नई दिल्ली से खड़गवां तक गूंजा टीबी मुक्त भारत का संदेश, 177 ग्राम पंचायतों का सम्मान…

0

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/मनेंद्रगढ़ किशन शाह : सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पंचायत मैदान खड़गवां में टीबी मुक्त भारत अभियान, जोश (JOSH) टीम लॉन्च एवं टीबी मुक्त विकासखंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नई दिल्ली के भारत मंडपम से जोश टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान एमसीबी जिले की 199 ग्राम पंचायतों में से 177 ग्राम पंचायतों के टीबी मुक्त होने की उपलब्धि पर संबंधित सरपंचों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने टीबी उन्मूलन के लिए समय पर जांच, नियमित उपचार और पोषण को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी की भूमिका अहम है और युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए जोश टीमों की शुरुआत की गई है।
कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की मौजूदगी में नई दिल्ली से हुए राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। पहले चरण में देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में जोश टीमों की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य युवाओं के माध्यम से टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संभावित मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार से जोड़ना है।
एमसीबी जिले की 177 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज श्रेणी में गांधी प्रतिमा तथा शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 30,267 निक्षय मित्र बनाए गए हैं तथा 1.43 लाख से अधिक पोषण आहार वितरित किए जा चुके हैं। वहीं 24 लाख से अधिक लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई है। उन्होंने कहा कि खड़गवां, सोनहत, बतौली और घरघोड़ा विकासखंड टीबी मुक्त हुए हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, छड़ी और चश्मे वितरित किए गए। नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने टीबी जागरूकता पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर समय पर जांच, नियमित दवा सेवन, पोषण और सामाजिक भेदभाव दूर करने का संदेश दिया।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि टीबी मुक्त एमसीबी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पंचायतों, स्वास्थ्य विभाग, युवाओं और ग्रामीण समुदाय की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सरपंच-सचिवों से ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जनपद अध्यक्ष खड़गवां श्याम बाई मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here