शामिल करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है ।
351 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह- मैनपाट महोत्सव में महिला जागृति शिविर में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजनान्तर्गत करीब 351 जोड़ों का सामूहिक विवाह तथा तीनों दिन समाज प्रमुखों विशेषकर पहाड़ी कोरवा, माझी-मझवार सम्मेलन होगा। मैनपाट की सभी पर्यटन स्थलों में साइनेज, दिशा सूचक बोर्ड, टॉयलेट की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, साफ-सफाई की व्यवस्था के साथ-साथ सड़कों को आवागमन के लिए व्यवस्थित करने हेतु निर्देशित किया गया है।

नगर पंचायत प्रेमनगर उपचुनाव में भरत लीलावती उईके हुई विजयी..

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री इफ्फत आरा के निर्देशानुसार एसडीएम उत्तम रजक, एसडीओपी प्रकाश सोनी, तहसीलदार करमचन्द जाटवर, उमेश कुशवाहा, थाना प्रभारी रुपेश कुंटल की उपस्थिति में सुरक्षा के चाक चौबंद के साथ नगर पंचायत प्रेमनगर उपचुनाव वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद पद के लिए शांतिपूर्ण मतगणना संपन्न हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी भरत लीलावती उईके 121 वोट प्राप्त की। उन्हे विजयी घोषित करते हुए निर्वाचित प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया। भाजपा प्रत्याशी सरिता कुसरो को 92 वोट, निर्दलीय प्रत्याशी राजेश परमिला जगते को 10 वोट प्राप्त हुआ। 4 वोट निरस्त हुए।

बैंक के अंदर ही किसान का झोला काटकर 20 हजार की उठाईगिरी…

हिंद स्वराष्ट्र सीतापुर : सरगुजा जिले के सीतापुर में सहकारी बैंक में पैसे निकालने आया किसान उठाईगिरी का शिकार हो गया। किसान ने बैंक से पैसे निकालने के बाद झोले में पैसे रखे। झोला काटकर उठाईगिरों ने पैसे पार कर दिए। यह घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है। जानकारी के अनुसार सीतापुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम राजापुर निवासी किसान सहदेव बुधवार दोपहर पैसे निकालने के लिए सहकारी बैंक पहुंचा था। सवा तीन बजे उसने बैंक में अपने खाते से 20 हजार रुपये निकाले। बैंक से पैसे निकालने के बाद किसान ने पैसे अपने पास रखे झोले में डाले और बैंक में ही खड़ा होकर किसी का इंतजार कर रहा था। इस बीच अज्ञात उठाईगिरों ने उसका झोला काट दिया और 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

फोन पे पर कैशबैक का लालच देकर लाखों की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : साइबर क्लीन अभियान के तहत सरगुजा पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के 2 मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्यों को झारखंड के देवधर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऐसे 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने फोन पे के माध्यम से कैशबैक का लालच देकर व्यक्ति के खाते से लाखों रुपए उड़ा लिए थे। वहीं दूसरे मामले में एक अन्य आरोपी ने बैंक खाते का डिटेज पूछकर पीडि़त के फिक्सड डिपॉजिट खाते में जमा 1 लाख 80 हजार रुपए निकाल लिए थे। इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुका था, इसकी तलाश जारी थी। पुलिस ने तीनों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले का खुलासा करते हुए सरगुजा पुलिस ने बताया कि उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रिखी निवासी उमाकांत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 दिसंबर 2022 को अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल नंबर पर कॉल किया था। कॉल करने वाले ने उसे फोन पे के माध्यम से कैशबैक का लालच दिया था। राशि रिसीव करने के नाम पर उसने उसके खाते से 1 लाख 54 हजार 475 रुपए उड़ा लिए थे।
इस मामले में पुलिस ने धारा 420, 66 (सी), 66 (डी) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की खोजबीन शुरु की थी। इधर एक अन्य मामले में गांधीनगर थाने में माणिक प्रकाशपुर निवासी मंगलू कुजूर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बैंक खाते का पूरा डिटेल पूछकर अज्ञात व्यक्तियों ने फिक्सड डिपॉजिट से 1 लाख 80 हजार रुपए का आहरण कर लिया है। इस मामले में धारा 420 भा द वि 66(सी),66 (डी) के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जबकि दूसरा फरार था।

जिंदा है नक्सली कमांडर हिड़मा:माओवादियों ने पत्र जारी कर कहा- पुलिस के टारगेट से बच निकला हमारा नेता, हवाई हमले से कोई नुकसान नहीं…

हिंद स्वराष्ट्र बस्तर : छ्त्तीसगढ़ के बस्तर में खूंखार माओवादी कमांडर हिड़मा जिंदा है। CG-तेलंगाना बॉर्डर पर हिड़मा पुलिस के टारगेट से बचकर निकल गया है। इसकी पुष्टी खुद नक्सलियों के BKASR (भद्राद्रि कोत्तागुड़म अलूरी सीतारामाराजू) डिविजन कमेटी के सचिव आजाद ने की है। आजाद ने तेलगु भाषा में प्रेस नोट जारी किया है। नक्सली लीडर आजाद ने कहा कि, फोर्स ने PLGA (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) पर हवाई बमबारी भी की है। गई गांवों में बम गिराए गए हैं। हालांकि, फोर्स की इस कार्रवाई से माओवादी पार्टी और आम जनता को कोई नुकसान नहीं हुआ है। आजाद का कहना है कि, हवाई हमले पर नक्सल संगठन ने भी फोर्स को करारा जवाब दिया है।

IG बोले- गलत आरोप

माओवादियों के हवाई हमले के इन आरोपों के बाद बस्तर के IG सुंदरराज पी ने इसे फोर्स को बदनाम करने की नक्सलियों की साजिश बताया है। IG ने कहा कि, बस्तर में माओवादियों की ताकत अब धीरे-धीरे कम होती जा रही है। उनके पैरों से जमीन खिसक रही है। इसलिए वे बौखलाए हुए हैं।

IG सुंदरराज पी ने कहा कि, इससे पहले भी माओवादी फोर्स पर इस तरह का आरोप लगा चुके हैं। लेकिन, ये आरोपों कभी प्रूफ नहीं हो पाए हैं। IG का कहना है कि, नक्सली कमजोर होते जा रहे हैं। इसलिए अपने कैडर्स का मनोबल बनाए रखने के लिए वे तरह की बातें कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि, मुठभेड़ में हमारे सारे जवान सुरक्षित हैं।

जानिए कौन है माडवी हिड़मा ?

बस्तर के पूर्ववर्ती गांव में रहने वाला माडवी हिड़मा गांव के ही प्राथमिक स्कूल में पढ़ाई करता था। उस वक्त इलाके में सक्रिय नक्सली ने हिड़मा की एक्टिविटी देख कर उसे नक्सलियों के बाल संघम में भर्ती किया था। हिड़मा की आगे की पढ़ाई नक्सली स्कूल में ही हुई। हिड़मा के फुर्तीले शरीर को देखते हुए नक्सलियों ने इसे अपने LOS ग्रुप में शामिल किया था। हिड़मा की बनाई योजना में माओवादियों को कई सफलताएं भी मिली।

यह नारायणपुर, बीजापुर , गढ़चिरौली में कई सालों तक सक्रिय था। फिर बड़े लीडरों ने कोंटा एरिया कमेटी के जॉइंट प्लाटून का कमांडर बनाया था। वहीं 2007 से लेकर 2021 तक इसने कई बड़ी नक्सल घटनाओं को अंजाम दिया। साथ ही वर्तमान में यह नक्सलियों की मिलिट्री बटालियन नंबर 1 का कमांडर और DKSZC मेंबर भी है। इस पर 25 लाख रुपए से ज्यादा का इनाम घोषित है।

हिंदी दिवस विशेष : हिंदी न केवल हमारी मातृभाषा है बल्कि राष्ट्रीय-अस्मिता और गौरव का भी है प्रतीक….

हिंद स्वराष्ट्र : कोटि कोटि कंठों की भाषा, जन मन की मुखरित अभिलाषा, हिंदी है पहचान हमारी, हिंदी हम सब की परिभाषा… हिंदी न केवल हमारी मातृभाषा और राष्ट्रभाषा बल्कि यह राष्ट्र अस्मिता व गौरव का प्रतीक है। 10 जनवरी को दुनिया भर में विश्व हिंदी दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य विश्वभर में हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए लोगों के बीच जागरूकता पैदा करना और अंतरराष्ट्रीय भाषा के रूप में पेश करना है।

2006 में मनमोहन सरकार ने हिंदी दिवस मनाने का किया था एलान
बता दें कि पहला विश्व हिंदी सम्मेलन 10 जनवरी 1975 को नागपुर में आयोजित हुआ था। 2006 में देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 10 जनवरी को हिंदी दिवस मनाने का ऐलान किया। जिले के अमूमन सभी शैक्षणिक व सरकारी कार्यालयों में हिंदी भाषा को प्रमुखता दी जा रही है।

जागरूकता के लिए किए जाते हैं आयोजन

रांची यूनिवर्सिटी में हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहे हैं। विश्व हिंदी दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए लोगों के बीच जागरूकता पैदा करना, हिंदी के प्रति अनुराग पैदा करना, हिंदी को विश्व भाषा के रूप में प्रस्तुत करना और हिंदी की दशा के लिए जागरूकता पैदा करना है। विश्व हिंदी दिवस के मौके पर केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा सरकारी काम को हिंदी में करने का संकल्प लिया जाता है…।
भाषा किसी भी देश की संस्कृति का अक्षय कोष
कुलपति तपन कुमार शांडिल्य कहते हैं कि भाषा किसी भी देश की संस्कृति का अक्षय कोष होती है। भाषा परंपरा संस्कृति और आधुनिकता के पथ पर गतिमान होकर परिवर्तनशील होती है। भाषा समाज और परंपरा को जोड़े रखने का प्रेम बंधन भी है। वह भटकाव में आस्था की अक्षय ज्योर्तिमय मार्गदर्शक स्तंभ भी है, सौम्य और सर्जनात्मकता का अपराजेय संकल्प हिंदी की बुनियादी प्रकृति है।
हिंदी भाषा को भाषा विज्ञानियों ने स्थूल रूप से सामान्य और प्रयोजन में विभक्त किया है। सुखद सूचना यह है कि हिंदी की इस नितांत ताजा टटकी और भाषिक संरचना स्वरूप को विश्व स्तर पर सम्मान मिला है। हिंदी के लिए चीन अब हिमालय पार नहीं रहा। पाकिस्तान में इसने अपने होने का परचम लहरा दिया है। समुद्र पार जाकर अब यह विश्व के अनेकानेक महाद्वीपों में इंटरनेट, ई-मेल एवं कंप्यूटर के माध्यम से अपनी सामर्थ्य का एहसास कराकर अब विश्व ग्लोब पर हिंदी पूरी तरह स्थापित हो चुकी है। प्रत्येक ज्ञान और सूचना को अभिव्यक्ति देने में हिंदी का सामर्थ्य लगातार बढ़ रहा है। हिंदी भाषा हमारी संस्कृति का बहुमूल्य अंग
डाक्टर राजकुमार शर्मा कहते हैं कि विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर हम सभी भारतवासियों एवं हिंदी भाषियों से यह अपील करते हैं कि वह इस भाषा के सर्वांगीण विकास तथा लोकप्रियता बढ़ाने के लिए जो कुछ भी अपने स्तर से संभव हो सके उसे करने का निरंतर प्रयास करें। हिंदी भाषा हमारी संस्कृति का बहुमूल्य अंग है।
आज हिंदी की स्थिति देखकर हमें दुख का एहसास होता है क्योंकि हमारे आज की जो युवा पीढ़ी है वह हिंदी में दिनों के नाम तथा अंकों के नाम को भी ठीक तरीके से नहीं समझ पाती है। यह अपने आप में एक चिंता का विषय है। हमें यह ध्यान देना चाहिए कि अपनी भाषा की बेहतर स्थिति हमारे लिए खुशी का असीम स्रोत होता है।
अपनी संस्कृति के विभिन्न पहलुओं को हम अपनी भाषा के माध्यम से ही समझ सकते हैं। इस दृष्टिकोण से हम कह सकते हैं कि हिंदी की उपेक्षा निश्चित रूप से अपने जीवन के गुणात्मक समृद्धि को कम करने के बराबर होगी ऐसी परिस्थिति में यह हमारा फर्ज है कि हम हिंदी के गौरव तथा सम्मान की रक्षा पर यथासंभव ध्यान दें।

छग डिप्लोमा अभियंता संघ के अध्यक्ष ने गबन कर ली कोविड के नाम पर जुटाई गई सहायता राशि…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छग डिप्लोमा अभियंता संघ सरगुजा के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष पर 1.18 लाख रुपए गबन करने का आरोप लगाया है। पदाधिकारियों का कहना है कि अध्यक्ष द्वारा कोविड मरीजों के सहायतार्थ संघ के बैंक खाते में सभी अभियंताओं से एक निर्धारित राशि जमा कराई गई थी। इस राशि को सीएम कोष में जमा करना था लेकिन अध्यक्ष ने बिना किसी को जानकारी दिए 1 लाख 18 हजार रुपए निकालकर निजी उपयोग किया। इसे लेकर संघ के पदाधिकारियों में रोष है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ डिप्लोमा अभियंता संघ सरगुजा इकाई का बैंक खाता फुंदुरडिहारी ग्रामीण बैंक में है। खाते का संचालन संघ के नियमावली का अनुसार संघ के अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष द्वारा किया जाना है, लेकिन संघ के अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से इसके संचालन का जिमा स्वयं व सचिव के पास रखा गया। पदाधिकारियों का कहना है कि कोविड आपदा के दौरान 26 मार्च 2020 को अध्यक्ष द्वारा सभी अभियंताओं को एक निर्धारित राशि खाते में जमा करने का दबाव बनाया गया।
कई अभियंताओं के विरोध के बाद भी राशि जमा कराई गई। यह राशि कोविड मरीजों के लिए सीएम सहायता कोष में जमा करने का वादा किया गया था। कोविड मरीजों के सहायतार्थ निर्धारित राशि लगातार सभी अभियंता संघ के खाते में जमा करते रहे। इसी बीच 15 दिसंबर 2020 को चेक के माध्यम से अध्यक्ष द्वारा संघ के खाते से 90 हजार रुपए का आहरण कर लिया गया। अध्यक्ष द्वारा सीधा-सीधा अभियंताओं के जेब पर डाका डाला गया। इधर अभियंता लगातार खाते में राशि जमा करते रहे। इसी बीच 13 सिंतबर 2021 को एक बार फिर अध्यक्ष द्वारा संघ के खाते से चेक के माध्यम से 28 हजार रुपए का आहरण कर लिया गया। जबकि उक्त राशि कोविड मरीजों के लिए सीएम सहायता कोष में जमा करना था।

पद के दुरुपयोग का भी आरोप
संघ के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष पर अपने पद का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि अभियंता साथियों द्वारा जमा की गई धनराशि का गबन अध्यक्ष द्वारा किया गया है, जो उनके साथ अन्याय है। उक्त राशि से कई कोविड मरीजों का इलाज हो सकता था। अध्यक्ष के इस कृत्य से कोरोना मरीजों को नुकसान उठाना पड़ा है। इधर इस मामले में अध्यक्ष का बयान व पूर्व में वाट्सएप ग्रुप में दिए गए उनके निर्देश आपस में मेल नहीं खा रहे हैं।

अध्यक्ष ने किया गबन, होनी चाहिए कार्रवाई
छग डिप्लोमा अभियंता संघ सरगुजा के कोषाध्यक्ष बालकिशन मेहरोत्रा ने कहा है कि अध्यक्ष द्वारा संघ के व्हाट्सएप गु्रप में कोविड मरीजों के लिए राशि जमा करने अभियंताओं पर दबाव बनाया गया था। उन्होंने वादा किया था उक्त राशि सीएम सहायता कोष में जमा होगी। संघ के संविधान के विरुद्ध अध्यक्ष व सचिव द्वारा संघ के खाते का संचालन किया जा रहा है, जबकि कोषाध्यक्ष की अनुमति से संचालन होना है। अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह द्वारा कोविड मरीजों के लिए संघ के खाते में जमा राशि में से 1 लाख से 1.15 लाख रुपए का आहरण कर स्वयं उपयोग कर लिया गया है। मैंने प्रदेशाध्यक्ष से भी पूर्व में संघ के खाते का अनुचित तरीके से संचालन की शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अध्यक्ष द्वारा रुपयों का किया गया गबन घोर निंदनीय है। जिला समिति की ओर से इसकी ार्त्सना करते हुए जिला प्रशासन से अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता हूं।

कोई कोविड का पैसा जमा नहीं हुआ था, आरोप लगाने वाले लगाते रहें
यह कोई सरकारी संस्था नहीं है। कोई कोविड का पैसा नहीं है, यह संघ का पैसा है। कई कामों के लिए पैसे का आहरण होता रहता है। मेरे द्वारा पैसा नहीं निकाला गया है। आरोप लगाने वाले लगाते रहें।
आलोक कुमार सिंह, अध्यक्ष, छग डिप्लोमा अभियंता संघ, सरगुजा

भिलाई में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार पति-पत्‍नी को मारी टक्‍कर, 300 मीटर तक घसीटा…

हिंद स्वराष्ट्र भिलाई : दुर्ग जिले के भिलाई में एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई हैं। हादसा शिवनाथ नदी ओवरब्रिज में शनिवार देर रात को हुआ। स्कूटी में सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक दंपती अंजोरा से दुर्ग लौटते समय एक तेज रफ्तार कार के चपेट में आ गए कार ने उनके स्कूटर पर टक्कर मार दी। टक्कर होने के बाद कार ने स्कूटी समेत दंपती को करीब 300 मीटर तक सड़क पर घसीटा। हेलमेट न पहनने की वजह से दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटे लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कार चालक मौके से फरार
जानकारी के मुताबिक, पोलसायपारा निवासी ज्ञानचंद लेखवानी (56) अपनी पत्नी वंदना लेखवानी (45 साल) के साथ स्कूटी से अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। वहां उनके परिचित के यहां संगीत कार्यक्रम था। वहां से दोनों अपनी स्कूटी से वापस लौट रहे थे। रात 12.30 बजे के करीब जैसे ही वे शिवनाथ नदी ओवर ब्रिज पर पहुंचे तभी पीछे से आ रहे एक कार CG 07 BF 5195 ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलगांव पुलिस ने प्राथमिकी कर जांच शुरू कर दी है।

TI अलरिक लकड़ा भेजे गए रक्षित केंद्र…6 अन्य पुलिसकर्मियों के तबादले…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा एसपी भावना गुप्ता ने 1निरीक्षक, 4 सहायक उप निरीक्षक व एक प्रधान आरक्षक, आरक्षक को तबादला किया है। लखनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अलरिक लकड़ा और सहायक उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह को थाना उदयपुर से रक्षित केन्द्र अंबिकापुर भेजा गया हैं। सहायक उप निरीक्षक राजेश्वर महंत चौकी प्रभारी रघुनाथपुर से चौकी प्रभारी कुन्नी, सहायक उप निरीक्षक दिलीप दुबे को थाना लुण्ड्रा से चौकी प्रभारी रघुनाथपुर, सहायक उप निरीक्षक राकेश सिंह को चौकी प्रभारी कुन्नी से थाना उदयपुर, प्रधान आरक्षक सरके खेस को थाना उदयपुर से थाना कोतवाली व आरक्षक दीपक साहू को रक्षित केन्द्र अंबिकापुर से महिला थाना अंबिकापुर पदस्थ किया गया है।

अचानक पड़ रही कड़ाके की ठंड के मद्देनजर 7 जनवरी तक स्कूल रहेंगे बंद… देखे आदेश..

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजा जिले में पिछले 3 दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार ने सरगुजा संभाग के सभी स्कूलों की छुट्टी 7 जनवरी तक कर दी हैं।

जनकपुर में तेंदुआ का आतंक महिला को उसके घर से उठाकर उतारा मौत के घाट…

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी गणेश तिवारी : मनेन्द्रगढ़ वन मंडल अंर्तगत जनकपुर परिक्षेत्र2 के कुँवारी बीट के ग्राम सिंगरौली के पुरनिहापारा में आज तेंदुए का आतंक देखने को मिला जहां तेंदुए ने उमाबाई पत्नी नान बैगा को आज सुबह 7-30 बजे घर के बगल से उठाकर ले गया एवं गले पर वार कर महिला को मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुआ महिला को मार कर उसे जंगल में छोड़ कर भाग गया हैं। वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं। सूचना पर रेंजर सीएम तिवारी मौके पर पहुंच गए हैं। आपको बता दें कि तेंदुआ के मानव पर आक्रमण की यह तीसरी घटना हैं जिसमे अब तक दो महिला की मौत हो चुकी है वही एक बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी हैं।

शादीसुदा महिला से शादी करने की जिद करने पर पिता ने की अपने पुत्र की हत्या…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : नव वर्ष के पहले दिन ही कलयुगी पिता ने अपने बेटे को प्रेम संबंध के विवाद के चलते टांगी से मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, बतौली थाना क्षेत्र के सुवारपारा खेरवारपारा निवासी 22 साल शिव कुमार पैकरा बतौली का शादीशुदा महिला 20 साल भुनेश्वरी बैरागी के साथ प्रेम संबंध था। भुनेश्वरी बैरागी का एक बच्चा भी है। उक्त महिला के साथ नव वर्ष के पहले दिन बाहर से पिकनिक मनाकर रात को 7:30 बजे के लगभग शिव कुमार अपने घर प्रेमिका के संग पहुंचा। जिन्हे देखकर घर वाले नाराज हो गए। शिव कुमार अपनी प्रेमिका भुनेश्वरी और उसके बच्चे को अपने घर में रखने और शादीशुदा महिला से ही शादी करने की जिद करने लगा। इसी बात को लेकर शिव कुमार का अपने माता-पिता से विवाद होने लगा, जिससे परिवार वाले नाराज हो गए और उसे अपनी प्रेमिका को वहां से ले जाने की बात करने लगे। इससे नाराज होकर शिव कुमार ने पहले अपनी माता वैजंती को मारने दौड़ाया तो वह घर छोड़कर भाग गई। फिर उसने अपने पिता पर लकड़ी के टुकड़े से वार कर दिया जिससे अपने आप को बचाने के लिए पिता ने घर के आंगन में रखे टांगी से अपने बेटे पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

दो पक्षों के बीच पथराव में एसपी का सिर फूटा..अस्पताल में किए गए भर्ती…

हिंद स्वराष्ट्र नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ ग्रामणों ने धर्मांतरण को लेकर जोरदार हंगामा किया है। दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के बीच जमकर पत्थरबाजी और लाठी-डंडे चले इस दौरान नारायणपुर एसपी सदानंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सदानंद कुमार के सिर पर चोट आई है जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। सदानंद कुमार के सर पर टांके भी लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इधर हालात को देखते हुए आईजी सुंदर राज पी मौके के लिए रवाना हो गए हैं ।

स्वास्थ्य मंत्री ने किया राष्ट्रीय ध्वज हाई मास्ट का उद्घाटन, शान से लहराता गगनचुंबी तिरंगा से बढ़ी शहर की गरिमा….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : स्वास्थ्य मंत्री श्री टीएस सिंहदेव ने नव वर्ष के पहले दिन रविवार को महामाया पहाड़ स्थित ऑक्सीजन पार्क में राष्ट्रीय ध्वज हाई मास्ट का उद्घाटन किया। 100 फीट ऊंचे पोल पर करीब 30 फीट लंबाई के राष्ट्रीय ध्वज को फहराया गया। ऑक्सीजन पार्क में शान से लहराता गगनचुम्बी तिरंगा से अब शहर को नई पहचान मिलने के साथ गरिमा भी बढ़ेगी। स्वास्थ्य मंत्री के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के पश्चात स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश सेवा करते अपना बलिदान दिया उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया।
इस अवसर पर मंत्री सिंहदेव ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना गौरव की बात है। ऑक्सीजन पार्क में ऊंचाई पर 100 फीट ऊंचे पोल पर लहराता तिरंगा को शहर के हर कोने से देखा जा सकेगा। उन्होंने इस हाई मास्ट राष्ट्रीय ध्वज की देख-रेख की जिम्मेदारी वन विभाग द्वारा लिए जाने पर संतुष्टि जताई।
ज्ञातव्य है कि स्वास्थ्य मंत्री ने ऑक्सीजन पार्क में हाई मास्ट राष्ट्रीय ध्वज स्थापना के लिए अपने विधायक मद से 12 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की थी। राष्ट्रीय ध्वज स्थापना के लिए वन विभाग को जिम्मेदारी दी गईं थी। वन विभाग द्वारा पक्का बेसमेंट तैयार करने के साथ ही 100 फीट पोल पर 30 फीट लंबा और 20 फिट चौड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराने की भी तैयारी की। रात्रि मे भी ध्वज दिखाई दे इसके लिए पोल के शीर्ष पर दो फ्लड लाइट लगाए गए है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा व वनौषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृषण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, डीएफओ श्री पंकज कमल सहित स्थानीय पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।

सेवानिवृत्त प्रधान पाठको को सेवानिवृत्ति के दिन ही मिली पेंशन भुगतान की स्वीकृति…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने प्राथमिक शाला वाड्रफनगर के प्रधान पाठक रमेश प्रसाद पटेल तथा पूर्व माध्यमिक शाला वाड्रफनगर के प्रधान पाठक राजकिशोर जायसवाल को सेवानिवृत्ति तिथि में ही पेंशन स्वीकृति आदेश देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। प्रधान पाठक रमेश प्रसाद पटेल व राजकिशोर जायसवाल क्रमशः 38 वर्ष एवं 39 वर्ष 5 माह की अवधि में शासकीय सेवा पूर्ण कर आज सेवानिवृत्त हुए है, रमेश प्रसाद पटेल व राजकिशोर जायसवाल दोनो ही 22 दिसम्बर 1984 में एक शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थी। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने समस्त शासकीय सेवकों से अपील की है कि वे अपनी सेवानिवृत्ति तिथि के एक माह पूर्व ही पेंशन फार्म ऑनलाईन भर कर संबंधित कार्यालय प्रमुख के पास जमा करें तथा पेंशन के निराकरण में यदि किसी तरह की समस्या आ रही है, तो जिला कोषालय अधिकारी से सम्पर्क कर निराकरण करावें।

error: Content is protected !!