Home Blog Page 118

कचरे के ढेर में मिले नवजात की इलाज के दौरान मौत,,, पकनी की युवती ने बच्चे को दिया था जन्म…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर: आज सुबह सूरजपुर जिला अंतर्गत थाना चेंद्रा क्षेत्र के ग्राम करौटी में कचरे के ढेड़ में मिले नवजात शिशु की जिला अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। आपको बता दे कि आज सुबह मवेशी चरा रहे लोगो ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी जिसके बाद ग्रामीणों को कचरे के ढेर में एक नवजात शिशु मिला जिसे ग्रामीणों द्वारा नहलाकर दूध पिलाया गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। मिली जानकारी के अनुसार बच्चे को अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद ग्रामीणों ने नवजात बच्चे की मां की तलाश शुरू कर दी थी। ग्रामीण बच्चे के बारे में जानकारी लेने चेन्द्रा अस्पताल पहुंचे। यहां पता चला कि भैयाथान थाना क्षेत्र के ग्राम पकनी निवासी एक युवती की डिलीवरी हुई है। वह अपने भाई के साथ अस्पताल आई थी। डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा को घर भेज दिया गया था। इधर जब गांव वालों ने युवती के घर जाकर उससे पूछताछ की तो उसने नवजात बच्चे को फेंकने की बात स्वीकार की। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

एसपी ने किया 82 पुलिसकर्मियों का तबादला…देखे आदेश…

जिला एसपी ने जारी किए आदेश…देखे आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़ : एमसीबी जिला एसपी ने आज जारी अपने एक आदेश में 82 पुलिसकर्मियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश में प्रधान आरक्षकों, आरक्षकों, महिला आरक्षकों के तबादले किए हैं।

अवैध ईंट निर्माण एवं रेत भंडारण की शिकायत पर राजस्व एवं पुलिस द्वारा जप्ती की संयुक्त कार्यवाही…

हिंद स्वराष्ट्र मनेन्द्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर : विकासखंड खड़गवां के ग्राम सलका में अवैध तरीके से ईंट निर्माण करने की शिकायत पर राजस्व एवं पुलिस की टीम द्वारा जप्ती की कार्यवाही की गई है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व खड़गवां ने बताया कि भूमि खसरा जो राजस्व रिकार्ड में पूर्णिमा के नाम पर दर्ज है, मनोज शर्मा द्वारा बलपूर्वक भूमिस्वामी को डराकर जबरिया इस भूमि पर अवैध तरीके से ईंट निर्माण करने की शिकायत प्राप्त होने पर राजस्व व पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा साथ में मौका जाँच कर कार्यवाही की गई और 110000 अवैध ईट जप्त कर प्रकरण अग्रिम कार्यवाही हेतु कलेक्टर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को प्रेषित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अवैध ईंट निर्माण के पास ही उक्त व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से 150 घन मीटर(50 ट्रैक्टर) रेत का भंडारण भी किया गया था, जिस पर कार्यवाही करते हुए रेत जप्त किया गया गया है व प्रकरण तैयार कर आवश्यक कार्यवाही हेतु कलेक्टर एमसीबी को प्रेषित किया गया है।

राशन कार्डधारियों को अप्रैल और मई माह का राशन मिलेगा एक साथ..

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत पात्र राशन कार्डधारियों को माह अप्रैल और मई का राशन एक साथ प्रदान किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टरों को पत्र जारी कर दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में कस्टम मिलिंग के पश्चात् चावल उपार्जन के लिए गोदामों में पर्याप्त स्थान की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य शासन द्वारा पीडीएस एवं सार्वभौम पीडीएस के तहत प्रचलित सभी राशनकार्डधारियों को माह अप्रैल और मई का चावल एक साथ वितरण करने का निर्णय लिया गया है।
खाद्य विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि राशनकार्डधारियों को माह अप्रैल और मई का राशन वितरण किए जाने हेतु खाद्यान्न का भंडारण उचित मूल्य दुकानों में समय पर किया जाए तथा अन्नवितरण पोर्टल में इस संबंध में माहवार वितरण दर्शाने के लिए आवश्यक व्यवस्था किया जाए। भंडारित खाद्यान्न की निगरानी समिति तथा खाद्य अधिकारियों के माध्यम से पुष्टि कराया जाए। पत्र में यह भी कहा गया है कि दो माह के चावल वितरण संबंधी सूचना राशन कार्डधारियों को मुनादी और उचित मूल्य की दुकानों पर पोस्टर एवं बैनर प्रदर्शित कर की जाए। चावल को छोड़कर शेष राशन सामग्री जैसे नमक, शक्कर, कैरोसीन और चना आदि माहवार पात्रतानुसार वितरण करने को कहा गया है।

पत्रकार सुरक्षा कानून समेत कई विधेयकों को मंत्री परिषद ने दी मंजूरी…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज यहां विधानसभा परिसर स्थित समिति कक्ष में मंत्री परिषद की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए-

* छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा विधेयक- 2023 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
* छत्तीसगढ़ भू राजस्व संहिता-1959 में (संशोधन) विधेयक 2023 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
* छत्तीसगढ़ नगरीय क्षेत्रों के आवासहीन व्यक्ति को पट्टाधृति अधिकार विधेयक-2023 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
* छत्तीसगढ़ माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक-2023 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
* छत्तीसगढ़ नक्सलवाद उन्मूलन नीति का अनुमोदन किया गया।
* छत्तीसगढ़ विधानसभा सदस्य वेतन, भत्ते एवं पेंशन (संशोधन) विधेयक-2023 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
* छत्तीसगढ़ में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए करीब 2500 करोड़ रूपये की विश्व बैंक परियोजना- चाक के क्रियान्वयन के लिए शिक्षा विभाग को अधिकृत किया गया तथा ऋण को अंतिम रूप से स्वीकृति प्रदान करने के लिए वित्त विभाग को अधिकृत किया गया है।
* कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 बरमिंघम में सिल्वर मेडल प्राप्त कु. आकर्षी कश्यप, दुर्ग को उप पुलिस अधीक्षक (द्वितीय श्रेणी राजपत्रित) पद पर नियुक्ति प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
* पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी का नवीन पद अस्थाई रूप से एक वर्ष की अवधि के लिये निर्मित किये जाने का निर्णय लिया गया।

2500 रुपए की बेरोजगारी भत्ता पाने के लिए ये होंगे पात्र, जानिए किस परिस्थिति में हो जाएंगे अपात्र…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ शासन ने शिक्षित बेरोजगारों को वर्ष 1 अप्रैल 2023 से 2500 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से बेरोजगारी भत्ता देने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। बेरोजगारी भत्ता अधिकतम 2 वर्ष के लिए दिया जाएगा। बेरोजगारी भत्ता के संबंध में शासन द्वारा जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिले में बेरोजगारी भत्ता के कारगर क्रियान्वयन हेतु नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायत सीईओ एवं जिला रोजगार अधिकारी को आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए हैं।
जारी दिशा-निर्देश के अनुसार बेरोजगारी भत्ता के लिए नगरीय क्षेत्र के आवेदकों को नगरीय निकायों में तथा ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों को संबंधित जनपद कार्यालयों में आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदक छत्तीसगढ़ का मूल निवासी हो तथा 1 अप्रैल 2023 को 18 वर्ष से 35 वर्ष तक के आयु का हो। आवेदक मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम हायर सेकेण्डरी परीक्षा उत्तीर्ण होने के साथ ही जिला रोजगार एवं स्व रोजगार मार्गदर्शन केन्द्र में 2 साल का जीवित पंजीयन होना चाहिए। आवेदक के आय का कोई स्रोत न हो एवं परिवार की समस्त स्रोतों से 2 लाख 50 हजार वार्षिक से अधिक आय न हो। आवेदक के पास आवेदक के परिवार के किसी भी सदस्य को केन्द्र अथवा राज्य सरकार के किसी भी संस्था में चतुर्थ श्रेणी या गु्रप डी को छोडक़र अन्य नौकरी होने पर बेरोजगारी भत्ते के लिए अपात्र होगा। पूर्व और वर्तमान मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और संसद या राज्य विधानसभाओं के पूर्व या वर्तमान सदस्यों, नगर निगमों के पूर्व और वर्तमान महापौर और जिला पंचायतों के पूर्व एवं वर्तमान अध्यक्ष के परिवार के सदस्य बेरोजगारी भत्ते के लिए अपात्र होंगे।

हर 6 माह में होगी जांच
यदि बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने वाले को किसी प्रकार का रोजगार प्राप्त हो जाता है तो वह बेरोजगारी भत्ते हेतु अपात्र हो जाएगा एवं उसे तत्काल संबंधित जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय को सूचित करना होगा। संबंधित जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय हर 6 माह में बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने वाले हितग्राहियों की जांच कर यह सुनिश्चित करेंगे कि वे अभी भी बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने के लिए पात्र हैं या अपात्र हो गए हैं।

इनका बंद हो जाएगा भत्ता
जिन लोगों को बेरोजगारी भत्ता स्वीकृत किया जाएगा, उन सभी व्यक्तियों को कौशल प्रशिक्षण का ऑॅफर दिया जाएगा। कौशल विकास प्रशिक्षण के पश्चात उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सहायता की जाएगी। यदि वे कौशल विकास प्रशिक्षण में भाग लेने से इंकार करते हैं या ऑफर किया गया रोजगार स्वीकार नहीं करते हैं तो उनका बेरोजगारी भत्ता बंद कर दिया जाएगा।

कचड़े के ढेर में मिला नवजात…ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में कराया भर्ती…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले के चेंद्रा थाना अंतर्गत करौटी गांव में खुले मैदान के कचरे के ढेर में एक नवजात मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने एक नवजात के रोने की आवाज सुनी जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल आनन -फानन में नवजात को नहलाकर कर उसे दूध पिलाया और प्रथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेंद्रा में भर्ती कराया। जहां नवजात का इलाज चल रहा हैं। नवजात शिशु किसका हैं और उसे कचरे के ढेड़ में किसने छोड़ा हैं फिलहाल इसका पता नही चल पाया हैं। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं

बस और ट्रेलर में जोरदार भिड़ंत, बस चालक की हालत गंभीर…

हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर जिले से होकर गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में आज डूमरकी ढाबा के पास बस और ट्रेलर में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं चालक को काफी ज्यादा चोटें आई हैं। बस में लगभग 20 यात्री सवार थे उन्हें मामूली चोटें आई हैं। सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद तत्काल यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल यात्रियों को पुलिस की टीम ने दूसरे बस में शिफ्ट किया, वहीं चालक को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भिजवा दिया गया है। हादसे के बाद से ट्रेलर का चालक फरार है। मिली जानकारी के अनुसार बस रायपुर से झारखंड की तरफ जा रही थी वहीं ट्रेलर रामानुजगंज से अंबिकापुर की ओर जा रहा था।

सीएफ जवान ने पत्नी की हत्या कर लिखवाई गुमशूदगी की रिपोर्ट…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जिले के मैनपाट में सीएफ जवान ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और हत्या के बाद उसने पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। जांच के बाद पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया हैं। यह पूरा मामला मैनपाट थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, सीएफ जवान ने 2 मार्च को पत्नी की हत्या के बाद 6 मार्च को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद मैनपाट पुलिस ने तहकीकात शुरू की। जांच में मामले का खुलासा हुआ, जांच में पता चला कि सीएफ जवान ने 2 मार्च को पत्नी की हत्या की और उसके शव को मैनपाट मछली नदी घाट पथना में छिपा दिया। शव बरामद करने के बाद पुलिस ने सीएफ जवान को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई हैं।

हत्या का कारण अज्ञात

बताया जा रहा है कि एक माह पहले ही दोनों का विवाह हुआ था। सीएफ जवान ने आखिरकार किस वजह से अपनी पत्नी की हत्या की इसका पता नही चल पाया हैं। सीएफ जवान सुकमा में पदस्थ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है।

सूरजपुर में 3 दिन इन इलाकों में रहेगी बिजली गुल…देखे कौन से क्षेत्र होंगे प्रभावित…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित, भैयाथान द्वारा 22 मार्च 2023 से शुरू होने वाले नवरात्रि मेले में विद्युत सप्लाई के लिए आवश्यक रखरखाव एवम् सुधार कार्य के लिए बिजली बंद की सूचना जारी की हैं। जारी सूचना में 15, 16 मार्च और 18 मार्च को कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहने की सूचना जारी की गई है।

देखे आदेश :

भारत दुनिया का आठवां सबसे प्रदूषित देश: टॉप 20 प्रदूषित शहरों में 19 एशिया के, इनमें 14 हमारे; IQ एयर की रिपोर्ट…

हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : भारत 2022 में दुनिया का आठवां सबसे प्रदूषित देश रहा। 2021 में हम पांचवें नंबर पर थे। हवा में प्रदूषण नापने की इकाई यानी पीएम 2.5 में भी गिरावट आई है। यह 53.3 माइक्रोग्राम/क्यूबिक मीटर हो गया है। हालांकि चिंता की बात ये है कि यह अभी भी विश्व स्वास्थ्य संगठन की सेफ लाइन (5) से 10 गुना से भी ज्यादा है।
हवा में प्रदूषण की जांच करने वाली स्विस एजेंसी आईक्यू एयर ने मंगलवार को वर्ल्ड एयर क्वालिटी रिपोर्ट जारी की। इसमें 131 देशों का डेटा 30,000 से अधिक ग्राउंड बेस मॉनिटरों से लिया गया है। इस रिपोर्ट में दुनिया के सबसे ज्यादा प्रदूषित 20 शहरों में 19 एशिया के हैं, जिनमें 14 भारतीय शहर हैं। एक शहर अफ्रीकी देश का है।

सबसे पहले ग्राफिक्स से जानिए दुनिया के टॉप 20 शहरों को

नई दिल्ली अब सबसे प्रदूषित राजधानी नहीं
अब तक दिल्ली दुनिया की सबसे ज्यादा प्रदूषित राजधानी थी, लेकिन इस साल IQ एयर ने दिल्ली का दो हिस्सों में सर्वे किया। एक नई दिल्ली और दूसरा दिल्ली। सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों की सूची में दिल्ली चौथे और नई दिल्ली 9वें स्थान पर है। 8वें नंबर पर अफ्रीकी देश चाड की राजधानी अन’जामेना है।
अगर सर्वे एजेंसी ने दिल्ली को दो भागों में नहीं बांटा होता तो यह अब भी दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी होती, लेकिन नई रिपोर्ट के अनुसार तकनीकी तौर पर नई दिल्ली अब दूसरे नंबर पर है।

अब जानिए दुनिया के टॉप 10 सबसे प्रदूषित देश

दिल्ली प्रदूषित, लेकिन NCR में सुधार
दिल्ली के साथ NCR में शामिल शहर गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में प्रदूषण के स्तर में गिरावट देखी गई है। औसत PM2.5 की तुलना में गुरुग्राम में 34%, फरीदाबाद में 21% तक सुधार हुआ। दिल्ली में 8% ही सुधार आया है, लेकिन इन शहरों में प्रदूषण अभी भी बहुत ज्यादा है। इससे सबसे ज्यादा खतरा बच्चों को है। प्रदूषण से उनके फेफड़े प्रभावित हो रहे हैं। बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ रही हैं।

आगरा में 55% सुधार हुआ
सबसे प्रदूषित शहरों में 10 शहर उत्तर प्रदेश और 7 शहर हरियाणा के हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश के आगरा में पिछले साल के मुकाबले 55% तक का सुधार देखने को मिला है। आगरा में 2017-21 के बीच PM2.5 85 माइक्रोग्राम था। 2022 में यह सिर्फ 38 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
टॉप 100 में 72 शहर दक्षिण एशिया के
सबसे प्रदूषित 100 शहरों में 72 दक्षिण एशिया के हैं। इनमें ज्यादातर शहर भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के हैं। रिपोर्ट में दक्षिण एशिया को वायु प्रदूषण का केंद्र बताया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर विश्व बैंक ने प्रदूषण में कटौती करने के लिए आने वाले खर्च का एनालिसिस किया है। इसके लिए 2.6 अरब डॉलर खर्च करने होंगे।

टहलने निकले बुजुर्ग पर मधुमक्खियों ने किया हमला..इलाज के दौरान मौत…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अम्बिकापुर के खैरबार में सोमवार की शाम टहलने निकले एक बुजुर्ग पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस दौरान मोहल्ले के लोग बचाने पहुंचे, लेकिन मधुमक्खियों ने उसे काटकर बुरी तरह घायल कर दिया था। किसी तरह हिम्मत कर मोहल्ले के ही 2 युवकों ने कंबल ओढाकर व पानी छिडक़कर उसे बचाया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुजुर्ग के कोई संतान नहीं थे, ऐसे में मोहल्लेवासियों ने उसका अंतिम संस्कार किया। मिली जानकारी के अनुसार शहर के घुटरापारा, मायापुर में नंदलाल विश्वकर्मा उम्र 60 वर्ष अपनी पत्नी के साथ रहता था, उनके कोई संतान नहीं थे। सोमवार की शाम करीब साढ़े 5 बजे नंदलाल घूमने निकला था। इस दौरान खैरबार पुलिया के पास अचानक मधुमक्खियों के झूंड ने उसपर हमला कर दिया।
बुजुर्ग कुछ समझ पाता, इससे पहले काफी संख्या में मधुमक्खियों ने शरीर के हर जगह पर उसे काट लिया था। मधुमक्खियों से बचने वह शोर मचाता रहा, कपड़े भी खोल दिए, लेकिन मधुमक्खियां उसे काटती रहीं।

मधुमक्खियों की संख्या देख वहां मौजूद लोग उसे बचाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे थे। एक महिला बचाने दौड़ी तो उसे भी मधुमक्खियों ने काटकर घायल कर दिया। बुजुर्ग को शोर मचाते देख अंत में मोहल्ले के ही जीवित सोनी व रवि सोनी कंबल लेकर वहां पहुंचे, वहीं मोहल्लेवासियों ने पानी का छिडक़ाव किया, इसके बाद मधुमक्खियां वहां से भागीं।

फिर युवकों ने बुजुर्ग को कपड़े पहनाए और ऑटो से लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। मधुमक्खियों के डंक बुजुर्ग के शरीर पर हर जगह गड़े हुए थे। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरु किया, लेकिन मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई।

मोहल्लेवासियों ने किया अंतिम संस्कार
मृतक के परिवार में सिर्फ उसकी पत्नी ही थी, ऐसे में पड़ोस में रहने वाले जगमोहन सोनी व उनके बेटों तथा मोहल्लेवासियों ने बुजुर्ग का अंतिम संस्कार किया। इस घटना से मोहल्ले के लोग भी सहमे हुए हैं।

तहसीलदार व नायब तहसीलदार को मिली नवीन पदस्थापना…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर कुन्दन कुमार के द्वारा प्रशासनिक दृष्टिकोण से एक तहसीलदार व 2 नायब तहसीलदारों का नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेशानुसार तहसीलदार बतौली नीतू भगत को तहसीलदार उदयपुर, नायब तहसीलदार कुन्नी ईश्वर चंद्र यादव को प्रभारी तहसीलदार बतौली तथा सहायक भू-अधीक्षक एवं नायब तहसीलदार लखनपुर प्रांजल गोयल को नायब तहसीलदार कुन्नी में नवीन पदस्थापना मिली है।

मेडिकल कॉलेज सम्बद्ध अस्पताल का नाम माता राजमोहनी देवी के नाम से करने प्रस्ताव पारित…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अम्बिकापुर सम्बद्ध चिकित्सालय का नाम माता राजमोहनी देवी स्मृति चिकित्सालय किये जाने का प्रस्ताव  जिला  स्तरीय समिति द्वारा पारित किया  गया । इस संबंध में शनिवार को  कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला स्तरीय समिति के सदस्य  प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, खाद्य  मंत्री अमरजीत भगत, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह, लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम, प्रेमनगर विधायक खेलसाय सिंह एवं महापौर डॉ अजय तिर्की  के द्वारा अस्पताल के नामकरण हेतु प्रस्ताव पारित करने का निर्णय सर्व सम्मति से लिया गया।
बैठक में कलेक्टर सरगुजा एवं सदस्य संयोजक जिला स्तरीय समिति द्वारा मुख्यमंत्री  की घोषणा अनुरूप राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अम्बिकापुर से संबद्ध नवनिर्मित अस्पताल का नाम माता राजमोहिनी देवी स्मृति चिकित्सालय अम्बिकापुर किये जाने हेतु प्रस्ताव रखा गया। जिला स्तरीय समिति के सदस्यों द्वारा आवश्यक चर्चा एवं विचार-विमर्श उपरांत राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अम्बिकापुर से संबद्ध नवनिर्मित अस्पताल का नाम  माता राजमोहिनी देवी स्मृति चिकित्सालय  अम्बिकापुर नाम करने हेतु प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित किया गया।

नगर निगम में विभिन्न विकास कार्य हेतु 20 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति, 50 स्मार्ट हेल्थ कियोस्क भी बनेंगे…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : नगर निगम अम्बिकापुर में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति का आदेश नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है।
स्वीकृत राशि में से सड़कों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ रूपए, गांधी स्टेडियम के उन्नयन के लिए 3 करोड़ रूपए तथा पीजी कॉलेज ग्राउंड में जरूरी मूलभूत नागरिक सुविधाओं के विकास एवं उन्नयन के लिए एक करोड़ रूपए की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की तर्ज पर ’अर्बन कॉटेज एण्ड सर्विस इंडस्ट्रीज पार्क’ विकसित करने के लिए 2 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की गई है। इसके साथ ही मार्केट एरिया में सीसीटीवी, आधुनिक शौचालयों का निर्माण और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
बनेंगे 50 स्मार्ट हेल्थ कियोस्क- नगर निगम में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 50 स्मार्ट हेल्थ कियोस्क बनाए जाएंगे, इसके लिए 6 लाख रूपए प्रति स्मार्ट हेल्थ कियोस्क के मान से 3 करोड़ रूपए की राशि की स्वीकृति की गई है। समार्ट हेल्थ कियोस्क में नागरिकों को बीपी, शुगर व ब्लड टेस्ट की निःशुल्क सुविधा मिलेगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लापरवाही नहीं होगी स्वीकार, 38 सचिव तथा ग्राम रोजगार सहायक को कारण बताओ सूचना जारी करने के दिए निर्देश…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिला पंचायत सभा कक्ष में सीईओ जिला पंचायत लीना कोसम की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत चल रहे आवास निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। राज्य कार्यालय से जिले को 1507 आवासों को पूर्ण करने का लक्ष्य प्राप्त है। जिसके विरुद्ध आज पर्यंत 550 आवास पूर्ण हुए है। शेष लक्ष्य पूर्ति में निराशाजनक प्रगति रखने वाले जिले के 99 ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिव तथा रोजगार सहायकों से हितग्रहीवार विस्तृत समीक्षा हुई। हितग्राहियों को तृतीय किस्त की राशि प्राप्त है तथा इनके आवासों को पूर्ण किया जाना है। वर्तमान में राज्य कार्यालय से सभी प्रकार की किस्ते, निर्माण कार्य पूर्ण कराने के उपरांत एक सप्ताह के भीतर अगली किस्त हितग्राही के खातों में प्राप्त हो जा रही है। समीक्षा बैठक में दिए गए लक्ष्य को तीन चरण में विभक्त किया गया था। तीनों चरणों में खराब प्रगति और संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने वाले 38 सचिव व रोजगार सहायक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा 10 सचिवों को कल कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान जिला सीईओ कोसम ने सभी सचिव व रोजगार सहायकों से चर्चा के दौरान समस्या और परिस्थिति को देखते हुए, ग्राम पंचायत में लक्ष्य पूर्ति के लिए शेष का आधा भाग 15 मार्च 2023 तक शेष आधे भाग को 31 मार्च 2023 तक करने का अंतिम अवसर दिया है। 31 मार्च 2023 के बाद किसी ग्राम पंचायत में आवास पूर्णता शेष रहती है तो संबंधित सचिव व रोजगार सहायक पर नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जायेगी। तीनों चरणों में अच्छा कार्य करने वाले रामानुजनगर जनपद के लेडुआ ग्राम पंचायत को सराहा गया। बैठक में जिले व जनपद स्तर पर योजनान्तर्गत पदस्थ के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

चांदी का पायल न दिलवाने पर पत्नी ने पति पर डाला खौलता पानी…हालत गंभीर…

हिंद स्वराष्ट्र जयनगर : सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र से एक मामला निकल कर सामने आया हैं जहां चांदी के पायल की मांग को लेकर पत्नी ने पति पर जानलेवा हमला कर दिया। पत्नी द्वारा गुस्से में आकर सो रहे अपने पति पर खौलता पानी डाल दिया जिससे पति गंभीर रूप से झुलस गया जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं। वही घटना को अंजाम देने के बाद से पत्नी फरार हैं।

मिली जानकारी के अनुसार सुहाग बाई पति अवधेश सिंह द्वारा अपने पति से चांदी के पायल की मांग की गई थी लेकिन पति द्वारा पायल नही दिलवाया गया जिसके बाद उन दोनो में काफी बहस हुई और रात को जब अवधेश सो गया तब उसकी पत्नी सुहाग बाई ने उस पर खौलता पानी डाल दिया जिससे वह झुलस गया और शोर मचाने लगा शोर सुनकर आस पास के लोग पहुंचे और अवधेश को अस्पताल पहुंचाया गया वही सुहाग बाई घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गई।

आईपीएस अधिकारियों के तबादले…देखे आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन गृह पुलिस विभाग द्वारा जारी अपने आदेश में 8 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं।

देखे आदेश :

हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने युवक ने किया आपत्तिजनक पोस्ट, हिंदू समाज ने कार्यवाही की मांग को लेकर थाने में दिया आवेदन….

हिंद स्वराष्ट्र लुण्ड्रा लक्ष्मी नारायण तिवारी: विकासखण्ड लुण्ड्रा अंतर्गत ग्राम पंचायत झेराडीह निवासी मनोज गिरी के द्वारा सोशल मीडिया में हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने और साधु संतों पर आपत्तिजनक पोस्ट की गई. लगातार सनातन धर्म को निशाना बनाते हुये हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कार्य कुछ उपद्रवियों द्वारा किया जा रहा है एवं धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिस की जा रही है। जिसे हिन्दु समाज कतई बर्दास्त नहीं करेगा और इसके कारण क्षेत्र के हिन्दु धर्मावलम्बि बहुत आक्रोश में हैं। हिन्दु संगठनों का आक्रोशित होना भी लाजमी है, क्योंकि किसी भी व्यक्ति को किसी भी धर्म, संप्रदाय के प्रति दूषित मानसिकता नहीं रखनी चाहिये और ना ही किसी धर्म को लेकर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी करनी चाहिये।
मनोज गिरी के द्वारा सोशल मीडिया पर किया गया यह पोस्ट अत्यंत निंदनीय व अक्षम्य है। जिस हेतु श्री बाबा भीमसेन मंगलमिलन के कार्यकर्तागण पुलिस चौकी रघुनाथपुर में आवेदन दे शिकायत दर्ज कराया है और लुण्ड्रा के सभी ग्रामवासियों ने मिलकर थाना लुण्ड्रा में शिकायत दर्ज करा उक्त आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने एवं कठोर कार्यवाही करने हेतु आग्रह किया गया है। जिसमें हिन्दु संगठन के कार्यकर्ता व ग्रामवासी महेन्द्र सिंह, सतीश कुमार जायसवाल, इन्दर भगत, जयन्त मिंज, आशिष कुमार सोनी धनराम नागेश, आशिष यादव, राजेश सिंह, बुधसागर, अशोक गुप्ता, अशोक यादव, अवधेश यादव, प्रेम कुमार पैकरा, विकास गुप्ता एवं अन्य कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

डीईओ ने रंगे हाथों पकड़ी परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल, केंद्राध्यक्ष सहित तीन को हटाया गया…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर लक्ष्मी नारायण तिवारी : अम्बिकापुर में परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का प्रकरण सामने आया है। जब डीईओ स्कूल की जांच में पहुंचे तब जाकर 10वीं की बोर्ड परीक्षा में सामूहिक नकल का खुलासा हुआ। इस मामले में केद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष व क्लर्क को हटा दिया गया है। दरअसल यह पूरा मामला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमगांव का है। दरअसल, जिला शिक्षा अधिकारी को सामूहिक नकल की सूचना मिली थी, जिसके बाद वो फ्लाइंग स्क्वाड के साथ इंस्पेक्शन पर पहुंचे। इंस्पेक्शन के दौरान सामूहिक नकल का खुलासा हुआ। सबूत के तौर पर केंद्राध्यक्ष, सामूहिक केंद्राध्यक्ष व क्लर्क के पास नकल की पर्ची और कुछ किताब के पन्ने भी मिले हैं। 10वीं बोर्ड परीक्षा में गणित का पर्चा था, उसी परीक्षा में नकल का खुलासा हुआ। जिसमे केंद्राध्यक्ष शिव शंकर प्रजापति की नकल कराने में संलिप्तता मिली है। डीईओ संजय गुहा ने केंद्राध्यक्ष शिव शंकर प्रजापति, सहायक केंद्र अध्यक्ष और क्लर्क तीनों को हटा दिया गया है। इधर, जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केंद्र में दोबारा से परीक्षा लिए जाने को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव को पत्र लिखा है। जानकारी के मुताबिक लमगांव हायर सेकेंडरी स्कूल में दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षा का सेंटर बनाया गया था। इस परीक्षा केंद्र में दसवीं बोर्ड के कुल 69 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। इंस्पेक्शन के दौरान परीक्षा केंद्र में केंद्राध्यक्ष के अलावा सहायक केंद्राध्यक्ष और क्लर्क तीनों के पास अलग-अलग सेट की नकल पर्ची भी मिली है।अचानक से डीईओ को देखने के बाद परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में चीट को छुपाया जाने लगा, लेकिन अधिकारियों की टीम ने मौके से पर्ची को बरामद किया है। तलाशी के दौरान केंद्राध्यक्ष सहित दो अन्य के पास पर्ची और किताब के पन्ने भी बरामद किए गए हैं।

error: Content is protected !!