हिंद स्वराष्ट्र उदयपुर : उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में दो लोगों के बीच विवाद हो रहा था। इस दौरान एक ने घर से फावड़ा निकाल लिया और दूसरे को मारने दौड़ा। यह देख वहां मौजूद पड़ोस गांव के युवक ने बीच-बचाव करते हुए झगड़ा करने से मना किया। झगड़ा करने से मना करना फावड़ा लिए हुए युवक को नागवार गुजरा और उसने गुस्से में युवक के सिर पर ही फावड़ा दे मारा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, यहां दूसरे दिन शाम को उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंवलगिरी में 17 अप्रैल की रात करीब 10 बजे ग्राम केदमा निवासी पूरन सिंह अगरिया का गांव के ही बसंत के साथ खाना बनाने की बात पर झगड़ा विवाद होने लगा। इस दौरान पूरन सिंह ने फावड़ा लेकर बसंत को मारने के लिए दौड़ाया। इसी दौरान वहां मौजूद ग्राम सायर निवासी बोडू उर्फ रामरतन उम्र 25 वर्ष बीच-बचाव करने पहुंचा। उसने दोनों से कहा कि झगड़ा क्यों कर रहे हो? इस बात पर पूरन सिंह भडक़ गया और अपने हाथ में रखे फावड़ा से रामरतन के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। फावड़े के प्रहार से रामरतन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। रात में ही उसे उदयपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज के दौरान 18 अप्रैल की शाम रामरतन की मौत हो गई। मामले में उदयपुर पुलिस ने धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी केदमा निवासी पूरन सिंह अगरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर शुक्रवार को जेल भेज दिया।
हिंद स्वराष्ट्र उदयपुर : तीन दिन से लापता नवविवाहिता की फांसी पर लटकती लाश मिली है। मृतिका का नाम रामशीला हैं। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घाटबर्रा निवासी रामशीला का विवाह दो माह पूर्व ग्राम खजुरी थाना दरिमा निवासी सोनु राम मझवार के साथ हुआ था। मृतका एक माह से अपने मायके में ही निवास कर रही थी। नवविवाहिता अपने मां के साथ एक माह पूर्व ग्राम घाटबर्रा अपने मायके वापस आकर घर में रह रही थी। दिनांक 17 अप्रैल सोमवार की सुबह 10 बजे घर से बिना बताये निकली थी। घर वाले खोजबीन कर रहे थे लेकिन कहीं पता नहीं चल रहा था। रामशीला का शव घाटबर्रा जंगल में पेड़ पर चुनरी से लटका मिला हैं। घटना की सूचना स्वजन द्वारा उदयपुर थाने में दी गई। नव विवाहिता का मामला होने से उदयपुर पुलिस घटना की सूचना अनुविभागीय अधिकारी उदयपुर को दी। शुक्रवार को नायब तहसीलदार एजाज हाशमी, सहायक उप निरीक्षक गोमती प्रसाद यादव के नेतृत्व सभी अधिकारियों की मौजूदगी में सड़ी गली अवस्था में शव को पेड़ पर से उतारकर शव का पंचनामा पोस्टमार्टम कराया गया। नव विवाहिता ने किन कारणों से आत्महत्या की है इसका पता नहीं चल सका है।
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : एक ही परिवार के 3 लोगो की लाश एकसाथ मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोतिमपुर थाना क्षेत्र में एक परिवार के तीन लोगों के खुदकुशी की सूचना पुलिस को आज सुबह मिली थी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो मां और बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा था और पिता का शव कमरे में ही फंदे पर लटका हुआ था। घटना स्थल से चूहे मारने की दवा भी पुलिस को मिली है। पुलिस को आशंका है कि मृतक पिता ने पहले पत्नी और बच्चे को जहर दिया उसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली होगी। परिजनो के मुताबिक रात में परिवार के लोग खाना खाकर अपने कमरे सोने चले गए थे। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो कमरे में पति का शव फंदे पर पत्नी और बेटे का शव पलंग पर पड़ा हुआ था। मृतकों में तुकेश्वर सोन केवरे 30 वर्ष, निक्की सोन केवरे 26 वर्ष, निहाल सोन केवरे 4 वर्ष शामिल है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : आखिरकार एक पिता को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है और उसकी बेटी और नाती को मौत की नींद सुलाने वाले महिला डॉक्टर और 2 स्टाफ नर्सों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आपको बता दे की महिला डॉक्टर रश्मि कुमार और 2 स्टाफ नर्स अंजलि तिर्की और मौसम तिर्की के खिलाफ 304 –A, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
2 दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज ना होने पर थाना घेराव की दी गई थी चेतावनी
मृतिका पूजा साहू की मौत को 15 दिन बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज ना होने के कारण उनके पिता महेंद्र कुमार द्वारा गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था और साथ ही 2 दिनों के भीतर अगर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जाती है तो उनके द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से थाना घेराव कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठने की चेतावनी प्रशासन को दी गई थी जिसके बाद कल शुक्रवार की दिनांक 21/4/2023 को आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने की कार्यवाही, स्वास्थ्य विभाग कब लेगा इनके खिलाफ एक्शन
पुलिस प्रशासन द्वारा अपना कार्य करते हुए 15 दिन के विलंब से ही सही लेकिन आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है और आगे की कार्यवाही की जा रही हैं। लेकिन सवाल यह उठता है कि स्वास्थ विभाग आखिर ऐसे लापरवाह डॉक्टर के खिलाफ कब एक्शन लेगा और उनका लाइसेंस निरस्त करते हुए भविष्य में किसी मरीज के साथ ऐसी कोई अपरिहार्य दुर्घटना ना घटे इसका प्रबंध करेंगे।
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : एक शासकीय महिला डॉक्टर की लापरवाही से जच्चा–बच्चा की मौत हो जाती है और जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन केवल मूकदर्शक बनकर रह जाती है। जांच के नाम पर परिजनों को केवल घुमाया जाता है 15 दिन बीत जाने के बावजूद ना तो आरोपियों के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज की जाती है ना तो उन पर अब तक कोई कार्यवाही की गई है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन क्या ऐसे आरोपियों को संरक्षण दे रही है या फिर वह ऐसे अपराधिक कृतियों में शामिल रहने वाले अपराधियों के सामने नतमस्तक हो गए हैं।
क्या हैं मामला
3 अप्रैल 2023 को पूजा साहू नामक महिला को उनके परिजनों द्वारा शासकीय जिला चिकित्सालय सूरजपुर में प्रसव के लिए भर्ती कराया जाता है लेकिन जिला चिकित्सालय में महिला को इलाज नहीं मिल पाता है जिसके चलते परिजन उसे अंबिकापुर अस्पताल में लेकर आने की तैयारी करते हैं। जिला चिकित्सालय सूरजपुर में पदस्थ 2 स्टाफ नर्सों और वहां की महिला चिकित्सक रश्मि कुमार द्वारा महिला के परिजनों को बरगला कर अपने निजी नर्सिंग होम में महिला को भर्ती करने के लिए मना लेती है जिसके बाद परिजनों द्वारा महिला को तिलसिवा स्थित रश्मि नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया जाता है जहां डॉ रश्मि की लापरवाही से नवजात बच्चे और उसकी मां की मृत्यु हो जाती है जिसके बाद परिजनों द्वारा डॉक्टर के खिलाफ कोतवाली में जाकर आवेदन दिया जाता है और कार्यवाही की मांग की जाती है।
15 दिन बीत जाने के बावजूद एफआईआर पुलिस ने नही किया दर्ज
अपनी बेटी और नाती को खोने के बाद मृतिका के पिता महेंद्र कुमार विगत 15 दिवस से पुलिस थाने, कलेक्टर कार्यालय और सीएमएचओ कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन आज पर्यंत उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है। आश्वासन के अलावा 15 दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें ने नहीं मिल पा रहे हैं यहां तक की दोषी डॉक्टर के खिलाफ पुलिस द्वारा अब तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है।
सीएमएचओ बन केवल उठाया लाभ आज पर्यंत नहीं की दोषियों पर कभी कोई कार्यवाही
नेताजी के दामाद और सूरजपुर सीएमएचओ आरएस सिंह द्वारा आज पर्यंत कभी किसी दोषी पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इसे उनका प्यार, स्नेह या लगाव कहें कि उनकी ओर से दोषियों को हमेशा संरक्षण ही मिला है पर्याप्त सबूत होने के बावजूद वे कभी दोषियों पर कार्यवाही नहीं करते हैं। पद का दुरुपयोग तो होगा ही जब “सैंया भयों कोतवाल”…. जब विधायक ससुर और स्वास्थ्य मंत्री दे संरक्षण तो डर काहे का… यह बात किसी से छिपी हुई नही हैं कि जिला चिकित्सालय सूरजपुर में आरएस सिंह से अधिक अनुभवी चिकित्सक पहले से मौजूद हैं जिन्हे योग्यता और अनुभव के आधार पर सीएमएचओ बनाया जाना चाहिए था लेकिन…..पहुंच भी कोई चीज होती है….
अवैध तरीके से लंबे समय से संचालित हैं क्लीनिक पर आज पर्यंत नही हुई कार्यवाही
रश्मि नर्सिंग होम का संचालन काफी लंबे समय से किया जा रहे हैं नर्सिंग होम चलाने के लिए कई नियम कानून है जिन को ताक पर रखकर क्लीनिक संचालित किया जा रहा है लेकिन आज पर्यंत उन पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। ऐसा क्या कारण है कि डॉ रश्मि सरकारी अस्पताल से मरीजों को अपने क्लीनिक ले जाती थी लेकिन सीएमएचओ उन्हें खुली छूट देकर रखे हुए थे। न तो उन्हे इन कृत्यों से रोका गया और न ही उनके उपर कोई कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के मनमाने रवैए से हारकर मृतिका के परिजन को एफआईआर और दोषियों पर कार्यवाही के लिए अब मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपना पड़ रहा है। परिजनों ने साथ ही साथ और पुलिस प्रशासन को 3 दिन का समय दिया हैं अगर इस बीच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाती हैं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ जायेंगे…
हिंद स्वराष्ट्रअम्बिकापुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को कला केंद्र मैदान, अम्बिकापुर में सर्व यादव समाज द्वारा आयोजित स्वाभिमान महासम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर समाज प्रमुखों के साथ भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना कर प्रदेश की जनता की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सरगुजा में श्वेत क्रांति को बढ़ावा देते हुए दुग्ध प्रसंस्करण केंद्र की स्थापना की घोषणा की जिससे दुग्ध व्यापार को प्रोत्साहन मिले। इसके साथ ही उन्होंने यादव समाज भवन हेतु 50 लाख रूपए की घोषणा की। वनाधिकार पट्टा की मांग पर मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को वन अधिकार पट्टा अधिनियम के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पात्रता का परीक्षण करते हुए पात्र हितग्राहियों को पट्टा शत प्रतिशत दिए जाने के निर्देश दिए। महासम्मेलन में मुख्यमंत्री बघेल ने सर्व यादव समाज सरगुजा के द्वारा आयोजित विशाल स्वाभिमान सम्मेलन के भव्य आयोजन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सर्व यादव समाज का इतिहास में बड़ा योगदान रहा है। भगवान श्री कृष्ण जिन्होंने गीता जैसा महान ग्रंथ इस दुनिया को दिया हैं, यादव समाज उनका वंशज है। उन्होंने अभिवादन और नमन किया और कहा कि प्रेम और सौहार्द्र से सरगुजा और पूरे प्रदेश की उन्नति और प्रगति में सहयोग बना रहे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि और प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमने इस वर्ष फैसला किया है कि समर्थन मूल्य में धान की खरीदी 20 क्विंटल प्रति एकड़ दी जाएगी। यादव समाज गौमाता के सेवक रहे हैं। इसी तरह छत्तीसगढ़ शासन भी गोधन न्याय योजना और नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी जैसी योजनाओं के माध्यम से गौ सेवा कर रही है। इन योजनाओं से गौपालकों को भी फायदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि यादव समाज भी कई वर्षों से बसा हुआ है, जिस तरह आदिवासी समुदाय जल, जंगल और जमीन से जुड़ा हुआ है। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने इस अवसर पर कहा कि सरगुजा की उन्नति में हमेशा से ही यादव समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कई पीढ़ी से यादव समाज यहां बसा हुआ है और उन्होंने अपने कार्यों से समाज की सेवा की है। खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि यादव समाज का नाम लेते ही सीधे सरल व्यक्तिव की याद आती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी और यादव समाज में बेहद समानता है, दोनों ही वनों से जुड़े हुए हैं। आदिकाल की बात हो या आज की, हमेशा से ही इन्होंने अपना लोहा मनवाया है। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज, सीजीएमएससी के अध्यक्ष एवं लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम, भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव, खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव, चंद्रपुर विधायक राम कुमार यादव, छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, गौ-सेवा आयोग के सदस्य अटल यादव, तेलघानी बोर्ड के सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, मदरसा बोर्ड के सदस्य इरफान सिद्दीकी, अपेक्स बैंक के संचालक अजय बंसल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज प्रमाणीकरण बोर्ड के सदस्य अरविंद गुप्ता, कृषक कल्याण परिषद के सदस्य संजय गुप्ता, उर्दू अकादमी के सदस्य बदरुद्दीन इराकी, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, यादव समाज के संभागीय अध्यक्ष देव नारायण यादव सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में सामाजिकगण उपस्थित थे।
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले के भटगांव थाना परिसर में कल दोपहर भीषण आग लग गई जिससे वहां खड़ी 30 से ज्यादा गाड़ियां जलकर खाक हो गई। आग की लपटे इतनी तेज थी कि एक के बाद एक दो पहिया वाहन जलकर खाक हो गए। हालांकि, कुछ देर बाद दमकल की गाडियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। मिली जानकारी के अनुसार भटगांव थाना परिसर के पास एक खेत में रखे पराली में आग लग गई थी। पराली में लगी आग हवा में फैलते हुए थाना परिसर में रखी गाड़ियों तक फैल गई और वहां खड़ी 30 गाड़ियों को अपने चपेट में ले लिया। काफी देर बाद इस बात की खबर पुलिस प्रशासन को लगी। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। फिलहाल, आग कैसे लगी पुलिस इस मामले पर जांच कर रही है।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अम्बिकापुर के गांधीनगर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर दुपहिया वाहन बरामद करने में सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सिकंदर कुजूर साकिन गांधीनगर द्वारा थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि घटना दिनांक को प्रार्थी अपने मोटरसाइकिल को कमोदा बिहार के पास खड़ा कर आस पास में गया था, बाद में आकर देखने पर प्रार्थी की मोटरसाइकिल अपने स्थान पर नहीं थी, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाया गया था। प्रार्थी कि रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर गांधीनगर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सुचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी हुई मोटरसाइकिल की बिक्री हेतु भगवानपुर क्षेत्र में घूम रहा हैं, तत्काल पुलिस टीम द्वारा संदेही की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया। आरोपी ने अपना नाम विक्की मण्डल साकिन गांधीनगर का होना बताया, पूछताछ करने पर उसने चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया दुपहिया वाहन भी बरामद कर लिया गया हैं। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने पर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया हैं।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : राज्य शासन उच्च शिक्षा विभाग मंत्रालय द्वारा शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के प्राचार्य सह क्षेत्रीय अपर संचालक डॉ एस. एस. अग्रवाल को निलंबित कर दिया हैं। डॉ अग्रवाल के विरुद्ध वित्तीय अनियमितता एवं अन्य शिकायतें प्राप्त हुई थी जिसकी जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय क्षेत्रीय अपर संचालक कार्यालय रायपुर निर्धारित किया गया है।
हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी : कोरिया जिले से एक बड़ी दुखद खबर निकलकर सामने आ रही है, जहां जमीन धंसकने से चार लोगो की मौत हो गई हैं। हादसा तब हुआ जब सभी मृतक छुई खोदने के लिए जमीन की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान जमीन अचानक धंस गई। इस हादसे में चार लोगो की मौत हुई हैं जिसमे तीन महिला और एक पुरुष शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां विकासखण्ड स्थित बंजारीडांड के मौहारी पारा रोड लोहरिया नदी में छुई मिट्टी की खुदाई का काम चल रहा था। इसमें मिट्टी धसकने से चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना स्थल में रेस्क्यू कार्य जारी है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुँच गए हैं। घटनास्थल पर राहत और बचावकार्य शुरू कर दिया गया हैं। हादसा किन परिस्थियों मे हुआ इसकी जाँच की जा रही है।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सीएसईबी के बेतहाशा बिजली बिल से परेशान लोगों की समस्या दूर करने तथा सरगुजा जिले में राशन घोटाला करने वालों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला सरगुजा द्वारा आज स्थानीय स्टेट बैंक कलेक्ट्रेट शाखा के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर धरना को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों को 5 किलो प्रति व्यक्ति अनाज मुफ्त में दे रहे हैं उसमें भी यह भूपेश सरकार भ्रष्टाचार करना नहीं छोड़ रही है, ये भूपेश सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार के कारण अब जेल जाने की स्थिति में हैं, मुख्यमंत्री के खास खास अधिकारी भी आज जेल में हैं, ईडी शराब और कोल भ्रष्टाचारियों पर तगड़ा कार्यवाही कर रही है जिससे यह सरकार तिलमिला गई है। उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वो ध्यान रखें आने वाले समय में भाजपा की सरकार बन रही है, अब उनके भ्रष्टाचार का पूरा हिसाब होगा।
धरना को संबोधित करते हुए भाजपा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार को आम जनता के हितों की कोई चिंता नहीं है, सीएसईबी द्वारा उपभोक्ताओं को बेतहाशा बिजली बिल देकर परेशान किया जा रहा है तथा उनका कनेक्शन भी काट दिया जा रहा है, राज्य सरकार की बिजली बिल हाफ योजना का लाभ किसी को भी नहीं मिल पा रहा है, जानबूझकर बिजली विभाग द्वारा तीन चार महीने के अंतराल में बिजली बिल थमा कर उपभोक्ताओं से वसूली अभियान चलाया जा रहा है, ज्ञापन के माध्यम से भाजपा सरगुजा तत्काल कार्यवाही की मांग करती है। अपने संबोधन में अनिल सिंह मेजर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐसा कोई बचा नहीं जिसे भूपेश सरकार ने ठगा नहीं, प्रमाणित रुप होने पर भी भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही नहीं हो रही है यह शर्मनाक है, यदि हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो हम उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि झूठ की बुनियाद पर बनी हुई है यह भूपेश सरकार, प्रदेश में अवैध वसूली हो रही है, गरीबों के खाद्यान्न पर डाका डाला जा रहा है, चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। इस अवसर पर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने कहा कि बिजली बिल हाफ के नाम पर पूरे छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार भ्रष्टाचार कर रही है, बिजली विभाग को किसी का भी बिजली कनेक्शन काटने का छूट मिला हुआ है। लखनपुर क्षेत्र के नरकालो गांव की तो पूरी बिजली ही इन्होंने काट दी। इस अवसर पर पूर्व निगम सभापति त्रिलोक कपूर कुशवाहा ने कहा कि चोरों का बाड़ हीं जब खेत खाने लगे तो फसल कहां से बचेगा, कांग्रेस सरकार का भी यही हाल है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य फुलेश्वरी सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने गरीब महिला किसान मजदूर सभी को धोखा दिया है ऐसी सरकार को इस बार जनता उखाड़ फेंकेगी। इस अवसर पर भाजपा वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि राशन घोटाले का खाद्यान्न चूहा खा गया होगा या सिड़न खा गई होगी, कलेक्टर के ऊपर कांग्रेस के मंत्रियों ने दबाव बना कर राशन घोटाले पर होने वाले एफआईआर को रुकवाया है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुणा सिंह ने कहा कि जब-जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आती है तब तब वह उल्टा ही काम करती है, इनके भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष ने कहा कि जिस पीडीएस योजना के चलते राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम हुआ आज वही योजना भूपेश सरकार में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। धरना को जिला कार्यसमिति सदस्य राजेश अग्रवाल, मधुसूदन शुक्ला, अनिल सिंह, बालनाथ यादव, रजनीश पांडे, वैभव सिंह, चंद्रिका यादव, गुरुशरण सिंह, विश्व विजय तोमर, नकुल सोनकर, राजेंद्र जयसवाल, मंजूषा भगत, बंशीधर उराव, राधेश्याम ठाकुर, विकास पांडे, संजय सोनी, हरमिंदर टिन्नी, रिंकू वर्मा, गौतम विश्वकर्मा, संजू सेठ, संजय राजवाड़े , ललिता तिर्की, दीपक तोमर, अनिल सिंह तथा वेदांत तिवारी ने भी संबोधित किया। धरने के पश्चात भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता घड़ी चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने महामहिम राज्यपाल के नाम कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता ने किया तथा आभार प्रदर्शन महामंत्री देवनाथ पैकरा ने किया। कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी, भाजपा वरिष्ठ नेता करताराम गुप्ता, राजकुमार बंसल, अंबिकेश केसरी, संतोष दास, रूपेश दुबे, अभिषेक शर्मा, अनामिका पैकरा, अजय प्रताप सिंह बबलू, सर्वेश तिवारी, राम प्रवेश पांडे, जितेंद्र सोनी, उमाशंकर उपाध्याय, उमेश अग्रवाल, कृष्ण कुमार शर्मा, दुर्गा शंकर दास, धनाराम नागेश, वीरेंद्र बघेल, कैलाश मिश्रा, पंकज गुप्ता, संजीव वर्मा, अंशुल श्रीवास्तव, वीर सोनी, निशांत सिंह, दीपक गर्ग, प्रभात, अमोघ कश्यप, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, विवेक सिंह, मयंक जयसवाल, सुनील तिवारी, संजय जयसवाल, संदीप सोनी, राजू सिंह, चंद्रशेखर सिंह, सरोज गुप्ता, प्रियंका चौबे, नीलम रजवाड़े सहित अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंद स्वराष्ट्र जनकपुर गणेश तिवारी : जंगल में आग लगाकर भागते हुए तीन आरोपियों को बहरासी वन विभाग द्वारा गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों द्वारा जंगल को नष्ट करने के इरादे से आग लगाया गया था और वहां से फरार हो गए थे। आपको बता दें कि वन परिक्षेत्र बहरासी रामगढ के आरक्षित वन कक्ष क्र.1052 में रात 8..15 बजे आग लगाकर मोटर साईकिल MP 18 MU 2439 से भागते हुए तीन आरोपियों को सीताराम सिंह, सोनू सिंह एवं प्रदीप दुबे परिक्षेत्र सहायक उमरवाह द्वारा वन प्रवन्धन समिति के सदस्यों की निगरानी में मोहनटोला ग्राम के पास मो.सा. सहित पकडा गया। जिनके विरुद्ध सीताराम सिंह द्वारा वन अपराध प्रकरण क्र.19077/02 दिनाँँक 16-4-2023 पंजीबद्ध कर परिक्षेत्र कार्यालय बहरासी में प्रस्तुत किया गया। जाँच कार्यवाही के तहत परिक्षेत्र सहायक उमरवाह प्रदीप दुबे द्वारा भारतीय वन अधिनियम 1927की धारा26(1)ख एवं जैवविविधता अधिनियम 2002 की धारा 3, 55, 61अधिरोपित कर माननीय न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी जनकपुर के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से अपराध की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक दण्डाधिकारी द्वारा आरोपियों के नाम से जेल वारंट जारी किया गया ।आरोपियों के स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत उपजेल मनेन्द्रगढ़ भेजा गया।
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : अंबिकापुर–बरवाडीह बहुप्रतीक्षित रेलवे लाइन के लिए अंतिम सर्वे कराने का आदेश जारी कर दिया गया है। 182 किलोमीटर के रेलवे लाइन को बिछाने के लिए अंतिम सर्वे किया जाएगा। सर्वे के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। बलरामपुर जिले के राजपुर, डौरा कोचली और बलरामपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्राम पंचायतों में रेलवे सर्वेक्षण किया जाएगा।
हिंद स्वराष्ट्र कोसमांडा चित्रसेन चौहान : विमला इन्फ्रा स्ट्रक्चर (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड कोल वाशरी ग्राम- भूपदेवपुर तहसील- खरसिया रायगढ़ में लगभग 11 एकड़ जमीन पर फैला हुआ है। इस संयत्र के स्थापना के पूर्व छ.ग. पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा पर्यावरण प्रदूषण के रोकथाम के लिए ग्रीन बेल्ट के तहत 4 एकड़ भूमि पर वृक्षारोपण करना प्रस्तावित था किन्तु ऐसा कोई सकारात्मक प्रभाव देखने को नहीं मिलता। इसके विपरीत पेड़ पौधों पर और आस-पास के गावों पर काला डस्ट देखने को मिलता है। जब आम जनता मोटर साइकिल और अन्य वाहनों का प्रदूषण टेस्ट नहीं कराने पर चलान काटा जाता है उसी प्रकार ऐसे प्रदूषण फैलाने वाले संयत्र पर भी चलानी कार्यवाही के साथ साथ रोकथाम के उपाय करना चाहिए । सामाजिक और आर्थिक प्रभाव के तहत गावों में नियमित स्वास्थ जांच प्रस्तावित था, संयत्र लगने के बाद आस-पास के गावों का विकास होगा जैसे कोरी कल्पना कागज में ही सिमटा है। इसे धरातल पर साकार करना चाहिए ताकि जनता का सर्वांगीण विकास हो सके ।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 9 अप्रैल की रात को गांव के ही एक व्यक्ति ने घर में घुसकर किशोरी के साथ बलात्कार किया था। इसके बाद से वह सदमे में थी और खाना पीना छोड़ दी थी। 15 अप्रैल की सुबह उसने घर में फांसी लगा ली थी। परिजन ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान 16 अप्रैल की रात उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार किशोरी सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र की रहने वाली थी। 9 अप्रैल को वह अपने कमरे में सो रही थी। रात करीब 10 बजे गांव का ही राजेश साहू नामक युवक उसके कमरे में घुस गया। वह सो रही किशोरी को डराने धमकाने लगा। फिर युवक ने मुंह दबाकर किशोरी के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया।
इस दौरान किशोरी के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन कमरे से बाहर निकले तो युवक भागने लगा। परिजन ने उसे किशोरी के कमरे से भागते देखा। किशोरी से पूछे जाने पर उसने बलात्कार के बारे में परिजन को नहीं बताया। दूसरे दिन परिजन ने युवक के चोरी की नियत से घर में घुसने की बात की शिकायत रामानुजनगर थाने में कराई।
5 दिन बाद किशोरी ने बताई बलात्कार की बात इधर पीडि़ता घटना के बाद से शांत रहने लगी और खाना पीना नहीं खा रही थी। खाना पीना नहीं खाने व शांत रहने के कारण पूछे जाने पर 14 अप्रैल की शाम उसने युवक द्वारा बलात्कार किए जाने की जानकारी परिजन को दी। परिजन मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर ही रहे थे कि 15 अप्रैल की सुबह किशोरी ने घर में ही फांसी लगा ली।
फंदे से उताकर अस्पताल में कराया भर्ती परिजन किशोरी को फांसी पर लटका देख तत्काल उसे उतारे और इलाज के लिए रमानुजनगर अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान 16 अप्रैल की रात उसकी मौत हो गई। किशोरी के परिजनों ने आरोपी को फांसी दिए जाने की मांग की है।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : एक युवक को फेसबुक पर दोस्त बनी युवती से मिलना महंगा पड़ा। युवती उसके 70 हजार रुपए लेकर फरार हो गई। बताया कि बतौली निवासी एक युवक ग्राहक सेवा केंद्र में काम करता है। फेसबुक पर जशपुर की एक युवती से उसकी पहचान हुई। युवती से उसकी बातचीत होती थी। युवती ने शनिवार को अंबिकापुर में युवक को मिलने के लिए बुलाया। युवक ग्राहक सेवा केंद्र में रखे 70 हजार रुपए अपने पास रखा और वहां से बाइक में अंबिकापुर युवती के पास आ गया। युवती से मिलने के बाद युवक उसे अपने एक रिश्तेदार के घर शहर के नवागढ़ ले गया, वहां दोनों रात में एक साथ रहे। सुबह युवक नाश्ता लेने के लिए बाइक से शहर आया। इस बीच युवक के बैग में रहे 70 हजार रुपए लेकर युवती वहां से फरार हो गई। युवक लौटा तो युवती नहीं थी।
हिंद स्वराष्ट्र कुसमी पंकज कुमार गुप्ता : बलरामपुर जिले के कुसमी ब्लॉक के सोनपुर गांव के लोगो के साथ सरकार द्वारा वादा खिलाफी की जा रही हैं। विकास का झांसा देकर गांव के लोगो को गुमराह किया जा रहा हैं जिससे सोनपुर के निवासियों को बहुत ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगो को पानी लेने के लिए 4-5 किलोमीटर जंगल के भीतर ढोढी में जाना पड़ता हैं और गर्मी के दिनों में वहां का पानी भी सुख जाता है जिससे पेय जल की समस्या और भी विकराल रूप ले लेती हैं। 21 वी सदी में होने के बावजूद ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीने के लिए मजबूर हैं यहां न तो पीने के पानी की व्यवस्था हैं और न ही बिजली की। ग्राम वासियों और सरपंच द्वारा पानी और बिजली की मांग बार–बार किए जाने के बाद भी ग्रामीणों की समस्या का समाधान आज पर्यंत नहीं किया गया हैं।
हिंद स्वराष्ट्र मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां जिले के लोरमी में एक भाजपा नेता का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि लोरमी के गोल्हापारा में सड़क के किनारे भाजपा नेता शत्रुघ्न साहू का शव मिला है। मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी नेता शत्रुघ्न साहू रविवार की शाम से ही लापता थे। जिसके बाद आज उनका सड़क के किनारे शव मिला।
हिंद स्वराष्ट्र रायगढ़ : रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चुहकीमार में आज एक जंगली हाथी का शव मिला। गांव में हाथी का शव मिलने की जानकारी लगते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत हाथी के पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जंगली हाथी के मौत के कारणों का पता चल सकेगा। स्थानीय लोगों ने इसे करंट से शिकार किए जाने की आशंका जताई है। मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बनहर बीट में जंगली हाथी का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : एक युवती को उसके पसंद के लड़के का शादी से इंकार करना इतना नागवार गुजरा कि शनिवार की सुबह उसने कमरा बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दरअसल युवती पड़ोस में किराए के मकान में रहने वाले रिश्तेदार युवक से बातचीत करती थी। जब माता-पिता को ये बात पता चली तो उन्होंने युवक से पूछताछ की। युवक द्वारा प्यार व शादी से इनकार कर दिया गया जिसके बाद घरवालों ने युवती को डांट लगा दी। माता-पिता की डांट से नाराज युवती ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने युवती का शव फंदे से उतरवाकर पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना अंतर्गत शहर के मायापुर निवासी रश्मि खातून पिता अलिमुद्दीन 23 वर्ष पड़ोस के किराए के मकान में रहने वाले एक युवक से मोबाइल पर चोरी-छिपे बात करती थी। युवक उसका रिश्तेदार ही था। एक दिन युवती के माता-पिता ने उसे युवक से बात करते देख लिया और पूछताछ की तो उसने युवक का नाम बताया। शुक्रवार को युवती के माता-पिता युवक के पास पहुंचे और पूछा कि क्या वह उनकी लडक़ी से प्यार करता है और शादी भी करेगा। इसपर लडक़े ने इनकार कर दिया, उसने कहा कि न तो वह उससे प्यार करता है और न ही शादी करेगा। युवती ही उससे प्यार करती है और वह ही उससे बातचीत करती है।
माता-पिता ने बेटी को बताई सच्चाई युवक की बात सुनकर माता-पिता घर लौटे और शनिवार की सुबह बेटी को इस बात के लिए फटकार लगाते हुए कहा कि युवक उससे न तो प्यार करता है और न ही शादी करेगा। उन्होंने कहा कि वह अच्छा लडक़ा नहीं है। युवक द्वारा शादी से इंकार किए जाने की बात युवती बर्दास्त नही कर पाई और उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
फांसी पर लटकी मिली लाश युवती के पिता काम करने चले गए थे, जबकि मां घर पर थी। युवती जब काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो मां ने आवाज लगाई। कमरा नहीं खोलने पर मां ने खिडक़ी से देखा तो बेटी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। फिर उसने तत्काल अपने पति को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतरवाकर पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। पीएम पश्चात पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरु कर दी है।