हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर किशन शाह : अमृत धारा महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित महोत्सव में उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा यादव और विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव कार्यक्रम स्थल से नाराज होकर लौट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृत धारा में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के अवसर पर जिला स्तरीय महोत्सव आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा यादव और विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव भी शामिल थे।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के दौरान उनकी गाड़ी को पुलिस द्वारा रोक दिया गया। इसी बात को लेकर नाराजगी सामने आई और प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर भी असंतोष जताया गया। इसी दौरान कथित तौर पर वाहन की नेम प्लेट हटाकर फेंकने की बात भी सामने आई और यह कहा गया कि “हमने अपने दम पर नाम कमाया है।”
घटना के बाद दोनों जनप्रतिनिधि कार्यक्रम छोड़कर वापस लौट गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अमृत धारा महोत्सव क्षेत्र में हर वर्ष महाशिवरात्रि पर विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होते हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम पर क्या स्पष्टीकरण देता है और भविष्य में प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

