Home अपराध दो व्यापारियों के यहां चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार…

दो व्यापारियों के यहां चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार…

0

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/ मनेंद्रगढ़ किशन शाह : मनेन्द्रगढ़ शहर में दो व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की घटनाओं का सिटी कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार बड़े मोटर पंप और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला 24 अक्टूबर 2026 का है। पेण्ड्रा दफाई निवासी हसन (40 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी स्टेशनरी दुकान की छत की शीट निकालकर अज्ञात चोरों ने 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। इस मामले में सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में अपराध क्रमांक 262/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वहीं, दूसरा मामला 12 नवंबर 2026 का है। स्टेट बैंक के पीछे रहने वाले मोती उर्फ रहमान (46 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ग्लास निर्माण की अंडरग्राउंड फैक्ट्री से अज्ञात चोर चार बड़े मोटर पंप चोरी कर ले गए हैं। इस मामले में अपराध क्रमांक 290/2026 दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।
दोनों मामलों की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में स्टेशनरी दुकान से नकदी चोरी करने के मामले में आरोपियों ने वारदात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चोरी की गई 40 हजार रुपये की रकम दोनों ने आपस में 20-20 हजार रुपये बांट ली थी और उसका अधिकांश हिस्सा खाने-पीने में खर्च कर दिया था। आरोपियों के पास से मिले 5 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।
इसी तरह ग्लास फैक्ट्री से चार बड़े मोटर पंप चोरी करने के मामले में भी पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए चारों मोटर पंप बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल कुल चार आरोपियों को 16 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, PSI विकास देवांगन, PSI भरत यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील: जिला एमसीबी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here