हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : साइबर ठगी से जुड़ी करोड़ों रुपये की संदिग्ध लेनदेन के मामले में सूरजपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतों के आधार पर की गई जांच में इस बैंक खाते के जरिए 1,13,32,09,604 रुपये (113 करोड़ रुपये से अधिक) की ठगी की रकम का लेनदेन सामने आया है।
कैसे खुला मामला?
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल (JCC TMS) के माध्यम से विभिन्न बैंकों में संचालित संदिग्ध खातों की सूची प्राप्त होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की सूरजपुर शाखा में ‘डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन’ के नाम से पंजीयन कराकर खाता खुलवाया था। खाते की केवाईसी (KYC) और बैंक स्टेटमेंट की पड़ताल में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ।
जांच के बाद थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत बीएनएस की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
कमीशन के बंटवारे का खुलासा
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर मामले की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि 23 अप्रैल 2025 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में लगभग 13 करोड़ रुपये की ठगी की रकम का लेनदेन हुआ। इसमें से 13 लाख रुपये कमीशन के रूप में मिले, जिसे आरोपी जिशान खान ने चेक और एटीएम के जरिए निकाला।
पुलिस जांच के अनुसार, कमीशन की रकम का बंटवारा इस प्रकार हुआ:
देवनारायण चक्रधारी: 8 लाख रुपये
जिशान खान: 2.5 लाख रुपये
अमन पासवान: 2 लाख रुपये
आरोपियों ने पूछताछ में यह रकम खर्च कर देना बताया है। इससे पहले मुख्य आरोपियों में शामिल देवनारायण चक्रधारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान (अभियोग पत्र) पेश किया जा चुका है।
दो गिरफ्तार, एक आरोपी की तलाश जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में सूरजपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर दो आरोपियों को दबोचा:
1. अमन पासवान (उम्र 32 वर्ष), पिता श्रीराम पासवान, निवासी पंखानजूर, जिला कांकेर।
2. जिशान रजा (उम्र 30 वर्ष), पिता रियाजुल खान, निवासी नावापारा, सूरजपुर।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, एसआई सकलूराम भगत और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।








