Home Blog Page 66

सामूहिक नकल मामले में 9 शिक्षकों को किया गया निलंबित…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : सामूहिक नकल मामले में डीपीआई द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है। उल्लेखनीय हैं कि 18 मार्च को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरमकेला में सामूहिक नकल कराए जाने की शिकायत की गई थी। जिसके बाद शिकायत की जांच एसडीएम की तरफ से 19 मार्च को की गयी। जांच में पाया गया कि 12वीं कक्षा की हिंन्दी परीक्षा में कुल 246 परीक्षार्थी शामिल हुए थे जबकि 5 छात्र अनुपस्थित थे। इन सभी विद्यार्थियों की परीक्षा का आयोजन 5 कक्षाओं में हो रहा था और सभी कक्ष में नकल कराया जा रहा था। जांच के दौरान केंद्राध्यक्षों समेत 8 प्रर्यवेक्षक नकल मामले में शामिल थे। जिसके बाद केंद्राध्यक्ष समेत 9 शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया हैं।

इन शिक्षकों को किया गया सस्पेंड

1. दयासागर प्रधान, व्याख्याता, शा.उ.मा.वि. सांकरा 2.अंजली सिदार, सहायक शिक्षक (एल.बी.) प्रा. शा.कनकीडीपा

3. लोकनाथ साहू सहायक शिक्षक, (एल.बी.) प्रा.शा.भंवरपुर

4. युवधेश पटेल, सहायक शिक्षक (एल.बी.) प्रा.शा. बुन्देली 5. हेमंत पटेल, शिक्षक, पूर्व माध्यमिक शाला, बरमकेला 6.दिलीप सिदार, सहायक शिक्षक (एल.बी) प्रा.शा. हास्टलपारा बरमकेला

7. श्यामा सिदार, प्रधान पाठक प्रा.शा. पुरैना

8. गिरधारी पटेल, सहायक शिक्षक विज्ञान, शा.क.उ.मा.वि. बरमकेला

9. चन्द्रशेखर वैष्णव व्याख्याता शा.क.उ.मा.वि. बरमकेला निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी तथा निलंबित कर्मचारियों का मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, रायगढ़ नियत किया गया है।

कपड़े सुखाने बांधे तार में अचानक दौड़ी करंट, ससुर–बहु की दर्दनाक मौत…

हिंद स्वराष्ट्र दुर्ग : इन दिनों राज्य भर में बिन मौसम बरसात ने आफत मचाई हुई हैं। इसी बारिश के बीच दुर्ग में एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। जहां कपड़े सुखाने के लिए बांधे गए एक तार में अचानक करंट आ जाने से उसकी चपेट में आकर एक महिला और उसके ससुर की मौत हो गयी।

यह घटना दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के गंजपारा का है। जहां पिछले 24 घंटे से रूक-रूककर बारिश हो रही है। बारिश की वजह से भींगे घर में अचानक से करंट दौड़ गया और करंट कपड़ा सुखाने के लिए बांधे गए तार तक फैल गया। इसी दौरान महिला कपड़ा सुखाते वक्त करंट की चपेट में आ गयी। बहू को करंट की चपेट में देख ससुर महिला को तार से अलग करने की कोशिश करने लगे, लेकिन इस दौरान वो भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौत हो गयी।

आत्मानंद स्कूल परिसर में मधुमक्खियों का हमला, 15 बच्चे घायल…

हिंद स्वराष्ट्र कोरबा : कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले में 15 बच्चे घायल हो गए जिन्हे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला में भर्ती कराया गया हैं।

मिली जानकारी के अनुसार करतला स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में आज की कक्षा लगने से पहले सभी बच्चे स्कूल में ही खेल रहे थे, इसी दौरान स्कूल परिसर के अंदर स्थित पीपल के पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते पर किसी पक्षी ने चोंच मार दिया। जिससे मधुमक्खियां आक्रामक हो गई और मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से 15 बच्चे घायल हो गए हैं जिनका इलाज जारी हैं।

कार से 140 लीटर महुआ शराब बरामद, युवक गिरफ्तार…

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर :  गांधीनगर पुलिस ने 140 लीटर महुआ शराब के साथ अनुकूल मिस्त्री नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम के द्वारा चठिरमा बेरियर में चेकिंग प्वाईंट लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान एक सफेद रंग की हुण्डई आई-20 कार क्रमांक सीजी 10 एच 5600 को रूकवाकर चेंक किया गया। इस दौरान युवक द्वारा अपने वाहन को छोड़कर भागने का असफल प्रयास किया गया, दरअसल कार में आरोपित अनुकूल मिस्त्री द्वारा कुल 140 लीटर महुआ शराब का परिवहन किया जा रहा था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अनुकूल मिस्त्री ग्राम तामेश्वरनगर आरागाही थाना रामानुजगंज का रहने वाला है। वह वर्तमान में चठिरमा पेट्रोल पम्प के पास निवास कर रहा था। होली पर्व के दौरान बिक्री के लिए उसके द्वारा महुआ शराब की बड़ी खेप लाई जा रही थी लेकिन पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

नशे में धुत्त पटवारी पहुंचा मुख्यालय,, एसडीएम ने किया निलंबित…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : जिले में कई पटवारियों की कार्यशैली को लेकर समय-समय पर राजस्व महकमे की फजीहत होती रही है। अक्सर शिकायत प्रकाश में आती है कि कथित पटवारी मुख्यालय से गायब रहते हैं। बिना पैसे काम नही करते है। कई पटवारियों के विरुद्ध चार सौ बीसी के मामले भी दर्ज हो चुके है। राजस्व महकमे में भारी भ्रष्टाचार की शिकायतें मंत्रियों से लेकर मुख्यमंत्री तक की जा चुकी है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बावजूद राजस्व विभाग में गोलमाल का खेल बदस्तूर जारी है। ऐसा ही एक मामला जिले के दूरस्थ बिहारपुर तहसील इलाके से प्रकाश में आया है। इससे राजस्व विभाग में कसावट लाने के राज्य सरकार के दावों की पोल खुल गई। दरअसल शराब के नशे में एक पटवारी छत्रपाल लकड़ा तहसील कार्यालय बिहारपुर पहुंच गए। पटवारी को तहसील कार्यालय के सामने रोककर महुली समेत कोल्हुआ व खोईर के ग्रामीणों ने जमकर आक्रोश का इजहार किया। नशे में धुत्त पटवारी को ग्रामीणों ने काम न करने और काम करने के एवज में पैसों की मांग करने को लेकर जमकर खरी खोटी भी सुनाई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने पर तहसीलदार की जांच में घटना की पुष्टि होने पर पटवारी को निलंबित कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर बिहारपुर तहसील के पटवारी हल्का नंबर सात का पटवारी छत्रपाल लकड़ा अपनी मोटरसाइकिल से शराब के नशे में तहसील कार्यालय बिहारपुर पहुंचा था। तहसील कार्यालय बिहारपुर के सामने काम नहीं होने से नाराज ग्राम महुली समेत कोल्हुआ व खोईर के ग्रामीणों ने पटवारी को घेर लिया। पटवारी के शराब के नशे में होने और ग्रामीणों का जायज काम नही करने को लेकर पटवारी को जमकर लताड़ लगाते हुए अपनी नाराजगी का इजहार किया। ग्रामीणों का आरोप था कि पटवारी अपने मुख्यालय से नदारद रहते है। मोबाइल पर बात करने पर नशे में अभद्र व्यवहार करते है। बिना पैसे किसी का काम नही करते है। राजस्व संबंधी कार्यो के लिए ग्रामीण काफी परेशान है। उन्होंने हल्का पटवारी पर अनेकों गंभीर आरोप लगाए।

इस संबंध में बिहारपुर तहसीलदार संजय राठौर ने बताया कि इंटरनेट मीडिया में वायरल वीडियो की तत्काल जांच की गई। जांच में वास्तविकता की पुष्टि होने पर उन्होंने तत्काल जांच प्रतिवेदन एसडीएम भैयाथान को प्रेषित किया। इस पर एसडीएम सागर सिंह ने आरोपित पटवारी छत्रपाल लकड़ा को निलंबित कर दिया है।

जिला बदर की कार्यवाही बाबत चार लोगों को नोटिस जारी, 21 मार्च को मजिस्ट्रेट न्यायालय में होगी सुनवाई…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर :  लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर जिले में लोकशांति हेतु जिला मजिस्ट्रेट द्वारा पुलिस अधीक्षक सरगुजा के प्रतिवेदन पर चार लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और सुनवाई के लिए तलब किया गया है। बता दें कि पुलिस अधीक्षक, सरगुजा द्वारा अनावेदकगण विजय कुमार रजक निवासी हरसागर तालाब के पास, नवागढ़ अम्बिकापुर तहसील अम्बिकापुर, आदित्य यादव उर्फ लल्ला यादव निवासी मो.बाबूपारा अम्बिकापुर, जितेन्द्र कुमार जायसवाल निवासी वाड्रफनगर, जिसका वर्तमान निवास ग्राम डिगमा, तहसील अम्बिकापुर और प्रिंस सोनी उर्फ टिंकु सोनी निवासी सोनी कॉलोनी, गांधीनगर, अम्बिकापुर तहसील अम्बिकापुर के खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 5(क)(ख) के प्रावधानों के तहत (जिला बदर) कार्यवाही करने का प्रतिवेदन पेश किया गया है। पुलिस अधीक्षक सरगुजा के प्रतिवेदन के आधार पर उपरोक्त अनावेदकगण को उक्त अधिनियम की धारा 5(क) (ख) के तहत (जिला बदर) कार्यवाही बावत इन्हें जिला मजिस्ट्रेट द्वारा कारण बताओ नोटिस और सुनवाई हेतु पुलिस अधीक्षक सरगुजा के माध्यम से उपस्थिति बावत इस न्यायालय मे पेशी तिथि दिनांक 21 मार्च 2024 को समय दोपहर 2.30 बजे उपथिति हेतु नोटिस जारी किया गया है। उक्त तिथि को इस न्यायालय के समक्ष अनावेदकगण उपस्थित होकर अपना जवाब/पक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। अनुपस्थिति की दशा में प्रकरण में एकपक्षीय कार्यवाही कर दी जावेगी।
इसी प्रकार राहुल सोनी उर्फ प्रिंस सोनी आ. रामचन्द्र सोनी निवासी ग्राम सोहगा, दरिमा, रंजन साहू निवासी ग्राम कोरजा तहसील लखनपुर और राजनारायण जायसवाल निवासी लखनपुर के विरुद्ध भी पुलिस अधीक्षक सरगुजा से राज्य सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 5(क)(ख) के तहत प्रतिवेदन प्राप्त होने पर इनके विरुद्ध भी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

भूपेश बघेल का सार्वजनिक बयान चोर की दाढ़ी में तिनका जैसा- प्रबोध मिंज

महादेव एप्प मामले में ईडी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर लूँड्रॉ विधायक प्रबोध मिंज ने भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ललन प्रताप सिंह तथा अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल की उपस्थिति में आज संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर मुकदमा दर्ज होने और उस पर अभियुक्त बघेल द्वारा प्रेस में दी गयी प्रतिक्रिया वास्तव में चोर की दाढ़ी में तिनका जैसा ही है। भूपेश जी को जो भी कहना है, संबंधित एजेंसी या कोर्ट में कहना चाहिए।अनाप-शनाप राजनीतिक बयानबाजी से कोई लाभ नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि सोश्यल मीडिया पर घूम रही प्राथमिकी के दो पन्ने पर अपनी भड़ास निकालने से बेहतर है कि अभियुक्त उचित माध्यम से मूल कॉपी प्राप्त कर न्यायिक प्रक्रिया का सामना और सम्मान करें। भूपेश बघेल या तब की कांग्रेस सरकार के खिलाफ महादेव ऐप से संबंधित जितने भी विषय हैं, वह इससे कहीं अधिक गंभीर और विस्तृत हैं, जितना इस दो पेज में है। किसी भी संदेही या अभियुक्त पर जांच एजेंसियों की कारवाई नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। कानून किसी के कद या पद के आधार पर भेदभाव नहीं करता। न ही इसका कोई राजनीतिक अर्थ है। चुनाव आदि से भी इसका कोई संबंध नहीं है। कानून अपना काम करेगा। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही है। वे गुण-दोष के आधार पर निर्णय लेने स्वतंत्र है।

उन्होंने कहा कि जहां तक महादेव ऐप का विषय है, तो कांग्रेस के समय से ही इसकी जांच प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी, ऐसा तब की कांग्रेस सरकार का भी दावा था। अब जब कारवाई आगे बढ़ी हैं, तो कांग्रेस के पेट में दर्द होना साबित करता है कि सारी दाल ही उसकी काली है। छत्तीसगढ़ की जनता की गाढ़ी कमाई को लूट कर इसका हिस्सा कहां तक पहुंचता था, यह अभियुक्तों के वीडियो से भी सामने आया ही था। समाचारों में काफी कुछ इससे पहले भी आ ही चुका है। ईडी की जांच में स्पष्ट रूप से सामने आया था कि असीमदास नामक व्यक्ति के कब्जे से जो 5.39 करोड़ रुपए ईडी ने बरामद किए थे, उसे भूपेश बघेल को पहुँचाने के लिए दिया गया था, ऐसा असमीमदास ने कहा था। इसी तरह से जो वीडियो शुभम सोनी का दुबई से जारी हुई था, उसमें भी करोड़ों की रकम अभियुक्त भूपेश बघेल को देने की बाल सामने आयी थी। आज भी आप गूगल पर 508 करोड़ टाइप करें तो भूपेश जी के कारनामे सामने आएँगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रदेश के युवाओं से की गयी यह ठगी और लूट बर्दाश्त के काबिल नहीं है। यह उस भरोसे की हत्या है, जो गलती से जनता ने 2018 में कांग्रेस पर कर लिया था। यह कांग्रेस द्वारा जनता से किया गया अन्याय है। जो भी इसके दोषी हों, चाहे वे कितने भी बड़े हों, उन पर कारवाई होनी ही चाहिए। छत्तीसगढ़ महतारी को लूट कर अपने आका का एटीएम बन चुके लोगों को बेनकाब होना ही चाहिये। जहां तक राजनीतिक द्वेषवश कारवाई का आरोप है, तो पहले ही कहा है हमने कि कांग्रेस के समय ही यह जांच शुरू हुई थी, ऐसा तब की सरकार का दावा भी था। उसी सिलसिले में जैसे-जैसे तथ्य सामने आ रहे हैं, कारवाई आगे बढ़ रही है। ऐसे में भाजपा पर आरोप लगाना बेमानी है, खिसियाहट है, भूपेश जी की बौखलाहट है।

उन्होंने कहा कि तब की कांग्रेस सरकार में शक्तिशाली रहे नेताओं और अफसरों पर अन्य मामलों में भी लगाए गए आरोप इतने अधिक मजबूत हैं कि सुप्रीम कोर्ट तक इन्हें जमानत नहीं दे रहा है। महीनों से सभी जेल में बंद हैं। बार-बार जमानत मांगने पहुंचने पर सुप्रीम कोर्ट ने तो कोयला घोटाले की अभियुक्त पर एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगा दिया था। इसके उलट राजनीतिक द्वेषवश मुकद‌में आदि दर्ज करना भूपेश बघेल जी का ही कृत्य रहा था। सरकार में आते ही उन्होंने फर्जी मुकदमों की बौछार कर दी थी। दर्जनों एसआइटी गठन कर दिया था। बिजली कटौती का पोस्ट फेसबुक पर लिखने तक के लिए राजद्रोह का मुकदमा किया जाता रहा। किंतु कोई भी मुकदमें तब कोर्ट में टिके नहीं। लगभग सारे एसआइटी को कोर्ट ने गलत माना। तब हाईकोर्ट ने यह तक टिप्पणी की थी कि मुकदमें राजनीतिक द्वेषवश दर्ज किए गए हैं। यह कांग्रेस का चरित्र रहा है हमेशा।

उन्होंने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार मोदी गारंटी पूरा करने में व्यस्त है। उसे कांग्रेस जैसा षड्यंत्र रचने की न तो फुरसत है और न ही ऐसी कोई मंशा है। पार्टी अपनी लड़ाई जनता जनार्दन के न्यायालय में लड़ना जानती है। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही है। अभियुक्त भूपेश बघेल भी कारवाइयों का सामना करें। अनाप- शनाप बयानबाजी के इनके खेल को जनता समझ गयी है। इनके काठ की हांडी अब जनता कभी चढ़ने नहीं देगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पतन के साथ ही सुशासन लौट आया है, कानून भी अपना काम कर रहा है। भगवान का नाम लेकर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, विश्वासघात और जालसाजी रचने वालों पर पर महादेव का प्रकोप बरसना तय है। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, संतोष दास, रूपेश दुबे, विश्वविजय तोमर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। 

महादेव सट्टा ऐप मामला : पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत 16 के विरुद्ध FIR दर्ज….

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : बहुचर्चित महादेव एप मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं लोकसभा चुनाव से पहले ये मामला बघेल के लिए कई समस्याएं पैदा कर सकता है। पूर्व सीएम बघेल पर पुलिस के एफआईआर में आईपीसी के तहत धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, विश्वासघात और जालसाजी से संबंधित विभिन्न धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 11 के तहत आरोप लगाया गया हैं। इस एफआईआर में भूपेश बघेल के अलावा महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल समेत 16 अन्य लोगों का नाम शामिल है। बता दें कि, इसी साल 8 और 30 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय के द्वारा राज्य पुलिस को दो रिपोर्ट भेजे जाने के बाद बघेल के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। दरअसल, ईडी के रिपोर्ट में कहा गया है कि धन संरक्षण के बदले महादेव ऐप की अवैध गतिविधियों को अनुमति देने के लिए राज्य सरकार के शीर्ष स्तर के पदाधिकारियों की संलिप्तता का खुलासा करता है।
गौरतलब है कि, पिछले साल नवंबर में वित्तीय अपराध जांच एजेंसी ने आरोप लगाया था कि चंद्राकर और उप्पल ने बघेल को ₹508 करोड़ की रिश्वत दी थी।वर्तमान में दोनों संयुक्त अरब अमीरात की देखरेख में हिरासत में हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय के माध्यम से उनके प्रत्यर्पण के लिए अनुरोध पहले ही संयुक्त अरब अमीरात भेजा जा चुका है।

प्रेमी युगल की जंगल में मिली लाश, हत्या या आत्महत्या संशय बरकरार….

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर भूषण बघेल : जिले के दतिमा बिश्रामपुर मुख्य मार्ग पर कुमदा रेलवे फाटक के समीप बांसबाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में प्रेमी जोड़े का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटनास्थल पर युवक युवती का गला कटा हुआ शव मिला। युवती का शव गड्ढे में पड़ा था जबकि युवक का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर पाया कि बांसबाडी में स्थित एक गड्ढे में एक युवती कुमदा बस्ती देवल्लापारा निवासी 24 वर्षीय पूजा देवांगन पिता परवल देवांगन का शव जमीन पर पड़ा था जबकि युवक सूरजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोपीपुर टेपरा निवासी 25 वर्षीय शिवम पिता राजू पनिका का शव वही गड्ढे के किनारे एक पेड़ पर फांसी पर लटका हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि युवक व युवती द्वारा एक साथ जीने मरने की कसम को पूरा करते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली गई है।

पीएम रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा

मामले में पुलिस जांच व पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही वस्तु स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

परिजन ने लगाए ये आरोप
युवक के बड़े पिता और उसके माता-पिता का कहना है कि युवक मृतिका से प्रेम करता था और उसकी किसी दूसरे जगह शादी होने के बाद चल रही थी इसी बात पर छुब्ध होकर युवक ने अल्कोहल का सेवन कर लिया था जिसे सूरजपुर अस्पताल में उपचार कराया गया था। परिजनों का आरोप हैं कि युवक को युवती द्वारा मिलने बुलाया गया था और युवती के परिजनों द्वारा भी युवक की तलाश की जा रही थी और युवती के परिजनों द्वारा ही युवक की हत्या कर दी गई हैं। वहीं युवती के पिता परवल देवांगन का कहना है की युवती की शादी अंबिकापुर निवासी एक युवक के साथ तय होने वाली थी इसके लिए शादी हेतु विचार चल रहा था युवक शिवम पनिका द्वारा मेरी पुत्री की परिचित गांव के ही रेखा नामक युवती के मोबाइल के माध्यम से संपर्क करके युवती को घटनास्थल पर बुलाया गया था जिस पर युवती के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने विश्रामपुर थाना भी परिजन गए थे। दोनों पक्ष के बयान से ऐसा प्रतीत होता है कि युवक व युवती ने एक साथ जीने मरने की मंशा से उक्त घटना को अंजाम दिया होगा। मामले की जांच की जा रही हैं।

सरगुजा समेत प्रदेश भर में अधड़, तेज गरज के साथ भारी बारिश की संभावना…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : जशपुर,सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर, कोरबा, बिलासपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, दुर्ग, बेमेतरा, रायपुर में आज तेज अंधड़ के साथ बादल गरजेंगे कुछ स्थानों में भारी बारिश की संभावना है। मौशम वैज्ञानिकों के अनुसार 18 से 20 मार्च तक बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर, मुंगेली, बिलासपुर, कोरबा, कोरिया, कबीरधाम सहित कई क्षेत्रों में अंधड़ चलने व बादल गरजने की संभावना है। बारिश से तापमान में कमी के आसार भी हैं।

कल राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शाम को मौसम ने अचानक करवट ली जिससे रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी तूफ़ान के साथ हल्की बूंदा-बांदी भी हुई थी।

लोकसभा चुनाव के लिए लागू हुई आचार संहिता, इन कामों पर लगी रोक… जानिए नियम..

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में   आचार संहिता लागू हो गई हैं। चुनाव तारीखों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता को लागू किया जाता है और यह चुनाव प्रक्रिया के पूर्ण होने तक लागू रहती है। लोकसभा चुनावों के दौरान आदर्श आचार संहिता पूरे देश में जबकि विधानसभा चुनावों के दौरान पूरे राज्य में लागू होती है।

इतने दिनों के लिए आचार संहिता लागू
चुनाव आयोग की ओर से जैसे ही चुनाव की तारीखों की घोषणा की जाती है। तभी से ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ यानी आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है। आचार संहिता चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहती है। विधानसभा चुनाव में ये राज्य स्तर पर और लोकसभा चुनाव में पूरे देश में आचार संहिता लागू होती है। यह आचार संहिता आज से शुरू होकर लोकसभा चुनाव के परिणामों की घोषणा के दिन 4 जून तक जारी रहेगी।

लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान:  3 चरणों में होंगी छत्तीसगढ़ की 11 सीटों पर चुनाव…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। सात चरणों में आम चुनाव करवाए जाएंगे, जबकि चार जून को रिजल्ट की घोषणा होगी। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल, दूसरी फेज की वोटिंग 26 अप्रैल, सात मई को तीसरा फेज, 13 मई को चौथा फेज, 20 मई को पांचवां फेज, 25 मई को छठा फेज और एक जून को सातवें चरण की वोटिंग होगी। 19 अप्रैल को होने वाले पहले चरण में कुल 102 सीटों पर मतदान होंगे, जबकि 26 अप्रैल को 89 सीटों पर, सात मई को 94 सीट, 13 मई को 96 सीट, 20 मई को 49 सीट, 25 मई को 57 सीट और एक जून को 57 सीटों पर वोटिंग होगी।

छत्तीसगढ़ की 11 सीटों की चुनाव तारीख की बात करें तो प्रदेश में तीन चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 19 अप्रैल को बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा, वहीं दूसरे चरण में 26 अप्रैल को कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा। वहीं तीसरे चरण में 7 मई को छत्तीसगढ़ की रायपुर, सरगुजा रायगढ़, जांजगीर चाम्पा, कोरबा, बिलासपुर और दुर्ग लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा। इसके बाद 4 जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सूरजपुर पुलिस विभाग में तबादले 71 पुलिस अधिकारी/ कर्मचारी हुए इधर से उधर, देखे आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र सूरजपुर : सूरजपुर पुलिस विभाग में तबादले किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा 71 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को इधर से उधर भेजा गया हैं। जारी सूची में पुलिस उप निरीक्षक से लेकर आरक्षक वर्ग के कर्मचारी शामिल हैं।

देखे आदेश :

36 IFS अधिकारियों के तबादले, देखे आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन वन नियम जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्रालय द्वारा आज आदेश जारी कर भारतीय वन सेवा अधिकारियों के तबादले किए हैं।

देखे आदेश :

फर्जी मास्टर रोल के जरिए लाखों का गबन, ग्रामीणों ने की कार्यवाही की मांग…

हिंद स्वराष्ट्र भरतपुर गणेश तिवारी : एमसीबी जिले की भरतपुर जनपद पंचायत अन्तर्गत ग्राम पंचायत मन्नौढ़ में महात्मा गांधी नरेगा योजना से माह सितम्बर – अक्टूबर 2023 से माह दिसम्बर 2023 तक ग्राम मन्नौढ़ के वैरिहाई नाला में बनी स्टापडैम से गाद हटाने व नदी की साफ सफाई का कार्य करने के लिए लाखों रुपए की स्वीकृति मिली थी। उक्त कार्य को मजदूरों से कराने के लिए जनपद पंचायत भरतपुर मनरेगा शाखा के कार्यक्रम अधिकारी  द्वारा माह सितम्बर 2023 से माह दिसम्बर 2023 तक मस्टर रोल क्रमांक 16481, 16980, 16981, 16982, 16983, 17880,17881,17882, 19137, 19140, 19141, 24307 जारी किया गया। उक्त जारी मस्टर रोल में ग्राम पंचायत मन्नौढ़ के सरपंच जावेन्द्र सिंह, सचिव राकेश गोयल एवं रोजगार सहायक लालदास सिंह ने आपसी मिलीभगत कर अपने सगे सम्बन्धियों, घर परिवार, नात- रिश्तेदार व चहेते मित्रों व परिचितों का नाम इंट्री करा लिए और बिना काम कराए ही फर्जी हाजिरी लगाकर फर्जीवाड़ा किया गया। उक्त फर्जीवाड़ा व किए गए भ्रष्टाचार की स्थानीय ग्रामीणों ने 18 जनवरी 2024 को संयुक्त हस्ताक्षरित लिखित शिकायत पत्र सीईओ जनपद पंचायत भरतपुर सहित सीईओ जिला पंचायत बैकुण्ठपुर कोरिया, मनरेगा लोकपाल कोरिया एवं कलेक्टर एमसीबी को दिए लेकिन तीन माह बीत जाने के बावजूद भी भ्रष्टाचार की जांच नहीं हुआ। जिससे ग्रामीणों ने 06 मार्च 2024 को एक बार पुनः कलेक्टर एम.सी.बी. को साक्ष्य के साथ लिखित आवेदन प्रस्तुत कर मांग किए हैं कि ग्राम पंचायत मन्नौढ़ के सरपंच,सचिव एवं रोजगार सहायक द्वारा मनरेगा योजना मे किया गया फर्जीवाड़ा की जांच व कार्यवाही किया जाए।

सरगुजा से हवाई सेवा का रास्ता साफ, मां महामाया एयरपोर्ट, मां महामाया एयरपोर्ट अम्बिकापुर को मिला लाइसेंस…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : सरगुजावासियों की बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हो गई है। सरगुजा से हवाई सफर का रास्ता अब साफ हो गया है। भारत सरकार के डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन कार्यालय द्वारा मां महामाया एयरपोर्ट अम्बिकापुर को उड़ान हेतु लाइसेंस जारी कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार डीजीसीए की टीम द्वारा एयरपोर्ट अधोसंरचना और आवश्यक मानदंडों का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी कड़ी में गत दिवस बीसीएएस यानी ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी की टीम द्वारा अंतिम निरीक्षण किया गया था।
यात्रियों और उड़ान संचालन की सुरक्षा के लिए विकसित बुनियादी ढांचे की स्थिति और सुविधाओं के लिए बीसीएएस द्वारा निरीक्षण किया गया था। जिसमें सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए हवाई अड्डे की उपयुक्तता की पुष्टि की गई जहां टीम ने सभी पहलुओं पर संतोष जताया। अनंतिम मंजूरी जारी करने के लिए रिपोर्ट बीसीएएस मुख्यालय दिल्ली को भेजी गई जिसके परिणाम स्वरूप अगले ही दिन शुक्रवार को डीजीसीए से एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री से अंबिकापुर को फोरलेन सड़क से जोड़ने की मांग…

रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी तक फोरलेन सड़क से जुड़ना, व्यापक जनहित में सरगुजा क्षेत्र के विकास में क्रांतिकारी कदम होगा- अखिलेश सोनी

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर : भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंप कर अंबिकापुर को फोरलेन सड़क से जोड़ने की मांग की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सौंपे ज्ञापन में अखिलेश सोनी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश वाराणासी एवं नागपुर दो महत्वपूर्ण शहरों के मध्य स्थित है। दोनों शहरों का महत्व अनेकानेक कारणों से छत्तीसगढ़ के लोगो के लिए अत्यधिक है। नागपुर से वाराणसी की दूरी लगभग 935 किमी है। नागपुर से रायपुर एवं बिलासपुर होते हुए कटघोरा तक तथा रेनुकुट (हाथी नाला) से वाराणासी तक भी 4 लेन सडक बनी हुई है। कटघोरा से रेनुकुट (हाथी नाला) की दूरी लगभग 270 किमी है, जो 4 लेन सडक नहीं है एवं सम्पर्क अत्यन्त असुविधाजनक है। यदि भारत माला परियोजना या अन्य योजनाओं के तहत कटघोरा से रेनुकुट (हाथी नाला) तक 4 लेन सडक का निर्माण कर दिया जाये, तो वाराणासी (उ.प्र.) से रेनुकुट, होते हुए छ.ग. के अम्बिकापुर, बिलासपुर-रायपुर दुर्ग-राजनांदगांव से नागपुर शहर (महाराष्ट्र) 4 लेन एक्सप्रेस वे से जुड़ जायेगा।
फोरलेन के संदर्भ में मुख्यमंत्री से चर्चा में उन्होंने कहा कि रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी तक फोरलेन सड़क से जुड़ना, व्यापक जनहित में सरगुजा क्षेत्र के विकास में क्रांतिकारी कदम होगा, उक्त स्वीकृति से छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के मध्य बहुआयामी विकास के मार्ग भी खुलेंगे। प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या एवं बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणासी से नागपुर के मध्य छत्तीसगढ़ के जनजातीय बाहुल्य सरगुजा सम्भाग अन्तर्गत ‘राम वन गमन’ के कई महत्वपूर्ण स्थल आते है। रामगढ़, शिवपुर, महेशपुर, सीता बेंगरा, मैनपाट, रतनपुर की महामाया, डोंगरगढ़ जैसे प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटक स्थलों को भी यह मार्ग जोड़ेगा। व्यापार, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि विषयों में तीनों प्रदेश के लोग लाभान्वित हो सकेंगे।
व्यापक जनहित को देखते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर को वाराणासी तक 4 लेन सड़क से जोड़ने के लिए कटघोरा से अम्बिकापुर होते हुए उत्तर प्रदेश के रेनुकुट (हाथी नाला) तक 4 लेन सड़क (एक्सप्रेस वे) के निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का मुख्यमंत्री से निवेदन किया है। मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के दरमियां पूर्व सांसद कमलभान सिंह मौजूद रहे।

13 IAS अफसरों के तबादले, देखे आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : राज्य सरकार द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा के 13 अधिकारियों के तबादले किए है।

देखे आदेश :

न्यायलयीन कार्यवाही में पारदर्शिता लाने कलेक्टर भोसकर की अभिनव पहल, अब से यूट्यूब पर न्यायालय की कार्यवाही का होगा ऑनलाइन प्रसारण…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर :  कलेक्टर विलास भोसकर ने न्यायलयीन कार्यवाही में पारदर्शिता लाने माननीय सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की तर्ज पर एक अभिनव पहल की है जिसके तहत अब से हर गुरुवार को 3 बजे से कलेक्टर न्यायालय की कार्यवाही का ऑनलाइन प्रसारण सरगुजा जिले के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। सरगुजा जिला प्रदेश का पहला जिला होगा, जहां कलेक्टर कोर्ट की कार्यवाही के ऑनलाइन प्रसारण की शुरुआत की गई है। कलेक्टर भोसकर ने बताया कि कई बार आवश्यक कारणों से कोर्ट ना आने पर आवेदक अपने केस पर हुई कार्यवाही को देखने से वंचित रह जाते हैं। इस सुविधा से आवेदक घर बैठे भी अपने केस पर कार्यवाही एवं निर्णय देख सकते हैं। साथ ही सामान्य जन भी न्यायालय की कार्यवाही से रूबरू हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस ऑनलाइन सुविधा से आवेदक अथवा उनके परिजन वकीलों द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों, गवाहों और न्यायालय में हुए फैसले से तुरंत अवगत हो सकेंगे।

भूमि संबंधित मामलों पर लिया जा रहा विशेष संज्ञान
कलेक्टर ने कहा कि न्यायालय में ज्यादातर दर्ज मामले भूमि से संबंधित हैं, जो काफी संवेदनशील मामला है। जिला प्रशासन द्वारा इन प्रकरणों पर विशेष संज्ञान लिया जा रहा है जिससे शासकीय भूमि क्षति के साथ ही आदिवासी जन एवं आम जन के भी भूमि से जुड़े प्रकरणों को समय पर निराकृत किया जाए।

ऑनलाइन कार्यवाही देखकर किसी तरह की समस्या आने पर त्वरित रख सकेंगे पक्ष
कलेक्टर ने कहा कि कई बार आवेदक के बाहर रहने पर, उनके स्थान पर अन्य प्रार्थी उपस्थित होते हैं। इस बात की तस्दीक करने के लिए कि उक्त व्यक्ति आवेदक की पहचान का ही है, यह सुविधा काम आयेगी। साथ ही न्यायलयीन कार्यवाही को देखकर अपना जरूरी पक्ष रखने में भी लोगों को सहूलियत होगी।
कलेक्टर भोसकर ने इस नई व्यवस्था के गांव-गांव में मुनादी कराने के भी निर्देश दिए हैं जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचे और ऑनलाइन प्रसारण सुविधा का लोग लाभ उठा सकें।

चिकित्सा अधिकारियों के तबादले, देखे आदेश…

हिंद स्वराष्ट्र अम्बिकापुर : लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आज कई जिलों के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य अधिकारियों के तबादले किए हैं।

देखे आदेश :

error: Content is protected !!