हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : राज्य सरकार द्वारा कैबिनेट मीटिंग में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। एक और जहां बीएड धारी बर्खास्त शिक्षकों को पुनः नौकरी में रखने का निर्णय लिया गया है वहीं दूसरी ओर ई एवं टी संवर्ग के 2813 व्याख्याता पदोन्नति के बाद अब प्राचार्य बन गए हैं। हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में प्राचार्य के रिक्त पदों पर पदोन्नत प्राचार्यों की पदस्थापना काउंसलिंग के माध्यम से की जाएगी। प्राचार्य बनने के लिए व्याख्याताओं को लंबा इंतजार करना पड़ा, लेकिन अब उनके इंतजार की घड़ियां समाप्त हो गई है और स्कूल शिक्षा विभाग ने ई एवं टी संवर्ग के व्याख्याताओं को प्राचार्य के पद पर पदोन्नति का आदेश जारी कर दिया हैं।
जारी आदेश के अनुसार ई संवर्ग के 1478 व्याख्याता और टी संवर्ग में 1335 व्याख्याता पदोन्नत कर प्राचार्य बनाए गए हैं। पदोन्नत प्राचार्यों के पदस्थापना आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। उक्त पदोन्नति हाईकोर्ट में दायर याचिकाओं में पारित अंतिम आदेश के अध्यादिन होगी। हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में प्राचार्य के रिक्त पदों पर पदोन्नत प्राचार्यों की पदस्थापना काउंसलिंग के माध्यम से की जाएगी। शासन ने पदस्थापना हेतु काउंसलिंग के लिए संचालक लोक शिक्षण संचालनालय को अधिकृत किया गया है।
