सेमीघोघरा के जंगल में 6 फीट तक खुदा गड्ढा, नहीं मिला कुछ,सफेद कपड़ा और बोलेरो से आए दो युवकों को देख ग्रामीणों में फैली थी दहशत; तहसीलदार की मौजूदगी में हुई खुदाई से समाप्त हुआ सस्पेंस…

0

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर :  सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र (ग्राम पंचायत सानीबर्रा) स्थित सेमीघोघरा के जंगल में दो दिनों से बना रहस्यमयी सस्पेंस आखिरकार समाप्त हो गया हैं। जंगल में किसी व्यक्ति या संदिग्ध वस्तु को दफन किए जाने की आशंका के बाद रविवार को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस और प्रशासन की टीम ने गड्ढे की खुदाई करवाई। करीब 6 फीट गहरा गड्ढा खोदने के बाद भी जब अंदर कुछ नहीं मिला, तब प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
क्या था पूरा मामला?
घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने एक सफेद बोलेरो देखी। उसमें से फावड़ा लेकर उतरे दो युवकों ने जंगल में एक जगह खुदाई की। शुरुआत में ग्रामीणों ने इसे सामान्य समझा और लगा कि वे छुही मिट्टी निकालने आए होंगे। हालांकि, युवकों के जाने के बाद जब ग्रामीणों ने देखा तो वहां ताजी मिट्टी से ढका गड्ढा मिला, जिसके बाहर एक सफेद कपड़ा दिखाई दे रहा था। इससे इलाके में मर्डर या किसी संदिग्ध वस्तु को दफनाने की अफवाहें फैल गईं।
रातभर पहरेदारी के बाद सुबह हुई खुदाई
सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस शनिवार शाम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण पुलिस ने रात में खुदाई कराने के बजाय गड्ढे की सुरक्षा के लिए रातभर मौके पर पहरा दिया, ताकि कोई साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न कर सके।
अगले दिन रविवार को तहसीलदार तारा सिदार और पुलिस टीम की मौजूदगी में ग्रामीणों के सामने गड्ढे की खुदाई शुरू की गई। जैसे-जैसे मिट्टी हटाई जा रही थी, ग्रामीणों और अधिकारियों की उत्सुकता बढ़ती जा रही थी। हालांकि, 6 फीट तक खुदाई के बाद भी अंदर कोई शव या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
पुलिस और प्रशासन की अपील
गड्ढे से कुछ न मिलने पर सभी प्रकार की अटकलों पर विराम लग गया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी घटनाओं को लेकर बिना पुष्टि के अफवाहें न फैलाएं। साथ ही, सुनसान इलाकों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here