हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारत सरकार के आदेश अनुसार सभी शासकीय कार्यालयों में सूचना का अधिकार कानून 2005 के अंतर्गत सूचना दिए जाने का प्रावधान है लेकिन बावजूद इसके पर्यटन विभाग के अम्बिकापुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय सरगुजा संभाग में आवक–जावक की सुविधा नहीं है। इस कार्यालय में अगर आपको सूचना के अधिकार कानून 2005 के तहत कोई जानकारी चाहिए हो तो आपको सीधे रायपुर का रुख करना होगा। यह कार्यालय सीधे तौर पर सूचना के अधिकार कानून की अवहेलना करते हुए संचालित की जा रही हैं। इस कार्यालय से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए लोगो को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता हैं क्योंकि कार्यालय में अगर ऑफिस इंचार्ज मौजूद न हो तो कार्यालय में मौजूद कर्मचारी चाही गई कोई जानकारी नहीं दे पाते हैं और इंचार्ज के आने के बाद आने का बोल कर लोगो को विदा कर देते हैं। कार्यालय में आरटीआई लेने की सुविधा न होने से भी लोगो को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं।
अंबिकापुर में आए भूकंप के झटके….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप के झटके सुबह 10.28 बजे महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता का पता अभी नही चल पाया हैं। भूकंप के झटके अंबिकापुर समेत सरगुजा संभाग के कोरिया में भी महसूस किए गए हैं।

मां कुदरगढ़ी एलुमिनियम रिफाइनरी कंपनी का विरोध: हजारों की संख्या में लाठी-डंडे से लैस ग्रामीणों ने जन समस्या शिविर में एसडीएम को घेर घंटो किया हंगामा…
हिंद स्वराष्ट्र बतौली : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड के ग्राम करदना में गुरूवार को जन समस्या निवारण शिविर में हंगामा हो गया। चिरगा के एल्युमिनियम प्लांट के विरोध में करीब एक हजार ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और अधिकारियों को घेर लिया। करीब चार घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके चलते शिविर की कार्रवाई भी नहीं हो सकी। ग्रामीणों को शक था कि शिविर के बहाने प्लांट की जनसुनवाई आयोजित की गई है। प्रशासन ने दावा किया है कि शिविर में कुछ आवेदन मिले हैं। जिला प्रशासन की ओर से चिरंगा से लगे ग्राम करदना में गुरूवार को जनसमस्या शिविर का आयोजन किया था। चिरंगा में एल्युमिनियम प्लांट का विरोध करने वालों में ग्राम करदना के ग्रामीण भी शामिल हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई थी। सुबह 10 बजे प्रशासनिक अफसर गांव पहुंचे तो करीब एक हजार ग्रामीण लाठी-डंडे से लैस होकर पहुंच गए। इसमें चिरंगा सहित कालीपुर, मांजा, लैगू, व करदना के ग्रामीण शामिल थे।
नहीं खोलने देंगे प्लांट
ग्रामीणों ने कहा कि वे मां कुदरगढ़ी एल्यूमिना प्लांट नहीं खोलने देंगे। ग्रामीणों क़ो शक था कि जन समस्या निवारण शिविर के नाम पर चिरगा गांव में खुलने वाले मां कुदरगढ़ी एल्युमिनियम प्लांट के लिए जन सुनवाई आयोजित की जा रही है। शिविर क़ो बाद में जन सुनवाई का शिविर बताकर लोगों का समर्थन ले लिया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि ऐसा ही प्रयास बुधवार को ग्राम पंचायत मांजा में हुआ था। करीब एक साल पहले ग्राम पंचायत मांजा में प्लांट की सुनवाई के दौरान विरोध हिंसक हो गया था।
क्यों हो रहा विरोध
मां कुदरगढ़ी एल्युमिनियम प्लांट के लिए चिरंगा में 850 एकड़ जमीन का आबंटन किया गया है। प्लांट से कई किलोमीटर के दायरे में संभावित प्रदूषण को लेकर चिरंगा सहित आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। प्लांट की स्थापना के बाद अत्यधिक पानी के उपयोग से माजा नदी का अस्तित्व भी संकट में आ जाएगा, जो ग्रामीणां के कृषि और निस्तार का मुख्य साधन है। इसके कारण चार सालों से ग्रामीण इस प्लांट का विरोध कर रहे हैं।
10 कार्यालय में कर्मचारी मिले अनुपस्थित, निराकरण होने तक कार्यालय प्रमुखों के वेतन आहरण पर लगी रोक…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए 10 कार्यालय के कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश सम्बंधित कार्यालय प्रमुखों को देते हुए प्रकरण के निराकरण होने तक उनके वेतन आहरण पर रोक लगा दिया है।
कलेक्टर के निर्देश पर विगत दिवस अपर कलेक्टर श्री एएल ध्रुव के द्वार विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्रम पदाधिकारी, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, कार्यपालन अभियन्ता पीएमजीएसवाय, सर्व शिक्षा अभियान, जिला निर्वाचन स्थानीय, जिला निर्वाचन सामान्य, खनिज, आदिवासी विकास, पीएमजीएसवाय एवं आबकारी विभाग के कार्यालय में कर्मचारी अनुपस्थि मिले। इसके साथ ही इन कार्यालयों में जनवरी व फरवरी माह में उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर अंकित नहीं करने वाले कर्मचारियों का भी वेतन आहरण कर दिया गया है। कलेक्टर ने अपर कलेक्टर के निरीक्षण प्रतिवेदन को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षण दिवस में अनुपस्थित रहे कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना जारी करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश कार्यालय प्रमुखों को दिए हैं। इसके साथ ही अनुपस्थितों के मामले का निराकरण होते तक कार्यालय प्रमुखों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
शाम को पूजा के दौरान पेट्रोल से भरे डिब्बे पर गिरी अगरबत्ती की राख झुलसकर महिला की मौत…
हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर /उदयपुर : जिले के उदयपुर इलाके की एक महिला अपने दुकान में शाम को पूजा करते अचानक आग की चपेट में आकर झुलस गई। हुआ यह कि पूजा करते समय दीया अचानक नीचे पेट्रोल से भरे डिब्बे पर गिरा और आग लग गई। पेट्रोल के कारण आग तेजी से फैली और महिला चपेट में आ गई। पुलिस ने बताया कि आवाज सुनकर परिजन और अन्य लोग पहुंचे तो रामपति राजवाड़े आग की लपटों से घिरी हुई थी। परिजन ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक वह काफी झुलस चुकी थी। परिजन ने उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
दुकान में बेचने के लिए डब्बे में भरकर रखा था पेट्रोल
गांव में रामपति बाई की किराना दुकान है। पुलिस ने बताया कि दुकान में बेचने के लिए डिब्बे में पेट्रोल भरकर रखा था। शाम को समय रामपति रोज की तरह दुकान के अंदर पूजा कर रही थी। इसी दौरान दीपक पेट्रोल से भरे डिब्बे पर गिर गया। वहां पहले से भी पेट्रोल नीचे गिरा था। इससे आग फैल गई और संभलने का मौका नहीं मिला।
ग्रामीण इलाकों में दुकानों में खुलेआम बेचते हैं पेट्रोल
शहर से बाहर ग्रामीण इलाकों में तो हर दुकान में खुलेआम पेट्रोल बेचते हैं, जबकि यह प्रतिबंधित हैं। खुले में पेट्रोल बेचना काफी खतरनाक माना जाता है। ये दुकानदार फ्यूल सेंटर से डिब्बों में बड़ी मात्रा में पेट्रोल भरकर लाते हैं और फिर फुटकर में ज्यादा रेट में बेचते हैं।
अध्ययन भ्रमण पर अंबिकापुर पहुंची 5 राज्यों की टीम, यहां एसएलआरएम मॉडल को देखकर हुए प्रभावित…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : भारत सरकार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देश पर अंबिकापुर अध्ययन भ्रमण पर देश के 5 राज्य मिजोरम, मणिपुर, आसाम, नागालैंड एवं उत्तराखण्ड से 50 सदस्यीय दल पहुंच चुका है। टीम के सदस्य यहां के एसएलआरएम सेंटर का काम देख काफी प्रभावित हुए। बुधवार को स्वच्छता यात्रा में आए स्वच्छता दूत के कार्यशाला का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय तिर्की एवं आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई द्वारा होटल मयूरा में किया गया। यहां कमिश्रर द्वारा अंबिकापुर में चल रहे एसएलआरएम मॉडल के बारे में पूरी जानकारी दी गई। इस दौरान महापौर ने बताया कि एसएलआरएम मॉडल प्रारंभ करने में यहां के जनप्रतिनिधियों व नागरिकों का सहयोग लिया गया। इनके सहयोग के कारण ही अंबिकापुर एसएलआरएम मॉडल सफल रहा। वहीं महापौर ने राज्यों से आई टीम को स्वच्छता दीदियों के बारे में भी बताया।
महापौर ने टीम को जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता दीदियों के बिना यह मॉडल सफल नहीं हो पाता। कार्यशाला के संपन्न होने के बाद टीम ने एसएलआरएम सेंटर डीसी रोड व घुटरापारा गोठान में जाकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। यहां स्वच्छता दीदियों से भी किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली।
यहां के स्वच्छता के कार्यों को देखकर टीम काफी प्रभावित हुई। वहीं गुरुवार को भी टीम के सदस्य शहर के एसएलआरएम सेंटरों का भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर राज्य कार्यालय से डॉक्टर नितेश शर्मा, शिखा सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे ।
यहां के कामों को देखकर हुए प्रभावित
अध्ययन भ्रमण पर आए 5 राज्यों की टीम कार्यक्रम के पहले दिन स्वच्छता दूत की कार्यशाला में शामिल हुई। इसके बाद एसएलआरएम सेंटर व गोठानों का निरीक्षण किया।
एसएलआरएम सेंटर में स्वच्छता दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का बारीकी से समझा। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करना, कचरे की छंटाई करना, कचरे को बेचना, कचरे से खाद तैयार करना सहित अन्य बारीकियां टीम ने स्वच्छता दीदियों से सीखीं।
स्वच्छता दीदियों के कामों को बताया बेहतर
5 राज्यों से आए टीम ने यहां के कामों को देखकर काफी प्रभावित हुई। टीम ने अपने-अपने राज्यों के स्वच्छता मॉडल के बारे में भी बताया। यहां के मॉडल व स्वच्छता दीदियों के कामों की काफी तारीफ भी की। टीम का कहना है कि हमारे यहां स्वच्छता कर्मचारियों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति निर्मित होती रहती है। जबकि यहां ऐसा देखने को नहीं मिला। वहीं टीम के सदस्य कचरा बेचने के नियम से काफी प्रभावित नजर आए।
बिजली विभाग की लापरवाही से 16 वर्षीय किशोरी की मौत…
इलेक्ट्रिक पोल की स्टे तार की चपेट में आने से 16 साल की किशोरी की मौत
हिंद स्वराष्ट्र दुर्ग : दुर्ग जिले में बिजली विभाग की लापरवाही से एक मासूम की मौत का मामला सामने आया है। इलेक्ट्रिक पोल की स्टे तार की चपेट में आने से 16 साल की किशोरी की मौत हो गई हैं। मौत के बाद से मोहल्ले में रोष है। भिलाई 3 पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई के सेक्टर -1 कॉलोनी में रहने वाले मिंटू शील की बेटी विनीता शील 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। बुधवार की दोपहर वह अपने घर के पास दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते उसने अचानक बिजली के पोल में लगे स्टे तार को पकड़ लिया। तार में करंट होने के कारण वह पोल से चिपक गई। जब लोगों ने उसे देखा तो बचाने के लिए दौड़े, जब तक वे वहां पहुंचे तब तक लड़की बुरी तरह झुलस गई थी और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही भिलाई तीन पुलिस मौके पर पहुंची। बिजली सप्लाई बंद कराकर शव को वहां से हटाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग ने नही लिया एक्शन
किशोरी की मौत के बाद से मोहल्लेवाशियो ने पुलिस थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया और विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि कई बार विद्युत विभाग से पोल के स्टे तार में करंट आने की शिकायत की जा चुकी है लेकिन आज तक उन्होंने इस मामले की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जिसके चलते आज इतनी बड़ी दुर्घटना घट गई हैं। मोहल्ले वासियों ने पुलिस से किशोरी की मौत के जिम्मेदार लोगो पर कार्यवाही की भी मांग की हैं।
छत्तीसगढ़ में एक अप्रैल से सामाजिक-आर्थिक सर्वे…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक अप्रैल से सामाजिक आर्थिक सर्वे प्रारंभ होगा. इस संबंध में पंचायत विभाग के एसीएस सुब्रत साहू ने सभी कलेक्टरों को पत्र जारी किया है. इसमें सर्वे से पहले सभी दलों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं. सर्वे की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिसमें घर के मुखिया के साथ-साथ उसके मकान, शौचालय और आधार कार्ड को भी ऑनलाइन मोबाइल एप्लीकेशन में अपलोड करना है. बता दें कि सीएम भूपेश बघेल ने 2011 के बाद जनगणना नहीं होने के कारण छत्तीसगढ़ में सामाजिक आर्थिक सर्वे कराने का ऐलान किया था, ताकि सभी छूटे हुए हितग्राहियों को भी आवास, राशन कार्ड व अन्य सुविधाएं दी जा सकें.
राहुल गांधी को 2 साल की सजा,,मोदी सरनेम केस में दोषी करार…
हिंद स्वराष्ट्र नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को मोदी सरनेम वाले केस में सूरत सेशंस कोर्ट ने गुरुवार को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने दलीलें सुनने के बाद दो मिनट के भीतर राहुल गांधी को दो साल की सजा सुना दी। हालांकि कोर्ट ने सजा पर 30 दिन की रोक लगाते हुए उन्हें तुरंत जमानत भी दे दी। राहुल गांधी को IPC की धारा 499 और 500 के तहत दोषी करार दिया गया है।
सूरत कोर्ट के फैसले को लेकर राहुल गांधी ने एक ट्वीट करके प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कोट को उदघृत करते हुए उन्होंने लिखा, “मेरा धर्म सत्य और अहिंसा पर आधारित है. सत्य मेरा भगवान है, अहिंसा उसे पाने का साधन.”

पत्रकार सुरक्षा विधेयक विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा विधेयक सर्व सम्मति से पारित हो गया। इस विधेयक में मीडिया संस्थान में काम करने वाले पत्रकार से लेकर गांव में काम करने वाले पत्रकार और फ्री लांसिंग करने वाले पत्रकारों को भी सुरक्षा दी जाएगी। सीएम भूपेश बघेल ने कहा, आज छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी विधेयक पारित हुआ है, पत्रकार साथी जान जोखिम में डालकर खबरें लाते हैं, ऐसे लेख लिखते हैं, जिससे उन्हें और परिवार के लोगों को खतरा होता है जनहानि के साथ-साथ धनहानि की संभावना बनती है ऐसे पत्रकार साथियों के ऑफिस और गांव में जो काम करते हैं, उनके लिए भी न केवल अधिमान्यता पत्र जारी करने की व्यवस्था होगी, बल्कि 6 महीने में जिनके तीन लेख प्रकाशित हुए हैं, उन्हें भी सुरक्षा कानून के दायरे में लाया जाएगा ताकि पत्रकारों की सुरक्षा हो सके।
सीएम भूपेश बघेल ने इसके लिए सभी को बधाई दी है।
ऐतिहासिक दिन!
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) March 22, 2023
“छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा विधेयक- 2023” आज विधानसभा में पास होकर कानून बन गया है।
हमने जो वादा पत्रकार साथियों से किया था, वह आज पूरा हुआ है।
लोकतंत्र का चौथा स्तंभ निर्भीक होकर जनता की आवाज़ उठाए और जनभागीदारी निभाता रहे, ऐसी हमारी सोच है।
सबको बधाई! pic.twitter.com/M2cBeRl96P
अवैध रेत भण्डारण पर एसडीएम ने की कार्यवाही,30 ट्रक रेत व जेसीबी जब्त…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर दीपक निकुंज ने अवैध रेत भंडारण की सूचना के बाद ग्राम करमडीहा में छापेमारी की कार्यवाही करते हुए ग्राम करमडीहा के पोल्ट्री फार्म के पास लगभग 30 ट्रक रेत व एक जेसीबी को जप्त कर अवैध रेत भण्डारण का प्रकरण दर्ज किया है।
गौरतलब है कि ग्रामीणों के द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दीपक निकुंज को रेत के अवैध भण्डारण की सूचना मिली थी और सूचना प्राप्त होने के बाद वे मौके पर पहुँचे तथा ग्रामीणों से अवैध रेत के सम्बंध में जानकारी ली थी। इस दौरान संजीव यादव पिता रविन्द्र प्रसाद यादव के द्वारा इरिया नदी से अवैध रेत उत्खनन कर गांव के ही उदयचंद यादव के पोल्ट्री फार्म के पास रेत का अवैध भण्डारण किया गया था, जिस पर कार्यवाही करते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने रेत व जेसीबी को जप्त कर गांव के सरपंच को सुपुर्द कर दिया है। इसके साथ ही अवैध भण्डारण व अवैध उत्खनन के इस मामले में अग्रिम कार्यवाही हेतु कार्यालय कलेक्टर खनिज शाखा को प्रकरण प्रेषित किया है।
जल जीवन मिशन के कार्य में लापरवाही बरते जाने के कारण टीपीआई रुद्राभिषेक इण्टरप्राईजेस का अनुबंध निरस्त, अन्य दो टीपीआई एजेंसी को कारण बताओं नोटिस….
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : कलेक्टर इफ्फत आरा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक का आयोजन संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन की कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त किया। जिले में कुल 176383 नल कनेक्शन का कार्य किया जाना है। जबकि जिले में केवल 52267 घरेलू नल कनेक्शन का कार्य पूर्ण किया गया है। कलेक्टर ने सभी निर्माण एजेंसियों को कार्य की प्रगति बढ़ाने हेतु पत्र जारी करने के निर्देश ईई लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को दिये हैं। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिन ग्रामों में घरेलू नल कनेक्शन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो गये है, उन ग्रामों में योजना बनाकर ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करते हुये आवश्यक जलकर का निर्धारण कर जलकर संग्रहित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने निर्देश दिये। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु निर्धारित तृतीय पक्ष निरीक्षण एजेंसियों (टीपीआई) द्वारा कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं किये जाने के कारण एवं तृतीय पक्ष निरीक्षण एजेंसियों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरते जाने के कारण टीपीआई एजेंसी रुद्राभिषेक इण्टरप्राईजेस का अनुबंध निरस्त करने को कहा साथ ही अन्य 02 टीपीआई एजेंसियों को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। जिसके परिपालन में सदस्य सचिव द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की गई।
9 चिकित्सा अधिकारियों को सीएमएचओ पद पर किया गया पदोन्नत..
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा चिकित्सा अधिकारियों को सीएमएचओ पद पर पदोन्नत किया गया है और उन्हें नवीन पदस्थापना दी गई है।
देखे आदेश :

सभी शासकीय अस्पतालों में 1 जून से कैशलेस व्यवस्था : टी.एस. सिंहदेव
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, वाणिज्यिक कर और बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री टी.एस. सिंहदेव के विभागों के लिए कुल 5122 करोड़ आठ लाख 71 हजार रुपए की अनुदान मांगे सर्वसम्मति से पारित की गईं। इनमें लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के लिए 3207 करोड़ 70 लाख 90 हजार रुपए, चिकित्सा शिक्षा विभाग से संबंधित व्यय के लिए 1574 करोड़ 48 लाख तीन हजार रुपए, वाणिज्यिक कर विभाग से संबंधित व्यय के लिए 335 करोड़ 76 लाख 63 हजार रुपए तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग से संबंधित व्यय के लिए चार करोड़ 13 लाख 15 हजार रुपए शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब देते हुए सदन को बताया कि प्रदेश के सभी शासकीय अस्पतालों में आगामी एक जून से कैशलेस व्यवस्था चालू हो जाएगी। मरीजों को इलाज, जांच एवं दवाओं के लिए एक रूपया भी नहीं देना होगा। ओपीडी, आईपीडी, दवा एवं सभी तरह की डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदेशवासियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पर अपनी स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि कैशलेस व्यवस्था से यूनिवर्सल हेल्थ केयर की परिकल्पना के अनुरूप स्वास्थ्य को एक अधिकार का रूप देने के लक्ष्य को हासिल करने के साथ ही प्रदेश की न्याय योजनाओं में एक और आयाम जुड़ेगा। इससे कैशलेस शासकीय अस्पताल की परिकल्पना पूर्ण होगी। मंत्री सिंहदेव ने कहा कि यूनिवर्सल हेल्थ केयर की अवधारणा को साकार करने में मानव संसाधन की अहम भूमिका है। प्रदेश में वर्ष 2017-18 में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या 179 थी जो पिछले 4 वर्षों में बढ़कर 534 हो गई है। विगत 4 वर्षों में ही इसमें तीन गुना वृद्धि हुई है। बीते 4 वर्षों में चिकित्सा अधिकारियों की संख्या 1302 से बढ़कर 2413 एवं दंत चिकित्सकों की संख्या 67 से बढ़कर 222 हो गई है। उन्होंने कहा कि 2017-18 में प्रदेश में डायलिसिस की सुविधा केवल तीन स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध थी, जो आज बढ़कर 29 स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुंच चुकी है। इन केन्द्रों में इस साल किडनी के मरीजों के 42 हजार डायलिसिस किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने सदन में बताया कि डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ प्रदेश के 85 प्रतिशत परिवारों को मिल रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत दुर्लभ एवं गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 20 लाख रूपए तक की राशि जरूरतमंदों को प्रदान की जा रही है। छत्तीसगढ़ आयुष्मान कार्ड बनाने में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के लिए वर्ष 2023-24 के लिए 990 करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया गया है, जो कि 2018-19 की तुलना में तीन गुना वृद्धि है। स्वास्थ्य योजनाओं में केन्द्रांश एवं राज्यांश का अनुपात वर्ष 2018-19 में 40ः60 प्रतिशत हुआ करता था, यह अब 30ः70 प्रतिशत हो गया है। आने वाले वर्षों में यह अनुपात 20ः80 प्रतिशत हो जाएगा।
सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश में सबसे ज्यादा सिकलसेल से प्रभावित मरीज पाए जाने वाले राज्यों में से एक है। इसे पूरी गंभीरता से लेते हुए राज्य के हर जिले में सिकलसेल प्रबंधन केन्द्र की स्थापना कर देश में सर्वाधिक 51 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। सिकलसेल इंस्टीट्यूट का नवीन भवन 45 करोड़ रूपए की लागत से निर्माणाधीन है। प्रदेश में सिकलसेल की जांच के लिए पाईंट ऑफ केयर टेस्टिंग की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। इस टेस्ट से तत्काल पता चल जाएगा कि व्यक्ति सिकलसेल से पीड़ित है या नहीं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश के तीन नए मेडिकल कॉलेजों कांकेर, महासमुंद और कोरबा के भवन के निर्माण के लिए टेण्डर की प्रक्रिया चल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने सदन में बताया कि प्रदेश में मातृ मृत्यु दर में कमी आई है। छत्तीसगढ़ देश में मातृ मृत्यु दर में ज्यादा कमी लाने वाले राज्यों में शामिल है। हमें इसे और भी नीचे लेकर जाना है। पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की तारीफ राष्ट्रीय स्तर पर हुई है। वहां ऐसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, जो देश के किसी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नहीं है। सिंहदेव ने सदन में बताया कि अगले वित्तीय वर्ष में राज्य के सभी उप स्वास्थ्य केन्द्रों को नए भवन मिल जाएंगे। स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में सहायता करने वाली मितानिनों को नए बजट में हर महीने 2200 रूपए का मानदेय देने की घोषणा हुई है। यह राशि विभिन्न योजनाओं के तहत उन्हें मिलने वाले प्रोत्साहन राशि के अतिरिक्त होगी।
वाणिज्यिक कर मंत्री सिंहदेव ने कहा कि वर्ष 2022-23 के लिए 18 हजार 500 करोड़ रूपए जीएसटी के संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित है। इस साल 28 फरवरी तक 15 हजार 723 करोड़ 81 लाख रूपए का राजस्व संग्रहण हो चुका है, जो कि निर्धारित लक्ष्य का 85 प्रतिशत है। वर्ष 2021-22 में 12 हजार 991 करोड़ 4 लाख रूपए का कर संग्रहण हुआ था। इस साल का कर संग्रहण पिछले वर्ष की तुलना में 21 प्रतिशत अधिक है। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमत पड़ोसी राज्यों से कम है। सिंहदेव ने सदन में बताया कि राज्य शासन द्वारा छोटे भू-खण्डों की रजिस्ट्री पर रोक हटाने से आम लोगों को राहत मिली है। रोक हटाने के बाद से 4 लाख 29 हजार 605 छोटे भू-खण्डों की रजिस्ट्री की जा चुकी है। पंजीयन कार्यालयों में पुराने दस्तावेजों को स्कैन कर सुरक्षित रखा जा रहा है।
सिंहदेव ने बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के उत्तर में कहा कि इसके अंतर्गत गरीबी, रोजगार, शिक्षा, आवास, स्वास्थ्य, कृषि, भूमि सुधार, सिंचाई, पेयजल, कमजोर वर्ग का संरक्षण तथा सशक्तिकरण, उपभोक्ता संरक्षण, पर्यावरण, ई-शासन आदि सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं को शामिल करने पर बल दिया गया है। प्रदेश में मनरेगा के अंतर्गत 5 करोड़ 96 लाख 80 हजार मानव दिवस रोजगार का सृजन किया गया है। इसके तहत हितग्राहियों को 1354 करोड़ 4 लाख 24 हजार रूपए दिए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 432 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में 39 हजार 550 स्व-सहायता समूहों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने बताया कि वन विभाग के अंतर्गत कुल 34 हजार 703 हेक्टेयर क्षेत्र में 250 लाख पौधों का रोपण किया गया है। ऊर्जा विभाग के अंतर्गत 8869 पंप सेटों को बिजली प्रदान की गई है।
विधानसभा में आज लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, वाणिज्यिक कर और बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग से संबंधित अनुदान मांगों पर चर्चा में विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, डॉ. विनय जायसवाल, सौरभ सिंह, धर्मजीत सिंह, अजय चंद्राकर, शैलेष पाण्डेय, प्रमोद शर्मा, केशव प्रसाद चन्द्रा, अनिता शर्मा, पुन्नूलाल मोहले और नारायण चंदेल ने हिस्सा लिया।
प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति के लिए काउंसलिंग कल…डीईओ ने जारी किए आदेश…
हिंद स्वराष्ट्र कोरिया : जिले के सहायक शिक्षक एलबी से प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के पद पर पदोन्नति के बाद पदांकन के लिए काउंसिलिंग के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने पत्र जारी किया है। जारी निर्देश के अनुसार 22 मार्च को काउंसिलिंग होगी। सुबह 11 बजे से कोरिया जिला पंचायत सभाकक्ष में काउंसिलिंग के बाद पदांकन होगा। आदेश में स्पष्ट कर दिया गया है कि शासन के निर्देश के अनुरूप ही काउंसिलिंग की कार्रवाई होगी।

गुड्डे गुड़िया की अनोखी शादी, पूरे गांव ने मिलकर बनाया उत्सव….
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : गुड्डे गुड़ियों की शादी आपने बचपन में रचाई होगी जो काफी आम है. देश में अक्ति का त्यौहार भी इसे के लिए मनाया जाता है. लेकिन, छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के एक गांव में गुड्डे गुड़ियों की आनोखी शादी हुई, जिसमें पूरा गांव शामिल हुआ.
शादी का मंडप, नाचते गाते लोग इस माहौल को देख कर कोई भी समझ सकता है कि यहां शादी की तैयारी चल रही है, लेकिन यह जानकार लोग चौक जायेंगे कि यहां पर शादी किसी इंसान की नहीं बल्कि गुड्डे गुड़ियों की हो रही है.
दरअसल लगभग 3 साल पहले बच्चे गांव के कुछ लोगों से चंदा कर अच्छे ढंग से गुड्डे गुड़ियों की शादी की थी. बच्चों के द्वारा इस तरीके से अपने खिलौने की शादी को देखकर गांव के कुछ लोगों ने इन बच्चों को आर्थिक रूप से सहयोग किया और आयोजन बड़ा हो गया. तीन साल पहले बच्चों के उस आयोजन के बाद से गांव वालों ने परंपरा ही बना ली और हर साल बड़े ही धूमधाम से गुड्डे गुड़ियों की शादी रचाने लगे. इस साल इस शादी को और व्यापक रूप दिया गया. पूरे गांव को शादी का न्यौता दिया गया. डीजे की व्यवस्था की गई और बड़े ही धूमधाम से सभी रीति-रिवाजों के साथ इस शादी को संपन्न किया गया. इस गुड्डा गुड़िया की शादी से गांव के बच्चे काफी खुश हैं, तो वही ग्रामीण भी बच्चों की खुशी में ही अपनी खुशी खोज रहे हैं. यही वजह है कि पूरे गांव के ग्रामीण इन बच्चों का आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सहयोग करते हैं. उनका मानना है कि बच्चे इससे अपनी संस्कृति समझ पाएंगे.
गुड्डे और गुड़िया की शादी भी क्षेत्र में खूब सुर्खियां बटोर रही है. लोग बच्चों के इस आयोजन की सराहना कर रहे हैं और शादी के बदलते ट्रेंड के बीच पुरानी रस्मों को याद रखने के लिए इस तरह के आयोजन करते रहने की बात कह रहे हैं.
आखिरकार एक बेटी के पिता को मिला इंसाफ…दहेज के लिए पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी पहुंचा जेल…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : 7 महीने बीतने के बाद आखिरकार एक मजबूर पिता को इंसाफ मिल ही गया और उसकी बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला उनका दामाद जेल की सराखों के पीछे चला गया हैं। इसे सच की जीत कहे या एक अपनी इकलौती बेटी को खोने वाले बाप के अथक प्रयासों का फल जो 7 महीने बाद आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं।
आपको बता दें कि 10 अगस्त 2022 की शाम सुभाषनगर निवासी राहुल चंद्र माल की पत्नी माधुरी की फांसी पर लटकती लाश मिली थी जिसके बाद मौके पर पहुंचे माधुरी के परिजनों ने दामाद पर कई संगीन आरोप लगाए थे और अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने की मांग की थी। नव विवाहिता द्वारा आत्महत्या के मामले को संज्ञान मे लेकर गांधीनगर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही थी। जांच में पाया गया कि मृतिका के पति राहुलचंद्र माल द्वारा मृतिका के मायके से जमीन नहीं मिलने एवं ससुराल से रूपये पैसे नहीं मिलने के कारण प्रताड़ित किया जाता था और मृतिका द्वारा अपने पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की गई थी।आरोपी के विरूद्ध सबूत पाए जाने के बाद धारा 304 (बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी राहुलचंद्र माल को पकड़कर पूछताछ किया गया जहां आरोपी द्वारा पत्नी को प्रताड़ित करने की बात स्वीकार कर ली गई जिसपर आरोपी राहुलचंद्र माल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया हैं।
वन्यप्राणी पैंगोलिन के सिल्क की तस्करी करते 3 आरोपियों को वन विभाग की टीम ने पकड़ा…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : वन्य जीव पैंगोलिन का शिल्क बेचने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहे 3 तस्करों को वन विभाग ने पकड़ने में सफलता हासिल की हैं। आरोपियों को मुखबिर की सूचना के आधार पर वन मंडलाधिकारी सूरजपुर संजय यादव के निर्देशन में wccb जबलपुर की सूचना पर वन परिक्षेत्र अधिकारी घुई संस्कृति बारले और उनकी टीम द्वारा 11 नंबर से रमकोला जाने वाले मुख्य मार्ग कछुआ नाला के समीप से गिरफ्तार किया गया हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चरकू आ0 शिवलाल, तनगु आ0 सोमारू और विजय आ0 धनसाय के रूप में हुई हैं। आरोपियों के पास से 10 किलो पैंगोलिन का शिल्क जब्त किया गया हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें रिमांड में भेज दिया गया हैं।

शराबी पटवारियों के खिलाफ एसपी और आईजी सरगुजा रेंज से शिकायत के बावजूद अब तक दर्ज नहीं हो पाई FIR , अधिकारी दे रहे हैं आरोपियों को समर्थन या फिर कर रहे मामले के ठंडे होने का इंतजार…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : होलिका दहन की शाम पटवारी कार्यालय सह आवास फुंदुरडिहारी में पटवारियों द्वारा शराब पार्टी किए जाने और उनका वीडियो बनाने वाले पत्रकारों से गाली गलौज और बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी देने मामले में पत्रकारों ने सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार, सरगुजा आईजी रामगोपाल गर्ग और सरगुजा एसपी भावना गुप्ता से शिकायत 10/03/23 को की गई जिसके बाद सरगुजा कलेक्टर ने मामले के जांच के आदेश एसडीएम अम्बिकापुर को दे दिए हैं। लेकिन पुलिस विभाग आज पर्यंत इस मामले में न तो कोई जांच कर पाई हैं और न ही आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया हैं। ऐसे में यह समझ से पड़े हैं कि अधिकारीगण इस मामले में आरोपियों का समर्थन कर रहे हैं या फिर इस मामले के ठंडे बस्ते में जाने का इंतजार कर रहे हैं?


शराबी पटवारियों के कारनामे का देखे वीडियो :
आपको बता दें कि पटवारियों द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पहले तो एक सरकारी कार्यालय में शराब पार्टी की गई और फिर उनका वीडियो बनाने पर पत्रकारों से गाली गलौज कर दिया। पटवारियों द्वारा अपनी सारी हदों को तोड़ते हुए पत्रकारों को मारने के लिए 100–150 लोगो को बुलाया गया और पत्रकारों से जबरन वीडियो डिलीट करवाया गया। पत्रकारों को जान से मारने की धमकी दी गई। पटवारियों द्वारा न केवल पत्रकारों से दुर्व्यवहार किया गया बल्कि पत्रकारों के आत्मसम्मान को भी क्षति पहुंचाई गई। पटवारियों के इस कृत्य का पूरा वीडियो हमारे द्वारा चलाया गया और वह वीडियो जम कर वायरल भी हुआ लेकिन बावजूद इसके पुलिस विभाग न जाने क्यों ऐसे अपराधियों का समर्थन कर रही हैं और मामले को दबाने की कोशिश कर रही हैं।
हाई कोर्ट की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ में पदस्थ न्यायधीश को किया गया बर्खास्त….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर:–बिलासपुर हाई कोर्ट की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पदस्थ न्यायधीश गणेश राम बर्मन को बर्खास्त कर दिया गया है।
देखें आदेश
