वडनगर से वाराणसी जा रही बाइक यात्रा का छत्तीसगढ़ की सीमा में स्वागत…

0

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/मनेंद्रगढ़ किशन शाह: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तरप्रदेश) तक निकाली जा रही बाइक यात्रा का छत्तीसगढ़ की सीमा में आत्मीय स्वागत किया गया।
मनेंद्रगढ़ से जिला कोरिया की ओर बढ़ रहे बाइक यात्रियों से कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, एमसीबी जिला भाजपा अध्यक्ष  चंपा देवी पावले एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने बाइक यात्रियों से यात्रा के संबंध में जानकारी ली और उनकी आगामी यात्रा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बाइक रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक निकाली जा रही है।
बाइक यात्रा के छत्तीसगढ़ प्रवेश द्वार पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, एमसीबी जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले एवं पार्टी के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा को कोरिया जिले की सीमा तक पहुंचाया गया।
इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे। बाइक यात्रियों के उत्साह और समर्पण को अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here