नागपुर चौकी की बड़ी कार्रवाई, 9 क्विंटल 19 किलो गांजा जब्त 6 आरोपी  गिरफ्तार…

0

हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी/ मनेंद्रगढ़ किशन शाह : जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नागपुर चौकी पुलिस ने एनएच-43 पर कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर दो पिकअप वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा और पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नागपुर चौकी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 147/2026 में धारा 20(बी), 2(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये तथा दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। कुल जब्ती करीब 4 करोड़ 69 लाख 50 हजार रुपये की है।
प्रारंभिक पूछताछ में गांजा ओड़िशा से मध्यप्रदेश ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब गांजे के स्रोत, सप्लायर, परिवहनकर्ता और अंतिम गंतव्य की जानकारी जुटाने के साथ तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
मामले में ओड़िशा और मध्यप्रदेश के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण की End-to-End विवेचना जारी है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह, एएसआई रामकृपाल सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here