हिंद स्वराष्ट्र लखनपुर : सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलदगी-चांदो मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 5 बजे दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दूसरी बाइक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चांदो निवासी देवधन दास (42 वर्ष, पिता दलवीर दास) अपनी पत्नी के साथ बाइक से लखनपुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलदगी-चांदो मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे बेंदोपानी निवासी दिलीप तिर्की की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण देवधन दास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी और दिलीप तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचे परिजन, छाया मातम
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत लखनपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया।
सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को मरच्यूरी में रखवा दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है।

