Home राजकीय छत्तीसगढ़ करोड़ों खर्च के बाद भी छत्तीसगढ़ में ‘मौत का तांडव’: सरगुजा में...

करोड़ों खर्च के बाद भी छत्तीसगढ़ में ‘मौत का तांडव’: सरगुजा में उजड़ रहीं इंसानी बस्तियां, तो करंट से दम तोड़ रहे बेकसूर हाथी…

0

हिंद स्वराष्ट्र अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के जंगलों में मानव-हाथी संघर्ष अब एक भीषण और विकराल रूप ले चुका है। एक तरफ वन विभाग और सरकार हाथियों के प्रबंधन, सुरक्षा और मॉनिटरिंग के नाम पर हर साल करोड़ों रुपये का भारी-भरकम बजट फूंक रहे हैं, तो दूसरी तरफ जमीनी हकीकत यह है कि न तो ग्रामीण सुरक्षित हैं और न ही खुद गजराज।  सरगुजा संभाग में हाथियों के हमले से आए दिन बेकसूर ग्रामीण मौत के मुंह में समा रहे हैं, वहीं सरगुजा और धर्मजयगढ़ जैसे इलाकों में करंट की चपेट में आने से हाथियों की हो रही दर्दनाक मौतें वन विभाग के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी हैं।
सरगुजा संभाग: हर तरफ छाया है हाथियों का खौफ, उजड़ रहे हैं परिवार
सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों में जंगली हाथियों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि ग्रामीण हर पल दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। आए दिन हाथियों के दल रिहायशी इलाकों, महुए के पेड़ों और खेतों में धावा बोल रहे हैं।
जरा सी चूक या गजराज के अचानक सामने आ जाने पर कई ग्रामीण अपनी जान गंवा चुके हैं। घरों का चूल्हा बुझ रहा है, बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ रहा है, और कमाने वाले मुखिया काल के गाल में समा रहे हैं। किसानों की महीनों की मेहनत और सालभर की आजीविका कुछ ही मिनटों में रौंद दी जाती है। मुआवजे के लिए चक्कर काटते पीड़ित परिवार प्रशासनिक तंत्र की सुस्ती पर आंसू बहाने को विवश हैं।
धर्मजयगढ़ और सरगुजा: करंट से तड़प-तड़प कर दम तोड़ रहे हाथी
इंसानों पर मंडराते खतरे के बीच, इस संघर्ष का दूसरा डरावना पहलू वन्यजीवों की निर्मम मौत है। रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र और सरगुजा– सूरजपुर के जंगलों में अवैध शिकार, खेतों में खींचे गए नग्न बिजली तारों और लापरवाही से बिछाई गई फेंसिंग की वजह से कई हाथियों की जान जा चुकी है।
करंट की चपेट में आकर तड़प-तड़प कर दम तोड़ने वाले इन मूक जीवों की मौत ने वन्यजीव संरक्षण के तमाम दावों को ठेंगा दिखा दिया है।
हालांकि सुरक्षा के नाम पर विभाग द्वारा ‘हाथी मित्र दल’ और जागरूकता के दावे किए जाते हैं, लेकिन मैदानी स्तर पर बिजली लाइनों की सुरक्षा और अवैध शिकार के खिलाफ सख्त कार्रवाई न होने के कारण यह हादसे लगातार दोहराए जा रहे हैं।

फाइलों में कैद योजनाएं, सुलगता सवाल
सवाल यह है कि यदि हाथियों की आवाजाही और सुरक्षा के नाम पर हर साल पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है, तो फिर सरगुजा संभाग में इंसानों की जान क्यों नहीं बच पा रही है? और क्यों धर्मजयगढ़, सूरजपुर व सरगुजा के जंगलों में हाथी करंट की भेंट चढ़ रहे हैं?
स्पष्ट है कि हाथी प्रबंधन केवल कागजी फाइलों और भाषणों तक सीमित होकर रह गया है। जब तक सरकार और वन विभाग धरातल पर कड़े और वैज्ञानिक कदम नहीं उठाएंगे, तब तक छत्तीसगढ़ के जंगलों में इंसानी खून और हाथियों की लाशों का यह सिलसिला यूं ही थमता नजर नहीं आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here