हिंद स्वराष्ट्र मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB)कोटाडोल : एमसीबी जिले के कोटाडोल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मनियारी में वन्य प्राणी के हमले में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई है। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मनियारी निवासी 14 वर्षीय रेखा 18 नवंबर को अपने माता-पिता के साथ खेत में धान की कटाई करने गई थी। काम समाप्त होने के बाद देर शाम करीब 7 बजे सभी लोग घर लौट रहे थे। इस दौरान किशोरी के माता-पिता आगे चल रहे थे और रेखा पीछे से आ रही थी। इसी बीच अचानक किसी वन्य प्राणी ने उस पर हमला कर दिया।
किशोरी के शोर मचाने पर जब तक माता-पिता मौके पर पहुंचते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शाम को अंधेरा होने के कारण माता-पिता व अन्य लोग हमलावर वन्य प्राणी को देख नहीं सके। बताया जा रहा है कि घटना के अगले दिन पीड़ित परिवार ने कोटाडोल थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई और वन विभाग को भी घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन अमले ने घटनास्थल से मिले पगमार्क की तस्वीरें लेकर मनेंद्रगढ़ डीएफओ और गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व, बैकुंठपुर के संचालक को भेजी हैं। हालांकि, पगमार्क पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। चूंकि घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में कुछ दिन पहले बाघ के विचरण की चर्चा थी, ऐसे में ग्रामीणों व स्थानीय स्तर पर बाघ के हमले की आशंका जताई जा रही है।
“घटनास्थल रेगुलर वन परिक्षेत्र कोटाडोल के अंतर्गत आता है। वहां से पगमार्क की जो फोटो भेजी गई है, वह स्पष्ट नहीं है। परीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। यह तेंदुए का पगमार्क भी हो सकता है।”
–श्वेता कंबोज, संचालक, गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व, बैकुंठपुर।
फिलहाल वन विभाग पगमार्क और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर यह पुष्टि करने में जुटा है कि किशोरी पर किस वन्य प्राणी ने हमला किया था। वहीं, इस घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।





