हिंद स्वराष्ट्र एमसीबी किशन शाह : जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने झूठी शिकायत देकर लोगों को फंसाने और शासन से अनुचित लाभ लेने के प्रयास के मामले में एक महिला के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, सावित्री बसोर ने अपने पति सहित अन्य लोगों के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाने, जान से मारने की धमकी और अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए विभिन्न अधिकारियों को शिकायत दी थी। शिकायत की विस्तृत जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के परीक्षण में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। जांच में शिकायत पूरी तरह झूठी और भ्रामक पाई गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित महिला पूर्व में भी इसी प्रकार की शिकायतें देकर लोगों को गंभीर मामलों में फंसाने, समझौते के नाम पर धन प्राप्त करने तथा शासन से मिलने वाली राहत राशि का अनुचित लाभ लेने का प्रयास करती रही है।
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विवेक पाटले ने माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, मनेन्द्रगढ़ से अभियोजन की अनुमति प्राप्त की। इसके बाद इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के आधार पर महिला के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 217 एवं 248 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
एमसीबी पुलिस की अपील
एमसीबी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत सत्य तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर ही प्रस्तुत करें। झूठी एवं भ्रामक शिकायत देकर निर्दोष लोगों को फंसाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

