Home Blog Page 120

उमाशंकर उपाध्याय बने भाजपा किसान मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष …

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव की अनुमति से प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय एवं भाजपा किसान मोर्चा छ.ग. पवन साहू की सहमति से भाजपा सरगुजा के जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने उमाशंकर उपाध्याय निवासी ग्राम बरगीडीह, वि०ख० : लुण्ड्रा को भाजपा किसान मोर्चा सरगुजा के जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। उक्ताशय की जानकारी जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता ने दी।

शराब में मिलावटखोरी के खिलाफ कलेक्टर को भाजयुमो ने सौंपा ज्ञापन…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा के द्वारा जिले के शासकीय शराब की दुकानों में मिलावटखोरी की षिकायत के संबंध में कलेक्टर के नाम एस.डी.एम. को ज्ञापन सौपा जैसा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार एक इलेक्ट्रानिक मीडिया के फेसबुक चैनल द्वारा अम्बिकापुर गाड़ाघाट शासकीय शराब दुकान में जो कि छ.ग. शासन द्वारा संचालित है जहां पर एक रिपोर्टिंग की गई जिसमें यह स्पष्ट तौर पर रेफ्रेक्टों मीटर के माध्यम से पत्रकार द्वारा दर्षाया गया कि शराब की बोतलों में निर्धारित मापदण्ड के अनुसार एल्कोहल की मात्रा नहीं पाई गई जो कि शासकीय शराब की दुकानों में बिहार, झारखण्ड से आये लोग जो पूर्व में प्राईवेट दुकानों में रहकर कार्य कर चुके है, उन्ही को यहां भी फर्जी डाक्युमेट के तौर पर रखकर मिलावटखोरी का कार्य जिला आबकारी अधिकारी व अन्य स्टाफ के संरक्षण में जोरों से चलाया जा रहा है जो कि निंदनीय है व इससे प्रतिदिन करोडों रूपये राजस्व का नुकसान छ.ग. शासन को हो रहा है। ज्ञापन सौपते वक्त भाजयुमो प्रदेष महामंत्री अंकित जायसवाल, जिला महामंत्री संजीव वर्मा, प्रदेष प्रशिक्षण प्रमुख अभिषेक प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष रोचक गुप्ता, शानु कष्यप, सिकन्दर जायसवाल, जिला मंत्री विकास शुक्ला (चंदन), अमित दुबे, मण्डल अध्यक्ष निषान्त सिंह शोलू, रवि सोनी, मार्कण्डेय तिवारी, वेदान्त तिवारी, सौरव सिंह, भोलू सिंह, प्रिन्स तिवारी आदि उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने किया गोठान एवं सड़क निर्माण कार्य निरीक्षण गुणवता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश,
एसडीओ एवं सब इंजीनियर को नोटिस….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर कुंदन कुमार ने बुधवार को लखनपुर विकासखण्ड के कुवंरपुर गोठान में रीपा अंतर्गत विभिन्न संरचनाओं के निर्माण कार्य तथा अम्बिकापुर- उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग नव निर्माण अंतर्गत में कुवंरपुर जलाशय के पास निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवता पर जो देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुणवता में कोई समझौता न करें तथा विशेष ध्यान रखें। इस दौरान निर्माण कार्यां की धीमी प्रगति पर आरईएस के एसडीओ एवं सब इंजीनियर कारण बताओ सूचना जारी करते हुए एक सप्ताह में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कुवंरपुर गोठान में रीपा (महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क) अंतर्गत औद्योगिक ईकाईयों के स्थापना हेतु भवन एवं शेड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य तकनिकी अधिकारियों को राज्य शासन की मंशानुसार ग्रामीण आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए गोठान में विभिन्न संरचनाओं के निर्माण में गुणवता का विशेष ध्यान रखे तथा समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि गुणवता में कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही भी की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित बोर्ड भी लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने इसके पश्चात कुवंरपुर जलाशय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के नव निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मानव संसाधन तथा मशीनरी की संख्या बढ़ाकर तेजी से निर्माण कराएं। उन्होंने वाटर प्रूफिंग टेक्नॉलोजी से पुलिया का निर्माण करने के साथ-साथ रोड में अनियंत्रित गढढ़ो का समतलीकरण, पानी छिड़काव तथा दुर्घटना से बचने सड़क में रेडियम साईनेज बोर्ड लगवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अम्बिकापुर से शिवनगर तक पैच निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, तहसीलदार गरिमा ठाकुर, जनपद सीईओ वेदप्रकाश पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता नितेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

डिगमा का पंचायत सचिव निलंबित….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन में रूचि नहीं लेने तथा गोबर से वर्मी कम्पोस्ट खाद का रूपांतरण बहुत कम होने के कारण जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत डिगमा के पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि गोधन न्याय योजना के तहत डिगमा गोठान में 475 क्विंटल गोबर खरीदी की गई एवं 10 क्विंटल वर्मी खाद का निर्माण किया गया। गोबर ख़रीदी के विरुद्ध खाद का रूपांतरण मात्र 2 प्रतिशत है। पंचायत सचिव शकील अहमद को गोबर खरीद व वर्मी खाद निर्माण में प्रगति लाने नोटिस जारी किया गया था। पंचायत सचिव द्वारा नोटिस मिलने के बावजूद गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन में रुचि नही ली जा रही थी। शासन की महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लेने के फलस्वरूप तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उक्त पंचायत सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत अम्बिकापुर निया किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

लखनपुर पटवारी को निलंबित करने व जांच कार्यवाही शुरू करने कलेक्टर ने दिए निर्देश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष आयोजित जनचौपल में दूर-दराज से आये लोगो की समस्याएं सुनी व त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लखनपुर तहसील के एक किसान की चौहद्दी बनाने के एवज में रुपये की मांग करना व चौहद्दी नही बनाने की शिकायत पर लखनपुर के पटवारी को निलंबित करने व जांच कार्यवाही शुरू करने के निर्देश एसडीएम को दिए।
किसान ने बताया कि अपनी जमीन की चौहद्दी बनाने के एवज में पटवारी द्वारा 20 हजार रुपये की माग की गई। किसान ने 16 हजार रुपये दे भी दिए इसके बाद भी विगत दो माह से टाल-मटोल किया जा रहा है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी से राशि वसूल कर किसान को वापस दिलाने तथा जांच की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश सडीएम को दिए। जनचौपल में अम्बिकापुर तहसील के ग्राम ठाकुरपुर निवासी झन्नू कुजूर को उसके पुत्र के प्राकृतिक आपदा में मृत्यु हो जाने पर राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के तहत 4 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किया गया। इसी प्रकार लुण्ड्रा तहसील के ग्राम अजिरमा कला निवासी कमला देवी द्वारा सौर सुजला योजना के तहत सोलर पंप लगाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने क्रेडा विभाग के अधिकारियों को आवेदिका के आवेदन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए सोलर पंप स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

राजेश किराना का चिकन मसाला मिला अमानक…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतों पर सख़्त कार्रवाई की जा रही है ताकि ज़िले के आम नागरिकों को शुद्ध एवं स्वास्थ्य कर खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। इसी तारतम्य में मिलावट खोरी करने वाले दुकानदारों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि विगत दिनों मसालों में मिलावट संबंधी खबर पर संज्ञान लेते हुए शिकायती स्थल राम मंदिर रोड स्थित मेसर्स राजेश किराना अंबिकापुर में सोमवार को औचक निरीक्षण किया गया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रशांत तिवारी के द्वारा शिकायती खाद्य एवरेस्ट चिकन मसाला का नमूना जाँच हेतु संकलित किया गया। नमूने को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कालीबाड़ी, रायपुर भेजा गया। प्रयोगशाला से जाँच रिपोर्ट आने के पश्चात नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।

निगम क्षेत्र में अनियमित निर्माण पर कार्यवाही तेजी से करे – कलेक्टर
तहसीलदार लुण्ड्रा को कारण बताओ नोटिस जारी….

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में नगरीय निकाय क्षेत्र में अनियमित निर्माण की नियमितीकरण की समीक्षा करते हुये शासन के निर्देशानुसार नियमितीकरण करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को अनियमित निर्माण का चिन्हांकन कर नोटिस चस्पा करने के निर्देभ दिये वही ग्राम तथा नगर निवेश के अधिकारियों को एक सप्ताह में प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में विवादित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों के धीमी प्रगति पर लुण्ड्रा के तहसीलदार को कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि नगर निगम तथा ग्राम तथा नगर निवेश के अधिकारी आपसी समन्वय कर ज्यादा से ज्यादा लोगो के अनियमित भवन निर्माण को नियमित कराएं। बताया गया कि अब तक नियमितीकरण के 60 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें से 21 प्रकरणों पर कार्यवाही जारी है। नियमितीकरण के तहत 120 वर्ग मीटर के आवासीय मकान का निःशुल्क नियमितीकरण किया जाना है। नियमितीकरण हेतु आवेदन जुलाई 2023 तक कर सकतें हैं। इसी प्रकार कलेक्टर ने अवैध भूमि के नियमितकरण हेतु शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राज मार्ग के नव निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए अम्बिकापुर-शिवनगर मार्ग में कुंवरपुर डेम के पास के नवनिर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया। इसी प्रकार अम्बिकापुर-सीतापुर मार्ग में काराबेल के पास पुल निर्माण एवं प्रतापगढ़ के पास पुल निर्माण के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अविवादित नामांतरण एवं खाता बंटवारा के प्रकरणों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मछली पालन विभागों से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विश्वदीप, वनमण्डलाधिकारी पंकज कमल, अपर कलेक्टर एएल धु्रव, एसडीएम,तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

तेज रफ्तार दो बोलेरो की आपस में भिड़ंत, 6 घायल, 3 की हालत गंभीर..

हिंद स्वराष्ट्र राजपुर : बलरामपुर जिले के राजपुर- कुसमी मार्ग पर सोमवार की रात दो बोलेरो की आमने – सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोग घायल हो गए जिनमें से तीन को गंभीर चोट आई है। राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों गंभीर मरीजों को मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि झारखंड के कांजी डूमरी से एक बोलेरो में सवार होकर पांच लोग अंबिकापुर जा रहे थे। इधर अंबिकापुर की ओर से बोलेरो में सवार होकर तीन लोग शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। राजपुर और शंकरगढ़ के बीच ग्राम परसापानी घाट के पास तेज गति की दोनों बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बोलेरो में सवार छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के सहयोग से राजपुर पुलिस की टीम ने घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बोलेरो वाहन तेज गति में थी। मोड़ और घाट होने के कारण अचानक एक बोलेरो चालक का नियंत्रण हट गया और आपस में वाहनें टकरा गई।

ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले 11 आरोपी गिरफ्तार:मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम, बैंक पासबुक व करोड़ों के ट्रांजेक्शन का लेखा-जोखा जब्त…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी अंबिकापुर जिले में रहकर पूरा का पूरा पैनल चला रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में सभी दुर्ग और भिलाई के रहने वाले हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। दुर्ग पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें जानकारी मिली थी कि दुर्ग और भिलाई के कई लड़के अंबिकापुर में रहकर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। पुलिस ने और डिटेल निकाली तो पता चला कि वहां पूरी की पूरी ब्रांच संचालित हो रही है। इसके बाद दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने एक टीम बनाई और उसे अंबिकापुर रेड डालने के लिए भेजा। टीम ने वहां जाकर आरोपियों को मोबाइल लोकेशन निकाला। इसके बाद जिस घर में वो लोग रह रहे उसकी घेराबंदी की और सभी लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा ये 21 ब्रांच है, जिसका पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने मौके से 7 लैपटॉप, 16 मोबाइल फ़ोन, पासबुक, एटीएम और कई रजिस्टर बरामद किया। इन रजिस्टर में ब्रांच का हर दिन का लेन देने का हिसाब लिखा जाता था। बताया जा रहा है कि यह हिसाब कई करोड़ों में है। पुलिस सभी ट्रांजेक्शन और बही खाता की जांच कर रही है।
सभी आरोपी दुर्ग भिलाई के रहने वाले
दुर्ग पुलिस ने अम्बिकापुर से अनिल किराना स्टोर के पीछे बीएम शाह हॉस्पिटल के पास सुपेला निवासी हर्षदीप पिता मनजीत सिंह (19 वर्ष), बीएम शाह हॉस्पिटल के पास सुपेला निवासी नवीन चौधरी (19 वर्ष), संतरा बाड़ी दुर्ग निवासी फारुख रंगरेज (25 वर्ष), कादंबरी नगर दुर्गा मंदिर के पास दुर्ग निवासी पीयूष खेत्रपाल (27 वर्ष), फरीद नगर भिलाई निवासी सद्दाम हुसैन (32 वर्ष), घासीदास नगर जामुल निवासी दीपक कुमार ध्रुव (23 वर्ष), ईडब्लूएस 1259 हाऊसिंग बोर्ड जामुल निवासी अनय शर्मा (20 वर्ष), जामुल निवासी रोहित सिंह (23 साल), बालाजी नगर खुर्सीपार निवासी गौतम (22 वर्ष), शिवा विषय (22 वर्ष) और घासीदास नगर जामुल निवासी सुधीर चौधरी (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

स्कूली छात्रा ने की खुदकुशी, 6 मंजिला निर्माणधीन इमारत से लगाई छलांग, मौके पर मौत…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : राजधानी में एक स्कूली छात्रा द्वारा खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। यह राजधानी रायपुर टिकरापारा थाना क्षेत्र के बोरियाखुर्द की घटना है। जानकारी के अनुसार 6 मंजिला निर्माणधीन इमारत से स्कूली छात्रा ने छलांग कर आत्महत्या कर ली है। वहीं मौक़े पर ही छात्रा की मौत हो गई है। लोगों के आवाज देने के बाद भी नहीं रुकी छात्रा
इसके अलावा छात्रा ने खुदकुशी क्यों की इसका कारण अज्ञात है। वहीं छात्रा को निर्माणधीन इमारत पर खड़ा देख आसपास ने लोगों ने बचाने की कोशिश। लोगों के आवाज देने के बाद भी छात्रा नहीं रुकी और निर्माणधीन इमारत से छलांग लगा दी। फिलहाल घटनास्थल पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। बाडी को पोस्टमाटम के लिए अस्पताल भेजा गया। । बता दें घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है।

आरडीए की निर्माणाधीन बिल्डिंग से की आत्महत्या

बता दें जिस बिल्डिंग से कूदकर के छात्रा ने खुदकुशी की है वह रायपुर विकास प्राधिकरण यानी आरडीए की निर्माणाधीन बिल्डिंग है। मृतक छात्रा का नाम 16 वर्षीय आलिया परवीन है। मृतक छात्रा संतोषी नगर गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी की छात्रा थी और नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। वह मूलत: जगदलपुर की रहने वाली है। रायपुर में अपने बुआ के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक छात्रा को सुबह उसके फूफा स्कूल छोड़ने के लिए गया था। सुबह स्कूल जाते वक्त छात्रा सामान्य थी। पुलिस स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ करेगी। वहीं उसके साथ पढ़ने वाली अन्य छात्राओं अलावा मोबाइल फोन की भी जांच करेगी।
40 सेकेंड तक बाल्कनी में खड़ी रही, नीचे से लोग वीडियो बनाते रहे
बिल्डिंग के छठवें माले में जैसे ही छात्रा को कुछ लोगों ने देखा तो उन्हें समझ में आ गया कि अनहोनी होने वाली है। लोग जोर-जोर से आवाज लगाकर पीछे हटने के लिए कह रहे थे। छात्रा लोगों की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए बाल्कनी में करीब 40 सेकेंड तक खड़ी रही। इसके बाद कूद गई।
इस घटना के मामले में सीएसपी पुरानी बस्ती राजेश चौधरी का कहना है कि निर्माणाधीन बिल्डिंग के छठवें माले से छात्रा ने कूदकर खुदकुशी कर ली है। वजह अब तक पता नहीं चल पाया है। मौके पर उपस्थित लोग छात्रा को बिल्डिंग से कूदने रोकने के लिए चिल्लाते रहे। स्कूल प्रबंधन और सहपाठियों के अलावा स्वजनों से पूछताछ की जाएगी।

अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर पंचायत शिक्षकों की विधवाओं ने मुंडन कराकर जताया विरोध…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षकों की विधवाएं लंबे समय से प्रदर्शन कर रही है। ये महिलाएं बूढ़ातालाब धरना स्थल पर अपनी मांग को मनवाने के लिए नए-नए तरीके से प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान अपनी ओर कर रही है लेकिन अभी तक उनकी मांगे पूरी नहीं हुई है। वहीं आज महिलाओं ने अलग तरह से प्रदर्शन करते हुए अपने सर से बाल उतरवा (मुंडन) दिये। बता दें कि रायपुर के बूढ़ातालाब में दिवंगत शिक्षकों की महिलाओं को प्रदर्शन करते आज 133 दिन पूरे हो चुके है। महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर तरह-तरह के प्रदर्शन कर विरोध जताया है। महिलाओं ने सीएम हॉउस का घेराव से लेकर आत्मदाह तक की कोशिश की है लेकिन बावजूद इसके सरकार ने अभी तक उनकी मांगे पूरी नहीं हुई है।
सोमवार को दिवंगत शिक्षकों की महिलाओं ने अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर अपना मुंडन कर विरोध जताया। ये विधवा महिलाएं 20 अक्टूबर 2022 से अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रही है। महिलाओं ने कहा कि हम बीते 20 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे है, और जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती हम ऐसे ही प्रदर्शन करते रहेंगे।

आबकारी विभाग ने किया 60 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त..

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर शराब की अवैध बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में लगातार छापेमारी की कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में सहायक जिला आबकारी अधिकारी एस.के. सूर्यवंशी की टीम ने कार्यवाही करते हुए बलरामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओबरी निवासी लक्ष्मण सोनवानी आत्मज नीरोतन सोनवानी के घर से 60 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब तथा 300 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद करते हुए आरोपी के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1-क) 34 (2) एवं 59 (क) के तहत् आबकारी अधिनियम की गैर जमानती न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

5 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजे गए डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया…

हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : सोमवार को दिल्ली की एक अदालत ने राज्य के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पांच दिनों की सीबीआई रिमांड में भेज दिया। CBI ने आबकारी नीति से जुड़े भ्रष्टाचार के कथित मामले में उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। विशेष न्यायाधीश एम.के. नागपाल ने सीबीआई और मनीष सिसोदिया के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद कुछ देर के लिए अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था।
CBI ने कोर्ट से आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को पांच दिनों की हिरासत में उसे सौंपने का अनुरोध किया था। CBI ने 2021-22 की आबकारी नीति को लागू करने में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में रविवार शाम सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। इससे पहले सोमवार शाम,अदालत में एक घंटे से अधिक समय तक चली सुनवाई के दौरान मनीष सिसोदिया के वकील ने कहा कि (तत्कालीन) LG ने आबकारी नीति में बदलावों को मंजूरी दी थी, लेकिन केंद्रीय जांच एजेंसी चुनी हुई सरकार के पीछे पड़ी हुई है।

मनीष सिसोदिया के वकीलों ने दावा किया कि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है और उनकी रिमांड के लिए CBI के अनुरोध का विरोध किया। मनीष सिसोदिया के वकील ने उनका पक्ष रखते हुए अदालत से कहा, “मैं वित्त मंत्री हूं। मुझे बजट पेश करना है…कल ऐसा क्या बदल गया कि वित्त मंत्री को हिरासत में रखना है? क्या वह आगे उपलब्ध नहीं रहेंगे? या यह गिरफ्तारी छिपे हुए मकसद को लेकर की गई? यह मामला एक व्यक्ति और संस्था पर हमला है।”

उन्होंने कहा,”यह रिमांड से इनकार करने का एक उपयुक्त मामला है।”

उन्होंने दलील दी कि मनीष सिसोदिया ने दिल्ली सरकार के सदस्य के तौर पर कार्य किया और इसलिए फैसले के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, ना ही उस फैसले पर सवाल उठाया जा सकता है। वहीं, जांच एजेंसी के वकील ने दलील दी कि गिरफ्तार किए गए उपमुख्यमंत्री को हिरासत में रख कर मामले में पूछताछ करने की जरूरत है।

CBI ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने दावा किया है कि मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं है, लेकिन जांच से यह पता चला कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से फैसले लिए थे। मनीष सिसोदिया के वकील ने हिरासत में सौंपने संबंधी जांच एजेंसी के अनुरोध का विरोध करते हुए दलील दी कि CBI ने कहा है कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन बदले थे, लेकिन यह अपराध नहीं है। वकील ने कहा कि दिल्ली के LG से सुझाव लेने के बाद नीति लागू की गई थी और चूंकि इसके लिए परामर्श की जरूरत थी, इसलिए साजिश की कोई गुंजाइश नहीं थी। उन्होंने कहा, “मैंने हर चीज खुली रखने की कोशिश की।”

4 तरीकों से बढ़ा सकते हैं मोबाइल की स्पीड, 5जी की तरह चलेगा इंटरनेट, फोन नया हो या पुराना सभी के काम आएगी ट्रिक…

हिंद स्वराष्ट्र : कई बार यूजर्स को मोबाइल इस्तेमाल करते समय अक्सर इंटरनेट स्लो की समस्या आती है और स्पीड स्लो होने से आपके वे तमाम काम अटक जाते हैं जो चुटकियों में होने चाहिए. अगर आप फोन में स्लो इंटरनेट स्पीड न आने से परेशान हैं तो आज हम आपको कुछ टिप्स दे रहे हैं जो आपकी इस परेशानी को दूर कर सकती हैं. कई बार हमारे फोन के इंटरनेट स्टोरेज का कैशे क्लियर नहीं रहता है तो आपके फोन की इंटरनेट स्पीड कम हो जाती है. ऐसे में समय-समय पर आपको कैशे क्लियर करते रहना चाहिए.
कई ऐप्स बैकग्राउंड में चलती हैं तो फोन की इंटरनेट स्पीड कम हो जाती है. स्पीड बढ़ाने के लिए आपको बैकग्राउंड में चलने वाली ऐप्स को बंद कर देना चाहिए.
आप अपने फोन के नेटवर्क सेटिंग रिसेट कर सकते हैं. इससे आपको बेहतर मोबाइल स्पीड मिल सकती है. स्मार्टफोन की सेटिंग्स में जाएं. अब यहां नेटवर्क ऑपरेटर्स ऑप्शन पर को सर्च करें और टैप करें. यहां आपको चूज ऑटोमेटिकली का विकल्प दिखेगा, इसे बंद करें.
इंटरनेट स्पीड को बढ़ाने के लिए आप मोबाइल पर लाइट ऐप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा आप लाइट ब्राउजर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

तीसरे से 30वें स्थान पर फिसले अडानी, कंपनियों ने गंवाए 12 लाख करोड़ रुपये..

हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : दिग्गज भारतीय कारोबारी गौतम अडानी महज एक महीने पहले तक दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे. हालांकि पिछले एक महीने के दौरान गौतम अडानी की नेटवर्थ रिकॉर्ड रफ्तार से कम हुई है और अब वह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में 30वें स्थान पर फिसल गए हैं. अब उनकी नेटवर्थ भी कम होकर 40 बिलियन डॉलर से नीचे आ चुकी है.

एक रिपोर्ट ने पलट दी तस्वीर
अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग की पिछले महीने आई एक विवादास्पद रिपोर्ट इसकी वजह है. हिंडनबर्ग ने 24 जनवरी को जारी एक रिपोर्ट में अडानी समूह के ऊपर कई गंभीर आरोप लगाए थे. रिपोर्ट में कहा गया था कि अडानी समूह के शेयरों की वैल्यू काफी ज्यादा है. इसके अलावा शेयरों के भाव में हेर-फेर करने समेत अन्य कई आरोप भी लगाए गए थे. रिपोर्ट सामने आने के बाद से लगभग हर रोज अडानी समूह के शेयरों में भारी गिरावट आ रही है. इसके कारण ही गौतम अडानी की नेटवर्थ में भी तेजी से कमी आ रही है.

कभी इतनी हो गई थी नेटवर्थ
गौतम अडानी पिछले साल सितंबर महीने में पहली बार दुनिया के तीन सबसे अमीर व्यक्तियों में से एक बने थे. ब्लूमबर्ग बिलियनयर्स इंडेक्स के आंकड़ों के अनुसार, अडानी की कुल संपत्ति 31 अक्टूबर को बाजार बंद होने के बाद 143 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई थी. तब उनसे ज्यादा अमीर सिर्फ टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और अमेजन के जेफ बेजोस थे.

अब तक हुआ इतना नुकसान
हालांकि अब यह तस्वीर पूरी तरह से बदल चुकी है. ब्लूमबर्ग बिलियनयर्स इंडेक्स के ताजा आंकड़ों को देखें तो अब गौतम अडानी की नेटवर्थ महज 39.9 बिलियन डॉलर बची है. पिछले एक महीने में गौतम अडानी को 80 बिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ है. कभी मुकेश अंबानी से मीलों आगे निकल चुके गौतम अडानी की संपत्ति अब रिलायंस चेयरमैन की नेटवर्थ के आधे से भी कम रह गई है. मुकेश अंबानी अभी 81.7 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं.

भाग्यशाली रहा था पिछला साल
गौतम अडानी के लिए पिछला साल यानी 2022 काफी भाग्यशाली रहा था. पिछले साल फरवरी में वह मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ भारत व एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने थे. पिछले साल अप्रैल महीने के दौरान गौतम अडानी की नेटवर्थ पहली बार 100 बिलियन डॉलर के पार निकली थी. एक-एक कर वह बिल गेट्स और बर्नार्ड अर्नाल्ट जैसे धनकुबेरों को पीछे छोड़ने में सफल रहे थे. सिर्फ 2022 में अडानी की नेटवर्थ में करीब 70 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ था. हालांकि पिछले एक महीने में ही उन्हें इससे ज्यादा का नुकसान उठाना पड़ चुका है.

अडानी की कंपनियों को इतना नुकसान
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद से अब तक समूह की 10 लिस्टेड कंपनियों को भी भारी नुकसान हुआ है. समूह की इन कंपनियों का मार्केट कैप मिलाकर 12.06 लाख रुपये कम हुआ है. नुकसान का यह आंकड़ा भारत की दूसरी सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी टीसीएस की वैल्यू के लगभग बराबर है. समूह की अडानी टोटल गैस का शेयर सबसे ज्यादा 80.68 फीसदी गिरा है. वहीं अडानी ग्रीन एनर्जी और अडानी ट्रांसमिशन के शेयरों में करीब 75 फीसदी की गिरावट आई है. समूह की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों के भाव तब से अब तक करीब 62 फीसदी कम हुए हैं.

5 चीजें नस-नस में भर देंगी विटामिन बी-12, दिल-दिमाग के लिए हैं जरूरी..

0

हिंद स्वराष्ट्र : शरीर को हेल्दी रखने के लिए कई तरह के पोषक तत्वों की जरूरत पड़ती है. इसमें विटामिंस का भी बहुत बड़ा योगदान होता है. विटामिंस शरीर की कोशिकाओं के निर्माण और खून को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. विटामिन बी 12 भी इनमें से प्रमुख विटामिन है, जिसका काम खून में आरबीसी और डीएनए का निर्माण करना है. अगर शरीर में विटामिन बी 12 की कमी हो जाए तो एनीमिया की बीमारी हो सकती है. इससे नसों और दिमाग का काम सही से नहीं हो पाता है. चूंकि हमारा शरीर विटामिन बी 12 का उत्पादन नहीं करता है, इसलिए हमें विटामिन बी 12 को भोजन से प्राप्त करना होता है. वैसे तो अधिकांश चीजों में विटामिन बी 12 पाया जाता है लेकिन कुछ खास फूड में विटामिन बी 12 की मात्रा ज्यादा रहती है.
विटामिन बी 12 को प्राप्त करने के लिए लाल और सफेद फूड काफी पौष्टिक होता है. जैसे दूध, दही, अंडा और मांस, मछली में भरपूर मात्रा में विटामिन बी 12 पाया जाता है. विटामिन बी 12 वाले फूड पर नजर दौड़ाने से पहले यह जान लेना जरूरी है कि विटामिन बी 12 की कमी से शरीर में कितनी तरह की परेशानियां होती हैं.

विटामिन बी 12 की कमी
विटामिन बी 12 की कमी होने पर शरीर को कई तरह की परेशानियां होती है. हार्वर्ड हेल्थ वेबसाइट के मुताबिक, विटामिन बी 12 की कमी होने पर बहुत अधिक थकान होने लगती है. इसके साथ ही तेज सिर दर्द भी होता है. बच्चों में विटामिन बी 12 की कमी का ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ता है. विटामिन बी12 की कमी से दिमागी कामकाज भी प्रभावित हो सकता है. इससे मेमोरी लॉस और कंफ्यूजन रहने लगता है. मतिभ्रम की शिकायत रहती है. विटामिन बी 12 की कमी का सबसे बड़ा दुष्परिणाम यह है कि इससे मेगालोब्लास्टिक एनीमिया हो जाता है. इसमें आरबीसी का आकार बड़ा हो जाता है. यह बहुत ही खराब स्थिति है.
विटामिन बी 12 को कैसे जल्दी प्राप्त करें

1. सफेद फूड- हेल्थलाइन की खबर के मुताबिक दूध, दही, अंडा, डेयरी प्रोडक्ट आदि सफेद चीजों में सबसे अधिक विटामिन बी 12 को प्राप्त किया जा सकता है. इसलिए अगर शरीर में ज्यादा थकान महसूस हो तो समझ जाएं कि विटामिन बी 12 की कमी है और दूर करने के लिए डेयरी प्रोडक्ट को डाइट में शामिल करें.
2. फल और सब्जियां- फेमिना हेल्थ वेबसाइट के मुताबिक लाल फल जैसे चुकंदर, लाल सब्जी जैसे आलू, सफेद सब्जी मशरूम आदि से विटामिन बी 12 को प्राप्त किया जा सकता है. वहीं हरी सब्जियों में विटामिन बी 12 पर्याप्त मात्रा में रहता है.
3. ओटमील- फेमिना की ही खबर के मुताबिक फोर्टिफाइड ब्रेकफास्ट सेरिएल विटामिन बी 12 का अच्छा स्रोत होता है. ओटमील, कॉर्नफ्लेक्स, छाछ आदि विटामिन बी 12 का बेहतरीन स्रोत है.

4. एनिमल प्रोडक्ट- हेल्थलाइन की खबर के मुताबिक एनिमल प्रोडक्ट जैसे मीट, अंडा आदि में विटामिन बी 12 खूब होता है. मीट में लिवर, किडनी से सबसे ज्यादा विटामिन बी 12 को प्राप्त किया जा सकता है.
5.साबुत अनाज- साबुत अनाज किसी भी पोषक तत्व का सबसे शुद्ध स्रोत है. साबुत अनाज में सभी तरह के विटामिंस की पर्याप्त मात्रा होती है. साबुत अनाज से न सिर्फ विटामिन बी 12 की प्राप्ति की जा सकती है बल्कि इससे प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट सहित कई तरह के पोषक तत्वों को प्राप्त किया जा सकता है.

ट्रेन लेट, परीक्षा नहीं दे पाए कैंडिडेट्स: रायपुर पहुंचते ही किया हंगामा, स्टेशन मास्टर के दफ्तर में घुसे, जमकर की नारेबाजी…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ में रविवार को सिविल जज भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में शामिल होने देशभर के अलग-अलग क्षेत्रों से कैंडिडेट्स रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। मगर ट्रेन के पहुंचते ही अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन में जमकर हंगामा किया। इस हंगामे का कारण था, ट्रेन का लेट होना और ट्रेन के लेट होने से उनके जज परीक्षा का छूट जाना। उधर ट्रेन जैसे ही रायपुर पहुंची सभी नाराज कैंडिडेट्स स्टेशन मास्टर के दफ्तर में घुस गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने बताया इस ट्रेन के हद से ज्यादा लेट होने की वजह से उनके भविष्य को बड़ा नुकसान हो गया। वे लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। लेकिन रेलवे की लापरवाही के चलते वे परीक्षा नहीं दे पाए और चूक गए।
दरअसल,आज सिविल जज की परीक्षा में जिसमें शामिल होने कैंडिडेट दिल्ली और अन्य जगहों से पहुंचे थे। वे समता एक्सप्रेस और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में सवार थे। समता एक्सप्रेस 10.30 पर आयी और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से काफी देर दोपहर 1.30 पर आयी। जिसके कारण अभ्यर्थी परीक्षा हॉल में समय पर नहीं पहुंच पाए और परीक्षा देने से चूक गए। रेलवे की इस लेटलतीफी से परेशान विद्यार्थियों ने रायपुर रेलवे स्टेशन मास्टर के दफ्तर में घुस गये और काफी देर तक हंगामा करते रहे।
इन गुस्साए अभ्यर्थियों ने जमकर नारेबाजी भी की। इनका समर्थन देने राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस भी पहुंच गयी। इस पूरे घटना की सूचना रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को ट्वीट के माध्यम से दी गयी। सामने आए वीडियो में रेलवे कर्मचारी विद्यार्थियों को समझाते दिख रहा है कि आप उन्हें शिकायत लिखकर दे सकते हैं। जिसे वो अपने उच्चाधिकारियों के पास तक बढ़ा देगा। इसके अलावा कुछ नहीं कर सकता। वहीं सोशल मीडिया में कुछ लोगों का कहना है कि गलती अभ्यर्थियों की है। उन्हें एक दिन पहले ही परीक्षा सेंटर के लोकेशन एरिया में पहुंच जाना था।

दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया गिरफ्तार, 8 घंटे की पूछताछ के बाद शराब घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन….

हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को शराब घोटाला मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है. सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया था. 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद सीबीआई ने उन्हें शाम 7:15 बजे अरेस्ट कर लिया. इसके बाद उनके परिवार को इस संबंध में जानकारी दी गई. सोमवार को कोर्ट में उनकी पेशी होगी. सीबीआई दफ्तर जाने से पहले सिसोदिया ने अपनी मां का आशीर्वाद लिया था और राजघाट पहुंचे थे. यहां सिसोदिया ने महात्मा गांधी को नमन किया था. घर से निकलते समय सिसोदिया ने मुस्कुराते हुए विक्ट्री साइन दिखाया था.

इन सबूतों के आधार पर सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया
सूत्रों के अनुसार, मनीष सिसोदिया को सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया है. पूछताछ के दौरान सीबीआई ने उन्हें कई सबूत दिखाए, इसमें कुछ दस्तावेज और डिजिटल सबूत थे. सिसोदिया इन सबूतों के सामने कोई जवाब नहीं दे सके.

सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को सबूतों को नष्ट करने के आरोप में भी गिरफ्तार किया है. आरोप है कि इसमें सिसोदिया की मिलीभगत है. इसके अलावा इस मामले में उस ब्यूरोक्रैट का बयान भी अहम है, जिसने सीबीआई को दिए अपने बयान में कहा था कि एक्साइज पॉलिसी तैयार करने में सिसोदिया ने अहम भूमिका निभाई थी.

अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस ट्रेन की टक्कर से पटरी पर धू-धू कर जल गई बाइक, भाग निकला सवार..

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : बिना रेलवे क्रांसिंग के ट्रैक पर एक व्यक्ति शनिवार की सुबह बाइक पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक सामने से एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। यह देख बाइक चालक बाइक को पटरी पर ही छोडक़र भाग गया। इधर ट्रेन की टक्कर से बाइक कुछ दूर तक पटरी पर घिसटती गई और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग से बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। रेलवे ट्रैक पर आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौडक़र पहुंचे। वहीं रेलवे अधिकारी व आरपीएफ की टीम भी पहुंची। बाइक का नंबर प्लेट भी जल जाने से अब तक यह पता नहीं चल सका है कि बाइक किसकी है। पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है।
गौरतलब है कि अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 18756 अंबिकापुर से सुबह 9 बजे शहडोल के लिए निकली थी। सुबह 9 बजकर 28 मिनट पर वह विश्रामपुर व करंजी रेलवे स्टेशन के बीच पासिंग नाला पावर हाउस के पास पोल क्रमांक 1020/01 को क्रॉस कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पटरी के ऊपर बाइक छोडक़र भाग निकला।
ट्रेन रफ्तार में होने के कारण बाइक को टक्कर मार दी। ट्रेन के इंजन में फंसकर कुछ दूर तक बाइक घिसटती रही और उसमें आग लग गई। यह देख पायलट ने ट्रेन रोक दी। इधर आग से कुछ ही दूर में बाइक पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।
रेलवे ट्रैक पार कर रहा था बाइक सवार
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग से ट्रैक को बाइक समेत पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेन के आ जाने से वह हड़बड़ा गया और बाइक वहीं छोडक़र भाग निकला। यदि सही समय पर वह नहीं भागता तो बड़ा हादसा हो सकता था। नंबर प्लेट जल जाने से फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि बाइक किसकी थी।
25 मिनट तक खड़ी रही ट्रेन
अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से जा रही थी। जब ट्रेन करंजी स्टेशन पर समय पर नहीं पहुंची तो तो स्टेशन मास्टर एसके वर्मा ने इसकी खोजबीन शुरु की गई। इस दौरान रेलवे गार्ड प्रणय कुमार लाल ने हादसे की सूचना दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर द्वारा आरपीएफ व रेलवे सुरक्षा नियंत्रक को इसकी सूचना दी गई। हादसे के कारण ट्रेन घटनास्थल पर करीब 25 मिनट तक खड़ी रही। इस दौरान रेलवे अधिकारी व आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नही रुक रहा लापरवाही का आलम…महिला को भर्ती कर शुरू नही किया इलाज, मौत…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में लापरवाही थमने के नाम नहीं ले रहा है। अस्पताल के चिकित्सकों व स्टाफ नर्स की लापरवाही का खामियाजा मरीज व उनके परिजन को भुगतना पड़ रहा है। पिछले दो दिन के भीतर डॉक्टर व स्टाफ नर्सों की 2 बड़ी लापरवाही सामने आई है। पहली घटना में शनिवार की सुबह समय पर इलाज न मिलने के कारण एक महिला की मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि भर्ती कराने के बाद महिला दर्द से तड़पती रही, लेकिन 11 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका इलाज शुरु नहीं किया गया। अंतत: महिला की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में एक दिन पूर्व स्टाफ नर्स की लापरवाही के कारण अस्पताल में भर्ती मरीज को एक्सपायरी स्लाइन चढ़ा दिया गया था। दोनों के परिजन ने अस्पताल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मांजा चिरंगा निवासी प्रमिला दास पति सुखदेव दास की तबियत खराब थी। परिजन ने उसे इलाज के लिए शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां इलाज के दौरान शनिवार की अलसुबह करीब 3 बजे महिला की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद उसके परिजन ने चिकित्सक व स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतिका के पति सुखदेव का कहना है कि उसे इलाज के लिए वार्ड में भर्ती तो करा दिया गया, लेकिन उसका इलाज ही नहीं किया गया है। उसने बताया कि पत्नी दर्द से तड़पती रही लेकिन इलाज के नाम पर उसे एक टैबलेट तक नहीं दिया गया। भर्ती कराने के करीब 11 घंटे तक न तो उसे कोई देखने आया और न ही उसका इलाज चला। मृतका के पति का कहना है कि समय पर इलाज न मिलने के कारण मेरी पत्नी की मौत हो गई।
बेटा बोला- समय पर इलाज होता तो बच सकती थी मां
मृतका के पुत्र मुनदेव दास ने बताया कि डॉक्टर ने कहा था कि तुम्हारी मां को शुगर की बीमारी है। हमें नहीं पता था कि मां को क्या हुआ था। डॉक्टर को अच्छे से इलाज करना चाहिए था लेकिन नहीं किया। मां के पूरे शरीर में दर्द था। अंदर क्या हुआ था हम लोगों को कुछ पता नहीं चला। अगर समय पर इलाज शुरु हो जाता तो मेरी मां बच सकती थी।

अस्पताल अधीक्षक रहे घटना से बेखबर
वहीं इस मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या का कहना है कि मुझे इस मामले में जानकारी नहीं है। अगर ऐसी घटना हुई है तो हम इस मामले की जांच कराएंगे कि वास्तविक में इलाज चला है या नहीं।
स्टाफ नर्स ने मरीज को चढ़ा दिया एक्सपायरी बॉटल
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्टाफ नर्स की लापरवाही के कारण भर्ती एक मरीज को एक्सपायरी सलाइन चढ़ाने का मामला सामने आया है। इस मामले में भी परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाया है। शहर के भट्ठापारा निवासी कुलदीप ङ्क्षसह गुरुवार को सडक़ दुर्घटना में घायल हो गया था। परिजन ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। चोट लगने से उसके सीने दर्द था, इसलिए उसे मेल मेडिकल वार्ड में शिफ्ट करा दिया गया था। शुक्रवार की शाम को उसे स्लाइन चढ़ाया जा रहा था। स्लाइन लगभग ८80 प्रतिशत चढ़ चुका था। इस बीच पाइप से ग्लूकोज चढऩा बंद हो गया। परिजन ने इसकी जानकारी स्टाफ नर्स को दी तो उसने पुन: बॉटल शुरु कर दिया।
इस दौरान एक परिजन की नजर जब बॉटल पर पड़ी तो उसमें दिसंबर 2022 एक्सपायरी डेट लिखा था। इसके बाद परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरु कर दिया। इस दौरान आनन-फानन में अपने बचाव के लिए स्टाफ नर्स ने तत्काल नई बॉटल लगा दी और एक्सपायरी बॉटल को कहीं छिपा दिया।
वहीं इस मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या का कहना है कि यह मामला काफी गंभीर है। स्टाफ नर्स को बॉटल या दवा देने से पहले जरूर ध्यान देना चाहिए। इस मामले की जांच कराई जा रही है कि एक्सपायरी बॉटल वहां कैसे पहुंचा।

error: Content is protected !!