हिंद स्वराष्ट्र जनकपुर गणेश तिवारी : अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमेश बरैया पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ए० टोप्पो के मार्गदर्शन पर थाना जनकपुर क्षेत्र में असामाजिक एवं अपराधीक गतिविधियों पर सक्त अंकुश लगाये जाने हेतु लगातार वैधानिक कार्यवाही किये जाने का निर्देश दिया गया है जिसके परिपालन में लगातार कार्यवाहियां की जा रही है जिस तारतम्य में दिनांक 29.01.2024 को मुखबीर से प्राप्त इस सुचना पर की कुछ मवेशी तस्कर कृषक पशुओं भैस-भैसा पड़वा लगभग 30 रास को तस्करी करते हुए छ०ग० से मध्यप्रदेश की ओर पैदल ले जा रहे है जो लगातार उक्त मवेशीयों को हाक कर कुरुता पूर्वक मारते पीटते ले जा रहे है जिन्हें उत्तर प्रदेश उन्नाव के बुचड खाना ले जाने की तैयारी है कि उक्त सूचना पर टीम गठित कर, पुलिस बल ग्राम अक्तवार एवं ग्राम च्युल के शरहदी क्षेत्र रांपा नदी के किनारे जंगल में घेरा बंदी कर पकडा गया तो आरोपी रामशरण यादव पिता गोपाल यादव उम्र 40 साल सा० लावाहोरी थाना कोटाडोल, बीरभान यादव पिता गोपाल यादव उम्र 40 साल सा० लावाहोरी थाना कोटाडोल, राजरूप जायसवाल पिता सुखलाल जायसवाल उम्र 38 साल सा० कदरवार थाना मझौली चौकी मडवास जिला सीधी म०प्र०, अर्जुन सिंह पिता सुमेर सिंह उम्र 37 साल सा० गिधेर थाना कोटाडोल जिला एम०सी०बी० (छ०ग०) मिले जिनके पास से 30 रास मवेशी जिसमें 19 रास पडवा 09 रास भैसी 02 रास पडिया कुल किमती 3,00,000 रुपये के मवेशी एवं आरोपीयों के जमा तलासी से 30,000 रुपये नगदी रकम जप्त किया गया है.
56 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव का ऐलान..
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : देश के 15 राज्यों की 56 राज्यसभा की खाली होने वाली सीटों के लिए चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया गया हैं। इन सीटों के लिए चुनाव 27 फरवरी को होंगी। चुनाव आयोग ने सोमवार को यह घोषणा की। इन 56 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल 2024 को समाप्त हो जाएगी।

कोल और लिकर के बाद इन दो मामलों में भी ED ने दर्ज करवाई एफआईआर…भगत, लखमा समेत कई नेताओं, अधिकारियों के विरुद्ध दर्ज हो चुकी हैं FIR….
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ में कोयला घोटाले और शराब घोटाले के बाद अब दो और अन्य मामलों में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले की जांच कर रही ED (प्रवर्तन निदेशालय) ने एसीबी (Anti Corruption Bureau) में एफआईआर दर्ज कराई थी कोल और शराब घोटाले के मामलों को लेकर। अब चावल और डीएमएफ में भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
ऐसे में अब पूर्व की सरकार में रहे कुछ बड़े नेता और मंत्री भी इसकी जद में आ सकते है। वही अगर मामले के बारे में बात करें तो ईडी ने दावा किया था कि छत्तीसगढ़ ‘मार्कफेड’ के पूर्व प्रबंध निदेशक और एक स्थानीय चावल मिल मालिक एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने ‘ऊंचे पदों पर बैठे लोगों के फायदे’ के लिए 175 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी। डीएमएफ फंड घोटाले में एफआईआर नंबर 01/2024 में धारा- 120-B-IPC, 409-IPC, 13(2)-PRE, 13(1)(a)-PRE और चावल घोटाले में 02/2024 में धारा 120-B-IPC, 420-IPC, 12-PRE के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की शिकायत पर कथित कोयला लेवी और शराब घोटालों के संबंध में दो एफआईआर दर्ज की थी। दरअसल, ईडी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की पहलू से जांच कर रही है, बता दें कि इस FIR में कई कांग्रेस नेताओं सहित 70 लोगों के नाम शामिल हैं। जबकि 35 लोगों को कथित कोयला लेवी घोटाले में नामित किया गया है।
इन पर दर्ज हुई FIR
कोयला लेवी घोटाले मामले में दर्ज FIR में 35 आरोपियों में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक यू.डी. मिंज, गुलाब कमरो, चंद्रदेव प्रसाद राय, शिशुपाल सोरी और बृहस्पत सिंह, IAS अधिकारी समीर बिश्नोई और रानू साहू समेत मुख्यमंत्री कार्यालय में तत्कालीन उप सचिव सौम्या चौरसिया शामिल हैं।
जबकि शराब घोटाले मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड, कांग्रेस नेता अनवर ढेबर और अन्य 70 लोगों और कंपनियों को नामित किया गया है।
रोजगार सहायक का कारनामा हितग्राहीयों के खाते से पैसे निकाल किए हजम…
हिंद स्वराष्ट्र भरतपुर गणेश तिवारी : रोजगार सहायक ने फर्जीवाड़ा कर हितग्राही के खाते से निकला रुपए कई सालों से हितग्राही शासन प्रशासन से अपने न्याय के लिए लगातार गुहार लगाते हुए नजर आ रहा है। लेकिन भरतपुर स्थानीय शासन प्रशासन के ओर से अभी तक कोई किसी भी तरह की कार्यवाही नहीं की जा रही है।
आपको बता दें की पूरा मामला भरतपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत जोईली में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी है जहां रोजगार सहायक रमाकांत यादव के द्वारा किसी अन्य व्यक्ति को बैंक काउंटर में खड़ा करके राम कृपाल बैगा और भी कई हितग्राहियों के खाते से फर्जी ट्रैवल भरकर ₹25000 -25000 निकाल लिया गया है और जब इसकी जानकारी रामकृपाल बैगा को मिला तो उन्होंने रोजगार सहायक रमाकांत यादव से बात करने का प्रयास किया लेकिन रोजगार सहायक बात करने से मुकर रहे थे जिसको लेकर हितग्राही रामकृपाल बैगा ने थाना एवं भरतपुर एसडीएम को लिखित सूचना दी लेकिन फिर भी अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। और जब इस संबंध में मीडिया की टीम भरतपुर एसडीएम से बातचीत कि तो उन्होंने बताया कि जांच टीम तैयार किया जा रहा है बहुत जल्दी जांच कार्यवाही की जाएगी लेकिनअब देखने वाली बात यह होगी कि भरतपुर शासन प्रशासन की ओर से क्या कुछ कार्रवाई होता है या फिर इसी कागजों तक ही सीमित रहेगी।
विधायक रेणुका सिंह की अफसरों को हिदायत, मैं गरीबों के लिए हूं, भेदभाव होगा तो कभी बर्दास्त नही करूंगी….
हिंद स्वराष्ट्र मनेन्द्रगढ़ : मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भरतपुर-सोनहत से बीजेपी विधायक रेणुका सिंह ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि जो अधिकारी मेरे आदेश की अवहेलना करेगा, उसको मैं कभी माफ नहीं करूंगी। दरअसल, विधायक रेणुका सिंह ने यह बयान तब दिया, जब वह अपने विधानसभा क्षेत्र के केल्हारी में पहुंची थी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं जनता के लिए हूं। मैं गरीबों के लिए हूं। किसी भी जनता के साथ शासन की योजनाओं को लेकर भेदभाव होगा और अनदेखी होगी तो रेणुका सिंह कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे मेरी यही प्राथमिकता होगी। गौरतलब है कि रेणुका सिंह अपने बयानों और कार्यशैली को लेकर चर्चा में रहती है। रेणुका सिंह विधानसभा चुनाव के दौरान भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रही है।
सड़क हादसे में मृत हुए परिजनों को विधायक ने दिया सहायता राशि का चेक
गत दिवस सड़क हादसे का शिकार हुई भरतपुर विकासखंड के शेरी ग्राम पंचायत के 10 साल की बच्ची अनन्या भुरतिया की मौत के बाद मृतकों के परिजनों को भरतपुर सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने तहसीलदार भरतपुर की मौजूदगी में आपदा राहत कोष से 25 हजार रुपये की सहायता प्रदान की। विधायक रेणुका सिंह ने मृतिका के पिता रोहणी प्रसाद भुरतिया और माँ गीता भुरतिया के अलावा परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा ऐसे हादसों पर शासन गंभीर है और तत्काल सहायता प्रदान कराया जा रहा है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा ऐसे हादसों पर बिना किसी भेदभाव के प्रशासन तत्काल सहायता प्रदान करने की कार्रवाई पूरा करें। साथ ही विधायक रेणुका सिंह ने इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों से हादसे के बारे में जानकारी ली। विधायक ने इस दौरान सड़क पर जल्द जल्द से ब्रेकर बनाने के निर्देश तहसीलदार भरतपुर को दिए। इस दौरान जनपद पंचायत भरतपुर अध्यक्ष राजकुमारी बैगा व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
भावुक हुई रेणुका सिंह
बीते दिनों जनकपुर तिराहे में बस हादसे का शिकार हुए मृतकों के घर भी विधायक रेणुका सिंह पहुंची। यहां मृतकों के परिजनों से मुलाकात के दौरान विधायक रेणुका सिंह भावुक हो गई और उनके आंखों में आंसू छलक पड़े। इस दौरान विधायक रेणुका सिंह ने प्रशासन को जल्द से जल्द मृतकों के परिजनों को सहायता राशि मुहैया कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ छत्तीसगढ़ में जारी किया मुख्यमंत्री का नंबर आम नागरिक भी कॉल कर ले सकते हैं मिलने का समय…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके राजधानी रायपुर स्थित निवास कार्यालय में मुलाकात के लिए दूरभाष और ईमेल पर समय लिया जा सकता है। इसके लिए सीएमओ छत्तीसगढ़ द्वारा दो मोबाइल नंबर और एक टेलीफोन नंबर जारी किया हैं। इन नंबरों पर कॉल करके मुख्यमंत्री से मिलने का समय लिया जा सकता है। आगंतुकों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री निवास कार्यालय द्वारा दो मोबाइल नंबर 7024529444, 7024826444 तथा दूरभाष नम्बर 0771-2331001 जारी किया गया है। इसके अलावा ईमेल के पते cgcmo2023@gmail.com पर मेल भेजकर भी मुलाकात के लिए समय लिया जा सकता है।
झंडा फहराने को लेकर विवाद: पार्षद समेत 4 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : 26 जनवरी को झंडा फहराने को लेकर हुए विवाद में भाजपा पार्षद व उनके 3 अन्य साथियों ने देर रात 15-20 साथियों के साथ एक नर्स के घर में घुसकर उसकी व उसके बेटे की पिटाई कर दी। घटना के बाद मामला थाने तक पहुंच गया। जिसके बाद आरोपियों ने थाने में भी जमकर हंगामा मचाया। नर्स की रिपोर्ट पर पुलिस ने भाजपा पार्षद व उसके 3 साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। वही अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के घुटरापारा पुराना पानी टंकी चौक निवासी निशा सोनी पति संतोष सोनी द्वारा स्व. लरंगसाय वार्ड क्रमांक 23 घुटरापारा निवासी भाजपा पार्षद सिकंदर जायसवाल व उसके साथियों के खिलाफ घर में घुसकर उससे व उसके बेटे के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नर्स के अनुसार वह जन अधिकार परिषद नामक संस्था की सदस्य है तथा हर साल 15 अगस्त व 26 जनवरी को मोहल्ले के सोसायटी के पास चबूतरा बनाकर झंडा फहराती है। 26 जनवरी को भी झंडा फहराने पहुंची तो देखा कि पहले से झंडा फहरा हुआ है। मोहल्ले के ही कन्हैया बघेल द्वारा वहां झंडा फहराया गया था। जब उसने कन्हैया से पूछा तो वह उससे विवाद करने लगा कि वह किस हैसियत से झंडा फहराती है। जब उसने संस्था का सदस्य होने की बात कही तो वह विवाद करने लगा। जब उसने विरोध किया तो उससे व उसके बेटे साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। इसी विवाद को लेकर रात करीब 9 बजे भाजपा पार्षद सिंकदर जायसवाल, कन्हैया बघेल, आकाश गुप्ता उर्फ टिंकू, अजय सारथी समेत 15-20 लोग दरवाजा तोडक़र उसके घर में घुस आए और उससे तथा उसके बेटे से गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्के से उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपियों द्वारा महिला के बेटे को अपने साथ उठा कर ले जाया गया, जिसे पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस ने छुड़ाया। नर्स के घर पहुंची पुलिस की पेट्रोलिंग टीम से भी पार्षद व उसके साथियों द्वारा विवाद किया गया।
नर्स की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 294, 323, 506, 34 व 452 के तहत अपराध दर्ज कर पार्षद सिकंदर जायसवाल, कन्हैया बघेल, आकाश गुप्ता उर्फ टिंकू तथा अजय सारथी को गिरफ्तार किया है, वहीं अन्य साथियों की तलाश जारी है।
दूसरे की जमीन को अपना बताकर आरोपियों ने बेच दी जमीन, 3 आरोपी गिरफ्तार…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : फर्जी एग्रीमेंट पेपर के माध्यम से धोखाधड़ी कर ठगी के मामले मे सरगुजा पुलिस को 3 आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की हैं। पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देश पर थाना कोतवाली पुलिस टीम ने इन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं।
आरोपियों द्वारा दूसरे की जमीन कों अपना बताकर कुटरचित अनुबंध तैयार कर प्रार्थी से 2 लाख तीस हजार रुपयों की ठगी की गई थी। अपराधियों द्वारा पीड़ित को घुटरापारा स्थित भूमि कों दिखाकर 230000/- रुपये मे 2 डिसमिल जमीन विक्रय करने की बात बताई गई थी और नगद पैसे देकर कोर्ट मे उपस्तिथ होकर आरोपियों के साथ एग्रीमेंट किया गया था अनुबंध मे आरोपियों द्वारा छलपूर्वक खसरा नंबर और रकबा नंबर नही लिखा गया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित द्वारा जमीन रजिस्ट्री हेतु आरोपियों पर दबाव बनाया जाने लगा इस पर जमीन रजिस्ट्री की बात से आरोपियों द्वारा टाल मटोल किया जाना लगा जिसपर पीड़ित को आरोपियों पर शक होने पर उक्त जमीन के सम्बन्ध मे पता करने पर उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर होना पाया गया। जिसपर पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली मे अपराध दर्ज करवाया। अपराध पंजीबद्ध होने के बाद कोतवाली पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों (01) मोजिब अंसारी पिता अजीजुल अंसारी उम्र 38 वर्ष निवासी घुटरापारा थाना कोतवाली अम्बिकापुर (02) मो. हासिम उर्फ बुधु पिता स्व. अनवर अली उम्र 45 साल सा. मायापुर थाना कोतवाली अम्बिकापुर (04)मो. मुतुर्जा अली पिता सईद अली उम्र 62 साल निवासी गुरुद्वारा वार्ड थाना कोतवाली अम्बिकापुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा धोखाधड़ी कर ठगी की बात को स्वीकार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा मे भेजा गया हैं।
प्रकाश सिंह राजपूत होंगे अंबिकापुर के नए निगम आयुक्त…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय द्वारा आज 2 अलग आदेश जारी कर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन द्वारा प्रकाश सिंह राजपूत को अपर कलेक्टर खैरागढ़–छुईखदान–गंडई से स्थानांतरित करते हुए आयुक्त नगर पालिक निगम अंबिकापुर के पद पर पदस्थ किया गया है। वही अंबिकापुर निगम आयुक्त अभिषेक कुमार को सीईओ जिला पंचायत जशपुर के पद पर पदस्थ किया गया हैं।
देखें आदेश :


वन विभाग परिसर में चल रहा था शराब निर्माण का अवैध कारोबार, ग्रामीणों की सतर्कता से हुआ मामले का खुलासा…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : शहर सीमा से लगे ग्राम सकालो में वन विभाग के विश्राम गृह परिसर में ग्रामीणों ने शराब निर्माण की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया हैं। ग्रामीणों ने मौके से हाईटेक तकनीक से देशी महुआ शराब बनाने के सामान बरामद किए हैं। मौके से लगभग चार सौ लीटर देशी महुआ शराब, एक हजार किलो महुआ लहान के साथ छोटी-बड़ी दर्जनों पानी की टँकिया, जरीकेन,पंप, पाइप, गुड,सौंफ़ सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। इस मामले में चार संदिग्धों को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इन लोगों पर गांव में चोरी और चोरी के सामान खपाने का भी आरोप है। गांधीनगर पुलिस सामानों की जब्ती के साथ संदिग्धों से पूछताछ भी कर रही हैं।मिली जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सकालो व आसपास के क्षेत्र में चोरी की छोटी बड़ी घटनाएं हो रही थी। इसमें एक संदिग्ध का नाम सामने आया था। उसकी खोजबीन में गांववाले लगे हुए थे। सकालो में वन विभाग का एक विश्राम गृह (रेस्ट हाउस) है। उसी क्षेत्र में संदेही के होने की संभावना पर गांववाले वहां पहुंच गए। रेस्ट हाउस के पीछे एक झोपड़ी थी जिसे मिट्टी से लेप कर मकान बनाया जा रहा था। गांववाले जब वहां पहुंचे तो महुआ शराब का अवैध फैक्टरी मिला। बड़े-बड़े ड्रम,पानी की टँकी तथा बर्तनों में भरकर रखे शराब को देखकर सभी अवाक रह गए। आरोपियों द्वारा मौके पर पूरा हाईटेक सिस्टम लगाया गया था। 400 लीटर देशी महुआ शराब के साथ लगभग 1000 किलो महुआ भीगा कर रखा गया था। सूचना पर सीएसपी स्मृतिक राजनाला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टुल्लू पंप, जरीकेन, ब्लोअर, एक दर्जन विभिन्न आकार के पानी टंकी, पंखा सहित भारी मात्रा में सामान मिला। मौके से 4 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
वन विभाग के परिसर का हो रहा था उपयोग लेकिन वन विभाग को नहीं लगी खबर
प्रतापपुर मुख्य मार्ग के किनारे वन विभाग के विश्रामगृह के बगल में ही देशी शराब निर्माण की फैक्ट्री चल रही थी। वन विभाग के परिसर का उपयोग इस अवैध धंधे के लिए किया जा रहा था। उक्त रेस्ट हाउस में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का भी आना-जाना लगा रहता था बावजूद इसके परिसर में अवैध झोपड़ी निर्माण कर उसमे अवैध शराब निर्माण का खेल चल रहा है जिसकी भनक भी किसी को नहीं लग पाई। ऐसे में वनविभाग के कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही हैं।
नवजात के मौत के बाद एएसआई ने परिजनों से वसूले 9 हजार, निलंबन के साथ विभागीय जांच शुरू…
हिंद स्वराष्ट्र बलरामपुर : बलरामपुर-रामानुजनगर जिले में पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। जहां रघुनाथनगर थाने के एक एएसआई ने 2 महीने पहले हुई नवजात बालिका की मौत के मामले में पिता को कार्रवाई की धमकी देते हुए 9 हजार रुपए वसूल लिए। एएसआई ने कहा कि उसकी पत्नी ने ज्यादा दूध पिलाया था, इस कारण नवजात की हार्ट अटैक से मौत हुई है। मामला उजागर होने पर जहां एएसआई ने पीड़ित को 9 हजार रुपए लौटा दिए। रुपए वापस लौटाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं एसपी ने एएसआई को निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दे दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरनो निवासी संतोष कुशवाहा के नवजात बालिका की 2 माह पहले वाड्रफनगर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले में वाड्रफनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अधिक दूध पिलाने के कारण हृदयाघात से हुई मौत का जिक्र आया। इसके बाद वाड्रफनगर पुलिस ने डायरी रघुनाथनगर थाने में भेज दी। लेकिन कुछ दिनों बाद रघुनाथनगर थाने में पदस्थ नगर सैनिक आशुतोष उपाध्याय बार-बार पीडि़त परिवार से पैसे की मांग करने लगा। पैसे नहीं देने जाने पर नगर सैनिक अपने साथ एक एएसआई जाबलुन कुजूर को साथ लेकर पीडि़त संतोष कुशवाहा के घर पहुंच गया। इसके बाद संतोष को थाने में बुलाकर उससे 20 हजार रुपए की मांग कर दी। पीड़ित ने पुलिस के दबाव में आकर 9 हजार रुपए दे दिए बाकि के पैसे दूसरे दिन देने की बात कही थी। लेकिन यह मामला मीडिया में आ गई और मीडिया के दबाव में आकर एएसआई ने पीड़ित के पैसे लौटा दिए। पैसे लौटाने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया हैं।
राइस मिल से धान की अवैध बिक्री, राइस मिल सील…
हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : समर्थन मूल्य में धान खरीदी के अंतिम दिनों में प्रशासन द्वारा कोचियों-बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर विलास भोस्कर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की टीम द्वारा लगातार जांच कर सख्ती के साथ अवैध धान भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर कार्रवाई जारी है।
इसी कड़ी में सोमवार को गोपनीय सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम विकासखंड सीतापुर के ग्राम पंचायत देवगढ़ के सतीश अग्रवाल द्वारा संचालित मेसर्स जय हनुमान राइस मिल पहुंची। प्राप्त सूचना के आधार पर जांच पश्चात किसानों को धान बेचने की शिकायत सही पाए जाने पर राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। जिला खाद्य अधिकारी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया है कि मिलर्स पर छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 एवम आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कठोर कार्यवाही की जाएगी।
जांच में जिला खाद्य अधिकारी रविंद सोनी, जिला विपणन अधिकारी अरुण विश्वकर्मा, सहायक खाद्य अधिकारी रोशन गुप्ता, नोडल अधिकारी स्टेट वेयरहाउसिंग संदीप गुप्ता उपस्थित थे।
भारतीय सैन्यबलों में अग्निवीर भर्ती हेतु ऑनलाईन आवेदन आरंभ…
हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : भारतीय सैन्यबलों में अग्निवीर भर्ती हेतु ऑनलाईन आवेदन की प्रकिया आरंभ हो गई है। उपसंचालक रोजगार ने बताया कि भारतीय वायु सेना में अग्निवीर भर्ती हेतु ऑनलाईन पंजीयन 17 जनवरी से शुरू हो गया है पंजीयन हेतु पोर्टल 6 फरवरी तक खुला रहेगा। ऐसे आवेदक जिनका जन्म 02 जनवरी 2004 और 02 जुलाई 2007 (दोनों तिथियों का सम्मिलित ) के मध्य हुआ हो ऑनलाईन आवेदन हेतु पात्रता रखते है। विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाईन आवेदन हेतु वेबसाईट http://agnipathvayu.cdac.in का उपयोग कर सकते है। भर्ती हेतु आवेदन किसी भी मान्यता प्राप्त संस्था अथवा बोर्ड से गणित, भौतिक और अंग्रेजी विषय में 50 प्रतिशत अंकों के साथ या इंजीनियरिंग में 3 वर्ष का डिप्लोमा। किसी भी मान्यता प्राप्त संस्था से 50 प्रतिशत अंको के साथ जिसमें अंग्रजी विषय में 50 प्रतिशत अंको के साथ, साइंस विषय के अलावा अन्य विषय किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10+2 या समकक्ष परीक्षा 50 प्रतिशत अंको के साथ जिसमें अंग्रजी विषय में 50 प्रतिशत अंको के साथ उत्तीर्ण आवेदक पंजीयन करा कसते है।
इसी प्रकार भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती 2024 हेतु ऑनलाईन पंजीयन एवं आवेदन करने की तिथि 08 फरवरी से 21 मार्च 2024 तक निर्धारित है। इस हेतु इंडियन आर्मी की वेबसाईट www.joinindianarmy.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं। भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती हेतु आवेदकों की अर्हता अग्निवीर सामान्य ड्यूटी में 10वीं कक्षा 45 प्रतिशत अंकों से (प्रत्येक विषय में 33 अंक), ग्रेडिंग सिस्टम होने पर 10वीं कक्षा में सी ग्रेड एवं प्रत्येक विषय में कम से कम से डी ग्रेड, जिन आवेदकों के पास लाईट मोटर व्हीकल का ड्राइविंग का लायसेंस होगा, उन्हें ड्राइवर के पद पर प्राथमिकता दी जायेगी।
इसी तरह अग्निवीर टेक्निकल में 12वीं कक्षा (भौतिक, रसायन, गणित एवं अंग्रेजी के साथ 50 प्रतिशत के साथ उत्तीर्ण प्रत्येक विषय 40 प्रतिशत अंक अनिवार्य, मान्यता प्राप्त संख्या से आईटीआई/डिप्लोमा उत्तीर्ण होना आवश्यक है, 10वीं मैट्रिक परीक्षा 50 प्रतिशत के साथ तथा अंग्रेजी गणित विज्ञान में 40 प्रतिशत अंको के साथ 2 वर्षो का मान्यता प्राप्त आई.टी.आई से तकनिकी प्रशिक्षण अथवा 2/3 वर्ष का डिप्लोमा जिसमें पॉलिटेक्निक शामिल हो। अग्निवीर क्लर्क में 10$2, इंटरमीडिएट परीक्षा किसी भी विषय में 60 प्रतिशत अंक के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अग्निवीर ट्रेडमेन में 8वीं/10वीं कक्षा पास (प्रत्येक विषय 33 प्रतिशत) होना आवश्यक है। अग्निवीर सामान्य ड्यूटी महिला में 10वीं मैट्रिक (प्रत्येक विषय 33 प्रतिशत) होना आवश्यक है। आवेदक की आयु सीमा साढ़े 17 वर्ष से 21 वर्ष होना आवश्यक है। प्राप्त जानकारी अनुसार ऑनलाईन हेतु इच्छुक आवेदक अपने नजदीकी सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से अथवा अध्ययनरत् छात्र-छात्राएँ अपने विद्यालय के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन कर सकते है। विस्तृत जानकारी हेतु आवेदक दिए गए वेबसाइट एवं जिले के जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
शासकीय योजना का लाभ दिलाने के नाम पर फर्जी कार्यशाला,, प्रशासन ने रंगे हाथों पकड़ा…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर के राजमोहिनी भवन ऑडिटोरियम में मंगलवार को दोपहर 3 बजे के करीब युवा क्रांति नामक संगठन द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना की जानकारी आम लोगों को देकर उनसे प्रतिव्यक्ति 1000 रुपए आवेदन और पंजीयन शुल्क और ऋण राशि का 20 प्रतिशत राशि सुरक्षा निधि लेने के मामले की शिकायत संज्ञान में आते ही कलेक्टर विलास भोस्कर के निर्देश पर एसडीएम अम्बिकापुर फागेश सिन्हा, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, एलडीएम सरगुजा, शाखा प्रबंधक बीओआई, सहायक संचालक कृषि विभाग ने टीम बनाकर दबिश दी।
जांच के दौरान पता चला कि कार्यक्रम के संचालक तथाकथित ब्रांच मैनेजर यूथ कॉपरेटिव बैंक, जिसका पता प्रथम तल, सिंह कॉम्प्लेक्स, बंगाली चौक, अम्बिकापुर बताया गया, पटना, बिहार निवासी विवेक कुमार, झारखंड निवासी धनराज गिर और बलरामपुर से राजपुर निवासी इंद्रदेव है, जिन्हें प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही पकड़ा। फर्जी कार्यशाला में इनके द्वारा उद्योग विभाग की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना के अंतर्गत ऋण के संबंध में भ्रामक और त्रुटिपूर्ण जानकारी देकर आम जन को झांसा दिया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान उक्त तीनों ने आम जनों से सुरक्षा निधि राशि अपने बैंक में लेना स्वीकार किया।
प्रायोजित कार्यक्रम के आम जन प्रतिभागियों नीलम साहू, संतोष विश्वकर्मा, पवित्रा प्रधान, अशोक कुमार कुशवाहा और जगजीत सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि उनके द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम हेतु सुरक्षा निधि उक्त संगठन को दी गई है और रसीद भी दिखाई।
टीम द्वारा मौके से सामान जप्त किया गया जिसमें दो बैनर, यूथ कॉपरेटिव बैंक का डमी चेक, यूसीबीएल बैंक पासबुक, पैंपलेट, कंपनी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, पैन कार्ड, एनएसडीएल पंजीयन, फर्म अकाउंट डिटेल्स जप्त की गई। प्रतिभागियों के समक्ष ही टीम ने पंचनामा तैयार किया जिससे आगे कलेक्टर के मार्गदर्शन में वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ के सभी महाविद्यालयों में जनभागीदारी समिति के अंतर्गत हुई राजनीतिक नियुक्तियां निरस्त…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत आने वाले समस्त शासकीय महाविद्यालयों में पूर्व में गठित जनभागीदारी समिति के अंतर्गत हुए राजनैतिक नियुक्तियों को निरस्त कर दिया गया हैं। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन से उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आदेश जारी किया हैं। जारी आदेश के अनुसार महाविद्यालयों की जनभागीदारी समितियों में अध्यक्ष का प्रभार, पदेन उपाध्यक्ष-सह-कलेक्टर को आगामी आदेश तक के लिए सौंपा गया है।

गणतंत्र दिवस के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : राज्य सरकार ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है।इस सूची में मुख्यमंत्री साय समेत उनका 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल, 6 सांसद और 13 विधायक शामिल हैं।लिस्ट में पहला नाम विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का है। सूची में मंत्री और विधायक समेत सोलह ऐसे हैं जो अपने गृह क्षेत्र या कि गृह ज़िले में ध्वजा रोहण करेंगे।
सीएम साय जगदलपुर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन राजनांदगाँव में ध्वजारोहण करेंगे
सूची के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह राजनांदगाँव में,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जगदलपुर में ध्वजारोहण करेंगे। सूची में साय मंत्रिमंडल के अन्य नाम और ध्वजारोहण स्थल इस प्रकार हैं –
अरुण साव डिप्टी सीएम- बिलासपुर
विजय शर्मा, डिप्टी सीएम- दुर्ग
बृजमोहन अग्रवाल,मंत्री – महासमुंद
रामविचार नेताम, मंत्री – बलरामपुर
दसालदास बघेल, मंत्री – बेमेतरा
केदार कश्यप, मंत्री – नारायणपुर
लखनलाल देवांगन, मंत्री – कोरबा
श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री- मनेंद्रगढ़
ओ पी चौधरी, मंत्री – रायगढ़
लक्ष्मी राजवाडे, मंत्री – सरगुजा
टंकराम वर्मा, मंत्री – बलौदा बाजार
यहाँ सांसद करेंगे ध्वजारोहण
सूची के अनुसार निम्न ज़िला मुख्यालयों में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण सांसद करेंगे। सूची इस प्रकार है
गुहाराम अजगल्ले, सांसद – सक्ती
विजय बघेल, सांसद – बालोद
मोहन मंडावी, सांसद – कांकेर
सुनील सोनी,सांसद – सारंगढ
संतोष पांडेय, सांसद – खैरागढ़
चुन्नीलाल साहू, सांसद – गरियाबंद
यहाँ विधायक करेंगे ध्वजारोहण
सूची में तेरह विधायकों को ज़िला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना है। सूची में नाम और स्थान निम्नलिखित हैं
धरमलाल कौशिक – मुंगेली
अमर अग्रवाल – जांजगीर चाँपा
अजय चंद्राकर – धमतरी
रेणुका सिंह – सूरजपुर
भैयालाल राजवाड़े – कोरिया
गोमती साय – जशपुर
लता उसेंडी – कोंडागांव
विक्रम उसेंडी – बीजापुर
भावना बोहरा – कबीरधाम
नीलकंठ टेकाम – सुकमा
चेतराम अटामी – दंतेवाड़ा
प्रणव कुमार मरपच्ची – जीपीएम
आशाराम नेताम- मोहला मानपुर
प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले, देखे आदेश…
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रशासनिक सेवा के 14 अधिकारियों के तबादले कर नवीन पदस्थापना दी गई हैं। जारी आदेश में अपर कलेक्टर और संयुक्त कलेक्टर, अवर सचिव और डिप्टी कलेक्टर के नाम शामिल हैं।
देखे आदेश :


कोतवाली थाने के 4 रक्षक कैसे बन बैठे भक्षक, युवती के साथ मार पीट कर बाल खींचते हुए लेकर पहुंचे थाने, देखे सीसीटीवी फुटेज….
हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : अंबिकापुर कोतवाली थाने के चार आरक्षक कैसे रक्षक से भक्षक बन गए इसका एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। कैसे इन पुलिसकर्मियों का कहर एक युवती पर टूट पड़ा इसका नजारा इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता हैं।
https://youtube.com/shorts/Xr5AtqchYKE?si=ymFxJcK1EJtMgu-L
घटना 2 महीने पुरानी हैं लेकिन इन भक्षकों के दबाव में मामला सामने नही आ पाया हैं। लगातार निगरानी और धमकी से युवती काफी भयभीत हैं। युवती ने काफी हिम्मत करके मामले की शिकायत आईजी एसपी से करनी चाही हैं लेकिन इन भक्षकों द्वारा युवती पर लगातार नजर रखी जा रही हैं और उसे धमकी दी जा रही हैं। इन घटनाओं से युवती काफी डरी हुई हैं। युवती द्वारा किसी तरह से हिम्मत करके घटना की जानकारी हिंद स्वराष्ट्र को दी गई हैं। युवती द्वारा हमें एक सीसीटीवी फुटेज भी दिया गया हैं जिसमे आप देख सकते हैं कि कोतवाली थाने में पदस्थ चार पुलिसकर्मी युवती के बाल पड़कर उसे घसीटते हुए अपने साथ अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाते हैं।
युवती ने चारों पुलिसकर्मियों शीनू फिरदौसी, शाहबाज, भोजराज पासवान, और अतुल सिंह पर काफी संग्यीन आरोप भी लगाए हैं युवती का आरोप हैं कि चारों द्वारा युवती के घर पहुंचकर गंदी-गंदी गालियां दी गई और उसे बुरी तरह से पीटा गया। इनकी दरिंदगी यही नहीं रुकी बल्कि उन्होंने लड़की के पास रखें ₹70000 भी लूट लिए और युवती को घसीटते हुए बाल पड़कर अपने साथ थाने ले गए। थाने ले जाकर इनके द्वारा युवती को एनडीपीएस की धारा में फसाने की और जिंदगी बर्बाद कर देने की धमकी दी गई और खैरियत चाहती हैं तो मुंह बंद रखने को कहा गया। युवती का आरोप हैं कि चारों आरक्षकों द्वारा युवती से छेड़छाड़ भी की गई। युवती ने बताया कि पुलिसकर्मियों द्वारा उसे घसीटते हुए बाल पड़कर गाड़ी में बैठा लिया गया और थाने ले जाने के दौरान रास्ते में उनके द्वारा उसके साथ छेड़छाड़ की गई।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आगे क्या कार्यवाही होती हैं यह तो उच्चाधिकारियों के कार्यप्रणाली और विवेक पर निर्भर करेगा। यह देखने का विषय होगा की युवती को पुलिस विभाग से न्याय मिल पाता हैं या फिर उसे न्याय के लिए न्यायालय का रुख करना होगा।
इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा हैं। अगले अंक में देखे पुलिसकर्मी का कबूलनामा और युवती का बयान…..
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने जिला अस्पताल का किया अवलोकन, डॉक्टर व स्टाफ समय पर पहुंचने दिए निर्देश…
हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज जिला अस्पताल सूरजपुर अवलोकन के लिए पहुचें थें। जहां उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में प्रवेश करतें ही रजिस्ट्रेशन काउंटर में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। उन्होने काउंटर में उपस्थित कर्मचारियों से प्रतिदिन आने वाले मरीजों के आकड़ों के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही समय सारणी के अनुरूप कर्मचारियों को कांउटर में उपस्थित होने के लिए कहा ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों को असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने रजिस्ट्रेशन कांउटर में काउंसलर बैठाने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया ताकि मरीज अपने रोग के लक्षण के अनुरूप सही डाक्टर का चयन कर सकें। इसके पश्चात् उन्होने मरीजों से मुलाकात की और उनके वस्तु स्थिति पर चर्चा की। उनके द्वारा मरीजों से जिला चिकित्सालय के डॉक्टर और स्टाफ के संबंध में जानकारी ली गई। डॉक्टर अपने ओपीडी कक्ष में समय में आते है कि नहीं और नियमित रूप से वार्ड में भ्रमण करते है कि नहीं इत्यादि के संबंध में पूछा गया। उन्होने वहां उपस्थित सीएमएचओ व अन्य अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिये ताकि स्वास्थ्य के स्तर को और बेहतर किया जा सकें। उन्होने स्पष्ट किया कि शहर के हृदय स्थल में स्थित जिला अस्पताल सर्व सुविधा युक्त अस्पताल के रूप में जाना जाए ताकि प्रत्येक तबके के व्यक्ति का इलाज यहां हो सकें। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के अधोसंरचना और मूलभूत आवश्यकता को बेहतर करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने की बात कही। उन्होने अस्पताल में उपलब्ध मशीनों की जानकारी भी ली। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई के लिये आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अस्पताल में निरीक्षण के दौरान हीमोग्लोबिन कक्ष, माइक्रोबायोलॉजी कक्ष, सर्जिकल वार्ड, डायलिसिस व लैब इत्यादि का भ्रमण किया।
पीडब्ल्यूडी विभाग में निर्माण कार्य में देरी पर होगी अधिकारियों पर कार्यवाही– अरुण साव… विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए ‘पीडब्लूडी दृष्टि’ मोबाइल एप लांच…
हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों को समय-सीमा में अच्छी गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों को पूर्ण करने के लिए अब अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। कार्यों को हर हाल में निर्धारित समय में पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्णता में देरी पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कार्य पूर्ण करने में आ रही दिक्कतों का तत्परता से समाधान कर काम आगे बढ़ाने को कहा। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता के.के. पीपरी, ओएसडी वी.के. भतप्रहरी, उप सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, वित्त नियंत्रक बी.के. लाल और विभाग के सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंता समीक्षा बैठक में मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री साव ने बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जिओ टैगिंग और कार्य प्रगति की मॉनिटरिंग के लिए ‘पीडब्लूडी दृष्टि’ मोबाइल एप लांच किया। अधिकारियों को इसकी कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई। लोक निर्माण मंत्री साव ने बैठक में राज्य में निर्माणाधीन सड़कों, सेतु, पुल-पुलियों, रोड ओव्हरब्रिज और फ्लाईओव्हर्स के साथ ही एकीकृत पंजीयन व्यवस्था, जमीन अधिग्रहण और मुआवजों के लंबित मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक में प्रदेश में निर्माणाधीन रोड ओव्हरब्रिज और फ्लाईओवर के काम में तेजी लाते हुए इन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम धीमा होने से लोगों को परेशानी होती है। इसलिए व्यवस्था सुधारते हुए तेजी से काम करवाएं। इनमें लेट-लतीफी की शिकायत नहीं आना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य पूर्ण करने में आ रही दिक्कतों का तत्परता से समाधान निकालें। इसके कारण कार्य पूर्णता में देरी नहीं होना चाहिए। साव ने ट्रैफिक और उपयोगिता को ध्यान में रखकर सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री साव ने बैठक में कहा कि कार्यपूर्णता के लिए अब अतिरिक्त समय नहीं मिलेगा। बहुत ठोस कारण होने पर ही यह स्वीकार्य होगा। उन्होंने बड़ी परियोजनाओं में काम का हर चरण समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों से एग्रीमेंट के अनुसार सभी काम समय-सीमा में पूर्ण कराने कहा। साव ने अधिकारियों से कहा कि काम पूरा होते ही ठेकेदारों को त्वरित भुगतान करें। इसमें अनावश्यक देरी नहीं होना चाहिए। नियमित भुगतान से काम में गति बनी रहती है।
साव ने बैठक में कहा कि हमारा अनुभव और हमारी विशेषज्ञता विभाग के काम में दिखनी चाहिए। लोक निर्माण विभाग लोगों के लिए निर्माण करने वाला विभाग है। अच्छे कार्यों से विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ती है। इससे राज्य और सरकार की भी प्रतिष्ठा बढ़ती है। आपके काम से प्रदेश की छबि बनेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि काम की गुणवत्ता सर्वोपरि होना चाहिए। गुणवत्ता से समझौता आपके काम की प्रतिष्ठा से समझौता है। इसलिए गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उप मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को अपने मुख्यालय में ही रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यस्थलों का नियमित भ्रमण कर कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने नवनिर्मित सड़कों के परफॉमेन्स गारंटी (Performance Guaranty) का निष्पादन प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने बैठक में कहा कि काम की शुरूआत से ही निर्माण कार्यों की पुख्ता मॉनिटरिंग करें। ठेकेदारों द्वारा काम में देरी या लापरवाही करने पर तुरंत कार्यवाही करें। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में ज्यादा से ज्यादा समय देने को कहा। उन्होंने सभी कार्यों में समय-सीमा का ध्यान रखते हुए गुणवत्ता पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्री तथा निर्माण कार्यों, दोनों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को शहरी आबादी की सुविधा के लिए रिंग रोड निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इससे शहर के लिए बाई-पास रोड मिलने के साथ ही मुख्य मार्ग का यातायात भी तेज और स्मूथ होता है।